Home Blog Page 280

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव २०१७: बीजेपी लगाएगी “कमल मेला “

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में साल २०१७ में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में बीजेपी जोरशोर जुट गयी है। चुनाव तैयारियों के मध्येनजर  बीजेपी वोटरों को लुभाने के लिए कमल मेला लगाने की तयारी कर रही है।कमल मेला उत्तर प्रदेश  के हाथरस, पीलीभीत, बिजनौर, रामपुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, कौशांबी और मिर्जापुर सहित 20 जिलों में लगाए जाएंगे।

16 दिसंबर से 16 जनवरी तक चलने वाले इन मेलों में लोगों को खींचने के लिए उनके मनोरंजन की पूरी व्यवस्था होगी। इसके साथ ही उन्हें बीजेपी की ओर आकर्षित करने के लिए पार्टी के इतिहास के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के किए काम के बारे में बताया जाएगा। लेकिन सूत्रों की मानें तो इस मेले का मकसद न सिर्फ वोटरों को लुभाना है बल्कि नोटबंदी के बाद और कैश की किल्लत  के चलते बीजेपी से नाराज एक बड़े वर्ग को बीजेपी के बैनर तले लाना भी है।ऐसे में बीजेपी की कोशिश होगी कि मेला देखने आए लोगों को नोटबंदी से कालेधन पर प्रहार और इस कदम से भविष्य में होने वाले फायदे को बताया जाय।

यूपी के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस चुकी बीजेपी चाहती है कि चुनाव जनवरी-फरवरी में ही कराएं जाएं।ताकि नोटबंदी से काले धन के खिलाफ बने माहौल का उसे ज्यादा से ज्यादा फायदा मिल सके। ऐसे में इन मेलों  के जरिये पार्टी का उद्देश्य जोरशोर से पार्टी का प्रचार करना है

शिवसेना ने दी मोदी को नसीहत, देशहित में करे काम

मुंबई : केंद्र सरकार और महाराष्ट्र में बीजेपी की सहयोगी शिवसेना ने पीएम मोदी को डोनाल्ड ट्रंप की तरह देश हित में  काम करने की नसीहत दी है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना मे डोनाल्ड ट्रंप की मिसाल देते हुए पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा है। शिवसेना का कहना है कि जिस तरह ट्रंप ने अपने देश के नागरिकों के हित में सोचा है तो  क्या  मोदी सरकार पाकिस्तानी कलाकारों के मामले में ऐसा कदम उठा सकती है?  शिवसेना की तरफ से कहा गया है किआज कल बड़ी तादात में पाकिस्तानी कलाकार भारत में  काम करने आते हैं। सामना में कहा गया है की दुनिया ट्रंप को मुर्ख कहती है। लेकिन वो अपने देश के लिए अपनी समझदारी से देश की रक्षा के लिए अच्छा कदम उठा सकते है। तो क्या मोदी सरकार ऐसा नहीं कर सकती?

दरअसल अमेरिका में चुनाव से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने वहां की आवाम को आश्वासन दिया था कि अमेरिकी नागरिकों की जगह विदेशी कर्मचारियों को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी। जिसकी वह अब घोषणा कर चुके हैं। उनका ये बयान हिंदुस्तान के लिए चिंता का विषय बन गया है। क्योंकि इससे कई भारतीयों की अमेरिका से छुट्टी हो सकती है। लेकिन सामना में ट्रंप के इस फैसले का पक्ष लेते हुए कहा गया है कि ऐसा उन्होंने अपने देश की रक्षा और देश के हित के लिए किया है। शिवसेना लबे अरसे से भारत आकर बॉलीवुड फिल्मों में काम करने वाले पाकिस्तानी कलाकारों का विरोध करती रही है। 

योगराज ने बाबाओं से आशीर्वाद लेने पर युवी को लगायी फटकार

नईदिल्ली : क्रिकेटर युवराज सिंह की शादी में यूँ तो काफी धूम धाडाका हुआ और इस शादी ने जमकर सुर्खियाँ बटोरी। लेकिन बेटे युवराज  की शादी में शामिल न होने का गम पिता योगराज सिंह की बातों में झलकता है। योगराज सिंह ने युवराज के एक बाबा के पास जाकर शादी के लिए आशीर्वाद लेने पर भी  नाराजगी जाहिर की है।

डेरे वाले बाबाओं पर हमला करते हुए योगराज सिंह ने कहा की  मैं हैरान हूं, कि आजकल के पढ़े-लिखे लोग ही डेरे वाले बाबाओं के चक्कर में घूमते रहते हैं। पता नहीं उनकी सोचने-समझने की शक्ति कहां गई है। इनसे सही तो अनपढ़ लोग हैं, जिन्हें सही और गलत के बारे में तो पता है। मैं दूसरों को क्या कहूं, मैं तो खुद ही इस चीज को भुगत रहा हूं। मेरी फैमली तो खुद ही इन चक्करों में पड़ी है। जिस युवराज को मैंने अपने हाथों से खाना खिलाया, गोद में खिलाया और 16 साल तक क्रिकेट खेलना सिखाया। उसने कभी मुझे एक कुर्ता पायजामा नहीं दिलाया और डेरे में उसने चार-चार गाड़ियों की लाइन लगा रखी है।

साथ ही युवराज पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि मैं तो ये जानना चाहता हूं की जिस बाबा के पास युवराज जाता है, क्या उसने उसे किक्रेट खेलना सिखाया? क्या उस बाबा ने उसके कैंसर को ठीक किया और युवराज कहता है कि मैं बाबा के आशीर्वाद से खेल रहा हूं।

योगराज ने कहा कि मैं लोगों से ये पूछना चाहता हूं कि जो ज्ञान उन्हें इन ग्रंथों से नहीं मिल पाया, जो संस्कार वो इन ग्रंथो से नहीं सीख पाए, वो बाबाओं के पास जाकर क्या सीखते होंगे? वहीँ धर्म के नाम पर दिखावा करने वालों के बारे में योगराज का कहना है कि, मेरा मानना है कि दिखावा करने में कुछ भी नहीं रखा है। अगर भक्ति करनी है तो दिल से करो।

देश के करीब 500 बैंक शाखाओं का हुआ स्टिंग आपरेशन

नईदिल्ली : खबर आ रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैंकों में चल रही गड़बड़ियों को जांचने के लिए देश के बैंकों की करीब 500 शाखाओं का स्टिंग करवाया है। सूत्रों के मुताबिक वित्त मंत्रालय में स्टिंग ऑपरेशन की करीब 400 सीडी पहुंच भी चुकी हैं। इन बैंकों में निजी और सरकारी दोनों बैंक की शाखाएं शामिल हैं। सीडी में बैंक अधिकारियों, पुलिस, दलाल और जालसाजों की मिलीभगत से नोट बदले जाने के सबूत भी मिले हैं। इससे साफ पता चल रहा है कि बैंकों में पुलिस, दलाल और प्रभावशाली लोगों की सांठ-गांठ से कैसे पुराने नोट बदले जा रहे हैं। बैंकों में हुई गड़बड़ी की जांच जारी है। करेंसी संकट में थोड़ा सुधार होने के बाद भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाई की जाएगी। हालाकिं कार्रवाई फिलहाल फरवरी या मार्च तक के लिए टाल दी गई है जिससे अभी कामकाज पर कोई असर न पड़े।

रेवेन्यू इंटेलीजेंस के सूत्रों के मुताबिक अगर बैंकों की भूमिका सही रहती तो नोटबंदी के बाद से लोगों को इतनी दिक्कत नहीं होती। कालेधन पर लगाम लगाने के लिए सरकार के नोटबंदी के फैसले के बाद बैंककर्मी भी सफेद धन को काला और कालेधन को सफेद करने में लगे हैं। जिसके चलते कई बैंककर्मियों के खिलाफ कार्यवाई भी हुई है। हाल ही में दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट ने एक्सिस बैंक के मैनेजर विनीत गुप्ता और शोभित सिन्हा को सात दिन की रिमांड पर भेजा। इन दोनों मैनेजरों को लखनऊ में काले धन को सफेद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। दोनों को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लांड्रिग एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। इससे पहले पटना स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के बिड़ला मंदिर शाखा के एक कर्मी को कालेधन को सफेद और सफेद को कालाधन करने के मामले में निलंबित किया गया था।

ममता बनर्जी के बाल खींच कर दिल्ली से निकाल सकती थी पार्टी

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अभद्र टिपण्णी से सियासी बवाल मच गया है। दिल्ली में प्रदर्शन कर रही ममता बनर्जी को लेकर दिलीप घोष ने कहा था कि अगर उनकी पार्टी चाहती,तो बाल खींच कर उन्हें वहां से निकाल सकती थी। लेकिन मामले ने तूल उस समय पकड़ा जब दिलीप घोष की तरफ से कहा गया की उन्होंने पूरी जिम्मेदारी से समझ बूझकर बयान दिया है,क्योंकि ममता बनर्जी प्रधानमंत्री के बारे में जो बोलती आई हैं। उसके सन्दर्भ में यह बयान दिया गया है।जिसका उन्हें कोई अफ़सोस नहीं है। 

वहीँ टीएमसी के पार्थ चटर्जी ने नाराजगी जताते हुए कहा है कि दिलीप घोष ने हमारी पार्टी सुप्रीमों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है।  हम इसे अनदेखा नहीं करने वाले। दिलीप घोष  ने जिस भाषा का इस्तेमाल किया उसकी हम निंदा करतें हैं। दिलीप घोष पर आरोप लगाते हुए पार्थ ने कहा कि दिलीप ने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है उससे पता चलता है कि वह मानसिक रूप से स्थिर नहीं हैं। उन्होंने हमारी पार्टी के लोगों को मार डालने की धमकी भी दी है।

इससे पहले मिदनापुर में बीजेपी युवा मोर्चे को संबोधित करते हुए दिलीप घोष ने ममता पर आरोप लगाते हुए कहा था कि नोटबंदी के बाद उनका दिमाग खराब हो चुका है। इसलिए वह हाल ही में दिल्ली और पटना भी गई थीं।  जब कुछ हासिल नहीं हुआ तो अब वापस राज्य सचिवालय में आकर बैठ गई हैं।  हमें तो लगा था कि वह गंगा में कूद जाएंगी। यह इंसान अपना आपा खो चुकी है। लोगों को बंगाल में बदलाव के नाम पर की गई इस गलती का अब एहसास हो रहा है।

बुलंदशहर गैंगरेप बयान पर आजम खान बिना शर्त माफ़ीनामा दें-सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली : बुलंदशहर गैंगरेप मामले को लेकर दिए गए बयान पर आजम खान को एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट के खरी खरी सुनाई  है। कोर्ट ने आजम खान को बिना शर्त माफ़ी मांगने के लिए भी  कहा है अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी और फली नरीमन ने सुप्रीम कोर्ट को बताया की  कि आजम खान ने जो स्पष्टीकरण दिया है वह बिना शर्त नहीं है। इस पर सुप्रीम कोर्ट की तरफ से कहा गया कि आजम मामले में दोबारा हलफनामा दायर करें और बिना शर्त माफी मांगें। वहीँ ताजा हलफनामे में ‘क्षमा’ की जगह ‘पछतावा’ लिखने की बात पर कोर्ट ने कहा कि आजम खान पहले हलफनामा दायर करें उसके बाद उस पर विचार किया जाएगा। इसके पहले आजम खान  ने सुप्रीम कोर्ट के सामने प्रस्ताव रखा था कि वह बुलंदशहर गैंगरेप पीड़ित की पढ़ाई का  खर्च उठाएंगे। लेकिन पीड़ित ने इस प्रस्ताव को  ठुकरा दिया।
17 नवंबर को मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान से गैंगरेप केस पर माफीनामा दाखिल करने का आदेश दिया था, जिस पर आजम माफी मांगने को तैयार हो गए थे। आजम ने बुलंदशहर गैंगरेप को राजनीतिक साजिश बताया था।जो मिडिया मे सुर्खियां बना था। जिसके बाद पब्लिक सर्वेंट के बयान के मामले में देश-विदेश की अदालतों में दिए गए फैसले का हवाला देते हुए 29 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में आजम खान को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने को कहा था। साथ ही कोर्ट ने हिदायत भी दी थी  कि गैंगरेप के मुद्दे पर बयान देने से पहले बयान देने वालों को जिम्मेदारी का अहसास होना चाहिए।  इस मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को होगी 

जनार्दन रेड्डी मुसीबत में, कालेधन को सफेद करने का आरोप

बेल्लारी : कर्नाटक के पूर्व मंत्री जनार्दन रेड्डी की मुसीबत बढ़ सकती है। रेड्डी पर बेटी की शादी के लिए 100 करोड़ के कालेधन को सफेद करने का आरोप है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार शाम आत्महत्या करने वाले बेंगलुरु के जमीन अधिग्रहण अधिकारी भीमा नाइक के ड्राइवर के.सी. रमेश ने रेड्डी पर यह आरोप लगाया है। जिसे भीमा नाइक की अवैध संपत्ति के साथ साथ उनके और रेड्डी के रिश्तों के बारे में अच्छी जानकारी थी। जिसके चलते उसे जान से मारने की ध‍मकियां भी मिल रही थीं। सूइसाइड नोट में रमेश ने जिक्र किया है कि जनार्दन रेड्डी ने बेटी की शादी के लिए 100 करोड़ रुपये के कालेधन को सफेद किया।

सूइसाइड नोट में रमेश ने आरोप लगाते हुए लिखा है क‍ि भीमा नाइक और उनके निजी कार ड्राइवर मोहम्‍मद उसकी मौत के लिए जिम्‍मेदार हैं। नोट में रमेश ने लिखा, ‘भीमा नाइक ने जनार्दन रेड्डी के 100 करोड़ रुपये के कालेधन को सफेद करने का जिम्‍मा लिया था। इसके बदले नाइक को 20 प्रतिशत कमिशन मिला। जैसे ही मुझे इस बात की जानकारी मिली, मुझे जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं।’

जनार्दर्न रेड्डी ने बीते महीने अपनी बेटी की शादी शाही अंदाज में की थी और इस शादी पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।

मोदी के सपने को मिला गुजरात के चाय वाले का साथ

वडोदरा : नोटबंदी के बाद लोगों को कैशलेस अर्थव्यवस्था अपनाने की बात कहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को गुजरात के एक चायवाले ने अपनाया है। मोदी का सपना साकार करने के लिए चाय की दुकान चलाने वाले किरन महीदा ने अपनी दुकान पर ई-पेमेंट की सुविधा दी है।

वडोदरा के खंडेराव मार्केट के ठीक सामने चाय की दुकान लगाने वाले किरन महिदा वे शक्श है जो नरेंद्र मोदी के नामांकन भरने के समय उनके प्रस्तावक बने थे। अब पीएम मोदी की कैशलेस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए किरण जल्द ही अपनी दुकान में कार्ड स्वाइप मशीन लगवाने वाले हैं जिससे लोग बिना किसी परेशानी, आसानी से कैशलेस लेन-देन कर सकें। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कैशलेस मुहीम पर किरन महीदा ने कहा,’ मैं पिछले कई सालों से कैश पेमेंट ले रहा हूं लेकिन नोटबंदी के बाद मैंने कार्ड स्वाइप मशीन लगवाने का फैसला किया। एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर मैंने ऐसा करना बेहतर समझा।’ पिछले पांच साल से इनकम टैक्स कर रहे महीदा फिलहाल कैशलेस लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए पेटीएम के ई-वॉलेट से पेमेंट ले रहे हैं। किरन ने हाल ही में बैंक ऑफ बड़ौदा की खंडेराव मार्केट ब्रांच में अकाउंट खुलवाया है। इससे उन्हें इसी हफ्ते में कार्ड स्वाइप मशीन मिल जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने पेटीएम ई-वॉलेट का इस्तेमाल भी शुरू कर दिया है।

धन कुबेरों के राज खोलेगा बिग डेटा

मुंबई : नोटबंदी के बाद बैंकों में बड़े पैमाने पर करेंसी नोट जमा कराने वालों पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट बड़ी कार्यवाही कर सकता है। खबर आ रही है कि  ईमानदार टैक्स पेयर्स के बीच से ब्लैक मनी छिपाने वालों को छांटने और फिर उनपर कार्यवाही करने के लिए इनकम टैक्स डिपार्टमेंट बिग डेटा का इस्तेमाल करने जा रहा है। बिग डेटा एक ऐनालिटिक्स टूल है जो टोटल इनकम टैक्स डेटा चेक करके गड़बड़ियों के बारे में बताएगा। इसके आधार पर टैक्स अधिकारी 31 दिसंबर के बाद लोगों को नोटिस भेज सकेंगे। 

जन धन खाते में जमा हुआ पैसा खाता धारक का होगा – मोदी

टैक्स पेमेंट बेहतर बनाने के लिए सरकार ने मई  २०१६  में टैक्स ऐनालिटिक्स का इस्तेमाल करना शुरू किया था। अब उम्मीद की जा रही है कि टैक्स डिपार्टमेंट कॉर्पोरेट टैक्स और पर्सनल टैक्स के डेटा जुटाकर उनका मिलना करेगा। यह पहला मौका होगा जब सरकार पर्सनल टैक्स के लिए बहुत बड़े पैमाने पर टैक्स ऐनालिटिक्स टूल का इस्तेमाल करने जा रही है। इसके पहले सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स रिपोर्टिंग के कुछ मामलों में बिग डेटा का इस्तेमाल किया है। 

सूत्रों के मुताबिक ऐनालि‌टिक्स टूल से न सिर्फ यह पता चलेगा कि किसी व्यक्ति ने बैंकों में कितना पैसा जमा कराया है। बल्कि यह भी जानकारी मिलेगी कि उसने पहले के वर्षों में कितना इनकम टैक्स चुकाया था। इससे यह भी पता चलेगा कि अगर उस व्यक्ति की कोई कंपनी है तो  कंपनी ने कितना कॉर्पोरेट टैक्स चुकाया है ? क्या उसका कोई एंप्लॉयी है और क्या उन्होंने हाल में बैंक में पैसा जमा किया है। इस तरह व्यवहारिक तौर पर व्यक्ति  की टैक्स हिस्ट्री की छोटी से छोटी  डिटेल भी पता चल सकेगी । फ़िलहाल सरकार सिर्फ संदिग्ध बैंक डिपॉजिट को निशाना बनाने की योजना बना रही है। पिछले महीने आयकर अधिनियम की धारा 115BBE में संशोधन वाला बिल पास किया था। उसमें कैश डिपॉजिट, अघोषित आय या निवेश पर 60 प्रतिशत टैक्स लगाने का प्रस्ताव है। नया टैक्स लॉ 1 अप्रैल से लागू होगा। सरकार बैंक अकाउंट्स में ब्लैक मनी जमा कराने वालों पर लगभग 50 से 70 प्रतिशत टैक्स लगा सकती है।

अब 2.5 लाख से ज्यादा रकम जमा करने पर पैन नंबर अनिवार्य

लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि आयकर अधिनियम में प्रस्तावित संशोधन में यह जिक्र नहीं है कि इसके दायरे में कब तक के मामले आएंगे। ऐसे में टैक्स अधिकारी हर उस शख्स से सवाल जवाब कर सकते हैं जिन्होंने 1 अप्रैल 2016 के बाद से अपने खातों में पैसा जमा कराया होगा।

दिलीप कुमार की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

मुंबई : हिंदी सिनेमा के महान कलाकार और ट्रेजेडी किंग के नाम से मशहूर फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार बीमार हो गए है, उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।दिलीप कुमार ने  दाहिने पैर में दर्द और सूजन की शिकायत की थी। लेकिन जब उन्हें आराम नहीं मिला, तो उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया ।

लीलावती में डॉक्टरों की एक पूरी टीम दिलीप कुमार की निगरानी में लगी हुई है। उनकी पत्नी सायराबानो भी अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं। 11 दिसंबर को दिलीप कुमार जन्मदिन हैं। इस साल दिलीप कुमार अपना 94वां  जन्मदिन मनायेंगे। सायरा बानो ने कहा कि मैं  खुदा से प्रार्थना करती हूं कि दिलीप साहब स्वस्थ होकर जल्दी घर वापस आ जाएं।

दिलीप कुमार ने करीब छह दशक तक फिल्मों में  काम किया। इस दौरान उन्होंने कई बेहतरीन फ़िल्में दी। इनमे ‘मुगल-ए-आजम’, ‘राम और श्याम’, ‘कर्मा’ ‘गंगा जमुना’, ‘देवदास’, ‘अंदाज’, ‘गोपी’, ‘नया दौर’, ‘मधुमती’ जैसी सदाबहार फिल्में शामिल हैं।