Home Blog Page 6

पाकिस्तान में एक या दो नहीं अचानक बंद हुए 40 ऐप, जानें आख़िर क्या है वजह….

पाकिस्तान (Pakistan) में डिजिटल लोन कंपनी से लिए कर्ज को चुकाने में असफल रहने पर एक व्यक्ति के आत्महत्या करने की घटना के बाद हरकत में आए प्रशासन ने 20 लोगों को गिरफ्तार किया है और लोन देने वाले 50 गैरकानूनी ऐप को बैन कर दिया है.

संघीय जांच एजेंसी (FIA) के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘ FIA ने मोबाइल एप्लिकेशन के जरिये गैर कानूनी तरीके से लोन देने में शामिल 20 लोगों को गिरफ्तार किया है. इस गतिविधि में शामिल छह कंपनियों के कार्यालय भी सील कर दिए गए हैं.’’

पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी (FIA) ने लोगों से अपील की है कि वे कर्ज लेने से पहले सुनिश्चित करें कि उक्त कंपनी या ऐप पाकिस्तान सिक्युरिटी एक्सचेंज आयोग के अंतर्गत रजिस्टर हो. उल्लेखनीय है कि लाहौर से लगभग 350 किलोमीटर दूर पंजाब प्रांत के रावलपिंडी जिले में ऋण वसूली करने वाले कर्मचारियों के तरफ से ब्लैकमेल किए जाने के कारण मसूद नाम के एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली थी.

उसके बाद FIA ने ऑनलाइन लोन ऐप के खिलाफ जांच शुरू की. मृतक की विधवा ने कहा कि उसके पति ने हमराह फाइनेंशियल सर्विसेज और सरमाया माइक्रोफाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड के ऑनलाइन लोन ऐप से लोन लिया था. इसके बाद  उसके पति ने दी गई समय सीमा के भीतर भुगतान करने में विफल रहा, जिसके बाद लोन अमाउंट में बढ़ोतरी हो गई थी.

पहला भुगतान चुकाने के लिए मसूद ने एक और लोन लिया, जिससे देनदारी राशि बढ़कर 700,000 रुपये हो गई. इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली और ऑडियो क्लिप में अपनी आपबीती सुनाई, जो ऑनलाइन सामने आई. इस घटना के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई की. पाकिस्तान टेलिकम्युनिकेशन अथॉरिटी (PTA) ने SECP के साथ पंजीकृत नहीं होने वाले लगभग 50 लोन ऐप्स को भी ब्लॉक कर दिया है. PTA ने इन कंपनियों के मामलों को कार्रवाई के लिए FIA को भी भेजा है.

Google Pay UPI Lite: Google Pay ने भारत में लॉन्च किया UPI Lite, पिन डालने की नहीं होगी जरूरत

गूगल पे (Google Pay) ने भारत में UPI Lite फीचर को लॉन्च किया है। इस ऐप से छोटे डिजिटल भुगतान में आसानी होगी।

गूगल ने कहा कि Google Pay UPI Lite से यूजर्स को तुरंत भुगतान करने के लिए एक दिन में 4,000 रुपये तक जमा करने की सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही यूजर्स एक बार में अधिकतम 200 रुपये तक की ट्रांसक्शन बिना UPI-Pin डालें कर सकते हैं।

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) द्वारा डिजायन इस फीचर में छोटे भुगतान करने के लिए यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं होती है।

गूगल के उत्पाद प्रबंधन के उपाध्यक्ष अंबरीश केंघे ने कहा कि अनुठी सुविधाएं देश में डिजिटल भुगतान की स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए जरूरी हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने यह फीचर सितंबर, 2022 में पेश किया था।

ऐसे करें एक्टिवेट 

  1. अपने Google Pay पर UPI Lite को एक्टिवेट करने के लिए सबसे पहले ऐप में प्रोफाइल सेक्शन में जाएं।
  2. इसके बाद आपको यहां UPI Lite का ऑप्शन दिखेगा, इस पर क्लिक करें और कंटन्यू पर क्लिक कर दें।
  3. अगर आपका प्राइमरी बैंक अकाउंट चुनिंदा बैंको की लिस्ट में होगा (मतलब जो UPI Lite को सपोर्ट करते हैं) तो आप सीधे UPI Lite में अमाउंट एड कर सकते हैं। यदि
  4. आपका प्राइमरी बैंक इस फीचर को सपोर्ट नहीं करता है तो फिर आपको UPI Lite को एक्टिवेट करने के लिए दूसरे बैंक से जोड़ना होगा।

IND vs SA: भारत का द.अफ्रीकी दौरा 10 दिसंबर से शुरु होगा, सेंचुरियन और केपटाउन में होंगे टेस्ट मैच

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) और सीएसए (क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका) ने शुक्रवार को घोषणा की कि भारतीय टीम का दक्षिण अफ्रीका का दौरा 10 दिसंबर से तीन मैचों की टी20 श्रृंखला के साथ शुरु होगा जिसके बाद तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जायेंगे।

पहला टी20 मैच डरबन में जबकि दूसरा (12 दिसंबर) और तीसरा (14 दिसंबर) टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच क्रमश: जीकेबरहा और जोहानिसबर्ग में खेला जायेगा।

तीन मैचों की वनडे श्रृंखला का पहला मुकाबला जोहानिसबर्ग में 17 दिसंबर को होगा। इसके बाद अगले दो वनडे 19 और 21 दिसंबर को क्रमश: जीकेबरहा और पार्ल में होंगे। गांधी-मंडेला ट्राफी के लिए ‘फ्रीडम सीरीज’ के दो टेस्ट मैच सेंचुरियन (26 से 30 दिसंबर) और केपटाउन (तीन से सात जनवरी) में आयोजित होंगे।

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने दोनों बोर्ड द्वारा जारी किये गये एक बयान में कहा, ‘‘फ्रीडम सीरीज’ सिर्फ इसलिए ही अहम नहीं है कि यह दो बेहतरीन टेस्ट टीम के बीच हो रही है बल्कि इसलिये भी है क्योंकि यह महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला के सम्मान में खेली जा रही है। ’’

उन्होंने साथ ही कहा, ‘‘ ‘बाक्सिंग डे’ टेस्ट और नव वर्ष टेस्ट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर के सबसे अहम मुकाबलों में शामिल है इसलिये यह कार्यक्रम विशेषकर इन तारीख को ध्यान में रखकर बनाया गया है। ’’

भारत ने पिछली बार दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट श्रृंखला 2021-22 में खेली थी जिसमें उन्हें 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था जिसमें पूर्व कप्तान विराट कोहली अचानक अपने पद से हट गये थे और रोहित शर्मा ने यह जिम्मेदारी संभाली थी।

detailed schedule

December 10, 2023: 1st T20I, Durban

December 12, 2023: 2nd T20I, Gqeberha

December 14, 2023: 3rd T20I, Johannesburg

December 17, 2023: 1st ODI, Johannesburg

December 19, 2023: 2nd ODI, Gqeberha

December 21,2023: 3rd ODI, Paarl

December 26 – December 30, 2023: 1st Test, Centurion

January 3 – January 7, 2024: 2nd Test, Cape Town

HDFC बना दुनिया का चौथा सबसे बड़ा बैंक, जानें दुनिया के टॉप 3 बैंकों के बारे में

हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनैंस कॉरपोरेशन (HDFC) और HDFC Bank के मर्जर होने से HDFC बैंक ने अपना नाम दुनिया के सबसे ताकतवर बैंकों में शामिल कर लिया है। एचडीएफसी बैंक मर्जर 1 जुलाई से लागू हो चुका है। इस नई इकाई का मार्केट कैपिटलाइजेशन 12.5 लाख करोड़ रुपये होगा। हालांकि, अभी ये रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) से पीछे है, क्योंकि RIL का mcap अभी 18.5 लाख करोड़ रुपये है।

13 जुलाई (गुरुवार) से HDFC Bank का आकार ले लेगा और HDFC का अस्तित्व खत्म हो जाएगा।

इस ऐतिहासिक मर्जर के होने से HDFC Bank के 7.53 अरब शेयर होंगे। बता दें कि HDFC के 1.85 अरब के शेयर HDFC Bank के 3.1 अरब के शेयर के रूप में हो जाएंगे। इसका मतलब है कि आज से मूल कंपनी HDFC की HDFC Bank में शेयरहोल्डिंग खत्म हो जाएगी।

एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी के विलय से जो बैंक बना है, उसका बाजार पूंजीकरण 150 अरब डॉलर है। इसी के साथ ही HDFC Bank वैश्विक स्तर पर चौथा सबसे बड़ा बैंक बन गया है। वहीं एशिया में दूसरा सबसे बड़ा मूल्यवान बैंक बन गया।

आइए, जानते हैं दुनिया के HDFC Bank के अलावा दुनिया के टॉप 3 बैंक कौन से हैं?

1. जेपी मॉर्गन चेस एंड कंपनी (JP Morgan Chase)

जेपी मॉर्गन चेस एंड कंपनी अमेरिका की मल्टीनेशनल फाइनेंशियल सर्विस फर्म है जिसका मुख्यालय न्यूयॉर्क शहर (New York City ) में है और डेलावेयर में निगमित है। यह यूएस (United States) का सबसे बड़ा बैंक है और बाजार पूंजीकरण (2023 तक) के हिसाब से दुनिया का सबसे बड़ा बैंक है। जेपी मॉर्गन का मार्केट कैप 432.94 अरब डॉलर है।

2. बैंक ऑफ अमेरिका (Bank of America)

दुनिया के सबसे बड़े बैंकों में बैंक ऑफ अमेरिका का नाम भी शामिल है। इसका मार्केट कैप  233.97 अरब डॉलर है। बता दें कि बैंक ऑफ अमेरिका कॉर्पोरेशन एक अमेरिकी मल्टीनेशनल इन्वेस्टमेंट बैंक और फाइनेंशियल सर्विस होल्डिंग कंपनी है, जिसका मुख्यालय मैनहट्टन में निवेश बैंकिंग और सहायक मुख्यालय के साथ उत्तरी कैरोलिना के चार्लोट में बैंक ऑफ अमेरिका कॉर्पोरेट सेंटर में है।

3. इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल बैंक ऑफ चाइना लिमिटेड (Industrial And Commercial Bank of China)

1 जनवरी 1984 को एक लिमिटेड कंपनी के रूप में स्थापित,  ICBC एक राज्य के स्वामित्व वाला कमर्शियल बैंक है। चीन के वित्त मंत्रालय द्वारा प्रदान की गई पूंजी के साथ, 2013 में बैंक की टियर 1 पूंजी एक हजार वैश्विक बैंकों में सबसे बड़ी थी, जो आधुनिक इतिहास में यह गौरव हासिल करने वाला चीन में मुख्यालय वाला पहला बैंक था। आईसीबीसी का मार्केट कैप  220.94 अरब डॉलर है।

ICC ने BCCI का रेवेन्यू शेयर 72 प्रतिशत बढ़ाया, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को मिलेंगे 2000 करोड़ रुपये

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से राजस्व हिस्सेदारी में 72 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

डरबन में गुरुवार को अपने वार्षिक सम्मेलन में आईसीसी द्वारा अपने सदस्य बोर्डों को राजस्व वितरण की मंजूरी के बाद, शुक्रवार को जय शाह की ओर से राज्य संघों को एक ईमेल के माध्यम से विकास के बारे में यह जानकारी दी गई है।

वार्षिक राजस्व से 2024-27 तक 23 करोड़ डॉलर की बड़ी हिस्सेदारी की मंजूरी मिलने के बाद बीसीसीआई ने हाल में आईसीसी की वार्षिक बोर्ड बैठक में रणनीतिक कोष को बढ़ाने की जरूरत की वकालत की है क्योंकि इसका इस्तेमाल टेस्ट क्रिकेट को बचाने और महिलाओं के खेल के विकास के लिए भी किया जायेगा।

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने शुक्रवार को राज्य संघों को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘राजस्व वितरण में हमारी हिस्सेदारी के अतिरिक्त हमने आईसीसी के रणनीति कोष में पर्याप्त राशि आवंटित किये जाने की वकालत भी की है क्योंकि यह कोष खेल के विकास और अगले मीडिया अधिकार चरण में खेल के विकास में निवेश के लिए अहम होगा। ’’

बीसीसीआई को 2024 से 2027 तक प्रत्येक साल करीब 23 करोड़ डॉलर की कमाई होगी जो आईसीसी के अनुमानित सालाना राजस्व का 38.5 फीसदी है।

शाह ने कहा, ‘‘बीसीसीआई की हिस्सेदारी में यह शानदार बढ़ोतरी है। यह उपलब्धि हमारे सामूहिक प्रयासों और हमारे राज्य संघों तथा बीसीसीआई में मेरे सहयोगियों के एकजुट प्रयास की बदौलत मिली है। ’’

Bigg Boss OTT 2: जिया पर फूटा पड़ी पूजा भट्ट का ग़ुस्सा, करियर और पर्सनल कमेंट पर जिया को हुई परेशानी

‘बिग बॉस ओटीटी 2’ (Bigg Boss OTT 2) के नए एपिसोड में घर के सदस्य पूजा भट्ट, जिया शंकर और अविनाश सचदेव के बीच लड़ाई हो जाती है. यह सब एक टास्‍क के बाद हुआ जब पूजा अविनाश के साथ बातचीत कर रही थी, जहां उसने जिया को खींच लिया और पीठ में छुरा घोंपने के तरीकों के लिए उसकी आलोचना की. 

पूजा ने जिया को धोखेबाज़ महिला करार दिया, दूसरी ओर, जिया ने फिल्म निर्माता का अपमान किया, जिसके बाद पूजा ने उसे श्राप दिया. उस टास्क में जब मनीषा रानी ने पूजा से एल्विश के लिए अपना वोट बदलने के लिए कहा तो जिया ने कहा कि आप वोट कैसे बदल सकती हैं. जिस पर पूजा ने उन पर तंज कसते हुए कहा, जैसे आपने कप्तानी की.

पूजा को लगता है कि जिया के दो चेहरे हैं जो जरूरत और सुविधा के अनुसार बदलते रहते हैं. उसके और पूजा में मतभेद के बाद, जिया अविनाश से बात करते हुए सोच रही थी कि पूजा उसके पास क्यों आ रही है, जिया ने कहा कि पूजा मेरे करियर और परिवार पर व्यक्तिगत टिप्पणी क्यों कर रही है.

बहन के विवाह समारोह में हिस्सा लेना जमानत मंजूर करने के लिए असाधारण परिस्थिति नहीं : अदालत

राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने 2020 के ‘पूर्वोत्तर दिल्ली दंगों’ के एक आरोपी को उसकी बहन की शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत देने से यह कहते हुए इनकार कर दिया है कि ऐसी राहत केवल ‘असाधारण परिस्थितियों’ में ही दी जाती है।

अदालत ने कहा कि बहन के विवाह समारोह में शामिल होना कोई असाधारण परिस्थिति नहीं है, जिसके तहत पहले पांच मौकों पर आरोपी को गुण-दोष के आधार पर अंतरिम जमानत देने से इनकार करने के फैसले को नजरअंदाज किया जाए।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश पुलस्त्य प्रमाचला दिल्ली दंगों से जुड़े एक मामले के आरोपी मोहम्मद वसीम की छठी अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई कर रहे थे। वसीम के खिलाफ दयालपुर पुलिस थाने में दंगा सहित भारतीय दंड संहिता के विभिन्न प्रावधानों, शस्त्र अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान-रोधी अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

न्यायाधीश ने बृहस्पतिवार को पारित एक आदेश में कहा, ‘‘आवेदक को अब तक मामले के गुण-दोष के आधार पर जमानत देने से इनकार कर दिया गया है। अंतरिम जमानत केवल असाधारण परिस्थितियों में दी जाती है और बहन की शादी एवं अन्य समारोहों में भाग लेना उस तरह की असाधारण परिस्थिति नहीं है, जिसके कारण अदालत को अब तक के अपने उस फैसले को नजरअंदाज करना चाहिए, जिसके तहत आवेदक को योग्यता के आधार पर जमानत देने से इनकार किया जाता रहा है।’’

प्रमाचला ने कहा, ‘‘इसलिए, मैं याचिकाकर्ता की ओर से पेश आधार पर अंतरिम जमानत देने को लेकर इच्छुक नहीं हूं, क्योंकि समारोह में शामिल होना केवल उसकी इच्छा है। शादी की व्यवस्था परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा की जा सकती है।’’

हालांकि, अदालत ने वसीम को हिरासती पैरोल में शादी में शामिल होने का विकल्प प्रदान किया, बशर्ते वह इसके लिए आवश्यक खर्च का भुगतान करे।

अदालत ने कहा, “आवेदक को संबंधित जेल अधीक्षक के समक्ष इस विवाह स्थल का विवरण प्रस्तुत करना होगा और हिरासती पैरोल के लिए अपेक्षित शुल्क या खर्च जमा करने पर उसे 23 जुलाई को चार घंटे के लिए विवाह स्थल पर ले जाया जाना चाहिए।”

विशेष लोक अभियोजक मधुकर पांडे ने सुनवाई के दौरान जमानत याचिका का विरोध करते हुए कहा कि वसीम को भगोड़ा घोषित किया गया था और पिछले साल 28 सितंबर को काफी प्रयास के बाद उसे गिरफ्तार किया जा सका था।

वसीम के वकील ने अंतरिम जमानत याचिका दायर कर अपनी बहन की शादी और अन्य संबंधित समारोहों में शामिल होने के लिए 30 दिनों की अंतरिम जमानत की मांग की थी।

Assam Floods: असम में बाढ़ से स्थिति बिगड़ी, 17 जिले के 67,000 से अधिक लोग प्रभावित

असम में ब्रह्मपुत्र सहित प्रमुख नदियों का जल स्तर कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के कारण शुक्रवार को बाढ़ की स्थिति और खराब हो गई तथा राज्य के 17 जिले में 67,000 से अधिक की आबादी प्रभावित हुई है। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार को बाढ़ से 67,689 लोग प्रभावित हुए, जबकि इससे एक दिन पहले प्रभावित लोगों की संख्या 41,000 थी।

इसमें बताया गया कि शुक्रवार को बाढ़ के कारण किसी की मौत होने की सूचना नहीं मिली और कुल मृतक संख्या सात बनी हुई है।

बुलेटिन में बताया गया कि प्रभावित जिलों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है और इनमें बक्सा, बिस्वनाथ, बोंगाईगांव, चिरांग, धेमाजी, धुबरी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, जोरहाट, कोकराझार, लखीमपुर, माजुली, नागांव, नलबाड़ी, शिवसागर तामुलपुर और तिनसुकिया शामिल हैं। इससे एक दिन पहले प्रभावित जिलों की संख्या 10 थी।

धुबरी और तेजपुर में ब्रह्मपुत्र नदी तथा गोलकगंज में बेकी, बूढ़ी दिहिंग और संकोश नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है।

तड़के अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के बाद भूटान की सीमा से लगे पश्चिमी असम के जिलों को अलर्ट पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने दिन में ट्वीट किया था कि प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पानी को द्वारों के माध्यम से सावधानीपूर्वक छोड़ा जा रहा है, लेकिन पड़ोसी देश में मौसम की परिस्थितियों में सुधार होने के कारण छोड़े गए पानी की मात्रा संभवत: ज्यादा नहीं होगी।

जिला प्राधिकारियों ने 78 राहत शिविर और वितरण केंद्र स्थापित किए हैं, जिनमें 4,531 लोगों ने शरण ली है। राज्य में 2,770 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है जबकि 49,535 जानवर भी प्रभावित हुए हैं।

माजुली में एक तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया तथा बारपेटा, चिरांग, धुबरी, गोलाघाट, लखीमपुर, माजुली, शिवसागर और सोनितपुर जिलों में 18 सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं।

बुलेटिन में बताया गया है कि बारपेटा, बोंगाईगांव, धुबरी, कोकराझार, शिवसागर और तामुलपुर में भी बड़े पैमाने पर कटाव की सूचना मिली है।

Maharashtra: किशोरों के लिए सहमति से यौन संबंध बनाने की उम्र सीमा पर बॉम्बे हाईकोर्ट की राय, कहा-‘समय आ गया है कि….’

बॉम्बे हाईकोर्ट ने किशोरों के लिए सहमति से यौन संबंध बनाने की उम्र सीमा कम करने की राय दी है. कोर्ट ने कहा है कि कई देशों ने किशोरों के लिए सहमति से यौन संबंध बनाने की उम्र कम कर दी है और अब समय आ गया है कि हमारा देश और संसद भी दुनिया भर में हो रही घटनाओं से अवगत हों. न्यायमूर्ति भारती डांगरे की एकल पीठ ने 10 जुलाई को पारित एक आदेश में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों के तहत आपराधिक मामलों की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त की, जहां पीड़ितों के किशोर होने और सहमति से संबंध बनाने की जानकारी देने के बावजूद आरोपियों को दंडित किया जाता है.

बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा, ‘यौन स्वायत्तता में वांछित यौन गतिविधि में शामिल होने का अधिकार और अवांछित यौन आक्रामकता से सुरक्षित रहने का अधिकार दोनों शामिल हैं. किशोरों के अधिकारों के दोनों पहलुओं को जब मान्यता दी जाती है तभी मानव यौन गरिमा को पूर्णत: सम्मानित समझा जा सकता है.’ अदालत ने यह टिप्पणी 25 वर्षीय व्यक्ति द्वारा दायर अपील पर की, जिसमें उसने एक विशेष अदालत के फरवरी 2019 के आदेश को चुनौती दी थी. विशेष अदालत ने उसे 17 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म के लिए दोषी ठहराया था.

लड़का और लड़की ने दावा किया था कि वे सहमति से रिश्ते में थे. लड़की ने विशेष अदालत के समक्ष अपनी दलील में दावा किया कि मुस्लिम कानून के तहत, उसे बालिग माना जाता है और इसलिए उसने आरोपी व्यक्ति के साथ ‘निकाह’ किया है. न्यायमूर्ति डांगरे ने दोषसिद्धि के आदेश को रद्द कर दिया और उस व्यक्ति को बरी कर दिया. उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड पर मौजूद सबूतों से स्पष्ट रूप से सहमति से यौन संबंध बनाने का मामला बनता है. उन्होंने उसे जेल से रिहा करने का आदेश दिया.

उच्च न्यायालय ने कहा कि सहमति की उम्र को शादी की उम्र से अलग किया जाना चाहिए क्योंकि यौन कृत्य केवल शादी के दायरे में नहीं होते हैं और न केवल समाज बल्कि न्यायिक प्रणाली को भी इस महत्वपूर्ण पहलू पर ध्यान देना चाहिए. न्यायमूर्ति डांगरे ने फैसले में कहा, ‘जब कोई किशोर यौन संबंध बनाता है तो शारीरिक आकर्षण या मोह का मामला हमेशा सामने आता है और अब समय आ गया है कि हमारा देश भी दुनिया भर में होने वाली घटनाओं से अवगत हो.’ उन्होंने आगे कहा कि, हमारे देश के लिए यह जरूरी है कि वह इस संबंध में दुनिया भर में जो कुछ भी हो रहा है, उस पर गौर करें.

PVR-Inox में इस दिन मिलेगा अनलिमिटेड पॉपकॉर्न, मल्टीप्लेक्स ने सस्ते किए खाने-पीने के दाम

मल्टीप्लेक्स चेन पीवीआर आइनॉक्स (PVR-Inox) ने खाद्य और पेय पदार्थों की कीमतों में 40 प्रतिशत तक की कटौती की है। इससे पहले कंपनी को सोशल मीडिया पर अपनी दरों को लेकर विरोध का सामना करना पड़ा था।

कंपनी ने कहा कि उसने सोमवार से गुरुवार तक सुबह नौ बजे से शाम छह बजे के बीच 99 रुपये से शुरू होने वाले फूड कॉम्बो पेश किए। इसके अलावा सप्ताहांत (वीकेंड) में उसने पॉपकॉर्न और पेप्सी के लिए विशेष पेशकश की।

पीवीआर आईनॉक्स ने कहा, ‘सप्ताहांत के दौरान फिल्में देखने वाले ‘अनलिमिटेड पॉपकॉर्न’ का दावा कर सकते हैं, जिसमें आकर्षक कीमत वाले ‘फैमिली मील कॉम्बो’ भी शामिल हैं। इससे भोजन और पेय पदार्थों (F&B) के खर्च में 40 प्रतिशत तक की कमी आएगी।’

PVR-Inox के कार्यकारी निदेशक संजीव कुमार बिजली ने बयान में कहा, ‘हम अपनी एफएंडबी मूल्य निर्धारण रणनीति के बारे में उपभोक्ताओं के विचारों को अच्छी तरह से सुन रहे हैं और इसलिए हमने किफायती एफएंडबी पेशकश तैयार की हैं, जो फिल्म देखने वालों को पसंद आएंगी।’