नई दिल्ली। आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने विभिन्न राज्यों से अपने नेताओं पर भरोसा जताते हुए राज्यसभा के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। इस सूची में झारखंड से प्रणव झा को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।
The Congress President, Shri @kharge, has approved the candidature of the following persons as Congress candidates to contest the biennial/bye-elections to the Council of States from the states mentioned against their names👇 pic.twitter.com/4x4cQNB0kb
— Congress (@INCIndia) June 4, 2026
कांग्रेस द्वारा जारी सूची के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है। उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा, मंसूर अली खान को भी कर्नाटक से टिकट दिया गया है।
मध्य प्रदेश से पूर्व सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं राजस्थान से वर्तमान राज्यसभा सांसद नीरज डांगी को पार्टी ने एक बार फिर मौका देते हुए उम्मीदवार घोषित किया है।
इसके अलावा तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती को राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया गया है। झारखंड से प्रणव झा को टिकट दिए जाने को लेकर राज्य की राजनीति में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पार्टी नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव और राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए उन पर भरोसा जताया है।
राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की यह सूची महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी ने संगठन, अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया है। अब सभी की नजरें आगामी राज्यसभा चुनाव और उम्मीदवारों के प्रदर्शन पर टिकी हैं।

