Home Blog Page 116

अफगानिस्तान : भूखे रहने को मजबूर हैं करोड़ों बच्चे, बिना गर्म कपड़ों के काट रहे ठंड

अफगानिस्तान में काफी लंबे समय से हिंसाग्रस्त हालात हैं. यहां के बच्चों के सामने भूखमरी की समस्या पैदा हो गई है. यहां की हालत आज ऐसी हो गई है कि एक करोड़ से अधिक बच्चे बहुत ही दयनीय स्थिति में रह रहे हैं. इन बच्चों के सामने मूलभूत आवश्यकताओं से भी ज्यादा जरूरी हो गया है फिलहाल इनके सामने खाने की समस्या. यह आकलन अफगानिस्तान में काम करने वाले एक मानवाधिकार संगठन ‘सेव द चिल्ड्रन’ का है.

संगठन का मानना है कि 2021 में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने में ही लगभग तीन सौ करोड़ डालर की मदद की जरूरत होगी. हिंसाग्रस्त क्षेत्र में बच्चों की हालत पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है. संगठन के कंट्री डायरेक्टर क्रिस न्यामांडी के अनुसार युद्धग्रस्त अफगानिस्तान में एक करोड़ अस्सी लाख अफगान नागरिकों को खाने की समस्या है. इनमें से नब्बे लाख से ज्यादा बच्चे हैं.

 सेव द चिल्ड्रन की दिसंबर की रिपोर्ट के अनुसार तीन लाख बच्चे सर्दीके मौसम में आवश्यक गर्म कपड़ों से भी वंचित हैं और इसलिए बीमार हो रहे हैं. आर्गेनाइजेशन की ओर से अफगानिस्तान के 34 में से 12 प्रांतों के 1 लाख परिवारों को जाड़े में राहत के लिए मदद दी गई.

इसके तहत इन्हें ईंधन और हीटर, कंबल, गर्म कपड़े जैसे कोट, मोजे, जूते और टोपी दी गई है. लंदन की संगठन के रिपोर्ट में एक 10 वर्षीय बच्ची ब्रिश्ना का जिक्र है जो पूर्वी नांगरहार प्रांत की रहने वाली है. उसने बताया कि उनका परिवार हिंसा के कारण अपना घर छोड़ दूसरे जिले में रहने को मजबूर है. उसने बताया,’जिंदगी काफी मुश्किल हो गई है क्योंकि एकमात्र मेरे पिताजी कमाने वाले हैं और अभी बीमार हैं.’

बढ़ सकती है लड़कियों की शादी की उम्र , कमेटी ने प्रधानमंत्री कार्यालय को सौंपी रिपोर्ट

0

लड़कियों की शादी योग्य न्यूनतम आयु का आकलन करने के लिए गठित समिति ने अपनी सिफारिशें प्रधानमंत्री कार्यालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को भेज दी हैं. सूत्रों ने कहा कि समिति ने लड़कियों के विवाह की उम्र बढ़ाने की पुरजोर सिफारिश की है.

एक अधिकारी ने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय समिति की सिफारिशों पर विचार कर रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 74वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा था कि सरकार इस बारे में विचार कर रही है महिलाओं की शादी के लिए न्यूनतम आयु क्या होनी चाहिए.

उन्होंने कहा था, ‘‘हमने हमारी बेटियों के विवाह के लिए न्यूनतम आयु पर पुनर्विचार करने के लिए समिति का गठन किया है. समिति जब रिपोर्ट जमा करेगी तब हम उचित फैसला लेंगे.’’

वर्तमान में महिलाओं के लिए विवाह करने की न्यूनतम आयु 18 वर्ष है. पिछले साल जया जेटली की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय कार्यबल का गठन किया गया था. उसे अपनी रिपोर्ट 31 जुलाई तक जमा करनी थी लेकिन सूत्रों ने बताया कि सिफारिशें हाल ही में जमा की गयी हैं.

फ्रांस के साथ युद्धाभ्यास में भारत की ओर से शामिल होंगे राफेल, सुखोई और मिराज-2000

फ्रांस और भारत के बीच बुधवार को जोधपुर के नजदीक शुरू हो रहे पांच दिवसीय हवाई युद्धाभ्यास में भारतीय वायुसेना के अन्य विमानों के साथ-साथ राफेल, सुखोई और मिराज-200 लड़ाकू विमान भी शामिल होंगे. भारतीय वायुसेना ने बताया कि ‘एक्स-डेजर्ट नाइट 21’ नाम से होने वाले युद्धाभ्यास में आईएल-78 हवा में ईंधन भरने वाले विमान और हवाई चेतावनी एवं नियंत्रण प्रणाली (एडब्ल्यूएसीएस) को भी शामिल किया जाएगा.

वहीं, फ्रांस की ओर से राफेल लड़ाकू विमान के साथ एयरबस ए-330 बहु उद्देश्यीय टैंकर परिवहन विमान (एमआरटीटी), ए-400 एम रणनीतिक परिवहन विमान शामिल होगा. इसके साथ ही फ्रांसीसी सैन्य बल के 175 सैनिक भी इस युद्धाभ्यास में शामिल होंगे. यह हवाई सैन्य अभ्यास ऐसे समय में हो रहा है जब भारतीय वायुसेना ने पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध के मद्देनजर अपने सभी अग्रिम हवाई ठिकानों को किसी भी वक्त परिचालन के लिए तैयार रखा है.

भारतीय वायुसेना ने कहा- भारत वायुसेना और फ्रांस एयर और स्पेशल फोर्स के बीच डेजर्ट नाइट-21 संयुक्त हवाई युद्धाभ्यास कल से शुरू हो रहा है. दोनों सेनाओं के बीच यह युद्धाभ्यास एक मील का पत्थर है. फ्रांस के ए-400 एम रणनीतिक परिवहन विमान जोधपुर पहुंच चुका है.

भारतीय वायुसेना (आईएएफ) ने आगे कहा, ‘‘यह युद्धाभ्यास खास है क्योंकि इसमें दोनों पक्षों से राफेल विमान हिस्सा ले रहे हैं और यह दोनों देशों की वायुसेना के बीच बढ़ते संबंध का संकेत है.’’

पाकिस्तान में बम धमाका, 11 सैनिक घायल, चार की हालत गंभीर

पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के सुदूर इलाके में अर्धसैनिक बल के वाहन के निकट एक बम में विस्फोट होने से कम से कम 11 सैनिक घायल हो गए.

सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह विस्फोट सीबी जिले में ‘फ्रंटियर कोर’ के गश्त वाहन के निकट बुधवार को हुआ. घायलों में चार की हालत गंभीर है. अभी किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन बलोच अलगाववादी समूह पूर्व में इस प्रकार के हमलों को अंजाम दे चुके हैं.

जावेद अख्तर मानहानि मामले में मुंबई पुलिस ने कंगना रनौत को किया तलब, 1 फरवरी को पेश करनी है रिपोर्ट

मुंबई पुलिस ने जाने माने लेखक-गीतकार जावेद अख्तर द्वारा दायर मानहानि के एक मामले में अभिनेत्री कंगना रनौत को तलब किया है.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कंगना को शुक्रवार को जुहू पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया है.

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कंगना ने झूठा दावा किया कि अख्तर ने ऋतिक रोशन से उनके कथित संबंध को लेकर चुप रहने की धमकी दी थी. शिकायत में कहा गया है कि इससे अख्तर की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा है.

अदालत ने 17 जनवरी को पुलिस को इस मामले में जांच रिपोर्ट पेश करने के लिए एक फरवरी तक का समय दिया था.

बाइडन ने अमेरिका के 46 वें राष्ट्रपति, कमला हैरिस ने उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली

जो बाइडन ने बुधवार को अमेरिका के 46 वें राष्ट्रपति और कमला हैरिस ने पहली महिला उपराष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली. शपथ ग्रहण समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों को रोकने के लिए कैपिटल बिल्डिंग (संसद भवन) के आसपास हजारों सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं.

डेमोक्रेटिक नेता बाइडन (78) को प्रधान न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने कैपिटल बिल्डिंग के ‘वेस्ट फ्रंट’ में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी.इस बार समारोह में कम लोगों को आमंत्रित किया गया है और नेशनल गार्ड के 25,000 से अधिक जवान सुरक्षा में तैनात हैं.

डोनाल्ड ट्रंप, बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए और अंतिम बार राष्ट्रपति के तौर पर व्हाइट हाउस से विदा लेते हुए विमान से फ्लोरिडा स्थित अपने स्थायी आवास ‘मार-आ-लागो एस्टेट’ के लिए रवाना हो गए. निवर्तमान उपराष्ट्रपति माइक पेंस समारोह में शामिल हुए हैं.

अमेरिका इतिहास में सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति बाइडन ने अपने परिवार की 127 साल पुरानी बाइबिल पर हाथ रखकर पद और गोपनीयता की शपथ ली. इसी बाइबिल पर हाथ रखकर उन्होंने उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली थी.

बाइडन के शपथ लेने से पहले भारतीय मूल की कमला हैरिस ने ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली. हैरिस अमेरिका की 49वीं उपराष्ट्रपति हैं. भारत के चेन्नई निवासी प्रवासी भारतीय की बेटी हैरिस (56) ने अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति बनकर इतिहास रच दिया है. वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली अश्वेत एवं पहली एशियाई अमेरिकी भी हैं.

उनके पति 56 वर्षीय डगलस एमहोफ इसके साथ ही अमेरिका के पहले ‘सेकेंड जेंटलमैन’, अमेरिकी उपराष्ट्रपति के पहले पुरुष जीवनसाथी बन गए हैं. उच्चतम न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति सोनिया सोटोमेयर ने हैरिस को शपथ दिलाई.

समारोह में पूर्व राष्ट्रपति-बराक ओबामा, जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बिल क्लिंटन भी शामिल हुए. पूर्व प्रथम महिला-मिशेल ओबामा, लौरा बुश और हिलेरी क्लिंटन भी मौजूद थीं.

दिल्ली दंगे: मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग करने वाली याचिका पर अदालत ने केंद्र, आप सरकार से जवाब मांगा

दिल्ली उच्च न्यायालय ने पिछले वर्ष उत्तरपूर्वी दिल्ली में हुई सांप्रदायिक हिंसा के पीड़ितों के लिए मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग करने वाली याचिका पर केंद्र और आप सरकार से जवाब मांगा है.

न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह ने केंद्र तथा दिल्ली सरकार को नोटिस जारी कर याचिका पर उनका रूख जानना चाहा है. याचिका उन कुछ लोगों ने दायर की है जो स्वयं को दंगा पीड़ित बताते हैं.

गौरतलब है कि संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान 24 फरवरी 2020 को उत्तरपूर्वी दिल्ली में सांप्रदायिक झड़पें हुई थीं. कानून के समर्थकों और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़पें काबू से बाहर हो गईं थी तथा इसमें कम से कम 53 लोगों की जान चली गई थी तथा तकरीबन 200 लोग घायल हो गए थे.

याचिका में दिल्ली सरकार की सांप्रदायिक हिंसा पीड़ितों के लिए सहायता योजना के तहत प्रदान की गई 10 लाख रूपये की अंतरिम राशि को बढ़ाकर 15 लाख रूपये का कुल मुआवजा दिए जाने की मांग की गई है.

सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर की अगुवाई में खेल जगत ने की टीम इंडिया की तारीफ

सचिन तेंदुलकर और बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली की अगुवाई में खेल जगत ने ऑस्ट्रेलिया में जज्बे और धैर्य का अनूठा प्रदर्शन कर चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला को 2-1 से अपने नाम करने वाली भारतीय टीम की तारीफ की.

भारतीय टीम एडीलेड श्रृंखला के पहले मैच में शर्मनाक हार के बाद कप्तान विराट कोहली और कई अन्य अनुभवी खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में शानदार वापसी करते हुए ब्रिसबेन में चौथे टेस्ट में तीन विकेट की जीत के साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को अपने पास बरकरार रखने में सफल रही.

तेंदुलकर ने कहा कि टीम को हर सत्र में नया नायक मिला. उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ हर बार जब हमारे हौसले को ठेस पहुंची , हमने संघर्ष किया टक्कर दी. हमने निडर लेकिन बेपरवाही से नहीं, क्रिकेट खेलने का आत्मविश्वास दिखाया. चोटों और अनिश्चितताओं का जज्बे और आत्मविश्वास के साथ सामना किया. यह सबसे बड़ी श्रृंखला जीत में से एक है. भारत को बधाई.

पूर्व कप्तान गांगुली ने ट्वीट किया, ‘‘ एक उल्लेखनीय जीत , ऑस्ट्रेलिया जाकर इस तरह से एक टेस्ट श्रृंखला जीतने के लिए भारतीय क्रिकेट के इतिहास में हमेशा के लिए याद किया जाएगा. बीसीसीआई ने टीम को पांच करोड़ रूपये का बोनस देने की घोषणा की. यह जीत किसी कीमत से परे है। दौरे पर गये सभी खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया.’’

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कई यादगार पारियां खेलने वाले पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने शुभमन गिल और ऋषभ पंत जैसे युवा खिलाड़ियों के साथ कप्तान अजिंक्य रहाणे की तारीफ की.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ श्रृंखला में टीम इंडिया की लिए ऐतिहासिक जीत। गिल और पंत जैसे युवाओं ने तब प्रदर्शन किया जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी रवि शास्त्री और सहयोगी स्टाफ की मेहनत को मेरा सलाम. इस टीम पर गर्व है, ऐसे लंबे समय में एक बार होता है.

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ रहाणे ने टीम का शानदार नेतृत्व किया। युवाओं को काफी आत्मविश्वास दिया और पुजारा ने एक बार फिर अपना जुझारूपन दिखाया. युवा गेंदबाजी आक्रमण का भी शानदार योगदान.’’

चोट के कारण ब्रिसबेन टेस्ट के अंतिम 11 से बाहर से रविचंद्रन अश्विन ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ माफी चाहता हूं कि यहां नहीं खेल सका, लेकिन हमारी मेजबानी और कुछ मुश्किल क्रिकेट के लिए शुक्रिया. हम इस श्रृंखला को हमेशा याद रखेंगे.’’

अपने टवीट के जरिये चीजों को मजाकिया अंदाज में लिखने के लिए जाने जाने वाले पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग ने एक ट्रक के फोटो के साथ लिखा, ‘‘खुशी के मारे पागल. यह नया भारत है. घर में घुसकर मारता है. एडीलेड में जो हुआ उसके बाद इन युवाओं ने हमें जीवन भर आनंद दिया है. हम विश्व कप जीते हैं लेकिन यह विशेष है. यही कारण है कि पंत काफी खास है.’’

इस श्रृंखला से पहले भारत की 4-0 से हार की भविष्यवाणी करने वाले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान ने ट्वीट किया, ‘‘ टेस्ट में सर्वकालिक महान जीत. भारत ने शानदार प्रदर्शन किया. आपने अगले साल होने वाली एशेज श्रृंखला के लिए इंग्लैंड को रास्ता दिखा दिया.’’

उन्होंने दूसरे ट्वीट में कहा, ‘‘ ऐसा लग रहा है कि भारत से मेरे लिए कई ट्वीट आ रहे है. टेस्ट में भारत के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले पूर्व लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा, ‘‘ जज्बा और कौशल के शानदार प्रदर्शन के लिए टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई. एक अद्भुत टेस्ट श्रृंखला कर सही परिणाम . उम्मीद है कि इससे टेस्ट मैच को चार दिन की करने की चर्चा का थोड़ी देर के लिए अंत होगा.’’

भारत ने गाबा पर खत्म की आस्ट्रेलियाई बादशाहत, टेस्ट सीरीज में 2-1 से दर्ज की जीत

शुभमन गिल और ऋषभ पंत की आकर्षक अर्धशतकीय पारियों के दम पर भारत ने चौथे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच में तीन विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज करके श्रृंखला अपने नाम करने के साथ आस्ट्रेलिया की गाबा में 32 वर्षों से चली आ रही बादशाहत भी खत्म कर दी.

भारत ने एडीलेड में पहला टेस्ट मैच गंवाने के बाद शानदार वापसी की और आस्ट्रेलिया को उसकी सरजमीं पर लगातार दूसरी बार श्रृंखला में 2-1 से हराकर बोर्डर-गावस्कर ट्राफी अपने पास बरकरार रखी. भारत ने यह जीत तब दर्ज की जबकि उसके कई शीर्ष खिलाड़ी चोटिल होने या अन्य कारणों से टीम में नहीं थे.

शुभमन गिल शतक से चूक गये लेकिन उन्होंने 91 रन की प्रवाहमय पारी खेली जबकि पंत ने आक्रामकता और रक्षण की अच्छी मिसाल पेश करके नाबाद 89 रन बनाये. भारत के सामने 328 रन का लक्ष्य था और उसने सात विकेट पर 329 रन बनाकर गाबा में अपनी पहली जीत दर्ज की.

इन सबके बीच चेतेश्वर पुजारा की 211 गेंदों पर खेली गयी 56 रन की पारी खेलकर फिर से अपना जुझारूपन दिखाया. उन्होंने अपने इन दोनों युवा साथियों को खुलकर खेलने का मौका दिया. पुजारा ने गिल के साथ 240 गेंदों पर 114 और पंत के साथ 141 गेंदों पर 61 रन की उपयोगी साझेदारियां की.

आस्ट्रेलिया ने गाबा में आखिरी टेस्ट मैच 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ गंवाया था. इसके बाद से उसे इस मैदान पर कभी हार नहीं मिली.

आस्ट्रेलिया ने नयी गेंद से पुजारा और मयंक अग्रवाल (नौ) के विकेट लिये लेकिन पंत ने दूसरे छोर से रन बनाने जारी रखे और वाशिंगटन सुंदर (22) ने उनका पूरा साथ दिया. आस्ट्रेलियाई खेमे में हताशा साफ नजर आ रही थी.

सुंदर ने कमिन्स की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर माहौल बदला जबकि पंत ने लियोन पर लगातार दो चौके लगाये. पंत के साथ छठे विकेट के लिये 53 रन जोड़कर सुंदर लियोन की गेंद पर बोल्ड हो गये.

पहली पारी में 67 रन बनाने वाल शार्दुल ठाकुर ने आसान कैच दे दिया, लेकिन पंत डिगे नहीं. उन्होंने जोश हेजलवुड पर विजयी चौका लगाया.

भारत आखिरी दिन अगर 325 रन बना पाया तो इसका पूरा श्रेय गिल और पंत को जाता है. रोहित शर्मा (सात) के सुबह जल्दी आउट होने के बावजूद गिल ने मजबूत इरादों के साथ बल्लेबाजी की.

दिन के पहले भाग में गिल छाये रहे तो बाद में पंत ने जलवा दिखाया. इन दोनों पर इस बीच पुजारा की छत्रछाया भी बनी रही जिनके खिलाफ आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों ने लगातार शार्ट पिच गेंदें की जिनमें से कई उनके शरीर पर भी लगी.

गिल अपने पूरे प्रवाह में दिखे और उन्होंने किसी भी ढीली गेंद को नहीं बख्शा. इस 21 वर्षीय बल्लेबाज ने सहजता से कट और ड्राइव किये और कुछ शार्ट पिच गेंदों खूबसूरत पुल शॉट भी लगाये. उन्होंने अपना दूसरा अर्धशतक पूरा करने के बाद मिशेल स्टार्क के बाउंसर को बैकवर्ड प्वाइंट पर छह रन के लिये भी भेजा. इसी गेंदबाज पर उन्होंने लंच के बाद छक्का और फिर लगातार तीन चौके लगाये.

जब भारत एक आकर्षक शतक का इंतजार कर रहा था तब अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे नाथन लियोन (85 रन देकर दो) की आफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को ड्राइव करने की कोशिश में उन्होंने स्लिप में स्टीव स्मिथ को कैच दे दिया. गिल ने 146 गेंदें खेली तथा आठ चौके और दो छक्के लगाये.

कप्तान अजिंक्य रहाणे (24) ने सकारात्मक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने लियोन पर मिडविकेट क्षेत्र में छक्का भी जमाया लेकिन पैट कमिन्स (55 रन देकर चार) की कोण लेती गेंद पर उहापोह में उन्होंने विकेट के पीछे आसान कैच दे दिया।

मैन आफ द मैच पंत को अग्रवाल से पहले भेजने का मतलब साफ था कि भारत जीतने का प्रयास करेगा. तीसरे सत्र में कुछ समय तक संभलकर खेलने के बाद उन्होंने हाथ खोलने शुरू किये. लियोन के एक ओवर में चूकने के बाद अगले ओवर में उन्होंने गेंद छह रन के लिये भेजी.

पुजारा ने 196 गेंदों में अपना 28वां अर्धशतक पूरा किया. लेकिन आस्ट्रेलिया ने 80 ओवर के बाद नयी गेंद ली और कमिन्स ने दूसरी गेंद पर ही भारतीय दीवार को पगबाधा आउट कर दिया. पुजारा ने डीआरएस भी लिया लेकिन रीप्ले से लगा कि गेंद गिल्ली पर लगती और अंपायर ब्रूक्स ऑक्सनफोर्ड का फैसला बना रहा.

अपनी पारी के दौरान टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 1000 रन पूरे करने वाले भारतीय विकेटकीपर बने पंत ने लियोन के सामने सतर्कता बरती, लेकिन पुजारा के पवेलियन लौटने के बाद खूबसूरत ड्राइव से स्कोर बोर्ड चलायमान कर दिया और फिर अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया.

इस मैच में मध्यक्रम के बल्लेबाज के रूप में खेल रहे अग्रवाल नयी गेंद के सामने ज्यादा देर तक नहीं टिक पाये. सुंदर फिर से दृढ़ इरादों के साथ क्रीज पर उतरे थे और पंत के साथ उनकी साझेदारी महत्वपूर्ण साबित हुई.

गुजरात : सूरत में सड़क किनारे सो रहे 15 प्रवासी मजदूरों को ट्रक ने कुचला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक

गुजरात के सूरत जिले में मंगलवार को सड़क किनारे सो रहे राजस्थान के 15 प्रवासी मजदूरों को ट्रक ने कुचल दिया और सभी की मौत हो गयी. पुलिस ने यह जानकारी दी.

पुलिस के अनुसार यह दर्दनाक वाकया सूरत से करीब 60 किलोमीटर दूर कोसांबा गांव के पास हुआ. उन्होंने बताया कि गन्ने से भरे एक ट्रैक्टर से टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा. ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है.

सूरत की पुलिस अधीक्षक (एसपी) उषा राडा ने बताया कि ट्रक ने तड़के किम-मांडवी रोड के किनारे सो रहे मजदूरों को कुचल दिया.

एसपी ने बताया, ‘‘ट्रक किम से मांडवी जा रहा था। दूसरी ओर से आ रहे गन्ने से लदे एक ट्रैक्टर से टक्कर के बाद ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा.’’

उन्होंने बताया, ‘‘घटना में ट्रक के आगे की खिड़की का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया जिससे ड्राइवर देख नहीं पाया. टक्कर के प्रभाव से ट्रक सड़क के दूसरी ओर पहुंच गया और सड़क किनारे सो रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए.’’

मारे गये सभी प्रवासी मजदूर राजस्थान से थे, जो निर्माण कार्य करते थे.पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में घायल हुए तीन लोगों का पास के अस्पताल में इलाज चल रहा है.

इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की.

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट में कहा गया, ‘‘सूरत में ट्रक हादसे में हुई मौतें दुखद हैं. मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’’