Home Blog Page 42

Sarkari Naukri 2022: अगर आप 10वीं फेल हैं तो भी यहां मिलेगी सरकारी नौकरी, जल्द करे आवेदन

जूनियर कर्मचारी चयन बोर्ड, सरगुजा में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है. इसके लिए जूनियर कर्मचारी चयन बोर्ड, सरगुजा में ग्रेड 4 के तहत वार्ड बॉय / आया, ओटी अटेंडेंट, ओपीडी अटेंडेंट, अटेंडेंट एनआरसी, चपरासी, चौकीदार, स्वीपर, धोबी, कुक, मेस सर्वेंट के पदों पर आवेदन करने के लिए केवल 3 दिन बचे हैं. इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार जो अभी तक इन पदों के लिए आवेदन नहीं किए हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट jssbsurguja.cgstate.gov.in पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं. इन पदों पर आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल है.

इसके अलावा उम्मीदवार सीधे इस लिंक https://jssbsurguja.cgstate.gov.in/category के माध्यम से इन पदों के लिए अप्लाई कर सकते हैं. साथ ही इस लिंक  https://jssbsurguja.cgstate.gov.in/cms/media/AdvertisementGrade पर क्लिक करके भी आधिकारिक नोटिफिकेशन को देख सकते हैं. इस भर्ती (JSSB Surguja Recruitment 2022) प्रक्रिया के तहत कुल 294 पदों को भरा जाएगा.

JSSB Surguja Recruitment 2022 के लिए महत्वपूर्ण तिथियां

ऑनलाइन आवेदन करने की शुरुआत तिथि: 29 मार्च
ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि: 20 अप्रैल

JSSB Surguja Recruitment 2022 के लिए रिक्ति विवरण

कुल पदों की संख्या- 294

वार्ड बॉय/ आया – 211 पद
ओटी अटेंडेंट – 15 पद
ओपीडी अटेंडेंट – 6 पद
अटेंडेंट एनआरसी – 1 पद
चपरासी – 20 पद
चौकीदार – 15 पद
स्वीपर – 11 पद
धोबी – 4 पद
कुक – 7 पद
मेस सर्वेंट – 2 पद

JSSB Surguja Recruitment 2022 के लिए योग्यता मानदंड

उम्मीदवारों को किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 8वीं पास होना चाहिए.

JSSB Surguja Recruitment 2022 के लिए आयु सीमा

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष (सरकारी मानदंडों के अनुसार आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आयु में छूट होगी) होनी चाहिए.

JSSB Surguja Recruitment 2022 के लिए आवेदन शुल्क

अनारक्षित श्रेणी- रु. 250/-
ओबीसी – रु. 200/-
एससी / एसटी – रु. 150/-

Rajasthan: कोटा में हनुमान जयंती पर मुस्लिम समुदाय ने बरसाए फूल, शरबत बांटा

देश के कुछ हिस्सों में सांप्रदायिक झड़प की घटनाओं के बीच राजस्थान के कोटा के एक इलाके के मुसलमानों ने फूल बरसाकर और शरबत बांटकर हनुमान जयंती शोभायात्रा का स्वागत किया. रामगंज मंडी कस्बे के खेराबाद इलाके से गुजरते हुए शोभायात्रा के रुकने पर कई मुस्लिम युवकों ने सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश देते हुए अपने पारंपरिक मार्शल आर्ट कौशल का प्रदर्शन किया.

जुलूस शनिवार शाम खेराबाद गांव के हनुमान मंदिर से शुरू हुआ और मुस्लिम बहुल इलाके से गुजरते हुए करीब दो किलोमीटर की दूरी तय की, जिसके रास्ते में दो मस्जिदें थीं. जुलूस में शामिल अधिकांश लोगों ने भगवा वस्त्र पहन रखे थे.

ताहिर अहमद के नेतृत्व में मुसलमानों ने शोभायात्रा का स्वागत किया, पुष्पवर्षा की और इसमें भाग लेने वालों को मालाएं पहनाईं. उन्होंने इलाके की दो मस्जिदों के बाहर स्टॉल भी लगाए और भक्तों को ठंडा पानी और शरबत पेश किया.

रामगंज मंडी के एसडीएम राजेश डागा ने कहा कि मुस्लिम शाम की नमाज अदा करने के बाद शोभायात्रा का स्वागत करने के लिए मस्जिदों से बाहर निकले. उन्होंने कहा कि जब मुस्लिम युवाओं को शोभायात्रा में शामिल होने के लिए कहा गया, तो उन्होंने हिंदू समुदाय के लोगों के साथ अपने मार्शल आर्ट कौशल का प्रदर्शन किया.

एसडीएम ने कहा कि प्रशासन ने शोभायात्रा से पहले मुस्लिम और हिंदू समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी. उन्होंने कहा कि मुसलमानों ने उत्साहपूर्वक शोभायात्रा का स्वागत किया.

दिल्ली-NCR के निवासियों में पिछले 15 दिनों में कोरोना संक्रमण 500 फीसदी बढ़ा- सर्वे

दिल्ली-एनसीआर में अपने करीबी सोशल नेटवर्क में किसी को कोरोना वायरस होने की सूचना देने वाले लोगों की संख्या में पिछले 15 दिनों में 500 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. एक सर्वेक्षण में यह दावा किया गया है.

दिल्ली और एनसीआर के कम से कम 19 प्रतिशत लोगों ने सर्वेक्षण में बताया कि उनके करीबी नेटवर्क के एक या एक से अधिक व्यक्ति पिछले 15 दिन में संक्रमण की चपेट में आए हैं. यह सर्वेक्षण ‘लोकलसर्किल्स’ नामक कंपनी ने कराया है और इसमें सामने आया कि ‘कोविड नेटवर्क प्रिवलेंस’ पिछले 15 दिन में 500 प्रतिशत तक बढ़ा है.

कंपनी ने बताया कि सर्वेक्षण में दिल्ली और एनसीआर के सभी जिलों के 11,743 लोगों से पूछताछ की गयी. इसमें लोगों से पूछा गया, ‘आपके करीबी सोशल नेटवर्क (परिवार,मित्र,पड़ोसी,सहकर्मी) में बच्चों समेत कितने लोग हैं, जिन्हें पिछले 15 दिन में कोविड हुआ है?’उत्तर देने वालों में से करीब 70 प्रतिशत ने कहा, ‘पिछले 15 दिन में कोई भी नहीं’, 11प्रतिशत लोगों ने कहा ‘एक या दो’, आठ प्रतिशत लोगों ने कहा,‘तीन से पांच’, वहीं 11प्रतिशत अन्य लोगों ने कहा ‘नहीं बता सकते.’

दो अप्रैल को भी कंपनी ने यही प्रश्न पूछे थे और पाया था कि केवल तीन प्रतिशत लोगों के करीबी नेटवर्क में कोई न कोई पिछले 15 दिन में संक्रमित हुआ है. गौरतलब है कि सर्वेक्षण के ये परिणाम ऐसे वक्त में सामने आए हैं, जब दिल्ली में भी संक्रमण के मामलों में तेजी आई है.

Uttar Pradesh: बीमा के पैसे के लिए महिला को जिंदा जलाया, बेटी और दामाद पर हत्या का आरोप

ग्रेटर नॉएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के चपरगढ़ गांव के झाझर में  में शुक्रवार सुबह 56 वर्षीय एक महिला का शव उसके घर के रसोई में झुलसा हुआ मिला. मामले में मृतका के बेटे ने अपनी बहन और जीजा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है. बेटे का आरोप है कि बीमा के पैसे को लेकर उसकी बहन और जीजा ने उसकी मां की जलाकर हत्या की है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए दो टीम बनाई हैं. अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) विशाल पांडे ने बताया कि कस्बा दनकौर में रहने वाली वीरमावती का शव आज सुबह को उनके घर के रसोई में जली हुई अवस्था में मिला. उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.

उन्होंने ने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम के मुआयना करने के साथ ही सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. अधिकारी ने कहा कि मृतका के बेटे विपिन ने इस मामले में अपनी बहन मीनू तथा जीजा महावीर को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है.

उन्होंने मृतका के बेटे के हवाले से कहा कि उसके पिता की कुछ समय पूर्व मौत हो गई थी और पिता की मौत के बाद उसकी मां को 15 लाख रुपये बीमा के रूप में मिले थे. अधिकारी ने कहा कि मृतका के बेटे ने शिकायत में कहा है कि बीमा के पैसे को लेकर उसके जीजा और बहन उसकी मां का उत्पीड़न कर रहे थे. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीम बनाई गई हैं.

Gujarat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में हनुमान जी की प्रतिमा का अनावरण, बोले- ‘हम जहां हैं, वहीं नहीं बने रह सकते…’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत इस मोड़ पर स्थिर नहीं बना रह सकता और उसे आत्मनिर्भर बनना होगा. मोदी ने हनुमान जयंती के अवसर पर वीडियो लिंक के जरिए गुजरात के मोरबी में हनुमान जी की 105 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा, ‘‘भारत अब स्थिर नहीं बना रह सकता… हम जहां है, वहीं बने नहीं रह सकते. वैश्विक स्थिति ऐसी है कि पूरी दुनिया यह सोच रही है कि ‘आत्मनिर्भर’ कैसे बनना है.”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘‘मैं देश के संतों से अनुरोध करूंगा कि वे केवल स्थानीय उत्पाद खरीदने की लोगों को शिक्षा दें. ‘वोकल फॉर लोकल’ मुख्य चीज है. हमारे घरों में, हमें केवल अपने लोगों की बनाई चीजों का इस्तेमाल करना चाहिए. कल्पना कीजिए, इसके कारण कितनी अधिक संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा.”

मोदी ने कहा कि विदेशी वस्तुएं लोगों को अच्छा महसूस करा सकती हैं, लेकिन इसमें ‘‘हमारे लोगों की कड़ी मेहनत, हमारी मिट्टी की सुगंध” का एहसास शामिल नहीं होगा. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यदि आगामी 25 साल में हम केवल स्थानीय उत्पाद इस्तेमाल करते हैं, तो हमारे लोग बेरोजगार नहीं रहेंगे.”

Covid-19 Updates: गौतम बुद्ध नगर में 24 घंटे में Covid-19 के 70 नए मामले, आठ दिन में 58 बच्चे संक्रमित

गौतम बुद्ध नगर जिले में शनिवार को कोविड-19 के 70 नए मामले आए और इनमें 14 बच्चे संक्रमित पाए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार आठ दिनों में 58 बच्चे संक्रमित पाए गए हैं.

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दिल्ली से सटे जिले में उपचाराधीन रोगियों की संख्या 218 हो गई है. हालांकि, पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में आठ लोग कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक हुए हैं. मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉक्टर सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर में पिछले 24 घंटे के दौरान संक्रमण के 70 नए मामलों की पुष्टि की गयी है. आठ लोग स्वस्थ हुए हैं. फिलहाल जिले में 218 उपचाराधीन मरीज हैं.

विभाग ने संक्रमण के लक्षण दिखने पर लोगों से अधिकारियों को 1800492211 पर संपर्क करने या संबंधित ईमेल पर जानकारी भेजने का अनुरोध किया है. मार्च 2020 में महामारी की शुरुआत के बाद से जिले में अब तक 98,902 लोग संक्रमित हुए हैं.

गौरतलब है, पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 975 मामले सामने आए हैं, जिसके बाद देश में कोरोना के कुल मामलों की संख्‍या बढ़कर 4,30,40,947 हो गई है. वहीं एक दिन पहले 949 मामले सामने आए थे. साथ ही देश में पिछले 24 घंटे की अवधि के दौरान 4 लोगों की मौत हो गई है. इसके चलते कोरोना से अब तक देश में कुल जान गंवाने वाले लोगों की संख्‍या बढ़कर 5,21,747 हो गई है. फिलहाल देश में कोरोना के सक्रिय मामले 11,366 हैं.

एक दिन पहले की अपेक्षा सक्रिय मामलों की संख्‍या 175 ज्‍यादा है. यह कुल मामलों का 0.03 फीसदी है. देश में पिछले 24 घंटे में 796 लोग कोरोना को मात देकर ठीक होने में कामयाब रहे हैं, जिसके बाद कोरोना संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की कुल संख्‍या 4,25,07,834 हो गई है.  

Uttar Pradesh: प्रयागराज में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, हत्या की आशंका

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगापार नवाबगंज थाना क्षेत्र के खागलपुर गांव में शुक्रवार की रात एक ही परिवार के पांच लोग अपने घर में मृत पाए गए. मृतकों में पति-पत्नी और उनकी तीन बेटियां शामिल हैं.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात नवाबगंज थाना क्षेत्र के खागलपुर गांव में एक ही परिवार के पांच अपने घर में मृत पाए गए हैं. मृतकों में राहुल तिवारी (37), उनकी पत्नी प्रीति तिवारी (35) और तीन बेटियां- माही (15), पीहू (13) और कूहु (11) शामिल हैं.

उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि खागलपुर गांव में एक ही परिवार के पांच लोग मृत पाए गए हैं. इस सूचना पर वह तत्काल पुलिस की टीम, श्वान दस्ता, फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे.

उन्होंने बताया कि पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और वहां घर के मुखिया राहुल का शव साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला तथा उनके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले. उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि राहुल ने आत्महत्या की है.

उन्होंने बताया कि राहुल के अलावा परिवार के अन्य चार सदस्यों- राहुल की पत्नी और तीन बेटियों के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं. इससे उनकी हत्या किए जाने का संकेत मिलता है. एसएसपी ने कहा कि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से घटना की जांच की करेगी.

एसएसपी ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. जांच के लिए सात टीम का गठन किया गया है. राहुल की बहन और बहनोई घटनास्थल पर पहुंचे और बताया कि राहुल का ससुराल पक्ष से काफी दिनों से विवाद चल रहा था.

Danish Open: साजन प्रकाश को स्वर्ण, वेदांत माधवन ने रजत पदक जीता

शीर्ष भारतीय तैराक साजन प्रकाश ने डेनमार्क के कोपेनहेगन में दानिश ओपन तैराकी प्रतियोगिता में पुरूष 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर सत्र की जीत से शुरूआत की.

इस साल अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे प्रकाश ने शुक्रवार की रात 1.59.27 सेकेंड का समय निकालकर पोडियम में शीर्ष स्थान हासिल किया.

इससे पहले केरल के इस तैराक ने हीट में 2.03.67 सेकेंड का समय निकालकर ‘ए’ फाइनल के लिये क्वालीफाई किया.

दो बार के ओलंपियन प्रकाश ने कहा, ‘‘इस महीने हमारे कुछ टूर्नामेंट हैं. हम धीरे धीरे राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों के लिये शीर्ष पर आने की कोशिश करेंगे.’’

वहीं युवा वेदांत माधवन ने भी सकारात्मक शुरूआत करते हुए अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में सुधार किया और पुरूष 1500 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया.

भारतीय अभिनेता आर माधवन के बेटे वेदांत ने 10 तैराकों के फाइनल में 15.57.86 सेकेंड के समय से दूसरा स्थान हासिल किया.

सोलह साल के इस खिलाड़ी ने मार्च 2021 में लातविया ओपन में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने पिछले साल जूनियर राष्ट्रीय तैराकी चैम्पियनशिप में भी प्रभावित करते हुए सात पदक (चार रजत और तीन कांस्य) जीते थे.

शक्ति बालकृष्णन महिला 400 मीटर मेडले के बी फाइनल में दूसरे और ओवरआल आठवें स्थान पर रहीं. प्रतियोगिता में भाग ले रहे चौथे भारतीय तैराक तनीष जॉर्ज मैथ्यू 50 मीटर फ्रीस्टाइल में 29वें स्थान पर रहे.

भारत इस मोड़ पर स्थिर नहीं बना रह सकता, उसे आत्मनिर्भर बनना होगा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत इस मोड़ पर स्थिर नहीं बना रह सकता और उसे आत्मनिर्भर बनना होगा.

मोदी ने हनुमान जयंती के अवसर पर वीडियो लिंक के जरिए गुजरात के मोरबी में भगवान हनुमान की 105 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा, ‘‘भारत अब स्थिर नहीं बना रह सकता… हम जहां है, वहीं बने नहीं रह सकते। वैश्विक स्थिति ऐसी है कि पूरी दुनिया यह सोच रही है कि ‘आत्मनिर्भर’ कैसे बनना है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं देश के संतों से अनुरोध करूंगा कि वे केवल स्थानीय उत्पाद खरीदने की लोगों को शिक्षा दें. ‘वोकल फॉर लोकल’ मुख्य चीज है. हमारे घरों में, हमें केवल अपने लोगों की बनाई चीजों का इस्तेमाल करना चाहिए. कल्पना कीजिए, इसके कारण कितनी अधिक संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा.’’

मोदी ने कहा कि विदेशी वस्तुएं लोगों को अच्छा महसूस करा सकती हैं, लेकिन इसमें ‘‘हमारे लोगों की कड़ी मेहनत, हमारी मिट्टी की सुगंध’’ का एहसास शामिल नहीं होगा.

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यदि आगामी 25 साल में हम केवल स्थानीय उत्पाद इस्तेमाल करते हैं, तो हमारे लोग बेरोजगार नहीं रहेंगे.’’

Coronavirus News Updates: देश में Covid-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 11,191 हुई

भारत में एक दिन में कोविड-19 के 949 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,39,972 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़कर 11,191 पर पहुंच गई है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से मौत के छह और मामले सामने आने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,21,743 हो गई है. वहीं, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 11,191 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 133 की बढ़ोतरी दर्ज की गई. मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है.

आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 0.26 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.25 प्रतिशत है. देश में अभी तक कुल 4,25,07,038 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत है वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 186.30 करोड़ से अधिक खुराक लगाई जा चुकी हैं.

गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे.

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे. पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे.

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के छह मामले सामने आए, जिनमें से महाराष्ट्र में पांच और मिजोरम में मौत का एक मामला सामने आया. देश में अभी तक संक्रमण से कुल 5,21,743 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,47,826 लोग, केरल के 68,402 लोग, कर्नाटक के 40,057 लोग, तमिलनाडु के 38,025 लोग, दिल्ली के 26,158 लोग, उत्तर प्रदेश के 23,499 लोग और पश्चिम बंगाल के 21,200 लोग थे.