Home Blog Page 62

Uttar Pradesh : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ समेत कई नेताओं ने मुलायम को जन्मदिन की बधाई दीं

समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ समेत कई नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की.

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को ट्वीट किया, ”उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं. देश की राजनीति में उन्होंने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है. मैं उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं.”

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने ट्वीट कर कहा, ” उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं.”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्विटर पर मुलायम सिंह यादव को बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की कामना की है.

पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट किया, ” हम सभी की प्रेरणा व ऊर्जा के स्रोत, सामाजिक न्‍याय के ध्वजवाहक और अपने जन संघर्षों की बदौलत संवेदनशील सियासत की इबारत लिखने वाले आदरणीय नेताजी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.”

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर सपा मुख्यालय समेत सभी जिलों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का जन्मदिन सपा मुख्यालय में सादगी के साथ मनाया जाएगा और इसमें नेताजी तथा उनके पुत्र एवं पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल होंगे.

इटावा जिले के सैफई गांव में 22 नवंबर, 1939 को जन्‍मे मुलायम सिंह यादव ने शुरुआती जीवन शिक्षक के रूप में शुरू किया और 1967 में पहली बार विधानसभा के सदस्य चुने गये.

वह 1977 में रामनरेश यादव के नेतृत्व वाली जनता पार्टी की प्रदेश सरकार में पहली बार मंत्री बने. 1989 में वह पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने और 1996 में मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने के बाद संयुक्त मोर्चा नीत केंद्र सरकार में वह रक्षा मंत्री भी बने.

यादव 2003 से 2007 तक दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे. अपने लंबे राजनीतिक जीवन में मुलायम सिंह यादव ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं. उन्होंने 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी.

Amazon BFCM Sale: 25 नवंबर से शुरू होगी अमेजन की Black Friday And Cyber Monday Sale

दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन इंडिया ने रविवार को कहा कि ब्लैक फ्राइडे और साइबर मंडे यानी बीएफसीएम सेल के दौरान वैश्विक ग्राहकों को लाखों ‘मेड इन इंडिया’ प्रोडक्ट्स की पेशकश करने के लिए 70 हजार से ज्यादा भारतीय निर्यातकों ने कमर कस ली है.

ब्लैक फ्राइडे और साइबर मंडे सेल इस महीने 25 नवंबर से शुरू होगी और 29 नवंबर तक चलेगी. अमेजन ने एक बयान में कहा कि भारतीय निर्यातक आगामी छुट्टियों के सीजन के लिए अमेजन की वैश्विक वेबसाइटों पर 52,000 से अधिक नए प्रोडक्ट्स पेश करेंगे.

दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी ने कहा कि दुनियाभर में अमेजन के ग्राहक भारतीय निर्यातकों द्वारा तैयार घर और रसोई, खिलौने, परिधान, स्वास्थ्य देखभाल, कार्यालय संबंधी प्रोडक्ट्स के साथ आभूषण और फर्नीचर जैसे प्रोडक्ट्स की खरीद कर सकेंगे.

अमेजन इंडिया के निदेशक-वैश्विक व्यापार अभिजीत कामरा ने कहा, “बीएफसीएम सेल वैश्विक छुट्टियों के सीजन के साथ शुरू होगी. यह सेल भारत में फेस्टिव सीजन के ठीक बाद हो रही है, जो परंपरागत रूप से हमारे विक्रेता भागीदारों के लिए वृद्धि के लिए एक प्रमुख अवधि रहती है.”

उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि 2021 की बीएफसीएम सेल से हमारे विक्रेताओं को निर्यात कारोबार को गति देने में मदद मिलेगी.

PNB के सर्वर में सेंध, सात माह तक ‘उजागर’ होती रही 18 करोड़ ग्राहकों की जानकारी : CyberX9

साइबर सुरक्षा कंपनी साइबरएक्स9 ने रविवार को दावा किया कि पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के सर्वर में कथित तौर पर सेंध से करीब 18 करोड़ ग्राहकों की व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी लगभग सात महीनों तक ‘उजागर’ होती रही.

साइबरएक्स9 ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र बैंक में सुरक्षा खामी से यह साइबर हमला प्रशासनिक नियंत्रण के साथ उसकी संपूर्ण डिजिटल बैंकिंग प्रणाली तक हुआ है.

इस बीच, पीएनबी बैंक ने तकनीकी गड़बड़ी की पुष्टि करते हुए सर्वर में सेंध से ग्राहकों की महत्वपूर्ण जानकारी के ‘खुलासे’ से इनकार किया है.

बैंक ने कहा, ‘‘इसके कारण ग्राहकों के ब्योरे/एप्लिकेशंस पर कोई असर नहीं पड़ा और सर्वर को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है.’’

वही साइबरएक्स9 के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक हिमांशु पाठक ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘पंजाब नेशनल बैंक पिछले सात महीनों से अपने 18 करोड़ से अधिक ग्राहकों के कोष, व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी की सुरक्षा से गंभीर रूप से समझौता करता रहा.’’

उन्होंने कहा, ‘‘पीएनबी तब जागा और उसने इस ‘सेंधमारी’ को ठीक किया जब साइबरएक्स 9 ने इसका पता लगाया और सीईआरटी-इन और एनसीआईआईपीसी के माध्यम से बैंक को सूचित किया.’’

उन्होंने कहा कि साइबरएक्स9 की शोध टीम ने पीएनबी में एक बहुत ही महत्वपूर्ण सुरक्षा चूक का पता लगाया जिसके कारण आंतरिक सर्वर तक प्रभावित हो रहा था.

वही पीएनबी से इस संबंध में पूछे जाने पर कहा कि जिस सर्वर में सेंध की बात सामने आई है उसमें कोई संवेदनशील या महत्वपूर्ण जानकारी नहीं थी.

आंध्र प्रदेश में बाढ़ सेमरनेवालों की संख्या 31 हुई, सैकड़ों लोग फंसे, सड़क और रेल संपर्क टूटा

आंध्र प्रदेश में पेन्ना नदी में बाढ़ आने की वजह से सैकड़ों वाहन और यात्री फंस गए हैं, अहम राजमार्गों पर यातायात बंद कर दिया है और दक्षिणी हिस्से को देश के अन्य भागों से जोड़ने वाले रेल मार्ग के प्रभावित होने से 100 से ज्यादा ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है. बाढ़ के पानी में से कुछ और शव मिले हैं. इसके बाद प्रदेश में अलग अलग जिलों में बारिश से संबंधित घटनाओं में मृतकों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है.

आंध्र प्रदेश में चेन्नई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग -16, आंध्र प्रदेश में नेल्लोर और विजयवाड़ा के बीच यातायात के लिए कट गया और चेन्नई ग्रैंड ट्रंक रेल मार्ग भी कट गया है, जो देश के दक्षिणी और पूर्वी और उत्तरी भागों को जोड़ने के लिए अहम रेल मार्ग है. दक्षिण मध्य रेलवे ने बताया कि नेल्लोर के पास पादुगुपाडु में रेल की पटरियों को हुए नुकसान के कारण 100 से अधिक एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया और 29 ट्रेनों के मार्गों में बदलाव किया गया है.

चेयेरू नदी पर अन्नामय्या परियोजना के मिट्टी के बांध के टूटने के कारण अचानक आई बाढ़ की वजह से अकेले कडप्पा जिले में, कम से कम 18 लोगों की मौत हुई है और सैकड़ों एकड़ में फैली फसल नष्ट हो गई, मवेशी बह गए और गांवों में कई घर मलबे में तब्दील हो गए हैं. कडप्पा शहर में, एक इमारत की दूसरी मंजिल पर फंसी एक महिला और उसके बच्चे को पुलिस और दमकल कर्मियों ने समय पर बचा लिया, जिसके कुछ समय बाद ही तीन मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई.

वेलिगल्लु जलाशय से निकलने वाले बाढ़ के पानी के कारण पापग्नि नदी पर बना एक पुल गिर गया, जिससे कडप्पा और अनंतपुरमू जिलों के बीच सड़क संपर्क टूट गया है. राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि एसपीएस नेल्लोर जिले के सोमसिला जलाशय से दो लाख क्यूसेक से अधिक बाढ़ का पानी बह गया है, जिससे सैलाब आ गया. बस सेवा बाधित होने से सैकड़ों यात्री नेल्लोर आरटीसी बस स्टॉप पर फंस गए हैं

मंडपल्ली और तोगुरुपेटा गांव के लोगों ने कहा, “यह प्रशासन के घोर कुप्रबंधन के अलावा कुछ नहीं है. क्या इतनी भारी बारिश होने पर उन्हें बाढ़ के बारे में पता नहीं था? हमें आने वाले खतरे के बारे में समय पर सचेत क्यों नहीं किया गया.” ग्रामीणों ने कहा कि कुछ दरियादिल स्वयंसेवकों के अलावा उनकी मदद के लिए प्रशासन नहीं आया.

तोगुरुपेटा गांव के एक निवासी ने कहा, “हमने अपना घर, मवेशी, सामान…सब कुछ खो दिया. हमारे कुछ ग्रामीणों की मौत हुई है. हमारे पास जाने के लिए कोई जगह नहीं है.” स्थानीय देवी का मंदिर बरकरार है, जो अब असहाय ग्रामीणों के लिए एकमात्र आश्रय क्षेत्र में तब्दील हो गया है. मंडपल्ली में हृदय विदारक दृश्य सामने आया है. बाढ़ के कारण दो परिवार पूरी तरह से खत्म हो गए हैं. इसमें सात लोगों की मौत हुई है. एक अन्य परिवार ने दो लोगों को खो दिया.

कडप्पा के जिला कलेक्टर विजया राम राजू ने पीटीआई-भाषा को बताया कि इस तरह की बड़ी आपदा का मुख्य कारण बांध का टूटना है. उन्होंने कहा कि उन्हें अब भी करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना है.

Andhra Pradesh: कडप्पा जिले में अचानक आई बाढ़ से 3 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा लापता

आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में शुक्रवार को अचानक आई बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है. अचानक आई बाढ़ से अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चेयेरू छोटी नदी में अचानक बाढ़ आने से तट पर बसे कुछ गांवों में पानी भर गया.

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शिव मंदिर में पूजा कर रहे श्रद्धालुओं का एक समूह अचानक बाढ़ में फंस गया और कुछ लोग राजमपेट क्षेत्र में बाढ़ के पानी में बह गए. नन्दलुरु के पास तीन शव बरामद किए गए हैं और बाकियों की तलाश जारी है. बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण हुई भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं और इससे चित्तूर और कडप्पा में कई वर्षों की सबसे भयानक बाढ़ आई.

राष्ट्रीय आपदा मोचन दल और राज्य आपदा मोचन बल के दल बचाव एवं राहत कार्य में जुटे हैं. मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने बारिश से प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस की और उन्हें राहत एवं बचाव उपाय करने का निर्देश दिया.

बता दें कि कई दिनों से आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है. बारिश के कारण प्रशासन ने पहले ही राज्य में अलर्ट जारी किया है. वहीं, चित्तूर जिले के कलेक्टर ने सभी शिक्षा संस्थानों को 18 और 19 तारीख को बंद रखने की घोषणा की है. तिरुपति शहर में लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए मना किया गया है. सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है.

Pakistan : दुष्कर्म के मामले में मिलेगी कठोर सजा, बलात्कारियों को बनाया जाएगा नपुंसक; संसद में बिल पास

पाकिस्तान की संसद ने देश में बलात्कार की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एक सख्त विधेयक पारित किया है. गुरुवार को पाकिस्तानी संसद में जारी किए गए विधेयक में आदतन बलात्कारियों को नपुंसक बनाने का प्रावधान किया गया है. यह विधेयक रेप के मामलों की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ बलात्कार के दोषियों को कठोर सजा देगा. पाकिस्तान में पिछले कुछ समय से महिलाओं एवं बच्चियों से रेप के मामलों में बेतहाशा वृद्धि हुई है. इसके खिलाफ लोगों में गुस्सा देखने को मिल रहा है.

राष्ट्रपति आरिफ अल्वी के पाकिस्तानी मंत्रिमंडल द्वारा पारित अध्यादेश पर मुहर लगाने के लगभग एक साल बाद यह विधेयक पारित हुआ है. विधेयक में दोषी की सहमति से उसे रासायनिक तौर पर नपुंसक बनाने और त्वरित सुनवाई के लिए विशेष अदालतों के गठन का आह्वान किया गया है. पाकिस्तान के अखबार के मुताबिक आपराधिक कानून (संशोधन) विधेयक 2021 विधेयक को बुधवार को संसद के संयुक्त सत्र में 33 अन्य विधेयकों के साथ पारित कर दिया गया. एक अखबार ने बताया कि पाकिस्तान दंड संहिता, 1860 और दंड प्रक्रिया संहिता, 1898 में संशोधन करना चाहता है.

विधेयक के मुताबिक, रासायनिक तौर पर नपुंसक बनाना एक ऐसी प्रक्रिया है जिसे प्रधानमंत्री द्वारा बनाए गए नियमों द्वारा विधिवत अधिसूचित किया जाता है, जिसके तहत एक व्यक्ति को अपने जीवन की किसी भी अवधि के लिए संभोग करने में असमर्थ बना दिया जाता है, जैसा कि अदालत द्वारा दवाओं के प्रशासन के माध्यम से निर्धारित किया जा सकता है जो एक अधिसूचित चिकित्सा बोर्ड के माध्यम से किया जाएगा. जमात-ए-इस्लामी के सांसद मुश्ताक अहमद ने इस विधेयक का विरोध किया और इसे गैर-इस्लामी और शरिया के खिलाफ बताया.

उन्होंने कहा कि दुष्कर्मी को सार्वजनिक रूप से फांसी दी जानी चाहिए लेकिन शरिया में कहीं नपुंसक बनाए जाने का उल्लेख नहीं है. रासायनिक रूप से नपुंसक बनाना यौन क्रिया को कम करने के लिए दवाओं का उपयोग है.

मीडिया की खबरों के मुताबिक, दक्षिण कोरिया, पोलैंड, चेक गणराज्य और अमेरिका के कुछ राज्यों में यह सजा का कानूनी रूप है. आलोचकों का कहना है कि पाकिस्तान में यौन उत्पीड़न या बलात्कार के चार प्रतिशत से भी कम मामलों में दोषसिद्धि होती है.

Coronavirus Update : देश में कोविड-19 के 10,302 नए मामले, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटी

देश में एक दिन में कोविड-19 के 10,302 नए मामले आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,44,99,925 पर पहुंच गयी जबकि इस अवधि के दौरान उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 1,24,868 रह गयी है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 267 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,65,349 हो गयी है. पिछले 24 घंटों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,752 मामलों की कमी आयी है और यह संक्रमण के कुल मामलों का 0.36 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है. कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर 98.29 प्रतिशत है जो पिछले साल मार्च के बाद से सबसे अधिक है.

आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना वायरस के रोज आने वाले नए मामले लगातार 43वें दिन 20,000 से कम और लगातार 146वें दिन 50,000 से कम है. दैनिक संक्रमण दर 0.96 प्रतिशत दर्ज की गयी, जो पिछले 47 दिनों से दो प्रतिशत से कम है. साप्ताहिक संक्रमण दर 0.93 फीसदी दर्ज की गयी और यह पिछले 57 दिनों से दो प्रतिशत से कम है. इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,39,09,708 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.35 प्रतिशत है. अभी तक देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत 115.79 करोड़ से अधिक खुराक दी गयी है.

मंत्रालय ने बताया कि देश में जिन 267 लोगों की मौत हुई है उनमें से 204 की केरल में और 15 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई.

केरल राज्य सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में जिन 204 लोगों ने जान गंवाई है उनमें से 49 की मौत 19 नवंबर को हुई और मौत के 155 मामलों को केन्द्र तथा उच्चतम न्यायालय के नए दिशानिर्देशों के आधार पर कोविड-19 से मौत के मामलों में जोड़ा गया है.

देश में इस महामारी से अब तक 4,65,349 लोगों की मौत हुई है जिनमें से 1,40,707 की मौत महाराष्ट्र में, 38,169 की कर्नाटक, 37,051 की केरल, 36,349 की तमिलनाडु, 25,095 की दिल्ली, 22,909 की उत्तर प्रदेश और 19,364 लोगों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं.

मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है. देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी. वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे.

Covid-19: कोरोना वायरस संबंधी नए नियमों के खिलाफ नीदरलैंड में प्रदर्शन, हिंसा

नीदरलैंड में टीकाकरण नहीं करवाने वाले लोगों का प्रवेश कुछ स्थानों पर वर्जित करने की सरकार की योजना के खिलाफ रॉटरडेम में शुक्रवार रात हुए प्रदर्शन में हिंसा के बाद पुलिस को चेतावनी देने के लिए गोलियां चलानी पड़ीं, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए.

पुलिस ने ट्वीट करके बताया कि हिंसक प्रदर्शन के दौरान ‘‘गोलियां चलने से कुछ लोग घायल हुए हैं.’’ यहां दंगाईयों को मुख्य मार्ग से तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें कीं.

नीदरलैंड के प्रसारणकर्ता ‘एनओएस’ ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध एक वीडियो प्रसारित किया, जिसमें नजर आ रहा है कि रॉटरडेम में एक व्यक्ति को गोली लगी है.

पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘अभी यह स्पष्ट नहीं है कि व्यक्ति को किसने और कैसे गोली मारी.’’

पुलिस ने शुक्रवार रात को कहा कि रॉटरडेम शहर के केंद्र में अभी भी हालात अशांत हैं तथा भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है. उसने बताया कि दर्जन भर दंगाईयों को गिरफ्तार किया गया है तथा अभी और लोगों को गिरफ्तार किया जाना है.

पुलिस ने बताया कि पुलिस अधिकारियों समेत कुल सात लोग घायल हुए हैं. उसने ट्वीट करके बताया कि दंगाईयों ने आगजनी शुरू कर दी तथा अधिकारियों को शहर का मुख्य रेलवे स्टेशन बंद करना पड़ा.

सरकार ने कहा कि वह एक कानून लाना चाहती है जिसमें व्यवसाय देश की कोरोना वायरस पास प्रणाली को केवल उन लोगों तक सीमित कर सकेंगे, जिनका पूर्ण टीकाकरण हो चुका है या फिर जो लोग कोविड-19 से उबरे हैं.(Agency Input)

Uttar Pradesh : प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने की मांग की

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की कि वह लखीमपुर किसान नरसंहार मामले में पीड़ितों को न्याय दिलाएं और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करें.

प्रियंका ने मांग की कि देश भर में किसानों के खिलाफ हुए मुकदमों को वापस लिया जाए और सभी ‘‘शहीद’’ किसानों के परिवारों को आर्थिक अनुदान दिया जाए.

प्रधानमंत्री मोदी डीजीपी (पुलिस महानिदेशकों के) सम्मेलन में हिस्सा लेने यहां आए हैं. इस कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री शुक्रवार रात राज्य की राजधानी लखनऊ पहुंचे थे. इस सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी हिस्सा ले रहे हैं.

प्रियंका ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी लखनऊ आये हैं. वह पुलिस के आला अधिकारियों के सम्मेलन भाग लेंगे. मैंने उन्हें पत्र लिखा हैं. मैं आपके माध्यम से उस पत्र को देश और प्रदेश के सामने रखना चाहती हूं. ‘ उन्होंने पत्र पढ़कर मीडिया को सुनाया.

प्रियंका ने पत्र में लिखा, ‘लखीमपुर किसान नरसंहार में अन्नदाताओं के साथ हुई क्रूरता को पूरे देश ने देखा. आपको यह जानकारी भी है कि किसानों को अपनी गाड़ी से कुचलने का मुख्य आरोपी आपकी सरकार के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का बेटा है. उत्तर प्रदेश सरकार ने राजनीतिक दबाव के चलते इस मामले में शुरुआत से ही न्याय की आवाज को दबाने की कोशिश की. माननीय उच्चतम न्यायालय ने इस संदर्भ में कहा कि सरकार की मंशा देखकर लगता है कि सरकार किसी विशेष आरोपी को बचाने का प्रयास कर रही है.’

उन्होंने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा, ‘महोदय, मैं लखीमपुर के शहीद किसानों के परिजनों से मिली हूं. वे असहनीय पीड़ा में हैं. सभी परिवारों का कहना है कि वे सिर्फ अपने शहीद परिजनों के लिए न्याय चाहते हैं और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के पद पर बने रहते हुए उन्हें न्याय की कोई आस नहीं है. लखीमपुर किसान नरसंहार मामले में जांच की हालिया स्थिति उन परिवारों की आशंका को सही साबित करती है. देश की कानून व्यवस्था के लिए ज़िम्मेदार गृह मंत्री अमित शाह जी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आपके उसी मंत्री के साथ मंच साझा करते हैं.’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘आप देश के प्रधानमंत्री हैं, आप देश के किसानों के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी अच्छी तरह से समझते होंगे. हर देशवासी के लिए न्याय सुनिश्चित करना प्रधानमंत्री का कर्तव्य ही नहीं, उनका नैतिक दायित्व होता है. देशवासियों को सम्बोधित करते हुए आपने कल कहा कि किसानों के हित को देखते हुए सच्चे मन और पवित्र ह्रदय से कृषि क़ानूनों को वापस लेने का अभूतपूर्व निर्णय लिया गया है. आपने यह भी कहा कि देश के किसानों के प्रति आप नेकनीयत रखते हैं. यदि यह सत्य है तो लखीमपुर किसान नरसंहार मामले में पीड़ितों को न्याय दिलाना भी आपके लिए सर्वोपरि होना चाहिए.’

उन्होंने कहा, ‘लेकिन, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी अब भी आपके मंत्रिमंडल में अपने पद पर बने हुए हैं. यदि आप इस सम्मेलन में आरोपी के पिता के साथ मंच साझा करते हैं तो पीड़ित परिवारों को स्पष्ट संदेश जाएगा कि आप अब भी कातिलों का संरक्षण करने वालों के साथ खड़े हैं. यह किसान सत्याग्रह में शहीद 700 से अधिक किसानों का घोर अपमान होगा.

प्रियंका ने कहा, ‘‘अगर देश के किसानों के प्रति आपकी नीयत सचमुच साफ है तो आज केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के साथ मंच साझा नहीं कीजिए और उन्हें बर्खास्त कीजिए.

उन्होंने मोदी से कहा, ‘देश भर में किसानों पर हुए मुक़दमों को वापस लीजिए और सभी शहीद किसानों के परिवारों को आर्थिक अनुदान दीजिए.’

गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी में काफिले में शामिल एक एसयूवी द्वारा चार किसानों को उस वक्त कुचल दिया गया था, जब केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे एक समूह ने तीन अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की यात्रा के खिलाफ प्रदर्शन किया. गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर दो भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) कार्यकर्ताओं और एक चालक की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी और हिंसा में एक स्थानीय पत्रकार की मौत हो गई थी. इस मामले में गृह राज्य मंत्री के बेटे आशीष समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या समेत भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

COVID-19 Update: देश में 24 घंटे में आए कोरोना संक्रमण के 11271 नए मामले, 285 लोगों की मौत

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 11,271 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 3,44,37,307 हो गई. उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी घटकर 1,35,918 हो गई है जो पिछले 522 दिनों (17 महीनों) में सबसे कम है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी किए गए आंकड़ों से यह जानकारी मिली.

सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक देश में इस अवधि में 285 मरीजों की मौत होने से महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4,63,530 हो गई है. कोरोना वायरस संक्रमण के नये मामलों में दैनिक वृद्धि लगातार 37 दिनों से 20,000 से नीचे है और यह 140 दिनों से 50,000 से कम बनी हुई है.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,35,918 है जो कुल संक्रमितों की संख्या का 0.39 फीसदी है और यह मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है. कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.26 फीसदी दर्ज की गई है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे ज्यादा है.

पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 390 की कमी दर्ज की गई. दैनिक संक्रमण दर 0.90 फीसदी है. यह पिछले 41 दिनों से दो फीसदीसे नीचे है. साप्ताहिक संक्रमण दर भी 1.01 फीसदी दर्ज की गई जो पिछले 51 दिनों से दो फीसदी से कम है.

बीमारी से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 3,38,37,859 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.35 फीसदी है. देश में राष्ट्रव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 112.01 करोड़ खुराक दी जा चुकी है.