Home Blog Page 101

उत्तर प्रदेश में अब हर रविवार लगेगा साप्ताहिक लॉकडाउन, जानें- क्या रहेंगी पाबंदियां?

उत्तर प्रदेश तेज़ी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार ने हर रविवार लॉकडाउन लगाने की तैयारी कर ली है. साथ ही मास्‍क न पहनने पर पहली बार में एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.

राज्‍य सरकार ने सभी ग्रामीण और शहरी इलाकों में प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। इस दौरान आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी बाजार और दफ्तर बंद रहेंगे. केवल स्वच्छता संबंधी और आपातकालीन सेवाएं ही संचालित होंगी.

मिली जानकारी के मुताबिक़ मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि अगर किसी को पहली बार बिना मास्क पहने पकड़ा जाए तो उस पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाया जाए और अगर वह व्यक्ति दूसरी बार पकड़ा जाए तो दस गुना अधिक जुर्माना लगाया जाए.

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि कोरोना वायरस की रोकथाम से संबंधित कार्यों में पिछले वर्ष विधायक निधि बहुत उपयोगी सिद्ध हुई थी और इस वर्ष भी कोविड केयर फंड की नियमावली के अनुरूप विधायकों की अनुशंसा पर उनकी निधि का उपयोग कोविड प्रबंधन में किया जा सकता है.

उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों का पहला चरण अत्‍यंत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और जिन क्षेत्रों में माहौल बिगाड़ने की कोशिश हुई, उन क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि अन्य चरण के चुनावों के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया जा सके.

मुंबई में CEDAW पर वर्चूअल परिचर्चा का आयोजन, महिला प्राचार्यों ने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और कार्यस्थल पर उत्पीड़न और भेदभाव पर की चर्चा

संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा महिलाओं के प्रति भेदभाव (Convention on the Elimination of All Forms of Discrimination Against Women-CEDAW) को ख़त्म करने एवं महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 1971 में अपनाए गए विधेयक पर मुंबई के सेंट अर्नोल्ड नाइट डिग्री कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स (St. Arnold’s Night Degree College of Arts and Commerce), स्वामी विवेकानंद नाइट कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स (Swami Vivekanand Night College of Arts and Commerce), और बी.एम रुइया गर्ल्स कॉलेज (B.M. Ruia Girls’ College), के तत्वधान में एक वर्चूअल परिचर्चा का आयोजन किया.

इस दौरान भारतीय महिलाओं की चिंताओं और पिछले 40 वर्षों में CEDAW के लिए NAWO के योगदान, देश में महिलाओं की वर्तमान स्थिति, रोजगार के क्षेत्र और कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ हो रहा भेदभाव एवं उत्पीड़न, शादी और मातृत्व को लेकर महिलाओं के साथ हो रहा अन्याय और महिलाओं के उत्पीड़न को लेकर चर्चा हुई.

कार्यक्रम की शुरुआत सेंट अर्नोल्ड कॉलेज की प्राचार्य प्रो सुनीता शर्मा (Prof. Sunita Sharma, Principal, St. Arnold’s Night Degree College) ने की. इसके बाद बी.एम रुइया गर्ल्स कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ संतोष कौल काक (Dr. Santosh Kaul Kak) और स्वामी विवेकानंद नाइट कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स की प्रिंसिपल डॉ अनुजा एन पलसुलेदेसाई (Dr. Anuja N.Palsuledesai) ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए.

पैनल डिस्कशन का संचालन टीआईएसएस और एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय (TISS & SNDTWU) की पूर्व प्रोफ़ेसर विभूति पटेल ने किया. जब कि सम्मानित वक्ताओं में पैनल डिस्कशन के प्रख्यात वक्ताओं में पंजाब विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट कम सेंटर फॉर वुमन स्टडीज एंड डेवलपमेंट के प्रोफेसर प्रोफेसर पाम राजपूत भारतीय संस्कृति संस्थान के निदेशक डॉ एस.एम माइकल और महिला शक्ति कनेक्ट की निदेशक गायत्री शर्मा भी शामिल थी. पैनलिस्टों का परिचय प्रो सुनीता शर्मा, डॉ नूरुजिया काजी और डॉ सुमंत औताडे ने किया.

इस दौरान प्रतिभागियों से डॉ अनीता जैकब ने प्रश्न एवं उत्तर सत्र का संचालन किया,जबकि कार्यक्रम का समापन डॉ सुमंत औताडे ने धन्यवाद ज्ञापन से किया.

Haridwar Mahakumbh 2021 : महानिर्वाणी अखाड़े से जुड़े महामंडलेश्वर कपिल देव का कोरोना से निधन, शाही स्नान में शामिल होने आए थे हरिद्वार

देहरादून के एक निजी अस्पताल में मध्य प्रदेश के महानिर्वाणी अखाड़े से जुड़े महामंडलेश्वर कपिल देव का निधन हो गया. उन्हें Covid-19 के उपचार के लिए भर्ती किया गया था. देहरादून की शहर पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल ने बताया कि महामंडलेश्वर का 13 अप्रैल को निधन हो गया.

हरिद्वार के मुख्य चिकित्सा अधिकारी शम्भू कुमार झा ने बताया कि महामंडलेश्वर मध्य प्रदेश से महाकुंभ मेले में शाही स्नान करने के लिए हरिद्वार आए थे और इसी दौरान तबीयत बिगड़ने पर उन्हें देहरादून के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

इस बीच श्री निरंजनी अखाड़ा ने कुंभ मेले की समाप्ति का एलान कर दिया है. अखाड़े ने 17 अप्रैल को मेले को खत्म करने का एलान कर दिया है. अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पुरी ने बताया कि सभी संत 17 तारीख तक सभी छावनियां खाली कर देंगे. उन्होंने बताया कि, 27 अप्रैल को होने वाले स्नान के लिये फैसला बाद में लिया जाएगा. हरिद्वार में चल रहे कुंभ में कोरोना संक्रमण अपनी दस्तक दे चुका है. यहां साधू-संत के अलावा ब़ड़ी संख्या में तीर्थयात्री भी चपेट में आ चुके हैं. 

बिहार : जीजा के प्यार में पागल हुई साली ने करवा दी अपने ही पति की हत्या, फिर ऐसे हुआ खुलासा

बिहार के पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहाँ जीजा के प्यार में पागल साली ने अपने ही पति की हत्या करवा दी. पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि तीन दिन पहले पूर्णिया के कालीगंज से स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों ने साईकिल दुकानदार मोहम्मद बाबुल को अगवा कर लिया और धमदाहा थाना क्षेत्र में उसकी गला दबाकर हत्या कर शव को फेंक दिया.

पुलिस को मामले की जांच के दौरान इन लोगों पर शक हुआ, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया. मुफस्सिल थाना के प्रभारी आदित्य कुमार झा ने बताया, “साईकिल मिस्त्री मोहम्मद बाबुल की पत्नी नवगछिया तुलसीपुर के रहने वाले अपने जीजा मोहम्म्द चांद से प्यार करती है. मृतक की पत्नी ने जीजा के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से अपने पति की हत्या करवाई.”

घटना में शामिल चांद को पुलिस नवगछिया स्थित उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. बताया, “आरोपी चांद गाड़ी चलाने का काम करता था. घटना के दिन वह बाबुल को गाड़ी में बैठाकर धमदाहा की तरफ लेकर गया और वहीं कुछ लोगों के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे फेंक दिया. इस दौरान वह मृतक की पत्नी से फोन पर लगातार संपर्क में था.”

सूत्रों के अनुसार, इन दोनों में पहले से ही प्रेम संबंध था, जिसको लेकर गांव में पंचायत भी बैठी थी. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का केंद्र से अनुरोध, Covid-19 को माना जाए प्राकृतिक आपदा

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Maharashtra Chief Minister Uddhav) ने केंद्र सरकार को एक पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि वह Covid-19 को प्राकृतिक आपदा माने, जिससे सरकार राज्य प्राकृतिक आपदा कोष (State Disaster Response Fund-SDRF) का उपयोग प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता देने में करे.

एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन अधिनियम का गठन केंद्रीय आपदा प्रबंधन कानून के हिस्से के तौर पर किया गया था, इसलिये महामारी प्रभावित लोगों की मदद के लिये एसडीआरएफ के उपयोग को लेकर राज्य को केंद्र सरकार की मंजूरी की आवश्यकता है.

ग़ौरतलब है कि बाढ़, आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं, भारी बारिश के जहां जान-माल का नुकसान हुआ हो, प्राकृतिक आपदा की श्रेणी में आते हैं और प्रभावित लोगों को आर्थिक मुआवजा उपलब्ध कराया जाता है.

अधिकारी ने कहा, “मुख्यमंत्री ऐसे ही उद्देश्यों के लिये एसडीआरएफ का इस्तेमाल करना चाहते हैं क्योंकि कोरोना वायरस महामारी के कारण प्रदेश में हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है.हमें इसके लिये कानूनी प्रावधान की जरूरत है, इसलिये प्रदेश सरकार ने केंद्र को पत्र लिखा है.”

प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि बुधवार को महाराष्ट्र में Covid-19 के 58952 नए मामले सामने आए हैं जिससे संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 35,78,160 पहुंच गई जबकि 278 और मरीजों के महामारी से जान गंवाने के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 58,804 हो गया है.

Wisden Almanack : विराट कोहली बीते दशक के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर, तेंदुलकर और कपिल को भी सम्मान

भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohali) को विजडन अलमैनाक (Wisden Almanack) ने 2010 वाले दशक का सर्वश्रेष्ठ एक दिवसीय क्रिकेट चुना है जबकि इंग्लैंड के हरफनमौला बेन स्टोक्स (Ben Stokes) को लगातार दूसरे साल ‘ वर्ष का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर ’ (Cricketer of the Year) चुना गया .

विराट कोहली ने अगस्त 2008 में श्रीलंका के खिलाफ एक दिवसीय क्रिकेट में पदार्पण किया था .सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार कोहली ने 254 वनडे में 12169 रन बनाये हैं.

विजडन ने कहा ,‘‘ पहले एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच की 50वीं सालगिरह पर हर दशक से पांच वनडे क्रिकेटरों को चुना गया है.’’

इसने अपनी वेबसाइट पर कहा ,‘‘ 1971 से 2021 के बीच हर दशक के लिये एक सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया है. कोहली को 2010 वाले दशक के लिये चुना गया.’’

विश्व कप 2011 विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे कोहली ने दस साल में 11000 से ज्यादा रन बनाये हैं जिसमें 42 शतक शामिल हैं.

सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) को नब्बे के दशक का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया. तेंदुलकर ने 1998 में नौ वनडे शतक जमाये थे. भारत के विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव (Kapil Dev) को अस्सी के दशक का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया. कपिल की कप्तानी में भारत ने 1983 विश्व कप जीता था. उन्होंने उस दशक में सर्वाधिक विकेट लिये और सबसे अधिक स्ट्राइक रेट से एक हजार से अधिक रन बनाये.

स्टोक्स को लगातार दूसरे साल वर्ष का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया. उन्होंने बीते साल 58 मैचों में 641 टेस्ट रन बनाये जबकि 19 विकेट लिये.

आस्ट्रेलिया की बेथ मूनी को सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर और वेस्टइंडीज के कीरोन पोलार्ड 9Kieron Pollard ) को सर्वश्रेष्ठ टी20 क्रिकेटर चुना गया.

Maharashtra Curfew Guidelines : महाराष्ट्र सरकार ने Covid -19 पर काबू पाने के लिए लगाई ‘लॉकडाउन’ जैसी सख्तपाबंदियां, एक मई सुबह सात बजे तक रहेंगी लागू. पाबंदियां लागू

महाराष्ट्र सरकार द्वारा Covid-19 संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए और बढ़ते मामलों पर काबू पाने के लिए ‘लॉकडाउन जैसी’ पाबंदियां आज रात आठ बजे से एक मई को सुबह सात बजे तक लागू रहेंगी. हालाँकि इनमें आवश्यक सेवाओं को छूट होगी.

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार रात सोशल मीडिया के माध्यम से राज्य की जनता को अपने संबोधन में घोषणा की थी कि लोगों की आवाजाही और गैर-आवश्यक सेवाओं पर रोक लगायी जाएगी.

ठाकरे ने कहा था कि इस अवधि में दंड प्रक्रिया संहिता (CRPC) की धारा 144 लागू रहेगी जिसके तहत पांच या इससे अधिक लोग एक जमा नहीं हो सकते। हालांकि उन्होंने नयी पाबंदियों को ‘लॉकडाउन’ का नाम नहीं दिया.

आवश्यक सेवाओं को अनुमति होगी लेकिन एक मई तक प्रदेश में धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक समारोहों पर पूरी तरह रोक रहेगी.

Uttar Pradesh Panchayat Election: पहले चरण के तहत 18 जिलों में कल होगा मतदान, 3 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों की क़िस्मत दांव पर

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को 18 जिलों में मतदान होना है. चार चरणों में होने वाले चुनाव के पहले चरण में अयोध्या, आगरा, कानपुर, गाजियाबाद, गोरखपुर, जौनपुर, झांसी, प्रयागराज, बरेली, भदोही, महोबा, रामपुर, रायबरेली, श्रावस्ती, संत कबीर नगर, सहारनपुर, हरदोई और हाथरस जिलों में मतदान होगा.

राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा. जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 2.21 लाख से अधिक पदों के लिए 3.33 लाख से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं.

पहले चरण में जिला पंचायत सदस्य के 779 पदों के लिए 11,442 प्रत्याशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 19,313 पदों के लिए 81,747 उम्मीदवार, ग्राम प्रधान के 14,789 पदों के लिए 1,14,142 प्रत्याशी और ग्राम पंचायत वार्ड सदस्यों के 1,86,583 पदों के लिए 1,26,613 उम्मीदवार मैदान में हैं.

अपर निर्वाचन आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा ने बताया कि मतदान Covid-19 संबंधित कड़े प्रोटोकॉल के बीच होगा. इस दौरान मतदाताओं को मास्क लगाना और सामाजिक दूरी बनाए रखना अनिवार्य होगा. आयोग ने मतदान केंद्रों के बाहर छह-छह फीट की दूरी पर घेरे बनाने का आदेश जारी किया है. उन्होंने बताया कि आगामी दो मई को मतगणना के दौरान भी Covid-19 प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर पीपीई किट की भी व्यवस्था की जाएगी.

पाकिस्तान सरकार का बड़ा फैसला, खून-खराबे के बाद कट्टर इस्लामिक दल ‘तहरीक-ए-लब्बैक’ पर लगाया बैन

पाकिस्तान ने एक कट्टर इस्लामी पार्टी के समर्थकों की लगातार तीसरे दिन कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साथ झड़प के बाद बुधवार को आतंकवाद अधिनियम के तहत उस पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय किया. इन झड़पों के दौरान 7 लोगों की मौत हो चुकी है और 300 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.

गृह मंत्री शेख राशिद ने पत्रकारों से कहा कि तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) को 1997 के आतंकवाद रोधी अधिनियम के नियम 11-बी के तहत प्रतिबंधित किया जा रहा है. उन्होंने कहा, ‘मैंने टीएलपी पर प्रतिबंध लगाने के लिये पंजाब सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.’

अहमद ने कहा कि बीते दो दिन में प्रदर्शनकारियों के साथ झड़पों में कम से कम दो पुलिस अधिकारियों की मौत हो चुकी है और 340 से अधिक घायल हुए हैं. मीडिया में आईं खबरों में बताया गया है कि दो प्रदर्शनकारियों की भी मौत हुई है.

पार्टी समर्थकों ने पैगंबर मोहम्मद का कार्टून प्रकाशित करने के लिये फ्रांस के राजदूत को निष्कासित करने के वास्ते इमरान खान सरकार को 20 अप्रैल तक का समय दिया था, किंतु उससे पहले ही पुलिस ने सोमवार को पार्टी के प्रमुख साद हुसैन रिज्वी को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद टीएलपी ने देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

2018 के आम चुनाव में 25 लाख वोट हासिल करने वाली टीएलपी ने साद रिज्वी की गिरफ्तारी के बाद देशभर में सड़कों को बंद कर दिया. साद रिजवी खादिम हुसैन रिज्वी का बेटा है, जिनकी कुछ महीने पहले मौत हो चुकी है. मंत्री ने यह भी कहा कि सभी सड़कों को खाली करा लिया गया है और प्रमुख शहरों के मुख्य चौराहों से प्रदर्शनकारियों को हटाया जा चुका है.

पंजाब सरकार के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी ‘पीटीआई’ को बताया वाघा सीमा के जरिये सोमवार को लाहौर पहुंचे 800 से अधिक भारतीय सिखों ने रावलपिंडी के गुरुद्वारा पंज साहिब हसनअबदाल में वैशाखी मनाई और बुधवार सुबह अपने गंतव्य पहुंच गए. उन्होंने कहा कि मंगलवार दोपहर भारतीय सिख पुलिस और रेंजर्स के साथ 25 बसों में लाहौर के गुरुद्वारा पंज साहिब हसनअबदाल के लिये रवाना हुए.

अधिकारी ने कहा, ‘टीएलपी के प्रदर्शन के दौरान सड़कें बंद होने के कारण सिख यात्री 14 घंटे के सफर के बाद बुधवार सुबह चार बजे के बाद हसनअबदाल पहुंचे, जहां पहुंचने में अमूमन तीन घंटे लगते हैं.’ कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने देशभर में टीएलपी के 2 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने का दावा किया है. इनमें से अधिकतर को पंजाब से गिरफ्तार किया गया.

दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ सरकार ने पिछले साल नवंबर में फ्रांसीसी राजदूत को निष्कासित करने पर सहमति जताते हुए एक समझौते पर हस्ताक्षर किये थे. टीएलपी ने पिछले साल नवंबर में कार्टून के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया था. हालांकि फरवरी तक राजदूत को निष्कासित करने का आश्वासन दिये जाने के बाद मामला शांत हो गया था और समझौते को 20 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया.

सरकार ने टीएलपी के खिलाफ कार्रवाई की मांगों को लेकर संसद में एक विधेयक लाने का वादा किया था. टीएलपी 2017 में चर्चा में आया था जब उसने इस्लामाबाद के निकट फैसलाबाद चौराहे पर तीन सप्ताह तक विशाल विरोध प्रदर्शन किया था. तत्कालीन सरकार द्वारा कानून मंत्री को हटाए जाने के बाद टीएलपी ने शहर से लॉकडाउन हटाया था.

CM योगी आदित्यनाथ भी हुए कोरोना पॉजिटिव, ट्वीट कर दी जानकारी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. सीएम योगी ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने कोविड की जांच कराई और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. मैं सेल्फ आइसोलेशन में हूं और चिकित्सकों के परामर्श का पूर्णतः पालन कर रहा हूं. सभी कार्य वर्चुअली संपादित कर रहा हूं.

योगी ने ट्विटर पर आगे लिखा, प्रदेश सरकार की सभी गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं. इस बीच जो लोग भी मेरे संपर्क में आएं हैं वह अपनी जांच अवश्य करा लें और एहतियात बरतें.

समाजवादी पार्टी के मुखिया व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी कोरोना संक्रमित हो गये हैं. उन्होंने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी है. अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुये कहा कि, मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. मैंने खुद को आईसोलेट कर लिया है और घर पर ही उपचार हो रहा है.

उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए सात जिलों के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में ओपीडी सेवाएं बंद करने का निर्णय लिया गया है. अत्यंत जरूरी सर्जरी को छोड़कर शेष सभी प्रकार के ऑपरेशन टालने के निर्देश दिए गए हैं. असाध्य रोगियों की समस्याओं को ध्यान में रखकर सरकार ने ऐसे रोगियों के इलाज की सुविधा पहले की तरह ही जारी रखने के निर्देश दिए हैं.