Home Blog Page 102

मुस्लिम महिलाओं को भी रिवर्स तलाक का अधिकार, केरल हाईकोर्ट ने ठहराया वैध

केरल हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला देते हुए अदालत के बाहर मुस्लिम महिला की ओर से पति को दिए जाने वाले एकतरफा तलाक को कानूनन वैध ठहराया है. इस तरह के तलाक को खुला तलाक भी कहते हैं. केरल हाईकोर्ट के जस्टिस ए मुहम्‍मद मुस्‍ताक और जस्टिस सीएस डायस की बेंच ने खुला तलाक को मुस्लिम पुरुषों की ओर से दिए जाने वाले तलाक के बराबर बताया है. इसके साथ ही 1972 के एक फैसले को सुनाया जिसमें मुस्लिम महिला को ऐसे अधिकार न देने की मांग की गई थी.

साल 1972 के एक फैसले में एक एकल पीठ ने बोला था कि अदालत के बाहर एक मुस्लिम महिला अपने पति को तलाक नहीं दे सकती है. जबकि मुस्लिम पुरुषों को इसके जरिए पत्‍नी को तलाक देने की अनुमति है. कोर्ट ने कहा था कि महिलाओं को तलाक के लिए डिसॉल्‍यूशन ऑफ मुस्लिम मैरिजेज एक्‍ट 1939 के अंतर्गत कोर्ट का रुख करना आवश्यक है.

पीठ ने कई अपील पर विचार करने के बाद कहा कि डीएमएमए केवल फास्‍ख को आधिकारिक करता है. जो कि पत्नी के उदाहरण पर तलाक होता है जिसमें एक अदालत बताए गए कारण की वैधता के आधार पर निर्णय लेती है. अदालत ने कहा कि इसके अतिरिक्त न्यायिक तलाक के अन्य बहुत से तरीके (जैसे तल्ख-ए-तफ़विज़, ख़ुला, और मुबारत) मुस्लिम महिलाओं के लिए उपलब्ध हैं, जैसा कि शरीयत अधिनियम की धारा 2 में बताया गया है.

बता दें कि संविधान और अंतरराष्ट्रीय समझौतों की मूल भावनाओं को ध्यान में रखते हुए देश के सभी नागरिकों के लिए ‘तलाक के सामान आधार’ रखने का अनुरोध वाली याचिका के खिलाफ ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने भी सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी है.

बोर्ड ने वकील अश्विनी कुमार उपाध्याय द्वारा दायर याचिका का विरोध किया है. उपाध्याय ने अपनी अर्जी में तलाक के लिए समान आधार तय करने का अनुरोध करते हुए कहा है कि संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 21 और 44 पर पर्सनल लॉ खरा नहीं उतरता है.

सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा रद्द, 12वीं की परीक्षा स्थगित

केंद्र सरकार ने देश भर में कोविड-19 महामारी के बढ़ते मामलों के मद्देनजर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं की परीक्षा रद्द कर दी है जबकि 12वीं की परीक्षा स्थगित करने का फैसला किया है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय शिक्षा सचिव तथा अन्य शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी में बुधवार को हुई एक बैठक में यह फैसला लिया गया.

बैठक के बाद एक बयान जारी कर परीक्षाओं के संबंध में लिए गए निर्णयों की जानकारी साझा की गई.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित कई नेताओं ने कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते खतरों के मद्देनजर सीबीएसई परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की थी.

Maharashtra Curfew Guidelines : महाराष्ट्र में कल रात 8 बजे से अगले 15 दिनों तक कर्फ्यू, जानिए क्या रहेगा बंद क्या-क्या खुला रहेगा?

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़ते जा रहे हैं. ऐसे में राज्य में बढ़ते संक्रमण पर क़ाबू पाने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पूरे प्रदेश में कल से 15 दिनों के लिए धारा 144 लागू करने का ऐलान किया है. 

सीएम उद्धव ठाकरे ने ऐलान किया है कि महाराष्ट्र में कल रात 8 बजे से सख्त पाबंदियां लागू होंगी. कल से ब्रेक द चेन अभियान शुरू होगा. महाराष्ट्र में जरुरी सेवाएं छोड़कर सभी सेवाओं पर रोक लगा दी गई है.

सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि15 दिन तक केवल जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी. बिना जरूरत कहीं भी आना-जाना बंद रहेगा. पूरे राज्य में धारा 144 लागू रहेगी. बेवजह घर से निकलने पर बैन रहेगा. लोकल और अन्य बसें चलती रहेंगी. ऑटो-टैक्सी की सेवाएं भी जारी रहेंगी. बैंक के कामकाज जारी रहेंगे.

महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने ऐलान किया कि 12 लाख मजदूरों को 1500-1500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. इसके अलावा आदिवासियों को भी 2000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. 

आपको बता दें कि इससे पहले, महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू और वीकेंड लॉकडाउन के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने संकेत दिया था कि राज्य सरकार संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए 12 अप्रैल से 15 दिनों का लॉकडाउन लगा सकती है. 

वहीं दूसरी तरफ़ Covid-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार ने 10 वीं और 12 वीं की बोर्ड परीक्षाएं टालने का फैसला किया है. 

Covid-19 : Mumbai में सोमवार को 62 निजी अस्पतालों में फिर शुरू होगा टीकाकरण

मुंबई नगर निकाय द्वारा Covid-19 रोधी टीके की नई खेप उपलब्ध कराए जाने के बाद शहर में 12 अप्रैल से टीकाकरण विनिर्दिष्ट 71 निजी अस्पतालों में से 62 में टीकाकरण फिर से शुरू होगा. निगम आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने रविवार को यह जानकारी दी.

मुंबई में नगर निकाय और सरकार द्वारा संचालित 49 संस्थान टीकाकरण केंद्र के तौर पर काम कर रहे हैं जबकि 71 निजी अस्पतालों में भी कोविड-19 रोधी टीका लगवाने की सुविधा है.

मुंबई में प्रतिदिन करीब 40 से 50 हजार लोगों को कोविड रोधी टीके लगाए जाएंगे. शहर में 71 निजी अस्पतालों के टीकाकरण केंद्रों में टीके की कमी के कारण 10 और 11 अप्रैल को टीके नहीं लगाए गये. नगर निकाय व सरकारी अस्पतालों में टीकाकरण जारी था.

बृहन्मुंबई महानगर पालिका ने एक बयान में कहा, “बीएमसी को नौ अप्रैल को टीके की 99 हजार खुराक मिलीं जबकि 10 अप्रैल को 1,34,970 खुराक प्राप्त हुईं. बीते दो दिनों में बीएमसी को कुल 2,33,970 खुराक प्राप्त हुई. नगर निकाय ने कुछ स्टॉक निजी अस्पतालों में वितरित किया है. 12 अप्रैल से 71 में से 62 निजी अस्पतालों में टीकाकरण शुरू हो जाएगा.”

उत्तर प्रदेश : 24 घंटे में सामने आए कोरोना के 12,787 नए केस, 48 मरीजों की हुई मौत

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 12,787 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस अवधि के दौरान 48 लोगों की मौत हो गई. राज्य सरकार की ओर से शनिवार को जारी बयान के अनुसार मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने राजधानी लखनऊ में संक्रमण के मामलों में उछाल को देखते हुए पुलिस आयुक्त, लखनऊ को निर्देश दिया है कि धर्म स्थलों में पांच से अधिक लोगों को एक साथ प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए.

मुख्‍यमंत्री ने ये भी निर्देश दिया है कि बाजारों में व्यापारियों से संवाद बनाकर उनका सहयोग लेते हुए सुरक्षित दूरी का पालन कराया जाए. प्रदेश में 14 अप्रैल से नवरात्र जबकि 13 अप्रैल से रमजान का महीना शुरू होने की उम्मीद है. इन पर्वों को देखते हुए मुख्यमंत्री के इस फैसले को बहुत ही महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

अपर मुख्‍य सचिव, स्‍वास्‍थ्‍य, अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 12,787 नए मामले सामने आने के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6,76,739 हो गई है. उन्होंने बताया कि महामारी से और 48 लोगों की मौत के बाद कुल मृतक संख्या बढ़ कर 9,085 पहुंच गई. प्रसाद के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में 2207 मरीजों को उपचार के बाद अस्पतालों से घर भेज दिया गया और अब तक कुल 6,08,853 संक्रमितों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है.

Coronavirus Updates: देश भर में 24 घंटों में आए कोरोना के 1.68 लाख नए केस, 904 लोगों की मौत

स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में एक लाख 68 हजार नए कोरोना केस आए और 904 लोगों की जान चली गई है. हालांकि 75 हजार से ज्यादा लोग इस संक्रमण से ठीक हुए हैं. रविवार को कोरोना संक्रमण का रोजाना मामला 1 करोड़ 35 लाख के पार कर गया है. 

इससे पहले रविवार को 24 घंटों में कोरोना के 1 लाख 53 हजार से भी ज्यादा नए मामले सामने आए थे. शनिवार को कोरोना के कारण 839 लोगों की मौत भी हो गई थी. हालांकि, 90,584 लोग कोरोना से ठीक भी हुए थे. इससे पहले शुक्रवार को 145,384 नए केस सामने आए थे.

क्या धूप में ज्यादा देर रहने वालों को कोरोना से मौत का खतरा कम है? जानिए क्या कहती है ‘ब्रिटिश जर्नल ऑफ डर्माटोलोजी’ की रिसर्च रिपोर्ट

एक अध्ययन में कहा गया है कि ज्यादा देर तक सूरज की रोशनी में रहने खासकर अल्ट्रावायलेट किरण के संपर्क में आने का जुड़ाव कोविड-19 से कम मौतों के साथ है. ब्रिटेन में एडिनबर्ग विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं के मुताबिक अगर आगे शोध में मृत्यु दर में कमी से जुड़ाव का पता चलता है, तो सूरज की रोशनी के संपर्क में ज्यादा देर रहने से सामान्य लोक स्वास्थ्य में मदद मिल सकती है.

‘ब्रिटिश जर्नल ऑफ डर्माटोलोजी’ में प्रकाशित अध्ययन में अमेरिकी महाद्वीप में जनवरी से अप्रैल 2020 के बीच हुई मौतों के साथ उस अवधि में 2474 काउंटी में अल्ट्रावायलेट स्तर की तुलना की गई.

टीम ने पाया कि अल्ट्रावायलेट किरण के उच्च स्तर वाले इलाके में रहने वाले लोगों के बीच कोविड-19 से कम मौतें हुईं. शोधकर्ताओं के मुताबिक इंग्लैंड और इटली में भी इसी तरह के अध्ययन किए गए. शोधकर्ताओं ने उम्र, समुदाय, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, जनसंख्या घनत्व, वायु प्रदूषण, तापमान और स्थानीय इलाके में संक्रमण के स्तर को ध्यान में रखते हुए वायरस से संक्रमित होने और मौत के खतरे का विश्लेषण किया.

शोधकर्ताओं का कहना है कि सूरज की रोशनी में ज्यादा समय तक रहने से त्वचा नाइट्रिक ऑक्साइड को बाहर निकाल देती है. इससे वायरस के आगे बढ़ने की क्षमता संभवत: घट जाती है.

Covid-19 बिहार में कोरोना के चलते स्कूल रहेंगे 18 अप्रैल तक बंद, दुकानों पर भी शाम 7 बजे के बाद रहेगी पाबंदी

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को संपन्न कोविड-19 से संबंधित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. इस दौरान कोरोना वायरस संक्रमण में वृद्धि के मद्देनजर शैक्षणिक संस्थानों को 18 अप्रैल तक तथा दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को 30 अप्रैल तक शाम सात बजे के बाद बंद रखने का निर्णय लिया गया.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना संक्रमण का फैलाव राज्य में बढ़ने लगा है, संक्रमितों की संख्या भी बढ़ रही है और इसे ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सचेत और सक्रिय रहे. उन्होंने कहा कि कोरोना जांच की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ टीकाकरण में और तेजी लायें. उन्होंने कहा कि कोविड निर्दिष्ट अस्पतालों में सारी तैयारी रखें और आवश्यकतानुसार अनुमंडल स्तर पर पृथक-वास केंद्र की व्यवस्था तैयार रखें.

उन्होंने कहा कि गुरुवार को प्रधानमंत्री के साथ कोविड-19 को लेकर सभी राज्य के मुख्यमंत्री के साथ बैठक हुई थी जिसमें कई बातों की चर्चा हुई थी. प्रधानमंत्री ने 11 अप्रैल से 14 अप्रैल तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाने की बात कही है. मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि विशेष टीकाकरण अभियान के दौरान राज्य में प्रतिदिन 4 लाख टीका लगाने का लक्ष्य रखें. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राज्यपाल के स्तर पर सर्वदलीय बैठक की भी बात कही है. हम लोग इस संबंध में राज्यपाल महोदय से संपर्क कर जल्द से जल्द सर्वदलीय बैठक आयोजित करने का आग्रह करेंगे.

मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण के फैलाव को देखते हुए आपदा प्रबंधन समूह सभी स्कूल कॉलेज एवं कोचिंग संस्थान 18 अप्रैल तक बंद रखें. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर सरकारी एवं निजी कार्यक्रमों पर रोक लगाएं ताकि संक्रमण का खतरा कम से कम हो. उन्होंने कहा कि लोगों को कोरोना के प्रति सतर्क और सजग करते रहना होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक रूप से घुमने एवं एकत्रित होने पर कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है जिसको ध्यान में रखते हुए 30 अप्रैल तक शाम सात बजे के बाद दुकानों और प्रतिष्ठानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है. चार दिन बाद पुनः कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार फैसला लिया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाहर से आने वाले सभी लोगों की टेस्टिंग होगी और रिपोर्ट पॉजिटिव होने पर उनके उपचार की पूरी तैयारी की गयी है. यदि रिपोर्ट निगेटिव आती है तो भी उन्हें कुछ दिनों तक घर में ही रहने की सलाह दी जाएगी. उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल से 14 अप्रैल के बीच विशेष टीकाकरण अभियान चलाकर 45 वर्ष और उससे ऊपर के लोगों को टीका दिया जाएगा. इस टीकाकरण अभियान में चार लाख लोगों का टीकाकरण किया जाएगा. इसके अलावा पूरे बिहार में लोगों को प्रेरित कर टीकाकरण का काम तेजी से किया जाएगा.

गृह विभाग के विशेष शाखा द्वारा जारी उक्त आदेश में कहा गया है कि सभी सिनेमा हॉल बैठने की निर्धारित क्षमता के 50 प्रतिशत का उपयोग करेंगे . सभी पार्कों एवं उद्यानों में मास्क का उपयोग तथा कोविड बचाव के अनुकूल व्यवहार करना अनिवार्य होगा. सभी धार्मिक स्थल आमजनों के लिए बंद रहेंगे. आदेश में कहा गया है सरकारी कार्यालयों में उप सचिव या समकक्ष तथा उनसे वरीय अधिकारी शत.प्रतिशत एवं उनसे कनीय अधीनस्थ अधिकारी, कर्मचारी प्रतिदिन बारी.बारी से 33 प्रतिशत उपस्थित रहेंगे. आवश्यक सेवाओं यथा पुलिस, फायरब्रिगेड, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, दूरसंचार, डाक इत्यादि से संबंधित विभागों पर ये शर्तें लागू नहीं होंगी. सरकारी कार्यालयों में सामान्य आगंतुकों के प्रवेश पर रोक रहेगी.

Antilia Case: NIA ने पूर्व पुलिस अधिकारी प्रदीप शर्मा से की 9 घंटे से ज़्यादा देर तक पूछताछ

मुंबई में मुकेश अंबानी के घर के बाहर एक वाहन में विस्फोटक सामग्री मिलने और कारोबारी मनसुख हिरन की हत्या के मामले में पूर्व पुलिस अधिकारी प्रदीप शर्मा गुरुवार को दूसरे दिन एनआईए के समक्ष पेश हुए.

‘मुठभेड़ विशेषज्ञ’ कहे जाने वाले शर्मा को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया था. इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि शर्मा दोपहर लगभग एक बजे दक्षिण मुंबई स्थित एनआईए कार्यालय पहुंचे.

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘शर्मा से नौ घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की गयी. वह रात सवा दस बजे एनआईए कार्यालय से चले गए.’’ सूत्रों ने बताया कि शर्मा का निलंबित पुलिस अधिकारी सचिन वाजे और दो अन्य लोगों से आमना-सामना कराए जाने की संभावना है जिन्हें मामले की जांच के सिलसिले में एनआईए ने पूर्व में गिरफ्तार किया था.

शर्मा को मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह का उस समय विश्वस्त अधिकारी माना जाता था जब वह ठाणे पुलिस के प्रमुख थे. स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने से पहले शर्मा ने ठाणे अपराध शाखा के वसूली रोधी प्रकोष्ठ में काम किया था. शर्मा ने 2019 में पालघर जिले की नाला सोपारा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे.

कोविड-रोधी टीके की कमी गंभीर समस्या, सभी राज्यों की बिना पक्षपात मदद करे केंद्र: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते संकट के बीच टीके की कमी होना बहुत गंभीर समस्या है और केंद्र सरकार को पक्षपात किए बिना सभी राज्यों की मदद करनी चाहिए.

उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब महाराष्ट्र और कुछ अन्य राज्यों में कोविड-रोधी टीके की कमी होने की खबरें आई हैं.

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘बढ़ते कोरोना संकट में टीके की कमी एक अतिगंभीर समस्या है, ‘उत्सव’ नहीं है। अपने देशवासियों को ख़तरे में डाल कर वैक्सीन का निर्यात करना क्या सही है?’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार सभी राज्यों की, बिना पक्षपात के मदद करे. हम सबको मिल कर इस महामारी को हराना होगा.’’

उल्लेखनीय है कि एक दिन में कोविड-19 के 1,31,968 नए मामले सामने आने के बाद शुक्रवार को देश में संक्रमितों की कुल संख्या 1,30,60,542 हो गई. वहीं, 780 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,67,642 हो गई है.