Home Blog Page 103

Coronavirus Updates : देश में Covid-19 के एक दिन में 1,31,968 नए मामले

भारत में एक दिन में Covid-19 के 1,31,968 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 1,30,60,542 हो गई.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार की सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, वायरस से 780 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,67,642 हो गई. 18 अक्टूबर के बाद सामने आए मौत के ये सबसे अधिक मामले हैं.

आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार 30 दिनों से नए मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और इसके साथ ही उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़कर 9,79,608 हो गई, जो कुल मामलों का 7.5 प्रतिशत है.

देश में 12 फरवरी को सबसे कम 1,35,926 उपचाराधीन मरीज थे. यह संख्या उस समय के कुल मामलों का 1.25 प्रतिशत थी.

आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक 1,19,13,292 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं. हालांकि मरीजों के ठीक होने की दर में गिरावट आई है और अब वह 91.22 प्रतिशत है. वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.28 प्रतिशत है.

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी.

वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख रहे और 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार चले गए थे.

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में अभी तक 25,40,41,584 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई. इनमें से 13,64,205 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को की गई थी.

आंकडों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में वायरस से जिन 780 लोगों की मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 376 लोग, छत्तीसगढ़ के 94 लोग , पंजाब के 56 लोग, उत्तर प्रदेश के 39 लोग, कर्नाटक के 36 लोग, गुजरात के 35 लोग, मध्य प्रदेश के 27 लोग, दिल्ली के 24 लोग , तमिलनाडु के 19 लोग, केरल के 18 लोग और हरियाणा के 11 लोग थे.

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में वायरस से अभी तक कुल 1,67,642 लोगों की वायरस से मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 57,028 लोग , तमिलनाडु के 12,840 लोग, कर्नाटक के 12,767 लोग, दिल्ली के 11,157 लोग, पश्चिम बंगाल के 10,370 लोग, उत्तर प्रदेश के 9,003 लोग, पंजाब के 7,334 लोग और आंध्र प्रदेश के 7,268 लोग थे.

गृहमंत्री अनिल देशमुख का आखिरकार इस्तीफा, अब कई चेहरे होंगे बेनकाब – सांसद मनोज कोटक

महाराष्ट्र में राजनीतिक घमासान मचा हुआ है, एक तरफ़ राज्य सरकार कोरोना को लेकर हलकान है तो वहीं दूसरी तरफ़ विपक्ष में बैठी बीजेपी अनिल देशमुख को लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर हमलावर है.

इस बीच बीजेपी सांसद मनोज कोटक ने कहा है कि “अपनी कुर्सी बचाने के प्रयास में रहे गृहमंत्री अनिल देशमुख ने मुंबई उच्च न्यायालय द्वारा अपने खिलाफ वसुली के आरोप के मामले मे सीबीआई की जांच करने के निर्देश देते ही अपने पद से इस्तीफा दिया है. दर असल नैतिकता के आधार पर उन्होने पहले ही इस्तीफा देना चाहिए था.

मनोज कोटक का यह भी कहना है कि अब 100 करोड रुपये उगाई प्रकरण,उद्योगपति मुकेश अंबानी के निवास के पास बरामद विस्फोटक, मनसुख हिरेन हत्या मामला और पुलिस अधिकारीयों के तबादले में भ्रष्टाचार ऐसे कईं प्रकरण बाहर आयेंगे , और अब सीबीआई जाँच से पर्दे के पीछे ऐसे कई चेहरे है जो बेनकाब होंगे.”

Kerala Assembly Elections 2021 : केरल में 140 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू

केरल में एक चरण में हो रहे विधानसभा चुनाव में 140 सीटों के लिए मतदान कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हो गया.

पलक्कड़ विधानसभा सीट से भाजपा नीत राजग के उम्मीदवार ‘मेट्रोमैन’ ई श्रीधरन राज्य में पहले वोट करने वाले मतदाताओं में शामिल थे.

उन्होंने पोन्नानी में एक मतदान केंद्र पर मताधिकार का इस्तेमाल करने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने वोट कर दिया हे और मुझे बेहतर उम्मीद है.’’ कई मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू होने से काफी समय पहले से ही लोगों की लंबी कतारें देखी गयीं.

केरल में सत्तारूढ़ माकपा के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ), विपक्षी कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने चुनाव को लेकर जमकर प्रचार किया.

राज्य के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, उनकी कैबिनेट के सात सहयोगी, विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीतला और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी समेत 957 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं.

राज्य में 40,771 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच और कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए मतदान हो रहा है. करीब 2.74 करोड़ मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे.

चुनाव आयोग के अनुसार कुल मतदाताओं में 1,32,83,724 पुरूष और 1,41,62,025 महिलाएं हैं और 290 ट्रांसजेंडर हैं.

चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों ने बताया कि 2,02,402 मतदान कर्मी यह सुनिश्चित करेंगे कि चुनाव सुचारू हों और उसके 97 प्रतिशत से अधिक अधिकारियों का टीकाकरण हो गया है.

सोनभद्र के बिजलीघर में हुए हादसे में 13 मजदूर घायल,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जांच के आदेश दिए

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक निजी कंपनी के बिजलीघर में रविवार तड़के हुई एक दुर्घटना में 13 श्रमिक घायल हो गए.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में इस घटना का संज्ञान लेते हुए ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव को इसकी जांच के आदेश दिए हैं.

सोनभद्र के अनपरा क्षेत्र में लैंको कंपनी के बिजलीघर के प्रबंधक एस. के. द्विवेदी द्वारा पुलिस को दी गई सूचना के मुताबिक परियोजना की द्वितीय इकाई के अनुरक्षण कार्य के तहत कुछ मजदूर तड़के करीब 2:45 बजे बॉयलर पर काम कर रहे थे कि तभी अचानक भाड़ा (सीढ़ी) गिर जाने से 13 मजदूर घायल हो गए.

उन्होंने बताया कि आठ मजदूरों को परियोजना परिषद स्थित अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि पांच अन्य मजदूरों को गंभीर हालत में जयंत क्षेत्र स्थित नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

इस बीच, सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव को इसकी जांच के आदेश दिए हैं.

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि जांच कर इस घटना की जिम्मेदारी तय करते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए.

सहगल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन को घायलों का समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं.

RSS का सामना मिलकर करेंगे, तीनों कृषि कानून कानून वापस कराके दम लेंगे: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसान नेता राकेश टिकैत के वाहन पर कथित तौर पर हुए हमले की पृष्ठभूमि में शनिवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) हमला करना सिखाता है.

उन्होंने यह भी कहा कि सब मिलकर संघ का सामना करेंगे और तीनों ‘कृषि विरोधी कानूनों’ को वापस कराके दम लेंगे.

कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ‘‘उनका संघ हमला करना सिखाता है, अहिंसक सत्याग्रह किसान को निडर बनाता है. संघ का सामना संग मिलकर करेंगे- तीनों कृषि व देश विरोधी क़ानून वापस कराके ही दम लेंगे!’’

गौरतलब है कि किसान नेता राकेश टिकैत की गाड़ियों के काफिले पर शुक्रवार को राजस्थान के अलवर जिले में कुछ लोगों ने कथित रूप से पत्थर फेंके. घटना में किसी को चोट तो नहीं लगी, लेकिन टिकैत की कार का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया.

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस ‘हमले’ की निंदा करते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

कम उम्र के बच्चो मे कोरोना के बढ़ रहे मामले चिंता का विषय, राज्य सरकार इस संबंध में अलग दिशानिर्देश जारी करे – सांसद मनोज कोटक

महाराष्ट्र (मुंबई ) कोरोना का तेजी से हो रहा प्रसार चिंता का विषय है, क्योंकि कोरोना के दूसरी लहर के प्रभाव के चलते पहले की अपेक्षा बच्चे इसके ज्यादा चपेट मे आ रहे हैं, महाराष्ट्र सरकार इस संदर्भ मे अलग दिशा-निर्देश जारी करें, ऐसी मांग उत्तर पुर्व मुंबई के सांसद मनोज कोटक ने की है.

साथ ही उन्होंने पेरेंट्स से अपील की है कि तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामले और बच्चों में बढ़ रहे असर को लेकर वे सतर्क रहें.

राज्य में मार्च महीने में लगभग 55,000 से ज्यादा बच्चे- युवा (20 वर्ष तक ) कोरोना संक्रमित पाए गए है. इनमें 0 से 10 साल के 15,500 बच्चे और 11 से 20 साल के 40,000 छोटे (बच्चे-युवा) शामिल थे.

मेडिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट के अनुसार, मार्च महीने मे राज्य के तकरीबन 6 लाख से ज्यादा कोरोना संक्रमित मे से बच्चो और 20 साल तक युवाओं की संख्या मिलाकर लगभग 55,000 से ज्यादा है.

मार्च में कुल कोरोना संक्रमितो मे से में 21 से 30 वर्ष की आयु के 17 प्रतिशत मरीज, 31 से 40 वर्ष की आयु के 22 प्रतिशत मरीज, 41 से 50 वर्ष की आयु के मरीज 18 प्रतिशत है.

इस साल, जनवरी में 0-10 आयु के 2000, फरवरी में 2700 और मार्च में 15,500 यानी मरीजों की संख्या बढ़ी है. 10-20 वर्ष की आयु वर्ग में, यह संख्या जनवरी मे -5300, फरवरी मे -8000 और मार्च मे 40,000 है.

पिछले साल, 0-10 आयु वर्ग में 87,000 बच्चे और 10-20 आयु वर्ग में 1.82 लाख बच्चे कोरोना की चपेट में आए थे. राहत वाली बात यह है कि इस कैटेगरी मे पिछले साल की अपेक्षा इस साल कम मौत हुई है.

ममता सरकार ‘तोलाबाजी, तानाशाही, तुष्टिकरण’ के थ्री टी मॉडल पर चलती है : अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर शुक्रवार को जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार ‘तोलाबाजी’, ‘तानाशाही’ और ‘तुष्टिकरण’ के थ्री टी मॉडल पर चलती है.

शाह ने भरोसा जताया कि नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी परास्त होंगी. पूर्बी मेदिनीपुर जिले की इस सीट पर ममता का मुकाबला अपने पूर्व सहयोगी एवं भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी से है.

सीमा पार से होने वाली घुसपैठ को उत्तर बंगाल क्षेत्र के लिए सबसे बड़ी समस्या बताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने वादा किया कि अगर राज्य में भाजपा सत्ता में आती है तो वह पड़ोसी बांग्लादेश से अवैध आव्रजन को पूरी तरह रोकेगी.

शाह ने दावा किया कि उत्तर बंगाल क्षेत्र के साथ तृणमूल सरकार ने अन्याय किया है. उन्होंने यह भी वादा किया कि उत्तर बंगाल के विकास के लिए भाजपा हर साल 2,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी और क्षेत्र में लोगों की चिकित्सीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए एम्स की स्थापना करेगी.

भारत-बांग्लादेश सीमा के पास स्थित कूचबिहार जिले के सीतलकूची में चुनावी रैली में शाह ने कहा, “सीमा-पार से होने वाली घुसपैठ उत्तर बंगाल की सबसे बड़ी समस्या है। टीएमसी सरकार इसे कभी नहीं रोकेगी, केवल हम इसे रोक सकते हैं.”

उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी राज्य की सरकार को थ्री टी – ‘तोलाबाजी’, ‘तानाशाही’ और ‘तुष्टिकरण’ के मॉडल पर चलाती हैं.”

विशाल जनादेश के साथ राज्य में सत्ता में आने का भरोसा जताते हुए शाह ने कहा, “हम चुनाव के पहले दो चरणों (27 मार्च और एक अप्रैल को हुए चुनावों में) में जीत रहे हैं. ममता दीदी नंदीग्राम में हार रही हैं.”

कूचबिहार जिले की सीटों पर चौथे चरण में 10 अप्रैल को मतदान होगा. राज्य में आठ चरणों में चुनाव संपन्न होंगे. 294 सदस्यीय विधानसभा की सभी सीटों के परिणाम दो मई को घोषित किए जाएंगे.

द्र्रमुक और कांग्रेस के नेता महिलाओं का अपमान करते रहते हैं : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को द्रमुक और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके नेता ‘‘महिलाओं का अपमान करते रहते हैं’’. साथ ही उन्होंने रेखांकित किया कि राजग की योजनाओं का लक्ष्य महिलाओं का सशक्तिकरण है.

यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने लोगों से छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में सहयोगी पार्टी अन्नाद्रमुक समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में वोट करने की अपील की. उन्होंने कहा कि दिवगंत मुख्यमंत्री दिवंगत एम जी रामचंद्रन का समावेशी विकास एवं समृद्ध समाज का दृष्टिकोण हमें ‘‘प्रेरित’’ करता है.

द्रमुक और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उनके पास बात करने के लिए कोई एजेंडा नहीं है और आरोप लगाया कि साथ चुनाव लड़ रहीं दोनो पार्टियां लोगों की सुरक्षा और मान-सम्मान तक की गारंटी नहीं देंगी और उनके शासन में कानून व्यवस्था ‘‘बिगड़’’ जाएगी.

उन्होंने परोक्ष रूप से द्रमुक के प्रथम परिवार में दो भाइयों एम के स्टालिन और एम के अलागिरी के बीच विवाद का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इससे पूर्व पार्टी ने पारिवारिक मुद्दों के चलते शांतिप्रिय मदुरै को ‘‘माफिया के गढ़’’ में बदलने का प्रयास किया.

मोदी ने स्थानीय देवी मीनाक्षी अम्मन और उनके लोकप्रिय नामों कन्नागी, रानी मंगम्मल और वेलु नाचियार का उल्लेख करते हुए कहा कि मदुरै ‘नारी शक्ति’ के सशक्तिकरण की सीख देता है.

उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना समेत राजग की कई योजनाएं महिलाओं के सशक्तिकरण पर केंद्रित है. उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘द्रमुक और कांग्रेस इन मूल्यों को नहीं समझते. इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि उनके नेता महिलाओं का बार-बार अपमान करते हैं.’’

द्रमुक नेता ए राजा इससे पहले एक चुनावी रैली में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी की मां के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी कर विवाद में घिर चुके हैं, जिसकी काफी आलोचना हुई.

सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने बृहस्पतिवार को 48 घंटे के लिए राजा के चुनाव प्रचार करने पर रोक लगा दी और उनकी पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची से उनका नाम हटा दिया.

HDFC बैंक ने फिक्स्ड डिपॉजिट पर बढ़ाई ब्याज दरें, जाने कितना होगा फायदा

प्राईवेट सेक्टर के दूसरे सबसे बड़े बैंक ने अपने ग्राहकों को बड़ा तोहफ़ा देते हुए फिक्स्ड डिपॉजिट पर ब्याज दरें बढ़ा दी हैं. बैंक ने 29 महीनों के बाद फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है. नई ब्याज दरें 30 मार्च से प्रभावी हो गयी हैं.

आपको बता दें कि अक्टूबर 2018 के बाद बैंक ने ब्याज दरों में इजाफे का फैसला किया है. इसने 33 से 99 महीनों में मैच्योर होने वाली एफडी पर 10 से 25 बेसिस पॉइंट्स (0.10 फीसदी से 0.25 फीसदी) के बीच ब्याज दरें बढ़ाई हैं. इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा.

जानिए ब्याज दरों में कितनी हुई बढ़ोत्तरी

  1. 33 महीने की परिपक्वता अवधि वाले 2 करोड़ रुपए तक के मियादी जमा पर सालाना ब्याज दर 6.20 फीसदी होगी.
  2. 66 महीने के लिये मियादी जमा पर 6.60 फीसदी ब्याज मिलेगा.
  3. 99 महीने की मियादी जमा पर ब्याज दर को 6.65 फीसदी रखा गया है.
  4. इसी समय के लिए सीनियर सीटिजन को एफडी पर आम से 0.25 फीसदी अधिक ब्याज मिलेगा.

अब जॉब चेंज करने पर प्रॉविडेंट फ़ंड की तरह ग्रेच्युटी भी होगी ट्रांसफर, जानें पूरा प्रॉसेस

अगर आप प्राईवेट सेक्टर में काम करते हैं तो आपके लिए अच्छी ख़बर है. क्योंकि जल्द ही निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को प्रॉविडेंट फ़ंड की तरफ़ ग्रेच्युटी ट्रांसफर करने का भी ऑप्शन मिलेगा. ग्रेच्युटी पोर्टेबिलिटी पर सहमति बनने के बाद नौकरी बदलने पर पीएफ की तरह ग्रेच्युटी भी ट्रांसफर होगी.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस सरकार इस फैसले पर जल्द ही नोटिफिकेशन जारी कर सकती है. श्रम मंत्रालय यूनियन और इंडस्ट्री की मीटिंग में ग्रेच्युटी को सीटीसी का हिस्सा बनाने के प्रस्ताव पर बातचीत हुई है. यह प्रावधान समाजिक सुरक्षा अधिनियम में शामिल किया जाएगा. हालांकि, इसपर काम के दिनों को बढ़ाने पर इंडस्ट्री ने सहमति नहीं जताई है. इंडस्ट्री ग्रेच्युटी के लिए 15 से 30 दिन के वर्किंग डे के प्रस्ताव पर सहमत नहीं है.

आपको बता दें कि किसी भी कंपनी में 5 साल या उससे अधिक काम करने पर पेमेंट ऑफ ग्रेच्युटी एक्ट 1972 के तहत कंपनी को अपने कर्मचारी को ग्रेच्युटी का भुगतान करना होता है.