Home Blog Page 105

Maharashtra : पिछले 24 घंटे में दर्ज हुए कोरोना के 27,918 नये मामले, 139 की मौत

देश में कोरोनावायरस के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं. तो वहीं महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 27,918 नये मामले सामने आए.

राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में किसी एक दिन में सर्वाधिक मामले दो दिन पहले सामने आये थे, जब 40,414 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी. नये मामलों की संख्या में कमी संभवत: कम संख्या में जांच किये जाने के चलते आई है. मंगलवार को 1,29,876 नमूनों की जांच की गई, जबकि एक दिन पहले 1,36,848 नमूनों की जांच की गई थी.

विभाग ने बताया कि संक्रमण से और 139 मरीजों की मौत होने के साथ ही राज्य में महामारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़ कर 54,422 पहुंच गई. विभाग ने बताया कि मंगलवार को मुंबई में 4,760 नये मामले सामने आए, जबकि और 10 मरीजों की मौत हो गई.

महाराष्ट्र में आज कुल 23,820 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. इस तरह, इस रोग से उबरने वालों की संख्या राज्य में बढ़ कर 23,77,127 हो गई है. महाराष्ट्र में अभी 3,40,542 संक्रमितों का इलाज जारी है. विभाग ने कहा कि 139 मौतों में 72 मरीजों की मौत पिछले 48 घंटों में हुई है, जबकि 45 मरीजों की मौत पिछले सप्ताह हुई थी. शेष 22 मरीजों की मौत पिछले सप्ताह से पहले हुई थी.

एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मुंबई के पड़ोसी ठाणे शहर में 926 नये मामले, कल्याण डोम्बीवली नगर निगम क्षेत्र में 943 नये मामले सामने आए हैं. पुणे शहर और पड़ोसी पिंपरी चिंचवड में क्रमश: 3,287 और 1,785 नये मामले सामने आए हैं. इसके अलावा पुणे शहर में 1210 मामले सामने आए, जिससे ग्रामीण इलाकों में संक्रमण तेजी से फैलने का संकेत मिलता है.

नासिक शहर में 1723 और नासिक जिले में 729 मामले, औरंगाबाद में 1020 और नांदेड़ में 683 नये मामले सामने आए. नागपुर शहर में एक लंबे अंतराल के बाद 766 और नागपुर जिले में (शहर को छोड़ कर) 442 नये मामले सामने आए.

West Bengal Assembly Election-2021: नंदीग्राम में मतदान वाले दिन केंद्रीय बलों की 22 कंपनियां होंगी तैनात- चुनाव आयोग

पश्चिम बंगाल में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिये प्रदेश के नंदीग्राम में मतदान के लिये केंद्रीय बलों की 22 कंपनियां तैनात की जाएंगी. चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. प्रदेश के नंदीग्राम विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी के शुभेंदू अधिकारी चुनाव मैदान में हैं.

शुभेंदू अधिकारी, ममता बनर्जी के पूर्व सहयोगी रह चुके हैं जो विधानसभा चुनाव के ऐलान से पहले भाजपा में शामिल हो गये थे. इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 355 मतदान केंद्र हैं और उनमें से 75 प्रतिशत में वेबकास्टिंग की सुविधा होगी.

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया चुनाव आयोग ने नंदीग्राम में एक अप्रैल को मतदान वाले दिन 22 कर्मियों वाले त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को तैनात करने का फैसला किया है. उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने अधिकारियों की एक टीम भी गठित की है जो मतदान के दिन नंदीग्राम में कार्यवाही की निगरानी करेगी.

अधिकारी ने कहा, ”हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि नंदीग्राम में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान हो.” उन्होंने कहा, ”नंदीग्राम में हम केंद्रीय बलों की 22 कंपनियों को तैनात करेंगे. उनके साथ ही क्यूआरटी के 22 कर्मी होंगे जो किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार होंगे.”

केंद्रीय बलों की एक कंपनी में 100 कर्मी होते हैं. अधिकारी ने कहा कि कोलकाता में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की एक विशेष टीम नंदीग्राम में स्थिति की निगरानी करेगी. उन्होंने कहा, ”वे वहां के सभी मतदान केंद्रों में वेबकास्टिंग पर नजर रखेंगे.”

महाराष्ट्र: NCP प्रमुख शरद पवार की देर रात हुई एंडोस्कोपी सर्जरी, हालात स्थिर

NCP प्रमुख शरद पवार की यहां एक अस्पताल में मंगलवार रात को एंडोस्कोपी की गई. परिवार के एक सदस्य ने बताया कि ‘‘डॉक्टरों ने पवार की एंडोस्कोपी की है. वे उनका ऑपरेशन करने को लेकर जल्द ही फैसला करेंगे. हम और सूचना का इंतजार कर रहे हैं.

रविवार को पेट में दर्द की शिकायत के बाद पवार को जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया और जांच रिपोर्ट में पता चला कि उनके गॉल ब्लॉडर में समस्या है. NCP नेता नवाब मलिक ने बताया कि पवार को उनके पूर्व निर्धारित ऑपरेशन से एक दिन पहले, मंगलवार को पेट में दर्द की शिकायत की वजह से एक अस्पताल में भर्ती कराया गया.

मलिक ने ट्वीट किया था, ‘‘हमारे पार्टी अध्यक्ष शरद पवार कल (रविवार) शाम से पेट में दर्द से परेशान थे, इसलिए उन्हें जांच के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया. जांच रिपोर्ट में पता चला कि उनके गॉल ब्लॉडर में समस्या है.’’

मंत्री ने कहा था, ‘‘वह खून पतला करने की दवाइयां लेते हैं, जिन्हें इस समस्या का पता चलने के बाद बंद कर दिया गया है. उन्हें 31 मार्च, 2021 को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा जिसके बाद उनकी एंडोस्कोपी और सर्जरी होगी. इसलिए, अगली सूचना तक उनके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाते हैं.’’ NCP नेता और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों से बात की है और चिंता की कोई बात नहीं है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुदुचेरी में करेंगे रैली, 6 अप्रैल को राज्य में होगी वोटिंग

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पुडुचेरी में छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में राजग के प्रति समर्थन जुटाने के लिये मंगलवार को यहां चुनावी रैली को संबोधित करेंगे. भारतीय जनता पार्टी के सूत्रों ने इसकी जानकारी दी.

सूत्रों ने बताया कि मोदी की 25 फरवरी के बाद राजग उम्मीदवारों के पक्ष में पुडुचेरी में दूसरी रैली होगी. बीजेपी सूत्रों ने कहा कि, प्रधानमंत्री यहां एएफटी थिडल में रैली को संबोधित करेंगे. पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेतृत्व करने वाली पार्टी एआईएनआरसी विधानसभा की कुल 30 में से 16 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि बीजेपी नौ और अन्नाद्रमुक पांच सीटों पर किस्मत आजमा रही है.

एआईएनआरसी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एन रंगासामी दो सीटों तत्तनचावड़ी और यनम से चुनाव लड़ रहे हैं. पुडुचेरी में एक चरण में छह अप्रैल को मतदान होना है.

पुडुचेरी चुनाव: कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र, मुफ्त करोना वैक्सीन से लेकर गृहणियों को 1000 रुपये प्रति माह का किया वादा

पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में सभी का मुफ्त टीकाकरण करने, ‘नीट’ व नयी शिक्षा नीति को रद्द करने, गृहणियों के लिए प्रतिमाह 1000 रूपये की सहायता देने, मिलों को फिर से खोलने, शहीदों के परिजन की पेंशन में वृद्धि करने जैसे कई वादे किये हैं.

पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली ने रविवार को यहां पार्टी का घोषणापत्र जारी किया. इसमें Covid-19 के मुफ्त टीकाकरण का वादा किया गया है, जिसका खर्च सरकार उठायेगी.

घोषणापत्र के अनुसार प्रत्येक परिवार में एक गृहणी को 1000 रूपये प्रति माह की सहायता दी जाएगी तथा मेडिकल कॉलेज दाखिले से संबंधित ‘नीट’ परीक्षा की व्यवस्था और नयी शिक्षा नीति को रद्द करने के लिए कदम उठाये जाएंगे.

पार्टी ने कराईकल में कृषि विश्वविद्यालय व केद्रशासित प्रदेश में एक विधि विश्वविद्यालय स्थापित करन का वादा किया है. घोषणापत्र में कहा गया है कि पिछड़ा वर्ग निगम एवं पुडुचेरी आदि द्रविड़ विकास निगम के माध्यम से ऋण लेने वालों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा.

घोषणापत्र के मुताबिक नगर निकाय चुनाव तत्काल कराये जायेंगे. पार्टी ने पुडुचेरी विश्वविद्यालय में हर पाठ्यक्रम में 25 सीटें केंद्रशासित प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित करने सहित कई अन्य वादे किये हैं. केंद्रशासित प्रदेश में छह अप्रैल को विधानसभा चुनाव होना है.

पाकिस्तान : रावलपिंडी में सौ साल पुराने मंदिर पर हमला, मंदिर में चल रह था निर्माण कार्य

पाकिस्तान के रावलपिंडी शहर में 100 साल से भी अधिक पुराने एक हिंदू मंदिर पर अज्ञात लोगों के एक समूह ने हमला किया है. पुलिस को मिली शिकायत में यह बात कही गई है. इस मंदिर के नवीनीकरण का काम चल रहा है.

शिकायत के अनुसार शहर के पुराना किला इलाके में शनिवार शाम साढ़े सात बजे 10 से 15 लोगों के समूह ने मंदिर पर हमला किया और ऊपरी मंजिल के मुख्य द्वार तथा एक अन्य दरवाजे के साथ-साथ सीढ़ियां भी तोड़ दीं.

‘डॉन’ समाचार पत्र की खबर के अनुसार इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) उत्तरी जोन के सुरक्षा अधिकारी सैयद रजा अब्बास जैदी ने रावलपिंडी के बन्नी थाने में शिकायत दी, जिसमें बताया गया है कि पिछले एक महीने से मंदिर के निर्माण और नवीनीकरण का काम चल रहा है. उन्होंने कहा कि मंदिर के सामने कुछ अतिक्रमण किया गया था, जिसे 24 मार्च को हटा दिया गया. मंदिर में धार्मिक गतिविधियां शुरू नहीं हुई हैं और न ही वहां पूजा के लिये कोई मूर्ति रखी गई है.

जैदी ने मंदिर और उसकी पवित्रता को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

इससे पहले, अतिक्रमण करने वालों ने मंदिर के आसपास दुकानें और पटरियां बनाकर काफी लंबे समय से कब्जा कर रखा था. जिला प्रशासन ने पुलिस की मदद से हाल ही में सभी तरह का अतिक्रमण हटा दिया. मंदिर को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने के बाद नवीनीकरण का काम शुरू हुआ था.

इस बीच, मंदिर के प्रशासक ओम प्रकाश ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सूचना मिलते ही रावलपिंडी के पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और हालात काबू में किया. ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार प्रकाश ने कहा कि पुलिस मंदिर के साथ-साथ उनके घर के बाहर भी तैनात है. हालांकि उन्होंने कहा कि मंदिर में होली का जश्न नहीं मनाया जाएगा.

थिसारा परेरा ने एक ओवर में जड़े छह छक्के, बने पहले श्रीलंकाई क्रिकेटर

आल राउंडर थिसारा परेरा यहां एक घरेलू टूर्नामेंट के दौरान किसी भी तरह के पेशेवर क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के जड़ने वाले पहले श्रीलंकाई खिलाड़ी बन गये. परेरा ने यह उपलब्धि रविवार को यहां पनागोडा में सैन्य मैदान में चल रहे मेजर क्लब्स लिमिटेड ओवर लिस्ट ए टूर्नामेंट में हासिल की. वह ब्लूमफील्ड क्रिकेट एवं एथलेटिक क्लब के खिलाफ मैच में श्रीलंकाई आर्मी की कप्तानी कर रहे थे. उन्होंने 13 गेंद में नाबाद 52 रन बनाये.

परेरा ने पारी में आठ छक्के जड़े थे और यह पारी किसी श्रीलंकाई का लिस्ट ए में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक भी है. पूर्व श्रीलंकाई आल राउंडर कौशल्या वीररत्ने ने 2005 में 12 गेंद में अर्धशतक जड़ा था.

परेरा इस तरह पेशेवर क्रिकेट में यह उपलब्धि अपने नाम करने वाले नौंवे क्रिकेटर बन गये. उनसे पहले गारफील्ड सोबर्स, रवि शास्त्री, हर्शल गिब्स, युवराज सिंह, रॉस वाइटले, हजरतुल्लाह जजई, लियो कार्टर और हाल में कीरोन पोलार्ड ऐसा कर चुके हैं.

परेरा ने श्रीलंका के लिये छह टेस्ट, 166 वनडे और 64 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं.

Suez Canal chaos : स्वेज नहर में फंसे मालवाहक पोत के निकलने के बाद खुला जलमार्ग

स्वेज नहर में लगभग एक सप्ताह से फंसे विशालकाय मालवाहक पोत को अंततः सोमवार को निकाल लिया गया जिसके बाद विश्व के सबसे अहम जलमार्गों में से एक पर आया संकट समाप्त हो गया. पोत के फंसे होने से समुद्री परिवहन में प्रतिदिन अरबों डॉलर का नुकसान हो रहा था.

रेतीले किनारे पर अटके ‘एवर गिवेन’ नामक पोत को निकालने में कई ‘टगबोट’ का इस्तेमाल किया गया जहां वह 23 मार्च से फंसा हुआ था.

पोत को निकालने के लिए ‘बोस्कालिस’ कंपनी की सहायता ली गई.

कंपनी के सीईओ पीटर बरडोस्की ने कहा, “हमने उसे निकाल लिया. मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे विशेषज्ञों के दल ने स्वेज नहर प्राधिकरण के सहयोग से एवर गिवेन को सफलतापूर्वक जल के बीच में दोबारा लाने में कामयाबी हासिल की है। इसके बाद स्वेज नहर में आवागमन बहाल हो गया.”

स्वेज नहर प्राधिकरण के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल ओसामा रबेई ने कहा कि नहर में स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे आवागमन बहाल हुआ. उन्होंने कहा कि सबसे पहले पशुओं को ढोने वाले पोतों को जाने दिया गया. स्वेज शहर के तट पर फंसे कंटेनर लदे पोतों को लाल सागर में जाते देखा गया.

रबेई ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मंगलवार सुबह तक 420 में से 113 पोतों को निकाल दिया जाएगा जो एवर गिवेन के फंसने के कारण रुके थे. विश्लेषकों का मानना है कि रुके हुए सभी पोतों को निकालने में 10 दिन का समय लग सकता है.

Happy Holi 2021: बिग बी, अक्षय कुमार, प्रियंका चोपड़ा, ऋतिक रोशन, शिल्पा शेट्टी, माधुरी दीक्षित ने इस अंदाज़ में फैंस को दी होली की शुभकामनाएं

देश भर में Covid -19 के सख्त प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए रंगो का त्योहार होली धूम धाम से मनाई जा रही है. ऐसे में बॉलीवुड हस्तियों ने अपने-अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए फैंस को होली की शुभकामनाएं दीं हैं.

अमिताभ बच्चन ने अपनी ही फिल्म का एक गाना कोट करते हुए, अपनी फैमिली की तस्वीर को अपने चाहने वालों के बीच शेयर किया है.

फ़िल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने एक गाने को कोट करते हुए फैंस के होली की बधाई दी. उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ”डू मी अ फेवर, लेट्स प्ले होली! अपनी और अपने करीबियों की सेहत और सलामती के लिए घर पर रह कर ही होली खेलें. सभी को होली की शुभकामनाएं.”

तापसी पन्नू ने ट्वीट करते हुए लिखा कि “होली की बहुत बहुत शुभकामनाएँ! अपनी ज़िंदगी में रंगो की कमी कभी ना होने दीजिए.”

प्रियंका चोपड़ा ने मां में सिंदूर लगा कर पति और फैमिली की तस्वीर को फैंस के बीच शेयर किया है. उन्होंने होली को अपना पसंदीदा त्योहार बताया और फैंस को होली की शुभकामनाएं दी। 

कंगना रनौत ने फैंस को होली शुभकामनाएं देते हुए ट्विटर पर लिखा, ”होली के दिन दिल खिल जाते हैं रंगों में रंग मिल जाते हैं..”

ऋतिक रोशन ने वीडियो शेयर कर अपने फैंस को होली की शुभकामनाएं दी है.

बॉलीवुड की धक धक गर्ल माधुरी दीक्षित ने अपने पति के साथ अपनी एक तस्वीर को फैंस के बीच शेयर होली की बधाई दी है.

शिल्पा शेट्टी ने अपनी तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर शेयर कर फैंस को बधाई संदेश दिया है.

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में मस्जिद का खंभा गिरा, दो बच्चों की मौत

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक मस्जिद का एक खंभा गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि रविवार रात को शब ए बारात के अवसर पर 10 से 12 साल की उम्र के बच्चे मोमिन नगर स्थित मस्जिद में गए थे.

पुलिस ने कहा कि खुर्शीद (12) और मतलूब (12) को अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया जबकि समीर (10) की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एक अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया गया. मस्जिद में जब लोग नमाज पढ़ रहे थे तब खंभा गिरने की घटना हुई.