Home Blog Page 106

महाराष्ट्र: रिसॉर्ट पर छापेमारी, Covid-19 नियमों के उल्लंघन पर 47 लोगों को हिरासत में लिया गया

महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने एक रिसॉर्ट पर छापेमारी कर कथित रूप से Covid-19 नियमों के उल्लंघन के लिये 47 लोगों को हिरासत में ले लिया.

बोइसर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि अलेवाडी इलाके में स्थित रिसॉर्ट में रविवार रात की गई छापेमारी के दौरान पुलिस तथा जिला प्रशासन की टीमों ने रात्रि कर्फ्यू और अन्य दिशा-निर्देशों का उल्लंघन होता पाया.

उन्होंने कहा कि पुलिस ने रिसॉर्ट के कर्मियों तथा ग्राहकों समेत 47 लोगों को भारतीय दंड संहिता और महामारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत हिरासत में ले लिया.

राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कोविड-19 मामलों में वृद्धि के मद्देनजर अधिकारियों को दंड संहिता प्रक्रिया की धारा 144 लागू करने का शुक्रवार को आदेश दिया था. इसके तहत राज्य में 28 मार्च से रात के समय पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह जमा होने पर पाबंदी है.

मुख्यमंत्री ने आगाह किया था कि अगर लोगों ने कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि पालघर में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 49,283 मामले सामने आए चुके हैं. 1,221 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हो चुकी है.

Covid-19 : देश में 24 घंटे में मिले 68,020 नए संक्रमित मरीज, 291 की मौत

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 68,020 नए मामले सामने आए जो कि इस साल प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों की सर्वाधिक संख्या है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों में बताया गया कि इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1.20 करोड़ से अधिक हो गए हैं. आंकड़ों के अनुसार लगातार 19वें दिन संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी गई.

वर्तमान में देश में कोविड-19 के 5,21,808 मरीज उपचाराधीन हैं जो कि कुल मामलों का 4.33 प्रतिशत है. मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, मरीजों के ठीक होने दर घटकर 94.32 प्रतिशत रह गई है.

सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में संक्रमण के 68,020 मामले सामने आए जो कि पिछले साल 11 अक्टूबर से लेकर अब तक की अवधि में प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों की सर्वाधिक संख्या है.

Bhojpuri Holi Song 2021: यूट्यूब पर धूम मचा रहा है दिनेश लाल यादव निरहुआ का गाना ‘भौजियन से पाला पड़े’

होली के मौके पर दिनेश लाल यादव निरहुआ का एक होली गीत भौजियन से पाला पड़े यूट्यूब पर धूम मचा रहा है.

टीसीरीज के भोजपुरी यूट्यूब चैनल हमार भोजपुरी पर 16 मार्च को रिलीज हुए इस गाने को अब तक 16 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. इस होली सॉंग में निरहुआ के साथ आकांक्षा दुबे और आशीष वर्मा नजर आ रहे हैं.

गाने में निरहुआ और आकांक्षा दुबे के बीच की केमेस्ट्री फैंस काफी पसंद कर रहे हैं. इस गाने को लिखा है विमल बावरा और राना सिंह. तो वहीं, गाने का म्यूजिक महिपाल भारद्वाज ने दिया है.

चचेरे भाई से की शादी, तो परिजनों ने जीते जी ही कर दिया लड़की का अंतिम संस्कार

झारखंड से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहाँ एक युवती के चचेरे भाई के साथ शादी करने पर हड़कंप मच गया. तो वहीं युवती के इस क़दम के नाराज़ परिजनों ने भी युवती के जीते जी ही प्रतिकरात्मक रूप से उसका अंतिम संस्कार कर दिया.

घटना धनगड़ा गांव की है, जहां खरिका गांव में रहने वाली एक युवती ने अपने ही चचेरे भाई से शादी कर ली. जिससे गुस्साए परिजनों ने पहले तो उसका पुतला बनाकर शवयात्रा निकाली और फिर श्मशान घाट में ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया.

जहाँ एक तरफ़ परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी ने इज्जत मिट्टी में मिला दी है. वहीं दूसरी तरफ़ गांववालों और स्थानीयों लोगों का मानना है कि इन दोनों के द्वारा लिए गए निर्णय से समाज पर बुरा असर पड़ेगा.

अखिलेश यादव ने बेटियों संग किया रोडवेज बस से सफर, बोले- 2022 में यूपी रोडवेज़ में चलवाएंगे वर्ल्ड क्लास बस

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को सैफई जाते वक्त आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर यूपी रोडवेज़ की बस से यात्रा की. इस दौरान उनके साथ दोनों बेटियां भी बस में थीं. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि वर्ष 2022 में आकर हम यूपी रोडवेज में हर जगह वर्ल्ड क्लास बस चलवाएंगे.

उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘होली पर घर जाते हुए एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बस में यात्रा की. जितनी अच्छी सड़क बनाई, उतनी ही अच्छी बसों पर जनता का पूरा हक है, यही सोचकर हमने दुनिया की सबसे अच्छी बसें चलाने का निर्णय लिया था. वर्ष 2022 में आकर हम यूपी रोडवेज में हर जगह वर्ल्ड क्लास बस चलवाएंगे.

नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार, परिजनों ने पीड़िता और आरोपी को रस्सी से बांधकर निकाला जुलूस

मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के एक गांव में 16 वर्षीय एक लड़की के साथ 21 वर्षीय एक व्यक्ति ने रविवार को कथित तौर पर बलात्कार किया और इसका पता लगने पर बाद में पीड़िता के परिजनों ने किशोरी और आरोपी दोनों को रस्सी से बांधकर पीटते हुए गांव में जुलूस निकाला और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया.

इस मामले में दुष्कर्म के आरोपी सहित सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.घटना अलीराजपुर जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर जोबट थाना इलाके के एक गांव की है.

इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर दो मामले दर्ज किए गये हैं. पहला मामला बलात्कार करने वाले आरोपी के खिलाफ दर्ज किया गया है, जबकि दूसरा मामला पीड़िता के परिजनों एवं रिश्तेदारों के विरूद्ध किया गया है.

अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) दिलीप सिंह बिलवाल ने बताया कि जोबट थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता ने थाने में रविवार को दो प्राथमिकी दर्ज करवाई है. पहली प्राथमिकी उदयगढ़ थाने के झीरी गांव के 21 वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म करने के आरोप में लिखवाई है और दूसरी प्राथमिकी पीड़िता और आरोपी को रस्सी से बांधकर मारपीट करने व उनका जुलूस निकालने के संबंध में लिखवाई है.

उन्होंने कहा कि पीड़िता की पहली शिकायत पर पुलिस ने बलात्कार करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भादंवि की धारा 376 के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी व्यक्ति शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं.

बिलवाल ने बताया कि वहीं, पीड़िता की दूसरी शिकायत पर पुलिस ने पीड़िता के साथ मारपीट व जुलूस निकालने वाले उसके सगे नाते-रिश्तेदारों के खिलाफ भादंवि की धारा 294, 506, 355, 323, 342 एवं 147 के तहत मामलना दर्ज किया है और इनमें से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को अपने साथ ले गयी है.

IND vs ENG 3rd ODI: टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 7 रनों से दी मात, 2-1 से सीरीज पर किया कब्जा

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गये तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में टीम इंडिया ने 7 रनों से शानदार जीत दर्ज की. इसके साथ ही भारतीय टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है.

महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया 48.2 ओवर में 329 रनों पर ऑलआउट हो गई. 330 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 322 रन ही बना पाई.

सैम कुरैन के नाबाद 95 की शानदार पारी के बावजूद इंग्लैंड जीत दर्ज नहीं कर सकी. भारत ने इससे पहले इंग्लैंड से चार मैचों की टेस्ट सीरीज 3-1 से और पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-2 से जीत दर्ज की थी. इंग्लैंड के लिए सैम कुरैन के अलावा डेविड मलान ने 50 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 50, लियाम लिविंगस्टोन ने 36 और बेन स्टोक्स ने 35 रन बनाए. भारत की ओर से शार्दूल ठाकुर ने चार, भुवनेश्वर कुमार ने तीन और टी नटराजन ने एक विकेट लिए.

जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (78), शिखर धवन (67) और हार्दिक पांड्या (64) की अर्धशतकीय पारियों से भारतीय क्रिकेट टीम ने तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में इंग्लैंड को 330 रनों का लक्ष्य दिया था.

महाराष्ट्र : शराब माफियाओं ने पुलिस पर किया हमला, सहायक उपनिरीक्षक और आरक्षक घायल

महाराष्ट्र के पालघर जिले में शराब तस्करों द्वारा पुलिस कर्मियों पर हमला करने का मामला सामने आया है, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस प्रवक्ता सचिन नवादकर ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार तड़के तब हुई जब यहां तलसारी थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के एक दल ने पड़ोसी केंद्रशासित प्रदेश दमन से प्रतिबंधित शराब लेकर आ रही एक कार को देखा.

अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस दल ने कार का पीछा किया तो उसमें बैठे लोग घोलवद इलाके में कार छोड़कर भाग गए. हालांकि वे कुछ देर बाद 20-25 लोगों के साथ लौटे और उन्होंने लाठियों तथा अन्य हथियारों से पुलिस दल पर हमला कर दिया उन्होंने बताया कि हमले में एक सहायक उपनिरीक्षक और एक कांस्टेबल घायल हो गए. हमलावरों ने दो पुलिस वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को चार लोगों को हिरासत में लिया तथा उनपर भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या की कोशिश) और 353 (सरकारी सेवकों को ड्यूटी करने से रोकने के लिए हमला करना या आपराधिक बल का प्रयोग करना) के तहत मामला दर्ज किया.

Suez Canal Blockage : स्वेज नहर में पांचवें दिन भी फंसा हुआ है विशालकाय जहाज

मिस्र की स्वेज नहर में पांचवें दिन भी विशालकाय जहाज फंसा हुआ है. अधिकारियों ने जहाज को निकालने तथा जलमार्ग को जाम से मुक्त करने की फिर से कोशिश की, लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी.

इस जहाज के फंसने से वैश्विक परिवहन तथा व्यापार के लिए अहम स्वेज नहर में यातायात बाधित हो गया है.

इस बीच, स्वेज नहर प्राधिकरण के प्रमुख ने कहा कि जहाज ‘एवर गिवन’ के मंगलवार को नहर में फंसने की ‘‘एकमात्र वजह तेज हवा नहीं है.’’

लेफ्टिनेंट जनरल ओसामा राबेई ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि जांच चल रही है लेकिन उन्होंने मानवीय या तकनीकी खामी की आशंका से इनकार नहीं किया.

एशिया और यूरोप के बीच माल लेकर जाने वाला, पनामा के ध्वज वाला जहाज मंगलवार को इस नहर में फंस गया था.

राबेई ने कहा कि वह यह नहीं बता सकते कि जहाज को कब तक निकाल लिया जाएगा. एक पुर्तगाली कंपनी समुद्र में ऊंची उठने वाली लहरों और नौकाओं की मदद से जहाज को निकालने की कोशिश कर रही है.

राबेई ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नहर के तल पर जमे कीचड़ को साफ करने से जहाज को बिना उसका माल हटाए निकाला जा सकेगा, लेकिन उन्होंने साथ ही कहा कि ‘‘हम मुश्किल स्थिति में है, यह बुरी घटना है’’

यह पूछे जाने पर कि कब तक जहाज को निकाला जा सकेगा, उन्होंने कहा, ‘‘मैं बता नहीं सकता क्योंकि मुझे नहीं पता.’’

जहाज के मालिकाना हक वाली कंपनी शोइ किसेन ने कहा कि अगर जहाज को बाहर निकालने के प्रयास विफल हो जाते हैं तो वह उसके कंटेनरों को हटाने पर विचार करेगी.

बंगाल में कोई भारतीय बाहरी नहीं, जीतने पर भाजपा का मुख्यमंत्री बंगाल का ही बेटा होगा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि बंगाल ने पूरे भारत को ‘वन्दे मातरम’ की भावना में बांधा है और उसी बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लोगों को ‘‘बोहिरागोतो’’ (बाहरी) बता रही हैं. उन्होंने एलान किया कि अगर भाजपा सत्ता में आयी तो राज्य का मुख्यमंत्री बंगाल की धरती के बेटे को ही बनाया जाएगा.

पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांठी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि बंगाल बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, रबींद्रनाथ टैगोर और सुभाष चंद्र बोस जैसे नायकों की भूमि है और इस धरती पर कोई भारतीय बाहरी नहीं है.

उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल ने पूरे भारत को ‘वन्दे मातरम’ की भावना में बांधा है और उस बंगाल में ममता दीदी ‘‘बोहिरागोतो’’ (बाहरी होने) की बात कर रही हैं. कोई भारतीय यहां बाहरी नहीं है, वे भारत माता के बच्चे हैं.’’

मोदी ने कहा, ‘‘हमें ‘पर्यटक’ कहा जा रहा है, हमारा मजाक उड़ाया जा रहा है, हमारा अपमान किया जा रहा है। दीदी, रबींद्रनाथ के बंगाल के लोग किसी को भी बाहरी नहीं मानते.’’

उन्होंने रैली में कहा कि जब बंगाल में भाजपा सरकार बनाएगी तो मुख्यमंत्री इसी धरती का कोई बेटा होगा.

दरअसल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाजपा और प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुए अक्सर अपने भाषणों में कहती हैं कि वह दिल्ली या गुजरात से आए ‘‘बाहरी’’ लोगों को बंगाल में शासन करने नहीं देंगी. उनके इस बयान पर छिड़ी ‘‘स्थानीय बनाम बाहरी’’ की बहस के बीच मोदी की यह टिप्पणियां आई हैं.

तृणमूल कांग्रेस ने ‘बंगाल को अपनी बेटी चाहिए’ अभियान भी शुरू किया है जिसमें पार्टी के नेता राज्य आ रहे भाजपा पदाधिकारियों को ‘‘चुनावी पर्यटक’’ कह रहे हैं.

प्रधानमंत्री ने कहा कि बनर्जी ने झूठे आरोप लगाकर नंदीग्राम के लोगों का अपमान किया और लोग उन्हें करारा जवाब देंगे.

उन्होंने 10 मार्च की घटना का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘आप पूरे देश के सामने नंदीग्राम और उसके लोगों को बदनाम कर रहे हैं। यह वही नंदीग्राम है जिसने आपको इतना कुछ दिया. नंदीग्राम के लोग आपको माफ नहीं करेंगे और आपको करारा जवाब देंगे.’’

गौरतलब है कि 10 मार्च की घटना में मुख्यमंत्री घायल हो गई थीं. मोदी ने ‘तोलाबाजी’ और जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार को लेकर टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा राज्य में हर योजना को घोटाला-मुक्त बनाएगी और पारदर्शिता लाएगी.

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘चक्रवात अम्फान की राहत राशि को ‘भाइपो (भतीजा) विंडो’ के जरिए लूटा गया.’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि बनर्जी ‘दुआरे सरकार’ की बात कर रही हैं लेकिन दो मई को उन्हें दरवाजा दिखा दिया जाएगा.

बनर्जी सरकार ने चुनावों के मद्देनजर महीनों पहले ‘दुआरे सरकार’ कार्यक्रम शुरू किया था जिसमें विशेष शिविर लगाकर सेवाएं दी जाती हैं.

मुख्यमंत्री ने यह भी वादा किया अगर वह तीसरी बार सत्ता में आयीं तो यह सुनिश्चित करेंगी कि लोगों के घरों तक राशन पहुंचाया जाए.

प्रधानमंत्री भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के गृहनगर कांठी में चुनाव प्रचार कर रहे हैं.