Home Blog Page 107

शिवसेना ने भाजपा और महाराष्ट्र के कुछ अधिकारियों के बीच सांठगांठ का लगाया आरोप

शिवसेना ने बुधवार को आरोप लगाया कि भाजपा का ‘‘मुख्य उद्देश्य’’ राष्ट्रपति शासन लागू करवाकर महाराष्ट्र में अस्थिरता पैदा करना है. पार्टी ने महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार को कमजोर करने के लिए भाजपा और कुछ अधिकारियों के बीच ‘‘सांठगांठ’’ का आरोप भी लगाया.

इसके अलावा, शिवसेना ने ‘‘फोन टैपिंग प्रकरण’’ और डीजी रैंक के अधिकारी संजय पांडे द्वारा निराशा जाहिर किए जाने का भी जिक्र किया.

वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को दावा किया था कि तत्कालीन खुफिया आयुक्त रश्मि शुक्ला द्वारा इजाजत लेकर फोन रिकॉर्ड किए गए थे और कॉल पर की गई बातचीत का ‘6.3 जीबी डेटा’ उनके पास है जिसमें कई अहम पुलिस अधिकारियों के नामों पर चर्चा की गई थी.

उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री से भी मुलाकात की और महाराष्ट्र में पुलिसकर्मियों के तबादलों में ‘‘भ्रष्टाचार’’ की सीबीआई जांच कराने की मांग की.

शिवसेना ने पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में छपे संपादकीय में कहा कि यह साफ है कि महाराष्ट्र की छवि धूमिल करने के ‘‘षडयंत्र’’ के पीछे भाजपा है. पार्टी ने विपक्षी दल द्वारा आईपीएस अधिकारी परमबीर सिंह के पत्र में राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोपों और अन्य मुद्दों का जिक्र किया.

शिवसेना ने कहा, ‘‘जिन्हें परमबीर सिंह का पत्र इतना महत्वपूर्ण लग रहा है उन्हें पुलिस अधिकारी अनूप दांगे के साथ भी न्याय करना चाहिए जिन्होंने सिंह के बारे में लिखा था. राज्य के लोग जानते हैं कि क्यों और किसलिए भाजपा यह सब कर रही है.’’

उसने कहा, ‘‘भाजपा का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रपति शासन लागू करवाकर महाराष्ट्र में अस्थिरता पैदा करना है.’’

मुंबई पुलिस के निलंबित इंस्पेक्टर दांगे ने आरोप लगाया था कि परमबीर सिंह ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के महानिदेशक के पद पर रहने के दौरान अंडरवर्ल्ड के कुछ लोगों को बचाने की कोशिश की थी.

शिवसेना ने ‘‘हैरानी’’ जताई कि देशमुख के खिलाफ आरोप लगाने के बावजूद सिंह सेवा में बने हुए हैं.

पार्टी ने सवाल उठाया कि उच्चतम न्यायालय का रुख करने और देशमुख के खिलाफ सीबीआई जांच कराने की मांग करने के बाद भी सिंह के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई.

शिवसेना ने कहा कि परमबीर सिंह और पांडे जैसे अधिकारियों ने ‘‘राज्य सरकार के बारे में संदेह का माहौल पैदा’’ करने के वास्ते मीडिया को अपने पत्र लीक किए.

उसने कहा, ‘‘फडणवीस फोन टैपिंग रिपोर्ट लेकर केंद्र के पास गए जो सुबोध जायसवाल और रश्मि शुक्ला जैसे वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्य सरकार को अंधेरे में रखकर तैयार की.’’

शिवसेना ने कहा, ‘‘इसका मतलब है कि राज्य प्रशासन में काम कर रहे ये लोग एक राजनीतिक पार्टी के लिए काम कर रहे हैं. विपक्षी पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र सरकार को कमजोर करने के लिए इन अधिकारियों से सांठगांठ है.’’

शरद पवार के बारे में सोशल मीडिया पर ‘‘अपमानजनक टिप्पणी’’ करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

राकांपा प्रमुख शरद पवार के बारे में सोशल मीडिया पर कथित रूप से ‘‘अपमानजनक टिप्पणियां’’ करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

पुणे ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि एक राकांपा कार्यकर्ता की शिकायत पर इस संबंध में दो लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 505 (2) (समुदायों के बीच दुश्मनी, नफरत पैदा करना या बढ़ावा देना) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है.

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री धनंजय मुंडे दूसरी बार कोरोना वायरस से संक्रमित

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री धनंजय मुंडे ने कहा कि मंगलवार को वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. हालांकि, उनका स्वास्थ्य ठीक है.

धनंजय मुंडे ने ट्वीट कर लिखा मेरी कोरोना की रिपोर्ट दूसरी बार पॉजिटिव आई है. मेरे संपर्क में आए सभी लोग जल्द से जल्द अपना टेस्ट करवाएं तथा क्वारंटीन हो जाएं. उन्होंने लिखा कि घबराने की बात नहीं करोना के हल्के लक्षण हैं. लोगों को फेसमास्क पहनना चाहिए और सामाजिक दूरी का पालन करना चाहिए.

यह दूसरी बार है जब सामाजिक न्याय मंत्री कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए. इससे पहले वह पिछले साल जून में संक्रमित हो गए थे.

अमेरिका : आयोवा जेल में एक कैदी के हमले में नर्स और अधिकारी की मौत

अमेरिका के आयोवा में एक कैदी ने जेल अधिकारियों पर हमला कर दिया जिसमें एक नर्स और एक अधिकारी की मौत हो गई. इस जेल में आयोवा के कुछ सबसे खतरनाक अपराधी कैद हैं.

‘आयोवा करेक्शन (सुधार) डिपार्टमेंट’ की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, हमला मंगलवार सुबह करीब सवा 10 बजे पूर्वी अयोवा के अनामोसा शहर के ‘प्रिजन इंफरमरी’ में किया गया.

विभाग ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. विभाग ने बयान में कहा, ‘‘ विभाग इस बात की पुष्टि कर सकता है कि एक कैदी ने ‘प्रिजन इंफरमरी’ में स्टाफ के कई सदस्यों और कैदियों पर हमला कर दिया. हमले में एक नर्स और एक अधिकारी की मौत हो गई.’’

उसने बताया कि अतिरिक्त बल ने मौके पर पहुंच कैदी को काबू में किया. कैदी की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है. घटना में घायल लोगों का इलाज चल रहा है.

कितने लोग घायल हुए हैं, इस संबंध में भी अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है.

महाराष्ट्र : ठाणे जिले में Covid-19 के 2,538 नए मामले, 11 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,538 नए मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 2,93,154 हो गए, जबकि 11 मरीजों की मौत होने के साथ जिले में मृतकों की संख्या बढ़कर 6,403 हो गई. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि ये नए मामले मंगलवार को सामने आए. जिले में अब तक कुल 2,68,918 मरीज कोविड-19 बीमारी से उबर चुके हैं. जिले में मरीजों के ठीक होने की दर अब 91.73 प्रतिशत है.

अधिकारी ने बताया कि जिले में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 17,833 है। संक्रमण से मृत्यु दर 2.18 प्रतिशत है.

अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी पालघर जिले में, कोविड-19 के कुल मामले 47,830 हैं, जबकि मरने वालों की संख्या 1,212 हो गई है.

भारत में Covid-19 के एक दिन में रिकॉर्ड 47,262 नए मामले

भारत में एक दिन में कोरोना वायरस के 47,262 नए मामले सामने आए जो इस साल संक्रमण के एक दिन में आए अब तक के सर्वाधिक मामले हैं. इसके साथ ही देश में इस वैश्विक महामारी के मामले बढ़कर 1,17,34,058 हो गए हैं.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बुधवार को सुबह आठ बजे तक जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार 14वें दिन कोविड-19 के मामलों में वृद्धि हुई है और अब भी 3,68,457 मरीज संक्रमित हैं जो संक्रमण के कुल मामलों का 3.14 प्रतिशत है। स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर गिरकर 95.49 प्रतिशत रह गई है.

कुल 132 दिनों के बाद एक दिन में संक्रमण के सर्वाधिक मामले दर्ज किए गए. वहीं इस बीमारी से 275 और लोगों ने जान गंवा दी है जो करीब 83 दिनों में इस महामारी से मरने वालों की सर्वाधिक संख्या है. इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस के संक्रमण से जान गंवाने वालों की कुल संख्या 1,60,441 हो गई है.

आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल 12 नवंबर को 24 घंटों में संक्रमण के 47,905 नए मामले दर्ज किए गए थे.

आंकड़ों के मुताबिक इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,12,05,160 हो गई जबकि मृत्यु दर 1.37 प्रतिशत है.

भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर गए थे. इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख से पार चले गए थे। वैश्विक महामारी के मामले 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे.

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के मुताबिक 23 मार्च तक 23,64,38,861 नमूनों की जांच की जा चुकी है. मंगलवार को 10,25,628 नमूनों की जांच की गई.

देश में 24 घंटे के भीतर Covid-19 के इस साल के सर्वाधिक 46,951 नए मामले आए सामने

देश में एक दिन में Covid-19 के 46,951 नए मामले सामने आने के बाद देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 1,16,46,081 हो गई.

आंकड़ों के अनुसार, देश में 130 दिन पहले, यानी 12 नवम्बर को 24 घंटे में 47,905 नए मामले सामने आए थे.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार 12वें दिन मामलों में बढ़ोतरी के बाद उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है. अभी कुल 3,34,646 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 2.87 प्रतिशत है

आंकड़ों के अनुसार, देश में 72 दिन बाद एक दिन में सबसे अधिक 212 लोगों की वायरस से मौत हुई और मृतक संख्या बढ़कर 1,59,967 हो गई है.

आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 1,11,51,468 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके है. हालांकि देश में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर में गिरावट आई है और अब वह 95.75 प्रतिशत है. वहीं, कोविड-19 से मृत्यु दर 1.37 प्रतिशत है.

देश में पिछले साल सात अगस्त में संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी.

वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे.

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, देश में 21 मार्च तक 23,44,45,774 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है। इनमें से 8,80,655 नमूनों की जांच रविवार को की गई थी.

परमबीर सिंह के पत्र से महाराष्ट्र के गृह मंत्रालय की छवि को नुकसान पहुंचा: शिवसेना

शिवसेना ने सोमवार को कहा कि महाविकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार के पास ‘‘अच्छा खासा’’ बहुमत है और महज ‘‘एक अधिकारी’’ के कारण सरकार नहीं गिरेगी. हालांकि दल ने यह माना कि मुंबई पुलिस के पूर्व प्रमुख परमबीर सिंह के राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर लगाए आरोपों की वजह से मंत्रालय की छवि खराब हुई है.

शिवसेना ने यह भी कहा कि यह मुद्दा पार्टी नीत सरकार के लिए ‘‘प्रतिष्ठा का प्रश्न’’ बन गया है. गौरतलब है कि शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने एक दिन पहले देशमुख के इस्तीफे की संभावना से इनकार कर दिया था.

शिवसेना के मुखपत्र सामना के संपादकीय में पार्टी ने कहा कि एमवीए सरकार को प्राप्त बहुमत को यदि भाजपा कमतर करने के प्रयास करेगी तो इससे आग भड़क जाएगी.

एमवीए शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस गठबंधन की सरकार है. परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पिछले हफ्ते पत्र लिखकर दावा किया था कि देशमुख ने पुलिस अधिकारियों को 100 करोड़ रूपये की मासिक वसूली करने को कहा है. इस पत्र के बाद राज्य में सियासी तूफान आ गया था. सिंह को हाल में मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से हटा दिया गया.

शिवसेना ने कहा कि सिंह के पत्र को लेकर भाजपा जो हंगामा कर रही है उससे ऐसा लगता है कि यह किसी साजिश का हिस्सा है. उसने कहा कि पिछले हफ्ते विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की थी जिसके बाद सिंह का यह पत्र सामने आया है.

इसमें कहा गया, ‘‘ऐसा लगता है कि भाजपा का महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था का हवाला देकर राष्ट्रपति शासन लगाने का उद्देश्य है. इसके लिए नए प्यादे खड़े किए जा रहे हैं, यह साफ है कि सिंह का भी इसी तरह से इस्तेमाल हुआ है.’’

संपादकीय में कहा गया कि उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास के बाहर खड़े एक वाहन से विस्फोटक मिलने की घटना के बाद भाजपा सिंह के निलंबन की मांग कर रही थी. लेकिन अब ऐसा लगता है कि वह विपक्षी दल के ‘‘प्रिय’’ हो गए हैं और अब वह बंदूक सिंह के कंधे पर रखकर चला रही है.

इसमें कहा गया, ‘‘यह (पूरी परिस्थितियां) सरकार की प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है. एमवीए के पास आज भी अच्छा खासा बहुमत है। आप बहुमत को कमजोर करने का प्रयास करेंगे तो आग भड़केगी. यह कोई चेतावनी नहीं बल्कि एक तथ्य है. विपक्ष को यह नहीं भूलना चाहिए कि एक अधिकारी की वजह से सरकारें बनती या गिरती नहीं हैं.’’

पार्टी ने कहा कि सिंह ने पत्र में देशमुख पर आरोप लगाए लेकिन उन्हें मीडिया के सामने लीक किया जो कि अनुशासन के अनुरूप नहीं है.

हालांकि सिंह को ‘‘सक्रिय’’ अधिकारी बताते हुए उद्धव ठाकरे नीत सरकार ने कहा कि उन्होंने अनेक जिम्मेदारियों को ‘‘बखूबी’’ निभाया है.

उसने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य सरकार को बदनाम करने के लिए सिंह का इस्तेमाल कर रही है.

शिवसेना ने कहा, ‘‘विपक्षी दल महाराष्ट्र में केंद्रीय जांच एजेंसियों का बहुत अधिक इस्तेमाल कर रहा है. ऐसा लगता है कि यदि राज्य में कहीं पर चार मुर्गियां और दो कौवे करंट लगने से मर जाएंगे तो भी केंद्र यहां सीबीआई या एनआईए को भेज देगा.’’

WhatsApp Instagram Down: रात 11 बजे से व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम यूज करने में आ रही है परेशानी

व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम यूज करने में लोगों को परेशानी आ रही है. रात के करीब 11 बजे कई व्हाट्सएप यूजर्स ने मैसेज भेजने और रिसीव करने में परेशानी की शिकायत की. यूजर्स ने सिस्टम से व्हाट्सएप कनेक्ट करने में भी परेशानी महसूस की है. इसके बाद यूजर्स ने ट्विटर पर इसकी शिकायत की है.

वहीं इस्टाग्राम यूजर्स कोई नया पोस्ट नहीं देख पा रहे हैं. पोस्ट करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ट्विटर पर व्हाट्सएप डाउन ट्रेंड कर रहा है.

व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के काम नहीं करने को लेकर कंपनी ने कोई बयान नहीं दिया है.

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, प्रसिद्ध कृष्णा को मिली जगह

कर्नाटक के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा, आलराउंडर क्रुणाल पंड्या और बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को इंग्लैंड के खिलाफ पुणे में होने वाली तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला के लिये 18 सदस्यीय भारतीय टीम में चुना गया है.

कृष्णा और क्रुणाल को हाल में विजय हजारे ट्राफी में अच्छा प्रदर्शन करने जबकि सूर्यकुमार को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला में शानदार बल्लेबाजी करने का पुरस्कार मिला है.

कृष्णा पिछले कुछ समय से राष्ट्रीय टीम के दरवाजे खटखटा रहे थे और कप्तान विराट कोहली ने भी उनकी प्रशंसा की थी। उन्होंने 50 ओवरों के घरेलू टूर्नामेंट में 14 विकेट लिये थे.

अब तक 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेल चुके क्रुणाल को बड़ौदा की तरफ से पांच मैचों में दो शतक और इतने ही अर्धशतक लगाने के कारण पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है.

एकदिवसीय श्रृंखला 23 मार्च से शुरू होगी. तीनों मैच पुणे में खाली स्टेडियम में खेले जाएंगे.