Home Blog Page 108

स्कॉर्पियो ‘चोरी’ होने के दिन वाजे और हिरेन की मुलाकात हुई थी : अधिकारी

महाराष्ट्र एटीएस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि 17 फरवरी को निलंबित पुलिस अधिकारी सचिन वाजे और हिरेन के बीच मुलाकात हुई थी. अधिकारी के अनुसार इसी दिन कारोबारी मनसुख हिरेन के पास से स्कॉर्पियो कार ‘चोरी’ हुई थी.

हिरेन पांच मार्च को ठाणे में एक नहर के निकट मृत पाए गए थे. उनके परिवार ने उनकी मौत में वाजे की भूमिका होने का आरोप लगाया था.

जिलेटिन की छड़ों से लदी यही स्कॉर्पियो कार 25 फरवरी को उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के निकट खड़ी मिली थी.

अधिकारी ने कहा कि हिरेन की रहस्यमयी मौत से संबंधित मामले की जांच कर रहे आतंकवाद-रोधी दस्ते को दक्षिण मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) के निकट एक स्थान का सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें वाजे और हिरन मर्सिडीज कार में बैठे दिख रहे हैं.

विस्फोटक लदी कार मिलने के मामले की जांच कर रहे राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने वाजे की गिरफ्तारी के बाद, कथित रूप से उनके द्वारा इस्तेमाल की गई वही मर्सिडीज कार जब्त कर ली थी.

अधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि हिरन और वाजे करीब 10 मिनट तक कार में ही बैठे रहे.

उन्होंने कहा कि हिरेन ने दावा किया था कि 17 फरवरी को जब वह ठाणे में अपने घर से दक्षिण मुंबई की ओर जा रहे थे तो स्कॉर्पियो का स्टीयरिंग जाम हो गया था, इसलिये वह कार को मुलुंड -एरोली सड़क पर छोड़कर कैब से आगे चले गए थे. अगले दिन उनकी एसयूवी लापता हो गई थी.

अधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में वाजे मर्सिडीज कार से पुलिस आयुक्त के कार्यालय से निकलते दिखे हैं. कार जब छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बाहर रुकती है तो हिरेन उसकी ओर आते दिख रहे हैं. वह कार में बैठते हैं और दस मिनट बाद कार से निकल जाते हैं जबकि वाजे कार चलाकर आयुक्त के कार्यालय चले जाते हैं.

सूत्रों ने कहा कि एटीएस को संदेह है कि इस मुलाकात के दौरान ही हिरेन ने स्कॉर्पियो की चाबी वाजे को सौंप दी थी.

एनआईए ने अंबानी के घर के निकट एसयूवी खड़ी करने के मामले में कथित भूमिका के लिये 13 मार्च को वाजे को गिरफ्तार कर लिया था.

इस सप्ताह की शुरुआत में एनआईए ने कहा था कि उसने सीएसएमटी के निकट पार्किंग में खड़ी काले रंग की मर्सिडीज कार जब्त की है, जिसमें से पांच लाख रुपये, नोट गिनने की मशीन और ”अपराध में इस्तेमाल किये गए” कुछ दस्तावेज बरामद किये गए हैं.

अनियोजित लॉकडाउन के कारण आई आपदा का दंश अब तक झेल रहा है देश: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि देश अब भी अनियोजित लॉकडाउन का दंश झेल रहा है और सरकार की ‘अक्षमता तथा अदूरदर्शिता ‘ के चलते लाखों परिवारों को पीड़ा उठानी पड़ी है.

सरकार ने कोरोना वायरस के प्रकोप को रोकने के लिये पिछले साल 24 मार्च को राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लागू किया था.

गांधी ने लॉकडाउन के लिये सरकार पर हमलावर रुख अपनाते हुए कहा कि इसके चलते गरीबों और प्रवासियों को पीड़ा उठानी पड़ी है.

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘देश अनियोजित लॉकडाउन के चलते आई आपदा का दंश अब तक झेल रहा है. सरकार की अक्षमता और अदूरदर्शिता के कारण बयान न की जा सकने वाली पीड़ा झेलने वाले लाखों परिवारों को सांत्वना देता हूं. ‘

गांधी ने अपने ट्वीट के साथ एक खबर भी साझा की, जिसमें यूनिसेफ के एक अध्ययन का हवाला देते हुए कहा गया है कि कोविड-19 के चलते दक्षिण एशिया के छह सबसे अधिक आबादी वाले देशों में भारत में शिशु मृत्युदर और मातृ मृत्यु दर में सबसे अधिक वृद्धि देखने को मिल सकती है.

सतीश कौशिक हुए कोरोना पॉजिटिव, खुद को घर पर किया क्वारंटाइन- ट्वीट करके दी जानकारी

देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. बात अगर बॉलीवुड की करें तो दिग्गज अभिनेता सतीश कौशिक (Satish Kaushik) इसकी चपेट में आ चुके हैं.सतीश कौशिक ने एक ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है कि उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है.

सतीश कौशिक ने ट्वीट करते हुए लिखा कि उनकी कोरोना की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. साथ उन्होंने उन सभी लोगों से कोरोना टेस्ट करनावे का अनुरोध किया है, जो पिछले कुछ दिनों में उनके संपर्क में आए हैं. कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही सतीश कौशिक होम क्वारंटाइन में चले गए हैं. उन्होंने यह भी कहा है कि सभी का प्यार, शुभकामनाएं और आशीर्वाद उनकी मदद करेगा.

आपको बता दें, सतीश कौशिक के पहले हाल ही में ‘गली बॉय’ फेम सिद्धांत चतुर्वेदी , रणबीर कपूर, तारा सुतारिया, एक्टर आशीष विद्यार्थी , एक्टर मनोज बाजपेयी और संजय लीला भंसाली भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं.

Road Safety World Series : इंडिया लीजेंड्स ने वेस्टइंडीज लीजेंड्स को 12 रनों से हराया

रोड सेफ़्टी वर्ल्ड सीरीज़ के पहले सेमीफाइनल में इंडिया लीजेंड्स ने बेहद ही रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज लीजेंड्स को हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया लीजेंड्स ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 218 रन बनाए. जवाब में वेस्टइंडीज लीजेंड्स की टीम ने भी धमाकेदार बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 206 रन बनाए. लेकिन वो लक्ष्य से 12 रन पीछे रह गए. इस जीत के साथ ही इंडिया लीजेंड्स फाइनल में पहुंच गई.

इंडिया लीजेंड्स के लिए कप्तान सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह ने विस्फोटक पारियां खेली. तेंदुलकर ने 42 गेंदों में 65 रन बनाए. सचिन ने अपनी पारी में 3 छक्के और 6 चौके जड़े. युवराज सिंह ने 20 गेंदों में 49 रन बनाए. बाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने अपनी पारी में 6 छक्के लगाए. 5 छक्के तो युवराज सिंह ने महज 7 गेंदों में जड़े. ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने भी 17 गेंदों में 35 रनों की पारी खेली. यूसुफ पठान ने 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए. वेस्टइंडीज लीजेंड्स के लिए ड्वेन स्मिथ ने 63, नरसिंह देवनारायण ने 59 और ब्रायन लारा ने 28 गेंदों में 46 रन बनाए. इंडिया लीजेंड्स के लिए विनय कुमार ने महज 26 रन देकर 2 विकेट झटके.

सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज लीजेंड्स के कप्तान ब्रायन लारा ने टॉस जीत पहले फील्डिंग चुनी लेकिन इंडिया लीजेंड्स के कप्तान सचिन और विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने महज 5.3 ओवर में 56 रन जोड़े. हालांकि टीनो बेस्ट ने सहवाग को 35 रन पर आउट कर विंडीज को बड़ी सफलता दिलाई. इसके बाद मोहम्मद कैफ ने 2 छक्के और 2 चौकों की मदद से 21 गेंद पर 27 रन बनाए. कैफ के आउट होने के बाद यूसुफ पठान ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए विस्फोटक अंदाज में 20 गेंदों में 37 रन ठोके, उनके बल्ले से भी 3 छक्के निकले. सचिन तेंदुलकर ने 42 गेंदों में 65 रनों की पारी खेली.

एक वक्त पर भारतीय टीम 180 रनों के स्कोर तक पहुंचती दिख रही थी लेकिन आखिरी 2 ओवरों में युवराज सिंह ने पूरा मैच पलट कर रख दिया. युवराज सिंह ने 19वें ओवर में 4 छक्के जड़े और उसके बाद अंतिम ओवर में भी युवराज सिंह ने 2 छक्के लगाए. युवी ने 20 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए, जिसकी बदौलत इंडिया लीजेंड्स 218 रनों तक पहुंची.

वेस्टइंडीज लीजेंड्स को ड्वेन स्मिथ ने तेज शुरुआत दी. हालांकि विलियम पर्किंस 9 रन बनाकर गोनी का शिकार हो गए. इसके बाद नरसिंह देवनारायण ने 44 गेंदों में 59 और ड्वेन स्मिथ ने 36 गेंदों में 63 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. लेकिन 11वें ओवर में इरफान पठान ने ड्वेन स्मिथ को आउट कर मैच के समीकरण बदल दिये. किर्क एडवर्ड्स पहली ही गेंद पर प्रज्ञान ओझा का शिकार हो गए

वेस्टइंडीज लीजेंड्स की टीम मुश्किल में दिख रही थी लेकिन उसके कप्तान ब्रायन लारा ने ताबड़तोड़ पारी खेल मैच वेस्टइंडीज लीजेंड्स की ओर मोड़ा. लारा ने 28 गेंदों में 46 रन बनाए. फिर अंतिम ओवरों में इंडिया लीजेंड्स ने वापसी की और विनय कुमार ने ब्रायन लारा और फिर टीनो बेस्ट को आउट कर भारत की जीत तय कर दी. नरसिंह देवनारायण के अंतिम ओवरों में आउट होते ही इंडिया लीजेंड्स ने सेमीफाइनल जीत लिया.

रेलवे ने इन Weekly Festival Trains को दिया जून तक मिला सेवा विस्तार! जानिए किन रूटों पर मिलेगी ये सुविधा?

रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर 02 जोडी त्यौहार स्पेशल रेलसेवाओं की संचालन अवधि में विस्तार करने का फैसला किया है. इन रेलसेवाओं के समय सारणी व ठहराव पूर्ववत् ही रहेंगे.

उत्तर पश्चिम रेलवे (North Western Railway) के अधिकारियों के अनुसार गाडी संख्या 06053/06054, मदुरै-बीकानेर-मदुरै साप्ताहिक त्यौहार स्पेशल रेल सेवा की संचालन अवधि में मदुरै से (प्रत्येक गुरूवार को) 01 अप्रैल से 24 जून तक (13 ट्रिप) एवं बीकानेर से (प्रत्येक रविवार को) 04 अप्रैल से 27 जून तक (13 ट्रिप)  विस्तार किया जा रहा ह.

इसके अलावा गाडी संख्या 06067/06068, चैन्नई एग्मोर-जोधपुर-चैन्न्ई एग्मोर साप्ताहिक त्यौहार स्पेशल रेल सेवा की संचालन अवधि में चैन्नई एग्मोर से (प्रत्येक शनिवार को) 03अप्रैल से 26 जूून तक (13 ट्रिप) एवं जोधपुर से (प्रत्येक सोमवार को) 5 अप्रैल से 28 जून तक (13 ट्रिप) विस्तार किया जा रहा है.

मुंबई पुलिस कमिश्नर परमवीर सिंह के तबादले पर कंगना रनौत का ट्वीट हुआ वायरल, शिवसेना पर साधा निशाना

मुंबई पुलिस कमिश्नर परमवीर सिंह के तबादले को लेकर फ़िल्म अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) का ट्वीट वायरल हो रहा है.

दरअसल परमवीर सिंह के ट्रांसफर की खबर को ट्वीट करते हुए लिखा, ‘यह वही व्यक्ति है जिसने मुंबई की सड़कों पर मेरे बारे में अपममानजनक आर्ट को बढ़ावा दिया था. जब मैंने हिसाब चुकता किया तो सोनिया सेना ने उन्हें बचाया. फिर उन्होंने बदले की भावना से मेरा घर तोड़ डाला.’ वह आगे कहती हैं, ‘आज देखिए, शिवसेना ने उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया है. यह शिवसेना के अंत की शुरुआत है.’

आपको बता दें कि फरवरी 2020 में परमवीर को मुंबई पुलिस कमिश्नर के पद पर नियुक्त किया गया था.

शाहजहांपुर : मंदिर में बच्ची से अश्लील हरकत करने के आरोप में पुजारी पर मुकदमा

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक मंदिर के पुजारी को नौ वर्षीय बच्ची के साथ मंदिर के अंदर अश्लील हरकतें करने के आरोप में बुधवार को मुकदमा दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया.

पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय कुमार ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया कि आज शाम को शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मंदिर के पुजारी राघव गिरि (42) गोबर लेने जा रही नौ वर्षीय बच्ची को बहला फुसला कर मंदिर के अंदर ले गया और उसके साथ कथित रूप से अश्लील हरकतें कीं.

उन्होंने बताया कि बच्ची किसी तरह पुजारी के कब्जे से छूट कर घर गई और परिजनों को घटना के बारे में बताया. कुमार ने बताया कि इसके बाद ग्रामीण लामबन्द होकर मंदिर पर आ गए मगर पुजारी ने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पुजारी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मुंबई के नए पुलिस आयुक्त बने हेमंत नागराले, 26/11 हमलों के दौरान निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका

मुंबई के नए पुलिस आयुक्त हेमंत नागराले ने देश की वाणिज्यिक राजधानी में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमलों के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और दक्षिणी मुंबई में आरडीएक्स से भरा एक बैग बरामद कर इसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया था.

नागराले उस समय प्रतिनियुक्ति पर महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी में सतर्कता निदेशक के रूप में तैनात थे और वह कोलाबा क्षेत्र में पुलिस क्वार्टर क्षेत्र में रहते थे जिसे आतंकवादियों ने निशाना बनाया था.

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आतंकी हमलों के दौरान, नागराले मदद करने के लिए खुद अपने घर से बाहर निकले. वह जब आतंकी हमले की चपेट में आए होटल ताज क्षेत्र में पहुंचे तो वहां उन्हें पास में आरडीएक्स से भरा एक बैग मिला. उन्होंने इसे तुरंत एक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और इस तरह अनेक लोगों का जीवन बचाया.’’

उन्होंने कहा कि वर्ष 1987 बैच के अधिकारी नागराले ने बाद में बम निरोधक दस्ते को बुला लिया.

इसके बाद, नागराले चार अन्य पुलिसकर्मियों के साथ होटल ताज में घुसे जहां उन्होंने कई घायल लोगों को बचाने तथा उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की. उन्होंने कई शव भी बाहर निकाले.

गोल्फर और टेनिस खिलाड़ी नागराले को राष्ट्रपति का पुलिस पदक, विशेष सेवा पदक और आंतरिक सुरक्षा पदक जैसा सम्मान भी मिल चुका है.

सूत्रों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक कार्यालय में विशेष पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान नागराले ने मुंबई पुलिस कुटुंब आरोग्य योजना को नया रूप प्रदान किया और 2011-12 में खर्च में दस करोड़ रुपये तक की कमी ले आए.

उन्होंने कहा कि नागराले ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ समन्वय किया और सीएसडी कैंटीन की तरह ही केंद्रीय पुलिस कैंटीन योजना को क्रियान्वित करने में मदद की तथा महाराष्ट्र में इस तरह की 40 कैंटीन स्थापित कीं.

मुंबई में संयुक्त पुलिस आयुक्त (प्रशासन) के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान नागराले ने आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवासीय क्वार्टर आवंटन नीति का मसौदा तैयार किया जिसकी पुलिस बल ने सराहना की.

वर्ष 2014 में नागराले के पास कुछ समय के लिए मुंबई के पुलिस आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी रहा. नागराले अब परमबीर सिंह की जगह मुंबई के पुलिस आयुक्त बने हैं.

Covid -19 : महाराष्ट्र सरकार ने होटलों, सिनेमा हॉल, कार्यालयों के लिए कड़े नियमों की घोषणा की

महाराष्ट्र में सिनेमा हॉल, रेस्तरां और स्वास्थ्य एवं आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी कार्यालय 31 मार्च तक आधी क्षमता के साथ काम करेंगे. कोविड-19 महामारी को लेकर जब तक केंद्र सरकार की अधिसूचना लागू है, तब तक नियमों का उल्लंघन करने पर इन प्रतिष्ठानों को बंद कर दिया जाएगा.

राज्य सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर कहा कि इन प्रतिष्ठानों में किसी को भी बिना मास्क पहने या तापमान की जांच किए बगैर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. महाराष्ट्र में सोमवार को संक्रमण के नए मामलों की संख्या फिर 15,000 से अधिक हो गई

प्रतिष्ठान (सिनेमा हॉल, होटल, कार्यालय) यह सुनिश्चित करेंगे कि आगंतुकों के मास्क पहनने के नियम और सामाजिक दूरी बनाए रखने के नियम लागू करने की खातिर उनके पास पर्याप्त कर्मी हैं. ये पाबंदियां शॉपिंग मॉल पर भी लागू होंगी. स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले कार्यालयों पर 50 फीसदी क्षमता का नियम लागू नहीं होगा.

राज्य की अधिसूचना में कहा गया है कि जहां तक संभव हो कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा जाए.सरकार ने कहा कि सामाजिक, सांस्कृतिक एकत्रीकरण को मंजूरी नहीं दी जाएगी जबकि विवाह समारोह में 50 फीसदी से अधिक लोगों को अनुमति नहीं होगी. अंतिम संस्कार में 20 से अधिक लोगों के शामिल होने की अनुमति नहीं होगी.

कंप्यूटर से B.Tech या BCA तो CCC न होने पर भी योग्य माना जाएगा अभ्‍यर्थी – इलाहाबाद हाई कोर्ट

इलाहाबाद उच्‍च न्‍यायालय की लखनऊ खंडपीठ ने कहा कि यदि अभ्‍यर्थी कंप्यूटर विषय से बीटेक या बीसीए उत्‍तीर्ण है तो सीसीसी ( कोर्स ऑन कंप्यूटर कांसेप्ट) प्रमाणपत्र न होने पर भी उसे योग्य माना जाएगा.

अदालत ने इसके साथ ही गन्ना व चीनी आयुक्त के 15 जनवरी, 2020 के एक आदेश को खारिज कर दिया जिसमें जारी ट्रिपल सी सर्टिफिकेट के समकक्ष कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को गन्ना सुपरवाइजर के योग्य नहीं माना गया था.

यह आदेश न्यायमूर्ति चंद्रधारी सिंह की एकल पीठ ने मोहित कुमार व अन्य की ओर से दाखिल याचिका पर पारित किया.

याचियों का कहना था कि गन्ना सुपरवाइजर के पदों पर भर्ती के लिए पांच अक्टूबर, 2016 को जारी विज्ञापन के क्रम में उन्होंने आवेदन किया था.

उक्त पद के लिए कृषि विज्ञान के साथ-साथ डोएक द्वारा जारी ट्रिपल सी सर्टिफिकेट की शैक्षिक अर्हता मांगी गई थी. सभी याचियों के पास ट्रिपल सी के समकक्ष शैक्षिक योग्यता है. अदालत ने पाया कि सरकार के ही तमाम शासनादेशों में यह स्पष्ट है कि ट्रिपल सी के समकक्ष कम्प्यूटर शिक्षा को प्राप्त किया अभ्यर्थी राज्‍याधीन लोक सेवाओं के लिए अर्ह होगा.

अदालत ने अपनी टिप्पणी में यह भी कहा कि ट्रिपल सी की कुछ सरकारी पदों पर अनिवार्यता इसलिए की गई, ताकि लोगों को सरकारी सेवाएं इलेक्ट्रॉनक माध्यम से प्रदान की जा सकें. ट्रिपल सी कोर्स के जरिये छात्र को सूचना तकनीकी का आधारभूत ज्ञान प्राप्त होता है.

वर्तमान मामले में याचियों के पास भले ट्रिपल सी सर्टिफिकेट न हो, लेकिन उन्होंने मान्यता प्राप्त संस्थानों से समकक्ष योग्यता प्राप्त की है। इस वजह से वे उक्त पद पर आवेदन करने के लिए योग्य माने जाएंगे.