Home Blog Page 109

ICC T20I Ranking : इंग्लैड के खिलाफ श्रृंखला से पहले T-20 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचा भारत

ICC T20I Ranking के शीर्ष पर काबिज इंग्लैंड के खिलाफ 12 मार्च से शुरू होने वाली पांच मैचों की श्रृंखला से पहले भारत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की पुरुष टी20 टीम रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है.

इंग्लैंड अभी भारत से सात अंक आगे है. वह इससे पहले तीसरे स्थान पर था लेकिन आस्ट्रेलिया की हाल में न्यूजीलैंड के हाथों 2-3 की हार से भारतीय टीम आगे बढ़ने में सफल रही. भारत और आस्ट्रेलिया के बीच हालांकि केवल एक अंक का अंतर है.

टी20 बल्लेबाजी तालिका में भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल एक पायदान नीचे तीसरे स्थान पर खिसक गये हैं लेकिन कप्तान विराट कोहली पहले की तरह छठे स्थान पर बने हुए हैं.

राहुल के 816 रेटिंग अंक हैं तथा वह इंग्लैंड के डाविड मलान (915 अंक) और आस्ट्रेलिया के आरोन फिंच (830) के बाद तीसरे स्थान पर है. कोहली के 697 अंक हैं.

फिंच ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम तीन टी20 मैचों में 69, 79 और 36 रन बनाये जिससे वह दो पायदान आगे बढ़ने में सफल रहे. न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल ने दो अर्धशतकों की मदद से आस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला में 218 रन बनाये जिससे वह तीन पायदान ऊपर आठवें स्थान पर पहुंचने में सफल रहे.

आस्ट्रेलिया के एशटन एगर और न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी ने श्रृंखला में क्रमश: 13 और आठ विकेट लेकर अपनी रैकिंग में सुधार किया है. एगर चार पायदान ऊपर चौथे और सोढ़ी तीन स्थान के फायदे के साथ आठवें नंबर पर पहुंच गये हैं.

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी और स्पिनर एडम जंपा क्रमश: तीन और एक पायदान नीचे नौवें और छठे स्थान पर खिसक गये.

वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला में छह विकेट लेने वाले श्रीलंकाई स्पिनर लक्षण संदाकन नौ पायदान चढ़कर 10वें स्थान पर पहुंच गये हैं.

India-New Zealand के बीच ICC World Test Championship का फाइनल Southampton में होगा – ICC

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बुधवार को कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल 18 से 22 जून के बीच साउथम्पटन में हैंपशर बाउल में जैव सुरक्षित वातावरण में खेला जाएगा.

पहले फाइनल का आयोजन लार्ड्स में होने की संभावना थी लेकिन आईसीसी बोर्ड और इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने Covid-19 के संभावित जोखिम को कम से कम करके इसका सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित करने के लिये स्थान बदलने का फैसला किया.

आईसीसी ने बयान में कहा, ‘‘हैंपशर बाउल का चयन करने में आईसीसी ने 2020 की गर्मियों में जैव सुरक्षित वातावरण में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आयोजन करने के ईसीबी के अनुभव का इस्तेमाल किया.’’

इसमें कहा गया है, ‘‘यह स्थल खेल और अभ्यास की विश्वस्तरीय सुविधाएं मुहैया कराता है और यहां दोनों टीमों को तैयारियों के लिये सर्वश्रेष्ठ संभावित माहौल मिलेगा.’’

आईसीसी ने कहा, ‘‘अगर ब्रिटिश सरकार कोविड-19 लॉकडाउन में ढील को पूर्व योजना के अनुसार आगे बढ़ाती है तो फिर हैंपशर बाउल में फाइनल देखने के लिये सीमित संख्या में दर्शकों को अनुमति दी जा सकती है। ’’

न्यूजीलैंड फाइनल के लिये क्वालीफाई करने वाली पहली टीम थी. भारत ने शनिवार को समाप्त हुई चार मैचों की श्रृंखला में इंग्लैंड को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनायी थी.

तीरथ सिह रावत बने उत्तराखंड के 10वें मुख्यमंत्री, राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ

तीरथ सिंह रावत ने बुधवार को उत्तराखंड के 10वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की. राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने रावत को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

शपथ ग्रहण समारोह के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में दिल्ली से आए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि अगले एक-दो दिन में उनके मंत्रिमंडल के बारे में निर्णय ले लिया जाएगा.

उन्होंने कहा, ‘आज तीरथजी ने शपथ ले ली है. उनके मंत्रिमंडल का विस्तार भी एक-दो दिन में हो जाएगा. ‘ तीरथ सिंह ने ऐसे समय में प्रदेश की बागडोर संभाली है जब अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में एक साल से भी कम का समय शेष है.

इससे पहले, रमन सिंह और पार्टी मामलों के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की मौजूदगी में नए नेता का नाम तय करने के लिए हुई भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में पौड़ी गढ़वाल से सांसद तीरथ सिंह रावत के नाम पर सहमति बनी. इस बैठक में प्रदेश के सभी सांसद भी मौजूद थे.

करीब आधा घंटे तक चली इस बैठक के बाद 57 वर्षीय तीरथ सिंह को नया मुख्यमंत्री चुने जाने की घोषणा स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने की जिन्होंने मंगलवार को पद से इस्तीफा देते हुए नए नेता के चयन की राह साफ की थी।

हालांकि, मुख्यमंत्री पद की दौड़ में आगे चल रहे दावेदारों की चर्चा में तीरथ सिंह का नाम कहीं सुनाई नहीं दिया था जिसके चलते उनके नाम की घोषणा से सभी हैरान रह गए।

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तीरथ सिंह को उनके कार्यकाल के सफल होने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं ही उनके नाम का प्रस्ताव किया था. तीरथ सिंह को एक कर्मठ व्यक्ति करार देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने उन्हें अपना छोटा भाई बताया.

पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के राजनीतिक शिष्य कहे जाने वाले तीरथ सिंह रावत प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष तथा प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके हैं. मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि वह मिलजुल कर और सबको साथ लेकर काम करेंगे.

Amazon Prime पर रिलीज होगी फरहान अख्तर की फिल्म “तूफान”

फरहान अख्तर अभिनीत खेल आधारित फिल्म “तूफान” अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी. अमेजन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि इस फिल्म में अख्तर एक बॉक्सर के किरदार में हैं और यह 21 मई को ऑनलाइन मंच पर रिलीज होगी.

फिल्म “तूफान” का निर्देशन राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने किया है और इसमें परेश रावल, मृणाल ठाकुर, सुप्रिया पाठक कपूर और हुसैन दलाल ने भी अभिनय किया है.वर्ष 2013 में आई “भाग मिल्खा भाग” के बाद अख्तर और मेहरा की यह दूसरी परियोजना है.

मुंबई : कुत्ते संग दुष्कर्म करने वाले पर बॉम्बे एनिमल्स राइट ने दर्ज कराया मामला, आरोपी गिरफ़्तार

मुंबई में एक कुत्ते संग दुष्कर्म करने का ममाला सामने आया है. मिली जानकारी के मुताबिक़ मुंबई के डीएन नगर पुलिस स्टेशन ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है.

गिरफ़्तार शख़्स का नाम अहमद शाही बताया जा रहा है. जो अंधेरी के जूहु गल्ली का रहने वाला है. अहमद शाही द्वारा कुत्ते का यौन शोषण करने की ख़बर मिलने के बाद बॉम्बे एनिमल्स राइटस संगठन ने पुलिस अधिकारियों को मामले से अवगत कराया. जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एफ़आईआर दर्ज की और आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया.

वहीं बॉम्बे एनिमल्स राइट अध्यक्ष विजय मोहनी का कहना है कि कई जगहों पर बेज़ुबान जानवरो के साथ दुष्कर्म के कई मामले प्रकाश में आते रहते हैं, लेक़िन सही जानकरी के आभाव में दोषियों पर कार्रवाई नहीं हो पाती. साथ ही उन्होंने लोगों से ऐसे मामलों पर शिकायत दर्ज कराने और जानवरों की मदद करने की अपील की है.

(राहुल शुक्ला की रिपोर्ट)

देश में Covid-19 के 15,388 नए मामले, 77 और लोगों की मौत

भारत में एक दिन में Covid-19 के 15,388 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,12,44,786 हो गई, जिनमें से 1,08,99,394 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 77 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,57,930 हो गई.

आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार छह दिन तक कोविड-19 के उपचाराधीन मामलों में बढ़ोतरी के बाद आखिरकार वे कम हुए. देश में अभी 1,87,462 लोगों का कोरोना वायरय संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.67 प्रतिशत है. देश में कोविड-19 से मृत्यु दर भी घटकर 1.40 प्रतिशत हो गई है.

आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,08,99,394 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 96.93 प्रतिशत है.

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी.

वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे.

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, देश में अभी तक 22,27,16,796 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है. इनमें से 7,48,525 नमूनों की जांच सोमवार को की गई थी.

आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में जिन 77 लोगों की मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 22 , पंजाब के 14 और केरल के 12 लोग थे.

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में वायरस से अभी तक कुल 1,57,930 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 52,500, तमिलनाडु के 12,521, कर्नाटक के 12,367, दिल्ली के 10,924, पश्चिम बंगाल के 10,280, उत्तर प्रदेश के 8,738 और आंध्र प्रदेश के 7,176 के लोग थे.

महाराष्ट्र : ठाणे में एक आवासीय इमारत में लगी आग, बिजली के 32 मीटर जलकर खाक

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक आवासीय इमारत के बिजली के मीटर वाले कक्ष में सोमवार देर रात आग लग गई.

नगर निकाय अधिकारी ने बताया कि घटना में कम से कम 32 मीटर जलकर खाक हो गए. इस दौरान किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है.

ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि काल्वा इलाके में एक आवासीय इमारत में देर रात करीब पौने दो बजे बिजली के मीटर वाले कक्ष में आग लग गई.

उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की एक गाड़ी को मौके पर भेजा गया और करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया.

अधिकारी ने कहा, ‘‘ काई हताहत नहीं हुआ है. कम से कम 32 मीटर जलकर खाक हो गए। आग लगने की वजह से इमारत में बिजली सेवाएं बाधित हुई हैं.’’

उन्होंने बताया कि बिजली आपूर्ति कम्पनी के अधिकारी और पुलिस भी मौके पर पहुंची है. आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है.

महाराष्ट्र : पुणे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,831 नए मामले सामने आए

महाराष्ट्र के पुणे जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,831 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,13,674 हो गई. स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि जिले में संक्रमण के चलते 11 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 9,276 हो गई.

पुणे शहर में संक्रमण के लगभग 904 नए मामले सामने आए हैं. पड़ोसी पिंपरी-चिंचवाड़ में 502 मामले सामने आए.

जिले में 12,001 नमूनों की कोरोना वायरस जांच की गई जबकि 1,191 लोग संक्रमण से उबर गए. इसके साथ ही ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 3,92,438 हो गई है.

महाराष्ट्र : भिवंडी में आग लगने से ‘पावरलूम फैक्टरी’ जलकर खाक

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में बृहस्पतिवार देर रात भीषण आग लगने से ‘पावरलूम फैक्टरी’ जलकर खाक हो गई.

अधिकारी ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है. ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि नगांव रोड स्थित फैक्टरी में देर रात दो बजकर 20 मिनट पर आग लगी.

उन्होंने बताया कि भिवंडी निजामपुर शहर नगर निगम की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया.

कदम ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन ‘पावरलूम फैक्टरी’ पूरी तरह खाक हो गई.

उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है.

West Indies vs Sri Lanka: पोलार्ड के छह गेंद में छह छक्के, वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को हराया

श्रीलंका के लेग स्पिनर अकिला धनंजय ने टी20 क्रिकेट के उतार चढाव एक ही मैच में देख लिये जब क्रिस गेल के विकेट समेत हैट्रिक लेने के बाद कीरोन पोलार्ड ने पहले मैच में उन्हें एक ओवर में छह छक्के जड़ डाले.

पोलार्ड भारत के युवराज सिंह के बाद टी20 क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले दूसरे और सभी प्रारूपों में तीसरे बल्लेबाज बन गए. युवराज ने टी20 विश्व कप 2007 में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में यह कारनामा किया था.

वेस्टइंडीज ने बुधवार को यह मैच 41 गेंद बाकी रहते चार विकेट से जीता. वेस्टइंडीज ने 132 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए छह विकेट पर 134 रन बनाये.

धनंजय टी20 क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले दुनिया के 15वें और श्रीलंका के चौथे गेंदबाज बन गए. उन्होंने एविन लुईस (28), गेल (0) और निकोलस पूरन (0) को चौथे ओवर में लगातार तीन गेंदों पर आउट किया.

उनकी खुशी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और अगले ही ओवर में पोलार्ड ने उन्हें मैदान के चारों ओर छक्के जड़े. अगले ओवर में जैसन होल्डर ने भी उन्हें पहली गेंद पर छक्का लगाया. इसके अलावा उनकी गेंद पर दो कैच भी छूटे.

इससे पहले श्रीलंका की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 131 रन ही बना सकी. उसका स्कोर एक समय तीन विकेट पर 86 रन था लेकिन बारिश के कारण ब्रेक के बाद उसने छह विकेट 45 रन के भीतर गंवा दिये.

वेस्टइंडीज के लिये लुईस ने पहले ओवर की आखिरी तीन गेंद पर छक्के लगाये. इसके बाद धनंजय ने हैट्रिक लेकर दबाव बनाया. दो साल में पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे गेल खाता भी नहीं खोल सके.

वेस्टइंडीज का स्कोर एक समय चार विकेट पर 62 रन था. इसके बाद पोलार्ड ने यह आक्रामक पारी खेली. वह 38 रन बनाकर डिसिल्वा की गेंद पर आउट हुए और अगली गेंद पर फेबियन एलेन भी अपना विकेट गंवा बैठे लेकिन ड्वेन ब्रावो ने हैट्रिक नहीं बनने दी.

ब्रावो ओर होल्डर ने वेस्टइंडीज को जीत तक पहुंचाया ।होल्डर 29 रन बनाकर नाबाद रहे.