Home Blog Page 123

कोरोना वैक्सीन लगवाने वाली बनी पहली एक्ट्रेस बनीं शिल्पा शिरोडकर, सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीर

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर की ने यूएई में कोरोना की वैक्सीन लगवा ली है. ऐसा करने वाली वे पहली एक्टेस हैं.

शिल्पा ने वैक्सीन लगने के बाद तस्वीर शेयर करते हुए कहा वे बिल्कुल फिट महसूस कर रही हैं और काफी खुश हैं. इंस्टाग्राम पर उन्होंने लिखा – वैक्सीन लग गई है और मैं सुरक्षित हूं. 2021 का स्वागत करने को तैयार, शुक्रिया यूएई.

आपको बता दें कि यूएई में मिशन मोड पर कोरोना वैक्सीन लगाने का काम शुरू हो चुका है. इसी कड़ी में भारतीय एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर का नंबर भी लग गया. अब वे खुद को काफी सुरक्षित महसूस कर रही हैं.

शिल्पा शिरोडकर को गोपी कृष्ण, दिल ही है और आंखें जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है. शिल्पा शिरोडकर मिस इंडिया नमृता शिरोडकर की बड़ी बहन होने के नाते भी उनका सुर्खियों में बने रहना जारी रहता है. नमृता ने साउथ स्टार महेश बाबू से शादी की है.

Badaun Gangrape Case: बदायूं में महिला से हैवानियत का मुख्य आरोपी महंत गिरफ्तार, गांव में ही छिपा मिला

उत्तर प्रदेश पुलिस ने बदायूं जिले में एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के साथ कथित सामूहिक बलात्कार और उसकी हत्या के मामले में फरार मुख्य आरोपी महंत को बृहस्पतिवार आधी रात को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.

पुलिस ने बताया कि आज शुक्रवार को उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा और उसके बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा.

गौरतलब है कि गत रविवार को बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र के एक गांव में मंदिर गयी 50 वर्षीय एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी.

परिजन ने मंदिर के महंत सत्य नारायण और उसके दो साथियों पर बलात्कार और हत्या का आरोप लगाया. इस आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों वेद राम और जसपाल को मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया था.

इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य चंद्रमुखी देवी की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से बृहस्पतिवार को मुलाकात की और इस घटना में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए.

चंद्रमुखी ने कहा, ‘‘ मैं महिलाओं से कहती हूं कि कहीं भी, किसी के प्रभाव में महिला को समय असमय नहीं पहुंचना चाहिए. सोचती हूं कि अगर संध्या के समय में वह महिला नहीं गयी होती या परिवार का कोई बच्चा साथ में होता तो शायद ऐसी घटना नहीं हुई होती,लेकिन यह सुनियोजित था.’’

उन्होंने कहा, ‘‘ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की वारदात जघन्य है और इस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. सरकार ऐसे मामलों को लेकर बहुत सख्त है फिर भी ऐसी घटनाएं हो जाती हैं. मैं पुलिस की भूमिका से संतुष्ट नहीं हूं. अगर समय रहते कार्रवाई होती तो शायद महिला की जान बच जाती.’

उन्होंने कहा ‘महिला बेहोशी की स्थिति में थी. उसको अगर इलाज मिल जाता तो वह बच जाती. घटना का मुकदमा दर्ज होने में बहुत देर की गई. इसके अलावा पोस्टमार्टम में भी विलंब हुआ.’

चंद्रमुखी ने कहा, ‘किसी थाना प्रभारी को निलंबित करना काफी नहीं है. हमने एसएसपी से कहा है कि किसी दबाव में किसी को बख्शा नहीं जाना चाहिए. मिशन शक्ति और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों के बाद भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं, इसका मतलब यह है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं है.’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदायूं की वारदात को गंभीरता से लेते हुए बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक से रिपोर्ट तलब की है.

मुख्यमंत्री ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर मामले की जांच में विशेष कार्य बल की भी मदद ली जाए साथ ही दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में की जाए. इस मामले में लापरवाही बरतने पर तत्कालीन थाना प्रभारी को निलम्बित कर दिया गया है.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला से बलात्कार की पुष्टि हुई है, उसके गुप्तांग में चोट के निशान पाए गए हैं तथा पैर की हड्डी टूटी होने की बात कही गई है.

जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर यशपाल सिंह का कहना है कि महिला की मौत सदमे और अत्यधिक रक्तस्राव की वजह से हुई है.

घटना को निर्भया कांड जैसा बताया जा रहा है और इस बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर मेडिकल विशेषज्ञों से राय ली जा रही है और उससे पहले इसे किसी भी घटना से जोड़ना गलत होगा.

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को मिली जान से मारने की धमकी, जांच के दिए आदेश

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को एक अनाम पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें दावा किया गया है कि उन्हें जान से मारने की साजिश रची गई है.

उन्होंने बताया कि यह धमकी भरा पत्र मिलने के बाद, राज्य सरकार ने इस विषय की जांच का आदेश दिया है. यह पत्र पटनायक के आवास के पते पर आया और यह अंग्रेजी में लिखा हुआ है. पत्र में यह भी कहा गया है कि साजिश का सरगना नागपुर (महारष्ट्र) में रहता है.

यह पत्र पांच जनवरी को प्राप्त हुआ था। इसके बाद विशेष सचिव (गृह) डॉ संतोष बाला ने राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारियों को इस विषय की जांच करने का आदेश दिया है.

बाला ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री के आवास, सचिवालय और उनकी यात्रा दौरान सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

जानिए कब है मासिक शिवरात्रि, मुहूर्त और पूजन विधि

कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मासिक शिवरात्रि के नाम से जाना जाता है. पौराणिक कथाओं के अनुसार महा शिवरात्रि के दिन मध्य रात्रि में भगवान शिव लिंग के रूप में प्रकट हुए थे. इसीलिए महा शिवरात्रि को भगवान शिव के जन्मदिन के रूप में जाना जाता है और श्रद्धालु शिवरात्रि पर शिवलिंग की पूजा करते हैं. मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने से जीवन में सुख और शांति आती है.

शिव पुराण के अनुसार, मासिक शिवरात्रि के दिन व्रत करके भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने से सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं. जीवन की मुश्किलें दूर होती हैं.इस दिन सूर्योदय से पहले उठें. स्नान करें. भगवान शिव का ध्‍यान कर व्रत का संकल्‍प लें.
1. शिवलिंग पर जल, घी, दूध, शक्‍कर, शहद, दही आदि अर्पित करें. बाबा भोलेनाथ को बेलपत्र, धतूरा आदि चढ़ाएं.
2. ऊं नम: शिवाय मंत्र का लगातार जप करें.
3. भगवान शिव के साथ माता पार्वती की आरती भी करें.
4. भगवान को लगाए जाने वाले भोग में कुछ मीठा जरूर शामिल करें.

मासिक शिवरात्रि मुहूर्त
पौष, कृष्ण चतुर्दशी
प्रारम्भ -14:32, जनवरी 11
समाप्त – 12:22, जनवरी 12

छत्तीसगढ़ : एक ही मंडप में दो प्रेमिकाओं संग दूल्हे ने रचाई शादी, देखें तस्वीरें

0

छत्तीसगढ़ के बस्तर में हुई शादी चर्चा का विषय बनी हुई है. दरअसल यहां चंदू नाम के एक युवक ने एक ही मंडप में दो युवतियों से शादी रचाई. जिसे लेकर इलाके में कौतुहल बना हुआ है.

वहीं दूल्हा बने चंदू की माने तो दोनों युवतियों से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था. ऐसे में वह किसी को धोखा नही देना चाहता था. यही वज़ह है कि उसने दोनों युवतियों से शादी कर ली. हालाँकि हिंदू मैरिज एक्ट के तहत ये शादी मान्य नहीं है. लेकिन आदिवासी संस्कृति ऐसी शादी को मान्यता देती है. 

मिली जानकारी के मुताबिक़ करीब तीन साल पहले चंदू तोकापाल इलाके में बिजली के खंबे गाड़ने गया था. वहां उसकी मुलाकात 21 साल की सुंदरी कश्यप से हुई और दोनों एक दूसरे से प्रेम करने लगे. फिर फोन पर शुरू हुई बातचीत शादी तक जा पहुंची.  

इस रिश्ते के एक साल बाद चंदू के गांव में 20 साल की हसीना बघेल अपने किसी रिश्तेदार की शादी में आईं. दोनों ने एक दूसरे को देखा और प्यार हो गया. इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे से प्यार का इजहार किया और चंदू ने बताया कि वो पहले ही किसी के साथ रिलेशनशिप में हैं. इसमें हसीना को भी कोई ऐतराज नहीं हुआ. 

चंदू ने एक दिन हसीना और सुंदरी की एक दूसरे जान पहचान कराई. दोनों को ही उसके साथ रिश्ता रखने में कोई दिक्कत नहीं थी. लेकिन जब एक सुंदरी को पता चला कि हसीना चंदू के साथ घर पर रहने लगी है, तो उसने भी कुछ ऐसा ही किया और वो भी उसके घर आकर रहने लगी. इसके बाद से ही तीनों एक परिवार की तरह घर में रहने लगे. 

चंदू ने बताया कि बिना शादी के जब तीनों एक साथ रहने लगे तो हर किसी ने सवाल उठाने शुरू कर दिये. फिर गांव वालों ने मिलकर एक ही मंडप में हम तीनों की शादी कर दी. जिसमें बड़ी संख्या में लोग आए और उन्हें आशीर्वाद दिया. 

इस शादी में हसीना के परिजन शामिल हुए थे. लेकिन सुंदरी के घर से कोई नहीं आया. वहीं सुंदरी को लगता है कि देर-सबेर उसके परिजन भी इस शादी के लिए मान जाएंगे. हिंदू मैरिज एक्ट के तहत ये शादी मान्य नहीं है. लेकिन आदिवासी संस्कृति में ऐसी शादी को मान्यता है. 

फ़िल्म अभिनेता रितेश देशमुख हुए साइबर धोखाधड़ी का शिकार, वीडियो शेयर कर फैंस को दी ये नसीहत

बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख ने नए साइबर फ्रॉड के बारे में लोगों को चेताया, जिसमें अधिकतर सत्यापित सेलेब्रिटीज अकांउट्स को निशाना बनाया जा रहा है और लोग इसके झांसे में तभी आ रहे हैं, जब वे पेज पर दिए गए एक लिंक पर क्लिक कर रहे हैं. रितेश ने ट्वीट करते हुए लिखा, “इंस्टाग्राम के डायरेक्ट मैसेज में मुझे यह मिला – हैशटैगसाइबरफ्रॉड हैशटैगबिवेयर.”

अभिनेता द्वारा साझा किए गए इस मैसेज के स्क्रीनशॉट पर लिखा है, “आपके अकाउंट के एक पोस्ट में कॉपीराइट उल्लंघन के होने का पता चलता है. अगर आपको लगता है कि यह गलत है, तो आप इस पर अपनी प्रतिक्रिया दें, नहीं तो आपका अकाउंट 24 घंटे के अंदर बंद हो जाएगा. आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके अपना फीडबैक दे सकते हैं. आपकी समझदारी के लिए आपका शुक्रिया.”

रितेश ने अपने एक अलग ट्वीट में इसके बारे में लोगों को सावधान करते हुए लिखा, “इंस्टाग्राम के सभी यूजर्स इस नए साइबर फ्रॉड से सावधान रहें. मुझे एक ऐसा ही डायरेक्ट मैसेज मिला है, लेकिन खुशकिस्मती से मैंने दिए गए लिंक पर क्लिक नहीं किया है.”

हाल ही में बॉलीवुड की कई हस्तियों के साइबर फ्रॉड के झांसे में आने का मामला सामने आया है, जिसके तहत इनके इंस्टाग्राम, ट्विटर और फेसबुक अकाउंट को निशाना बनाया जा रहा है. इस लिस्ट में फिल्मकार आनंद एल राय, अभिनेता विक्रांत मैसी और उर्मिला मातोंडकर, कोरियोग्राफर-निर्देशक फराह खान और गायक आशा भोंसले और अंकित तिवारी शामिल हैं.

जोधपुर: युद्धाभ्यास के दौरान बड़ा हादसा, हेलीकॉप्टर से झील में कूदे सेना के कैप्टन डूबे

भारतीय थल सेना की 10 पैरा (विशेष बल) के एक कैप्टन के बृहस्पतिवार को एक प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान यहां एक झील में डूबने की आशंका जताई जा रही है. यह जानकारी पुलिस ने दी.

राजीव गांधी नगर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी जय किशन सोनी ने बताया कि रेगिस्तान युद्ध के लिए सेना की विशेष इकाई 10 पैरा (एसएफ) के कैप्टन अंकित गुप्ता प्रशिक्षण अभ्यास के तहत एक हेलीकाप्टर से कल्याण झील में कूदे थे, लेकिन वह अन्य प्रशिक्षुओं के साथ ऊपर नहीं आये.

सोनी ने कहा कि पैरा 10 (एसएफ) बृहस्पतिवार दोपहर जोधपुर के बाहरी इलाके में स्थित कल्याण झील में प्रशिक्षण अभ्यास कर रहा था. उन्होंने कहा कि जब कैप्टन गुप्ता झील में कूदने के बाद बाहर नहीं आये, तो पुलिसकर्मियों, एसडीआरएफ कर्मियों और गोताखोरों के साथ एक बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया. लेकिन देर रात तक उनका कुछ पता नहीं चल सका.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सेना के पैरा कमांडो अपनी रूटीन ट्रेनिंग के लिए हेलिकॉप्टर से झील में कूद रहे थे. पानी में कूदने के बाद इन्हें बाहर आना था. इसी अभ्यान के दौरान कैप्टन गुप्ता ने भी अपेन चार साथियों के साथ हेलिकॉप्टर से झील में कूदे. इसके बाद उनके साथी बाहर आ गए लेकिन कैप्टन गुप्ता पानी से बाहर नहीं निकले.

उत्तराखंड : हाई स्पीड ट्रेन के ट्रायल के दौरान हरिद्वार में हुआ दर्दनाक हादसा, चार लोगों की हुई मौत

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रेलवे लाइन के डबल ट्रैक बनने के बाद बृहस्पतिवार को ट्रेन हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई. हादसा उस वक्त हुआ जब लक्सर-हरिद्वार रेलवे लाइन का दोहरीकरण होने के बाद लक्सर से हरिद्वार के लिए तेज स्पीड ट्रेन का ट्रायल चल रहा था.

हादसा जमालपुर कलां गांव के पास हुआ, जब परीक्षण के लिए चलाई गई रेलगाड़ी 100 से 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गुजर रही थी. उसकी चपेट में आकर रेलवे लाइन से गुजर रहे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी.

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सेंथिल अवूदई कृष्ण राज एस ने हादसे में चार व्यक्तियों के मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि फिलहाल मृतकों की शिनाख्त की जा रही है. मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजन के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए जिलाधिकारी को घटना की जांच करने के निर्देश दिये हैं.

सौरव गांगुली को मिली अस्पताल से छुट्टी, बोले- जल्द वापसी करूंगा

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली को गुरुवार को कोलकाता के अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. अस्पताल से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा कि मैं ठीक हूँ और जल्द वापसी करूंगा .

ग़ौरतलब है कि कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में 48 साल के सौरव गांगुली का इलाज चल रहा था. उन्हें शनिवार को दिल का हल्का दौरा पड़ने के बाद भर्ती कराया गया था. अब घर पर ही गांगुली के स्वास्थ्य पर नजर रखी जाएगी.

सौरव गांगुली की शनिवार को ही एंजियोप्लास्टी की गई थी. अस्पताल के मुताबिक, गांगुली के दिल की नसों में बाकी ब्लॉकेज के लिए होने वाली अगली एंजियोप्लास्टी पर फैसला बाद में लिया जाएगा, क्योंकि वह पहले से काफी बेहतर हैं.

इससे पहले जाने-माने कार्डिय़ोलॉजिस्ट डॉ. देवी शेट्टी ने कहा था, ‘सौरव गांगुली फिट हैं और अब वह फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट सकते हैं, जैसा कि वह पहले थे. उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है.’

डॉ. शेट्टी वुडलैंड मंगलवार को अस्पताल में गांगुली का उपचार कर रहे 13 डॉक्टरों से मिल थे. उन्होंने कहा, ‘गांगुली जल्द स्वस्थ हो जाएंगे क्योंकि उनका हृदय उसी तरह काम कर रहा है जैसा कि 20 साल की उम्र में करता था.’

डॉ. शेट्टी ने कहा, ‘यह कोई बड़ा दिल का दौरा नहीं था. इससे उनके हृदय को कोई क्षति नहीं पहुंची है, इसका भविष्य में उनके जीवन पर कोई असर नहीं पड़ेगा. वह सामान्य जीवन बिता सकते हैं.’

कर्नाटक : हाईकोर्ट ने येदियुरप्पा को दिया दोहरा झटका, भ्रष्टाचार केस में जांच की दी इजाजत, FIR रद्द करने से भी किया इनकार

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को दोहरा झटका देते हुए कर्नाटक हाईकोर्ट ने भूखंड उपयोग के लिए मंजूरी के आदेश को वापस लेने में हुई कथित फर्जीवाड़े की एक शिकायत को बहाल कर दिया है. इसके साथ ही भूमि अधिसूचना अवैध तरीके से वापस लेने के 2015 के मामले में उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द करने से इनकार कर दिया है.

न्यायमूर्ति जॉन माइकल कुन्हा ने बुधवार को अलाम पाशा की एक याचिका आंशिक तौर पर स्वीकार कर ली और इसके अनुरूप अतिरिक्त नगर दीवानी एवं सत्र न्यायालय के 26 अगस्त 2016 के येदियुरप्पा समेत चार में से तीन आरोपियों के संबंध में उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें पाशा की शिकायत खारिज कर दी गई थी.

यह मामला येदियुरप्पा के मुख्यमंत्री के तौर पर पहले कार्यकाल के दौरान 2012 में कथित रूप से पाशा के जरिए जारी किए गए दस्तावेजों की जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र के आरोपों से जुड़ा है. इस मामले में येदियुरप्पा (तत्कालीन मुख्यमंत्री) के अलावा पूर्व उद्योग मंत्री मुरुगेश निरानी, पूर्व प्रमुख सचिव वी पी बालिगर और कर्नाटक उद्योग मित्र के पूर्व प्रबंध निदेशक शिवस्वामी के. आरोपी हैं.

शुरुआत में निचली अदालत ने 2013 में पाशा की शिकायत इस आधार पर खारिज कर दी थी कि आरोपियों के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी नहीं ली गई है. इसके बाद याचिकाकर्ता ने 2014 में येदियुरप्पा के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद फिर से शिकायत दायर की, लेकिन निचली अदालत ने 26 अगस्त, 2016 को इसी आधार पर इसे खारिज कर दिया. हालांकि, उसने याचिकाकर्ता को सक्षम प्राधिकार से पूर्व में मंजूरी लेने के बाद अदालत में आने की छूट दी.

याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट में कहा कि प्रतिवादियों के पद पर नहीं रहने को लेकर उनके खिलाफ अभियोग के लिए मंजूरी आवश्यक नहीं है. हाईकोर्ट ने इस पर सहमति जताई और कहा कि मंजूरी नहीं लिए जाने के कारण पहली शिकायत को खारिज करना प्रतिवादियों के पद से हटने के बाद 2014 में दर्ज शिकायत को बरकरार रखने में बाधा नहीं बनेगा, लेकिन उसने तीसरे प्रतिवादी बालिगर के मामले में निचली अदालत का आदेश बरकरार रखा, क्योंकि सरकार ने उनके खिलाफ अभियोजन की मंजूरी नहीं दी थी.

इससे पहले, मुख्यमंत्री येदियुरप्पा को झटका देते हुए हाईकोर्ट ने उनकी वह याचिका खारिज कर दी, जिसमें कथित तौर पर अवैध तरीके से भूमि अधिसूचना वापस लेने को लेकर उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द करने का अनुरोध किया गया था. इसके साथ ही अदालत ने मुकदमे के खर्च के तौर पर मुख्यमंत्री को 25 हजार रुपये जमा कराने का भी आदेश दिया. येदियुरप्पा की याचिका मंगलवार को जब न्यायमूर्ति कुन्हा की अदालत में सुनवाई के लिए आई तो उन्होंने उसे खारिज करते हुए लोकायुक्त पुलिस को मामले की जांच जारी रखने का निर्देश दिया.

बता दें कि 15 दिन में यह दूसरी बार है जब अदालत ने येदियुरप्पा की याचिका खारिज की है. इससे पहले 23 दिसंबर को अदालत ने भूमि अधिसूचना वापस लेने के एक अन्य मामले में चल रही आपराधिक कार्रवाई रद्द करने के येदियुरप्पा के अनुरोध को खारिज कर दिया था.

यह मामला गंगनहल्ली में 1.11 एकड़ जमीन की अधिसूचना वापस लेने का है, जो बेंगलुरु के आरटी नगर में मातादहल्ली ले-आउट का हिस्सा है और इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और अन्य भी आरोपी हैं. सामाजिक कार्यकर्ता जयकुमार हीरेमठ की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने वर्ष 2015 में आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा-420 के तहत मामला दर्ज किया था.