Home Blog Page 122

पश्चिम बंगाल : कृषि कानूनों के खिलाफ पश्चिम बंगाल विधानसभा का दो दिवसीय सत्र 27 जनवरी से, जीएसटी पर भी होगी चर्चा

पश्चिम बंगाल विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 27 जनवरी को शुरू होगा, जिसमें राज्य सरकार केन्द्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर आंदोलनकारी किसानों के मुद्दों पर चर्चा करेगी.

राज्य के संसदीय मामलों के मंत्री पार्थ चटर्जी ने शुक्रवार रात पत्रकारों के बताया कि विधानसभा अध्यक्ष बिमान बंधोपाध्याय को पत्र भेजकर विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया गया है. उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान जीएसटी से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी.

चटर्जी ने कहा कि केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ एकजुट होने के लिये प्रस्ताव का मसौदा कांग्रेस और वामदलों को भी भेजा जाएगा.वामदलों और कांग्रेस ने एक जनवरी को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से कृषि कानूनों को लेकर विधानसभा का सत्र बुलाने का अनुरोध किया था.

इधर, बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा अपने काफिले पर हुए हमले के करीब एक महीने बाद किसानों को लुभाने के लिए पार्टी की नई मुहिम शुरू करने के उद्देश्य से आज पश्चिम बंगाल के पूर्वी वर्द्धमान जिले का दौरे पर हैं पार्टी की यह मुहिम ऐसे समय में आरंभ की जा रही है, जब किसान नए कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं.

नड्डा एक दिन के अपने दौरे पर कटवा में एक रैली और वर्द्धमान शहर में एक रोडशो करेंगे, जिसके बाद एक संवाददाता सम्मेलन होगा. नड्डा बीजेपी नीत केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्षी खेमे के किसान विरोधी आरोपों को कमजोर करने के लिए एक मुट्ठी चावल परियोजना शुरू करेंगे, जिसके तहत वे किसानों के घरों से चावल एकत्र करेंगे और उन्हें नए कानून के लाभ के बारे में बताएंगे.

महाराष्ट्र : परभणी के पोल्ट्री फॉर्म में 900 मुर्गियों की मौत, जांच लिए भेजे गये नमूने

महाराष्ट्र के परभणी जिले के मुरुम्बा गांव स्थित पॉलिट्री फार्म में 900 मुर्गियों की मौत हो गई है. परभणी के जिलाधिकारी दीपक मुलगीकर ने बताया कि मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है.

मुलगीकर ने बताया कि ‘‘दो दिनों में मराठवाड़ा इलाके के मुरुम्बा गांव में 900 मुर्गियां मरी हैं. हमने मरी हुई मुर्गियों के नमूनों को जांच के लिए भेजा है.’’ उन्होंने कहा कि जिस पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों की मौत हुई है उसे स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) चलाता है.

मुलगीकर ने बताया, ‘‘इस पोल्ट्री फार्म में करीब आठ हजार मुर्गियां हैं. 900 मुर्गियों की मौत दो दिनों में हुई है. पिछले 24 घंटे में एक भी मुर्गी की मौत दर्ज नहीं की गई है.’’

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मुर्गियों की मौत की वजह भोजन से संबंधित लगती है लेकिन जांच नतीजों का इंतजार है. उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में अबतक बर्ड फ्लू का एक भी मामला सामने नहीं आया है. वहीं, केंद्र ने आठ जनवरी को बताया कि अबतक छह राज्यों केरल, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और गुजरात में बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि हुई है.

इधर, देश के कुछ हिस्सों में बर्ड फ्लू फैलने के बाद उत्तर और पश्चिम भारत में चिकन की बिक्री कम हो गई है. चिकन कंपनियों की बिक्री घटने से कीमतों में 20 फीसदी तक गिरावट दर्ज की जा रही है. अंडों के दाम भी घटे हैं. हालांकि खुदरा कीमतें अभी कम नहीं हुई हैं. इकनॉमिक टाइम्स की एक खबर के मुताबिक दक्षिण भारत में चिकन की बिक्री में 30 फीसदी की गिरावट आई है जबकि उत्तर और पश्चिम भारत में सेल 50 से 60 फीसदी तक गिरी है.

स्टीव स्मिथ ने तोड़ा गैरी सोबर्स का रिकार्ड, भारत के खिलाफ सबसे तेजी से सर्वाधिक 8 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने

ऑस्ट्रेलिया के धुरंधर स्टीव स्मिथ शुक्रवार को भारत के खिलाफ सबसे तेजी से सबसे अधिक 8 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में स्मिथ ने वेस्टइंडीज के महान कप्तान सर गैरी सोबर्स का रिकार्ड तोड़ा है. स्मिथ ने सिडनी में जारी तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में अपने करियर का 27वां शतक पूरा किया. यह भारत के खिलाफ उनका आठवां शतक है और इसके लिए स्मिथ ने सबसे कम 25 पारियां खेली हैं.

इससे पहले सबसे कम पारियों में भारत के खिलाफ 8 शतक लगाने का रिकार्ड सोबर्स के नाम था. सोबर्स ने 30 पारियों में यह कारनामा किया था. इस क्रम में तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के ही एक और दिग्गज सर विवियन रिचर्डस का नाम है. विव ने 8 शतक लगाने के लिए 41 पारियां खर्च की थीं.

चौथे स्थान पर आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोटिंग हैं, जिन्होंने 51 पारियों में भारत के खिलाफ 8 शतक लगाए हैं. आईसीसी की रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज स्मिथ ने टेस्ट शतकों के मामले में भारत के मौजूदा कप्तान विराट कोहली, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ और अपने ही देश के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर की बराबरी कर ली है.

भारत के खिलाफ हालांकि स्मिथ ने चार साल के अंतराल के बाद शतक लगाया है. इससे पहले इस 31 साल के बल्लेबाज ने 2017 में धर्मशाला में खेले गए टेस्ट मैच की पहली पारी में 111 रन बनाए थे.

Zaki-ur-Rehman Lakhvi को Terror Funding केस में 15 साल की सजा, 26/11 हमले का है मास्टरमाइंड

लश्कर-ए-तैयबा के ऑपरेशनंस कमांडर आतंकी जकीउर रहमान लखवी को पाकिस्तान में टेरर फ़ंडिंग केस में 15 साल की सजा सुनाई गई है. टेरर फंडिंग से जुड़े एक मामले में बीते दिनों ही लखवी को गिरफ्तार किया गया था, अब शुक्रवार को लाहौर की एंटी टेररिज्म कोर्ट ने उसकी सजा का ऐलान किया है. आपको बता दें कि जकीउर रहमान लखवी साल 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड भी था.

लाहौर में जकीउर रहमान लखवी के खिलाफ टेरर फंडिंग का मामला दर्ज है. उसपर आरोप था कि डिस्पेंसरी के नाम पर पैसा इकट्ठा करता था और उसका इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों में करता था. मुख्य रूप से इसका इस्तेमाल नए आतंकियों को तैयार करने में किया जाता था.

आपको बता दें कि जकीउर रहमान लखवी को संयुक्त राष्ट्र द्वारा भी आतंकी घोषित किया हुआ था, जो लंबे वक्त से गिरफ्तार से बाहर था. लेकिन हाल ही में FATF की बैठक से पहले पाकिस्तान में उसपर एक्शन लिया गया और जेल में डाला गया.

मुंबई में हुए आतंकी हमले के मामले में हाफिज़ सईद के साथ जकीउर रहमान लखवी भी आरोपी है. इस मामले में भी उसे जेल हुई थी, लेकिन 2015 से ही वो बेल पर बाहर है. बीते दिनों हुई उसकी गिरफ्तारी पर अमेरिका की ओर से भी संतोष जाहिर किया गया था.

आपको बता दें कि जनवरी-फरवरी में फाइनेंशियल एक्शन टॉस्क फोर्स की बैठक होनी है, ये संस्था देशों को आतंक के खिलाफ लड़ने के लिए पैसा देती है. लंबे वक्त से पाकिस्तान पर यहां ग्रे लिस्ट में जाने की तलवार लटकी है, ऐसे में हर बार ऐसा देखा गया है कि बैठक से ठीक पहले पाकिस्तान आतंकियों पर शिकंजा कसता है. और ये सब कुछ सिर्फ दिखावे के लिए किया जाता है.h

लाहौर में जकीउर रहमान लखवी के खिलाफ टेरर फंडिंग का मामला दर्ज है. उसपर आरोप था कि डिस्पेंसरी के नाम पर पैसा इकट्ठा करता था और उसका इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों में करता था. मुख्य रूप से इसका इस्तेमाल नए आतंकियों को तैयार करने में किया जाता था.

मुंबई में हुए आतंकी हमले के मामले में हाफिज़ सईद के साथ जकीउर रहमान लखवी भी आरोपी है. इस मामले में भी उसे जेल हुई थी, लेकिन 2015 से ही वो बेल पर बाहर है. बीते दिनों हुई उसकी गिरफ्तारी पर अमेरिका की ओर से भी संतोष जाहिर किया गया था.

आपको बता दें कि जनवरी-फरवरी में फाइनेंशियल एक्शन टॉस्क फोर्स की बैठक होनी है, ये संस्था देशों को आतंक के खिलाफ लड़ने के लिए पैसा देती है. लंबे वक्त से पाकिस्तान पर यहां ग्रे लिस्ट में जाने की तलवार लटकी है, ऐसे में हर बार ऐसा देखा गया है कि बैठक से ठीक पहले पाकिस्तान आतंकियों पर शिकंजा कसता है. और ये सब कुछ सिर्फ दिखावे के लिए किया जाता है.

भारत में Covid-19 के 18,139 नए मामले, 234 और लोगों की मौत

0

भारत में एक महीने में पांचवीं बार 24 घंटे में कोविड-19 के 19 हजार से कम नए मामने सामने आए और देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 1,04,13,417 हो गए, जिनमें से 1,00,37,398 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में एक दिन में कोविड-19 के 18,139 नए मामले सामने आए. वहीं 234 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,50,570 हो गई.

आंकड़ों के अनुसार 1,00,37,398 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के बाद, देश में मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 96.39 प्रतिशत हो गई. वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है.

देश में लगातार 18 दिनों से उपचाराधीन मामलों की संख्या तीन लाख से कम है. अभी 2,25,449 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 2.16 प्रतिशत है.

भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी.

वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे.

भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में सात जनवरी तक कुल 17,93,36,364 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई, जिनमें से 9,35,369 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को की गई.

आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 234 लोगों की मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 72, केरल के 25, दिल्ली के 19 और पश्चिम बंगाल के 18 लोग थे.

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में वायरस से अभी तक 1,50,570 की लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 49,897, तमिलनाडु के 12,200, कर्नाटक के 12,131, दिल्ली के 10,644, पश्चिम बंगाल के 9,881, उत्तर प्रदेश के 8,452, आंध्र प्रदेश के 7,126 और पंजाब के 5,422 लोग थे.

स्टीव स्मिथ को ‘रन-आउट’ करना मेरा सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षण प्रदर्शन: रविंद्र जडेजा

रविंद्र जडेजा ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रहे तीसरे टेस्ट में स्टीव स्मिथ को रन आउट करने को अपना सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षण प्रयास करार दिया और कहा कि वह बार बार इसे ‘रिवाइंड’ कर देख सकते हैं.

स्मिथ 130 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे और 11वें नंबर के बल्लेबाज जोश हेजलवुड के साथ प्रत्येक गेंद को खेलने के मूड में थे लेकिन जडेजा के स्टंप पर सीधे थ्रो से उनकी पारी का अंत हुआ. जडेजा ने डीप स्क्वायर लेग से भागते हुए गेंद ली और इसे सीधे स्टंप की ओर फेंक दिया.

यह पूछने पर कि वह क्या देखना पसंद करेंगे, उन्होंने जो चार विकेट लिये या फिर यह रन-आउट तो इस सीनियर आल राउंडर ने जवाब दिया, ‘‘मैं इस रन-आउट को ‘रिवाइंड’ (पीछे करना) करके ‘प्ले’ करूंगा क्योंकि यह मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रयास है. 30 गज के घेरे के बाहर से सीधे हिट करना, यह ऐसा क्षण है जो आपको संतोष देता है.’’

सौराष्ट्र के इस क्रिकेटर ने कहा, ‘‘तीन या चार विकेट चटकाना ठीक है लेकिन यह रन-आउट हमेशा मुझे याद रहेगा.’’

जडेजा इस दौरे पर क्षेत्ररक्षण में काफी फुर्तीले रहे हैं जिसमें उन्होंने कुछ शानदार कैच भी लपके हैं जिसमें से एक एमसीजी पर भागते हुए मैथ्यू वेड का कैच लपकना था और शुक्रवार को महत्वपूर्ण समय पर स्मिथ को रन-आउट करना भी काफी अहम रहा, वर्ना आस्ट्रेलिया के स्कोर में 25 से 30 अतिरिक्त रन जुड़ सकते थे. भारत ने आस्ट्रेलिया को पहली पारी में 338 रन पर आउट कर दूसरे दिन स्टंप तक दो विकेट पर 96 रन बना लिये थे.

Covid-19 कॉलर ट्यून से अमिताभ बच्चन की आवाज हटाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका

देश में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों से लोगों को आगाह करने के लिए भारत सरकार ने कॉलर ट्यून में अभिनेता अमिताभ बच्चन की आवाज में एक संदेश देने की शुरुआत की थी. ये संदेश अब लगता है लोगों को परेशान करने लगा है. यही कारण है कि दिल्ली हाईकोर्ट में इसके खिलाफ एक याचिका दायर की गई है. इस याचिका में कॉलर ट्यून से अमिताभ बच्चन की आवाज को हटाने की मांग की गई है.

जानकारी के मुताबिक जिस समय देश में कोरोना पीक पर था, उस वक्त लोगों को कोरोना से बचाव की जानकारी देने के लिए कॉलर ट्यून में एक संदेश की शुरुआत की गई थी. किसी को भी फोन करने पर अभिनेता अमिताभ बच्चन की आवाज में पहले एक संदेश सुनवाई देता है, उसके बाद ही फोन लगता है. लेकिन जैसे-जैसे कोरोना के मामले कम होने लगे हैं वैसे-वैसे फोन की इस कॉलर ट्यून से लोगों का मन भरता जा रहा है.

इस संबंध में अब दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई है और कहा गया है कि कॉलर ट्यून से अमिताभ बच्चन की आवाज में दिया जाने वाला संदेश बंद किया जाना चाहिए.

गौरतलब है कि देश में कोरोना को हराने वालों का आंकड़ा 1 करोड़ के पार हो गया है. देश में अब तक 1 करोड़ 3 लाख 95 हजार 278 कोरोना केस आ चुके हैं. इनमें से 96.3% यानी 1 करोड़ 16 हजार 859 मरीज ठीक भी हो गए. कोरोना के रोज़ आ रहे केस में गिरावट जारी है.

बीते 24 घंटे में कोरोना के 20 हजार 346 नए मरीज मिले. इस दौरान 222 मरीजों की मौत हुई और 19 हजार 587 लोग रिकवर हुए. कोरोना से अब तक 1 लाख 50 हजार 336 संक्रमितों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 लाख 28 हजार 83 मरीजों का इलाज चल रहा है

ITR filing FY 2019-20: कुछ ही मिनटों में ऐसे खुद ही फाइल करें ITR

आयकर विभाग ने कोरोना संकट की वजह से असेसमेंट ईयर 202ं0-21 (वित्त वर्ष 2019-20) के लिए इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने की तारीख बढ़ाकर 10 जनवरी कर दी हैं. आयकर विभाग के अनुसार 6 जनवरी तक करीब 5.61 करोड़ लोग आईटीआर फाइल कर चुके हैं.

आयकर विभाग ने कोरोना संकट की वजह से असेसमेंट ईयर 202ं0-21 (वित्त वर्ष 2019-20) के लिए इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने की तारीख बढ़ाकर 10 जनवरी कर दी थी. लेकिन अब इसमें भी आज से लेकर सिर्फ तीन दिन बचे हैं. आखिरी समय की जल्दबाजी से बचने के लिए आप भी जल्द से जल्द अपना आईटीआर फाइल कर लें. हम आपको बताते हैं कि खुद ही आयकर रिटर्न किस तरह से आसानी से फाइल कर सकते हैं.

आयकर विभाग के अनुसार 6 जनवरी तक करीब 5.61 करोड़ लोग आईटीआर फाइल कर चुके हैं. आईटीआर भरना बेहद आसान है. ये काम मुश्किल से 15 मिनट का है. हम यहां आपको बताते हैं कि नौकरीपेशा लोगों के लिए ऑनलाइन ITR कैसे भरा जा सकता है. 

पहले करें ये तैयारी 

सबसे पहले ITR फाइल करने के लिए अपना PAN, Aadhaar, बैंक अकाउंट नंबर, इन्वेस्टमेंट डिटेल्स और उसके प्रूफ/सर्टिफिकेट, फॉर्म 16, फॉर्म 26 AS वगैरह अपने पास निकाल कर रख लें. आप जो डिटेल भरेंगे उसके लिए ये सब जानकारियां काम आएंगी. 

अब यह पता करें कि आप को कौन सा-फॉर्म भरना होगा. उदाहरण के लिए ITR 1 ‘सहज’ फॉर्म उन नागरिकों के लिए है, जिनकी कुल आय 50 लाख रुपये तक है. उन्हें सैलरी, एक हाउस प्रॉपर्टी से किराया, सेविंग्स अकाउंट पर हासिल ब्याज आदि के जरिए कुल 50 लाख रुपये सालाना तक आमदनी होती है. 

ऑनलाइन ITR दो तरीकों से भरा जा सकता है. पहला तरीका है ITR फॉर्म डाउनलोड कर, फॉर्म ऑफलाइन भरकर XML फाइल अपलोड करना. दूसरा तरीका है सभी डेटा सीधे ऑनलाइन ई-फाइलिंग पोर्टल पर भरकर सबमिट करना. 

हम यहां आपको दूसरे तरीके से यानी ऑनलाइन ई-फाइलिंग का तरीका बता रहे हैं, जो ज्यादा आसान है. इस तरह से स्टेप बाय स्टेप आप आईटीआर भर सकते हैं:

1. सबसे पहले  www.incometaxindiaefiling.gov.in पर जाएं.
2. अगर आप पहली बार रिटर्न भर रहे हैं तो अपने आप को यहां रजिस्टर्ड करें. इसके लिए आपको अपने पैन और अन्य डिटेल भरने की जरूरत पड़ेगी. अगर आपने पिछले सालों में रिटर्न भरा है तो आप ऑलरेडी रजिस्टर्ड होंगे. आपको विभाग से एक यूजर आईडी, पासवर्ड मिलेगा. 
3.. यूजर आईडी (PAN), पासवर्ड, जन्मतिथि और कैप्चा कोड एंटर कर लॉग इन करें.
3. ‘e-File’ टैब पर जाएं और Income Tax Return लिंक पर क्लिक करें.
4. सबसे पहले ये चुनें कि कौन सा ITR फॉर्म भरना है. फिर यह सलेक्ट करें कि असेसमेंट ईयर कौन सा है.अभी जो आप आईटीआर भरने जा रहे हैं, उसके लिए असेसमेंट ईयर 2020-21 है. 
5. इसके बाद आईटीआर फॉर्म नंबर, फाइलिंग टाइप और सबमिशन मोड सलेक्ट करें. 
5. अगर ओरिजिनल रिटर्न भर रहे हैं तो ‘Original’ टैब पर क्लिक करें. अगर रिवाइज्ड रिटर्न भर रहे हैं तो ‘Revised Return’ पर क्लिक करें.  
7. इसके बाद Prepare and Submit Online को चुनें फिर Continue को क्लिक करें 
8. इसके बाद नए पेज में दी गई सभी जानकारियों को भरें और सेव करते रहें, क्योंकि सेशन टाइम आउट हुआ तो भरी गई सभी जानकारियां गायब हो जाएंगी.
9. इसमें आपको निवेश की सभी जानकारियां, हेल्थ और जीवन बीमा पॉलिसी आदि की जानकारियां भरनी हैं. 
10. सभी जानकारियां भरने के बाद अंत में Verification का पेज आएगा, जिसे आप चाहें तो उसी समय वेरिफाई कर दें, नहीं तो 120 दिन के अंदर वेरिफाई कर सकते हैं.
11. इसके बाद Preview and submit पर क्लिक करें और ITR को सबमिट करें


ITR वेरिफिकेशन करना न भूलें

सबसे जरूरी बात ये कि इलेक्ट्रॉनिक मोड से बिना डिजिटल सिग्नेचर यानी बिना ई-वेरिफिकेशन आयकर रिटर्न (ITR) फाइल करने वाले करदाता को इसे ITR अपलोडिंग के 120 दिनों के अंदर वेरिफाई करना होता है. इसके लिए 4 तरीके हैं-

1. आधार ओटीपी के जरिए
2. नेट बैंकिंग के जरिए ई-फाइलिंग अकाउंट में लॉग इन कर
3. इलेक्ट्रॉनिक वेरिफिकेशन कोड (EVC) के जरिए
4. ITR-V के दोनों तरफ दस्तखत की हुई कॉपी को बेंगलुरु भेजकर 

याद रहे 120 दिनों के अंदर ITR-V यानी वेरिफिकेशन फाइल न करने पर रिटर्न को ‘नहीं भरा हुआ’ यानी अमान्य घोषित किया जा सकता है. आईटीआर भरकर और उसकी सॉफ्ट कॉपी का प्रिंटआउट लेते हैं. इस पर साइन कर साधारण डाक या स्पीड पोस्ट से Centralised Processing Centre, Income Tax department, Bengaluru, 560500 के पते पर भेजना होता है. हालांकि बेहतर होगा कि आप वेरिफिकेशन के लिए आधार OTP का प्रयोग करें. अगर आप आधार OTP का ऑप्शन चुनते हैं तो उसे सिलेक्ट करने के बाद Continue पर क्लिक करें

बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद के खिलाफ BMC ने दर्ज कराया केस, रिहायशी इमारत को होटल में किया तब्दील

बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद (Sonu Sood) के खिलाफ बीएमसी (BMC) ने एक्शन लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि सोनू सूद ने जुहू में स्थित एक छह मंजिला आवासीय इमारत को बिना अनुमति के होटल में तब्दील कर लिया है.

बीएमसी का कहना है कि एक्टर ने इसके ऐसा करने से पहले कोई परमिशन नहीं ली है. बीएमसी ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा है कि सोनू सूद के खिलाफ महाराष्ट्र रीजन एंड टाउन प्लानिंग एक्ट के तहत एक्शन लिया जाना चाहिए. बीएमसी का कहना है कि एक्टर ने महाराष्ट्र रीजन ऐंड टाउन प्लानिंग एक्ट के सेक्शन 7 के तहत दंडनीय अपराध किया है.

बीएमसी की तरफ से 4 जनवरी को जुहू पुलिस स्टेशन पर दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि सोनू सूद ने एबी नायर रोड पर स्थित शक्ति सागर बिल्डिंग को बिना परमिशन के ही होटल में तब्दील कर लिया है.

मुंबई: राजद्रोह मामले में अभिनेत्री कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली बयान दर्ज़ कराने पहुंची बांद्रा पुलिस स्टेशन

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत अपनी बहन रंगोली के साथ बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुचीं. हालाँकि पुलिस स्टेशन आने से पहले उन्होंने एक वीडियो संदेश के माध्यम से कहा था कि उनकी आवाज़ दबाई जा रही है. कंगना के साथ उनके वकील रिजवान सिद्दीकी भी पहुचे हैं. कंगना और उनकी बहन रंगोली ने हाई कोर्ट के आदेश के मुताबिक राजद्रोह के मामले में पुलिस स्टेशन में अपनी हाजिरी लगाई. 

वहीं इससे पहले एक्ट्रेस ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि उनका लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है. कंगना रनौत ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, ‘मेरा मानसिक और भावनात्मक तौर पर उत्पीड़न किया गया था. अब मेरा शारीरिक उत्पीड़न भी हो रहा है. मुझे देश में कुछ जवाब चाहिए… मैं आप लोगों के लिए खड़ी हुई थी. अब वक्त है कि आप मेरे लिए खड़े हों… जय हिंद.

कंगना रनौत ने कहा है कि मेरा घर तक तोड़ दिया गया था. एक्ट्रेस ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि आप लोग मेरा साथ दें.

कंगना रनौत ने वीडियो में कहा, ‘मैंने जब से देश के हित में बात की है तो मेरे ऊपर अत्याचार किए जा रहे हैं. यहां तक कि मेरा घर तोड़ दिया गया। किसानों के हित में बात करने के लिए भी मेरे ऊपर केस हुआ है.कोरोना के दौरान डॉक्टरों के हित में बात करने के लिए मेरी बहन रंगोली के ऊपर केस हुआ था. उस केस में मेरा नाम भी डाल दिया गया. उस वक्त मैं ट्विटर पर थी भी नहीं. उस केस को चीफ जस्टिस ने रिजेक्ट भी कर दिया था.’

इस बीच कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन पर पूछताछ के लिए पहुंची हैं. पुलिस की ओर से उन्हें नवंबर में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में समन जारी किया गया था. इसी सिलसिले में शुक्रवार सुबह कंगना रनौत और उनकी बहन बयान दर्ज कराने पहुंचीं हैं.