Home Blog Page 128

Bharti AXA ने प्रावधानों का किया उल्लंघन, बीमा नियामक IRDA ने लगाया 15 लाख का जुर्माना

बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) ने भारती एक्सा जनरल इंश्योरेंस कंपनी पर दो अलग-अलग मामलों में वाहन बीमा से संबंधित विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन को लेकर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है.

इरडा ने थर्ड पार्टी वाहन बीमा कारोबार से जुड़े नियमन के तहत न्यूनतम बाध्यताओं का अनुपालन नहीं करने को लेकर निजी क्षेत्र की बीमा कंपनी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है.

दूसरे मामले में इरडा ने भारतीय एक्सा पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। यह मामला उन दिशानिर्देशों के उल्लंघन से जुड़ा है जिसके तहत वाहन बीमा सेवा प्रदाता या उसकी किसी संबद्ध कंपनी के सीधे या परोक्ष रूप से भुगतान पर रोक है.

यूरोपीय संघ से अलग हुआ ब्रिटेन, समूह देशों के साथ व्यापार जारी रहने की अड़चनें हुईं खत्म

यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के व्यवस्थित और पूरी तरह से अलग होने की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को संपन्न हो गयी. इस कदम से ईयू का आकार तो छोटा हो गया लेकिन समूह के देशों के साथ ब्रिटेन का व्यापार जारी रहने को लेकर अड़चनें भी खत्म हो गयी.

यूरोपीय संघ (ईयू) से अलग होने के तहत हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को ब्रिटेन की संसद ने बुधवार को मंजूरी दी थी. रात ग्यारह बजे ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होने की प्रक्रिया पूर्ण हो गयी.

नए समझौते में कुछ शर्तें और बंदिशें भी हैं लेकिन ब्रेक्जिट के समर्थकों का मानना है कि इससे उनका देश स्वतंत्र तरीके से अपने फैसले कर पाएगा.

ब्रेक्जिट का समर्थन करने वाले प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के प्रयासों की बदौलत तमाम अवरोध के बावजूद यह समझौता पूरी तरह लागू हो गया. उन्होंने कहा, ‘हमारे देश के लिए यह शानदार लम्हा है.’

नव वर्ष पर अपने वीडियो संदेश में जॉनसन ने कहा, ‘अब हम आजादी से फैसले ले सकते हैं और हम खुद आगे अपना निर्णय ले सकेंगे.’

ईयू से अलग होने के तहत हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को संसदीय मंजूरी दिलाने के लिए क्रिसमस की छुट्टियों के बाद बुधवार को संसद का सत्र बुलाया गया था.

ड्यूटी के दौरान अपंग होने पर सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा ‘विकलांगता मुआवजा’: जितेंद्र सिंह

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कहा कि ‘विकलांगता मुआवजा’ केंद्र सरकार के उन सभी सेवारत कर्मचारियों के लिए विस्तारित कर दिया गया है जो ड्यूटी के दौरान अपंग हो जाते हैं और उन्हें ऐसी अपंगता के बावजूद सेवा में बरकरार रखा जाता है.

सिंह ने कहा कि शुक्रवार को एक आदेश जारी किया गया है जो विशेष रूप से सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, आदि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों को भारी राहत प्रदान करेगा क्योंकि नौकरी की जरूरतों के साथ ही कठिन कार्य वातावरण के चलते कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान विकलांगता आमतौर पर उनके मामलों में सामने आती है.

कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने कहा, ‘यह नया आदेश, कर्मचारियों के सामने आने वाली कठिनाई को देखते हुए सेवा नियमों में एक विसंगति को दूर करेगा.’

कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, सरकार के 2009 के आदेश में उन सरकारी कर्मचारियों को इस तरह का मुआवजा मुहैया कराने का उल्लेख नहीं था जो एक जनवरी 2004 को या उसके बाद नियुक्त किए गए थे और राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के तहत आते हैं.

इसमें कहा गया है, ‘हालांकि, कार्मिक मंत्रालय में पेंशन विभाग द्वारा जारी किए गए नए आदेश के साथ, एनपीएस के तहत आने वाले कर्मचारियों को भी अतिरिक्त साधारण पेंशन (ईओपी) के नियम (9) के तहत लाभ मिलेगा.’

सिंह ने कहा, मोदी सरकार नियमों को सरल बनाने और भेदभावपूर्ण धाराओं को दूर करने के लिए सभी प्रयास कर रही है.

बयान के अनुसार सिंह ने कहा कि इन सभी नई पहलों का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों के लिए जीवन यापन में आसानी प्रदान करना है, भले ही वे सेवानिवृत्ति के बाद पेंशनभोगी बन गए हों या पारिवारिक पेंशनभोगी हो या वरिष्ठ नागरिक हों.

पश्चिम बंगाल : शुभेन्दु अधिकारी के छोटे भाई और TMC के 14 पार्षद बीजेपी में हुए शामिल

कोंटाई नगरपालिका में तृणमूल कांग्रेस के 15 पार्षद शुक्रवार को बीजेपी में शामिल हो गए. राज्य में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी का दामन थामने वालों में कोंटाई नगरपालिका के पूर्व प्रशासक सौमेन्दु अधिकारी भी शामिल हैं.

बीजेपी के वरिष्ठ नेता एवं सौमेन्दु के भाई शुभेन्दु अधिकारी ने यहां एक कार्यक्रम में पार्षदों को पार्टी के झंडे सौंपे. सौमेन्दु को हाल ही में ममता बनर्जी सरकार द्वारा नागरिक निकाय में प्रशासक के पद से हटा दिया गया था.

पिछले महीने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए शुभेन्दु अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से सौमेन्दु को हटाना ‘‘बदले की भावना’’ से उठाया गया कदम था. उन्होंने कहा, ‘‘सौमेन्दु का आगे एक लंबा राजनीतिक करियर है. उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में कड़ी मेहनत की है. और यही अन्य पार्षदों पर भी लागू होता है.

अधिकारी परिवार अब ‘पिशी-भाइपो’ (तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और भतीजे अभिषेक बनर्जी) की पार्टी के साथ नहीं है.’’ राज्य के पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि ममता बनर्जी सरकार नगर निगम चुनाव कराने में देरी कर रही है, क्योंकि वह अपनी ‘‘आसन्न हार’’ से भयभीत है.

उन्होंने कहा, ‘‘लोग भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे, चाहे वह निकाय चुनाव हों या विधानसभा चुनाव.’’ इससे पहले दिन में, सौमेन्दु ने संवाददाताओं से कहा था कि ‘‘उनका परिवार कई तरह के हमले सहन कर रहा है. लेकिन हम मैदान में एक उचित जवाब देने में विश्वास करते हैं.’’

अब केवल एक ‘मिस्ड कॉल’ से बुक हो जाएगा इंडेन का LPG सिलेंडर, ये रहा नंबर

इंडियन ऑयल की इंडेन गैस के ग्राहक अब एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) भराने को लेकर बुकिंग महज एक मिस्ड कॉल देकर करा सकते हैं. इंडियन आयल के शुक्रवार को जारी आधिकरिक बयान के अनुसार उसके एलपीजी ग्राहक सिलेंडर भराने को लेकर देश में कहीं से भी एक मिस्ड कॉल नंबर 8454955555 का उपयोग कर सकते हैं.

इस सुविधा से ग्राहकों को बुकिंग के लिये कॉल करने में जो समय लगता था, उसकी बचत होगी. वे केवल मिस्ड कॉल कर बुकिंग करा सकेंगे. साथ ही ग्राहकों को कॉल के लिये कोई शुल्क नहीं लगेगा जबकि मौजूदा आईवीआरएस (इंटरैक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम) कॉल व्यवस्था में कॉल की सामान्य दरें लगती हैं.

बयान के अनुसार इस सुविधा से उन लोगों और बुजुर्गों को राहत मिलेगी जो आईवीआरएस प्रणाली में स्वयं को सहज नहीं पाते. पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने भुवनेश्वर में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘मिस्ड कॉल’ सुविधा की शुरूआत की.

उन्होंने इस मौके पर दूसरे चरण के वैश्विक स्तर के प्रीमियम ग्रेड के पेट्रोल (ऑक्टेन 100) को भी पेश किया. इंडियन ऑयल इसकी बिक्री एक्सपी- 100 ब्रांड के तहत करेगी. इस मौके पर प्रधान ने कहा कि गैस एजेंसियां और वितरक यह सुनिश्चित करें कि एलपीजी की डिलिवरी एक दिन से लेकर कुछ घंटों में हो.

उन्होंने यह भी कहा कि एलपीजी के मामले मे देश ने लंबी यात्रा तय की है. एलपीजी कनेक्शन 2014 के पहले छह दशकों में करीब 13 करोड़ लोगों को उपलब्ध करायी गयी थी. यह आंकड़ा पिछले छह साल में 30 करोड़ तक पहुंच गया है.

मध्य प्रदेश : सिंधिया समर्थक दो विधायक बनाए जा सकते हैं मंत्री, तीन जनवरी को होगा मंत्रिमंडल विस्तार

मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई वाली बीजेपी सरकार के मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार तीन जनवरी को होगा. इसमें केवल दो ही मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने की संभावना है.

बीजेपी सूत्रों ने शुक्रवार की रात बताया, ‘‘अब तक मिली जानकारी के अनुसार इस मंत्रिमंडल विस्तार में केवल दो ही मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी.’’ सूत्रों के अनुसार बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक तुलसीराम सिलावट एवं गोविन्द सिंह राजपूत को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है.

ये दोनों चौहान मंत्रिमंडल में पहले भी मंत्री रह चुके हैं. दोनों को पिछले साल 21 अप्रैल को मंत्री बनाया गया था, लेकिन तब वे विधायक नहीं थे. इसके चलते उन्हें पिछले साल संवैधानिक बाध्यता के कारण छह माह पूरे होने से एक दिन पहले मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था. उन्होंने तीन नवंबर को 28 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव से ठीक पहले इस्तीफा दिया था. उपचुनाव में अपनी-अपनी सीट जीतकर अब वे दोनों विधायक बन गये हैं.

मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर तीन नवंबर को हुए उपचुनाव के 11 नवंबर को परिणाम आने के बाद से ही मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा राजनीतिक गलियारों में चल रही थी. कुल 230 सदस्यीय मध्य प्रदेश विधानसभा में मंत्रिमंडल में कुल 35 सदस्य हो सकते हैं. वर्तमान में मुख्यमंत्री चौहान सहित कुल 29 सदस्य हैं. इस हिसाब से चौहान इसमें छह और मंत्रियों को रख सकते हैं.

पार्टी के एक अन्य सूत्र ने बताया, ‘‘अभी दो लोगों को ही मंत्रिमंडल में शामिल करने की चर्चा है. लेकिन, मंत्रिमंडल के इस विस्तार में ऐन वक्त पर कुछ और लोगों को भी मंत्री बनाया जा सकता है. हालांकि, किसी को मंत्री बनाना यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है.’’ उपचुनावों से पहले मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री सहित 34 सदस्य थे. तुलसीराम सिलावट और गोविन्द सिंह राजपूत के मंत्री पद से त्यागपत्र देने के बाद इनकी संख्या घटकर 32 रह गई और इस उपचुनाव में तीन मंत्री एदल सिंह कंषाना, इमरती देवी एवं गिर्राज दंडोतिया चुनाव हार गए, जिसकी वजह से उन्हें अपने मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा. वर्तमान में मंत्रिपरिषद में 29 सदस्य रह गये हैं.

मध्य प्रदेश के एक अधिकारी ने बताया कि मंत्रिमंडल का विस्तार तीन जनवरी को दोपहर करीब 12.30 बजे होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि इसके बाद मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस मोहम्मद रफीक भी दोपहर करीब तीन बजे शपथ लेंगे. मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल नए मंत्रियों और चीफ जस्टिस को पद की शपथ दिलाएंगी. वह उत्तर प्रदेश की भी राज्यपाल हैं.

रफीक वर्तमान में उड़ीसा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस हैं और उन्हें वहां से स्थानांतरित कर 31 दिसंबर को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का नया चीफ जस्टिस बनाया गया है. मालूम हो कि चौहान ने पिछले साल 23 मार्च को अकेले मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और कोरोना वायरस महामारी और लॉकडाउन के बीच मुख्यमंत्री चौहान 29 दिनों तक अकेले ही सरकार चलाते रहे. बाद में 21 अप्रैल को पांच सदस्यीय मंत्रिपरिषद का गठन किया गया.

इसी बीच, मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तीन जनवरी को प्रातः भोपाल आएंगी. राज्यपाल मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस को शपथ ग्रहण कराएंगी. राज्यपाल पटेल अपराह्न में भोपाल से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के लिए रवाना होंगी.’’

अमेरिकाः कोरोना वैक्सीन की डोज बर्बाद करने के आरोप में विस्कोन्सिन अस्पताल का फार्मासिस्ट गिरफ्तार

कोरोना वायरस के टीके की खुराक को दो रातों से जानबूझकर फ्रीज से बाहर निकालकर उसे खराब करने के संदेह में गुरुवार को अधिकारियों ने विस्कोन्सिन के उपनगर मिलवाउके में एक फार्मासिस्ट को गिरफ्तार किया गया.

द ग्राफ्टन पुलिस विभाग ने बताया कि ‘एडवोकेट औरोरा हेल्थ केयर’ के फार्मासिस्ट को लापरवाही से जान को खतरे में डालना, दवाई के साथ छेड़छाड़ करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. विभाग ने एक रिलीज में बताया वह अब जेल में हैं. हालांकि पुलिस ने उसकी पहचान जाहिर नहीं की है और कहा है कि अभी औपचारिक तौर पर आरोप दर्ज नहीं हुए हैं.

एडवोकेट औरोरा हेल्थ केयर के मुख्य चिकित्सा समूह अधिकारी जेफ बार ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन के दौरान गुरुवार दोपहर में बताया कि फार्मासिस्ट ने जानबूझकर मॉडर्ना टीके की 57 शीशियों को 24 दिसंबर की रात में फ्रीज से बाहर निकाला और फिर उसे 25 दिसंबर को फ्रीज में रख दिया.

इसके बाद उसने फिर 25 दिसंबर (शनिवार) की रात में बाहर निकाल दिया. इसके बाद रविवार सुबह एक कर्मी ने फ्रीज के बाहर इन शीशियों को पाया. कर्मियों ने इससे 57 लोगों को टीका लगाया. जेफ का कहना है कि ये खुराक प्रभावी नहीं हैं.

जेफ ने बताया कि संबंधित कर्मी ने जानबूझकर टीके को फ्रीज से बाहर निकाला लेकिन उन्होंने व्यक्ति के इरादे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि उसे नौकरी से निकाल दिया गया है और पुलिस जांच कर रही है. वहीं, मॉडर्ना के अधिकारियों ने बताया है कि खराब टीके से किसी तरह की सुरक्षा संबंधी चिंता नहीं है.

खेसारी के गाने ‘वैक्सीन नया साल के’ ने मचाई धूम, यू-ट्यूब पर 2.4 मिलियन बार लोगों ने देखा

भोजपुरी फ़िल्मों के सुपर स्टार अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव का वीडियो वैक्सीन नया साल के सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है. खेसारी के गानों के प्रति फ़ैन्स में क़दर क्रेज़ है कि इस गाने के रिलीज होने के 24 घंटों के अंदर ही 24 लाख बार से ज़्यादा देखा जा चुका हैं.

29 दिसंबर को खेसारी म्यूजिक वर्ल्ड पर रिलीज वैक्सीन नया साल के’ गाने को खेसारी लाल यादव और अंतरा सिंह प्रियंका ने अपनी आवाज़ दी है. इस गाने में डिंपल यादव और खेसारी लाल यादव नज़र भी आ रहे हैं. जबकि इसे संगीत दिया है साजन मिश्रा ने. तो वहीं इसके इस गाने को आजाद सिंह और श्याम देहाती ने मिलकर लिखा है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मासूम शर्मा का नया गाना ‘चूड़ी कांच की’

मासूम शर्मा और निधि शर्मा का हरियाणवी सॉन्ग दर्शकों को काफ़ी पसंद आ रहा है. ‘चूड़ी कांच की’, यूटूब पर 1,808,581 से ज़्यादा बार देखा जा चुका है. इस गाने की लिरिक्स केपी कुंदू ने लिखे हैं और म्युजिक जी आर पानीपत ने दिया है.

देखें वीडियो :

मुंबई में करोड़ों के GST घोटाले का पर्दाफाश , 1 गिरफ्तार

मुंबई में नकली बिलों के आधार पर वस्तु एवं सेवा कर (GST) का करीब साढ़े 11 करो़ड़ रुपये का रिफंड लेने के मामले का खुलासा हुआ है. इस मामले में योगेश जगदीशप्रसाद कनोडिया को महाराष्ट्र वस्तु एवं सेवा कर विभाग ने मुंबई के कांदिवली इलाके से गिरफ्तार किया है.

लोकसत्ता में छपी खबर के मुताबिक योगेश ने यश फैब्रिक्स, गणेश टेक्सटाइल, जे. के. फैब्रिक्स और कृष्णांश एंटरप्राइजेस नाम से कारोबारी संस्थाओं का नकली कागजातों के जरिये पंजीकरण करवाया. इसके बाद प्रत्यक्ष रूप से खरीदी बिक्री का कोई भी लेन-देन न करते हुए नकली बिल इस संस्थाओं के नाम से तैयार की गई.

योगेश ने करीब 175 करोड़ रुपये के नकली बिल दिलिप टिबरेवाल से लिये। उसके द्वारा उसने 11 करोड़ 54 लाख रुपये का जीएसटी रिफंड प्राप्त किया. इसके अलावा इन संस्थाओं के जरिये योगेश द्वारा दर्शाये गये 185 करोड़ रुपये के लेन-देन में से 119 करोड़ रुपये के खरीदी-बिक्री के लेन-देन प्रत्यक्ष रूप से कभी हुए ही नहीं है ऐसा जांच में सामने आया है.

इस माध्यम से उनसे करीब 9 करोड़ रुपये का जीएसटी रिफंड प्राप्त किया था. इस मामले में दिलिप को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था. उसकी जांच करने के बाद इस बात का खुलासा हुआ और योगेश को भी गिरफ्तार किया गया.