Home Blog Page 129

शाहीन बाग की दादी बिल्किस बानो हॉलीवुड स्टार गैल गैडोट की ‘My Personal Wonder Women’ लिस्ट में शामिल

82 वर्षीय बिल्किस बानो उर्फ बिल्किस दादी को हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री गैल गैडोट ने अपनी माई पर्सनल वंडर वुमैन लिस्ट में शामिल किया है.

हाल ही में फिल्म वंडर वुमैन 1984 (Wonder Woman 1984) में नजर आईं अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर दुनिया भर में अपने काम के कारण पहचानी गई लड़कियों और महिलाओं की तस्वीरे शेयर की, जिसमें बिल्किस बानो भी शामिल हैं. तस्वीरों के साथ गैडोट ने लिखा, आश्चर्यजनक महिलाओं की अपनी लिस्ट शेयर करते हुए मैं 2020 को अलविदा कह रही हूं. इनमें कुछ मेरी करीबी दोस्त हैं, कुछ परिवार की महिलाएं और कुछ महिलाओं से मैं प्रेरित हूं और मिल चुकी हूं, जबकि कुछ महिलाओं से मैं भविष्य में मिलने की आशा करती हूं.

35 वर्षीय अभिनेत्री ने बिल्किस बानो की वही तस्वीर शेयर करते हुए गलत जानकारी देते लिखा, भारत में महिला अधिकारों की लड़ाई लड़ती 82 वर्षीय इस कार्यकर्ता को देखकर लगता है कि सही के लिए लड़ने की कोई उम्र नहीं होती. हालांकि बाद में उन्होंने वह स्टोरी हटा दी, लेकिन बिल्किस अब भी उनके पोस्ट का हिस्सा हैं. इस साल की शुरुआत में शाहीन बाग की दादी के नाम से मशहूर बिलकिस बानो को टाइम मैगजीन में 2020 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल किया गया था.

गैडोट की माई पर्सनल वंडर वुमैन लिस्ट में उनकी वंडर वुमैन 1984 की डायरेक्टर पैटी जेनकिंस, अमेरिका की उप राष्ट्रपति निर्वाचित कमला हैरिस, न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डेन, फाइजर में वैक्सीन रिसर्च की प्रमुख कैथरिन जानसन और एक कार्यकर्ता सोफिया स्कार्लेट भी शामिल हैं.

बंगाल, पंजाब, और बिहार के वीआईपी पुलिस सुरक्षा पाने वालों में सबसे आगे , 2019 में 19,467 को मिली सुरक्षा

पुलिस सुरक्षा पाने वाले लोगों की अधिकतम संख्या पश्चिम बंगाल, पंजाब, बिहार और जम्मू-कश्मीर में है. भारत भर में पुलिस सुरक्षा पाने वाले लोगों की संख्या 2019 में 19,467 थी जो वर्ष 2018 की तुलना में लगभग नौ प्रतिशत कम है.

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार यह जानकारी सामने आई है. पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि इसके अलावा, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, न्यायाधीशों, नौकरशाहों आदि के लिए 2018 और 2019 में सुरक्षा कर्मियों की संख्या स्वीकृत क्षमता से लगभग 35 प्रतिशत अधिक है.

ब्यूरो ने एक जनवरी, 2020 तक अद्यतन किए गए पुलिस संगठनों के अपने नवीनतम आंकड़ों में बताया कि भारत भर में पुलिस सुरक्षा पाने वाले लोगों की संख्या 2019 में 19,467 थी और 2018 में 21,300 थी, यानि 1,833 (या 8.7 प्रतिशत) की कमी आई.

डेटा के मुताबिक, 2019 में सुरक्षा ड्यूटी के लिए स्वीकृत पुलिस कर्मियों की संख्या 43,556 थी, जबकि 66,043 कर्मियों को लोगों की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था.

उसमें बताया गया है कि 2018 में, स्वीकृत संख्या 40,031 थी जबकि 63,061 पुलिस कर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात किया गया था.

आंकड़ों के अनुसार, 2019 में पश्चिम बंगाल में अधिकतम 3,142 लोगों को पुलिस सुरक्षा मिली हुई थी, इसके बाद पंजाब में 2,594, बिहार में 2,347 और जम्मू-कश्मीर में 1,184 लोगों को पुलिस सुरक्षा मिली हुई थी.

उसमें बताया गया कि 2018 में, बिहार में सबसे अधिक 4,677 लोगों को पुलिस सुरक्षा मिली थी, इसके बाद पश्चिम बंगाल में 2,769, पंजाब में 2,522 और जम्मू-कश्मीर में 1,493 लोगों को पुलिस सुरक्षा मिली थी.

हालांकि, दिल्ली में 2018 में सुरक्षा पाने वालों की संख्या 503 और 2019 में 501 थी.

WHO ने Covid Vaccine फाइजर-बायोएनटेक के आपात इस्तेमाल को दी मंजूरी

0

विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organisation) ने कोरोना वायरस से बचाव के लिए फाइजर-बायोएनटेक के टीके के आपात इस्तेमाल की मंजूरी दे दी है और अब गरीब देशों को भी ये टीके उपलब्ध हो सकेंगे. अब तक ये टीके यूरोप और उत्तर अमेरिका में ही उपलब्ध थे.

देशों की औषध नियामक एजेंसी किसी भी कोविड-19 टीके ( Covid-19 Vaccine) के लिए अपनी ओर से मंजूरी देती हैं, लेकिन कमजोर प्रणाली वाले देश आमतौर पर इसके लिए डब्ल्यूएचओ पर निर्भर करते हैं.

डब्ल्यूएचओ ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोविड-19 के टीके के आपात इस्तेमाल की मंजूरी देने के उसके फैसले से ‘देशों को अवसर मिलेगा कि वे टीके आयात करने तथा इन्हें लगाने संबंधी अपने नियामकों की मंजूरी प्रक्रिया को गति प्रदान कर सकें.’

उसने कहा कि फाइजर-बायोएनटेक द्वारा निर्मित टीका ‘संगठन द्वारा तय किए गए सुरक्षा मानकों एवं अन्य मापदंडों पर खरा उतरा है.’

गौरतलब है कि इस टीके को अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ समेत अनेक देश मंजूरी दे चुके हैं. इस टीके को बहुत ही कम तापमान पर रखना होता है जो विकासशील देशों के लिए एक बड़ी चुनौती है.

पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी करेंगे ‘लाइट हाउस प्रोजेक्ट’ का शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लाइट हाउस प्रोजेक्ट (एलएचपी) का शिलान्यास करेंगे. इसके तहत लखनऊ के 1040 शहरी गरीबों को मात्र पौने पांच लाख रुपए में 415 वर्गफीट एरिया का फ्लैट अगले साल सौंपा जाएगा. इसकी कीमत 12 लाख 59 हजार होगी. इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से 7 लाख 83 हजार रुपए अनुदान के रूप में दिए जाएंगे. बाकी धनराशि 4 लाख 76 हजार ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लाभार्थी को देने होंगे. फ्लैट का आवंटन प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अनुसार किया जाएगा और डूडा के माध्यम से डीएम की अध्यक्षता में खुली लॉटरी कराई जाएगी.

देश में छह राज्यों में ग्लोबल हाउसिंग टेक्नोलॉजी चैलेंज इंडिया (जीएचटीसी इण्डिया) की नींव और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के वितरण कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़ेंगे. जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहीद पथ स्थित अवध विहार योजना में सुबह 11 बजे प्रस्तावित प्रोजेक्ट से लाइव जुड़ेंगे. राज्य सरकार से मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन भी होगा. इस दौरान प्रधानमंत्री कई कैटेगरी में अवाडरें की घोषणा भी करेंगे। इसके बाद एलएचपी का शिलान्यास किया जाएगा.

आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार ने शहरी कमजोर वर्गों को ध्यान में रखते हुए छह राज्यों मध्य प्रदेश में इन्दौर, गुजरात में राजकोट, तमिलनाडु में चेन्नई, झारखण्ड में रांची, त्रिपुरा में अगरतला और उत्तर प्रदेश में लखनऊ को लाइट हाउस प्रोजेक्ट के तहत आवास बनाने के लिए चुना है. शहीद पथ स्थित अवध विहार योजना में बनने वाले एलएचपी का क्रियान्वयन 34.50 वर्ग मीटर कारपेट एरिया में किया जा रहा है. जिसके तहत 14 मंजिला टावर बनेगा और उसमें 1040 फ्लैट कमजोर वर्ग के लोगों को मिलेंगे.

प्रदेश सरकार भवन निर्माण सम्बन्धित अनुसंधान संस्थाओं, छात्रों, प्रौद्योगिक संस्थाओं, वास्तुविदों और अभियंताओं में नई तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा दे रही है. प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन में नई तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है, जिस कारण निर्माण कार्य करीब एक साल में पूरा हो सकेगा.

ICC WTC रैंकिंग में टीम इंडिया दूसरे स्थान पर बरकरार, आस्ट्रेलिया शीर्ष पर

टीम इंडिया ने मेलबर्न टेस्ट जीतकर स्वयं कोअंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के अगले साल होने वाले फाइनल में खेलने की उम्मीदों को बरकार रखा है.

टीम इंडिया ने मेलबर्न में आठ विकेट की जीत के साथ 30 अंक हासिल किए. टीम 390 अंक से 72.2 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर बरकरार है.

टीम इंडिया के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट में हार और धीमी ओवर गति के लिए जुर्माने के बावजूद आस्ट्रेलिया की टीम शीर्ष पर चल रही है. टीम के 322 अंक से 76.6 प्रतिशत अंक हैं.

बुधवार को पहले टेस्ट में पाकिस्तान पर 101 रन की जीत के साथ न्यूजीलैंड ने तीसरे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. टीम को इस जीत से 60 अंक मिले और उसके 66.7 प्रतिशत अंक हो गए हैं.

आईसीसी ने बुधवार को ट्वीट किया, ‘‘न्यूजीलैंड ने स्वयं को आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेलने की दौड़ में बकरार रखा है.’’

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप तालिका में इंग्लैंड और पाकिस्तान शीर्ष पांच में शामिल हैं.

लीग चरण के अंत के बाद प्रतिशत अंकों के आधार पर शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें फाइनल में खेलेंगी. लीग की प्रत्येक श्रृंखला 120 अंक की होती है. इसी के आधार पर श्रृंखला के प्रत्येक मैच के लिए समान अंक वितरित किए जाते हैं. यह दो टेस्ट की श्रृंखला में प्रत्येक मैच के लिए 60 से पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में प्रत्येक मैच के लिए 24 तक होते हैं.

टीम इंडिया अंकों के आधार पर शीर्ष पर है, लेकिन आईसीसी ने Covid-19 महामारी के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सत्र में व्यवधान के बाद पिछले महीने अंक प्रणाली में संशोधन किया था. अब शीर्ष दो टीमों का फैसला प्रतिशत अंकों के आधार पर होगा.

गायत्री प्रजापति की बढ़ी मुश्किलें, छापेमारी के दौरान ED के हाथ लगे 11 लाख के पुराने नोट और 100 बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज

प्रवर्तन निदेशालय (ED) को उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति के अमेठी वाले घर पर छापेमारी में कुल 11 लाख रुपये के पुराने नोट बरामद हुए हैं. इसके अलावा ED को 5 लाख रुपये के सादे स्टाम्प पेपर, डेढ़ लाख रुपये कैश और सौ से अधिक बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज़ भी मिले हैं. जिसके चलते गायत्री प्रजापति की मुश्किलें बढ़ती नज़र आ रही हैं.

दरअसल, बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय ने समाजवादी पार्टी की सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रजापति के अमेठी के आवास और दफ्तर पर छापा मारा था. खनन घोटाले के संबंध में हुई ये छापेमारी के दौरान ईडी को कई दस्तावेज मिले हैं. इन दस्तावेज़ों के मुताबिक़ गायत्री प्रजापति की लखनऊ, कानपुर, मुंबई, सीतापुर समेत छह से ज्यादा शहरों में संपत्ति है. दावा किया जा रहा है उन्होंने यह संपत्ति खनन की कमाई से बनाई गई है. 

प्रवर्तन निदेशालय के मुताबिक़, कई बेनामी संपत्तियां रिश्तेदारों, निजी सहायकों और ड्राइवरों के नाम पर भी ली गई हैं. 

आपको बता दें कि यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति अभी दुष्कर्म के मामले में जेल में हैं. साथ ही खनन के पट्टों के आवंटन मे धांधली के आरोपों के चलते प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई मामले की जांच में जुटी हुई हैं.

यमन में कैबिनेट के सदस्यों को लेकर आए विमान के उतरने ही हुआ भीषण धमाका, 22 लोगों की मौत, 50 घायल

यमन के दक्षिणी शहर अदन के हवाई अड्डे पर बुधवार को भीषण धमाका हुआ. सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि यह धमाका नव गठित कैबिनेट के सदस्यों को लेकर आए विमान के उतरने के कुछ देर बाद हुआ. विस्फोट के कारण कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 50 लोग घायल हुए हैं.

अधिकारियों ने यह जानकारी दी. धमाके की वजह की तत्काल जानकारी नहीं मिली और न ही किसी संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी ली है.

अधिकारियों ने बताया कि बाद में शहर में एक और विस्फोट हुआ. यह विस्फोट उस इमारत के पास हुआ जिसमें कैबिनेट के सदस्यों को ले जाया गया था.

वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि सरकारी प्रतिनिधिमंडल के विमान से बाहर आते ही धमाका हुआ. सरकारी विमान में सवार कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ और कई मत्रियों को वापस विमान में सवार होते हुए देखा गया.

सरकारी विमान में सवार यमन के संचार मंत्री नजीब अल अवग ने एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को बताया कि उन्होंने दो धमाकों की आवाज सुनी और ऐसा लगा कि यह ड्रोन हमला है.

यमन के प्रधानमंत्री मईन अब्दुल मलिक सईद और अन्य को धमाके के बाद तुरंत हवाई अड्डे से शहर स्थित मशिक पैलेस ले जाया गया.

अदन स्वास्थ्य कार्यालय के उप प्रमुख मोहम्मद अल रोउबिद ने एपी को बताया कि धमाके में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है जबकि 60 अन्य घायल हुए हैं. बाद में गृह मंत्रालय ने बताया कि कम से कम 22 लोगों की मौत हुयी और करीब 50 लोग घायल हुए हैं.

कांग्रेस की ‘गाय बचाओ किसान बचाओ’ संदेश यात्रा से पहले नेता नजरबंद, कहा- BJP सही काम नहीं कर रही

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के आलोक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर तीन दिवसीय ‘गाय बचाओ-किसान बचाओ’ कांग्रेस संदेश यात्रा निकाले जाने से पहले ही पुलिस ने यात्रा के आयोजक एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष को सुबह से ही उनके आवास पर नजरबंद कर दिया और दोपहर बाद रैली संपन्न होने तक पुलिस उनके पर घर पर मौजूद रही.

गौरतलब है कि कांग्रेस पदाधिकारियों को मथुरा के हर विधानसभा क्षेत्र से ‘गाय बचाओ-किसान बचाओ’ रैली निकालनी थी, जिसके लिए जिलाध्यक्ष दीपक चौधरी को गोवर्धन विधान सभा क्षेत्र का जिम्मा दिया गया था और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट उमेश शर्मा को मथुरा विधान सभा का.

शर्मा पिछले कई दिनों से सफल रैली के आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए थे, लेकिन बुधवार को जब रैली निकालने का मौका आया तो पुलिस ने उन्हें सुबह से ही उनके घर पहुंच कर उन्हें नजरबंद कर दिया.

उनके घर पर एक उप निरीक्षक समेत करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए जो दोपहर बाद रैली समाप्त होने तक डटे रहे और उसके बाद चले गए.

इसके बाद उन्होंने कहा, ‘भाजपा सरकार का यह व्यवहार ठीक वैसा ही है, जैसा कि आजादी के आंदोलन के दौरान अंग्रेज सरकार कांग्रेस के आंदोलनकारी नेताओं के साथ करती थी. लेकिन यह तय है कि जिस प्रकार कांग्रेस ने अंग्रेजों को भारत से निकाल फेंका, ठीक उसी प्रकार कांग्रेस भाजपा की सरकार को भी उखाड़ फेंकेगी. जो खुद को गाय और किसान का हितैषी बताने के बाद उनके लिए सही काम नहीं कर रही.’

गौरतलब है कि महानगर अध्यक्ष की अनुपस्थिति में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यालय पर जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं महानगर महामंत्री विपुल पाठक की अगुआई में होलीगेट से कोतवाली रोड, भरतपुर गेट, घीया मंडी, चैक बाजार, विश्राम घाट, छत्ता बाजार होते हुए विकास बाजार स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा तक रैली निकाली. जिसमें पार्टी के पूर्व व वर्तमान जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए.

अब IRCTC से एक मिनट में बुक होंगे 10 हजार से ज्यादा टिकट, यात्रियों को मिलेगी राहत

अगर आपको IRCTC से ऑनलाइन ट्रेनों की बुकिंग में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था तो आज से आपको टिकट की बुकिंग में परेशानी नहीं होगी. अब एक मिनट में एक साथ दस हजार रेल टिकटों की बुकिंग हो सकेगी. अभी एक मिनट में 7500 टिकट की बुकिंग होती है.

रेल अधिकारियों के अनुसार, IRCTC की वेबसाइट अपग्रेड होने के बाद टिकट बुकिंग की स्पीड बढ़ जाएगी और यात्री पहले की तुलना में ज्यादा तेजी से टिकट बुकिंग कर सकेंगे. साथ ही आईआरसीटीसी की वेबसाइट से खाने-पीन समेत अन्य सुविधाएं जुड़ जाएंगी.

रेलवे की टिकटिंग वेबसाइट इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ऑनलाइन यात्री आरक्षण की सुविधा प्रदान करती है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 2014 के बाद से, टिकट बुकिंग के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा को बेहतर बनाने पर एक नया जोर दिया जा रहा है.

रेल मंत्री पीयूष गोयल का कहना है कि IRCTC वेबसाइट रेलवे के साथ यात्रा करने वाले नागरिकों का पहला संपर्क केंद्र है और यह अनुभव सुविधाजनक होना चाहिए. उन्होंने कहा, “नए ‘डिजिटल इंडिया’ के तहत, अधिक से अधिक लोग अब आरक्षण काउंटरों पर जाने के बजाय ऑनलाइन टिकट बुक करने की ओर बढ़ रहे हैं और इसलिए, आईआरसीटीसी वेबसाइट को लगातार अपने आप को अपग्रेड करने के लिए अपने प्रयासों को दोगुना करने की आवश्यकता है.”

रेलवे बोर्ड, IRCTC, सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS) के अधिकारियों ने गोयल को आश्वासन दिया कि वेबसाइट के कामकाज को और बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे.

शोएब अख्तर ने की भारतीय खिलाड़ियों की तारिफ, कहा- टीम इंडिया ने सिखाया संकट में कैसे दिखाना होता है जज्बा

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अजिंक्य रहाणे की अगुवाई वाली टीम के मेलबर्न में किये गये प्रदर्शन की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत ने जीत का जज्बा और प्रतिबद्धता दिखायी. एडीलेड में 36 रन पर आउट होने के बाद भारतीय टीम ने मेलबर्न में दूसरे टेस्ट में आस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर श्रृंखला बराबर की.

अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘भारत ने असल में आस्ट्रेलिया को चारों खाने चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. संकट में जज्बा दिखाया जाता है. भारतीय टीम ने बेहद संकट की स्थिति में अपना कौशल और जज्बा दिखाया. उन्होंने दिखाया कि वे हार मानने वाले नहीं हैं.’’ अख्तर इस बात से ज्यादा प्रभावित दिखे कि रहाणे ने विराट कोहली, मोहम्मद शमी और रोहित शर्मा की अनुपस्थिति के बावजूद सहजता से अपनी भूमिका निभायी.

रावलपिंडी एक्सप्रेस ने कहा, ‘‘अजिंक्य ने सहजता से टीम की अगुवाई की. उन्होंने गेंदबाजी में सही बदलाव करके किसी का ध्यान खींचने की कोशिश नहीं की और अब सफलता सारी कहानी बयां कर रही है. कहा जाता है कि अगर आप चुपचाप कड़ी मेहनत करते हैं तो सफलता कहानी बयां करती है.’’ अख्तर ने इसके बाद अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे मोहम्मद सिराज और शुभमन गिल की तारीफ की जिन्होंने दबाव में अच्छा प्रदर्शन किया.

उन्होंने कहा, ‘‘सिराज ने अपना पिता गंवा दिया जो अपने बेटे को भारत की तरफ से खेलते हुए देखना चाहते थे. यह दुर्भाग्यपूर्ण था. उसने अपना सारा गुस्सा आस्ट्रेलिया पर निकाला और अपने पिता को सच्ची श्रद्धांजलि दी. ’’ अख्तर ने कहा, ‘‘जब आप गिल को देखते हो तो आपको लगता है कि वह बेजोड़ बल्लेबाज है जिसे आप भविष्य में देखने वाले हैं. रविंद्र जडेजा टीम में आये और हर विभाग में योगदान दिया.’’