Home Blog Page 135

पाकिस्तानी सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, चार लोगों की मौत

पाकिस्तान की सेना का एक हेलीकॉप्टर शनिवार शाम दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई.

सेना के सूत्रों ने रविवार को बताया कि हेलीकॉप्टर एक सैनिक का शव ले जा रहा था जिसकी हिमस्खल में फंसकर मौत हो गई थी.

उन्होंने कहा कि शनिवार शाम एस्तोर जिले के उत्तरी मिनिमार्ग क्षेत्र में तकनीकी खामी की वजह से हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

सैन्य सूत्रों ने बताया कि मृतकों में पायलट, सह पायलट और दो अन्य सैनिक शामिल हैं.

मध्यप्रदेश की मंत्रिपरिषद ने ‘धर्म स्वातंत्र्य विधेयक-2020’ को दी मंजूरी

‘लव जिहाद’ के खिलाफ सख्त कानून बनाने के लिए मध्यप्रदेश की मंत्रिपरिषद ने शनिवार को ‘धर्म स्वातंत्र्य विधेयक-2020’ को मंजूरी दे दी है. इस कानून में अधिकतम 10 साल की सजा एवं एक लाख रूपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है.

मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद मध्यप्रदेश के कानून एवं गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया, ‘‘धर्म स्वातंत्र्य विधेयक-2020 को शनिवार को मंत्रिपरिषद ने ध्वनिमत से मंजूरी दे दी है.’’ उन्होंने कहा कि इस विधेयक को विधानसभा के आसन्न सत्र में पेश किया जाएगा और इसके विधानसभा में पारित होते ही 1968 वाला धर्म स्वातंत्र्य विधेयक समाप्त हो जाएगा. मिश्रा ने बताया कि इसमें 19 प्रावधान हैं.

उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति दूसरे को प्रलोभन, धमकी एवं बल पूर्वक विवाह के नाम पर अथवा अन्य कपटपूर्ण तरीके से प्रत्यक्ष अथवा अन्यथा उसका धर्म परिवर्तन अथवा धर्म परिवर्तन का प्रयास नहीं कर सकेगा. उन्होंने कहा कि इसके बाद कोई भी व्यक्ति धर्म परिवर्तन किए जाने का दुष्प्रेरण अथवा षड़यंत्र नहीं कर सकेगा.

मिश्रा ने बताया कि इस कानून का उल्लंघन करने पर एक से 10 साल की सजा एवं अधिकतम एक लाख रूपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने इस विधेयक को काफी कठोर बनाने की कोशिश की है.

महाराष्ट्र : कोरोना वायरस से 312 पुलिसकर्मियों की गई जान, 28,500 कर्मी आए चपेट में

महाराष्ट्र पुलिस के लिए 2020 का पूरा साल काफी मुश्किलों भरा रहा. राज्य में कोविड-19के चलते 312 पुलिस कर्मियों की जान चली गई और लगभग 28,500 कर्मी संक्रमित हुए.

मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह मुताबिक़ इस वर्ष को पुलिस अधिकारियों को कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में उनके बलिदान के लिए याद किया जाएगा. मुंबई में कोविड-19 ने 98 पुलिस कर्मियों की जान ले ली. उनके बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा.” सिंह ने कहा कि महामारी के दौरान लगातार काम करना हमारी सबसे बड़ी प्रतिबद्धता वाला काम था, लेकिन पुलिस बल को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा.

महामारी के प्रकोप से पहले, नागरिकता संशोधन अधिनियम और राष्ट्रीय नागरिक पंजी के खिलाफ शहर में भारी विरोध प्रदर्शन को संभालने में पुलिस व्यस्त रही.दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रों पर बदमाशों द्वारा किए गए हमले के बाद छह जनवरी की रात सैकड़ों छात्रों और अन्य लोगों ने गेटवे ऑफ इंडिया पर प्रदर्शन किया.

दिल्ली में शाहीन बाग आंदोलन की गूंज मुंबई में भी रही. महानगर के मोरलैंड रोड ‘मुंबई बाग’ विरोध प्रदर्शन स्थल में तब्दील हो गया. कोरोना वायरस प्रकोप के उभरने पर यह 56 दिनों के बाद समाप्त हो गया.

मार्च में लॉकडाउन लागू होने के बाद, देश के अन्य हिस्सों के लाखों प्रवासी श्रमिक मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य शहरों में फंसे हुए थे. पुलिस ने उन्हें भोजन उपलब्ध कराने और उनकी सुरक्षा का ध्यान रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.

महामारी के दौरान अपराध दर में तो गिरावट आई, लेकिन इसको लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहों की बाढ़ आ गई, जिससे निपटने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस की साइबर अपराध शाखा ‘महाराष्ट्र साइबर’ ने अफवाह फैलाने वालों पर शिकंजा कसा.

महाराष्ट्र पुलिस को तब भारी आलोचना का सामना करना पड़ा जब अप्रैल में पालघर जिले में दो जैन संतों और उनके चालक को बच्चा चोर होने के संदेह पर स्थानीय लोगों ने पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में पीट-पीटकर हत्या कर दी.

मामले की जांच आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दी गई है, जिसने अब तक 186 लोगों को गिरफ्तार किया है.

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की 14 जून को हुई मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया. ऐसे आरोप लगे कि वह फिल्म उद्योग के भीतर भाई-भतीजावाद और गुटबंदी का शिकार हो गए.

बांद्रा पुलिस ने राजपूत की प्रेमिका और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती समेत उद्योग के कई हस्तियों के बयान दर्ज किए.

अक्टूबर में, मुंबई पुलिस ने टेलीविजन रेटिंग पॉइंट्स (टीआरपी) में हेराफेरी का खुलासा किया, जिसमें कथित तौर पर कुछ टीवी चैनल शामिल थे. पुलिस ने इस मामले में रिपब्लिक टीवी के दो वरिष्ठ अधिकारियों सहित 14 लोगों को गिरफ्तार किया.

अलीबाग पुलिस ने चार नवंबर को रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी और दो अन्य लोगों को इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक को कथित तौर पर आत्महत्या के उकसाने के एक मामले में गिरफ्तार किया, जिसको लेकर काफी बवाल मचा.

उच्चतम न्यायालय से जमानत मिलने पर आठ दिन बाद गोस्वामी को जेल से रिहा कर दिया गया.

सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर का बीजेपी पर बड़ा आरोप, कहा-कोरोना के नाम पर दलितों-अल्पसंख्यकों को गरीब बनाने की कोशिश

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बीजेपी को आड़े हाथ लिया है. उन्होंने कहा कि ‘’बीजेपी झूठों की पार्टी है और वह किसानों की नहीं बल्कि अडानी और अंबानी की चौकीदारी कर रही है.’’ बलिया जिले के सिकंदरपुर क्षेत्र में गुरुवार को पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होने आए राजभर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘’हम कोरोना को नहीं मानते हैं. सर्दी या खांसी ये बहुत पुरानी बीमारी है. जब कोविड-19 की दवाई बनी नहीं तो 98 फीसदी रोगी कैसे ठीक हो जा रहे हैं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘बीजेपी गरीबों, कमजोर, पिछड़े ,दलित और अल्पसंख्यक को कोविड के नाम पर गरीब बनाने की कवायद कर रही है.’’

राजभर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा, ‘’गृह मंत्री के पश्चिम बंगाल की रैली को देख लीजिए. रैली में कहीं कोई मास्क पहनते दिखाई नहीं दिया. बिहार विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश के विधानसभा उप चुनाव में भी यही दृश्य दिखाई दिया.’’ उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कोरोना नहीं है और चुनाव खत्म होते ही कोरोना की चर्चा शुरू हो जाती ह

वहीं, सुभासपा के एआईएमआईएम के साथ गठबंधन और उत्तर प्रदेश को पाकिस्तान बनाने के आरोप पर उन्होंने कहा, ‘‘आज ओमप्रकाश राजभर के साथ ओवैसी आ गए हैं तो सारी पार्टियां बौखलाई हुई हैं, क्योंकि 22 फीसदी वोट ओवैसी का है और आठ फीसदी वोट पूर्वांचल में ओमप्रकाश राजभर का है. हमारे साथ भागीदार संकल्प मोर्चा है, जिसका वोट 43 फीसदी है.’’

CM नीतीश कुमार को बीजेपी ने दिया ज़ोर का झटका, इस राज्य में JDU के 6 विधायकों ने छोड़ी पार्टी

अरुणाचल प्रदेश में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के सात में से छह विधायकों के बीजेपी में शामिल होने से पार्टी को राज्य में एक बड़ा झटका लगा है.

बता दें कि हालिया विधानसभा चुनाव में बिहार में बीजेपी, हम और वीआईपी की मदद से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने हैं. अब नीतीश कुमार की पार्टी के छह विधायक अरुणाचल में बीजेपी में शामिल हो गए.

राज्य विधानसभा द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए) के लिकाबाली निर्वाचन क्षेत्र से विधायक करदो निग्योर भी बीजेपी में शामिल हो गए हैं.

पंचायत और नगर निगम चुनाव के नतीजों की घोषणा से एक दिन पहले यह खबर सामने आई है. बुलेटिन के अनुसार रमगोंग विधानसभा क्षेत्र के तालीम तबोह, चायांग्ताजो के हेयेंग मंग्फी, ताली के जिकके ताको, कलाक्तंग के दोरजी वांग्दी खर्मा, बोमडिला के डोंगरू सियनग्जू और मारियांग-गेकु निर्वाचन क्षेत्र के कांगगोंग टाकू बीजेपी में शामिल हो गए हैं.

जेडीयू ने 26 नवम्बर को सियनग्जू, खर्मा और टाकू को ‘‘पार्टी विरोधी’’ गतिविधियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था और उन्हें निलंबित कर दिया था.

इन जेडीयू के छह विधायकों ने इससे पहले पार्टी के परिष्ठ सदस्यों को कथित तौर पर बताए बिना तालीम तबोह को विधायक दल का नया नेता चुन लिया था. पीपीए विधायक को भी क्षेत्रीय पार्टी ने इस महीने की शुरुआत में निलंबित कर दिया था.

अरुणाचल प्रदेश के प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बीआर वाघे ने कहा, ‘‘ हमने पार्टी में शामिल होने के उनके पत्रों को स्वीकार कर लिया है.’’

शादी से इनकार के बाद प्रेमिका ने खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में शादी से इनकार पर खुद को आग लगाने वाली युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई है. युवती का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा था. 22 वर्षीय युवती ने बीती रात दम तोड़ दिया.

बता दें कि सैनी थाना क्षेत्र में 22 साल की युवती ने दो दिन पहले प्रेमी द्वारा शादी से इनकार किये जाने के बाद खुद को आग के हवाले कर दिया था. घटना के बाद पुलिस ने युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया था. बाद में उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भेज दिया गया था जहां उसकी मौत हो गयी.

बताया जा रहा है कि प्रेमी समुदाय अलग-अलग संप्रदाय का था. युवती का थाना क्षेत्र के सिराथू कस्बा निवासी अच्छे सोनकर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. अच्छे सोनकर ने 24 दिसंबर को युवती के साथ शादी से इनकार कर दिया था. पुलिस ने बताया कि शादी से इनकार किये जाने के बाद युवती ने केरोसिन छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया था. उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेज दिया. बीती रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने अच्छे सोनकर के खिलाफ केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है. उन्होंने बताया कि मामले में कार्यवाही की जा रही है.

गुवाहाटी पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, चुनाव पूर्व तैयारियों का लेंगे जायजा

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से दो दिवसीय असम और मणिपुर के दौरे पर हैं, जहां पर वे दोनों ही उत्तर-पूर्वी राज्यों में नई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान वह सांस्कृतिक और पर्यटन केन्द्र के तौर पर बटाद्रव की आधारशिला रखेंगे. इसके साथ ही गुवाहाटी में नए मेडिकल कॉलेज और पूरे असम में नौ लॉ कॉलेजों स्थापित किए जाएंगे.

इसके साथ ही, असम दर्शन प्रोग्राम के अंतर्गत 8 हजार पांरपरिक वैष्णव मठ को वित्तीय ग्रांट का वितरण किया जाएगा. अगले साल असम में होने जा रहे चुनावों को लेकर अमित शाह पार्टी नेताओं के साथ चुनाव की तैयारियों की समीक्षा बैठक भी करेंगे.

असम में सत्तारूढ भाजपा ने 16 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति गठित करके विधानसभा चुनाव के लिए अपनी चुनाव तैयारी प्रक्रिया शुरू कर दी है. समाचार एजेंसी पीटीपी ने पार्टी सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी. सूत्रों के अनुसार समिति में मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, उत्तर पूर्व लोकतांत्रिक गठबंधन के संयोजक हिमंत विश्व सरमा और प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार दास शामिल हैं.

दास ने अलग अलग नोटिसों में कहा कि पार्टी ने दो महत्वपूर्ण समितियां-17 सदस्यीय प्रदेश कोर समिति और पांच सदस्यीय प्रदेश अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति भी बनायी हैं. असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए 2021 के मार्च-अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है. भाजपा ने सहयोगियों के साथ मिलकर 100 सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है.

राज्य में 2016 के विधानसभा चुनाव में खंडित जनादेश आया था और किसी भी दल को इस वर्तमान विधानसभा में पूर्ण बहुमत नहीं मिला था. दास ने बताया कि प्रदेश चुनाव समिति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की सहमति के बाद बनायी गयी है.

इस समिति के अन्य सदस्य केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, लोकसभा सदस्य और भाजपा महासचिव दिलीप सैकिया, असम के कैबिनेट मंत्री चंद्रमोहन पटवारी, रंजीत दत्ता, परिमल सुक्लावैद्य तथा कई अन्य वरिष्ठ नेता हैं. विधानसभा में फिलहाल भाजपा 60 विधायकों के साथ सबसे बड़ा दल है. उसे 14 विधायकों वाली असम गण परिषद और 12 विधायकों वाले बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट तथा एक निर्दलीय विधायक का समर्थन प्राप्त है.

मोनालिसा संग पवन सिंह के किया जमकर रोमांस! सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह (Pawan Singh) का जादू फैंस के सिर चढ़कर बोलता है. यही वजह है उन्हें दर्शकों से बेहद प्यार और दुलार मिलता है. इन दिनो पवन सिंह का एक गाना यूट्यूब पर बवाल मचा रहा है. इस गाने में पवन सिंह के साथ मोनालिसा (Monalisa) नजर आ रही हैं. पवन सिंह और मोनालिसा की जोड़ी को दर्शक काफ़ी पसंद कर रहे हैं. ‘पाला सटाके’ गाने के विडियो को यूट्यूब पर जमकर देखा और सुना जा रहा है.

भोजपुरी फिल्म ‘सरकार राज’ के इस गाने को पवन सिंह ने ही अपनी आवाज में गाया है. जबकि इसके बोल मनोज मतलबी ने लिखे हैं.

पवन सिंह और मोनालिसा के ‘पाला सटाके’ गाने को यू ट्यूब पर अबतक 14,513,118 बार देखा जा चुका है. इस गाने को पवन सिंह ने ही अपनी आवाज दी है. जिसमें मोनालिसा और पवन सिंह के बीच की केमिस्ट्री देखते ही बन रही है.

साड़ी में क़हर ढा रही हैं मोनालिसा,तस्वीरें देखकर आप भी हो जाएंगे दीवाने 

भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा (Monalisa) सोशल मीडिया पर काफी ऐक्टिव हैं. इन दिनों उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. साड़ी में उनका अंदाज फैन्स को काफी पसंद आ रहा है. मोनालिसा जब भी वह अपनी कोई तस्वीर शेयर करती हैं तो उसपर कमेंट्स और लाइक्स की बाढ़ आ जाती है. आपको बता दें कि इंस्टाग्राम पर मोनालिसा के 3.7 मिलियन से अधिक फॉलोवर हैं.

 

BCCI की AGM आज, IPL टीमों को मंजूरी, क्रिकेट समितियों के गठन पर हो सकता है फैसला

भारतीय क्रिकेट बोर्ड की आज यहां होने वाली आम सभा की 89वीं सालाना बैठक में दो नई आईपीएल टीमों को शामिल करना, भारत में वैश्विक टूर्नामेंटों को कर से छूट की आईसीसी की मांग और विभिन्न क्रिकेट समितियों का गठन एजेंडे में शामिल है.

बीसीसीआई के नए उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के चयन की भी औपचारिक घोषणा होगी जो सर्वसम्मति से चुने गए हैं. बृजेश पटेल आईपीएल संचालन परिषद के प्रमुख बने रहेंगे.ऐसी भी अटकलें हैं कि बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली से उनके विज्ञापनों और उससे जुड़े हितों के टकराव के मामले पर भी सवाल किये जायेंगे लेकिन अभी इस पर कोई स्पष्टता नहीं है.

आईपीएल 2022 के लिये दो नई टीमों को भी मंजूरी दी जायेगी. बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया ,‘‘ इस समय आईपीएल में दस टीमें रखना 2021 के लिये संभव नहीं हैं. इसके लिये निविदा की प्रक्रिया और नीलामी लंबा समय लेगी और इतने कम समय में यह मुमकिन नहीं.’’ उन्होंने कहा ,‘‘ यह सही होगा कि मंजूरी ले ली जाये और 2022 में 94 मैचों का टूर्नामेंट हो .’’

वहीं, आईसीसी को अक्टूबर -नवंबर में होने वाले टी20 विश्व कप के आयोजन के लिये कर में पूरी छूट मिलने का आश्वासन देने की समय सीमा में एक सप्ताह ही रह गया है. ऐसा नहीं होने पर टूर्नामेंट यूएई में खेला जायेगा. आईसीसी के मंचों पर बीसीसीआई सचिव और गांगुली बोर्ड के प्रतिनिधि बने रहेंगे.


बीसीसीआई अगर 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल करने का समर्थन करता है तो उसकी स्वायत्ता खत्म हो जायेगी और वह राष्ट्रीय खेल महासंघ होने के नाते खेल मंत्रालय के अंतर्गत आ जायेगा.

बीसीसीआई की विभिन्न समितियों का गठन भी लंबे समय से रूका हुआ है. समझा जाता है कि नई क्रिकेट सलाहकार समिति का गठन होगा जो तीन नये चयनकर्ता चुनेगी.