Home Blog Page 139

देश में Covid-19 के मामले 99.56 लाख के पार, एक दिन में सामने आए 24,010 नए मामले

देश में एक दिन में कोविड-19 के 24,010 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 99.56 लाख के पार पहुंच गए, जिनमें से 94.89 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में अभी तक वायरस के कुल 99,56,557 मामले सामने आ चुके हैं. वहीं 355 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,44,451 हो गई है.

आंकड़ों के अनुसार देश में कुल 94,89,740 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 95.31 प्रतिशत हो गई. वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है.

देश में लगातार 11 दिनों से उपचाराधीन लोगों की संख्या चार लाख से कम है. अभी 3,22,366 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 3.24  प्रतिशत है.

भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी.

वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार चले गए थे

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में 16 दिसम्बर तक 15,78,05,240 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई, जिनमें से 11,58,960 नमूनों की जांच बुधवार को की गई.

चांद की सतह से नमूने लेकर सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौटा चीन का चंद्रयान

चीन का चंद्रयान ‘चांग ई 5’ चांद की सतह से नमूने लेने के बाद सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौट आया है। चांद से 40 से अधिक वर्ष बाद नमूने पृथ्वी पर लाए गए हैं.

‘चीन राष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रशासन’ (सीएनएसए) के अनुसार ‘चांग ई 5’ मंगोलिया स्वायत्त क्षेत्र के सिजिवांग बैनर में स्थानीय समयानुसार देर रात एक बजकर 59 मिनट (बुधवार को) उतरा.

सीएनएसए के प्रमुख झांग केजन ने ‘चांग ई 5’ अभियान को सफल घोषित किया है.चीन की सरकार समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, इसके साथ ही चंद्रमा की कक्षा में जाना, वहां उतरना और नमूने वापस लाने का चीन का वर्तमान तीन-चरणीय चंद्र अन्वेषण कार्यक्रम सफलतापूर्वक समाप्त हो गया, जिसकी शुरुआत 2004 में हुई थी.

‘चांग ई 5’के चार में से दो मॉड्यूल एक दिसम्बर को चंद्रमा की सतह पर पहुंचे थे और उन्होंने सहत से खुदाई करके करीब दो किलोग्राम नमूने एकत्र किए.

इन नमूनों को सील बंद कंटेनर में रखा गया और उसे वापस आने वाले मॉड्यूल में स्थानांतरित किया गया.‘चांग ई 5’ चांद की सतह पर पहुंचने वाला चीन का तीसरा यान है

यह चीन के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रम की कड़ी का हालिया अभियान है. अभियान के तहत भेजा गया ‘चांग ई 4’ चंद्रमा के सुदूरवर्ती क्षेत्र में पहुंचने वाला पहला यान था.

इससे पहले पूर्व सोवियत संघ द्वारा भेजे गये रोबोट वाले लूना 24 अंतरिक्ष यान के जरिये वैज्ञानिकों को चांद से लाये गये नमूने प्राप्त हुए थे.

PSLV-C50 Launch Updates: सेटेलाइट के प्रक्षेपण के लिए 25 घंटे की उलटी गिनती शुरू

संचार उपग्रह सीएमएस-01 को पीएसएलवी-सी50 रॉकेट के जरिए प्रक्षेपित करने के लिए 25 घंटे की उलटी गिनती बुधवार को शुरू हो गई. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यह जानकारी दी.

ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) का यह 52 वां अभियान है. श्री हरिकोटा स्थित द्वितीय प्रक्षेपण स्थल से बृहस्पतिवार दोपहर तीन बज कर 41 मिनट पर पीएसएलवी-सी50 रॉकेट अंतरिक्ष के लिए रवाना होगा. हालांकि, इसका प्रक्षेपण कार्यक्रम मौसम पर निर्भर करेगा.

इसरो ने कहा, ‘‘पीएसएलवी-सीएमएस-01 अभियान: पीएसएलवी-सी50/सीएमएस01 अभियान के लिए उलटी गिनती श्री हरिकोटा रेंज (एसएचएआर) से आज दोपहर दो बज कर 41 मिनट पर शुरू हो गई.’’

आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसडीएससी) को एसएचएआर भी कहा जाता है.

सीएमएस-01, इसरो का 42 वां संचार उपग्रह है और इसे भारत की मुख्य भूमि, अंडमान निकोबार और लक्षद्वीप को कवर करने वाले फ्रीक्वेंसी स्पेक्ट्रम के विस्तारित सी बैंड में सेवाएं मुहैया करने के लिए तैयार किया गया है.

Farmers Protest : सिख संत ने गोली मारकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- किसानों का दर्द सहा नहीं जा रहा

कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में सिंघू बॉर्डर के निकट प्रदर्शन कर रहे किसानों का समर्थन कर रहे एक सिख संत ने बुधवार को कथित रूप से आत्महत्या कर ली. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने कहा कि मृतक ने कथित रूप से पंजाबी में हाथ से लिखा एक नोट भी छोड़ा है, जिसमें कहा गया है कि वह ‘किसानों का दर्द’ सहन नहीं कर पा रहा है.

पुलिस नोट की जांच कर रही है. सोनीपत पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें फोन आया था कि करनाल जिले के निसिंग इलाके के सिंघरा गांव के निवासी संत राम सिंह ने कथित रूप से खुद को गोली मार ली. सिंह को पानीपत के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक खबरों के अनुसार सिंह ने प्रदर्शन स्थल पर अपनी कार के निकट खुद को गोली मार ली. पुलिस ने परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

पुलिस ने कहा कि शव को एंबुलेंस में पोस्टमॉर्टम के लिये करनाल ले जाया गया. उनके अनुयायियों ने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. बाद में शव को सिंघरा गांव में नानकसर गुरुद्वारा ले जाया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में उनके अनुयायी जुटे हैं.

करनाल के एसपी गंगा राम पुनिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इलाके में पुलिस तैनात कर दी गई है. उन्होंने कहा, ‘हालात शांतिपूर्ण और नियंत्रण में हैं.’ इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार को ‘जिद’ छोड़कर कानूनों के वापस ले लेना चाहिये.

पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘करनाल के संत बाबा राम सिंह जी ने किसानों की दुर्दशा देखकर आत्महत्या कर ली. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं और श्रद्धांजलि.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ कई किसान अपने जीवन की आहुति दे चुके हैं. मोदी सरकार की क्रूरता हर हद पार कर चुकी है. ज़िद छोड़ो और तुरंत कृषि विरोधी क़ानून वापस लो!’’

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि वह संत की आत्महत्या की खबर सुनकर आक्रोशित हैं. उन्होंने कहा, ‘संत जी का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा. मैं भारत सरकार से अनुरोध करता हूं कि हालात और बिगड़ने न दे और तीन कृषि कानूनों के निरस्त कर दे.’

क्रिसमस में मिलेगा इम्यूनिटी बूस्टर केक, जानें- क्या होगी कीमत?

कोरोना संकट को देखते हुए क्रिसमस के मद्देनज़र दाल-चीनी और आटे वाला इम्यूनिटी बूस्टर विशेष केक तैयार किया गया है. जिसके सेवन से शरीर की इम्यूनिटी भी बढ़ेगी. बाजार में अब दाल-चीनी, आटा से बना केक उपलब्ध है. यह केवल स्वाद ही नहीं, बल्कि सेहत की दृष्टि से फायदेमंद भी है. हाल के दिनों में इस केक की मांग काफी ज्यादा बढ़ी है. ऑनलाइन भी इसकी मांग बढ़ रही है.

जेजे बेकर्स के जसजीव कोहली ने बताया कि कोरोना को देखते हुए लोग अपनी सेहत के प्रति जागरूक हो रहे हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए हम लोगों ने खास प्रकार इम्यूनिटी बूस्टर केक तैयार कराए हैं. एप्पल सिनेमन और कैरेट केक है, जिसमें दाल-चीनी का प्रयोग किया गया है.

उन्होंने कहा, “हालांकि इससे पहले भी हम लोग इसका प्रयोग करते थे. लेकिन इस बार कोविड के चलते इम्यूनिटी के प्रति जागरूक हो रहे, इसका ख्याल रखा गया है. इसके अलावा ड्राई केक में आटे, गाजर, खजूर, अंजीर, दालचीनी, आटा, पाइनएप्पल, और स्ट्रॉबेरी के नए फ्लेवर को डाला गया है. इसकी कीमत एक हजार रुपये रखा गया है. इस बार के हालात सामान्य दिनों से अलग हैं, इसीलिए हमने क्रिसमस के लिए विशेष तैयारी की है.”

एक अन्य बेकर ने भी क्रिसमस को देखते हुए स्वास्थ्यवर्धक मसालों का प्रयोग करके कुकीज और केक तैयार किया गया है. एक अन्य दुकानदार ने बताया कि इंग्लिश प्लम केक इस बार खास तरीके से बनाया गया है. जो पूरी तरह से एंग्लो विधि से तैयार किया गया है. कोविड को देखते हुए सेंटा इस बार पंजीकरण कराने वाले बच्चों के घर जाकर उन्हें बधाई देगा और उपहार बांटेगा.

भारत में Covid-19 के 26,382 नए मामले, 387 और लोगों की मौत

भारत में एक दिन में कोविड-19 (Covid-19) के 26,382 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 99.32 लाख के पार चले गए, जिनमें से 94.56 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 99,32,547 हो गए हैं. वहीं 387 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,44,096 हो गई.

आंकड़ों के अनुसार देश में 94,56,449 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 95.21 प्रतिशत हो गई। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है.

देश में लगातार 10 दिनों से उपचाराधीन लोगों की संख्या चार लाख से कम है.आंकड़ों के अनुसार अभी 3,32,002 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 3.34 प्रतिशत है.

भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी.

वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार चले गए थे.

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में 15 दिसम्बर तक 15,66,46,280 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई, जिनमें से 10,85,625 नमूनों की जांच मंगलवार को की गई.

ऑस्ट्रेलिया में उछाल भरी विकेट देखकर उत्तेजित ना हो भारतीय गेंदबाज – कपिल देव

कपिल देव ने भारतीय तेज गेंदबाजों को सलाह देते हुए कहा कि वे ऑस्ट्रेलिया में गुरुवार से शुरु हो रही चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला में उछाल लेती पिचों को देखकर उत्तेजित ना हो और अपनी ताकत से गेंदबाजी करें.

अनुभवी ईशांत शर्मा की अनुपस्थिति में भी, भारत टीम के पास जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के नेतृत्व में खतरनाक तेज गेंदबाजी आक्रमण है. टीम में उमेश यादव, मोहम्मद सिराज और नवदीप सैनी के रूप में शानदार विकल्प मौजूद है.

पूर्व दिग्गज कपिल देव का मानना है कि भारतीय गेंदबाजों के पास अब भी ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर गेंदबाजी का अनुभव नहीं है. कपिल ने भारतीय चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित एक ऑनलाईन सत्र में कहा, ‘‘ हमारे तेज गेंदबाजों को ऑस्ट्रेलिया के पिचों पर गेंदबाजी का अनुभव नहीं है. कई बार वह उछाल देख कर उत्तेजित हो जाते हैं. यह समझना काफी जरूरी है कि उन्हें अपनी ताकत से गेंदबाजी करनी चाहिये.’’

भारत के लिए 131 टेस्ट में 434 विकेट लेने वाले पूर्व महान खिलाड़ी ने कहा, ‘‘ हमारे पास शानदार तेज गेंदबाज है , लेकिन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी वहां की परिस्थितियों को हमारे गेंदबाजों की तुलना में बेहतर समझते हैं.’’ 1983 में विश्व विजेता बनाने वाले इस पूर्व कप्तान ने कहा कि दिन-रात्रि प्रारूप में खेले जाने वाले श्रृंखला के पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी रहेगा.

ओबीसी कोटे से छेड़छाड़ नहीं होगी, मराठाओं को चिंता करने की जरूरत नहीं: मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को विधानसभा को आश्वासन दिया कि मौजूदा ओबीसी कोटा बरकरार रहेगा और ओबीसी कोटे में मराठाओं को शामिल करने की अफवाह फैला कर समाज में भेदभाव पैदा करने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

ठाकरे ने कहा कि शिवसेना ने हिंदुत्व को नहीं छोड़ा है.उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, प्राचीन संस्कृति और परम्पराओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्राचीन मंदिरों के पुनरुद्धार और रख रखाव का काम करेगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी और मंदिरों की पहचान करने में विपक्ष को भी मदद करनी चाहिए.

भाजपा की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि इस परियोजना से यह सिद्ध होता है, “हमने हिंदुत्व को नहीं छोड़ा है.”ठाकरे ने स्पष्ट किया कि ओबीसी कोटे से छेड़छाड़ नहीं की जाएगी.

उन्होंने कहा कि मराठाओं को ओबीसी कोटे में आरक्षण देने की अफवाह फैलाकर समाज में भेदभाव फैलाने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ऐसी अफवाह फैला रही है कि मराठाओं को ओबीसी कोटे में से आरक्षण दिया जाएगा.

उद्धव ठाकरे ने कहा, “मराठा कोटे के लिए कानूनी लड़ाई अंतिम चरण में है. हमने मराठा कोटा पर न तो अपनी कानूनी टीम बदली है, न रुख बदला है. हम कानूनी लड़ाई जीतेंगे.”

पश्चिम बंगाल के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप कर रही है केंद्र सरकार: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह आईपीएस अधिकारियों को अपने अधीन सेवा देने के लिए तलब कर राज्य के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप कर रही है.

बनर्जी ने केंद्र सरकार को राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की चुनौती भी दी और पश्चिम बंगाल को ‘दंगा प्रभावित’ गुजरात में बदलने का प्रयास करने के लिए उसकी आलोचना की.

बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में शरणार्थी कॉलोनी को मान्यता दी गई है और किसी को भी राष्ट्रीय नागरिक पंजी, संशोधित नागरिकता कानून और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर को लेकर डरने की जरूरत नहीं है.

उन्होंने आरोप लगाया, ‘भाजपा ने दंगों और समुदायों के बीच नफरत का नया धर्म पैदा किया है.’ उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमला नहीं किया गया और आश्चर्य जताया कि ‘दोषी ठहराए गए अपराधी’ उनके साथ क्यों थे.

बनर्जी ने यहां एक रैली में कहा, ‘अगर भाजपा और केंद्र सरकार सोचती है कि वे केंद्रीय बल यहां लाकर और राज्य कैडर के अधिकारियों का तबादला कर हमें डरा देंगे तो वे गलत सोच रहे हैं. केंद्र हमारे अधिकारियों को तलब कर रहा है…कोई भी उन्हें (नड्डा) या उनके काफिले को चोट नहीं पहुंचाना चाहता था.’

उन्होंने कहा, ‘उनके काफिले में इतनी कारें क्यों थीं? दोषी अपराधी उनके साथ क्यों थे? जिन गुंडों ने पिछले वर्ष ईश्वर चंद्र विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ी, वे भी नड्डा के साथ थे… इस तरह के गुंडों को खुला घूमते देखकर लोग क्रोधित हो गए…मैं केंद्र को चुनौती देती हूं कि बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाकर दिखाए.’

भगवा पार्टी को ‘डकैतों और चोरों का समूह’ बताते हुए बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए तृणमूल कांग्रेस की ओर उंगली उठा रही है और बेबुनियाद आरोप लगा रही है.

उन्होंने कहा, ‘भाजपा के लिए हर कोई चोर है और वे संत हैं. भाजपा डकैतों और चोरों की पार्टी है. उसने राज्य के लोगों को धमकाने के लिए चंबल क्षेत्र से डकैतों को भेजा है.’

राष्ट्र गान बदलने को लेकर भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा हाल में प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर इस तरह का ‘दुस्साहस’ किया जाता है तो राज्य के लोग करारा जवाब देंगे.

उन्होंने कहा, ‘वे हमारे देश का इतिहास बदलना चाहते हैं और अब राष्ट्र गान भी बदलना चाहते हैं.’

अलग गोरखालैंड राज्य के लंबित मुद्दों का हवाला देते हुए बनर्जी ने कहा कि भाजपा दार्जीलिंग हिल्स की समस्याओं का कभी स्थायी समाधान नहीं कर सकती. ‘केवल तृणमूल कांग्रेस ही ऐसा कर सकती है.’

उन्होंने कहा, ‘मैंने कभी गोरखालैंड की बात नहीं की है. लेकिन मैं आपको आश्वस्त कर सकती हूं कि केवल तृणमूल ही स्थायी समाधान दे सकती है. भाजपा ना तो ऐसा करेगी ना उसकी इसमें दिलचस्पी है.’