Home Blog Page 140

किसानों की शंकाओं के समाधान के लिए सरकार चौबीसों घंटे तैयार: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि किसानों का कल्याण उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहा है और उनकी शंकाओं के समस्याओं के समाधान के लिए चौबीसों घंटे तैयार है.

गुजरात के कच्छ में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा और उन पर किसानों को भ्रमित करने की साजिश रचने का आरोप लगाया.

मोदी ने कहा, ‘‘आज कल दिल्ली के आसपास किसानों को भ्रमित करने की बड़ी साजिश चल रही है. उन्हें डराया जा रहा है कि कृषि सुधारों के बाद किसानों की जमीन पर कब्जा कर लिया जाएगा.’’

उन्होंने कहा कि हाल में हुए कृषि सुधारों की मांग वर्षो से की जा रही थी और अनेक किसान संगठन भी यह मांग करते थे कि किसानों को अनाज को कहीं पर भी बेचने का विकल्प दिया जाए.

उन्होंने कहा, ‘‘आज जो लोग विपक्ष में बैठकर किसानों को भ्रमित कर रहे हैं, वह भी अपनी सरकार के समय इन कृषि सुधारों के समर्थन में थे. लेकिन अपनी सरकार के रहते वे निर्णय नहीं ले पाए. किसानों को झूठे दिलासे देते रहे.’’

मोदी ने कहा कि आज देश ने जब यह ‘‘ऐतिहासिक कदम’’ उठा लिया तो विपक्षी किसानों को भ्रमित करने में जुट गए हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने किसान भाइयों बहनों को बार-बार दोहराता हूं. उनकी हर शंका के समाधान के लिए सरकार 24 घंटे तैयार है. किसानों का हित पहले दिन से हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक रहा है. खेती में किसानों का खर्च कम हो, उनकी आय बढ़े और मुश्किलें कम हों, इसके लिए हमने निरंतर काम किया है.’’

उन्होंने हाल के दिनों में आए चुनाव नतीजों की ओर इशारा करते हुए कहा कि सरकार की ‘‘ईमानदार नीयत’’ और ईमानदार प्रयास को करीब-करीब पूरे देश ने आशीर्वाद दिए हैं.

उन्होंने उम्मीद जताई और कहा, ‘‘किसानों के आशीर्वाद की ताकत से… जो भ्रम फैलाने वाले लोग हैं, जो राजनीति करने पर तुले हुए लोग हैं, जो किसानों के कंधे पर बंदूक फोड़ रहे हैं… देश के सारे जागरूक किसान उनको भी परास्त करके रहेंगे.’’

सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में युवराज सिंह पंजाब के संभावित खिलाड़ियों में शामिल

विश्व कप विजेता भारत के पूर्व हरफनमौला युवराज सिंह संन्यास का फैसला बदलकर फिर घरेलू क्रिकेट खेलने की राह पर हैं. उन्हें अगले महीने होने वाले सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में पंजाब के 30 संभावित खिलाड़ियों में शामिल किया गया है.

विश्व कप 2011 के ‘प्लेयर आफ द टूर्नामेंट’ रहे युवराज सिंह ने पिछले साल जून में क्रिकेट को अलविदा कह दिया था लेकिन पंजाब क्रिकेट संघ के सचिव पुनीत बाली के अनुरोध पर अपने प्रदेश के लिये खेलने को तैयार हो गए.

भारत के लिये 304 वनडे, 40 टेस्ट और 58 टी20 मैच खेल चुके 39 वर्ष के युवराज सिंह मोहाली में पीसीए स्टेडियम में इन दिनों अभ्यास कर रहे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने अभ्यास का वीडियो भी डाला है.

युवराज सिंह ने संन्यास के बाद कनाडा में ग्लोबल टी20 लीग में भाग लिया था.बीसीसीआई राष्ट्रीय टी20 चैम्पियनशिप सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आयोजन दस जनवरी से करने की सोच रहा है. इसके आयोजन स्थलों की घोषणा बाद में की जायेगी. टूर्नामेंट जैव सुरक्षित माहौल में खेल जायेगा और टीमें अपने अपने बेस पर दो जनवरी तक एकत्र हो जायेंगी.

पंजाब के संभावित खिलाड़ी :

मनदीप सिंह, युवराज सिंह, अभिषेक शर्मा, सलील अरोरा, गीतांश खेरा, रमनदीप सिंह, सनवीर सिंह, करण कालिया, राहुल शर्मा, कृशन अलांग, संदीप शर्मा, अर्शदीप सिंह, इकजोत सिंह, नमन धीर, अभिषेक गुप्ता, हिमांशु सत्यवान, गुरकीरत सिंह, अनमोलप्रीत सिंह, प्रभसिमरन सिंह, निहाल वढेरा, अनमोल मल्होत्रा, आरूष सब्बरवाल, अभिनव शर्मा, हरप्रीत बरार, मयंक अरकांडे, बलतेज सिंह , सिद्धार्थ कौल, बरिंदर सरन, गुरनूर सिंह, हरजस, अभिजीत गर्ग, कुंवर पाठक.

पद्म विभूषण से सम्मानित अंतरिक्ष वैज्ञानिक आर नरसिम्हा का निधन, पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

जाने माने अंतरिक्ष वैज्ञानिक तथा पद्म विभूषण से सम्मानित रोड्डम नरसिम्हा का सोमवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया. वह 87 वर्ष के थे.

प्रधानमंत्री मोदी ने भी रोडम नरसिम्हा के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया, ‘रोडम भारत की श्रेष्ठ परंपरा के ज्ञानी थे.वह एक महान वैज्ञानिक थे. भारत की प्रगति के लिए विज्ञान और इनोवेशन को लेकर हमेशा आगे रहते थे. उनके निधन से दुख हुआ है. उसके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं. ऊं शांति.

के रमैया मेमोरियल अस्पताल में न्यूरोसर्जन तथा वरिष्ठ सलाहकार डॉक्टर सुनील वी फुर्तादो ने कहा कि प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएस) में सेवाएं देने वाले वैज्ञानिक नरसिम्हा ने रात करीब साढ़े आठ बजे अंतिम सांस ली.

रोड्डम नरसिम्हा को मस्तिष्क में रक्तस्राव के बाद आठ दिसंबर को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. फुर्तादो ने कहा, ‘उन्हें जब अस्पताल लाया गया था, तब उनकी हालत बेहद नाजुक थी. उनके मस्तिष्क में खून बह रहा था.’डॉक्टर फुर्तादो के अनुसार हृदय संबंधी बीमारी से ग्रस्त थे और 2018 में उन्हें मस्तिष्काघात हुआ था.

केन्द्र सरकार ने नरसिम्हा को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान के लिये 2013 में देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया था.उनके परिवार में पत्नी व एक बेटी हैं.

12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 60 फीसद से अधिक महिलाओं ने इंटरनेट का कभी इस्तेमाल नहीं किया

देश के 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 60 प्रतिशत से अधिक महिलाओं ने इंटरनेट का कभी इस्तेमाल नहीं किया है. देश के 22 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में किए गए राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण में यह खुलासा हुआ है.

सर्वेक्षण में बताया गया है कि जिन राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में 40 प्रतिशत से कम महिलाओं ने इंटरनेट का इस्तेमाल किया है, उनमें आंध्र प्रदेश (21 प्रतिशत), असम (28.2 प्रतिशत), बिहार (20.6 प्रतिशत), गुजरात (30.8 प्रतिशत), कर्नाटक (35 प्रतिशत), महाराष्ट्र (38 प्रतिशत), मेघालय (34.7 प्रतिशत), तेलंगाना (26.5 प्रतिशत), त्रिपुरा (22.9 प्रतिशत), पश्चिम बंगाल (25.5 प्रतिशत), दादर एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव (36.7 प्रतिशत) तथा अंडमान – निकोबार द्वीप समूह (34.8 प्रतिशत) शामिल हैं.

महिलाओं की तुलना में अधिक पुरुषों ने इंटरनेट का इस्तेमाल किया है. आंकड़ों के अनुसार, देश के सात राज्यों में करीब 50 प्रतिशत पुरुषों ने इंटरनेट इस्तेमाल किया है. इनमें आंध्र प्रदेश (48.8 प्रतिशत), असम (42.3 प्रतिशत), बिहार (43.6 प्रतिशत), मेघालय (42.1 प्रतिशत), त्रिपुरा (45.7 प्रतिशत), पश्चिम बंगाल (46.7 प्रतिशत), अंडमान-निकोबार द्वीप समूह (46.5 प्रतिशत) शामिल हैं.

सर्वेक्षण के अनुसार, आंध्र प्रदेश (68.6 प्रतिशत), बिहार (57.8 प्रतिशत) और तेलंगाना (66.6 प्रतिशत) महिलाओं की सबसे कम साक्षरता दर वाले राज्यों में शामिल हैं, जबकि केरल (98.3 प्रतिशत), लक्षद्वीप (96.5 प्रतिशत) और मिजोरम (94.4 प्रतिशत) में महिलाओं की सर्वाधिक साक्षरता दर पाई गई.

आंध्र प्रदेश (79.5 प्रतिशत) और बिहार (78.5 प्रतिशत) में पुरुषों की साक्षरता दर सबसे कम है, जबकि केरल (98.2 प्रतिशत) और लक्षद्वीप (99.1 प्रतिशत)में पुरुषों की साक्षरता दर सबसे अधिक है.

सर्वेक्षण के अनुसार, जिस व्यक्ति ने नौवीं कक्षा या इससे अधिक पढ़ाई की हो और जो पूरा वाक्य या वाक्य का एक हिस्सा पढ़ सके, उसे साक्षर माना जाता है.

आठ राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में 40 प्रतिशत से कम महिलाओं ने 10 साल या इससे अधिक समय तक स्कूल की पढ़ाई की. इन राज्यों में आंध्र प्रदेश (39.6 प्रतिशत), असम (29.6 प्रतिशत), बिहार (28.8 प्रतिशत), गुजरात (33.8 प्रतिशत), मेघालय (35.1 प्रतिशत), त्रिपुरा (23.2 प्रतिशत), पश्चिम बंगाल (32.2 प्रतिशत) और दादर एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव (35.8 प्रतिशत) शामिल हैं.

नौ राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में 50 प्रतिशत से कम पुरुषों ने 10 साल या इससे अधिक समय तक स्कूल की पढ़ाई की. इन राज्यों में आंध्र प्रदेश (47.9 प्रतिशत), असम (35.5 प्रतिशत), बिहार (42.8 प्रतिशत), गुजरात (45.6 प्रतिशत), मेघालय (34.7 प्रतिशत), मिजोरम (49.1 प्रतिशत), त्रिपुरा (29.4 प्रतिशत), पश्चिम बंगाल (34.7 प्रतिशत) और दादर एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव (49.4 प्रतिशत) शामिल हैं.

मुंबई में सुबह छाया रहा कोहरा, अधिकतम तापमान में गिरावट से हुई ठंड

महाराष्ट्र में मुंबई और कुछ अन्य हिस्सों में मौसम में नमी में वृद्धि के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण मंगलवार सुबह कोहरा छा गया और हल्की ठंड महसूस हुई.

कोहरे की वजह से मुंबई और नासिक के बीच सुबह के समय यातायात आवाजाही धीमी रही, जो वाणिज्यिक वाहनों के लिए सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई, साथ ही मौसम में नमी बढ़ने के कारण मुंबई और नासिक सहित कुछ क्षेत्रों में कोहरा छा गया.

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा,“मध्य महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में 5.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. इसी तरह, कोंकण क्षेत्र और गोवा में सोमवार को तापमान में 3.1 से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे मुंबई सहित इन क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई.”

उन्होंने कहा कि राज्य के विदर्भ क्षेत्र में कुछ स्थानों पर भी अधिकतम तापमान में 1.6 से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई.

आईएमडी की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक तरफ जहां अधिकतम तापमान में गिरावट आई, वहीं मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी कई जगहों पर न्यूनतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

आईएमडी ने कहा कि कोंकण क्षेत्र और गोवा में भी न्यूनतम तापमान में सामान्य से 3.1 और पांच डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की गई.

CRPF के शहीद अधिकारी के परिवार को CM योगी ने 50 लाख और सरकारी नौकरी का किया ऐलान

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में शहीद हुए सीआरपीएफ के एक अधिकारी के परिवार को को 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और उनके किसी निकट परिजन को सरकारी नौकरी देने की सोमवार को घोषणा की.

किस्ताराम थाना क्षेत्र में माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी को सुरक्षाकर्मियों द्वारा निष्क्रिय करने के दौरान सीआरपीएफ की कोबरा इकाई के 208वें बटालियन के डिप्टी कमांडेंट विकास कुमार रविवार को गंभीर रूप से घायल हो गए.

मुजफ्फरनगर जिले के निवासी कुमार की सोमवार को मौत हो गई. आदित्यनाथ ने संवेदना जताते हुए जिले में सीआरपीएफ अधिकारी के नाम पर एक सड़क का नामकरण करने की भी घोषणा की.

कमांडो बटालियन फॉर ए रिसॉल्यूट एक्शन (कोबरा), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की जंगल में मुकाबला करने वाली इकाई है.

अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू, स्वास्थ्यकर्मियों को दिया जा रहा Covid-19 का टीका

अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान सोमवार को शुरू हुआ. दवा कंपनी फाइजर और जर्मनी की उसकी सहायक कंपनी बायोएनटेक द्वारा विकसित Covid-19 का टीका स्वास्थ्यकर्मियों को दिया जाना आरंभ हो गया है. कोरोना वायरस से अमेरिका में अब तक तीन लाख लोगों की मौत हो चुकी है और सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले आए हैं.

न्यूयॉर्क सिटी में एक नर्स को सोमवार सुबह फाइजर-बायोएनटेक की पहली खुराक दी गयी. न्यूयॉर्क के लॉन्ंग आइलैंड जेविश मेडिकल सेंटर में गहन चिकित्सा इकाई की नर्स सैंड्रा लिंडसे ने बताया, ‘‘आज मुझे उम्मीद नजर आ रही है.’’ राज्य के गर्वनर एंड्रयू क्यूमो ने लाइवस्ट्रीम से टीकाकरण अभियान पर नजर बनाए रखी. फाइजर के सीईओ अल्बर्ट बौरला ने कहा कि टीका लेने वाले पहले कुछ लोगों में वह भी शामिल होंगे. उन्होंने कहा, ‘‘अगर टीका बनाने वाली कंपनी का सीईओ इसे लेगा तो लोगों का टीका में भरोसा बढ़ेगा.’’

मिशिगन में फाइजर के निर्माण संयंत्र से रविवार को कोविड-19 टीके की पहली खेप लेकर एक ट्रक निकला था. अमेरिकी औषधि नियामक ने टीका इस्तेमाल के लिए शुक्रवार को मंजूरी दे दी थी. अगले सप्ताह तक कुल 636 अस्पतालों और क्लीनिकों में टीके की खुराक पहुंचायी जाएगी.

व्हॉट्सएप ने न्यायालय में पेगासस के जरिये अपने डेटा में ‘सेंधमारी’ के आरोपों को नकारा

व्हॉट्सएप ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय में इन आरोपों को खारिज किया कि इस्राइल के स्पाईवेयर पेगासस के जरिये उसके डेटा की ‘सेंधमारी’ की जा सकती है.

पेगासस द्वारा पिछले साल कुछ भारतीय पत्रकारों तथा मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की निजता के उल्लंघन के दावों से विवाद खड़ा हो गया था. उस समय दावा किया गया था कि वैश्विक स्तर पर लोगों की कुछ अज्ञात इकाइयों द्वारा जासूसी की जा रही है.

मुख्य न्यायाधीश एस ए बोबडे की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष यह मुद्दा उठा. पीठ राज्यसभा सदस्य विनय विश्वम की उस याचिका का सुनवाई कर रही है जिसमें रिजर्व बैंक को यह निर्देश देने का आग्रह किया गया है कि वह नियमन बनाकर सुनिश्चित करे कि यूपीआई मंच पर एकत्रित डेटा का ‘दुरुपयोग’ नहीं किया जा सके.

पीठ में न्यायमूर्ति ए एस बोपन्ना और न्यायमूर्ति वी रामसुब्रमण्यन भी शामिल हैं. पीठ ने व्हॉट्सएप की ओर पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल से कहा कि आरोप है कि व्हॉट्सएप के डेटा में सॉफ्टवेयर पेगासस के जरिये ‘सेंध’ लगाई जा सकती है.

इस पर सिब्बल ने कहा, ‘‘ये सिर्फ आरोप हैं. इनमें से कोई भी सही नहीं है.’’ व्हॉट्सएप ने पिछले साल कहा था कि वह इस्राइल की उस ‘निगरानी’ करने वाली कंपनी के खिलाफ मुकदमा करने जा रही है जो इस प्रौद्योगिकी के पीछे है. इसके जरिये कुछ अज्ञात इकाइयों ने करीब 1,400 प्रयोगकर्ताओं के फोन को ‘हैक’ कर जासूसी की है.

सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये हुई सुनवाई के दौरान विश्वम की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्णन वेणुगोपाल ने कहा कि रिजर्व बैंक ने इस मामले में हलफनामा दायर किया है और भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) भी इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करेगा.

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘कुछ अतिरिक्त रक्षोपाय होने चाहिए. व्हॉट्सएप की सुरक्षा पुख्ता नहीं है. फेसबुक, व्हॉट्सएप और अमेजन जैसी कंपनियां डेटा साझा करती हैं. यह निजता का उल्लंघन है. सभी डेटा को एनपीसीआई नियमों का उल्लंघन कर साझा किया जाता है.’’

उन्होंने पेगासस का भी उल्लेख किया और कहा कि व्हॉट्सएप के डेटा को स्पाईवेयर के जरिये ‘हैक’ किया जा सकता है. पीठ ने इस मामले की अगली सुनवाई जनवरी के चौथे सप्ताह में रखी है.

Covid-19: इस महीने में तीसरी बार सामने आए 30 हजार से कम नए मामले

भारत में इस महीने में तीसरी बार एक दिन में कोविड-19 के 30 हजार से कम नए मामले सामने आए और इसके साथ ही देश में कोविड-19 के मामले बढ़कर सोमवार को 98.84 लाख के पार चले गए, जिनमें से 93.88 से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार कोविड-19 के 27,071 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 98,84,100 हो गए. वहीं 336 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,43,355 हो गई.

आंकड़ों के अनुसार देश में 93,88,159 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के बाद मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 94.98 प्रतिशत हो गई. वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है.

देश में लगातार आठ दिनों से उपचाराधीन लोगों की संख्या चार लाख से कम है. अभी कुल 3,52,586 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 3.57 प्रतिशत है.

भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी.

वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार चले गए थे.

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार 13 दिसम्बर तक 15,45,66,990  नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई, जिनमें से 8,55,157 नमूनों का परीक्षण रविवार को किया गया.

आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे मे जिन 336 लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 लोग महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल के 47, दिल्ली के 33, केरल के 29 और पंजाब के 20 लोग थे.

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार वायरस से अभी तक देश में 1,43,355 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 48,209, कर्नाटक के 11,944, तमिलनाडु के 11,895 , दिल्ली के 10, 014 , पश्चिम बंगाल के 9,057, उत्तर प्रदेश के 8,072 , आंध्र प्रदेश के 7,057 और पंजाब के 5,077 लोग थे.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मामलों में मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं.

अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, हादसे में पुलिस कांस्टेबल सहित एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कंधई थाना अंतर्गत प्रतापगढ़ पट्टी मार्ग पर रविवार देर रात एक अनियंत्रित कार के पेड़ से टकरा जाने से एक पुलिस कांस्टेबल सहित पांच लोगों की मौत हो गयी.

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुरेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि थाना नगर कोतवाली क्षेत्र में खजोहरी के कार चालक पप्पू यादव, कांस्टेबल संदीप कुमार यादव, संदीप यादव, अखिलेश यादव, राहुल यादव शादी समारोह में शामिल होने थाना पट्टी कोतवाली क्षेत्र के कुंदनपुर गांव गए थे. देर रात घर लौटते समय देवनमऊ गांव के निकट पिपरी खालसा मोड़ पर कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने से पांचों लोगों की मौके पर मौत हो गयी.

संदीप 2013 बैच के कांस्टेबल थे और मऊ जिले में तैनात थे. उनकी रविवार को सगाई थी. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा है.