Home Blog Page 141

ढफली लेकर पहुंचे जामिया के छात्रों को किसानों ने लौटाया, आज सुबह आठ से शाम पांच बजे तक भूख हड़ताल करेंगे किसान

केन्द्र सरकार द्वारा लाए गए नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने रविवार को जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के छात्रों के एक समूह को यूपी गेट (गाजियाबाद)-गाजीपुर (दिल्ली) सीमा पर अपने प्रदर्शन में शामिल होने से रोक दिया.

उन्होंने कहा कि लड़कियों समेत छह छात्रों का समूह गीत गाता और डफली बजाता हुआ किसानों को समर्थन देने आया था.

डीएसपी अंशू जैन ने कहा कि जब किसान नेताओं ने प्रदर्शन स्थल पर छात्रों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई तो पुलिस ने उन्हें वापस भेज दिया.

इस बीच भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार ”किसानों की एकता को तोड़ना चाहती है.”

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में किसानों का प्रदर्शन स्थल पर आने का सिलसिला जारी है और तीन कृषि कानूनों के खिलाफ जारी आंदोलन इतिहास रच देगा.एक विज्ञप्ति के मुताबिक भाकियू नेता ने कहा कि सोमवार को किसान सुबह आठ से शाम पांच बजे तक भूख हड़ताल करेंगे.

वहीं, नोएडा-दिल्ली चिल्ला बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के एक समूह ने फसलों के लिये न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फैसला करने के लिये सरकार से किसान आयोग के गठन की मांग की.

चिल्ला बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे भारतीय किसान यूनियन ने किसानों की पेंशन के लिये कानूनी प्रावधान की भी मांग की. बीकेयू के प्रमुख ठाकुर भानू प्रताप सिंह ने ये मांग उठाते हुए कहा कि इससे देशभर के किसानों को फायदा होगा.

बहरीन ने चीनी कोरोना वैक्सीन के इस्तेमाल के लिए मंजूरी दी, 86 फीसदी प्रभावी है ये टीका

बहरीन ने चीनी कोरोना वैक्सीन के इस्तेमाल के लिए मंजूरी दे दी है. इससे पहले उसने फाइजर और उसकी जर्मन सहयोगी बायोएनटेक की वैक्सीन को मंजूरी दी थी. बहरीन की सरकारी संवाद समिति ने बताया कि साइनोफार्म वैक्सीन फारस की खाड़ी में सऊदी अरब की तट से दूर स्थित इस द्वीपीय देश में उपलब्ध होगी.

संयुक्त अरब अमीरात की ही तरह उसने भी इस वैक्सीन के रिसर्च परिणाम के बारे में बहुत कम जानकारी दी है. संयुक्त अरब अमीरात ने पिछले हफ्ते घोषणा की थी कि यह टीका 86 फीसदी प्रभावी है. उसने अपने बयान में बहुत कम जानकारी दी थी लेकिन वह इस टीका के प्रभावी होने के बारे में पहली सार्वजनिक विज्ञप्ति थी.

बहरीन ने कहा कि देश में 7700 से अधिक लोगों ने साइनोफार्म वैक्सीन के परीक्षण में हिस्सा लेने के लिए सहमति दी है. पहले उसने कहा था कि उसकी योजना लोगों को मुफ्त कोरोना वायरस वैक्सीन देने की है लेकिन उसने अपने इस कार्यक्रम के बारे में अब तक किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया है.

फाइजर ने अपने जर्मन पार्टनर बायोएनटेक के साथ BNT162b2 नाम से COVID-19 mRNA वैक्सीन विकसित की थी जिसकी 2020 में 50 मिलियन से अधिक खुराक और 2021 के अंत तक 1.3 बिलियन खुराक का उत्पादन करने की उम्मीद है.

फाइजर की वैक्सीन को इंग्लैंड, बहरीन और कनाडा में मंजूरी मिल चुकी है. कंपनी ने पिछले हफ्ते ही भारत में वैक्सीन के इमरजेंसी प्रयोग की अनुमति के लिए अदर पूनावाला के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII), दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन निर्माता और भारत बायोटेक के देशी तौर पर विकसित कोवाक्सिन के साथ अपील की है.

Farmers Protest : यमुना एक्सप्रेसवे पर किसानों के धरने में महिलाएं भी शामिल हुईं, हाईवे पर लगा जाम

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बाजना स्थित मोरकी कॉलेज मैदान में धरना दे रहे किसान नेता रामबाबू कटेलिया को पुलिस ने शनिवार रात हिरासत में ले लिया. इससे नाराज महिलाओं ने रविवार की सुबह अवाखेड़ा गांव के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर पेड़ डालकर जाम लगा दिया. इस दौरान एक्सप्रेस-वे पर दो किलोमीटर तक जाम लग गया. महिलाओं ने हिरासत में लिए गए किसान नेता को छुड़वाने की मांग की. यह मांग पूरी होने के बाद ही महिला किसानों ने रास्ता खोला.

मांट के क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि रविवार को पुलिस ने किसान कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामबाबू कटेलिया को निषेधाज्ञा उल्लंघन के कारण हिरासत में ले लिया था लेकिन महिलाओं के उग्र होने के कारण इलाके की शांति-व्यवस्था में व्यवधान आने की आशंका के चलते उन्हें छोड़ना पड़ा.

दरअसल, कटेलिया के नेतृत्व में आठ मांगों को लेकर मोरकी इंटर कॉलेज बाजना में धरना-प्रदर्शन चल रहा है. शनिवार को रात करीब 11 बजे उप जिलाधिकारी (मांट) श्याम अवध चौहान और क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र चौहान ने धरना स्थल पर पहुंच कर कटेलिया को मनाने का प्रयास किया. बाद में उन्हें हिरासत में ले लिया गया. यह जानकारी मिलने पर किसान सुबह होते ही बड़ी संख्या में धरना स्थल पर एकत्र हो गए और महिलाओं ने अवाखेड़ा गांव के नजदीक एक्सप्रेस-वे पर पहुंच कर नोएडा से आगरा जाने वाले रास्ते पर पेड़ डालकर जाम लगा दिया.

सोनू सूद की अनूठी पहल, बेरोजगार गरीबों को मुहैया कराएंगे ई-रिक्शा

सोनू सूद उन गरीब लोगों को ई-रिक्शा मुहैया कराएंगे, जिन्होंने कोरोना वायरस महामारी के दौरान अपनी आजीविका का स्रोत खो दिया है.

‘दबंग’, ‘जोधा अकबर’, और ‘सिम्बा’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके सोनू सूद इस साल कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के दौरान देशभर में प्रवासियों की मदद को लेकर सुर्खियों में आए.

सोनू सूद ने कहा कि ‘खुद कमाओ घर चलाओ’ नामक उनकी पहल का उद्देश्य लोगों को ‘आत्मनिर्भर’ बनाने के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना है.

सूद ने एक बयान में कहा, ‘मेरा मानना ​​है कि सामान देने की तुलना में नौकरी के अवसर प्रदान करना अधिक महत्वपूर्ण है. मुझे यकीन है कि यह पहल उन्हें फिर से आत्मनिर्भर और स्वाबलम्बी बनाने में मदद करेगी.’

https://twitter.com/SonuSood/status/1337999662096191489

अभिनेता ने इससे पहले ‘प्रवासी रोजगार’ ऐप भी लॉन्च किया था, जिसका उद्देश्य उन लोगों से जुड़ना है, जिन्होंने इस महामारी में अपनी नौकरी खो दी. इस ऐप के माध्यम से उनके कौशल को बेहतर बनाने के लिए विशिष्ट कार्यक्रम पेश किए गए हैं.

देवरिया में दो पुलिसकर्मियों को मनबढ़ों ने बेरहमी से पीटा, एक की हालत गंभीर

देवरिया जिले में शनिवार की रात दो पुलिस कर्मियों को कुछ मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से बेरहमी से पीट दिया. पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है.

पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र के अनुसार देवरिया के मदनपुर थाने में तैनात मुख्‍य आरक्षी शिव शंकर यादव और आरक्षी संजय यादव शनिवार की रात सादी वर्दी में बरांव-पकड़ी-देवरिया मार्ग होते हुए जा रहे थे, नेतवार गांव के पास रामनाथ गुप्ता के मकान के सामने चार-पांच लोग बैठ कर शराब पी रहे थे.

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें टोका तो वे नोक झोंक करने लगे, कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और उन अराजक तत्वों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया.

मिश्र ने बताया कि इस घटना में शिव शंकर यादव और संजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मियों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष प्रभुदयाल सिंह ने दोनों को अस्पताल भिजवाया, प्राथमिक उपचार के बाद शिव शंकर यादव को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया जहां पर उनकी स्थिति गंभीर हो जाने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है.

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस कर्मियों पर हाथ उठाना गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

महाराष्ट्र में Covid-19 के 3,717 नए मामले, 70 और मरीजों की मौत

महाराष्ट्र में रविवार को कोविड-19 के 3,717 नए मामले सामने आए जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 18,80,416 हो गई. स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी.

स्वास्थ्य विभाग ने एक बयान जारी कर कहा कि इस संक्रमण से 70 और लोगों की मौत के बाद राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 48,209 हो गई.

विभाग के अनुसार इस दौरान 3,083 मरीज संक्रमण से मुक्त हुए. अब तक 17,57,005 मरीज संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं और राज्य में फिलहाल उपचाराधीन मरीज 74,104 हैं.

महाराष्ट्र में अब तक 1,17,02,457 जांच की जा चुकी हैं.

जनसंख्या नियंत्रण की जनहित याचिका पर केंद्र ने SC से कहा- परिवार नियोजन के लिए बाध्य नहीं कर सकते

0

केंद्र ने उच्चतम न्यायालय को बताया है कि भारतदेश के लोगों पर जबरन परिवार नियोजन थोपने के साफ तौर पर विरोध में है और निश्चित संख्या में बच्चों को जन्म देने की किसी भी तरह की बाध्यता हानिकारक होगी एवं जनसांख्यिकीय विकार पैदा करेगी.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने शीर्ष अदालत में पेश हलफनामे में कहा कि देश में परिवार कल्याण कार्य क्रम स्वैच्छिक है जिसमें अपने परिवार के आकार का फैसला दंपती कर सकते हैं और अपनी इच्छानुसार परिवार नियोजन के तरीके अपना सकते हैं.

उसने बताया कि इसमें किसी तरह की अनिवार्यता नहीं है. भाजपा नेता एवं अधिवक्ता अश्विनी कुमार उपाध्याय की जनहित याचिका पर प्रतिक्रिया में यह बात कही गई है. याचिका में दिल्ली उच्च न्यायालय के उस आदेश को चुनौती दी गई थी जिसमें अदालत ने देश की बढ़ती आबादी पर नियंत्रण के लिए दो बच्चों के नियम समेत कुछ कदमों को उठाने की मांग करने वाली उनकी याचिका खारिज कर दी थी.

मंत्रालय ने कहा कि ‘लोक स्वास्थ्य’ राज्य के अधिकार का विषय है और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचाने के लिए राज्य सरकारों को स्वास्थ्य क्षेत्र में उचित एवं टिकाऊ तरीके से सुधार करने चाहिए.

इसमें कहा गया, ‘स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार का काम राज्य सरकारें प्रभावी निगरानी तथा योजनाओं एवं दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन की प्रक्रिया के नियमन एवं नियंत्रण की खातिर विशेष हस्तक्षेप के साथ प्रभावी ढंग से कर सकती हैं.’

उच्च न्यायालय ने तीन सितंबर को याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि कानून बनाना संसद और राज्य विधायिकाओं का काम है, अदालत का नहीं.

उक्त याचिका में कहा गया था कि भारत की आबादी चीन से भी अधिक हो गई है तथा 20 फीसदी भारतीयों के पास आधार नहीं है.

दिल्ली में कोरोना मृतकों की संख्या 10,000 के पार, रिकवरी दर 95.58 फीसदी 

राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामले अब कम होते जा रहे हैं और पिछले 24 घंटों के दौरान 33 और लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 10 हजार के पार हो गया.स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि होने से सक्रिय मामलों में भी कमी दर्ज की गयी है. रविवार को यहां सक्रिय मामले 588 और घटकर 16,785 रह गये.

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज जारी बुलेटिन के अनुसार दिल्ली में इस अवधि में 1,984 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 6,07,454 हो गयी है जबकि 2,539 मरीजों के स्वस्थ होने से सक्रिय मामलों में कमी आयी है और कोरोना मुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 5,80,655 हो गयी. इसके साथ ही कोरोना रिकवरी दर 95.58 फीसदी पहुंच गयी है.

इस दौरान 33 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 10,014 पहुंच गया है. राजधानी में मृत्यु दर महज 1.65 फीसदी रह गयी है. मृतकों के मामले में पूरे देश में दिल्ली चौथे स्थान पर आ गयी है.

राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान 72,335 नमूनों का परीक्षण किया गया. इसके साथ ही अब तक हुई जांच संख्या बढ़कर 72.22 लाख के पार पहुंच गयी है. प्रत्येक दस लाख पर जांच का औसत 3,80,152 है.
इस बीच निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या में बढ़ोतरी भी चिंता का कारण बनी हुई है. अब ऐसे क्षेत्रों की संख्या बढ़कर साढ़े छह हजार के पार पहुंच गयी है.

TRP Scam : रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क के सीईओ गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क (Republic Media Network) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) विकास खानचंदानी (Vikas Khanchandani) को कथित टीआरपी (Television Rating Points-TRP) घोटाले के सिलसिले में रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि खानचंदानी को पुलिस की अपराध खुफिया इकाई (Crime Intelligence Unit -CIU) ने यहां उनके आवास से गिरफ्तार किया है.अधिकारी ने कहा कि उन्हें रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा.

” ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल ” (Broadcast Audience Research Council-BARC) ) ने कुछ चैनलों द्वारा टीआरपी में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए हंसा रिसर्च एजेंसी के जरिए शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद पुलिस ने कथित घोटाले की जांच शुरू की थी.

टीआरपी में कुछ घरों में मशीनों को लगाकर दर्शकों की संख्या का पता लगाया जाता है. इसकी रेटिंग विज्ञापन देने वालों को आकर्षित करने के लिए अहम होती है.

बार्क ने कुछ घरों में टीवी के दर्शकों की संख्या रिकॉर्ड करने वाले बैरोमीटर लगाने और उनकी देख-रेख करने का जिम्मा हंसा को दिया हुआ है.आरोप है कि जिन कुछ घरों में बैरोमीटर लगाए गए थे, उनमें से कुछ परिवारों को रिश्वत देकर टीवी पर कुछ विशेष चैनल चलाने के लिए कहा गया ताकि उनकी टीआरपी बढ़े.

हाल में दायर किए गए आरोप पत्र में पुलिस ने आरोप लगाया है कि हंसा के एक अधिकारी ने बैरोमीटर वाले घरों को टीवी पर बॉक्स सिनेमा, फक्त मराठी, महा मूवी और रिपब्लिक टीवी चलाने के लिए पैसे दिए हैं.

रिपब्लिक टीवी ने कुछ भी गलत करने की बात से इनकार किया है.पुलिस इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है.

कोरोना वायरस: भारत में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 98.57 लाख हुए

भारत में कोविड-19 (Covid-19) से अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 98.57 लाख हो गई है, जिनमें से 93.57 लाख लोग बीमारी से उबर चुके हैं और इसके साथ ही लोगों के संक्रमणमुक्त होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 94.93 प्रतिशत हो गई है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण के 30,254 नए मामले सामने आने के बाद अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 98,57,029 हो गई है, जिनमें से 391 और लोगों की मौत होने के बाद संक्रमण से मरने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,43,019 हो गई.

बीमारी से अब तक उबर चुके लोगों की संख्या बढ़कर 93,57,464 हो गई है और लोगों के संक्रमण मुक्त होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 94.93 प्रतिशत हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है.

कोविड-19 से संक्रमित उपचाराधीन लोगों की संख्या लगातार सातवें दिन चार लाख से कम बनी हुई है.आंकड़ों के अनुसार, देश में इस समय 3,56,546 संक्रमितों का उपचार चल रहा है जो कुल मामलों का 3.62 प्रतिशत हैं.

देश में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख से ज्यादा हो गयी थी. इसके बाद 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को संक्रमितों की कुल संख्या 40 लाख से ज्यादा हो गयी.

इसके बाद 16 सितंबर को संक्रमण के 50 लाख से ज्यादा मामले हो गए और 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को संक्रमितों की संख्या 90 लाख से ज्यादा हो गयी.

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, 12 दिसंबर तक देश में 15,37,11,833 नमूनों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से शनिवार को 10,14,434 नमूनों की जांच की गई.

देश में पिछले 24 घंटे में 391 और लेागों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र में 80, दिल्ली में 47, पश्चिम बंगाल में 44, केरल में 32, उत्तर प्रदेश में 31 और पंजाब में 21 लोगों की मौत हुई है.

देश में संक्रमण से अब तक कुल 1,43,019 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से महाराष्ट्र में 48,139, कर्नाटक में 11,939, तमिलनाडु में 11,883, दिल्ली में 9,981, पश्चिम बंगाल में 9,010, उत्तर प्रदेश में 8,056, आंध्र प्रदेश में 7,052 और पंजाब में 5,057 लोगों की मौत हुई है.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण जान गंवाने वाले 70 फीसदी से अधिक लोग अन्य रोगों से भी पीड़ित थे.