Home Blog Page 144

देश में कोविड-19 के 30,548 नए मामले, 435 और लोगों की मौत

भारत में एक दिन में कोविड-19 (COVID-19) के 30,548 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 88,45,127 हो गए. वहीं, इनमें से 82,49,579 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार 435 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,30,070 हो गई. देश में लगातार छह दिनों से उपचाराधीन लोगों की संख्या पांच लाख से कम है. अभी 4,65,478 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 5.26 प्रतिशत है.

आंकड़ों के अनुसार देश में 82,49,579 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की दर 93.27 प्रतिशत हो गई है. वहीं, कोविड-19 से मृत्यु दर 1.47 प्रतिशत है.

भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी. वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख और 29 अक्टूबर को 80 लाख के पार चले गए थे.

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार 15 नवम्बर तक कुल 12,56,98,525 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिनमें से 8,61,706 नमूनों का परीक्षण रविवार को ही किया गया.

आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 435 लोगों की मौत हुई, उनमें से दिल्ली के 95, महाराष्ट्र के 60, पश्चिम बंगाल के 51, पंजाब के 30 और कर्नाटक तथा केरल के 21-21 लोग थे.

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में वायरस से अभी तक 1,30,070 लोगों की मौत हो चुकी है. उनमें महाराष्ट्र के 45,974, कर्नाटक के 11,529, तमिलनाडु के 11,478, पश्चिम बंगाल के 7,661, दिल्ली के 7,614, उत्तर प्रदेश के 7,372, आंध्र प्रदेश के 6,868, पंजाब के 4,458 और गुजरात के 3,803 लोग थे.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 70 प्रतिशत से ज्यादा मामलों में मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं. मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है.

Delhi-NCR में बारिश और तेज हवाओं के चलते प्रदूषण हुआ कम, हालात सुधरने की उम्मीद

हल्की बारिश और अनुकूल गति से हवा के चलने से दिल्ली और उसके उपनगरों में सोमवार को प्रदूषण के स्तर में गिरावट दर्ज की गई. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वायु गुणवत्ता में अभी और सुधार आ सकता है.

शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 300 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. रविवार को एक्यूआई 467 था. वायु गुणवत्ता सूचकांक दिल्ली के पड़ोसी शहरों फरीदाबाद में 256, गाजियाबाद में 292, नोएडा में 312, ग्रेटर नोएडा में 302 और गुड़गांव में 314 दर्ज किया गया.

दिल्ली में दीपावली पर वायु गुणवत्ता का स्तर पिछले चार वर्षों के मुकाबले सबसे खराब दर्ज किया गया. 2016 के बाद पहली बार दिवाली के एक दिन बाद सबसे खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की गई.

दिल्ली में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 414 दर्ज किया गया, जो रात दस बजे 454 तक पहुंच गया था.वहीं रविवार को चौबीस घंटे का औसतन एक्यूआई शाम चार बजे 435 दर्ज किया गया जो पिछले चार साल में दिवाली के एक दिन बाद दर्ज किया गया सबसे खराब सूचकांक था.

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने बताया कि सभी प्रदूषक 2019 की तुलना में इस साल दिवाली के दिन अधिक थे.सीपीसीबी ने बताया कि शनिवार रात दिल्ली-एनसीआर में बड़े पैमाने पर पटाखे जलाना इसका मुख्य कारण हो सकता हैं.

बारिश और तेज हवा चलने से दिल्ली को थोड़ी राहत मिली. 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने से प्रदूषक तत्वों को बिखरने में सोमवार को भी मदद मिल सकती है.

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली ‘सफर’ ने भी पर्याप्त बारिश के कारण प्रदूषण के ‘खराब’ श्रेणी में आने का अनुमान लगाया. उसने कहा कि वायु गुणवत्ता के मंगलवार और बुधवार को ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रहने का अनुमान है.

देश में 43 हजार से अधिक लोगों ने कोरोना काे दी मात, रिकवरी दर बढ़कर हुई 93.27 फीसदी

देश में कोरोना संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या में बढ़ोतरी जारी है ताज़ा आँकड़ों के मुताबिक़ 43 हजार से अधिक और मरीजों के ठीक होने के साथ ही रिकवरी दर बढ़कर 93.27 फीसदी हो गयी है. केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (Ministry of Health & Family Welfare) के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 30,548 नये मामले सामने आने से इसके संक्रमितों की संख्या 88.45 लाख हो गयी है, वहीं सक्रिय मामले 13,738 कम होकर 4,65,478 हो गये. इस अवधि में 43,851 लोग स्वस्थ हुए हैं जिससे इस महामारी को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 82.49 लाख से अधिक हो गई है। इस दौरान 435 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,30,070 हो गया है.

देश में स्वस्थ होने वालों की दर बढ़कर 93.27, सक्रिय मामलों की दर घटकर 5.26 फीसदी और मृत्यु दर घटकर 1.47 रह गयी है. कोविड-19 (Covid-19) से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र (Maharashtra) में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 581 कम होकर 85,889 हो गये हैं. राज्य में इस दौरान 60 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 45,974 हो गया है. राज्य में अब तक 16.15 लाख से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात चुके हैं.

दक्षिणी राज्य कर्नाटक (Karnataka) में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या में 819 मामलों की कमी आने से यह संख्या घटकर 27165 रह गयी. राज्य में मृतकों का आंकड़ा 11,529 तक पहुंच गया है. अब तक करीब 8.22 लाख लोग स्वस्थ हुए हैं. आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) में इस दौरान सक्रिय मरीजों की संख्या में 1098 की कमी होने से इनकी संख्या घटकर 18,659 हो गयी. राज्य में अब तक कोरोना से 6868 लोगों की मौत हुई है और 8.28 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं.

आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में इस दौरान कोरोना के सक्रिय मामलों में 400 की कमी आने से इनकी संख्या घटकर 22,967 हो गई है. इस महामारी से अब तक 7372 लोगों की मौत भी हुई है. राज्य में अब तक 4.80 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं. तमिलनाडु (Tamil Nadu) में सक्रिय मामलों में 713 की कमी आयी है और यह संख्या घटकर 16,441 हो गयी है अभी तक 11,478 लोगाें की मौत हुई है. राज्य में अब तक 7.30 से अधिक लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं.

केरल में सक्रिय मामले में 2124 की कमी होने के बाद इनकी संख्या 74922 रह गई है और अब तक 1869 लोगों की मौत हुई है जबकि स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4.48 लाख से अधिक हो गयी है. ओडिशा (Odisha) में सक्रिय मामले घटकर 9270 हो गये हैं और 1527 लोगों की मौत हुई है जबकि रोगमुक्त होने वाले लोगों की संख्या 2.97 लाख से अधिक हो गयी है.

दिल्ली (Delhi) में इस दौरान इस महामारी के सक्रिय मामलों में 4466 की कमी आयी है और अब यह संख्या घटकर 3,990 हो गई है. राष्ट्रीय राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान 95 मरीजों की मौत के साथ इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 7614 हो गयी है. अब तक 4.37 लाख से ज्यादा मरीज संक्रमणमुक्त हुए हैं. तेलंगाना (Telangana) में कोरोना के सक्रिय मामले घटकर 14,385 रह गए हैं. 1407 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2.42 लाख से अधिक लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं.

पश्चिम बंगाल (West Bengal) में कोरोना के सक्रिय मामलों में 1478 की कमी आने के बाद संख्या घटकर 29,314 हो गयी है और 7661 लोगों की मौत हुई है. इस राज्य में अब तक 3.94 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हुए हैं. पंजाब (Punjab) में सक्रिय मामले 5769 हैं तथा संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 1.31 लाख से अधिक हो गई है जबकि अब तक 4458 लोगों की मौत हो चुकी हैं.

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 9146 हो गयी है जबकि अब तक 1.71 लाख से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं तथा 3090 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है. गुजरात में सक्रिय मामले बढ़कर 12,575 हो गए हैं तथा 3803 लोगों की मौत हुई है और करीब 1.71 लाख लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं. बिहार (Bihar) में सक्रिय मामले 5454 हो गये हैं. राज्य में कोरोना से 1184 लोगों की मौत हुई है जबकि 2.19 लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त भी हुए हैं.

कोरोना महामारी से अब तक छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में 2578, राजस्थान (Rajasthan) में 2066, हरियाणा (Haryana) में 2019, जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) में 1589, उत्तराखंड (Uttarakhand) में 1107, असम (Assam) में 963, झारखंड (Jharkhand) में 924, गोवा (Goa) में 662, पुड्डुचेरी (Puducherry) में 608, त्रिपुरा (Tripura) में 364, हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में 442, चंडीगढ़ (Chandigarh) में 248, मणिपुर (Manipur) में 221, मेघालय (Meghalaya) में 100, लद्दाख (Ladakh) में 89, सिक्किम (Sikkim) में 89, अंडमान निकाेबार द्वीप समूह ((Andaman and Nicobar) में 61, नागालैंड (Nagaland) में 52 , अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) में 48, तथा दादर-नागर हवेली (Dadra and Nagar Haveli) एवं दमन-दीव (Daman-Diu) में दो लोगों की मौत हुई है.

8 महीने बाद महाराष्ट्र में आज से खुले धार्मिक स्थल, Covid-19 गाइडलाइन का करना होगा पालन

क़रीब 8 महीने बाद महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में आज से सभी धार्मिक स्थल दोबारा खोलने की अनुमति दे दी है. हालांकि इस दौरान मास्क पहनने के साथ ही और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा. वहीं गाइडलाइन्स का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन्स के मुताबिक़, श्रद्धालुओं को मंदिरों में मास्क पहनकर ही जाने की अनुमति दी जाएगी. इसके साथ ही सभी को सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन्स का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा. इसके अलावा, मंदिरों में जाने वाले श्रद्धालुओं के बीच की दूरी कम-से-कम छह फीट होनी चाहिए. 65 साल से ज्यादा उम्र के व्यक्ति, गर्भवती महिलाएं, दस साल से कम उम्र के बच्चे और वैसे व्यक्ति जिनको कोई अन्य बीमारी हो, उन्हें धार्मिक स्थलों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. इसके साथ ही सैनिटाइज़र का भी इस्तेमाल करना अनिवार्य है. अगर सैनिटाइज़र ना हो तो साबुन या हैंडवॉश से भी हाथ धोने को कहा गया है.

आपको बता दें कि सरकार ने धार्मिक स्थलों के लिए आवश्यक गाइडलाइन्स जारी किए हैं. इसके तहत गेट पर हैंड सैनिटाइजर और स्क्रीनिंग की व्यवस्था, किसी भी व्यक्ति को मंदिर परिसर में बिना मास्क पहने घुसने नहीं दिया जाना, लोगों को मास्क पहनकर रहने और समय-समय पर हाथ धोते रहने के लिए जागरूक करना, श्रद्धालुओं के मंदिर परिसर में आने से पहले अपने जूते-चप्पलों को बाहर छोड़कर आने जैसे गाइडलाइन्स शामिल हैं.

लोंगेवाला में गरजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बोले-भारत को आजमाया तो मिलेगा ‘प्रचंड जवाब’

दिवाली पर जवानों के साथ समय बिताने के अपने अभियान को जारी रखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान की लौंगेवाला चौकी पर जवानों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि अगर भारत को आजमाया गया तो ‘‘प्रचंड जवाब’’ मिलेगा.

चीन पर स्पष्ट रूप से निशाना साधते हुए मोदी ने किसी का नाम लिये बगैर कहा कि आज पूरा विश्व ‘‘विस्तारवादी’’ ताकतों से परेशान हैं. विस्तारवाद, एक तरह से ‘‘मानसिक विकृति’’ है और 18वीं शताब्दी की सोच को दर्शाती है.

उन्होंने कहा, ‘‘भारत दूसरों को समझने और उनके साथ आपसी समझ बनाने की नीति में विश्वास करता है लेकिन अगर उसे आजमाने की कोशिश की जाती है, तो इसका प्रचंड जवाब दिया जायेगा.’’

उनका यह संदेश लद्दाख सीमा पर चीन के साथ जारी गतिरोध के बीच आया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत हमारे वीर जवानों को देश की सीमा की सुरक्षा करने से रोक नहीं सकती है. उन्होंने कहा कि भारत ने दिखाया है कि उसे चुनौती देने वालों को करारा जवाब देने के लिए उसमें ताकत और राजनीतिक इच्छाशक्ति है.

उन्होंने कहा, ‘‘आज दुनिया ये जान रही है, समझ रही है कि यह देश अपने हितों से किसी भी कीमत पर रत्ती भर भी समझौता करने वाला नहीं है.’’

मोदी ने जवानों से कहा, ‘‘जितना अधिक समय मैं आपके साथ बिताता हूं, देश की सेवा और रक्षा करने का मेरा संकल्प उतना मजबूत होता है.’’

उन्होंने जवानों से कहा, ‘‘आज के दिन मैं आपसे तीन आग्रह करना चाहता हूं. पहला कुछ न कुछ नवीन (इनोवेट) करने की आदत को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाइए. दूसरा योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाए रखिए. तीसरा अपनी मातृभाषा, हिंदी और अंग्रेजी के अलावा, कम से कम एक भाषा जरूर सीखिए. आप देखिएगा, ये बातें आपमें एक नयी ऊर्जा का संचार करेंगी.’’

इस मौके पर उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 1971 के युद्ध में ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी के पराक्रम को सलाम किया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ 1971 का युद्ध थल सेना, नौसेना और वायुसेना के बीच अनुकरणीय समन्वय का उदाहरण था.

जमीन विवाद को लेकर संजय राउत ने बीजेपी पर निशाना साधा, कहा-25 साल विपक्ष में रहेगी पार्टी

शिवसेना ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे एवं दिवंगत अन्वय नाइक के परिवारों के बीच जमीन के सौदे का आरोप अलीबाग के इंटीरियर डिजाइनर के आत्महत्या मामले की जांच की दिशा बदलने का प्रयास है. महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ पार्टी शिवसेना के मुख्य प्रवक्ता संजय राउत ने बीजेपी पर निशाना साधा और पार्टी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया की उनके दावे को लेकर आलोचना की. सोमैया ने बुधवार को दोनों परिवारों के बीच जमीन के सौदे का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी.

​प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल पर हमला करते हुये राउत ने कहा, ”हम यह सुनिश्चित करेंगे कि महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी लगातार 25 सालों तक सत्ता से बाहर रहे.” संवाददाताओं से बातचीत में राउत आपा खो बैठे और उन्होंने बीजेपी को ‘सेठजी की पार्टी’ तथा सोमैया को ‘व्यापारी’ करार दिया.

राउत ने कहा, ”सेठजी की पार्टी के प्रवक्ता उस मराठी महिला के बारे में बोलने के लिये तैयार नहीं हैं जो विधवा हो गयी. (उनका इशारा इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक की पत्नी की तरफ था.)” उन्होंने शिवसेना के पूर्व सहयोगी दल पर हमला तेज करते हुये कहा, ‘वह और उनकी बेटी न्याय की गुहार लगा रही हैं और जब हम उन्हें न्याय दिलाना सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं तो ये लोग आत्महत्या की जांच की दिशा मोड़ने के​ लिये आरोप लगा रहे हैं। यह एक गंभीर मसला है।’ राज्य सभा सदस्य ने दावा किया कि 2014 में दोनों परिवारों के बीच कानूनी तौर पर भूमि का सौदा हुआ था.

राउत ने कहा, ”एक मराठी व्यक्ति ने सौदा किया है तो उन्हें (सोमैया) कोई समस्या है.” उन्होंने जोर देकर कहा कि शिवसेना की अगुवाई वाली एमवीए सरकार अपना कार्यकाल (2024 तक) पूरा करेगी.

उन्होंने कहा, ”हम यह सुनिश्चित करेंगे कि महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी 25 साल तक सत्ता से बाहर बैठे. हमारा रूख नाइक के परिवार को न्याय दिलाना तथा आत्महत्या के लिये उकसाने वालों को कानून सम्मत सजा दिलाना है.”

शिवसेना नेता ने टीवी पत्रकार अर्नब गोस्वामी पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कहा कि सेठजी की पार्टी आरोपी को बचाना चाहती है। गोस्वामी एवं दो अन्य के खिलाफ नाइक एवं उनकी मां को कथित रूप से आत्महत्या के लिये उकसाने का आरोप लगाया गया है।

राउत ने कहा, ”वह (सोमैया) जिन 21 भूमि सौदों के बारे में बातचीत कर रहे हैं वह क्या है. उनमें से पांच भी दिखाईये. केवल एक सौदा हुआ था और वह भी पूरी तरह कानूनी तरीके से.”

प्रवर्तन निदेशालय से जांच कराने की मांग के बारे में पूछे जाने पर राउत ने हमला बोलते हुये कहा कि केवल प्रवर्तन निदेशालय ही क्यों…..सीबीआई भी है. आप इंटरपोल जाइये, एफबीआई, केजीबी, इंटरपोल और संयुक्त राष्ट्र से जांच कराइये. सोमैया ने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मिी एवं अन्वय नाइक के बीच जमीन के कई सौदे होने का आरोप लगाया था. नाइक ने पांच मई 2018 को आत्महत्या कर ली थी.

Coronavirus : कोरोना से अब तक 87.73 लाख संक्रमित, 81.63 लाख स्वस्थ

दिल्ली (Delhi), केरल (Kerala) जैसे कई राज्यों में कोरोना वायरस (Coronavirus) के संक्रमण के नये मामलों का सिलसिला जारी रहने से देश में संक्रमितों की संख्या 87.73 लाख से अधिक हो गई है, लेकिन अच्छी बात यह है कि अब तक 81.63 लाख लोग इस महामारी को मात दे चुके हैं.

कोरोना को मात देने वालों संख्या में निरंतर वृद्धि से सक्रिय मामले तेजी से घट रहे हैं और अब इनकी संख्या कम होकर 4,80,719 रह गयी है. केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 44,684 नये मामले सामने आये हें जिससे संक्रमितों संख्या 87.73 लाख से ज्यादा हो गई है. इस दौरान सक्रिय मामले 3828 कम हुए. इस अवधि में 47,992 लोग स्वस्थ हुए हैं जिससे इस महामारी को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 81.63 लाख से अधिक हो गई है. इस दौरान 520 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,29,188 हो गया है.

देश में स्वस्थ होने वालों की दर बढ़कर 93.04, मृत्यु दर घटकर 1.47 तथा सक्रिय मामलों की दर घटकर 5.47 फीसदी रह गयी है. कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र (Maharashtra) में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के नये मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक रही, जिससे सक्रिय मामले 538 घटकर 85,045 रह गये. वहीं 127 मरीजों की मौत होने से राज्य में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 45,809 हो गया है. राज्य में अब तक 16.09 लाख से ज्यादा लोग कोरोना को मात चुके हैं.

नीतीश कुमार ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंपा, विधानसभा भंग करने की सिफारिश की

0

बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) और उनकी मंत्रिपरिषद के त्यागपत्र को स्वीकृति प्रदान करते हुए अगली मंत्रिपरिषद के गठन तक उन्हें पद पर (कार्यवाहक मुख्यमंत्री) बने रहने को कहा. राज्यपाल सचिवालय के बयान से यह जानकारी मिली है.

इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर राज्यपाल फागू चौहान को अपना इस्तीफा सौंप दिया. राजभवन सचिवालय के बयान के अनुसार, बिहार मंत्रिपरिषद के निर्णय के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अनुशंसा पर राज्यपाल ने भारत के संविधान प्रदत्त अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए विधानसभा को आज विघटित कर दिया है.

इसमें कहा गया है कि, ‘‘ राज्यपाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके मंत्रिपरिषद के त्यागपत्र को स्वीकृति प्रदान करते हुए अगली मंत्रिपरिषद के गठन तक उन्हें और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों को अपने अपने पद पर बने रहने का अनुरोध किया है. ’’

इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में निवर्तमान कैबिनेट की बैठक हुई जिसमें राज्य विधानसभा भंग करने की सिफारिश की गई.

राजभवन सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें इस्तीफा सौंपा. इससे पहले राज्य कैबिनेट की बैठक में नीतीश कुमार ने सभी मंत्रियों को धन्यवाद दिया.

सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मंत्रियों के कार्यों को हमेशा याद रखा जायेगा.हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनाव में राजग को बहुमत प्राप्त हुआ है और समझा जाता है कि राजग औपचारिक रूप से नयी सरकार के गठन का दावा करेगा.

बहरहाल, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के विधायक दल की संयुक्त बैठक रविवार को होगी जहां नीतीश कुमार को गठबंधन का नेता चुना जायेगा. इस आशय का निर्णय राजग के चार घटक दलों भाजपा (BJP), जदयू (JDU), हम, वीआईपी (VIP) की अनौचारिक बैठक में हुआ.

यह बैठक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर हुई. बैठक के बाद जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ रविवार 15 नवंबर को साढ़े बारह बजे बैठक शुरू होगी और इसमें आगे निर्णय किया जायेगा.’’

उन्होंने बताया कि शाम को कैबिनेट की बैठक में विधानसभा भंग करने के बारे में निर्णय किया जायेगा जिसका कार्यकाल 29 नवंबर को समाप्त हो रहा है. कुमार ने कहा, ‘‘ इन औपचारिकताओं को नयी सरकार के गठन से पहले पूरा किया जाना है। कैबिनेट की सिफारिशों को राज्यपाल को सौंपा जायेगा और इसके बाद नयी सरकार के गठन के लिये आगे कदम उठाया जायेगा. ’’

गौरतलब है कि भाजपा इस चुनाव में 74 सीट जीत कर राजग में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर कर आई है जबकि जदयू को 43 सीटें प्राप्त हुई है. हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने कुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाने पर जोर दिया है.

बिहार विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही नीतीश कुमार को सत्तारूढ़ राजग की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था.

नीतीश कुमार ने यह नहीं बताया कि उनके आवास पर बैठक में क्या तय हुआ. बहरबाल जानकार सूत्र बताते हैं कि नये मंत्रिमंडल में प्रत्येक घटक के प्रतिनिधित्व और नये विधानसभा अध्यक्ष के मुद्दे पर चर्चा हुई.

इस बीच, ऐसी अटकलें हैं कि उपमुख्यमंत्री पद के लिये भाजपा की ओर से अति पिछड़े वर्ग से किसी नाम को आगे बढ़ाया जा सकता है लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी के स्थान पर किस को उपमुख्यमंत्री बनाया जायेगा या उत्तर प्रदेश की तरह से दो उप मुख्यमंत्री का प्रयोग दोहराया जा सकता है.

भाजपा की ओर से उपमुख्यमंत्री पद के लिये आरएसएस में जुड़े नेता कामेश्वर चौपाल का नाम चर्चा में है. चौपाल दलित समुदाय से आते हैं और वे 1990 में अयोध्या में राम जन्मभूमि में आधारशिला रखने के लिये चर्चित रहे हैं.

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में राजग को 125 सीटें प्राप्त हुई है जो बहुमत के आंकड़े से तीन सीट अधिक है.इस बीच चकाई से निर्दलीय विधायक सुमित सिंह ने आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और उन्हें अपना समर्थन दिया. सिंह के पिता नरेंद्र सिंह राज्य के पूर्व मंत्री रहे हैं और जमुई जिले के प्रभावशाली राजपूत नेता माने जाते हैं.

कपिल देव ने गोल्फ कोर्स में की वापसी, VIDEO शेयर कर जताई खुशी

0

भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) के विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान कपिल देव (Kapil Dev) ने एंजियोप्लास्टी (रक्तधमनियों की सर्जरी) से गुजरने के दो सप्ताह बाद गोल्फ के मैदान में वापसी पर खुशी जताई. क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद से कपिल शौकिया तौर पर गोल्फ खेलते है. इस 61 साल के पूर्व दिग्गज हरफनमौला ने कहा था कि चिकित्सकों से मंजूरी मिलने के बाद वह जल्दी ही गोल्फ खेलना चाहेंगे और गुरुवार को उन्हें दिल्ली गोल्फ क्लब में खेलते हुए देखा गया.

दरअसल, दिल्ली के सुंदर नगर में रहने वाले कपिल कुछ वक्त पहले सीने में दर्द की शिकायत के बाद ओखला के फोर्टिस एस्कोर्ट्स हार्ट इंस्टिट्यूट के आपात विभाग में ले जाया गया था. अस्पताल ने अपने शुरुआती बयान में सिर्फ सीने में दर्द का ही जिक्र किया था, लेकिन फिर इसके बाद कहा था कि कपिल देव को दिल का दौरा पड़ा था. उनकी जांच की गई और आपात कोरोनरी एंजियोप्लास्टी की गई.

कपिल 1994 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद से शौकिया तौर पर गोल्फ खेलते हैं और उन्होंने कई एमेच्योर टूर्नामेंटों में भाग भी लिया है. वह दो दिन पहले अस्पताल से घर आए हैं और उन्होंने प्रशंसकों को अपने स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी दी. उन्होंने टेलीविजन चैनल पर विश्लेषक के रूप में अपना काम भी शुरू कर दिया.

कपिल देव ने ट्विटर पर जारी वीडियो संदेश में कहा, ”गोल्फ कोर्स या क्रिकेट मैदान पर वापसी करना कितना मजेदार होता है आप इसे शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते है. गोल्फ कोर्स में वापस आना, दोस्तों के साथ मस्ती करना और खेलना बहुत खूबसूरत है. बस यही जीवन है.”

बता दें कि वह क्रिकेट के इतिहास में एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने 400 से ज्यादा (434) विकेट अपने नाम कर टेस्ट मैचों में 5000 से ज्यादा रन जुटाए हैं. वह 1999 और 2000 के बीच भारत के राष्ट्रीय कोच भी रह चुके हैं. कपिल को 2010 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था. ‘हरियाणा हरिकेन’ के नाम से मशहूर कपिल भारतीय प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल भी हैं.

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर डेब्यू करने जा रही हैं सानिया मिर्जा, इस फिक्शन सीरीज में आएंगी नज़र

टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ‘एमटीवी निषेध अलोन टूगेदर’ के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर डेब्यू करने जा रही हैं. उन्होंने कहा है कि इस शो का उद्देश्य तपेदिक (टीबी) के बारे में जागरूकता बढ़ाना है. सानिया फिक्शन सीरीज में भूमिका निभाएंगी. टीवी शो ‘एमटीवी निषेध’ का प्रीमियर इस साल जनवरी में हुआ था, जिसका मकसद टीबी के बारे में जागरूकता बढ़ाने का और उचित दवा लेने के महत्व के बारे में बताने का था.

सानिया ने कहा, “टीबी हमारे देश की सबसे पुरानी स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है. टीबी के आधे मामले तो 30 वर्ष से कम उम्र वाले लोगों के हैं। इस बीमारी से निपटने और धारणा में बदलाव लाने की तुरंत जरूरत है.”

उन्होंने आगे कहा, ” ‘एमटीवी निषेध अलोन टुगेदर’ अनोखे और असरदार तरीके से बताती है कि आज का युवा ऐसे मुद्दों के बारे में अधिक जागरूक, संवेदनशील और सचेत है जो हमारे देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं. टीबी से लगातार खतरा है और महामारी के कारण तो यह और बढ़ गया है. ऐसे में टीबी पर अंकुश लगाने की लड़ाई पहले से कहीं अधिक कठिन हो गई है और इसीने मुझे इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है. मुझे उम्मीद है कि यह सकारात्मक परिवर्तन लाएगी.”

यह शो एक युवा जोड़े विक्की और मेघा (सैयद रजा अहमद और प्रिया चौहान द्वारा अभिनीत) की चुनौतियों के बारे में हैं. इस शो में सानिया को लॉकडाउन के दौरान युवा जोड़ों के सामने आई चुनौतियों पर चर्चा करते हुए देखा जाएगा. शो में अक्षय नलवाडे और अश्विन मुशरान भी हैं.

5-एपिसोड की श्रृंखला नवंबर के आखिरी हफ्ते में एमटीवी इंडिया और एमटीवी निषेध के सोशल मीडिया हैंडल पर लॉन्च होगी.