Home Blog Page 145

बिकरू कांड : SIT रिपोर्ट के बाद आईपीएस अनंत देव निलंबित, बिकरू में 8 पुलिसकर्मियों की हुई थी हत्या

कानपुर के बिकरू कांड मामले में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) की जांच रिपोर्ट में पुलिस और गैंगस्टर विकास दुबे के बीच सांठ-गांठ की बात सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने कानपुर के पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनंत देव को गुरुवार को निलंबित कर दिया.

गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि अनंत देव को निलंबित कर दिया गया है. उनके खिलाफ यह कार्रवाई एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर की गई है.इस सवाल पर कि क्या कुछ अन्य पुलिस अधिकारी भी निलंबित किए गए हैं, अवस्थी ने कहा कि अभी फिलहाल अनंत देव के ही खिलाफ कार्रवाई की गई है.

गौरतलब है कि गत दो-तीन जुलाई की दरम्यानी रात को कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित बिकरू गांव में माफिया विकास दुबे को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई थीं. इस वारदात में आठ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी.

इस घटना के बाद अनंत देव का तबादला कर दिया गया था. घटना के बाद वायरल चिट्ठियों को लेकर तत्कालीन एसएसपी अनंत देव पर सवाल उठे थे. पत्र डिप्टी एसपी ने तत्कालीन एसएसपी अनंत देव को लिखा था जो एसएसपी ऑफिस के रिकॉर्ड में नहीं मिला था.

इस मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने पुलिस तथा गैंगस्टर विकास दुबे के बीच सांठगांठ की बात उजागर करते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी.

Diwali 202 : बाजारों में फिर लौटी रौनक, सोना-चांदी की खरीद पर पड़ सकता है असर

धनतेरस से दिवाली त्यौहार की शुरुआत के साथ ही बाजार में रौनक लौट आयी है. धनतेरस पर शुभ मानी जाने वाली सोने-चांदी की खरीद गुरुवार को बढ़ी लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि कोविड-19 संकट के चलते मांग के कमजोर रहने और सर्राफा की ऊंची कीमतों से कारोबार हल्का रह सकता है.

कोविड-19 संकट के चलते नरमी की मार झेल रहे बाजार को लंबे समय से दिवाली का त्यौहारी मौसम शुरू होने का इंतजार था. आभूषण और उद्योग विशेषज्ञों ने कहा कि कोविड-19 प्रतिबंधों में ढील के चलते बाजार की खरीदारी धारणा बेहतर हुई है. ग्राहक सोने-चांदी की बढ़ी कीमतों के बावजूद इसमें निवेश करने को तरजीह दे रहे हैं.

आभूषण विक्रेताओं का कहना है कि वह पुराने आभूषणों के स्टॉक को बदलकर नए डिजाइन बना रहे हैं ताकि त्यौहारी और शादियों के मौसम की मांग को पूरा किया जा सके. उन्होंने कहा कि देश के प्रमुख उपभोक्ता बाजारों में कोविड-19 संक्रमण मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लोगों के बीच घर से बाहर आने में संकोच देखा जा रहा है. महामारी को देखते हुए वह ऑनलाइन आभूषण मंच पर खरीद को तरजीह दे रहे हैं.

सोने की कीमतें 51,000 से 53,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच बनी हुई हैं. यह 2019 की धनतेरस पर सोने की 38,096 रुपये प्रति 10 ग्राम की कीमत से 35 प्रतिशत अधिक है. इसी तरह चांदी का भाव भी 62,000 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्च स्तर तक पहुंच गया है. विश्व स्वर्ण परिषद के भारतीय परिचालन के प्रबंध निदेशक सोमसुंदरम पीआर ने कहा, ‘‘लोगों की दुकानों में आवाजाही बढ़ी है और वह खरीदारी में रुचि ले रहे हैं. बिक्री बेहतर हुई है लेकिन यह पिछले साल की धनतेरस जितनी अच्छी नहीं है.

संगठित क्षेत्र के दुकानदारों को बाजार में अच्छी हिस्सेदारी मिलेगी. सोने-चांदी के बिस्कुट और सिक्कों का प्रदर्शन बेहतर रहेगा.’’ उन्होंने कहा कि इस साल डिजिटल सोने और अन्य ऑनलाइन मंच को भी बढ़त मिल सकती है. इसी तरह की बात अखिल भारतीय रत्न और आभूषण घरेलू परिषद के चेयरमैन अनंत पद्मनाभन ने कही. उन्होंने कहा बाजार में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और ग्राहकों की धारणा सकारात्मक बनी हुई है.

तेजाब के पूरे हुए 32 साल, अनिल कपूर ने किया सरोज खान को याद

बॉलीवुड के मिस्टर इंडिया अनिल कपूर ने अपनी सुपरहिट फिल्म तेजाब के पूरे होने पर कोरियोग्राफर सरोज खान को याद किया है. अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित स्टारर फ़िल्म तेजाब को प्रदर्शित हुये 32 साल पूरे हो गए हैं। फिल्म में अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित ने मुख्य भूमिका निभायी थी.

फिल्म को फैन्स ने काफी पसंद किया था और इसके सभी गाने सुपरहिट रहे थे. फिल्म के 32 साल होने पर अनिल कपूर ने एक पोस्ट शेयर करते हुए दिवंगत कोरियोग्राफर सरोज खान को डेडिकेट किया है.

अनिल कपूर ने ट्वीट करने के साथ ही अमूल द्वारा तैयार किया गया कैरीकेचर भी शेयर किया है। जिसमें सरोज खान को ट्रिब्यूट दिया गया है. अनिल कपूर ने लिखा, “उस लीजेंड के लिए जिसने अपनी काल और विजन से एक, दो, तीन गानों को आईकॉनिक बना दिया था. ” इस पर माधुरी दीक्षित ने लिखा, हाउ ट्रू.

गौरतलब है कि सरोज खान ने ही तेजाब फिल्म के सुपरहिट गीत ‘एक दो तीन’ को कोरियोग्राफ किया था. यह गाना सुपरहिट होने के साथ ही यादगार रहा. इस आइटम सॉन्ग के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवार्ड भी मिला था.

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने COVID-19 टीके पर शोध के लिए 900 करोड़ रुपये अनुदान की घोषणा की

0

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कोविड-19 के टीके पर शोध के लिए जैव प्रौद्योगिकी विभाग को 900 करोड़ रुपये अनुदान देने की बृहस्पतिवार को घोषणा की.

उन्होंने कहा कि अनुदान के दायरे में टीके की वास्तविक लागत और वितरण का खर्च शामिल नहीं है. टीका उपलब्ध होने पर इसके लिए अलग से प्रावधान किया जाएगा.

सीतारमण ने कहा कि घरेलू रक्षा उपकरण, औद्योगिक प्रोत्साहन, अवसंरचना और हरित ऊर्जा के लिए पूंजीगत एवं औद्योगिक व्यय के लिए 10,200 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजटीय आवंटन का भी प्रावधान किया जाएगा.

‘कोविशिल्ड’ टीके के तीसरे चरण के ‘क्लिनिकल ट्रायल’ के लिए ICMR, SII ने पंजीकरण किया पूरा

0

पुणे स्थित ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ (एसआईआई) और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने भारत में कोविड-19 के टीके ‘कोविशील्ड’ के तीसरे चरण के ‘क्लिनिकल ट्रायल’ के लिए 1,600 प्रतिभागियों का पंजीकरण पूरा होने की बृहस्पतिवार को घोषणा की.

अमेरिका की ‘नोवावैक्स’ द्वारा विकसित ‘कोवोवैक्स’ के लिए आईसीएमआर और एसआईआई मिलकर काम कर रहे हैं.आईसीएमआर ने एक बयान में कहा, ‘‘साझेदारी महामारी के फैलने के गंभीर परिणामों को कम करने के लिए निजी-सार्वजनिक संस्थानों के सहयोग का एक शानदार उदाहरण है.’’

आईसीएमआर ‘क्लिनिकल ट्रायल साइट’ का खर्च उठा रहा है और एसआईआई ‘कोविशील्ड’ पर आने वाले अन्य खर्चे उठा रही है.

अभी एसआईआई और आईसीएमआर देश में 15 विभिन्न केन्द्रों में ‘कोविशील्ड’ का 2/3 चरण का ‘क्लिनिकल ट्रायल’ कर रहे हैं. उन्होंने 31 अक्टूबर को सभी 1,600 प्रतिभागियों का पंजीकरण पूरा कर लिया था.

आईसीएमआर ने कहा, ‘‘ अभी तक हुए परीक्षणों के परिणाम से यह उम्मीद जगी है कि ‘कोविशील्ड’ घातक वैश्विक महामारी का एक वास्तविक समाधान हो सकता है. भारत में अभी तक जितने टीकों का मानव परीक्षण हुआ है, उसमें ‘कोविशील्ड’ के नतीजे सबसे अच्छे हैं.’’

यह बदलाव का जनादेश है, NDA ने धन, बल, छल से हासिल की जीत : तेजस्वी यादव

बिहार विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरे राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि जनता ने बदलाव के लिए जनादेश दिया, हम हारे नहीं, जीते हैं और राजग ने धन, बल, छल से जीत हासिल की.

महागठबंधन के 109 विधायकों द्वारा पटना में बृहस्पतिवार को आयोजित एक बैठक में सर्वसम्मति से गठबंधन का नेता चुने जाने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए तेजस्वी ने आरोप लगाया, ‘इस चुनाव में जनता ने अपना फैसला सुनाया है और चुनाव आयोग ने अपना नतीजा सुनाया है . जनता का फैसला महागठबंधन के पक्ष में है, चुनाव आयोग का नतीजा राजग के पक्ष में है . ‘

उन्होंने आरोप लगाया, ‘जनता का जो जनादेश है और चुनाव आयोग के जो नतीजे हैं, उसमें बड़ा अंतर है . जनता का फैसला हमारे पक्ष में और नतीजा उनके पक्ष में . बिहार में यह कोई पहली घटना नहीं है. 2015 में जब महागठबंधन बना था तो उस समय जनादेश महागठबंधन के पक्ष में था लेकिन चोर दरवाजे से भाजपा सत्ता में आ गयी . बिहार के मुख्यमंत्री लालच या डर के कारण…. कहा जाता है कि भाजपा ने उन्हें हाईजैक कर लिया .’

तेजस्वी ने कहा कि आज सभी लोगों में आक्रोश है कि धन, बल और छल…. एक तरफ देश के बहुत ही शक्तिशाली प्रधानमंत्री, बिहार के मुख्यमंत्री और तमाम पूंजीपति रहे . जोड़, घटाव, गुणा, भाग सब कुछ करने के बावजूद 31 साल के इस नौजवान को रोकने में नाकाम रहे .

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर प्रहार करते हुए कहा, ‘जो डबल इंजन का चेहरा हैं और जो यह दावा किया करते थे कि इस चेहरे का कमाल है कि राजद को हमने कहां से कहां पहुंचा दिया (2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में), आज देखिए यह चेहरा तीसरे नंबर पर चला गया है . नीतीश कुमार जी और भाजपा के लोग साफ तौर पर यह समझ लें, यह जो जनादेश है यह बदलाव का जनादेश है . अगर थोड़ी सी अंतरात्मा और नैतिकता नीतीश कुमार जी में बची होगी तो उन्हें जनता के फैसले का सम्मान करते हुए कुर्सी से हट जाना चाहिए.’’

उन्होंने नीतीश पर प्रहार करते हुए कहा, ‘‘आपने तो खुद संन्यास लेने की बात कही है . अखिरी के क्षणों में कम से कम अपने मुंह पर कालिख तो मत पोतवा के जाईए .’’ उन्होंने कहा कि कुछ लोग भले ही कुर्सी पर बैठे हैं लेकिन महागठबंधन जनता के दिल में बैठा हुआ है. बिहार की जनता हमलोगों के साथ है . हम इसके लिए धन्यवाद यात्रा भी निकालेंगे . हमारा स्पष्ट मानना है कि हम हारे नहीं, जीते हैं.

तेजस्वी ने नीतीश पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार में जो भी छल, कपट, धन और बल के सहारे बैठते हैं उनसे कहना चाहते हैं कि यह उनके लिए चार दिन की ही चांदनी है, अगर 19 लाख रोजगार सहित अन्य मामलों में जनवरी तक स्थिति नहीं सुधरी तो महागठबंधन आंदोलन छेड़ेगा.

उन्होंने चुनाव के नतीजे पर प्रश्न उठाते हुए यह आश्चर्य जताया कि इस चुनाव में राजग और महागठबंधन के कुल मतों का अंतर केवल 12,270 है पर इतने वोटों में राजग ने 15 सीटें जीतीं.

तेजस्वी ने पोस्टल बैलट पेपर की गिनती की निर्धारित प्रक्रिया और आरा में रात के अंधेरे में एक वाहन से पोस्टल बैलट पेपर बरामद होने का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में जागरुक मतदाताओं के पोस्टल बैलट को रद्द किया गया और हमारी बातें नहीं सुनी गयीं. दोबार गिनती कराईए . आपके पास सारे दस्तावेज हैं . सब दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा कि कौन किसके दबाव में और इशारे पर काम कर रहा है .

उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र राघोपुर का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि मतगणना की प्रक्रिया अपराह्न तीन बजे पूरी कर ली गयी और रात के 11 बजे प्रमाण पत्र दिया गया . मेरा तो 37 हजार के मतों का अंतर था, लेकिन जहां कम मतों का अंतर था वहां पोस्टल बैलट 900 की संख्या में रद्द किए गए.

यह पूछे जाने पर कि क्या महागठबंधन सरकार बनाने का प्रयास करेगी तो तेजस्वी ने कहा कि जनता ने बदलाव का जनादेश दिया है और जो लोग बदलाव के साथ हैं और इन चीजों को समझेंगे वे जरूर अपना फैसला लेंगे.

रोजगार प्रोत्साहन के लिये नई योजना की घोषणा, नये लोगों की भर्ती पर दी जायेगी पीएफ सहायता

0

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को रोजगार प्रोत्साहन के लिये नई योजना की घोषणा की. इसके तहत नई नियुक्तियां करने वाले प्रतिष्ठानों को भविष्य निधि योगदान में सहायता प्रदान की जाएगी.

योजना के तहत उद्योगों को नई नियुक्तियों पर उनके कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) योगदान पर कर्मचारी के साथ साथ नियोक्ता के हिस्से का योगदान भी सरकार की तरफ से किया जायेगा.

सीतारमण ने कहा कि इसके तहत सेवानिवृत्ति कोष में कर्मचारियों का योगदान (वेतन का 12 प्रतिशत) और नियोक्ता का योगदान (वेतन का 12 प्रतिशत) यानी कुल वेतन का 24 प्रतिशत हिस्सा अगले दो साल के दौरान नई नियुक्तियां करने वाले प्रतिष्ठानों को दिया जाएगा.

आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना के तहत कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) में पंजीकृत प्रतिष्ठानों को नए कर्मचारियों की नियुक्ति पर यह सब्सिडी मिलेगी. वित्त मंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत 15,000 रुपये से कम मासिक वेतन पाने वाले नए कर्मचारी को ही शामिल किया जायेगा.

उन्होंने कहा कि कि इसमें 15,000 से कम वेतन पाने वाले ऐसे कर्मचारी भी शामिल होंगे, जिन्हें कोविड-19 महामारी के दौरान नौकरी से निकाल दिया गया था और वे एक अक्टूबर 2020 को या उसके बाद दोबारा जुड़े हैं.

योजना के दायरे में ईपीएफओ के पास पंजीकृत प्रतिष्ठान आएंगे. नये कर्मचारियों का आकलन सितंबर 2020 की स्थिति से किया जाएगा.इस योजना का लाभ लेने के लिए अधिकतम 50 कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठानों को कम से कम दो नई भर्तियां करनी होंगी, जबकि जिन प्रतिष्ठानों में 50 से अधिक कर्मचारी हैं, उन्हें कम से कम पांच नई नियुक्ति करनी होगी.

योजना 30 जून, 2021 तक परिचालन में रहेगी. वित्त मंत्री ने आपात ऋण सहायता गारंटी योजना (ईसीएलजीएस) 31 मार्च, 2021 तक बढ़ाये जाने की भी घोषणा की. इस योजना के तहत लघु एवं मझोले उद्यमों को गारंटीशुदा और बिना किसी गिरवी के कर्ज उपलब्ध कराया जाता है.

सीतारमण ने दबाव वाले क्षेत्रों की मदद के लिये गारंटीशुदा ऋण योजना की भी घोषणा की. योजना दबाव वाले 26 क्षेत्रों में कार्यरत इकाइयों के अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र पर भी लागू होगी. इन दबाव वाले क्षेत्रों की पहचान के वी कामत समति ने की है. इसके तहत 29 फरवरी, 2020 तक 50 करोड़ रुपये से अधिक या 50 करोड़ रुपये तक के कर्ज वाली इकाइयां आएंगी.

वित्त मंत्री ने कहा कि 29 फरवरी, 2020 तक बकाये का 20 प्रतिशत तक कर्ज क्षेत्र की इकाइयों को दिया जाएगा.

अतिरिक्त कर्ज की अवधि पांच साल होगी. इसमें एक साल के लिये मूल राशि को लौटाने पर रोक शमिल है. योजना 31 मार्च, 2021 तक के लिये होगी.

उत्तर प्रदेश : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा का अनावरण

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को धनतेरस के अवसर पर यहां भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा का अनावरण किया और आर्युवेद पर आधारित प्राचीन ग्रंथों की प्रदर्शन की अवलोकन किया.

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बटन दबा कर भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा का अनावरण किया और दीप प्रज्जवलित कर पांच दिवसीय प्रकाश पर्व की विधिवत शुरूआत की. इस मौके पर उन्होने आर्युवेद के पुरातन और गौरवशाली इतिहास से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलाेकन किया.

प्रदर्शनी में आर्युवेदाचार्यो की हस्तलिखित पांडुलिपियों की प्रतिकृति उकेरी गयी थी जिसकी मूल लिपि प्रयागराज समेत अन्य पौराणिक नगरों में सुरक्षित है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारीकी से प्रदर्शनी का अवलाेकन किया और आयोजकों से आर्युवेद से जुड़ी पुस्तकों का एक सेट देने को कहा. इस मौके पर मुख्य सचिव आर के तिवारी और अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल समेत अन्य गणमान्य उपस्थित थे.

गौरतलब है कि आर्युवेद के जनक भगवान धन्वंतरि की पूजा के साथ पांच दिवसीय प्रकाश पर्व की शुरूआत होती है. यह पर्व कार्तिक मास की त्रयोदशी को मनाया जाता है. इस दिन भगवान धनवंतरी और धन के स्वामी कुबेर की पूजा की जाती है.

‘पठान’ के लिये 15 करोड़ की फीस लेगीं दीपिका पादुकोण

बॉलीवुड की डिंपल गर्ल दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) फिल्म ‘पठान’(Pathan) के लिये 15 करोड़ की फीस ले सकती है.

यशराज बैनर तले बनायी जाने वाली फिल्म ‘पठान’  के जरिये शाहरूख खान (Shah Rukh Khan) कमबैक कर सकते हैं. शाहरुख वर्ष 2018 में प्रदर्शित फिल्म जीरो में अंतिम बार नजर आये थे. इस फिल्म में उनके साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम  (John Abraham)भी अभिनय करते नजर आएंगे. चर्चा है कि पठान के लिए दीपिका पादुकोण ने बहुत बड़ी फीस चार्ज की है. वह इस फिल्म के लिए 15 करोड़ रुपये ले रही हैं. फिल्म में दीपिका का रोल काफी खूबसूरती से गढ़ा गया है.

चर्चा है कि इस मेगा बजट फिल्म में सलमान खान (Salman Khan) भी नजर आने वाले हैं. सलमान फिल्म में कैमियो करते नजर आ सकते हैं. फिल्म में सलमान का किरदार इतना महत्वपूर्ण होगा कि उसके बिना कहानी पूरी नहीं हो पाएगी. फिल्म की शूटिंग कई देशों में की जाएगी.

अफगानिस्तान समेत पश्चिम एशिया से अमेरिकी सैनिकों की जल्द वापसी चाहते हैं ट्रम्प

0

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) के कार्यकाल के अब केवल कुछ महीने की शेष हैं और इस दौरान ट्रम्प प्रशासन अफगानिस्तान समेत पश्चिम एशिया के अन्य हिस्सों से अमेरिकी सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया को तेज करना चाहता है.

अमेरिका की समाचार वेबसाइट एक्जियोस ने बुधवार को अपनी एक रिपोर्ट में सरकारी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी. रिपोर्ट के मुताबिक ट्रम्प अमेरिकी सैनिकों की वापसी की गति धीमी होने से रक्षा मंत्री मार्क एस्पर से नाराज चल रहे थे इसलिए उन्होंने एस्पर को हटाकर क्रिस्टोफर मिलर को देश का नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया है. ट्रम्प चाहते हैं कि जल्द से जल्द अफगानिस्तान समेत पश्चिम एशिया के अन्य क्षेत्रों से अमेरिकी सैनिकों की वापसी सुनिश्चित हो.

अमेरिकी राष्ट्रपति संभवत: इसलिए पेंटागन में शीर्ष अधिकारियों को बर्खास्त कर नये अधिकारियों को नियुक्त कर रहे हैं. नये रक्षा मंत्री क्रिस्टोफर मिलर ने सेना के रिटायर्ड कर्नल डगलस मैकग्रेगोेर को अपना वरिष्ठ सलाहकार नियुक्त किया है. मैकग्रेगोर अफगानिस्तान और सीरिया से अमेरिकी सैनिकों की वापसी को लेकर काफी मुखर रहे हैं.

गौरतलब है कि ट्रम्प ने अक्टूबर में एक ट्वीट कर कहा था कि क्रिसमस तक अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी हो जायेगी. इसके विपरीत अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओ ब्रायन ने कहा था कि हजारों सैनिकों को वापस बुलाने की प्रक्रिया चल रही है और यह 2021 के शुरुआती महीनों तक चलेगी.

तालिबान के साथ बनी सहमति के बाद अमेरिका अफगानिस्तान में लगातार अपने सैनिकों की संख्या कम कर रहा है और जनवरी 2021 तक वहां मौजूद अमेरिकी सैनिकों की संख्या 2500 तक कर दी जायेगी. उल्लेखनीय है कि अमेरिका मई 2021 तक अफगानिस्तान से अपने सभी सैनिकों की वापसी की योजना पर काम कर रहा है, हालांकि इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है.