Home Blog Page 148

बिहार में जंगलराज लाने वालों को ‘भारत माता की जय’ बोलने में दिक्कत: पीएम नरेंद्र मोदी

बिहार विधानसभा चुनाव में मंगलवार को जहां एक ओर दूसरे चरण में 94 सीटों के लिए मतदान हो रहा है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहरसा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. बिना किसी का नाम लिए हुए उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शासनकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए कहा कि बिहार में इन लोगों को भारत माता की जय बोलने में भी दिक्क्त होती है. उन्होंने कहा कि ऐसे लोग एकजुट होकर अब बिहार में वोट मांगने आए हैं. सहरसा की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि अपने एक वोट की ताकत कम मत आंकना.

उन्होंने कहा, “जिस प्रकार से श्रीकृष्ण ने एक ऊंगली पर गोवर्धन को उठाया था, जिस प्रकार से ग्वालों ने समर्थन किया था, वैसे ही आपकी ऊंगली पर लोकतंत्र के सौभाग्य का चिह्न् लगने वाला है. आपके एक-एक वोट की ताकत बिहार के उज्‍जवल भविष्य की गारंटी है.”

उन्होंने कहा कि बिहार के लोग आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर बिहार के लिए प्रतिबद्घ हैं, कटिबद्घ हैं. बीते वषों में एक नए उदीयमान, आत्मनिर्भर और गौरवशाली अतीत से प्रेरित बिहार की नींव रखी जा चुकी है. अब इस मजबूत नींव पर एक भव्य और आधुनिक बिहार के निर्माण का समय है.

प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि बीते दशक में नीतीश जी के नेतृत्व में राजग सरकार ने आत्मनिर्भर बिहार की मजबूत नींव रखी है. बिहार में बिजली, पानी, सड़क जैसी मूल सुविधाएं आज गांव-गांव पहुंच चुकी हैं. आज बिहार देश के उन राज्यों में है, जहां बिजली की खपत सबसे अधिक होती है. ‘जंगलराज’ से सावधान करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जंगलराज ने बिहार के सामथ्र्य के साथ जो विश्वासघात किया, उसे बिहार का हर नागरिक अच्छे से जानता है. जुबान पर बार-बार गरीब का नाम लेने वालों ने गरीब को ही चुनाव से दूर कर दिया था. बिहार के गरीब को अपनी मर्जी की सरकार बनाने का अधिकार ही नहीं था.

उन्होंने ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत बताते हुए कहा, “बिहार के विकास के इन प्रयासों के बीच, आपको सतर्क भी रहना है. सतर्क उन लोगों से, जिनका इतिहास बिहार में जंगलराज का है. सतर्क उन लोगों से, जो बिहार के लिए नहीं, सिर्फ अपने लिए जीते है. सतर्क उन लोगों से, जिन्हें बिहार की मान मर्यादा, बिहार के मान सम्मान से कोई लेना-देना नहीं.” प्रधनमंत्री ने वोकल फॉर लोकल से उपस्थित लोगों से नारा लगवाने के बाद देश भर के लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि धनतेरस, दीवाली और छठी मैया की पूजा का त्योहार आने वाला है. जितना संभव हो पाए लोकल चीजें ही खरीदिए.

उन्होंने विरोधियों पर सियासी हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में जंगलराज लाने वालों के साथियों को भारत माता से दिक्कत है. उन्होंने कहा, “कभी एक टोली कहती है कि भारत माता की जय के नारे मत लगाओ, कभी दूसरी टोली को भारत माता की जय से सिरदर्द होने लगता है. ये भारत माता के विरोधी अब एकजुट होकर बिहार के लोगों से वोट मांग रहे हैं.” उन्होंने आगे कहा कि वे चाहते हैं, आप जय श्रीराम भी न बोलें. बिहार के चुनाव प्रचार में मां भारती का जयकारा करना इन लोगों को रास नहीं आ रहा. लेकिन बिहार को जंगलराज बनाने वालों के साथी, उनके करीबी क्या चाहते हैं, आपको पता है? वो चाहते हैं, आप भारत माता की जय के नारे न लगाएं.

उत्तर प्रदेश : कासगंज-फर्रुखाबाद रेल मार्ग पर खाली मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतरे, जान माल का नुकसान नहीं

कासगंज-फर्रुखाबाद रेल मार्ग पर एक खाली मालगाड़ी की छह बोगिया मंगलवार सुबह पटरी से उतर गईं. मालगाड़ी खाली थी इसलिए जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है. पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने न्यूज एजेसी को बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के कासगंज-फर्रुखाबाद रेल खंड पर गंजडुंडवारा-पटियाली के मध्य किमी संख्या 208 पर खाली मालगाड़ी यूपीबीसीएनई/94182 के छह वैगन पटरी से मंगलवार सुबह करीब चार बजे उतर गए.

राजेंद्र सिंह ने बताया कि वैगन पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही स्थानीय रेल कर्मचारियों ने घटना स्थल पर पहुचकर राहत कार्य को प्रारम्भ कर दिया. इज्जतनगर मंडल से अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अजय वार्ष्णेय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) अखिलेश त्रिपाठी, घटना स्थल पर 7.45 बजे पहुंच गए. मंडल नियंत्रण कक्ष से मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) आशीष कुमार अग्रवाल राहत कार्य का जायजा ले रहे हैं और पटरी से उतरे वैगनों को वहां से हटाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं.

जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना सहायता गाड़ी कासगंज से 7.15 बजे एवं कानपुर सेंट्रल से 9.05 बजे तथा कासगंज से क्रेन 6.50 बजे दुर्घटना स्थल पर पहुंच गईं. वैगन पटरी से उतरने के कारण ट्रेन संख्या 09452 भागलपुर-गांधीधाम एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग वाया फर्रुखाबाद-शिकोहाबाद संचालित किया गया. दुर्घटनाग्रस्त मालगाड़ी के शेष भाग को 09.10 बजे पटियाली यार्ड में खड़ा कर दिया गया है. मालगाड़ी खाली थी इसलिए जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है.

Bihar Assembly Election Phase 2 Voting Live : बिहार में सुबह 10 बजे तक 8.14 % मतदान

बिहार विधानसभा के दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है. इस बीच सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट करके कहा- ’15 सालों से लगातार काम करते आ रहे हैं, तभी बिहार आगे बढ़ा है.’ नीतीश कुमार ने एक अन्य ट्वीट में कहा- बिहार आगे बढ़ा क्योंकि महिलाओं और पुरुषों को बराबरी से काम करने का मौका मिला.’

वोटिंग की रफ्तार सुस्त है. चुनाव आयोग (Election Commission) के मुताबिक, सुबह 10 बजे तक कुल 8.14 फीसदी मतदान हो पाया है. लेकिन, पटना के पोलिंग बूथों को देखकर हैरानी होती है. यहां के ज्यादातर पोलिंग बूथों पर सन्नाटा पसरा हुआ है. मतदानकर्मी वोटर्स के आने का इंतजार कर रहे हैं.

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने पटना के दीघा सरकारी स्कूल में मतदान किया. उन्होंने लोगों से वोट डालने की अपील की.

Bigg Boss 14: रुबीना दिलैक (Rubina Dilaik) के बाद कविता कौशिक (Kavita Kaushik) ने भी शो पर उठाए सवाल, कही ये बात

बिग बॉस 14′  (Bigg Boss 14) इन दिनों टीआरपी (TRP) की रेस में आगे बढ़ रहा है. शो में हर दिन सीन पलटते दिख रहे हैं. जिसके चलते अब दर्शकों की दिलचस्पी शो को लेकर बढ़ती जा रही है. बिग बॉस में इन दिनों काफी ड्रामा देखने को मिल रहा है, जो इस ‘वीकेंड का वार’ (Weekend Ka Vaar) में भी जारी रहा. शो की विश्वसनीयता पर पहले ही शो की कंटेस्टेंट रुबीना दिलैक (Rubina Dilaik) सवाल उठा चुकी हैं और अब बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री लेने वाली कविता कौशिक (Kavita Kaushik) भी बिग बॉस को लेकर कुछ ऐसा ही कहती नजर आई हैं.

दरअसल, हाल ही में कविता पर घर में गैर-जरूरी होने का ठप्पा लगा है. घरवालों ने कविता को यह टैग दिया है. जिससे कविता इतनी दुखी हो गईं की वह वहीं पर फट पड़ीं और उन्होंने बिग बॉस पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए शो छोड़ने तक की बात कह दी. कविता कहती हैं कि ‘मैंने एजाज को पैंपर किया. मस्ती की, उनके लिए खाना बनाया, लेकिन बिग बॉस ने वह सब कुछ तो नहीं दिखाया. मुझे निगेटिव दिखाने की कोशिश की गई.’

वह आगे कहती हैं- ‘मेरा अच्छा साइड तो दिखाया ही नहीं गया. बिग बॉस निक्की तंबोली को जिताइये, क्योंकि वह आपके शो के लिए परफेक्ट है. एजाज को, पवित्रा को दिखाइये, मुझे नहीं. मुझे यहां रहना ही नहीं है. मैं घर जाना चाहती हूं.’ कविता का यह कहना घरवालों के साथ ही शो के दर्शकों के लिए भी काफी हैरानी वाला था. क्योंकि, कविता शो की शुरुआत में काफी पॉजिटिव लग रही थीं. वह यहां तक कहती दिखी थीं कि यह सब गेम है, लेकिन अब उनका ही गुस्सा मेकर्स और बिग बॉस पर फूट पड़ा है.

बता दें, कविता कौशिक इन दिनों रुबीना दिलैक, निशांत मल्कानी और जैस्मिन भसीन के साथ नॉमिनेटेड हैं और रेड जोन में हैं. आज यानी सोमवार के एपिसोड में यह देखने को मिलेगा कि शो से कौन बाहर होगा. कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि इस बार शो में डबल एविक्शन देखने को मिल सकता है. जिसमें कविता कौशिक और निशांत मल्कानी शो से बाहर हो सकते हैं.

Union Bank of India Home Loan : अब घर खरीदना होगा आसान, यूनियन बैंक ने सस्ते किए होम लोन

फेस्टिवल सीजन (Festive Season) में बैंक होम लोन (Home Loan) पर आकर्षक ब्याज की दर ऑफर कर रहे हैं. फेस्टिव सीजन में आप भी घर खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो इससे बढ़िया मौका फिर नहीं मिलेगा. दरअसल, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India) ने होम लोन की विभिन्न श्रेणियों के लिए ब्याज दरें कम की हैं. बैंक ने एक विज्ञप्ति में रविवार को इसकी जानकारी दी.

बैंक ने कहा कि 30 लाख रुपये से अधिक के होम लोन पर ब्याज दर में 0.10 प्रतिशत की कटौती की गई है. महिला आवेदकों को इस तरह के कर्ज पर ब्याज दर में 0.05 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलेगी. इस तरह महिला आवेदकों को ब्याज कुल 0.15 प्रतिशत सस्ता पड़ेगा.

बैंक ने कहा कि उसने 31 दिसंबर 2020 तक होम लोन के लिए प्रोसेसिंग चार्ज भी शून्य कर दिया है. बैंक ने  होम लोन टेकओवर करने की स्थिति में 10 हजार रुपये तक की छूट की भी पेशकश की है. ये छूट एक नवंबर 2020 से लागू हैं. इनके अलावा वाहन व शिक्षा ऋण भी प्रोसेसिंग चार्ज हटा दिया गया है.

बैंक ने कहा, ”फेस्टिव सीजन को देखते हुए खुदरा और एमएसएमई खंड पर ध्यान देते हुए कई फाइनेंस अभियान शुरू किए गए हैं.” बैंक को उम्मीद है कि कर्जदार बैंक की ओर से पेश की जा रही कम ब्याज दरों का लाभ उठाएंगे और कर्ज लेंगे.

वहीं, सार्वजनिक क्षेत्र के तीसरे सबसे बड़े कर्जदाता बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) ने रेपो दर से जुड़े लोन पर ब्याज की दरों (BRLLR) को 7 फीसदी से घटाकर 6.85 फीसदी कर दिया है. बैंक की नई दरें 1 नवंबर 2020 लागू हो गई. बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक हर्षद कुमार टी. सोलंकी ने कहा कि इससे होम लोन, मॉर्टगेज लोन, ऑटो लोन, एजुकेशन लोन, पर्सनल लोन के ग्राहकों को सीधा फायदा मिलेगा.

 

बिहार चुनाव: लालू यादव की पुत्रवधू ऐश्वर्या ने नीतीश कुमार की पार्टी के लिए मांगे वोट, किया रोडशो

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद की पुत्रवधू और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या शुक्रवार को परसा में वोट मांगने के लिए सड़कों पर उतरीं. इस दौरान ऐश्वर्या ने अपने पिता और परसा विधानसभा क्षेत्र से जदयू के उम्मीदवार चंद्रिका राय के पक्ष में रोड शो किया और नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट मांगे. ऐश्वर्या अपने सिर पर पल्लू रखे एक कार पर खडे होकर हाथ जोड़कर लोगों से मिलती रही और अपने पिताजी के लिए वोट मांगी.

इस रोडशो में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की. ऐश्वर्या ने खुद के उपर अन्याय होने की बात कहते हुए लोगों से वोट मांगी. उन्होंने कहा, “मैं अपने पिता के लिए आप सभी लोगों से वोट मांगने आई हूं. यह परसा विधानसभा क्षेत्र के मान सम्मान की बात है.”

ऐश्वर्या राय दरियापुर आवास से निकली और दरियापुर बाजार परसा चौक होते हुए दरिहारा, टरवा कई गांवों में रोड शो किया. इस दौरान ऐश्वर्या ने दावा करते हुए कहा कि उनके पिता चंद्रिका राय परसा से रिकॉर्ड मतों से विजयी होंगे. उन्होंने कहा कि परसा की जनता 10 नवंबर को अपमान का बदला लेगी. इससे पहले ऐश्वर्या अपने पिता के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंच पर नजर आई थीं. उन्होंने राजनीति में आने के संकेत भी दिए थे. उस समय भी उन्होंने अपने पिता के लिए और नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट मांगे थे.

उल्लेखनीय है कि परसा विधानसभा क्षेत्र से चंद्रिका राय जदयू के उम्मीदवार हैं. वे यहां से राजद के टिकट पर पिछला चुनाव जीते थे. ऐश्वर्या राय की शादी लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव से हुई थी. बाद में तेजप्रताप ने पटना की एक अदालत में तलाक की अर्जी दी है. चंद्रिका राय बाद में जदयू का दामन थाम लिया.

Sushant Case : दीपिका पादुकोण की मैनेजर करिश्मा हुईं गायब, NCB ने KWAAN टैलेंट एजेंसी के कर्मचारियों को भेजा समन

बॉलीवुड अदाकारा दीपिका पादुकोण की मैनेजर करिश्मा प्रकाश का नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा पूछताछ के लिए समन जारी करने के बाद कुछ अता-पता नहीं है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. गौरतलब है कि एनसीबी अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सामने आए ड्रग एंगल की जांच कर रही है.

जांच से जुड़े एनसीबी के एक अधिकारी ने बताया, “यह सच है कि पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद से प्रकाश अनट्रेसेबल (गायब) हैं.”

अधिकारी ने कहा कि उनसे 27 अक्टूबर को एनसीबी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था. अधिकारी ने हालांकि ये भी कहा कि इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि क्वान टैलेंट मैनेजमेंट के कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है.

पिछले महीने एनसीबी ने 1.7 ग्राम चरस और सीबीडी ऑयल की कुछ बोतलें उनके घर से बरामद करने के बाद ताजा समन जारी किया था.

इससे पहले दीपिका और प्रकाश एक बार पूछताछ के लिए एनसीबी के सामने हाजिर हो चुकी है. एजेंसी ने प्रकाश को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया था, तब से वह गायब हैं. दीपिका के अलावा, एनसीबी ने बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और सारा अली खान से भी पूछताछ की थी. एनसीबी ने इन तीनों अभिनेत्रियों के फोन को भी जब्त कर लिए थे और जांच के लिए फोरेंसिक विभाग भेज दिया था.

शिवपाल यादव का बड़ा खुलासा, BJP ने दिया था पार्टी में शामिल होने का ऑफर

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया (PSPL) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि भाजपा ने उन्हें तब पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था, जब उनका अपने भतीजे और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ अनबन चल रही थी. उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से कहा, “हालांकि, मैंने भाजपा में शामिल होने के बजाय अपनी पार्टी बनाना बेहतर समझा.”

शिवपाल ने कहा कि उन्होंने महसूस किया कि उनकी खुद की पार्टी बनाने का निर्णय सही था, हालांकि कुछ लोग अभी भी उन्हें भाजपा की ‘बी’ टीम बताते हैं. उन्होंने कहा, “भाजपा की वर्तमान स्थिति सभी को पता है. सत्तारूढ़ पार्टी चौतरफा विरोध का सामना कर रही है और सभी मोचरें पर विफल साबित हुई है.”

एक सवाल का जवाब देते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन का परिणाम सभी ने देखा है. उन्होंने कहा, “हम अब भाजपा-बसपा गठबंधन का परिणाम देखेंगे.” पीएसपीएल नेता ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती के स्वभाव और व्यवहार को सभी जानते हैं.

उन्होंने कहा, “उन्होंने नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का अपमान किया, हालांकि वे पार्टी लाइनों से परे सबसे स्वीकार्य नेता बने हुए हैं. अगर बसपा के विधायक पार्टी से छिटक रहे हैं तो मायावती को गिरेबान में झांकना चाहिए कि उनकी पार्टी और नीतियों के साथ क्या गलत हुआ है.

उन लोगों को न भूलें जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़ा किया था : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में एक रैली में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण शुरू होने का जिक्र किया और लोगों से कहा कि उन्हें भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़े करने वालों तथा मंदिर निर्माण में अड़चनें डालने वालों को नहीं भूलना चाहिए.

मोदी ने पश्चिम चंपारण में एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का इंतजार भी हमारे वनवासी साथी, पीढ़ियों से कर रहे थे. आज पूरे देश के सहयोग से, अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है.’’ उन्होंने लोगों से कहा, ‘‘लेकिन इस समय भी आपको उन लोगों को नहीं भूलना है, जो भगवान राम के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े कर रहे थे और मंदिर निर्माण में अड़चनें डाल रहे थे.’’

लोगों से राजग को जनादेश देने की अपील करते हुए मोदी ने कहा कि जनजातीय समाज ने हर कदम पर प्रभु राम का, माता सीता का साथ दिया, यह समाज देश की सुरक्षा, समृद्धि और संस्कारों का संरक्षक रहा है और चंपा-अरण्य तो रामायण काल से ही इसका जीता-जागता साक्षी रहा है.

गौरतलब है कि बगहा में थारू जनजातीय समुदाय की अच्छी-खासी जनसंख्या है. मोदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने ही थारू समुदाय को जनजाति का दर्जा दिया था.पश्चिम चंपारण में मोदी ने राम मंदिर के अलावा जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त करने, एससी/एसटी आरक्षण, नागरिकता संशोधन कानून का जिक्र किया. वहीं, छपरा में एक रैली में उन्होंने पुलवामा हमले में पाकिस्तान की स्वीकारोक्ति का भी जिक्र किया.

मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘राजनीतिक स्वार्थ के लिए राजग के विरोध में खड़े लोगों के पास न तो तथ्य हैं और न ही उनके पास तर्क हैं. राष्ट्रहित और जनहित के लिए उठाए गए हर कदम का विरोध करना और नकारात्मकता फैलाना ही इनकी रणनीति है.’’

उन्होंने कहा कि इन लोगों ने झूठ फैलाया कि राजग एससी/एसटी (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति) आरक्षण को खत्म कर देगा. लेकिन आपको मालूम है कि हमारी सरकार ने ही 10 वर्षों के लिए आरक्षण को आगे बढ़ाया है और इसके साथ ही सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है.

नागरिकता संशोधन कानून का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘जब नागरिकता संशोधन कानून आया तो इन्होंने झूठ फैलाया कि बहुत सारे नागरिकों की नागरिकता चली जाएगी.’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘आज एक साल होने को है, लेकिन क्या किसी भी भारतीय की नागरिकता गई है? ’’कांग्रेस सहित विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ये लोग सिर्फ झूठ बोलकर, लोगों को डराकर हमेशा अपने स्वार्थ की सिद्धि करते रहे हैं.उन्होंने कहा, ‘‘जब जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाया गया तब भी इन्होंने यही कहा कि कश्मीर में आग लग जाएगी…खून की नदियां बह जाएंगी… न जाने क्या-क्या बोला गया.’’

मोदी ने कहा कि आज जम्मू कश्मीर और लद्दाख शांति से विकास के नए पथ पर अग्रसर हैं. कश्मीर से एक ही आवाज उठ रही है कि भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाओ.उन्होंने कहा, ‘‘मैं जम्मू कश्मीर के अपने भाई-बहनों को यकीन दिलाता हूं कि आपने जो मेरे पर विश्वास रखा है… मैं आपकी लूटी गई पाई-पाई लौटने के लिए सारे कानूनी तरीकों का उपयोग करूंगा, आपको न्याय दिलाऊंगा.’’

राजग को विजयी बनाने की अपील करते हुए मोदी ने कहा कि एक पक्ष है ‘जंगलराज’ का जिसने बिहार की सड़कों को खस्ताहाल बना दिया. दूसरा है राजग जिसने नए हाईवे, रेलवे, वाटर-वे और हवाईअड्डा बनाकर बिहार में संपर्क को मजबूत बनाया है. उन्होंने कहा कि बिहार में एक पक्ष है जिसने दशकों तक बिहार को तीन मेडिकल कॉलेजों के सहारे चलाया. दूसरा राजग है जो बिहार के हर लोकसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए काम कर रहा है. प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि एक पक्ष है जिसने गरीबों के पैसों से घोटाला किया, दूसरा गरीबों के खाते में सीधे पैसे पहुंचाने वाला राजग है.

उन्होंने कहा, ‘‘एक पक्ष है जंगलराज का जो किसानों के नाम पर बिचौलियों के हित की राजनीति करता है, दूसरा राजग है जो किसानों के सम्मान और स्वाभिमान के लिए काम करता है.’’उन्होंने लोगों से कहा कि वे बिहार को बीमार होने से बचाने के लिए नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग को विजयी बनाएं, ताकि राज्य विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे.

उत्तर प्रदेश में ‘‘डबल-डबल युवराज’’का जो हाल हुआ, वही बिहार में भी होगा : मोदी का राहुल और तेजस्वी पर तंज

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि आज बिहार में एक तरफ ‘‘डबल इंजन’’ की सरकार है, तो दूसरी तरफ ‘‘डबल-डबल युवराज’’ हैं. उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले उत्तर प्रदेश चुनाव में जो हाल ‘‘डबल-डबल युवराज’’ का हुआ था, वही हाल बिहार में भी खासतौर पर ‘‘जंगलराज के युवराज’’ का होगा.

मोदी ने ‘‘डबल-डबल युवराज’’ कह कर उत्तर प्रदेश (विधानसभा) चुनाव (2017) के दौरान गठबंधन सहयोगी रहे राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर इशारा किया. वहीं, बिहार में ‘‘डबल-डबल युवराज’’ के माध्यम से उन्होंने तेजस्वी और राहुल पर निशाना साधा.

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान पुलवामा हमले, अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण सहित केंद्र और बिहार सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने पूर्ववर्ती राज्य जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 समाप्त करने, एससी/एसटी (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति) आरक्षण, नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का उल्लेख किया और इन मुद्दों को लेकर विपक्ष पर झूठ बोलकर भ्रम एवं नकारात्मकता फैलाने का आरोप लगाया.

राम मंदिर मुद्दे का उल्लेख करते हुए मोदी ने लोगों से कहा कि इस समय आपको उन लोगों को नहीं भूलना है, जो भगवान राम के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े कर रहे थे और मंदिर निर्माण में अड़चनें डाल रहे थे.

प्रधानमंत्री ने पुलवामा आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश के जवान शहीद हुए थे, उस वक्त सत्ता एवं स्वार्थ की राजनीति करने वालों ने खूब भ्रम फैलाने की कोशिश की और ऐसे लोग आज वोट मांग रहे हैं. उन्होंने ऐसे लोगों से सचेत रहने की अपील करते हुए कहा कि दो-तीन दिन पहले पड़ोसी देश ने पुलवामा हमले की सच्चाई को स्वीकार किया है. इस सच्चाई ने उन लोगों के चेहरे से नकाब हटा दिया, जो हमले के बाद अफवाह फैला रहे थे.

गौरतलब है कि मोदी पाकिस्तान की इमरान खान सरकार के मंत्री फवाद चौधरी के वहां की संसद में पुलवामा हमले को लेकर दिए गए बयान का जिक्र कर रहे थे.फवाद ने पाकिस्तानी संसद में कहा था कि पुलवामा हमला उनकी (खान की) सरकार के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि है.

मोदी ने छपरा, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण और बगहा में चुनावी रैलियों को संबोधित करने के दौरान विपक्षी महागठबंधन में शामिल कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश में एक तरफ लोकतंत्र के लिए पूर्ण रूप से समर्पित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) है, तो वहीं दूसरी तरफ अपने निहित स्वार्थ को समर्पित पारिवारिक गठबंधन हैं.

उन्होंने बिहार को बीमार होने से बचाने के लिये लोगों से राज्य में नीतीश कुमार नीत राजग सरकार को जनादेश देने की अपील की. समस्तीपुर और बगहा में रैली में प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे. मोदी ने कहा, ‘‘ आज बिहार के सामने, डबल इंजन की सरकार है, तो दूसरी तरफ डबल-डबल युवराज भी हैं। उनमें से एक तो जंगलराज के युवराज भी हैं.’’

उन्होंने ‘जंगलराज के युवराज’ शब्द के जरिए संभवत: तेजस्वी पर निशाना साधा.उन्होंने कहा, ‘‘ डबल इंजन वाली राजग सरकार, बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है, तो ये डबल-डबल युवराज अपने-अपने सिंहासन को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं.’’

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए मोदी ने कहा कि तीन-चार साल पहले वहां भी ‘‘डबल-डबल युवराज’’ (खुली) बस के ऊपर चढ़कर लोगों के सामने हाथ हिला रहे थे और उत्तर प्रदेश की जनता ने वहां उन्हें घर लौटा दिया था. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘वहां के एक युवराज अब जंगलराज के युवराज से मिल गए हैं. उत्तर प्रदेश में जो (हाल) डबल-डबल युवराज का हुआ, वही बिहार में भी होगा.’’

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजद, कांग्रेस और वाम दलों के महागठबंधन का मुकाबला भाजपा, जद(यू), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के गठबंधन से है.बिहार चुनाव में राजद नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनाव प्रचार कर रहे हैं. उल्लेखनीय है कि 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस का गठबंधन था.

प्रधानमंत्री ने विपक्षी महागठबंधन पर परिवारवाद को लेकर तीखा प्रहार किया. उन्होंने रैली में आए लोगों से पूछा, ‘‘ क्या नीतीश कुमार जी का कोई परिवार वाला सरकार में है किसी पद पर है? क्या मोदी का कोई परिवार वाला संसद में या कहीं है? क्या नीतीश कुमार का कोई भाई राज्यसभा पहुंचा ? क्या नीतीश कुमार की कोई बेटी, बेटा कहीं पहुंचा है क्या ?’’उन्होंने लोगों से पूछा कि सिर्फ और सिर्फ अपने-अपने परिवार के लिए काम कर रही इन पारिवारिक पार्टियों ने आपको क्या दिया? बड़े-बड़े बंगले बने, तो किसके बने? महल बने, तो किसके बने?

उन्होंने कहा, ‘‘ इन पारिवारिक पार्टियों के घरों में बड़ी-बड़ी करोड़ों की गाड़ियां आईं, गाड़ियों का काफिला बना, लेकिन आपके बच्चों की चिंता क्या ये करेंगे ?’’राजद, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन्हें सिर्फ अपने और अपने परिवार की चिंता है, यही सच्चाई है और यही इनका इतिहास है.

मोदी ने कहा, ‘‘आप याद करिए, जंगलराज में स्थिति तो यह थी कि जो उद्योग, जो चीनी मिलें, दशकों से चंपारण और बिहार का अहम हिस्सा रही थी, वो भी बंद हो गईं.’’उन्होंने लोगों से ‘जंगलराज के युवराज’ से सवधान रहने की अपील की और आरोप लगाया कि जंगलराज वालों को सिर्फ अपनी बेनामी सम्पत्ति छिपाने की चिंता है.

उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा, ‘‘ अब तो इस चुनाव में जंगलराज वालों के साथ नक्सलवाद के समर्थक, देश के टुकड़े-टुकड़े करने की चाहत रखने वालों के समर्थक भी शामिल हो गए हैं. इन्हें जरा भी मौका मिल गया तो राज्य में फिर अपराध, अराजकता का दौर आ जायेगा.’’

राजद सहित विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि जंगलराज के युवराज बिहार में उचित माहौल का विश्वास दे सकते हैं क्या? और क्या वह राज्य में निवेश का माहौल बना सकते हैं? प्रधानमंत्री ने राजद की पूर्ववर्ती सरकार के दौरान कानून व्यवस्था की खराब स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि आज के नौजवान को खुद से पूछना चाहिए कि बड़ी-बड़ी परियोजनाएं जो बिहार के लिए इतनी जरूरी थीं, वो बरसों तक क्यों अटकीं रहीं?

मोदी ने कहा कि पुल बनाने के लिए कौन काम करेगा, जब इंजीनियर सुरक्षित नहीं हों? कौन सड़क बनाएगा, जब ठेकेदार की जान चौबीसों घंटे खतरे में हो? उन्होंने कहा कि किसी कंपनी को अगर कोई काम मिलता भी था, तो वह यहां काम शुरू करने से पहले सौ बार सोचती थी.

उन्होंने कहा, ‘‘ये जंगलराज के दिनों की सच्चाई है। इसे याद रखना चाहिए.’’ उन्होंने लालू-राबड़ी की सरकार के दौरान की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए युवाओं को याद दिलाया, ‘‘ बचपन के दिनों में आपकी मां, आपको कहा करती थी कि ‘लकड़सुंघा’ आ जाएगा. असल में आपकी मां को चिंता थी कि अगर उनके बच्चे बाहर निकले तो अपहरण हो जाएगा.’’

मोदी ने लोगों से राजग को वोट देने की अपील करते हुए सोशल मीडिया पर चल रहे बिहार के एक गांव की बुजुर्ग महिला के एक वीडियो का भी जिक्र किया. मोदी ने वीडियो के हवाले से कहा, ‘‘ एक व्यक्ति उस महिला से पूछता है कि ‘मोदी को काहे खातिर वोट देबो.’ आखिर मोदी ने तुम्हारी खातिर किया क्या है?’’

प्रधानमंत्री ने स्थानीय बोली में कहा कि उस महिला ने कहा, ‘‘ मोदी हमारा के नल देहलन, लाइन देहलन, बिजली देहलन, मोदी हमरा के कोटा देहलन, राशन देहलन, पेंसिल देहलन. मोदी हमरा के गैस देहलन. उनका क्यों वोट न देबे, का तौहर के देब.’’

उन्होंने कहा कि राजग का नारा बिना भेदभाव के सबका साथ सबका विकास है और नीतीश कुमार के नेतृत्व में इसी लक्ष्य के लिए काम किया गया है. प्रधानमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के साथ लालू परिवार द्वारा खराब व्यवहार और अपमान किये जाने का भी आरोप लगाया, जिस कारण अपनी मृत्यु से से कुछ ही दिन पहले, राजद के संस्थापकों में शामिल रहे, सिंह ने पार्टी(राजद) छोड़ दिया था.

उन्होंने अपने संबोधन के दौरान देश के प्रथम राष्ट्रपति राजेद्र प्रसाद के अलावा जयप्रकाश नारायण, कर्पूरी ठाकुर सहित क्षेत्र की विभिन्न विभूतियों का उल्लेख भी किया.