Home Blog Page 150

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केशुभाई, कनोडिया बंधुओं को श्रद्धांजलि दी, पहुंचे केवडिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर अहमदाबाद पहुंचे. उन्होंने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल और गुजराती सिनेमा के सुपरस्टार नरेश कनोडिया व उनके संगीतकार भाई महेश कनोडिया को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिजनों को सांत्वना दी.

इसके बाद प्रधानमंत्री केवडिया पहुंचे और वहां आरोग्य वन का लोकार्पण किया.पटेल (92) का बृहस्पतिवार की सुबह यहां निधन हो गया था. वह लंबे समय से बीमार थे. कनोडिया बंधुओं का हाल ही में निधन हो गया था.

इससे पहले प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे पर आज सुबह अहमदाबाद पहुंचे.मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, राज्यपाल आचार्य देवव्रत और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल सहित कई नेताओं ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया.

प्रधानमंत्री हवाई अड्डे से सीधे केशुभाई को श्रद्धांजलि देने गांधीनगर पहुंचे. वहां उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों के साथ कुछ समय बिताया और परिजनों से बात भी की.मोदी के जाने के बाद परिवार के एक सदस्य ने बताया, ‘‘मोदीजी ने केशुभाई के साथ बिताए दिनों को याद किया और हमसे उनके अंतिम क्षणों के बारे में पूछा.’’

प्रधानमंत्री ने बृहस्पतिवार को केशुभाई के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते उन्हें ‘‘पितातुल्य’’ बताया था और कहा था कि उनका जाना उनके लिए ऐसी क्षति है, जो कभी पूरी नहीं हो पाएगी.इसके बाद प्रधानमंत्री ने कनोडिया बंधुओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सांत्वना दी. उन्होंने नरेश कनोडिया के पुत्र हितू कनोडिया सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कुछ समय भी बिताया.

हितू कनोडिया भाजपा के वर्तमान विधायक है. नरेश और महेश कनोडिया भाजपा से भी जुड़े थे और क्रमश: सांसद व विधायक रह चुके हैं. हितू कनोडिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री ने उनके पिता व चाचा को याद किया और कहा कि दोनों भाई आपस में बहुत प्रेम करते थे. अब दोनों हमारे बीच नहीं रहे.

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी ने अफसोस जताया कि वह पहले आकर उनसे मुलाकात नहीं कर सके.’’यहां से प्रधानमंत्री नर्मदा जिले के केवडिया पहुंचे और वहां ‘‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’’ के निकट बने आरोग्य वन का लोकार्पण किया. उन्होंने राज्यपाल देवव्रत और मुख्यमंत्री रूपाणी के साथ इसका अवलोकन भी किया. आरोगय वन में 15 एकड़ में औषधीय गुणों से युक्त पौधे लगाए गए हैं. वे इस क्षेत्र में बने आरोग्य कुटीर भी गए.

उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री अपने इस दौरे पर अपनी मां हीरा बा से भी मुलाकात करेंगे.मार्च में कोरोना वायरस महामारी फैलने के बाद से मोदी का अपने गृह राज्य गुजरात का यह पहला दौरा है. इस दौरान उनका केवडिया और अहमदाबाद के बीच समुद्री विमान सेवा सहित कई परियोजनाओं की शुरुआत करने का भी कार्यक्रम है.

वह सरदार पटेल जूलॉजिकल पार्क ‘जंगल सफारी’ का उद्घाटन करेंगे, जो भारत के ‘लौह पुरुष’ की 182 मीटर लंबी प्रतिमा ‘‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’’ के पास स्थित है.इसके बाद वह अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे.

मोदी अपनी यात्रा के दौरान स्वतंत्र भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल को 31 अक्टूबर को उनकी जयंती के दिन ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ जाकर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे.

सावधान : महाराष्ट्र सरकार ने दिए आदेश, लोकल ट्रेन और स्टेशन पर पहनना होगा मास्क है नहीं तो देना होगा फ़ाइन

कोविड-19  के प्रसार को रोकने के प्रयास के तहत महाराष्ट्र सरकार ने सरकारी रेल पुलिस  को लोकल ट्रेन में और स्टेशन पर बिना मास्क लगाए, चलने वाले लोगों पर जुर्माना करने का निर्देश दिया है. यह जानकारी गुरुवार को एक अधिकारी ने दी. जीआरपी के आयुक्त रवींद्र शेनगांवकर को लिखे पत्र में राज्य आपदा प्रबंधन विभाग  के निदेशक अभय यावलकर ने कहा है कि ग्रेटर मुंबई नगर निगम (एमसीजीएम) द्वारा नौ सितंबर या इसके बाद नगर निकाय की तरफ से जारी परिपत्र के मुताबिक जुर्माना किया जाए.

एमसीजीएम वर्तमान में सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क लगाए लोगों पर 200 रुपये का जुर्माना करता है. यावलकर ने पत्र में कहा, ‘‘राज्य सरकार सरकारी रेल पुलिस को अधिकार देती है कि वह लोकल ट्रेनों या स्टेशन परिसर के अंदर बिना मास्क पहने लोगों पर जुर्माना कर सकती है.’’ पत्र में कहा गया है कि कोविड-19 मामलों  के प्रसार को रोकने के लिए यह आवश्यक है कि यात्री सभी संबंधित प्रोटोकॉल का पालन करें.शेनगांवकर ने कहा कि बुधवार की शाम को उन्हें पत्र मिला और ‘‘एमसीजीएम के साथ मिलकर हम निर्देश को लागू करेंगे.’’

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 6,738 नये मामले सामने आने के बाद बुधवार को संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 16,60,766 हो गई. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. विभाग ने बताया कि राज्य में कोविड-19 से 91 और मरीजों की मौत हो गई. इसके साथ ही राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 43,554 हो गई.

विभाग ने एक विज्ञप्ति में बताया कि दिनमें इस महामारी से 8,430 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई जिससे राज्य में अब तक ठीक हुए लोगों की संख्या 14,86,926 हो गई हैं. राज्य में अभी 1,29,746 मरीजों का इलाज चल रहा हैं.

Haryana : जबरन धर्मांतरण की एसआईटी जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर

उच्चतम न्यायालय (Supreme Court) में एक याचिका दायर कर हरियाणा (Haryana) के नूंह (Nuh) जिले में हिंदुओं के कथित जबरन धर्मांतरण (conversion) की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) गठित करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि नूंह इलाके में हिंदुओं के जीवन, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और धार्मिक अधिकारों का वहां मौजूद अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों द्वारा लगातार क्षरण किया जा रहा है. यह याचिका उत्तर प्रदेश के वकीलों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक समूह ने दायर की है. याचिका में दावा किया गया है कि राज्य सरकार, जिला प्रशासन और पुलिस अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करने में नाकाम रही है, जिसके चलते हिंदुओं का जीवन और स्वतंत्रता, खासतौर पर महिलाओं और दलितों का, जोखिम में है और वे लोग वहां दबदबा रखने वाले समूह के दहशत में जीने को मजबूर हैं.

यह याचिका अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन के मार्फत दायर की गई है. याचिका के जरिये शीर्ष न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई और एनआईए के अधिकारियों की सदस्यता वाली एसआईटी गठित करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है. इसमें कहा गया है कि एसआईटी को इलाके में हिंदुओं के जबरन धर्मांतरण के दृष्टांतों, उनकी संपत्ति के मालिकाना हक को अवैध तरीके से हस्तांतरित कराए जाने, हिंदू महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ किए गए अत्याचार, सार्वजनिक भूमि पर किया गया कब्जा, मंदिरों व धार्मिक स्थलों और शवदाह स्थलों की दशा की जांच करनी चाहिए.

याचिका के जरिये नागरिकों के जानमाल की सुरक्षा के लिए केंद्र को नूंह जिले में अर्द्धसैनिक बल तैनात करने का निर्देश देने का भी अनुरोध किया गया है. याचिका में कहा गया है कि हत्या, बलात्कार, अपहरण और घरों में जबरन घुसने की घटनाओं के सिलसिले में हिंदू समुदाय के लोगों द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी की जांच करने और कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया जाना चाहिए.

याचिका में 2011 की जनगणना का जिक्र करते हुए कहा गया है कि मेवात जिले की कुल आबादी 10,89,263 थी, जिसमें मुसलमानों की आबादी 79.20 प्रतिशत, हिंदुओं की आबादी 20.37 प्रतिशत रहने का अनुमान है. वहीं, शेष 0.43 प्रतिशत आबादी में सिख, बौद्ध और जैन आदि शामिल हैं. याचिका में कहा गया है, ‘मेवात-नूंह में हिंदुओं की आबादी में आई भारी कमी से जनसांख्यिकी बदलाव बढ़ा है, जो राष्ट्र की एकता के लिए विनाशकारी होगा.’

Youtuber ने ब्रांड-न्यू Mercedes को कर दिया आग के हवाले, वजह आपको कर देगी हैरान ! Watch Video 

एक रूसी यूट्यूबर Mikhail Litvin का 1 करोड़ की मर्सिडीज कार में आग लगाने का  वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है. लोग हैरान हैं कि कोई ऐसा कैसे कर सकता है? इस यूट्यूबर के लगभग 50 लाख सब्सक्राइब्स हैं. जबकि इंस्टाग्राम पर 11.3 मिलियन लोग इन्हें फ़ॉलो करते हैं.

इंटरनेट पर वायरल हो रहा ये वीडियो 24 अक्टूबर को यूट्यूब पर शेयर किया गया था, अब तक 11,366,556 व्यूज और 10 लाख लाइक्स मिल चुके हैं  और हां, 47 हजार लोगों ने इसे डिस्लाइक भी किया है. आपको बता दें, वीडियो को शेयर करते हुए यूट्यूबर ने लिखा, ‘मैंने बहुत सोचा कि मुझे इस शार्क के साथ क्या करना है… मेरे लिए ‘आग’ अच्छा आइडिया था. मैं खुश नहीं हूं!’

हालाँकि कुछ लोगों का कहना है कि यूट्यूबर ने ऐसा फॉलोवर्स बढ़ाने के लिए किया. जबकि एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि यूट्यूबर को मर्सिडीज के इस महंगे मॉडल के साथ कई दिक्कत आ रही थीं. कार को स्थानीय मर्सिडीज डीलरशिप के पास पांच बार भेजा गया. लेकिन उसने कथित तौर पर कार को ठीक करने से इनकार कर दिया!

इस वीडियो में  आप देख सकते हैं कि यूट्यूबर नई सी दिखने वाली अपनी मर्सिडीज कार को खाली मैदान के बीच लाकर खड़ा करता है. वो उसकी डिक्की से तेल के कई कनस्तर निकालता और एक-एक कर उन्हें गाड़ी पर डाल देता है. कुछ दूरी पर जाकर वो एक जलता हुआ लाइटर घास पर फेंकता है. आग घास से होते हुए मर्सिडीज कार को अपनी चपेट में लेती है और कुछ ही मिनटों में लग्जरी कार जलकर खाक हो जाती है.

 

 

उत्तर प्रदेश के इन जिलों में 3 नवंबर को सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान, जानिए वजह 

तीन नवम्बर को उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की सात विधानसभा सीटों पर मतदान होना है. चुनाव परिणाम 10 नवम्बर को आएगा. चुनाव के मद्देनज़र रखते हुए तीन नवम्बर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. इस दिन सम्बंधित विधान सभा उप निर्वाचन क्षेत्र से सम्बंधित जिले के कोषागार और उप कोषागार भी बंद रहेंगे.

प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन जितेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 03 नवम्बर, दिन मंगलवार को अमरोहा के 40-नौगावां सादात, बुलंदशहर के 65-बुलंदशहर, फिरोजाबाद के 95-टूण्डला (अ.जा.), उन्नाव के 162-बांगरमऊ, कानपुर नगर के 218-घाटमपुर (अ.जा.), देवरिया के 337-देवरिया, जौनपुर के 367-मल्हनी विधानसभा में अवकाश घोषित किया गया है.

तीन नवम्बर को उत्तर प्रदेश की जिन सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें से छह सीटें बीजेपी के और एक सीट समाजवादी पार्टी के कब्जे में थी. उपचुनाव में भाजपा-सपा ही नहीं, बल्कि बसपा और कांग्रेस भी पूरी दम से चुनाव मैदान में हैं.

फिल्म में ‘इच्छाधारी नागिन’ बनने लिए तैयार हैं श्रद्धा कपूर, श्रीदेवी को लेकर कही ये बात

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर का कहना है कि फिल्म ‘नागिन’ में इच्छाधारी नागिन का किरदार मिलने पर उनकी खुशी चरम पर है. अभिनेत्री को लोकप्रिय टेलीविजन-श्रृंखला ‘नागिन’ पर आधारित तीन-फिल्म फ्रेंचाइजी के लिए साइन किया गया है, जो विशाल फुरिया द्वारा निर्देशित और निखिल द्विवेदी द्वारा निर्मित है.

श्रद्धा कपूर ने कहा, “मेरे लिए स्क्रीन पर नागिन का रोल अदा करना सौभाग्य की बात है. मैं अपनी आइडल श्रीदेवी मैम को ‘नगीना’ और ‘निगाहें’ जैसी फिल्मों को देखकर बड़ी हुई हूं, प्रेरित हुई हूं और उसी तरह की फिल्मों में काम करना चाहती थी. ये प्रतिष्ठित किरदार निभाना जैसा है, जिसे दर्शकों ने हमेशा सराहा है.”

इस फिल्म को वीएफएक्स के माध्यम से बनाया जा सकता है. हालांकि इसके रिलीज डेट का खुलासा नहीं हो सका है.

 

Mirzapur season 2 :’गोलू गुप्ता’ का रोल निभाने वाली श्वेता त्रिपाठी का बयान, बोलीं- ‘सीजन 2 दिल के ज्यादा करीब’

अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी (Shweta Tripathi)का कहना है कि वह वेब सीरीज मिर्जापुर के पहले सीजन में काम करने के लिए उत्साहित थीं, लेकिन दूसरा सीजन उनके दिल के ज्यादा करीब है. मिर्जापुर के पहले भाग में श्वेता ने गोलू गुप्ता का किरदार निभाया था, जहां वह काफी सीधी लड़की की भूमिका में थीं, वहीं दूसरे सीजन में गोलू गुप्ता ने एक गैंगस्टर का रुप ले लिया है.

श्वेता ने कहा, “जब मैंने मिर्जापुर के पहले एपिसोड को पढ़ा, तो मुझे किरदारों से रूबरू होना पड़ा. मैं जानना चाहती थी कि उनकी दुनिया में क्या हो रहा है, वे क्यों कर रहे हैं और कैसे कर रहे हैं और मैं सिर्फ उस पहले एपिसोड को पढ़ने के बाद ही इस दुनिया का हिस्सा बनना चाहती थी.”

उन्होंने आगे कहा, “वेब सीरीज मिर्जापुर के पहले सीजन में काम करने के लिए उत्साहित थीं, लेकिन दूसरा सीजन मेरे दिल के ज्यादा करीब है.

 

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, ‘भारत को वर्ल्ड कप 2011 में ना हराने का अफसोस ताउम्र रहेगा’

0

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज उमर गुल का कहना है कि भारत को मोहाली में 2011 विश्व कप सेमीफाइनल में नहीं हरा पाने का उनको ताउम्र अफसोस रहेगा. पाकिस्तान ने भारत को विश्व कप इतिहास में कभी नहीं हराया है.

मोहाली के पंजाब क्रिकेट संघ स्टेडियम में भी 30 मार्च, 2011 को यही हुआ और भारत ने पाकिस्तान को 29 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया और फिर महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में श्रीलंका को हराते हुए दूसरी बार विश्व चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया.

गुल ने पाकपैशन से कहा, “अगर आप क्रिकेट करियर की बात करें तो मेरे मन में सिर्फ और सिर्फ इस बात का अफसोस रहता है कि हम मोहाली में सेमीफाइनल में भारत को नहीं हरा सके थे. उस मैच से पहले हम टूर्नामेंट में शानदार खेले लेकिन एक मैच ने हमारी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया.”

गुल ने पाकिस्तान के लिए 47 टेस्ट, 130 वनडे और 60 टी20 मैच खेले हैं। 36 साल के उमर गुल ने अपने संन्यास का ऐलान घरेलू टूर्नामेंट नेशनल कप में अपनी टीम बलूचिस्तान के हारने के बाद ट्विटर पर किया। इस मैच के बाद गुल की आंखों में आंसू भी दिखाई दिए.

2003 में पाकिस्तान के लिए डेब्यू करने वाले उमर गुल पाकिस्तान की 2009 टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा थे. उस साल पाकिस्तान ने श्रीलंका को फाइनल में हराकर खिताब जीता था. पाकिस्तान की इस जीत में गुल ने अहम भूमिका निभाई थी. वह 13 विकेटों के साथ पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे.

 

Bihar Assembly Election 2020: पहले चरण में 71 विधानसभा सीटों पर 53.54 % मतदान, बांका में बंपर वोटिंग

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 1066 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज ईवीएम में कैद हो गया. मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा (Sunil Arora) ने बताया कि 16 जिलों की 71 विधानसभा सीटों पर शाम छह बजे तक 53.54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.

मिली जानकारी के मुताबिक़ बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शाम छह बजे तक 53.54 प्रतिशत मतदान हुआ है, जिसमें बांका 59.57 प्रतिशत वोटिंग के साथ टॉप पर रहा. इसके अलावा भागलपुर में 54.20 प्रतिशत, लखीसराय में 55 .44, शेखपुरा में 55.96, पटना में 52.51, मुंगेर में 47.36, भोजपुर में 48.29, बक्सर में 54.7, कैमूर में 56.20, नवादा में 52.34, रोहतास में 49.59, अरवल में 53.85, जहानाबाद में 53.93, औरंगाबाद में 52.85, गया में 57.5 और जमुई 57.41 फीसदी मतदान हुआ है.

आपको बता दे कि जेडीयू ने 71 सीटों में से 35, भाजपा ने 29 राजद ने 42 और 20 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार उतारे थे. तो वहीं राजग में शामिल जेडीयू से नाता तोड़कर लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख और दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान ने 71 सीटों में से 41 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. जिन प्रमुख उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया उनमें राष्ट्रमंडल खेल में निशानेबाजी में स्वर्ण पदक विजेता श्रेयसी सिंह भी शामिल हैं. उनका मुकाबला आरजेडी के विजय प्रकाश यादव से है. इसके अलावा राज्य मंत्रिमंडल में शामिल प्रेम कुमार (गया टाउन), विजय कुमार सिन्हा (लखीसराय), राम नारायण मंडल (बांका), कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा (जहानाबाद), जय कुमार सिंह (दिनारा) और संतोष कुमार निराला (राजपुर) इमामगंज सीट पर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का भाग्य भी ईवीएम में क़ैद हो गया.जीतन राम मांझी  का मुकाबला आरजेडी उम्मीदवार और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी से है.

उत्तरी दिल्ली नगर निगम संचालित अस्पतालों के डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, सेवाएं प्रभावित

उत्तरी दिल्ली नगर निगम संचालित अस्पतालों में सेवाएं प्रभावित हैं क्योंकि बकाया वेतन की मांग को लेकर डॉक्टरों का आंदोलन बुधवार को भी जारी रहा. हालांकि, नगर निकाय ने ‘‘सभी बकाया का भुगतान कर दिए जाने’’ की बात कही है.

उत्तरी दिल्ली नगर निगम डॉक्टर्स एसोसिएशन (एमसीडीसीए) से जुड़े वरिष्ठ डॉक्टर सोमवार को आकस्मिक अवकाश पर चले गए थे और मंगलवार को उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी.

उत्तरी दिल्ली के महापौर जयप्रकाश ने डॉक्टरों से काम पर लौटने की अपील की और कहा कि इससे मरीजों को परेशानी हो रही है. हालांकि, हड़ताल आज भी जारी रही.

जयप्रकाश ने मंगलवार को दो अन्य नगर निगमों के अपने समकक्षों के साथ संवाददाता सम्मेलन किया था और बाद में एक बयान में दावा किया था कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने आज डॉक्टरों का सितंबर तक बकाया वेतन, सफाई कर्मचारियों और मच्छरों की मौजूदगी वाले स्थानों की जांच करनेवाले कर्मियों का अगस्त तक का तथा नर्सों का जुलाई तक का और स्वास्थ्यकर्मियों का जून तक का बकाया वेतन जारी कर दिया.

एमसीडीसीए महासचिव मारुति सिन्हा ने मंगलवार को कहा था, ‘‘वेतन नहीं मिला है, इसलिए हमारी हड़ताल अब भी जारी है.’’