Home Blog Page 155

Hero Electric ने Nyx B2B स्कूटर का नया एडिशन किया लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर्स

0

इलेक्ट्रिक टू व्हीलर निर्माता हीरो इलेक्ट्रिक (Hero Electric) ने निक्स बी2बी (Nyx B2B) स्कूटर का नया एडिशन लॉन्च किया है. इस स्कूटर की कीमत 63,990 रुपये से शुरू है.

कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस स्कूटर का इस्तेमाल अंतिम पड़ाव तक आपूर्ति तथा अन्य व्यावसायिक उद्देश्यों में किया जाता है. अब इसके नये संस्करण में क्षमता को बढ़ाया गया है. अब यह एक बार चार्ज करने पर 82 किलोमीटर तक चलने से शुरुआत करता है. इस संस्करण के मॉडल एक बार चार्ज करने पर 210 किलोमीटर तक चलने में सक्षम हैं.

हीरो इलेक्ट्रिक के सीईओ सोहिंदर गिल ने कहा, ”नई निक्स-एचएक्स श्रृंखला एक समझदार ग्राहक की अधिकांश जरूरतों को पूरा करने के लिये लचीला, मॉड्यूलर और बहुमुखी विकल्प है.” उन्होंने कहा कि बाइक में कम लागत, उच्च भार वहन क्षमता, इंटरसिटी रेंज, रिमोट कनेक्टिविटी फीचर्स जैसे स्मार्ट कनेक्टिविटी फीचर्स हैं.

हाल ही में हीरो इलेक्ट्रिक ने शहरी ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए ‘City Speed’ नामक नया सेगमेंट लॉन्च किया था. कंपनी के मुताबिक सिटी स्पीड ई-बाइक फ्लाईओवर और ढलान पर एक बेहतर सवारी के लिए तेज गति और ग्रेड क्षमता प्रदान करती है. आपको बता दें सिटी स्पीड पोर्टफोलियो के तौर पर हीरो इलेक्ट्रिक अपने पहले से मौजूद इलेक्ट्रिक स्कूटरों Optima-hx, Nyx-hx, और Photon-hx के तीन नए ई-बाइक पेश करेगी.

हीरो इलेक्ट्रिक इंडिया के सीइओ सोहिंदर गिल के अनुसार कम स्पीड बाइक के कारण वर्तमान में ई-बाइक मार्केट का ध्रुवीकरण हुआ है. काफी कम प्राइस या ज्यादा स्पीड, ज्यादा हाई प्राइस आदि के कारण भी ऐसा हुआ है. वर्षों की रिसर्च के बाद हमने इलेक्ट्रिकल पावर ट्रेन विकसित की हैं, जिनकी क्वालिटी काफी बेहरत है. यह हमारे शहर की सड़कों पर यातायात की गति के साथ पर्याप्त मात्रा में पिकअप और गति देने के लिए कम बैटरी का उपयोग करती हैं. इन पावर ट्रेनों का उपयोग करके हमने अब 57,560 रुपये से शुरू होने वाली बाइक की एक नई रेंज लॉन्च की है. जिसमें आरामदायक ड्राइविंग रेंज 70 किमी से 200 किमी तक है.

 

बांग्लादेश की महिला खिलाड़ी ने क्रिकेट पिच पर कराया वेडिंग फोटोशूट, ICC ने शेयर किया फोटो

बांग्लादेश की महिला क्रिकेटर संजिदा इस्लाम ने अपनी शादी से पहले के फोटोशूटआउट का आयोजन क्रिकेट पिच पर किया और फिर उन पिक्चर्स को सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. इसके बाद संजिदा से जुड़े ये पिक्चर्स चर्चा के केंद्र में हैं.


संजिदा ने इन तस्वीरों में पिच पर नारंगी रंग की साड़ी के अलावा मांग टीका, चुर (वजनदार कंगन) और फूलों से बने आभूषण पहन रखे हैं. संजीदा ने हाल ही में रंगपुर के एक प्रथम श्रेणी क्रिकेटर मिम मोसादेक के साथ शादी की है. संजीदा की वेडिंग फोटोशूटआउट की तस्वीरें आईसीसी ने भी शेयर की हैं.

संजीदा ने अगस्त 2012 में आयरलैंड के खिलाफ टी20 मुकाबले के साथ इंटरनेशनल डेब्यू किया था. 2018 में वह उस टीम का हिस्सा थीं, जिसने पहली बार महिला एशिया कप टी20 खिताब जीता था.

‘भाभीजी घर पर हैं’ ने पूरे किए 1400 एपिसोड्स, टीम ने यूं मनाया जश्न

लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘भाभीजी घर पर हैं’ ने अपने 1,400 एपिसोड्स पूरे कर लिए हैं, ऐसे में कार्यक्रम से जुड़े कलाकार शुभांगी अत्रे, आसिफ शेख और रोहिताश गौर इसका जमकर जश्न मना रहे हैं. शो में अंगूरी भाभी का किरदार निभाने वाली शुभांगी इसे पूरी टीम के लिए एक शानदार और गर्वित पल बताती हैं.

उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए एक शानदार सफर रहा है. कॉमेडी शोज में ‘भाभीजी घर पर हैं’ का एक अलग वर्चस्च रहा है. यह हमेशा से मेरा पसंदीदा रहा है और टेलीविजन पर भी यह सबसे अधिक सराहे जाने वाला शो रहा है.”

आसिफ शो में विभूति का किरदार निभाते हैं और उन्होंने इस पूरे सफर को ‘असाधारण’ कहा. वहीं रोहिताश का मानना है कि कॉमेडी की शैली में इसने एक नया मील का पत्थर बनाया है. रोहिताश धारावाहिक में मनमोहन तिवारी के किरदार में नजर आते हैं.

 

हेमा मालिनी ने पति धर्मेद्र संग शेयर की ये खूबसूरत फोटो, हो रही है वायरल

अभिनेत्री से नेता बनीं हेमा मालिनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पति अभिनेता धर्मेंद्र के साथ वाली ताजा तस्वीर साझा की. हेमा ने हाल ही में पति धर्मेंद्र और बेटी ईशा, आहना के साथ अपना जन्मदिन मनाया. अभिनेत्री ने जन्मदिन जश्न की कुछ झलकियां पेश कीं.

तस्वीर में हेमा और धर्मेद्र नीले रंग की ड्रेस में ट्वीनिंग की है. दोनों जोड़ी का तस्वीर देख प्रशंसक चकित रह गए. फैंस ने तस्वीर पर अपनी प्रतिक्रिया दी.

एक यूजर ने ट्वीट में लिखा, “सबसे खुबसूरत जोड़ी.” एक अन्य ने लिखा, “लवली पिक्चर. मैम आप दोनों को साथ फिल्म में देखना चाहता हूं.”

धर्मेद्र और हेमा मालिनी ने ‘शोले’, ‘सीता और गीता’, ‘चरस’ और ‘ड्रीम गर्ल’ सहित कई हिट फिल्मों में एक साथ काम किया है. दोनों अगस्त 1979 में शादी के बंधन में बंध गए थे.

 

 

 

 

चिराग पासवान ने जारी किया लोक जनशक्ति पार्टी का विजन डॉक्यूमेंट-बिहार फर्स्‍ट, बिहारी फर्स्‍ट

लोक जनशक्ति पार्टी (Lok Janshakti Party -LJP) के अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने बिहार चुनाव (Bihar Election) के लिये अपनी पार्टी का विजन डॉक्यूमेंट ‘बिहार फर्स्‍ट, बिहारी फर्स्‍ट’ (Bihar first, Bihari first) जारी किया. जिसमें युवा आयोग गठित करने, रोजगार के लिये पोर्टल बनाने, डेनमार्क की तर्ज पर दुग्ध उद्योग को बढ़ावा देने, बाढ़ एवं सूखे को रोकने के लिये नहरों को नदियों से जोड़ने जैसे वादे किये गए हैं.

लोजपा (LJP) का विजन डॉक्यूमेंट जारी करते हुए चिराग ने कहा कि वह सकारात्मक राजनीति करना चाहते हैं, युवा हैं और दुनिया घूमे हैं. ऐसे में उन्होंने अपने दृष्टि पत्र में हर मुद्दे को शामिल किया है, जिससे बिहार की जनता जूझती है.

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) पर निशाना साधते हुए कहा कि अबतक तो बिजली पहुंच जानी चाहिए थी लेकिन कुमार अब इसका वादा कर रहे हैं .

चिराग ने राजग सरकार के मुखिया पर हमला करते हुए कहा कि 15 साल से सत्ता में रहने के बाद भी वे नाली-गली और खेत में पानी पहुंचाने की बात कर रहे हैं. ‘‘बीते 15 साल में क्या किया, बिहार में रोजगार के लिए क्या किया? बिहार को सशक्त करने के लिए क्या किया?’’

लोजपा नेता ने आरोप लगाया कि बिहार में अभी स्वास्थ्य की सही सुविधा नहीं है, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं है और शिक्षा के हालात खराब हैं. लोजपा के दृष्टि पत्र में समान काम-समान वेतन लागू करने, युवा आयोग का गठन करने का वादा किया गया है.

पार्टी ने कहा कि सत्ता में आने पर उसकी सरकार रोजगार पोर्टल बनाएगी जहां रोजगार लेने वाला और देने वाला सीधा जुड़ सकेगा.इसमें कहा गया है कि कम्युनिटी मोबिलाइजर जीविका मित्र को वेतन दिया जाएगा तथा बिहार में दुग्ध उद्योग को प्राथमिकता देकर चरणबद्ध तरीके से डेनिश मॉडल (डेनमार्क मॉडल) पर विकसित किया जाएगा.

लोजपा ने सभी प्रखंड मुख्यालय, ग्राम पंचायत मुख्यालय और बाजारों में महिलाओं के लिए अलग से शौचालय बनाने का वादा किया.उसने प्राथमिकता के आधार पर सभी जरूरतमंद जिलों में स्थानीय उपज के आधार पर फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने का वादा किया.

विजन डॉक्यूमेंट  में बाढ़ और सूखा रोकने के लिए नहर बनाकर राज्य की सभी नदियों को उससे जोड़ने का वादा किया गया है. इसमें अनुसूचित जाति और जनजाति छात्रावास को वाई-फाई, लाइब्रेरी, मेस, खेलकूद सामग्री व सुरक्षा गार्ड के साथ आधुनिक स्तर का बनाने की बात कही गई है.

लोजपा ने प्राइवेट स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए कुछ सीटें आरक्षित करने का वादा किया.दृ विजन डॉक्यूमेंट में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही फसात निश्चय योजना’ में भ्रष्टाचार की जांच कर दोषियों को सजा दिलाने की बात भी कही गई है.

 

पश्चिम बंगाल के हर बूथ में होगा मोदी के ‘पूजोर शुभेच्छा’ कार्यक्रम का प्रसारण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) को पश्चिम बंगाल (West Bengal) के लोगों के लिए दुर्गा पूजा के अवसर एक विशेष शुभेच्छा संदेश जारी करेंगे जिसके सीधे प्रसारण के लिए भाजपा (BJP) ने राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर व्यापक तैयारियां की हैं.

वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे राज्य में दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत के मौके पर लोगों को ‘‘पूजोर शुभेच्छा’’ (पूजा की शुभेच्छा) कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री संदेश देंगे.

भाजपा सूत्रों ने बताया कि राज्य के 78,000 मतदान केंद्रों में प्रत्येक केंद्र पर 25 से अधिक कार्यकर्ता या समर्थक उचित दूरी का पालन करते हुए इस कार्यक्रम को देखेंगे और सुनेंगे. पार्टी ने इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की है.

सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम के तहत कोलकाता स्थित पूर्व क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है. सुबह 10 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे.

राज्य भाजपा ने इस कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की है.पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं.

सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ राज्य में भाजपा एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरी है. भाजपा को भरोसा है कि वह अगले चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 10 सालों के शासन का अंत करेगी. पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की 18 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी जबकि तृणमूल कांग्रेस को 22 सीटों पर विजय हासिल हुई थी.

भारत में कोविड-19 के 54,044 नये मामले आए; लगातार तीसरे दिन नये मामले 60,000 से कम

भारत में लगातार तीसरे दिन कोविड-19 (COVID-19) के दैनिक नये मामलों की संख्या 60,000 से नीचे रही. कोरोना वायरस संक्रमण के 54,044 नये मामले सामने आने से देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 76,51,107 तक पहुंच गए.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में संक्रमण के कुल 54,044 मामले सामने आए, जबकि पिछले 24 घंटे में 717 और मौतें होने से मृतकों की संख्या 1,15,914 हो गई.

अब तक कुल 67,95,103 लोगों ने इस बीमारी से निजात पाई है. राष्ट्रीय स्तर पर मरीजों के ठीक होने की दर अब 88.81 प्रतिशत हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.51 प्रतिशत है.

कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या लगातार पांचवें दिन आठ लाख से नीचे रही.आँकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 7,40,090 है, जो कुल मामलों का 9.67 प्रतिशत है.

भारत में कोविड-19 के मामले 7 अगस्त को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख, 5 सितंबर को 40 लाख, 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख और 11 अक्टूबर को 70 लाख के पार चले गए थे.

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, मंगलवार को 10,83,608 नमूनों की जांच के साथ ही देश में 20 अक्टूबर तक कुल 9,72,00,379 नमूनों की जांच हो चुकी है.

देश में हुई 717 नई मौतों में से 213 महाराष्ट्र में हुई हैं, जबकि कर्नाटक में 66, पश्चिम बंगाल में 61, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में 50-50 और दिल्ली में 41 मौतें हुई हैं.

देश में इस महामारी में अब तक कुल 1,15,914 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 42,453 मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं, जबकि तमिलनाडु में 10,741, कर्नाटक में 10,608, उत्तर प्रदेश में 6,714, आंध्र प्रदेश में 6,481, पश्चिम बंगाल में 6,180, दिल्ली में 6,081, पंजाब में 4,037 और गुजरात में 3,651 मौतें हुई हैं.

भोजपुरी फिल्मों के लिए बनेगा सेंसर बोर्ड, अश्लीलता परोसने पर होगी कानूनी कार्रवाई – बीजेपी सांसद रवि किशन

गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन (BJP MP Ravi Kishan) ने भोजपुरी फिल्मों और गानों (Bhojpuri Films and Songs) को बड़ा बयान दिया. रवि किशन ने बताया कि भोजपुरी गानों में अश्लीलता को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है. यही नहीं उन्होंने इस मुद्दे को सदन में भी उठाने की बात कही है.

रवि किशन ने कहा कि भोजपुरी फिल्मों के लिए भी सेंसर बोर्ड (Censor Board) बनेगा. जो भी अश्लील गाने लिखेगा, जो अश्लील गाने गाएगा, उस पर कानूनी कार्रवाई होगी. अश्लील एल्बम बनाने वालों पर भी कार्रवाई होगी. रवि किशन ने कहा कि सदन शुरू होते ही अगला प्रहार अश्लील गाने लिखने वालों व गाने वालों पर करेंगे.

बीजेपी सांसद ने कहा कि जब हम लोग मनोज तिवारी और जो वरिष्ठ कलाकार थे, तब भोजपुरी फिल्मों में अश्लीलता नहीं थी लेकिन अब नई जेनरेशन इस चीज को ध्यान नहीं दे रही है और अश्लीलता परोस रही है. जब सेंसर बोर्ड बन जाएगा, तब इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और भोजपुरी फ़िल्म अश्लीलता से दूर हो जाएगी.

वहीं उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर रवि किशन ने कहा कि पिछली सरकारों की अपेक्षा भाजपा की सरकार में अपराध कम हुए हैं. उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जमीनी विवाद बढ़े हैं. आपसी रंजिश बढ़ी है, जिसको विपक्ष हवा दे रहा है. छोटी-छोटी घटनाओं को भी विपक्ष हवा देकर उसका राजनीतिकरण कर रहा है. साथ ही उन्होंने हर छोटी सी छोटी घटना को बड़ा बनाकर हवा देने और उसका राजनीतिकरण करने को लेकर विपक्ष जमकर फटकार लगाई.

 

कमला हैरिस को दुर्गा मां की तरह दिखाने पर अमेरिका में हिंदू नाराज, ट्रंप को बताया गया महिषासुर

अमेरिका में चुनाव (US Election) होने में कुछ हफ्तों का ही वक्त बचा है. ऐसे में उप राष्ट्रपति पद की रेस में शामिल भारतीय मूल की कमला हैरिस (Kamala Harris) अमेरिका में हिंदू समुदाय की नाराजगी का सामना कर रही हैं. दरअसल कमला की भतीजी मीना हैरिस (Meena Harris) ने एक एडिटेड फोटो ट्वीट (Tweet) किया था, जिसमें हैरिस दुर्गा मां (Goddess Durga) के रूप में नजर आ रही थीं. हालांकि, विरोध के बाद तस्वीर को सोशल मीडिया से हटा लिया गया है, लेकिन हिंदू इस मामले पर हैरिस से माफी की मांग कर रहे हैं.

पेशे से वकील और बच्चों के लिए किताबें लिखने वाली मीना की तरफ से पोस्ट किए गए फोटो में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला को दुर्गा मां और अमेरिका के वर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (President Donald Trump) को राक्षस महिषासुर की तरह पेश किया गया था.

मीना के इस ट्वीट के जवाब में हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (Hindu American Foundation) के सुहाग ए शुक्ला ने लिखा, ‘आपने मां दुर्गा की जो तस्वीर साझा की जिसमें उनके चेहरे पर दूसरा चेहरा लगाया गया है उससे दुनियाभर में हिंदू समुदाय के अनेक लोग व्यथित हैं’. इसके अलावा अमेरिकन हिंदूज अगेंस्ट डिफेमेशन (Hindu Against Defamation) के अजय शाह ने एक बयान में कहा कि तस्वीर अपमानजनक है और इससे धार्मिक समुदाय में नाराजगी है.

अमेरिका में रहने वाले हिंदुओं के इस संगठन ने देवी-देवताओं या धर्म से जुड़ी किसी भी तस्वीर के व्यवसायिक इस्तेमाल को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं. जबकि, हिंदू अमेरिकन पोलिटीकल एक्शन कमेटी (American Political Action Committee) के ऋषि भूतड़ा कहते हैं कि यह फोटो कमला हैरिस ने नहीं बनाई है और यह पहले से ही इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप (WhatsApp) पर वायरल हो रही थी. उन्होंने कहा कि बाइडेन (Biden) के चुनावी अभियान (Election Campaign) से यह बात साफ हो गई है कि तस्वीर उनकी तरफ से नहीं बनाई गई है.

Bihar Assembly Elections 2020: दूसरे चरण की 94 सीटों के लिए 1464 उम्मीदवार मैदान में, 46 ने नामांकन पत्र वापस लिया

बिहार विधानसभा (Bihar Assembly Elections) के दूसरे चरण (Second Phase) के 94 सीटों पर होने वाले चुनाव में कुल 1464 उम्मीदवार मैदान में हैं. प्रदेश में दूसरे चरण का मतदान तीन नवंबर को होना है. राज्य के एक निर्वाचन अधिकारी ने इसकी जानकारी दी. Vउन्होंने बताया कि 46 उम्मीदवारों ने सोमवार को नाम वापसी के अंतिम दिन अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया, जिसके बाद दूसरे चरण के लिये अब कुल 1464 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं .

सिंह ने कहा कि दूसरे चरण में कुल 1698 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, लेकिन आयोग द्वारा 188 उम्मीदवारों के कागजात अमान्य पाए जाने के बाद 1510 उम्मीदवार बचे थे. उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में दरौली विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम चार उम्मीदवार हैं जबकि महाराजगंज में सबसे अधिक 27 उम्मीदवार मैदान में हैं. तीसरे चरण के लिए नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि मंगलवार को थी. शाम 5 बजे तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 884 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है. तीसरे चरण में 78 सीटों पर चुनाव होना है.

सिंह ने बताया कि तीसरे चरण में नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच बुधवार को की जाएगी तथा उम्मीदवार 23 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तीसरे चरण के लिए पर्चा दाखिल करने वालों की सूची बढ़ सकती है. सिंह ने बताया कि विधानसभा के तीसरे चरण के लिए होने वाले मतदान के साथ ही वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट के लिये भी उपचुनाव कराया जा रहा है. उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन तीन उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है.

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 71 सीटों के लिए 28 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए नामांकन पत्र वापस लेने के बाद कुल 1066 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं. बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 7 नवंबर को होने वाले हैं जबकि मतों की गिनती 10 नवंबर को होगी.