Home Blog Page 170

ड्रग्स माफियाओं से मिल रही धमकी पर बोले रविकिशन, कहा- नहीं है जान की फ़िक्र युवाओं के लिये आवाज उठाता रहूंगा

भाजपा सांसद व फिल्म अभिनेता रविकिशन ने धमकी दिये जाने के मामले पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि मैं अपनी आवाज हमेशा उठाता रहूंगा. मुझे अपनी जान की फिक्र नहीं है. इसके अलावा रविकिशन ने कहा कि मैं फिल्म इण्डस्ट्री और युवाओं के भविष्य के लिये अपनी बात जरूर कहूंगा. आपको बता दें कि अभिनेता रविकिशन को ड्रग्स माफियाओं से जान की धमकी मिल रही है.

गोरखपुर से सांसद रविकिशन ने कहा कि ”देश के भविष्य के लिये दो-पांच गोली भी खा लेंगे तो कोई चिंता नहीं”. गौरतलब है कि रवि किशन ने बॉलीवुड में ड्रग्स के नेटवर्क को लेकर संसद में मुद्दा उठाया था. ठीक इसी के बाद से उन्हें ड्रग्स माफियाओं से धमकी मिल रही है. भाजपा सांसद शनिवार को दिल्ली से गोरखपुर रवाना हो गए हैं.

जानकारी ये भी मिली है कि इस मामले में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी कर सकते हैं और उन्हें धमकी क लेकर जानकारी दे सकते हैं.

आत्मनिर्भर भारत के आधार हैं गांव, किसान और देश का कृषि क्षेत्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  कहा कि गांव, किसान और देश का कृषि क्षेत्र ‘आत्मनिर्भर भारत’ के आधार हैं  ये जितने मजबूत होंगे, ‘आत्मनिर्भर भारत’ की नींव भी उतनी ही मजबूत होगी. आकाशवाणी पर मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 69वीं कड़ी में अपने विचार व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के कठिन दौर में कृषि क्षेत्र और देश के किसानों ने फिर अपना दमखम दिखाया.

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे यहां कहा जाता है कि जो जमीन से जितना जुड़ा होता है, वह बड़े से बड़े तूफानों में भी उतना ही अडिग रहता है. कोरोना के इस कठिन समय में हमारा कृषि क्षेत्र, हमारा किसान इसका जीवंत उदाहरण है. संकट के इस काल में भी हमारे देश के कृषि क्षेत्र ने फिर अपना दमखम दिखाया है.’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘देश का कृषि क्षेत्र, हमारे किसान, हमारे गांव आत्मनिर्भर भारत का आधार हैं. ये मजबूत होंगे तो आत्मनिर्भर भारत की नींव मजबूत होगी.’’

पीएम मोदी ने हरियाणा, महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ सफल किसानों तथा किसान समूहों का जिक्र करते हुए कहा कि बीते कुछ समय में कृषि क्षेत्र ने खुद को अनेक बंदिशों से आजाद किया है और अनेक मिथकों को तोड़ने का प्रयास किया है. हरियाणा के सोनीपत जिले के किसान कंवर चौहान की कहानी बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब उन्हें मंडी से बाहर अपने फल और सब्जियां बेचने में बहुत दिक्कत आती थी.

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में फल और सब्जियों को जब एपीएमसी कानून से बाहर कर दिया गया, तो इसका उन्हें और अन्य किसानों को फायदा हुआ. पीएम मोदी ने कहा, ‘‘आज वह स्वीट कॉर्न और बेबी कॉर्न की खेती कर रहे हैं. इससे उनकी सालाना कमाई ढाई से तीन लाख रुपये प्रति एकड़ है.’’ प्रधानमंत्री ने कुछ अन्य किसानों की कहानी सुनाते हुए कहा कि इन किसानों के पास अपने फल और सब्जियों को कहीं पर भी, किसी को भी बेचने की ताकत है और यह ताकत ही उनकी इस प्रगति का आधार है.

उन्होंने कहा, ‘‘अब यही ताकत देश के दूसरे किसानों को भी मिली है. फल और सब्जियों के लिए ही नहीं, अपने खेत में वह जो पैदा कर रहे हैं, वह चाहे धान, गेहूं, सरसों, गन्ना जो उगा रहे हैं, उसको अपनी इच्छा के अनुसार जहां ज्यादा दाम मिलें, वहीं पर बेचने की अब उनको आजादी मिल गई है.’’

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के भारी विरोध के बावजूद हाल में कृषि विधेयक आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक, 2020, कृषक उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सरलीकरण) विधेयक 2020 तथा कृषक (सशक्तीकरण और संरक्षण) कीमत आश्वासन एवं कृषि सेवा पर करार विधेयक, 2020 को संसद से पारित कर दिया गया था. देशभर के कई हिस्सों खासकर पंजाब और हरियाणा के किसान तथा किसान संगठन इन विधेयकों को किसान विराधी बताकर प्रदर्शन कर रहे हैं.

NCB ने ड्रग मामले में दीपिका पादुकोण, रकुल प्रीत सिंह, सिमोन और करिश्मा के फोन जब्त किए

एनसीबी ने रकुल प्रीत सिंह, दीपिका पादुकोण, उनकी पूर्व मैनेजर करिश्मा प्रकाश और फैशन डिजाइनर सिमोन खंबाटा के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है. बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में बॉलीवुड अभिनेत्रियों रकुलप्रीत सिंह, दीपिका पादुकोण, उनकी पूर्व मैनेजर करिश्मा प्रकाश और फैशन डिजाइनर सिमोन खंबाटा से ड्रग्स मामले में पूछताछ कर रही है. गौरतलब है कि अभिनेत्रियों से शुक्रवार और शनिवार को पूछताछ हुई थी.

एनसीबी के एक सूत्र ने कहा, “दीपिका, करिश्मा, रकुल और खंबाटा के फोन को एनसीबी ने भारतीय साक्ष्य अधिनियम के तहत जब्त कर लिया है.”दीपिका और करिश्मा से शनिवार को और रकुल और खंबाटा से शुक्रवार को कई घंटों तक पूछताछ के बाद फोन जब्त किए गए हैं.

एनसीबी ने दीपिका से शनिवार को पांच घंटे और रकुल से शुक्रवार को चार घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की. वहीं करिश्मा से लगातार दो दिन शुक्रवार और शनिवार को पूछताछ की गई, जबकि खंबाटा से शुक्रवार को पूछताछ की गई.

सूत्र ने कहा कि एजेंसी ने उनके फोन को कथित ‘ड्रग’ चैट के साक्ष्य के रूप में एकत्र कर लिया. सूत्र ने यह भी बताया कि एनसीबी ने सुशांत की पूर्व टैलेंट मैनेजर जया साहा का फोन भी जब्त किया है.एनसीबी ने शनिवार को बॉलीवुड अभिनेत्रियों श्रद्धा कपूर और सारा अली खान के अलावा दीपिका, रकुल, खंबाटा और करिश्मा से भी कई घंटों तक पूछताछ की थी.

ईडी द्वारा दीपिका और उनकी मैनेजर की साल 2017 में कथित ड्रग चैट पाए जाने के बाद एनसीबी से मामला दर्ज करने का अनुरोध किया था, जिसके बाद एनसीबी ने मामला दर्ज किया. रकुल और खंबाटा के फोन भी जब्त कर लिए गए हैं, क्योंकि दोनों सुशांत की प्रेमिका रिया चक्रवर्ती की करीबी दोस्त हैं. गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में तीन दिनों तक पूछताछ के बाद रिया को गिरफ्तार कर लिया गया है.रिया के अलावा, एनसीबी ने इस मामले के सिलसिले में उसके भाई शोविक और 17 अन्य को भी गिरफ्तार किया है.

मेरठ में चलती बस में महिला से पूरी रात गैंगरेप, बेहोशी की हालत में सड़क पर फेंका

मेरठ में एक चलती बस में शुक्रवार की पूरी रात एक महिला यात्री के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, दुष्कर्म के बाद महिला यात्री को बस से बाहर फेंक दिया गया. पीड़िता शनिवार को मेरठ में दिल्ली रोड पर बेहोशी की हालत में पड़ी मिली और उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसके साथ दर्दनाक घटना होने की जानकारी सामने आई. उत्तर प्रदेश में पिछले एक महीने में इस तरह की यह तीसरी घटना है, जब दिल्ली जाने वाली एक महिला यात्री के साथ चलती बस में कर्मचारियों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किया गया.

रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार रात भैसाली बस स्टैंड से बस में सवार हुई थी. बस में उसे कोल्ड ड्रिंक दी गई थी, जिसमें जाहिर तौर पर कुछ मिलाया गया था, जिसे पीने के बाद वह होश खो बैठी और पूरी रात ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.

पीड़िता मेरठ जिले के सरधाना शहर की मूल निवासी है. पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कर उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है.

मेरठ के एसएसपी अजय साहनी ने घटना की पुष्टि की और कहा कि दोषियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि वे सबूत जुटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद भी ले रहे हैं और उसकी मदद से दोषियों की पहचान करने की भी कोशिश कर रहे हैं.

 

 

MHT CET Admit Card 2020: एमएचटी सीईटी परीक्षा का एडमिट कार्ड हुआ जारी, जानिए कैसे करें डाउनलोड ?

0

महाराष्ट्र सीईटी (महाराष्ट्र कॉमन एंट्रेंस टेस्ट) सेल ने को एमएचटी सीईटी 2020 परीक्षा के एडमिट कार्ड (MHT CET 2020 ) जारी कर दिए हैं. पीसीबी ग्रुप (PCB Group) के लिए आयोजित इस परीक्षा के एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए गए हैं. जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, वह अपना एडमिट कार्ड महाराष्ट्र सीईटी सेल की आधिकारिक वेबसाइट mhtcet2020.mahaonline.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं.

पीसीबी ग्रुप के लिए एमएचटी सीईटी परीक्षा का आयोजन 1 से 9 अक्टूबर, 2020 में राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि परीक्षा केंद्र जाते समय अपने साथ एडमिट कार्ड का प्रिंट ले जाना ना भूलें. इसके बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा. उम्मीदवार एडमिट कार्ड (IBPS PO admit card 2020) डाउनलोड करने के लिए खबर में बताए आसान चरणों की मदद ले सकते हैं.

कैसे डाउनलोड करें एमएचटी सीईटी एडमिट कार्ड 2020-

  • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट mhtcet2020.mahaonline.gov.in पर जाएं.
  • होमपेज पर कैंडिडेट लॉगइन वाले सेक्शन पर जाएं.
  • अब उम्मीदवारों को इसमें मांगी गई जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी.
  • फिर प्रोसीड लिखा दिखेगा, उसपर क्लिक कर दें.
  • इसके बाद Download hall tickets वाले लिंक पर क्लिक करें.
  • अब विषय (पीसीबी) का चयन करें और सर्च पर क्लिक करें.
  • इसके बाद एमएचटी सीईटी एडमिट कार्ड 2020 आपकी स्क्रीन पर दिखाई देने लगेगा.
  • यहां से एडमिट कार्ड को डाउनलोड कर लें.

इस खबर में एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक भी दिया गया है, उसपर क्लिक करके भी एडमिट कार्ड डाउनलोड किया जा सकता है. एमएचटी सीईटी 2020 परीक्षा के एडमिट कार्ड में जरूरी जानकारी होंगी, जैसे परीक्षा का दिन और समय, परीक्षा केंद्र का पता, उम्मीदवार की निजी जानकारी और परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश, जिसमें कोविड-19 से संबंधित गाइडलाइंस भी होंगी. अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाने की सलाह दी जाती है.

आमिर खान की ‘लाल सिंह चड्ढा’ की शूटिंग दिल्ली में, वीडियो वायरल

0

आमिर खान दिल्ली में लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग कर रहे हैं और सेट की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. वायरल फोटोज और क्लिप्स में, आमिर को आउटडोर में उनके क्रू से बातचीत करते देखा जा सकता है. उन्होंने इस दौरान ऑरेंज टी-शर्ट और ब्लू जींस पहन रखी है.

एक यूजर ने फोटो और वीडियो देखकर कमेंट किया, “आप युवा की तरह दिख रहे हो.” एक अन्य यूजर ने लिखा, “अमेजिंग, उनकी फिल्म का बेसब्री से इंतजार है.”

 

View this post on Instagram

 

Aamir Khan shooting for #LaalSinghChaddha 😃😃😃 #AamirKhan #LSC #LalSinghChaddha #onset🎥🎬 #ForrestGump #advaitchandan #aamirkhanfan

A post shared by $@M (@samthebestest_) on

‘लाल सिंह चड्ढा’ टॉम हैंक्स की फिल्म ‘फॉरेस्ट गंप’ का अडॉप्टेशन है. फिल्म में करीना कपूर खान भी हैं. ‘लाल सिंह चड्ढा’, जिसे पहले 2020 की क्रिसमस रिलीज के लिए निर्धारित किया गया था, अब इस फिल्म को अगले साल यानि कि 2021 की क्रिसमस में रिलीज किया जाएगा. आमिर खान का क्रिसमस से पुराना नाता है. क्रिसमस के दौरान रिलीज हुईं उनकी सभी फिल्में बेहद सफल रही हैं, जिनमें ‘3 इडियट्स’, ‘पीके’, ‘धूम 3’, ‘दंगल’ इत्यादि फिल्में शामिल हैं.

उनकी नवीनतम फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ टॉम हैंक्स के ‘फॉरेस्ट गम्प’ पर आधारित है और जिसके कुछ हिस्सों की शूटिंग लॉकडाउन से पहले ही चंडीगढ़ और कोलकाता में हो चुकी है.जब से मेकर्स ने एक सिख शख्स के रूप में आमिर के फस्र्ट लुक को जारी किया है, तब से फैंस का उत्साह अपने चरम पर है.

आमिर खान प्रोडक्शन्स की ‘लाल सिंह चड्ढा’ वायकॉम18 स्टूडियो द्वारा प्रस्तुत है, जिसमें करीना के अलावा मोना सिंह एक अहम किरदार में नजर आने वाली हैं. यह अतुल कुलकर्णी द्वारा लिखित और अद्वैत चंदन द्वारा निर्देशित है. फिल्म के लिए संगीत की रचना प्रीतम ने की है और बोल अमिताभ भट्टाचार्य द्वारा लिखित है.

एक्ट्रेस प्राची देसाई के बचाव में उतरे अभिषेक बच्चन, फॉलोअर्स को लेकर ट्रोल होने पर कही ये बात

बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन ने अभिनेत्री प्राची देसाई की कड़ी मेहनत के लिए उनकी प्रशंसा की है, जिसपर अभिनेत्री ने उनका आभार व्यक्त किया. कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर अभिषेक बच्चन को ट्विटर पर प्राची देसाई से ज्यादा फॉलोअर को लेकर उन्हें ट्रोल किया गया था. एक यूजर ने लिखा था, “आउटसाइडर बनाम नेपोटिज्म. यहां प्राची देसाई के 13 लाख फॉलोअर हैं, वहीं अभिषेक बच्चन के 1 करोड़ 53 लाख फॉलोअर हैं और आप लोग बॉलीवुड से कुछ अच्छे की उम्मीद रखते हो. मेरे मतलब कैसे. बॉलीवुड में कड़ी मेहनत और सही हुनर के समर्थन का बुरा दौर है. इस पर अभिषेक बच्चन ने अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त करते हुए लिखा, “मिस्टर सिंघल मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके सोशल मीडिया पर जितने भी फॉलोअर हैं, वे लोकप्रियता के आधार पर नहीं हैं. मेरी दोस्त प्राची देसाई एक बहुत ही प्रतिभाशाली अभिनेत्री हैं. उनको सोशल मीडिया पर समर्थन की कोई जरूरत नहीं है. उसका काम बोलता है.” अभिषेक का रिएक्शन देखकर अभिनेत्री ने आभार व्यक्त किया.

WHO की बड़ी चेतावनी- कोरोना वैक्सीन आने से पहले दुनियाभर में मौतों का आंकड़ा 20 लाख तक पहुंच सकता है

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने चेतावनी दी है कि कोरोना का प्रभावी वैक्सीन व्यापक रूप से इस्तेमाल में लाए जाने से पहले दुनियाभर में कोरोनोवायरस से मरने वालों की संख्या 20 लाख तक पहुंच सकती है. बीबीसी के मुताबिक, विश्व स्वास्थ्य संगठन  के आपातकालीन प्रमुख माइक रायन ने शुक्रवार को कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ठोस कदम नहीं उठाने की स्थिति में यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है.

चीन में प्रकोप शुरू होने के नौ महीने बाद दुनियाभर में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या तेजी से 10 लाख होने की ओर बढ़ रही है. रायन ने यूरोपीय लोगों से खुद से यह पूछने का आग्रह किया कि क्या उन्होंने लॉकडाउन की आवश्यकता से बचने के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं. उन्होंने सवाल किया कि क्या सभी विकल्प लागू किए गए थे, जैसे परीक्षण और ट्रेसिंग, क्वारंटीन, आइसोलेशन, सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क पहनना और हाथ धोना.

इससे पहले, स्पेन की राजधानी मैड्रिड ने कोरोना के मद्देनजर आठ और जिलों में सख्त प्रतिबंध लगा दिए जो अब शहर के 10 लाख लोगों को प्रभावित करते हैं.

फ्रांस में, दक्षिणी शहर मार्सिले में बार और रेस्तरां के कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थलों को बंद करने का विरोध किया. वहीं, ब्रिटेन में दैनिक संक्रमण मामले बढ़ने के साथ कई क्षेत्रों में सख्त प्रतिबंधों की घोषणा की गई है.

उत्तर प्रदेश के हाथरस में दलित लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले के चारों आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हाल ही में 19 वर्षीय एक दलित लड़की से हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. हाथरस के पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने शनिवार को बताया कि ये घटना 14 सितंबर को चंदपा पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी. उन्होंने बताया कि पीड़िता ने मजिस्ट्रेट को दिए अपने बयान में कहा था कि चार युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसका गला घोंटने की कोशिश की, जिसमें उसकी (पीड़िता की) जीभ कट गई.

पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बताया कि पीड़िता ने चारों आरोपियों की पहचान संदीप, रामू, लवकुश और रवि के रूप में की थी. उन्होंने बताया कि संदीप को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था. बाद में रामू और लवकुश को गिरफ्तार किया गया और शनिवार को चौथे आरोपी रवि को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, हत्या के प्रयास के अलावाएससी-एसटी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अधीक्षक ने ये भी कहा कि मुकदमा त्वरित अदालत में चलाया जाएगा.

गौरतलब है कि, पीड़िता को घटना के दूसरे दिन अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था. वो वेंटिलेटर पर है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जाती है. इस बीच, अलीगढ़ में कांग्रेस के नेता श्यौराज जीवन ने आरोप लगाया कि हाथरस पुलिस ने इस घटना की जांच में लापरवाही बरती है. उन्होंने पीड़िता के परिजनों को सुरक्षा प्रदान करने और 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की सरकार से मांग की है.

जौनपुर में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ, कृषि विधेयक से किसान बिचौलियों से मुक्त होंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संसद से पारित कृषि विधेयकों का विरोध करने वालों को शनिवार को ‘किसान विरोधी’ करार दिया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दोगुनी करने का जो वादा किया था, ये विधेयक उसी की कड़ी है. वह जौनपुर में एक स्कूल के प्रेक्षागृह में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विधेयक किसानों को बिचौलियों के चंगुल से मुक्त कराएंगे और उन्हें अपनी पसंद के मुताबिक अपने उत्पाद बेचने का विकल्प देते हैं. उन्होंने विधेयकों का विरोध करने वालों को “किसान विरोधी” करार देते हुए कहा कि विपक्ष लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है लेकिन उन्हें सफल नहीं होने दिया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने देवरिया में किसी का नाम लिये बगैर कहा, “जिन लोगों ने किसानों का दोहन किया और प्रवासियों का उपहास किया…जो यह नहीं जानते कि गन्ना जमीन पर उगता है या पेड़ों पर…. वे किसानों और श्रमिकों के लिये लड़ने का ढोंग कर रहे हैं.”

कोरोना वायरस महामारी के दौरान अपनी सरकार द्वारा किये गए काम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग इस सबसे मुश्किल वक्त में इन लोगों के साथ रहे, वे सत्ता में होंगे. उन्होंने दावा किया कि बीते छह महीने में प्रदेश सरकार ने 12 गुना खाद्यान्न का वितरण किया ताकि किसी को भूख का सामना नहीं करना पड़े.

राज्य में आगामी उपचुनावों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि इस बार बड़ी रैलियां या जनसभाएं नहीं होंगी. इसलिये हर भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी को हर बूथ की जिम्मेदारी लेनी होगी. उन्होंने कहा कि अगर आप एक बूथ जीतते हैं तो आप चुनाव जीतेंगे. जौनपुर की मल्हनी और देवरिया सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं.

उन्होंने कहा कि हम विकास के प्रति समर्पित हैं और इस उपचुनाव में आप सभी को सोचना होगा कि कौन विकास ला सकता है, रोजगार दे सकता है. उत्तर प्रदेश की आठ विधानसभा सीटों के लिये उपचुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द हो सकता है.

देवरिया में अपने संबोधन के दौरान केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “देवरिया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना कर हमने विकास कार्य को आगे बढ़ाया…अगले साल तक 100 छात्रों के साथ कक्षाएं शुरू हो जाएंगी और लोगों को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी.”

योगी ने कहा कि पानी की निकासी, पीने के पानी और स्वच्छता पर सरकार के ध्यान की वजह से 2014 की तुलना में इंसैफेलाइटिस से होने वाली मौतों के मामलों में काफी कमी आई है.

उन्होंने कहा, “कोविड-19 की चुनौती के दौरान दुनिया ने हमारे प्रबंधन को सराहा और सरकार ने न सिर्फ 40 लाख प्रवासी कामगारों को काम दिया बल्कि उन्हें मुफ्त भोजन (राशन) भी उपलब्ध कराया.”