Home Blog Page 182

जानिए कौन हैं संदीप सिंह… सुशांत सिंह से क्या है रिश्ता ?

सुशांत सिंह राजपूत मामले के चलते संदीप सिंह का नाम अचानक सुर्खियों आ गया है, लेकिन संदीप सिंह हैं कौन ? इसकी जानकारी बहुत ही काम लोगों को है. आपको बता दें कि सुशांत की मौत के बाद संदीप सिंह उनके अंतिम संस्कार और कूपर हॉस्पिटल की हर तस्वीर और फिर जब अंकिता लोखंडे सुशांत के घर पर पुलिस से मिलने पहुंची तब भी संदीप अंकिता के साथ नज़र आए थे. उन्होने सुशांत से अपनी दोस्ती को लेकर मीडिया में बयान भी दिए, लेकिन अब खुद संदीप सिंह सवालों के घेरे में हैं?

तो चलिए आपको बताते हैं संदीप सिंह से जुड़ी अहम बातें..

मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले संदीप सिंह मुंबई के मीरा रोड के मध्यम वर्गीय इलाके में पले बढ़े हैं. पढ़ाई पूरी करने के बाद संदीप ने छोटे बड़ी मैगजीन्स और मीडिया संस्थानों में काम भी किया. लेकिन संदीप को करियर को बूस्ट उस समय मिला जब उन्होंने रेडियो स्टेशन में काम करने का मौका मिला. मुंबई के कई रेडियो स्टेशंस में काम करते-करते संदीप ने काफी फिल्मी हस्तियों को दोस्त बना लिया और ऐसा ही एक रिश्ता था फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली के साथ.  संजय लीला भंसाली ने संदीप को अपनी कंपनी का सी.ई.ओ तक बना दिया. संदीप ने इस दौरान 6 फिल्में और एक टीवी सीरियल बनाया. ये फिल्मे थीं ..शिरीन फरहाद की लव स्टोरी, रामलीला, राउडी राठौर, गब्बर इस बैक और मैरी कॉम. इसी दौरान संदीप ने स्टार प्लस पर ‘सरस्वती चंद्र’ का भी संजय लीला भंसाली के साथ निर्माण किया.

साल 2015 में संदीप ने भंसाली की कंपनी छोड़ी और खुद प्रोडूसर बन गए. उन्होंने लीजेंड ग्लोबल स्टूडियो नाम की कंपनी बनाई और अलीगढ, भूमि, सरबजीत और PM नरेंद्र मोदी जैसी फिल्में बनाईं. इन फिल्मो में मैरी कॉम के डायरेक्टर उमंग कुमार और आनंद पंडित उनके साथ रहे.आपको बता दें कि साल 2018 में संदीप सिंह का नाम एक सेक्स स्कैंडल में भी आया था. मॉरिशस में स्विजरलैंड के एक नाबालिग लड़के के साथ यौन शोषण का आरोप संदीप पर लगा था.

संदीप सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे के दोस्त थे. दोनों के अलग हो जाने के बाद संदीप अंकिता के साथ नजर आए, लेकिन सुशांत के साथ नहीं दिखे. हाल ही में सुशांत की मौत के बाद उन्होंने बताया वो सुशांत के दोस्त थे. जहां सुशांत के अंतिम संस्कार में वो सुशांत की बहन मीतू के साथ नजर आये वहीं सुशांत के परिवार ने किसी भी संदीप नाम के शख्स को ना जानने का भी खुलासा किया.

वैसे खबर थी कि संदीप सिंह ने सितम्बर 2019 से सुशांत से कभी बातचीत नहीं की. साथ-साथ ये भी सामने आया कि संदीप-सुशांत को लेकर एक फिल्म भी प्लान कर रहे थे. चूंकि संदीप भी बिहार से हैं वो सुशांत को अपना बिहारी भाई बोलते थे.

संदीप प्रोड्यूसर होने के साथ बॉलीवुड के कई सितारों के दोस्त हैं. संजय दत्त से लेकर और शाहरुख तक, और विवेक ओबेरॉय से लेकर अंकिता लोखंडे तक उनके दोस्त हैं. संदीप के सोशल मीडिया अकाउंट पर हर सितारे के साथ तस्वीर है.

साल 2019 में लोकसभा के चुनाव के दौरान संदीप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फिल्म भी बनाई थी. ये फिल्म काफी विवादों में रही. विवेक ओबेरॉय इस फिल्म में नरेंद्र मोदी बने थे. इस फिल्म में संदीप ने एक गाना भी गाया था. तमाम चर्चा, अपोजीशन पार्टी का विरोध, कोर्ट और सेंसर बोर्ड की कंट्रोवर्सी फिल्म को नहीं चला पाई.

बताया जा रहा गई कि संदीप ने सुशांत की मौत वाले दिन संदीप ने ही अपने फोन से कॉल करके एम्बुलेंस को सुशांत की डेड बॉडी लेने के लिए बुलाया था. कहा जा रहा है कि संदीप सुशांत की मौत के बाद सबसे पहले पहुंचने वाले लोगो में से थे. वहीं पर एम्बुलेंस ड्राइवर ने बताया कि वो किसी संदीप को नहीं जानता.

संदीप सिंह सुशांत के दोस्त महेश शेट्टी के साथ संदीप और उनकी टीम ने सुशांत के परिवार को लाने का भी काम किया था. शायद सुशांत का परिवार संदीप को ना जानता हो लेकिन औपचारिक तौर पर संदीप ने ही सारा इंतजाम किया था. जांच एजेंसीज इस मुद्दे का भी ध्यान अपनी जांच में रख सकती हैं.

संदीप सिंह की दुबई यात्राओं को भी सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जोड़ा जा रहा है. भारतीय जनता पार्टी के नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने संदीप के दुबई कनेक्शंस की जानकारी अपने ट्विटर पर दी. उन्होंने संदीप को एक सस्पेक्ट करार दिया. जांच एजेंसीज इसकी भी तहकीकात कर सकती हैं. सोशल मीडिया पर ये भी खबर वायरल हो रही थी कि संदीप सिंह देश छोड़ने की तैयारी में हैं. फिलहाल संदीप टीम और उनकी टीम जो पहले मीडिया के बात कर रही थी अभी सी.बी.आई जांच के शुरू होने के बाद औपचारिक रूप से कुछ नहीं कह रही है.

नरेंद्र मोदी सरकार को राहुल गांधी की नसीहत, बोले- जो महीनों से कह रहा था, वो अब RBI ने भी मान लिया

अर्थव्यवस्था को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को नसीहत दी है. राहुल गांधी ने कहा है कि जिस खतरे से मैं कई महीनों से आगाह कर रहा था, उसे अब रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने भी मान लिया है.

राहुल गांधी ने ये बात एक ट्वीट के जरिए कही है. बुधवार सुबह राहुल ने अपने इस ट्वीट के साथ एक अखबार की खबर भी शेयर की है. इस खबर में आरबीआई रिपोर्ट के बारे में लिखा गया है.

आरबीआई रिपोर्ट (RBI Report) में बताया गया है कि देश में खपत को गंभीर झटका लगा है, गरीब को ज्यादा नुकसान पहुंचा है, ऐसे में अर्थव्यवस्था के पटरी पर लौटने में काफी वक्त लगेगा. इसके अलावा राहुल गांधी ने जो खबर शेयर की है, उसमें ये भी लिखा गया है कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स रेट में जो कटौती की है उससे निवेश को बढ़ावा नहीं मिला है, बल्कि कंपनियों ने कर्ज घटाने और कैश बैलेंस करने में इसका इस्तेमाल किया है.

आरबीआई की इस रिपोर्ट का हवाला देते हुए राहुल गांधी ने सरकार को एक बार फिर सुझाव दिए हैं. राहुल ने अपने ट्वीट में लिखा है, ”सरकार को अब ज्यादा खर्च करने की जरूरत है, कर्ज देने की जरूरत नहीं है. गरीब को पैसा दीजिए, उद्योगपतियों का टैक्स मत माफ कीजिए. खपत से अर्थव्यवस्था को फिर से चालू कराइए.”

ये सुझाव देते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को आइना दिखाने की भी कोशिश की. राहुल ने कहा कि मीडिया के जरिए भटकाने से गरीबों की मदद नहीं होगी और न ही आर्थिक आपदा गायब होगी. गौरतलब है कि कोरोना वायरस महामारी के चलते लंबे समय तक देश में लॉकडाउन रहा है. इससे अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है. सरकार ने इकोनॉमी बूस्ट करने के मकसद से एक बड़ा बजट जारी किया है और कारोबारियों को कर्ज दिया जा रहा है. राहुल गांधी ने लगातार ये कहते रहें है कि सरकार सिर्फ टैक्स माफ करती है, कर्ज देती है जबकि जरूरत ये है कि खपत बढ़ाई जाए और जब तक गरीब के हाथ में पैसा नहीं होगा, अर्थव्यवस्था की चेन नहीं चल सकती है.

दिल्ली में हो सकती है भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया 4 दिनों का अलर्ट

दिल्ली वासियों को एक बार फिर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. एक तरफ यमुना का जल स्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है तो वहीं मौसम विभाग ने शनिवार तक के लिए आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है. विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में कई जगह भारी बारिश सड़कों को दरिया बना सकती है.

मंगलवार सुबह आकाश में बादल छाए रहे और मौसम विभाग (IMD) ने शहर में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से कम रहने की संभावना है. विभाग ने बुधवार और शनिवार के बीच मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है.

IMD के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि मॉनसून की अक्षरेखा के उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है और मंगलवार शाम से शुक्रवार तक दिल्ली-एनसीआर के करीब बनी रहेगी. इसके कारण अरब सागर से आने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवाओं और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं का उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर मिलन हो सकता है.

महाराष्ट्र: रायगढ़ में 18 घंटे बाद 4 साल का बच्चा मलबे से सही सलामत निकाला, बिल्डिंग गिरने में अबतक 13 की मौत

महाराष्ट्र के रायगढ़ में एक पांच मंजिला इमारत गिरने से 13 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं इमारत के मलबे को हटा कर जिंदगी को खोजने का काम जारी है. ऐसी ही कोशिश में बड़ी कामयाबी मिली जब राहतकर्मियों ने चार साल के बच्चे को जीवित निकाला. देखने वाले इसे चमत्कार ही मान रहे हैं.

मलबे से एक के बाद एक शव निकल रहे थे और ऐसे में चार साल के मासूम के जिंदा मिलने से राहतकर्मियों का हौसला बढ़ गया. महाराष्ट्र के रायगड की जहां काजलपुरा इलाके में सोमवार शाम इमारत ढह गई थी. 18 घंटे की मशक्कत के बाद मलबे से NDRF ने मासूम को जिंदा निकाला.

इस बच्चे का नाम है मोहम्मद बांगी NDRF के मुताबिक बांगी पिलर के नजदीक था इसलिए उस पर मलबा नहीं गिरा. फिलहाल, बच्चे की हालत ठीक है. उसे एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती किया गया है. रेस्क्यू के दौरान दो जवानों ने बच्चे को देखा और उसे बाहर निकाला. बच्चे के माता-पिता के बारे में अभी कुछ भी पता नहीं चला है.

कल पूरे दिन और रात जेसीबी मशीनें मलबा हटा कर जिंदगी को तलाशती रहीं. राहतकर्मियों ने लेंटर के बीच में छेद कर जिंदगी तलाशने की कोशिश की लेकिन रात तक 10 शव निकाले जा सके. मलबे में अभी और भी लोगों के फंसे होने की आशंका है.

NDRF की टीमें भी राहत मिशन में लगी हुई हैं वहीं खोजी कुत्तों को भी जिंदा लोगों को ढूंढने में लगाया गया है. राहत कर्मी एक-एक मंजिल कर हटा हैं.सावधानी से मलबा हटाने में और भी ज्यादा देरी लग रही है.

गुजरात: कोरोना की स्थिति ‘भयावह’, अदालत ने पांच वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की एक समिति गठित करने के दिये निर्देश

गुजरात हाई कोर्ट ने राज्य में कोविड-19 की स्थिति को “काफी भयावह’’ बताते हुए मुख्य सचिव को पांच वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की एक समिति गठित करने का निर्देश दिया है. समिति उन सभी सिविल और सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था के संबंध में एक रिपोर्ट तैयार करेगी जहां इस बीमारी के मरीजों का इलाज किया जा रहा है.

मुख्य न्यायाधीश विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति जेबी परदीवाला की खंडपीठ ने एक आदेश में कहा कि समिति सभी सरकारी व सिविल अस्पतालों में कमियों को देखते हुए (यदि कोई हो) ऐसे अस्पतालों की मौजूदा स्थिति के बारे में एक व्यापक रिपोर्ट तैयार करेगी ताकि उन्हें (कमियों को) ठीक किया जा सके.

पीठ ने कहा, ‘‘गुजरात राज्य में आज की तारीख में स्थितियों के संबंध में जो तस्वीर उभरती है, वह काफी भयावह है.’’ पीठ ने 17 अगस्त के अपने आदेश में कहा ‘‘हालांकि कोविड-19 महामारी की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, फिर भी मशीनरी को दुरूस्त करने की जरूरत है. राज्य को सबसे खराब स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए.” अदालत का यह आदेश सोमवार को उपलब्ध कराया गया.

अदालत का यह आदेश उस जनहित याचिका पर आया है जिसमें राज्य में कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए गुजरात सरकार की तैयारियों का विवरण दिए जाने का अनुरोध किया गया है. अदालत ने गुजरात के सभी सिविल अस्पतालों, विशेष रूप से वड़ोदरा, राजकोट, भावनगर और गांधीनगर की स्थिति के बारे में जानकारी देने को कहा.

पीठ ने मुख्य सचिव को पांच वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की टीम गठित करने का निर्देश दिया जो संयुक्त, अतिरिक्त सचिव स्तर से नीचे के नहीं होंगे. समिति पूरे गुजरात का दौरा कर सभी सरकारी अस्पतालों में मौजूदा स्थिति का जायजा लेगी.

किसी व्यक्ति की 2 पत्नियां हैं और दोनों उसके धन पर दावा करती हैं तो किसका होगा अधिकार? HC की अहम टिप्पणी

बॉम्बे हाई कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि कानून के मुताबिक अगर किसी व्यक्ति की दो पत्नियां हैं और दोनों उसके धन पर दावा करती हैं तो केवल पहली पत्नी का इस पर अधिकार है, लेकिन दोनों शादियों से पैदा हुए बच्चों को धन मिलेगा. न्यायमूर्ति एस. जे. कथावाला और न्यायमूर्ति माधव जामदार की पीठ ने यह मौखिक टिप्पणी की. राज्य सरकार ने बताया कि उच्च न्यायालय की औरंगाबाद पीठ ने इसी तरह का फैसला पहले दिया था जिसके बाद पीठ ने यह टिप्पणी की.

न्यायमूर्ति कथावाला की अध्यक्षता वाली पीठ महाराष्ट्र रेलवे पुलिस बल के सहायक उपनिरीक्षक सुरेश हाटनकर की दूसरी पत्नी की तरफ से दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी. हाटनकर की 30 मई को कोविड-19 से मृत्यु हो गई.

राज्य सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक ड्यूटी के दौरान कोविड-19 से मरने वाले पुलिसकर्मियों को 65 लाख का मुआवजा देने का वादा किया गया है, जिसके बाद हाटनकर की पत्नी होने का दावा करने वाली दो महिलाओं ने मुआवजा राशि पर अपना अधिकार जताया.

बाद में हाटनकर की दूसरी पत्नी की बेटी श्रद्धा ने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाकर कहा कि मुआवजा राशि में उन्हें आनुपातिक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए ताकि वह और उसकी मां ‘भूखमरी’ और बेघर होने से बच सकें.

राज्य सरकार की वकील ज्योति चव्हाण ने मंगलवार को पीठ से कहा कि जब तक उच्च न्यायालय इस बात पर निर्णय करता है कि मुआवजे का हकदार कौन है तब तक राज्य सरकार मुआवजा राशि अदालत में जमा कर देगी. चव्हाण ने औरंगाबाद पीठ के फैसले से भी अदालत को अवगत कराया.

इसके बाद अदालत ने कहा, ”कानून कहता है कि दूसरी पत्नी को कुछ भी नहीं मिल सकता है. लेकिन दूसरी पत्नी से पैदा हुई बेटी और पहली पत्नी तथा पहली शादी से पैदा हुई बेटी धन की अधिकारी हैं.”

हाटनकर की पहली पत्नी शुभदा और दंपति की बेटी सुरभि भी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सुनवाई में उपस्थित रहे और दावा किया कि उन्हें नहीं पता कि हाटनकर का ‘दूसरा परिवार’ भी है.

बहरहाल, श्रद्धा की वकील प्रेरक शर्मा ने अदालत से कहा कि सुरभि और शुभदा को हाटनकर की दूसरी शादी के बारे में पता है और पहले वे सुरभि से फेसबुक पर संपर्क कर चुके हैं. अदालत ने मामले की सुनवाई बृहस्पतिवार को तय की है.

VVS लक्ष्मण बोले- IPL में खाली स्टेडियम से क्रिकेट का स्तर नहीं गिरेगा, दर्शक उतना ही आनंद लेंगे

सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजी मेंटर वीवीएस लक्ष्मण को उम्मीद है कि कोविड-19 महामारी के बीच अगामी सत्र में दर्शकों के बिना स्टेडियम में IPL के आयोजन से क्रिकेट के स्तर में कमी नहीं आएगी. कोरोना वायरस महामारी से बने स्वास्थ्य संकट की वजह से दुनिया की सबसे बड़ी टी-20 लीग का आयोजन 19 सितंबर से 10 नवंबर तक यूएई के दुबई, अबू धाबी और शारजाह में होगा.

लक्ष्मण ने फ्रेंचाइजी द्वारा जारी एक वीडियो में कहा, “मैं खेल के सभी प्रशंसकों को आश्वस्त कर सकता हूं कि स्टेडियम में दर्शकों की गैरमौजूदगी में भी वे वास्तव में प्रतियोगिता का आनंद लेंगे. यह मत सोचिए कि इससे क्रिकेट की ऊर्जा या गुणवत्ता में कमी आएगी.”

हालांकि लक्ष्मण ने पिच को लेकर थोड़ी चिंता भी जाहिर की. उन्होंने कहा, “शायद पिचें धीमी गति की हों लेकिन हमें अभी इंतजार करना होगा और देखना होगा. ऐसा हो सकता है कि हम, मैदानकर्मियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों से आश्चर्यचकित हो जाएं. आउटफील्ड शानदार होगी लेकिन मुझे उम्मीद है कि मैदानकर्मी पिच का अच्छी तरह से ध्यान रखेंगे.”

सनराइजर्स हैदराबाद टीम के भारतीय खिलाड़ी रविवार को दुबई पहुंच गए. सनराइजर्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीम सबसे देर से दुबई पहुंची. लक्ष्मण ने बताया कि टीम मैनेजनेंट ने 2020 सत्र की नीलामी से पहले ही मध्य क्रम के लिए युवा भारतीय बल्लेबाजों को चुनने का मन बना लिया था. यही वजह है कि टीम ने प्रियम गर्ग, विराट सिंह और बी संदीप जैसे होनहार खिलाड़ियों को चुना.

उन्होने कहा, “नीलामी में युवा खिलाड़ियों को जानबूझकर टीम में शामिल करने की कोशिश की गयी. वे युवा हैं लेकिन सभी ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है.”

COVID-19 : पिछले 25 दिनों में मरीजों के ठीक होने की दर में 100 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी

कोविड-19 के पिछले 24 घंटे में 66,550 मरीज ठीक होने के बाद देश में कुल 24.04 लाख लोग अभी तक संक्रमण मुक्त हो चुके हैं. वहीं देश में कुल 7,04,348 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है जो कुल मामलों का 22.24 प्रतिशत है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण मुक्त हुए लोगों और जिनका इलाज चल रहा है उनके बीच 17 लाख से अधिक का फासला परीक्षण करने और कुशलता से इलाज करने की सरकार की नीति की सफलता दर्शाता है.

मंत्रालय ने कहा, ‘‘ कोविड-19 की मृत्यु दर में तेजी से गिरावट आ रही है और आज की तारीख में वह 1.84 प्रतिशत है. पिछले 25 दिनों में मरीजों के ठीक होने की दर में 100 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हुई है.’’उसने कहा, ‘‘ भारत में कोविड-19 के मरीजों के ठीक होने की दर 75.92 प्रतिशत है. जिनका इलाज चल रहा है उन मरीजों की तुलना में ठीक हुए मरीजों की संख्या 3.41 गुना अधिक हैं.’’

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 66,550 मरीज ठीक हुए हैं. उसने इस बात पर जोर दिया कि केन्द्र सरकार और राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों द्वारा लागू किए गए सहयोगात्मक और रणनीतिक उपाय परिणाम दिखा रहे हैं. देश में अब भी 7,04,348 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 22.24 प्रतिशत है.

मंत्रालय के अनुसार देश में एक दिन में 60,975 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद कोविड-19 के मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 31,67,323 हो गई है. वहीं पिछले 24 घंटे में 848 संक्रमितों की मौत होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 58,390 हो गई है.

पीएनबी धोखाधड़ी मामला: इंटरपोल ने नीरव मोदी की पत्नी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया

इंटरपोल ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) धोखाधड़ी मामले में मुख्य आरोपी नीरव मोदी की पत्नी एमी मोदी के खिलाफ धन शोधन के आरोपों में एक वैश्विक गिरफ्तारी वारंट जारी किया है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुरोध पर वैश्विक पुलिस निकाय इंटरपोल ने एमी मोदी के खिलाफ ‘रेड नोटिस’ जारी किया है.

एक बार भगोड़े के खिलाफ जारी किए गए इस तरह के नोटिस के बाद, इंटरपोल अपने 192 सदस्यीय देशों को उस व्यक्ति को गिरफ्तार करने या हिरासत में लेने के लिए कहता है, जब उसे उनके देशों में देखा जाता है. इसके बाद प्रत्यर्पण या निर्वासन की कार्यवाही शुरू हो सकती है.

ऐसा माना जा रहा है कि 2018 में बैंक धोखाधड़ी का कथित मामला प्रकाश में आने के तुरंत बाद एमी मोदी देश छोड़ चुकी हैं. ईडी ने एमी मोदी पर अपने पति नीरव मोदी के अलावा उसके रिश्तेदार मेहुल चोकसी और अन्य पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत आरेाप लगाया है.

लंदन में मार्च, 2019 में गिरफ्तार किये जाने के बाद नीरव मोदी (49) इस समय ब्रिटेन की जेल में है. इस वर्ष की शुरूआत में मुंबई की एक अदालत ने उसे भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया था और उसकी संपत्तियों को जब्त किये जाने के भी आदेश दिये थे. ईडी नीरव मोदी से संबंधित लगभग 329 करोड़ रुपये की संपत्तियों को पहले ही जब्त कर चुकी है.

गौरतलब है कि मुंबई में पीएनबी की एक शाखा में दो अरब डॉलर से अधिक की कथित धोखाधड़ी के सिलसिले में धनशोधन के आरोपों में ईडी नीरव मोदी, चोकसी और अन्य की जांच कर रहा है.

कानून-व्यवस्था पर बसपा सुप्रीमो मायावती बोलीं, उत्तर प्रदेश में नहीं थम रहे अपराध

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. मायावती ने मीडिया से कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं और अब तो लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माने जाने वाले मीडिया जगत के लोग भी यहां आए दिन हत्या और जुर्म के शिकार हो रहे हैं.

उन्होंने कहा कि आजमगढ़ मंडल में हुई पत्रकार की हत्या इसका ताजा उदाहरण है. बसपा प्रमुख ने कहा कि राज्य में सरकार की बदहाली का हाल यह है कि बात-बात पर रासुका, देशद्रोह और अन्य अति संगीन धाराओं के इस्तेमाल के बावजूद भी यहां अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं.

मायावती ने सोमवार को ट्वीट किया था, “उप्र के सीतापुर में नाबालिग दलित के साथ गैंगरेप, चित्रकूट में बंधुआ मजदूरी नहीं करने पर युवक की हत्या तथा उसके बेटे का हाथ तोड़ना और गोरखपुर में दोहरी हत्या आदि जघन्य घटनाओं की बाढ़ आई हुई है.”

उन्होंने कहा, “क्या यही है सरकार का रामराज्य? दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, बसपा की यही मांग है.”

गौरतलब है कि सोमवार को बलिया में टीवी पत्रकार रतन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जानकारी के मुताबिक पट्टदारी के विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया. दो साल पहले रतन सिंह के भाई की भी हत्या हो चुकी है. इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस मामले में फेफना थानाध्यक्ष शशिमौलि पांडेय को निलंबित कर दिया गया है.