Home Blog Page 183

कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए दिन में दो बार बैठक करें जिलाधिकारी: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संक्रमण से प्रभावित लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को दिन में दो बार इस सिलसिले में बैठक करने के निर्देश दिए हैं. राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने रविवार को अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा कि कोरोना संक्रमित लोगों को सुचारु और बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए सभी जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी अपने-अपने जिलों में दिन में कम से कम दो बार बैठक करें.

प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री की तरफ से कहा गया है कि सुबह की बैठक अस्पताल में हो, जबकि शाम की बैठक ”इंटीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेण्टर” में की जाए. बैठक में सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया जाए.

योगी ने कहा कि सभी कोविड-19 अस्पतालों में तैनात चिकित्सक और स्टाफ नर्स वार्ड में जाकर मरीजों का उपचार करें. उन्होंने लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर नगर और गोरखपुर में संक्रमितों की संख्या को देखते हुए विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि इन जिलों में संक्रमित लोगों की जीवन रक्षा के लिए विशेष प्रयास किए जाएं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर कोई भी धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन न किया जाए. किसी भी स्थान पर पांच से अधिक लोग जमा न हों.

उत्तर प्रदेश: बरेली में पिता की करतूत, मासूम बेटी की हत्या कर शव घर में दफनाया

बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में रोंगटे खड़े कर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक शख्स ने दूसरी पत्नी की मदद से अपनी सात साल की बेटी की कथित तौर पर हत्या करके उसका शव घर में ही गड्ढा खोदकर दफन कर दिया. बच्ची की बड़ी बहन भी लापता है. ये जानकारी पुलिस ने रविवार को दी है.

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि इज्जतनगर क्षेत्र के आलोक नगर निवासी रवि बाबू ने करीब दो साल पहले अपनी पत्नी की मौत के बाद रितु नाम की महिला से दूसरी शादी की थी. सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार को इन लोगों ने सात साल की बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर में ही गड्ढा खोदकर दफन कर दिया.

सूत्रों ने बताया कि पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस जब घर पहुंची तो पति-पत्नी ने बताया कि उनकी कुतिया मर गई है. सूत्रों ने बताया कि हालांकि शरारती बच्चों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की मौत हुई है. इस पर पुलिस लौट आई थी.

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इसके बाद शुक्रवार को बच्चियों के ममेरे भाई सूरज ने थाने में तहरीर देकर बच्ची की हत्या का आरोप लगाया. सूत्रों ने बताया कि रविवार को जिलाधिकारी की अनुमति से बच्ची का शव गड्ढा खोदकर बरामद कर लिया गया. सूत्रों ने बताया कि हालांकि उसकी बड़ी बहन अब भी लापता है उसकी तलाश की जा रही है.

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में रवि और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सौतेली मां रितु ने दोनों बच्चियों का जीना दुश्वार कर दिया था. वो दोनों से नौकरानी की तरह काम कराती थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA लड़ेगा बिहार विधानसभा चुनाव और जीत हासिल करेगा: बीजेपी अध्यक्ष

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए के सभी घटक दल मिलकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरेंगे और जीत हासिल करेंगे. बिहार बीजेपी प्रदेश कार्यकारिणी की शनिवार से शुरू हुई दो दिवसीय डिजिटल बैठक को वीडियो कॉन्फ्रेंस से संबोधित करते हुए नड्डा ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा और उन पर ‘हल्की’ राजनीति करने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, “जब-जब बीजेपी, नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड और लोजपा (लोक जनशक्ति पार्टी) एक साथ आई हैं, तब-तब एनडीए की जीत हुई है. इस बार भी हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे और यशस्वी होंगे.”

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को फैलाने का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘मोदी जी का संदेश पहुंचाना है, भारत सरकार का संदेश भी पहुंचाना है और एनडीए द्वारा… नीतीश जी के द्वारा किए गए कार्य को भी नीचे तक ले जाना है. नीतीश जी के नेतृत्व में हम अगले चुनाव में जा रहे हैं. हम सबको पूरी ताकत के साथ लगना है और मोदी जी की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है.’’

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि न तो उनके पास कोई विचार है और न ही कोई दृष्टि. उन्होंने कहा, ‘‘मैं विपक्ष पर कोई कटाक्ष करूं इसकी कोई जरूरत नहीं है. लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि बिहार या अन्य स्थानों पर उसकी ताकत खत्म हो गई है. विपक्ष के पास न कोई ताकत है, न विचार है, न दृष्टि है और ना ही मन में कोई संकल्प है.

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया उन्हें न सिर्फ भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी है बल्कि सहयोगी दलों के कंधों को भी मजबूती देनी होगी. कोरोना के संक्रमण काल में छोटी-छोटी बैठकें और घर-घर जाकर प्रचार करना सबसे प्रभावी होने वाला है. इस दौरान सभी को अपनी सुरक्षा भी करनी है और साथ-साथ राजनीतिक मुद्दों को जनता तक पहुंचाना भी है.

भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज ने सुरेश रैना को दी सलाह, कहा- शाहिद अफरीदी की तरह क्रिकेट में फिर करो वापसी

भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज और अब कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा है कि सुरेश रैना के संन्यास के फैसले से वह काफी हैरान थे. चोपड़ा ने कहा कि रैना के पास अभी भी अगले साल टी-20 विश्व कप से पहले अपने लिए फैसला लेने का समय था और उन्होंने रैना से ‘ शाहिद अफरीदी’ बनने तथा फैसले को वापस लेने की अपील की.

चोपड़ा ने कहा, ” मैं उनसे कहना चाहता हूं कि आप अफरीदी बन जाएं और संन्यास से बाहर आएं.” उन्होंने कहा, ” मेरा मानना है कि 2020 और 2021 के आईपीएल सीजन में बेहतर प्रदर्शन करके रैना टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम में शामिल हो सकते थे. यह संभव है. मुझे निश्चित रूप से विश्वास है कि यह संभव है.”

रैना ने 15 अगस्त को पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के तुरंत बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा दिया था. रैना और धोनी अब आईपीएल के 2020 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने के लिए तैयार हैं.

चोपड़ा ने कहा, ” रैना अभी और खेल सकते थे, उन्हें अभी संन्यास लेने की जरूरत नहीं थी. वो अभी 33 साल के हैं. हां, मैं मानता हूं कि चोट एक समस्या थी लेकिन किस खिलाड़ी को ऐसी समस्या नहीं होती. सर्जरी के बाद वो फिट और मजबूत थे. मेरे ख्याल से रैना मैदान पर वापसी के लिए उत्सुक थे.”

उन्होंने कहा, ” धोनी का मामला समझा जा सकता है. अगर आईपीएल अप्रैल-मई में होता और टी-20 विश्व कप अक्टूबर-नवंबर में होता तो शायद धोनी टीम में शामिल होते. लेकिन टी-20 विश्व कप का स्थगित होना शायद धोनी के संन्यास लेने का अहम कारण हो सकता है. ईमानदारी से कहूं तो रैना की ऐसी कोई समस्या नहीं थी.”

 

बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर, 16 जिलों में 83 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, 11 और पंचायतों में घुसा पानी

बिहार में बाढ़ से स्थिति गंभीर बनी हुई है . राज्य के 16 जिलों में 83 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. आपदा प्रबंधन विभाग के बुलेटिन में बताया गया कि विभिन्न हिस्से में 70,000 और लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. बुलेटिन में कहा गया कि शुक्रवार से 11 और पंचायतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया जिससे अब तक 130 प्रखंडों में 1333 पंचायत बाढ़ से प्रभावित हैं.

बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में दरभंगा में 11 लोगों की मौत हुई है.  मुजफ्फरपुर में छह, पश्चिम चंपारण में चार और सारण, सिवान और खगड़िया में दो-दो लोगों की मौत हुई है. राज्य में बाढ़ से सबसे ज्यादा दरभंगा प्रभावित हुआ है.  यहां बाढ़ से 20.82 लाख लोग प्रभावित हैं जबकि मुजफ्फरपुर में 19.69 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं . बुलेटिन में बताया गया कि कुल छह राहत शिविर में पांच हजार से ज्यादा लोग ठहरे हुए हैं.

बुलेटिन में कहा गया कि 269 सामुदायिक रसोई में शनिवार को 2.09 लाख लोगों को भोजन दिया गया. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरफ) की 26 टीमों ने 5.50 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है.

राज्य सरकार ने बाढ़ से प्रभावित 9,62,617 परिवारों के खाते में 577.57 करोड़ की राशि स्थानांतरित की है.  प्रत्येक परिवार को राहत के तौर पर छह हजार रुपये दिए गए हैं. जल संसाधन विभाग ने कहा है कि गंगा नदी तीन स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है.

बाढ़ प्रभावित 16 जिलों में सीतामढी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, खगड़िया, सारण, समस्तीपुर, सिवान, मधुबनी, मधेपुरा और सहरसा शामिल हैं.

उत्तर प्रदेश : सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- कानून व्यवस्था के लिए विपक्ष कहीं ज्यादा खतरनाक है

उत्तर प्रदेश में अपराधों को लेकर विपक्ष के निशाने पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि कानून व्यवस्था के लिए विपक्ष कहीं ज्यादा खतरनाक है. उन्होंने विधानसभा में आंकड़े पेश करते हुए यह भी कहा कि राज्य में हालात पहले से कहीं ज्यादा बेहतर है.

मुख्यमंत्री ने सदन में 2016 से लेकर अब तक के तुलनात्मक आंकड़े पेश करते हुए कहा कि राज्य में अपराध का ग्राफ गिरा है. उन्होंने कहा कि विपक्ष कानून व्यवस्था की बात करता है लेकिन विपक्ष कानून व्यवस्था की स्थिति के लिए ज्यादा बड़ा खतरा है.

योगी ने कहा कि 2016 से लेकर अब तक डकैती के मामलों में 74.5 फीसद तक कमी आई, लूट के मामलों में 65.3फीसद, हत्या के मामले में 26 .43 फीसद की कमी आई है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो ने उत्तर प्रदेश को अन्य राज्यों के मुकाबले कहीं बेहतर स्थिति में रखा है.

योगी ने सदन को बताया कि राज्य में तीन तलाक को लेकर सबसे ज्यादा 1434 मामले दर्ज किए गए और 265 लोगों की गिरफ्तारी हुई.

गणेश चतुर्थी 2020 : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राहुल गांधी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

गणेश चतुर्थी पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत तमाम नेताओं ने गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दी है. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गणेश चतुर्थी के पर्व पर कोरोना संकट खत्म होने की कामना की है.

राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, “गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. यह पर्व भारत के लोगों के अदम्य उत्साह, उमंग और उल्लास का प्रतीक है. मेरी कामना है कि विघ्नहर्ता श्री गणेशजी की कृपा से कोविड-19 की महामारी समाप्त हो तथा सभी देशवासी सुखी और निरोगी जीवन जिएं.”

पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा, ‘आप सभी को गणेश चतुर्थी की बहुत-बहुत बधाई. भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद हमेशा हम सभी पर बना रहे. हर तरफ खुशी और समृद्धि बनी रहे. गणपति बाप्पा मोरया!’

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भगवान गणेश की तस्वीर शेयर करते हुए समस्त देशवासियों को बधाई दी है.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी भगवान गणेश की तस्वीर शेयर करते हुए मंगल कामना की है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘मंगलकर्ता-विघ्नहर्ता के आशीष की आज पूरे देश को आवश्यकता है. आप सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं.’


महाराष्ट्र समेत पूरे देश में गणपति का ये पर्व धूमधाम से मनाया जाता है. गणेश चतुर्थी का उत्सव 10 दिनों तक चलता है जो चतुर्थी को शुरु होकर अनंत चतुर्दशी के दिन समाप्त होता है. हालांकि कोरोना संकट के चलते इस साल गणेश उत्सव अलग रुप में मनाया जाएगा.

इस बार गणेशोत्सव समारोह में मुंबई के लालबाग समेत पुणे और अन्य शहरों में हमेशा की तरह 15 फीट से अधिक वाली विशालयकाय मूर्तियां नजर नहीं आएंगी. साथ ही ज्यादातर मंडल भक्तों के लिए ऑनलाइन आरती, पूजा और दर्शनों की व्यवस्था करेंगे. गणेश चतुर्थी पर कई लोग अपने घरों में गणेश भगवान की प्रतिमा बैठाते हैं और उसकी प्राण प्रतिष्ठा करते हैं. गणेश चतुर्थी तक रतजगा, गणेश भगवान के भजन, अखंड दीपक और पूजा-पाठ चलता है. अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश भगवान को विदाई दी जाती है.

देश में 30 लाख पहुंचा कोरोना संक्रमण का आंकड़ा, अबतक करीब 56 हजार मौतें, 24 घंटों में आए 69 हजार नए मामले

देश में कोरोना संक्रमण के मामलों का बढ़ना लगातार जारी है. देश में रोजाना अमेरिका-ब्राजील से भी ज्यादा नए मामले दर्ज किए जा रहे हैं. पिछले 24 घंटों में कोरोना के रिकॉर्ड 69,878 नए मरीज सामने आए और 945 लोगों की मौतें हो गई. ये कोरोना संख्या दुनिया में एक दिन में आए मरीजों की सबसे ज्यादा संख्या है. अमेरिका और ब्राजील में बीते दिन क्रमश: 50,421 और 31,391 नए मामले आए हैं. इससे पहले भारत में 19 अगस्त को रिकॉर्ड 69,652 कोरोना मामले दर्ज किए गए थे.

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 29 लाख 75 हजार 701 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं. इनमें से 55,794 लोगों की मौत हो चुकी है. एक्टिव केस की संख्या 6 लाख 97 हजार हो गई और 22 लाख 22 हजार लोग ठीक हो चुके हैं. संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या करीब तीन गुना अधिक है.

राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. मृत्यु दर गिर कर 1.87% हो गई. इसके अलावा एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 23% हो गई है. इसके साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 75% हो गई है. भारत में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है.

ICMR के मुताबिक, 21 अगस्त तक कोरोना वायरस के कुल 3 करोड़ 45 लाख सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 10 लाख सैंपल की टेस्टिंग कल की गई. पॉजिटिविटी रेट 7 प्रतिशत से कम है.

आंकड़ों के मुताबिक, देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं. महाराष्ट्र में डेढ़ लाख से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है. इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है. इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं. एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का तीसरा स्थान है. कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है. अमेरिका, ब्राजील के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित भारत है.

 

राहुल ने ‘राफेल’ को लेकर फिर साधा सरकार पर निशाना, इस बार किया ये बड़ा दावा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है. एक खबर के आधार पर अपने ऑफिशियल अकाउंट से ट्वीट करते हुए राहुल ने कहा कि राफेल के लिए भारत के खजाने से पैसा चुराया गया. उसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी का एक कथन भी लिखा है… सच एक है, रास्ते कई हैं.

राहुल ने जो रिपोर्ट शेयर की है उसमें कहा गया है कि रक्षा मंत्रालय ने राफेल डील से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी सीएजी को देने से मना कर दिया है.

सुप्रीम कोर्ट ने 59 हजार करोड़ रुपये में 36 लड़ाकू विमानों की खरीद के मामले में अदालत की निगरानी में जांच की मांग करने वाली जनहित याचिकाओं को दिसंबर 2018 में खारिज कर दिया. साथ ही कहा था कि उसे इसमें कुछ गलत नजर नहीं आया. हालांकि इसके बाद भी राजनीतिक दोषारोपण का दौर जारी रहा. तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में, राफेल सौदे में रिश्वत के आरोप लगाये थे और इसे चुनावी मुद्दा बनाया था.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बीजेपी ने विपक्ष पर भ्रष्टाचार के बेबुनियाद आरोप लगाकर देशहित से समझौता करने का इल्जाम लगाया. साथ ही कहा कि फ्रांसीसी विमान भारतीय वायु सेना की क्षमताओं को कई गुना बढ़ाएंगे. अधिकतर राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राहुल गांधी के आरोप मतदाताओं को अपनी ओर नहीं खींच सके और बीजेपी नीत राजग (एनडीए) अधिक बड़े जनादेश के साथ केंद्र में वापस आया.

NDA सरकार ने 23 सितंबर, 2016 को फ्रांस की एरोस्पेस कंपनी दसाल्ट एविएशन के साथ 36 लड़ाकू विमान खरीदने के लिए 59,000 करोड़ रुपये का सौदा किया था.

राफेल विमानों को आसमान में उनकी बेहतरीन क्षमता और लक्ष्य पर सटीक निशाना साधने के लिए जाना जाता है. करीब 23 साल पहले रूस से सुखोई विमानों की खरीद के बाद भारत ने पहली बार लड़ाकू विमानों की इतनी बड़ी खेप खरीदी है.इन विमानों को अलग-अलग किस्म के और अलग-अलग मारक क्षमता वाले हथियारों से लैस किया जा सकता है.

राफेल लड़ाकू विमानों को जिन मुख्य हथियारों से लैस किया जाएगा वे होंगे, यूरोपीय मिसाइल निर्माता एमबीडीए की, दृष्टि सीमा से परे निशानों पर भी हवा से हवा में वार करने में सक्षम मेटयोर मिसाइल, स्कैल्प क्रूज मिसाइल और एमआईसीए हथियार प्रणाली.

मध्य प्रदेश : शादी के 18 साल बाद महिला को फोन पर ‘तीन तलाक’, मुख्यमंत्री शिवराज बोले- न्याय दिलाएंगे

शादी के 18 साल बाद एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी को फोन के माध्यम से ‘तीन तलाक’ दिए जाने की कथित घटना सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को पीड़िता को आश्वासन दिया कि उसे न्याय दिलाने के लिए प्रत्येक कदम उठाया जाएगा.

मुख्यमंत्री चौहान ने शुक्रवार को इस मामले में अपने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ‘‘भोपाल में आज सुबह एक मुस्लिम बहन ने अपने पति द्वारा मोबाइल फोन पर ‘तीन तलाक़’ दिए जाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. मैं उस बहन को विश्वास दिलाता हूं कि मध्य प्रदेश पुलिस उसे न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास करेगी.’’

उन्होंने कहा, ‘‘वर्षों की लड़ाई के बाद हमारी मुस्लिम बहनों के स्वाभिमान और न्याय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ‘तीन तलाक’ खत्म करने का कानून बनाया लेकिन अभी भी कुछ निकृष्ट लोग इस कानून से खिलवाड़ कर रहे हैं.’’

चौहान ने कहा, ‘‘मैंने इस संदर्भ में मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक से बात की है कि मध्य प्रदेश पुलिस, बेंगलुरु पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर इस मामले में उचित कार्रवाई करे और हमारी मुस्लिम बहन को न्याय दिलाए.’’

भोपाल के कोहेफिजा थाना प्रभारी अनिल बाजपेयी ने बताया कि भोपाल निवासी 42 वर्षीय महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि 31 जुलाई को उसके पति ने व्हाट्सऐप कॉल कर उसे ‘तीन बार तलाक’ कह दिया. उन्होंने बताया कि आरोपी फैज आलम अंसारी के खिलाफ दहेज अधिनियम और मुस्लिम विवाह अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

थाना प्रभारी ने बताया कि महिला का निकाह 2001 में फैज से हुआ था और उनके दो बच्चे भी हैं. दोनों सिंगापुर के भी नागरिक हैं तथा उनके पास ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड भी है. यह दंपत्ति 2013 में सिंगापुर से बेंगलुरु रहने आ गया था. फैज फिलहाल बेंगलुरु के एक बड़े होटल में नौकरी कर रहा है.

बाजपेयी ने महिला की शिकायत के आधार पर कहा कि निकाह के इतने साल बीत जाने के बाद भी फैज महिला को दहेज लाने के लिए लगातार परेशान करता रहता था. इस साल जून में उसने पत्नी के साथ फिर से झगड़ा करना शुरू कर दिया और कहा कि उसे घर में रहना है तो 25 लाख रुपये लाने होंगे. बाद में मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया.

पुलिस ने बताया कि पीड़िता बेंगलुरु में घर छोड़ने के बाद अपने दोस्त के यहां तीन-चार दिन रही और फिर अपने बच्चों को लेने अपने पति के यहां गई तो उसने बच्चों को सौंपने से मना कर दिया.

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद महिला अपनी मां के साथ भोपाल वापस आ गई. 31 जुलाई को उसके पति ने महिला के भाई के व्हाट्सऐप नंबर पर फोन कर महिला से कहा कि वह उसे बहुत परेशान कर रही है, इसलिए वह उसे तलाक दे रहा है और उसे फोन पर ‘तीन बार तलाक’ कह दिया. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस विस्तृत जांच कर रही है.