Home Blog Page 187

CBI को सौंपी गई सुशांत सिंह राजपूत मामले की जाँच, केंद्र ने मानी बिहार सरकार की सिफारिश

केंद्र सरकार ने बिहार सरकार की सिफारिश मंजूर करते हुए सुशांत सिंह राजपूत मामले की जाँच  सीबीआई को सौंप दी है. सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार के वकील ने बताया कि उन्होंने सुशांत केस की जांच सीबीआई को ट्रांसफर कर दी है. अब इस केस की सीबीआई जांच करेगी. ग़ौरतलब है कि लंबे समय से सोशल मीडिया पर इस केस की सीबीआई से जांच कराने की मांग हो रही थी.
केंद्र सरकार के वकील SG तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि मामले की जांच सीबीआई से कराने की बिहार सरकार की सिफारिश मान ली गई है. रिया की तरफ से वकील श्याम दीवान ने कहा है कि एसजी की तरफ से जो कहा गया, यहां वह मामला नहीं है, ऐसे में अदालत रिया की याचिका पर गौर करे. श्याम दीवान (रिया के वकील) ने सभी मामले पर रोक लगाने की मांग की. श्याम दीवान ने कहा कि एफआईआर ज्यूरिसडिक्शन के मुताबिक नहीं है. ऐसे में अदालत पूरे मामले पर रोक लगाए.
आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बिहार के पुलिस अधिकारी को क्वारनटीन करने को लेकर भी महाराष्ट्र सरकार को फटकार लगाई. कोर्ट ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार को ये सुनिश्चित करना चाहिए कि सब कुछ प्रोफेशनल तरीक़े से हो. बिहार के आईपीएस ऑफिसर के साथ बुरा बर्ताव करने पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इससे गलत संदेश जाता है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार सुप्रीम कोर्ट में जवाब दाखिल कर कोर्ट को संतृष्ट करे कि उन्होंने इस मामले में उन्होंने प्रोफेशन काम किया है.

ग़ौरतलब है कि बीते 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत ने फांसी लगाकर जान दे दी थी. जिसके बाद से ही सुशांत के मौत की सीबीआई जांच की मांग की जा रही थी.

Ayodhya Ram Mandir Bhoomi Pujan : जानिए पुरोहित ने PM मोदी से पूजन संकल्प की दक्षिणा में क्या मांगा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज अयोध्या (Ayodhya) में राम जन्मभूमि मंदिर की आधारशिला रखी. मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यजमान रहे. उनके साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat), मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Anandiben Patel) मौजूद रहे.

पीएम नरेंद्र मोदी के आधारशिला रखने के बाद पूजन संकल्प के दौरान पुरोहित ने कहा, ‘किसी भी यज्ञ में दक्षिणा महत्वपूर्ण होती है. दक्षिणा तो आज इतनी दे दी गई कि आज अरबों आशीर्वाद प्राप्त हो रहे हैं. भारत तो हमारा ही है, उससे उपर और कुछ दें. कुछ समस्याएं हैं, उन समस्याओं को दूर करने का संकल्प तो लिए हुए हैं, 5 अगस्त में कुछ और जुड़ जाए तो भगवान की कृपा होगी.’

आपको बता दें कि कोरोना संकट के कारण पीएम नरेंद्र मोदी और पूजा करा रहे पंडितों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा गया. इसके साथ ही अन्य अतिथि भी सामान दूरी बनाकर बैठे. श्रीराम जन्मभूमि परिसर में पूजा से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने रामलला का दर्शन किया. इस दौरान पीएम मोदी ने साष्टांग होकर रामलला से आशीर्वाद लिया.

खास बात है कि भूमिपूजन उस जगह पर किया जा गया, जहां रामलला विराजमान थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ शिलाओं को रखकर राम जन्मभूमि मंदिर की आधारशिला रखी. इस ऐतिहासिक पल के गवाह करीब 150 साधु-संत बने. कोरोना के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा गया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करीब 11 बजे हेलिकॉप्टर के जरिए अयोध्या के साकेत कॉलेज में पहुंचे. इसके बाद उनका काफिला सीधे हनुमानगढ़ी में पहुंचा. पीएम नरेंद्र मोदी ने भगवान हनुमान का दर्शन किया और आशीर्वाद लिया. इस दौरान पीएम मोदी को पगड़ी और मुकुट पहनाया गया.

राम मंदिर पर प्रियंका गांधी के बयान को गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया यू-टर्न, कहा ‘राम के अस्तित्व को इनकार करने वाले कर रहे गुणगान’

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत (Union Minister Gajendra Singh Shekhawat) ने मंगलवार को यह कहते हुए कांग्रेस पर प्रहार किया कि जिस पार्टी ने भगवान राम के अस्तित्व से ही इनकार किया, वह अब इस मुद्दे पर पलटी मारकर उनका गुणगान कर रही है. उनका बयान तब आया है जब कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने कहा कि भगवान राम सभी के हैं और वह आशा करती हैं कि अयोध्या (Ayodhya) में मंदिर का भूमि पूजन अनुष्ठान राष्ट्रीय एकता का समारोह हो जाए.

शेखावत ने कहा, ‘‘भगवान राम पर कांग्रेस का बयान एक ऐतिहासिक पलटी है. कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व से इनकार करते हुए (उच्चतम न्यायालय में) हलफनामा दिया था. यह उनकी लीला ही है कि उनके अस्तित्व को ही इनकार करने वाले इस राजनीतिक दल की महासचिव अब उनका गुणगान कर रही हैं.’’

भाजपा नेता 2007 में तत्कालीन संप्रग सरकार द्वारा उच्चतम न्यायालय में दिये गये उस हलफनामे का जिक्र कर रहे थे जिसमें कहा गया था कि भगवान राम के अस्तिव का कोई ऐतिहासिक सबूत नहीं है. मंत्री ने कहा कि राममंदिर का मुद्दा करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा है.

कांग्रेस विधायकों की कथित खरीद-बिक्री के मामले में राजस्थान सरकार द्वारा राजद्रोह का मामला वापस लिये जाने पर शेखावत ने कहा कि यह राज्य की कांग्रेस सरकार द्वारा ऐसे आरोपों में एक कैबिनेट मंत्री पर मामला दर्ज करने की राजनीतिक साजिश भर है.

अशोक गहलोत सरकार को गिराने के लिए कांग्रेस विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त के मामलों की जांच कर रहे राजस्थान के विशेष अभियान दल ने यह कहते हुए यह मामला भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को सौंप दिया कि राजद्रोह का मामला नहीं बनता है.

Ayodhya Ram Mandir Bhoomi Pujan पर बोले गिरिराज सिंह, कहा – यह भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक गुलामी का अंत

अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर (Ram Mandir Ayodhya) का शिलान्यास थोड़ी देर में ही होने वाला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूमि पूजन के बाद मंदिर की नींव रखेंगे. भूमि पूजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. राम मंदिर के शिलान्यास समारोह (Ram Mandir Bhoomi Pujan) का शुभ मुहूर्त 32 सेकेंड का है, जो दोपहर बाद 12 बजकर 44 मिनट 8 सेकेंड से लेकर 12 बजकर 44 मिनट 40 सेकेंड तक रहेगा. इसको लेकर पूरे देश भर में उत्साह का माहौल है. राम भक्त अपने-अपने तरीकों से इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. साथ ही उत्सवी माहौल में राम जन्मभूमि पर बनने वाले मंदिर को लेकर खुशियां मना रहे हैं.

इस कड़ी में केंद्रीय मंत्री और बिहार के बेगूसराय से बीजेपी के सांसद गिरिराज सिंह ने भी ट्वीट कर राम मंदिर के निर्माण पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. गिरिराज सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि यह भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक गुलामी का अंत भी है. गिरिराज ने अपने ट्वीट में लिखा है कि प्रभु श्रीराम अपनी ही जन्म भूमि पर अब काल्पनिक नहीं रहेंगे. यह केवल प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर की आधारशिला नहीं है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक गुलामी का अंत भी है. जय श्री राम.

अयोध्या में होने वाले मुख्य समारोह सह राम जन्म भूमि के भूमि पूजन के कार्यक्रम में को लेकर बनाए गए मंच पर पीएम मोदी, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास समेत केवल पांच लोग ही होंगे.

राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत मंगलवार को ही पहुंच चुके हैं. भागवत समेत डिप्टी सीएम केशव मौर्या, कारसेवक पुरम ट्रस्ट के अन्य सदस्य भी कारसेवक पुरम में ही रुके हैं. जबकि महंत नृत्य गोपाल दास अपने आवास मणिराम दास छावनी में हैं. वहीं, बाबा रामदेव व अवधेशानंद हनुमानगढ़ी के महंत कल्याण दास के आवास पर ठहरे हैं. सुबह 9:30 बजे तक सभी मेहमान राम जन्मभूमि परिसर पहुंच जाएंगे. 10:00 बजे राम जन्म भूमि की भूमि पूजन का अनुष्ठान शुरू हो जाएगा. बस पीएम मोदी के आने का इंतजार किया जा रहा है.

Ram Mandir Bhoomi Pujan Live Updates: पीएम नरेंद्र मोदी ने रखी राम मंदिर की आधारशिला, मोहन भागवत-मुख्यमंत्री योगी भी रहे मौजूद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूमि पूजन कार्यक्रम में बैठे हैं, पूजा अर्चना कर रहे हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामजन्मभूमि पहुंच गए हैं. अब से कुछ देर में पीएम रामलला की पूजा करेंगे. जिसके बाद भूमि पूजन शुरू होगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा की, उन्हें यहां पर पगड़ी पहनाई गई.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंच गए हैं. पीएम यहां पर पूजा करेंगे, जिसके बाद भूमि पूजन स्थल जाएंगे. रामलला के दर्शन से पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा करने की आस्था है.

बिहार में कृषि उत्पादन बढ़ाना बढ़ाना संभव : पुष्पम प्रिया चौधरी

प्लुरल्स पार्टी के प्रेसिडेंट पुष्पम प्रिया चौधरी ने कृषि उत्पादन को लेकर कहा कि “हालाँकि टर्शीएरी सर्विस सेक्टर के विकास से बिहार में एग्रीकल्चर का प्रोडक्शन में योगदान कम होते हुए 20% के दर पर आ जाना अर्थशास्त्रियों के लिए कृत्रिम ख़ुशी की बात हो सकती है लेकिन राज्य में कृषि की क्षमता के वैज्ञानिक इस्तेमाल से हम कोसों दूर हैं”.

उन्होंने कहा कि “2020-2030 में अर्थशास्त्र के नियमों को एक झटका देने की ज़रूरत होगी जिसका पहल लक्ष्य होगा फ़ूडग्रेन की प्रॉडक्टिविटी को कम से कम पाँच गुना बढ़ाकर उत्पादन को पहले 16 मिलियन टन से बढ़ाकर 80 मिलियन और फिर 2030 तक 150 मिलियन तक पहुँचाना और यह सम्भव है”.

पुष्पम प्रिया चौधरी ने कहा कि यह संभव सुमंत कुमार जैसे किसानों के नवाचारों से. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता विश्व-रिकॉर्डधारी किसान सुमंत कुमार जी के सुनहले खेतों से ही बिहार का स्वर्णिम भविष्य जुड़ा हुआ है. सुमंत कुमार की सिस्टम ऑफ़ राइस इंटेसिफिकेशन दशकों पुरानी टेकनीक है जिसका लाभ 2 टन/हेक्टेयर वाली सरकारें नहीं ले पाईं, और सुमंत कुमार के 22 टन/हेक्टेयर वाले विविधता का तो बिल्कुल नहीं जिसमें पूरी दुनियाँ की रुचि है.

प्लुरल्स पार्टी की प्रेसिडेंट पुष्पम प्रिया चौधरी ने बताया कि “फूडग्रेन प्रोडक्शन को बिहार 2020-30 में 16 मिलियन टन से 80-150 मिलियन टन पहुँचाना है और इसके लिए हमारी कार्ययोजना तैयार है”.बिहार में तो उद्योग के नाम पर राइस मिल ही रह गए हैं. अगर सरकारों ने इसको भी बढ़ावा दिया होता तो अपना चावल आज विदेशों में होता, पर यह भी न हो सका.

पुष्पम प्रिया चौधरी ने बताया कि जब वह ‘सम्पूर्ण क्रांति’ के 46 अपूर्ण साल पर 46 खोए अवसरों को तलाशते “पालीगंज बितरणी कृषक समिति पहुँचकर कलाम सर के खेती के ‘विज़न 2020’ को बाल्मीकी जी से सुना. उन्होंने अपने यहाँ धान-उत्पादन तीन गुना बढ़ाया. “पारम्परिक ज्ञान को टेक्नॉलजी सपोर्ट देकर 2020-30 में ऐग्रिकल्चर की ‘सम्पूर्ण क्रांति’ हासिल करने का लक्ष्य रखा.


                

अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन को लेकर नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था सख़्त, रखी जा रही है पैनी नजर

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे. पीएम के अलावा कई अन्य मेहमान भी अयोध्या पहुंच रहे हैं. इसी को देखते हुए बलरामपुर जिले से सटी नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है.

पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा ने मंगलवार को बताया कि बुधवार को अयोध्या मे प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम को देखते हुए जिले से लगी नेपाल की 87 किलोमीटर की सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस की संयुक्त गश्त जारी है. जंगल से सटे इलाकों में भी गश्त की जा रही है और हर तरह की गतिविधियों पर पूरी नजर रखी जा रही है.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पांच स्तर की सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है. ऐसे 41 प्वाइंट चुने गए हैं जो नेपाल बार्डर से मिलते हैं. इनमें कच्चे रास्ते और पगडंडियां भी शामिल हैं. पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम इन मार्गों से आने-जाने वाले हर शख्स की सघन चेकिंग कर रही है. उन्होंने बताया कि नेपाल सीमा से लगे थानों की पुलिस भी चेकिंग अभियान चला रही है. नेपाल सीमा से सटे इलाकों के चौराहों पर भी पुलिस की पैनी नजर है.पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा ने बताया कि जिले की सीमा, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर और गोंडा से मिलती है. इन जिलों की सीमाओं पर भी लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. दूसरे जिलों से जिले की सीमा मे प्रवेश करने वाले व्यक्तियों और वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है. इतना ही नहीं जिले से सटी नेपाल सीमा की सुरक्षा के लिए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 9वीं और 50वीं वाहिनी तैनात है. इसके अलावा सीमा से सटे कई पुलिस के थाने भी हैं जहां पर पुलिस एसएसबी के साथ मिलकर ज्वाइंट गश्त कर रही है.

अयोध्या: लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करने वाले पद्मश्री ‘शरीफ चाचा’ को मिला भूमि पूजन का निमंत्रण

पिछले करीब 27 बरस से लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कर मानवता की सेवा करने वाले अयोध्या के बाशिंदे पद्मश्री मोहम्मद शरीफ उर्फ शरीफ चाचा को भी बुधवार को होने वाले राम मंदिर शिलान्यास कार्यक्रम में शिरकत का न्योता मिला है. शरीफ के बेटे मोहम्मद सगीर ने मंगलवार को ‘भाषा’ को बताया कि करीब 82 वर्षीय उनके पिता को श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से भेजा गया निमंत्रण मंगलवार को दोपहर में मिला है.

मोहम्मद सगीर ने यह कहा कि उनके पिता को पिछले कुछ समय से गुर्दे की बीमारी के कारण काफी परेशानी हो रही है और वो ठीक से चल भी नहीं पा रहे, लिहाजा वह कार्यक्रम में शरीक हो पाएंगे, इसमें संदेह है. सगीर ने बताया कि शरीफ चाचा का अल्ट्रासाउंड कराया जा रहा है और उनकी हालत देखने के बाद तय किया जाएगा कि वो कार्यक्रम में शामिल हो पाएंगे या नहीं.

पेशे से साइकिल मैकेनिक मोहम्मद शरीफ पिछले करीब 27 साल से जिले में लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करते हैं. सगीर के मुताबिक उनके पिता हिंदू, मुस्लिम समेत सभी धर्मों से जुड़े लोगों के लावारिस शवों का उनकी आस्था के मुताबिक अंतिम संस्कार करते हैं. अब तक वो करीब 25000 लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कर चुके हैं. मानवता की इस महान सेवा के लिए मोहम्मद शरीफ को इस साल जनवरी में देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से विभूषित किया गया था.

VIDEO : लेबनान की राजधानी बेरूत में भीषण धमाका, कई लोग घायल

लेबनान की राजधानी बेरूत मंगलवार को जबरदस्त बम धमाके से हिल गई जिसमें कई लोगों के हताहत होने की आशंका है. विस्फोट इतना शक्ति‍शाली था कि शहर के कई हिस्से हिल गए. स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके की वजह से घरों की ख‍िड़कियों के कांच तक टूट गए.

लेबनान के मीडिया ने विस्फोट के बाद मलबे में दबे लोगों की तस्वीरें जारी की जिसमें कुछ खून से लथपथ द‍िख रहे हैं. विस्फोट कारण का तत्काल पता नहीं चल पाया. बेरूत के पोर्ट इलाके में हुए इस विस्फोट को शहर के बड़े हिस्से में महसूस किया गया और कुछ इलाकों की बिजली चली गई.

लेबनान की स्थानीय मीडिया द्वारा मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार यह धमाका बेरूत पोर्ट पर हुई किसी घटना की वजह से हुआ हो सकता है. एक स्थानीय नागरिक ने ट्वीट किया, ‘इमारतें हिल रही हैं’.

एक अन्य ने ल‍िखा, ‘एक जबरदस्त और बहरा कर देने वाले धमाके ने बेरूत को घेर लिया, मीलों दूर से इसे सुना.’ लेबनानी अखबार की ऑनलाइन फुटेज में टूटी ख‍िड़कियां, बिखरे फर्नीचर और टूटी फॉल्स सीलिंग देखी जा सकती हैं.

Input : NDTV

सुशांत सिंह राजपूत मामले में महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख का बयान, कहा- मुंबई पुलिस पेशेवर तरीके से कर रही है जांच

महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने सोमवार को कहा कि मुंबई पुलिस अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की जांच ‘बेहद पेशेवर तरीके’ से कर रही है. मंत्री ने हालांकि इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि मामले की जांच कर रही बिहार पुलिस की जांच की निगरानी के लिए यहां पहुंचे पटना के नगर पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने क्वॉरन्टीन में क्यों भेज दिया.

देशमुख ने बताया, ‘’मुंबई पुलिस मामले की जांच बेहद पेशेवर तरीके से कर रही है.” महाराष्ट्र में विपक्षी बीजेपी ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की है, जबकि शिवसेना की अगुवाई वाली प्रदेश की गठबंधन सरकार ने इस मांग को खारिज कर दिया है. गौरतलब है कि रविवार की रात पटना के नगर पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के मुंबई पहुंचने पर बीएमसी ने उन्हें 15 अगस्त तक क्वॉरन्टीन में भेज दिया.

साथ ही उनके हाथ पर मुहर भी लगाई गई है, जिसमें क्वॉरन्टीन अवधि की जानकारी है. सुशांत के मामले की जांच के लिए तिवारी यहां पहुंचे थे. तिवारी को 14 दिन के लिए क्वॉरन्टीन में भेजा गया है और वह गोरेगांव में राज्य रिजर्व पुलिस बल के अतिथि गृह में रहेंगे. बिहार के पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय ने रविवार को आरोप लगाया था कि तिवारी को मुंबई में बीएमसी के अधिकारियों ने जबरदस्ती क्वॉरन्टीन में भेजा है.

गुप्तेश्वर पांडेय ने रविवार को ट्वीट किया, ‘’भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी विनय तिवारी पुलिस टीम का नेतृत्व करने के लिए आधिकारिक ड्यूटी पर पटना से आज मुंबई पहुंचे थे, लेकिन बीएमसी अधिकारियों ने रात 11 बजे उन्हें जबरदस्ती क्वॉरन्टीन में भेज दिया. उन्हें अनुरोध के बावजूद आईपीएस मेस में आवास मुहैया नहीं कराया गया और वह गोरेगांव के एक अतिथिगृह में रुके हैं.’’

हालांकि, बीएमसी ने कहा कि बिहार पुलिस के अधिकारी को क्वॉरन्टीन में भेजने का फैसला महाराष्ट्र सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक किया गया है. राजपूत मुंबई के उपनगर बांद्रा में स्थित अपने फ्लैट में 14 जून को फंदे से लटके मिले थे. पटना में पिछले हफ्ते सुशांत के पिता कृष्ण कुमार सिंह (74) के दर्ज एक शिकायत के आधार पर बिहार पुलिस ‘आत्महत्या के लिए उकसाने’ के मामले में अलग से जांच कर रही है. बिहार पुलिस ने अब तक राजपूत की मौत के मामले में 10 लोगों के बयान दर्ज किये हैं.

मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने सुशांत राजपूत मामले में अब तक करीब 40 लोगों के बयान दर्ज किये हैं. इनमें अभिनेता के परिजन के अलावा रसोइया और फिल्म जगत के लोग भी शामिल हैं. फिल्मकार महेश भट्ट, फिल्म समीक्षक राजीव मसंद, निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली एवं फिल्मकार आदित्य चोपड़ा समेत फिल्म जगत के कई लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं.

मुंबई के पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की और मामले में अबतक की जांच से उन्हें अवगत कराया. इससे पहले मामले में सीबीआई जांच की मांग करने के लिए देशमुख ने रविवार को बीजेपी की आलोचना की थी.