Home Blog Page 191

COVID 19: 50 हजार टेस्ट किट और 120 वेंटिलेटर लेकर भारत पहुंचेगा फ्रांस का विमान

कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में फ्रांस ने भारत की तरफ मदद का हाथ बढ़ाया है. इसी सिलसिले में फ्रांसीसी वायुसेना का एक विमान मंगलवार को वेंटिलेटर, जांच किट और अन्य चिकित्सा उपकरण लेकर भारत पहुंचेगा.

दूतावास के एक बयान के अनुसार राष्ट्रपति एमैन्युल मैंक्रो ने हाल ही में भारत को तकनीकी विशेषज्ञता के साथ ही चिकित्सा उपकरण देने की घोषणा की थी.उसने कहा कि चिकित्सा सहायता पैकेज के तहत फ्रांस भारत को 50 ओरिसिस-3 वेंटीलेटर और बीपैप विधि वाले 70 युवेल 830 वेंटीलेटर दे रहा है. ओरिसिस वेंटीलेटर खासकर आपात स्थिति में मरीज को एक अस्पताल से दूसरे अस्तपाल में ले जाने में उपयोगी है.

उसने कहा कि फ्रांस भारत को 50000 सेरोलोजिकल आईजीजी/आईजीएम किट और नाक एवं गले से नमूने लेने वाले 50000 उपकरण एवं चिकित्सा परिवहन की सुविधा भी देगा.

फ्रांसीसी दूतावास ने कहा कि सैन्य साधनों से अंतर-अस्पताल परिवहन पर एक विशेषज्ञ मिशन भी भेजा जा रहा है. दूतावास ने कहा कि भारत में फ्रांस के राजदूत एमैन्युल लेनैन पालम वायुसेना स्टेशन पर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के महासचिव आर के जैन को ये चीजें (चिकित्सा उपकरण) सौंपेगे.

सीएम योगी ने कहा- हर जिला अस्पताल में हो रैपिड एंटीजन जांच की व्यवस्था, कोविड वॉर्ड में लगाए जाएं सीसीटीवी कैमरे

उत्तर प्रदेश में कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है. इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में कोरोना वायरस की जांच क्षमता में लगातार वृद्धि करने की हिदायत दी है. सीएम योगी ने सोमवार को हर जिला अस्पताल में रैपिड एंटीजन जांच की व्यवस्था करने के आदेश दिए है. मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा कि 25 लाख तक की जनसंख्या वाले जिलों में रोजाना एक हजार से अधिक और 25 लाख से अधिक आबादी वाले जिलों में 1,500 से अधिक जांच एंटीजन के माध्यम से की जाएं.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर जिला चिकित्सालय में रैपिड एंटीजन जांच की व्यवस्था हो. साथ ही ट्रूनैट मशीन के माध्यम से रोजाना 2500 से अधिक टेस्ट किए जाएं. मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास आयुक्त और अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) को मंगलवार को बरेली और मुरादाबाद मंडलों में कोरोना को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की मौके पर समीक्षा करने के निर्देश दिए. उन्होंने अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा शिक्षा) और अपर मुख्य सचिव (ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज) को भी मंगलवार को आगरा और अलीगढ़ मंडलों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की मौके पर समीक्षा करने के निर्देश दिए. बैठक में मुख्य सचिव आर के तिवारी ने मुख्यमंत्री को कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर और झांसी मंडलों की समीक्षा के नतीजों के बारे में बताया.

सीएम योगी ने कोविड अस्पतालों की व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि एल-1 कोविड अस्पतालों में 50 प्रतिशत बिस्तरों पर आक्सीजन की व्यवस्था रहे. एल-2 कोविड चिकित्सालय के सभी बिस्तरों पर आक्सीजन उपलब्ध रहे. एल-3 अस्पताल के सभी बिस्तरों पर आक्सीजन और वेंटीलेटर की उपलब्धता रहे. कोविड वॉर्ड में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि एल-1, एल-2 और एल-3 कोविड अस्पतालों में आवश्यकता के हिसाब से बिस्तरों की संख्या में वृद्धि के लिए एक अधिकारी को प्रभारी के रूप में नामित किया जाए. उन्होंने जरूरत के हिसाब से वेंटीलेटर की खरीद करने के निर्देश भी दिए हैं. उन्होंने कहा कि घरों में आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों से भी निरंतर संवाद रखा जाए.

ऐश्वर्या राय बच्चन और बेटी आराध्या ने जीती कोरोना से जंग, नानावती से डिस्चार्ज होकर पहुंची जलसा

बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय  बच्चन बेटी आराध्या के साथ बीते दिनों कोरोना से संक्रमित होने बाद अस्पताल में भर्ती हुई थी .अब जब उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है तब अस्पताल ने उन्हें छुट्टी दे ही है.

दरअसल सदी के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन के कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद बहू ऐश्वर्या और पोती आराध्या भी कोरोना से संक्रमित पाई गई थीं. दोनों में पहले इस बीमारी के लक्षण नहीं थे इसलिए उन्हें घर में ही आइसोलेट किया गया था. बाद में ऐश्वर्या और आराध्या को नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

लेकिन अब जब सब कुछ सामन्य हो गया है तब अस्पताल ने उन्हें छूती दे दी है. हालकिं अमिताभ अब्च्चन और अभिषेक अब भी अस्पताल में है और उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है. उम्मीद है कि जांच में जब उनकी भी रिपोर्ट नेगेटिव आएगी तो उन्हें भी जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी. आपको बता दें कि जब से अब्च्चन परिवार के कोरोना संकर्मित होने की खबर आई है लोग उनके ठीक होने के लिए लगातार प्रार्थना भी कर रहे हैं.

चीन, पाकिस्तान के सामने घुटने टेकने वाली कांग्रेस हमें नसीहत न दे: भाजपा

भाजपा ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर बार-बार ‘‘झूठ बोलने’’ और सेना का ‘‘अपमान’’ करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि कांग्रेस की सरकारों के दौरान चीन ने भारत की 43,000 वर्ग किलोमीटर जमीन पर कब्जा जमाया.पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी चाहे जितने झूठ बोले लेकिन उनके परिवार पर लगा ‘‘कलंक’’ कभी नहीं मिट सकता. इसलिए, चीन और पाकिस्तान के सामने घुटने टेकने वाली पार्टी उसे कोई नसीहत न दे.

पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता जी वी एल नरसिम्हा राव ने कहा, ‘‘राहुल गांधी बार-बार झूठ बोलकर भारत की सेना का अपमान कर रहे हैं. डोकलाम के बाद, सर्जिकल स्ट्राइक के बाद, बालाकोट में एयर स्ट्राइक के बाद, हर बार सेना ने अपने पराक्रम से भारत को विजय दिलाई.’’

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी लेकिन हर बार भारतीय सेना का ‘‘मनोबल’’ गिराने के लिए सेना का ‘‘अपमान’’ करने का दुस्साहस करते हैं. उन्होंने कहा, ‘‘फिर एक बार हमारे 20 जवानों ने भारत की सीमाओं की सुरक्षा के लिए अपनी जान दे दी. इन कुर्बानियों का राहुल गांधी बार-बार अपमान करने का साहस कर रहे हैं.’’

राव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की सरकारों के दौरान भारत को चीन के हाथों 43,000 वर्ग किलोमीटर जमीन गंवानी पड़ी.उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप में थोड़ी भी शर्म बची है तो भारत की भूमि सरेंडर करने के लिए आपकी पार्टी के अध्यक्ष, आपके नेतृत्व को देश की जनता से क्षमा मांगनी चाहिए.’’

चीन द्वारा भारत की भूमि पर कब्जा किए जाने संबंधी आंकड़े प्रस्तुत करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ये आपके परिवार का इतिहास है. आप जितने भी झूठ बोलेंगे आपके परिवार पर जो कलंक है, वो नहीं मिट सकता. इसलिए चीन के सामने, पाकिस्तान के सामने घुटने टेकने वाली पार्टी हमें कोई नसीहत न दे.’’उन्होंने कहा कि भारत की सार्वभौमिकता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित है.

उन्होंने कहा, ‘‘हर इंच भारत की भूमि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुरक्षित है. भारत की सेना का अपमान करना राहुल गांधी छोड़ दें.’’इससे पहले, राहुल गांधी ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर गतिरोध की पृष्ठभूमि में को कहा कि वह चीन की घुसपैठ पर झूठ नहीं बोलने वाले हैं, चाहे उनका राजनीतिक जीवन ही क्यों न खत्म हो जाए.

साथ ही उन्होंने कहा कि चीनी सैनिकों की भारतीय सीमा में घुसपैठ को नकारने और इस विषय पर झूठ बोलने वाले देशभक्त नहीं हैं. राहुल गांधी के इस बयान को ‘‘हास्यास्पद’’ बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘उनका करियर बहुत पहले ही खत्म हो चुका है. 2019 में ही आपका राजनीतिक ‘सनसेट’ (सूर्यास्त) हो गया है. आप केवल कांग्रेस पार्टी के भविष्य को खत्म करने का लक्ष्य लेकर आगे चल रहे हैं और इसके अलावा राहुल गांधी को हम बहुत गंभीरता से नहीं लेने वाले हैं.’’ राव ने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं देखती है.

Rafale Fighter Jets: राफेल लड़ाकू विमान की पहली खेप के पांच जहाज फ्रांस से भारत के लिये रवाना

राफेल लड़ाकू विमानों की पहली खेप के पांच जहाज सोमवार को फ्रांस से भारत के लिये रवाना हो गए हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. इन विमानों के बुधवार को अंबाला वायुसेना स्टेशन पहुंचने की उम्मीद है. भारत ने वायुसेना के लिये 36 राफेल विमान खरीदने के लिये चार साल पहले फ्रांस के साथ 59 हजार करोड़ रुपये का करार किया था.

वायुसेना के बेड़े में राफेल के शामिल होने से उसकी युद्ध क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि होने की उम्मीद है. भारत को यह लड़ाकू विमान ऐसे समय में मिले हैं, जब उसका पूर्वी लद्दाख में सीमा के मुद्दे पर चीन के साथ गतिरोध चल रहा है.

फ्रांस में भारत के राजदूत जावेद अशरफ ने विमानों के फ्रांस से उड़ान भरने से पहले भारतीय वायुसेना के पायलटों से बातचीत की.

पेरिस में स्थित भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, ‘यात्रा मंगलमय हो: फ्रांस में भारतीय राजदूत ने राफेल के भारतीय पायलटों से बातचीत कर उन्हें बधाई दी. साथ ही उन्हें सुरक्षित भारत पहुंचने के लिये शुभकामनाएं भी दीं.’

इन पांच राफेल लड़ाकू विमानों को बुधवार दोपहर वायुसेना में शामिल किये जाने की उम्मीद है. हालांकि, वायुसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि इन्हें बल में शामिल करने को लेकर औपचारिक समारोह का आयोजन अगस्त के मध्य में किया जाएगा.

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की स्थिति चिंताजनक: शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार को कहा कि मुंबई, पुणे, कल्याण, डोंबिवली, पिंपरी-चिंचवाड़ और औरंगाबाद सहित राज्य के अन्य हिस्सों में कोरोना वायरस के संक्रमण की स्थिति चिंता का विषय है.

पवार ने स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे और जिला के अभिभावक मंत्री सुभाष देसाई और शीर्ष अधिकारियों के साथ कोरोना संक्रमण की समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया. बैठक के बाद श्री पवार ने संवाददाताओं से कहा, “कोरोना की वर्तमान समस्या से सबको मिलकर लड़ना होगा. यदि हम सब लोग साथ मिल कर इसका सामना करेंगे तो इसे हम हरा सकते हैं.” उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र शीर्ष पांच-छह राज्यों में शामिल है, जहां कोरोना की स्थिति भयावह है.
पवार ने कहा कि महाराष्ट्र में मुंबई, पुणे, कल्याण, डोंबिवली, पिंपरी-चिंचवड़, औरंगाबाद,जलगांव और नासिक जैसे अन्य स्थानों में भी दिन-प्रतिदिन कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है. उन्होंने कहा कि राज्य की जनता कई त्यौहारों में प्रशासन को बहुत अच्छा सहयोग किया जिसके कारण बीमारी बहुत अधिक फैल नहीं सकी. इसलिए आगामी ईद को घर में मनाया जाना चाहिए और नमाज घर में पढ़ा जाना चाहिए और एक आदर्श पेश किया जाना चाहिए.
वर्तमान में कोरोना मरीजों के लिए और अधिक विस्तरों की सुविधा बढ़ाई जानी चाहिए. यदि जिलाधिकारी स्वास्थ्स से जुड़े लोगों को स्वास्थ्य सेवा के लिए कहते हैं तो सभी को उन्हें पूरा समर्थन करना चाहिए. निजी क्षेत्र के डाक्टरों को भी इससे जुड़ना चाहिए.
एक प्रश्न के जवाब मे उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है और सभी के सहयोग की आवश्यकता है. उन्होंने राम मंदिर के प्रश्न पर कोई उत्तर नहीं दिया. इस अवसर पर श्री टोपे, श्री देसाई, औरंगाबाद के सांसद इम्तियाज जलील, डॉक्टर भागवत कराड, राज्य के कैबिनेट मंत्री संदीपन भूमरे और जिलाधिकारी उदय चौधरी उपस्थित थे.

अमेरिकी अदालत ने 26/11 के आरोपी तहव्वुर राणा की जमानत याचिका खारिज की

अमेरिका की एक अदालत ने 2008 मुंबई आतंकवादी हमलों में संलिप्तता के लिए भारत द्वारा भगोड़ा करार दिए गए पाकिस्तानी मूल के कनाडाई कारोबारी तहव्वुर राणा की जमानत याचिका खारिज कर दी. डेविड कोलमैन हेडली के बचपन के दोस्त राणा (59) को 2008 मुंबई आतंकवादी हमलों के मामले में शामिल होने के लिए भारत के प्रत्यर्पण के अनुरोध पर लॉस एंजिलिस में 10 जून को फिर से गिरफ्तार किया गया था. इस हमले में छह अमेरिकियों समेत 166 लोग मारे गए थे. भारत में वह भगोड़ा अपराधी घोषित है.

लॉस एंजिलिस में अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की न्यायाधीश जैकलीन चूलजियान ने 21 जुलाई को अपने 24 पृष्ठों के आदेश में राणा को जमानत देने से इनकार करते हुए कहा कि उसके फरार होने का खतरा है. अमेरिका सरकार ने यह दलील देते हुए उसे जमानत पर रिहा करने का विरोध किया कि अगर वह कनाडा भाग जाता है तो उसके भारत में मौत की सजा से बचने की आशंका है.

अमेरिका के सहायक अटॉर्नी जॉन जे लुलेजियान ने अदालत में कहा, ‘‘किसी भी मुचलके पर जमानत देने से अदालत में राणा की मौजूदगी सुनिश्चित नहीं की जा सकेगी. उसे जमानत देने से अमेरिका को अपने विदेश मामलों में शर्मिंदा होना पड़ सकता है और उसके भारत के साथ रिश्ते तनावपूर्ण हो सकते हैं.’’

वहीं, राणा के वकील ने कहा कि 26/11 के आरोपी के फरार होने का खतरा नहीं है और उन्होंने उसे जमानत पर रिहा करने के लिए 15 लाख डॉलर का मुचलका भरने का प्रस्ताव रखा. राणा ने अपने बचाव में कहा कि अमेरिका का सह-आरोपी हेडली को भारत प्रत्यर्पित न करने का फैसला असंगत है और यह उसके प्रत्यर्पण पर रोक लगाता है.

पाकिस्तान में जन्मे राणा ने वहां के आर्मी मेडिकल कॉलेज से पढ़ाई की और एक दशक से अधिक समय तक पाकिस्तानी सेना में डॉक्टर के तौर पर काम किया. वह अब कनाडाई नागरिक है, लेकिन वह शिकागो में रहता था, जहां उसका कारोबार था। अदालत के दस्तावेजों के अनुसार वह कनाडा, पाकिस्तान, जर्मनी और इंग्लैंड में भी रहता है और वहां की यात्रा करता रहता है तथा सात भाषाएं बोलता है.

संघीय अभियोजकों ने कहा कि अगर वह कनाडा भाग जाता है तो वह मौत की सजा से बच सकता है. दरअसल, भारत के साथ कनाडा की प्रत्यर्पण संधि में ऐसा प्रावधान है कि भारत में जिस अपराध के लिए प्रत्यर्पण की मांग की गई है, अगर उसमें मौत की सजा सुनाई जा सकती है और कनाडा में उसके लिए मौत की सजा नहीं है तो प्रत्यर्पण से इनकार किया जा सकता है.

अदालत के दस्तावेजों के अनुसार राणा 28 अप्रैल 2020 को लॉस एंजिलिस में टर्मिनल आइलैंड में कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, लेकिन उसमें लक्षण नहीं थे और अब वह स्वस्थ है.

संघीय अभियोजकों के मुताबिक 2006 से नवंबर 2008 के बीच राणा ने ‘दाउद गिलानी’ के नाम से पहचाने जाने वाले हेडली और पाकिस्तान में कुछ अन्य के साथ मिलकर लश्कर-ए-तैयबा तथा हरकत-उल-जिहाद-ए-इस्लामी को मुंबई में आतंकी हमलों की साजिश रचने तथा हमलों को अंजाम देने में मदद की. पाकिस्तानी-अमेरिकी हेडली लश्कर का आतंकवादी है। वह 2008 के मुंबई हमलों के मामले में सरकारी गवाह बन गया है. वह हमले में भूमिका के लिए अमेरिका में 35 साल की जेल की सजा काट रहा है.

उत्तर प्रदेश : गोंडा में हुए बच्चे के अपहरण में महिला भी थी शामिल, पांचों अपहर्ता को 24 घंटे के अंदर पुलिस ने दबोचा

उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में कर्नलगंज क्षेत्र से अपहृत छह साल के बच्चे को पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शनिवार को सकुशल छुड़ा लिया और सभी पांचों अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया .

अपर मुख्य सचिव (गृह एवं सूचना) अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि गोण्डा में शुक्रवार को अपहृत बच्चा सकुशल मिल गया है . इस उल्लेखनीय सफलता के लिए पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम के लिए दो लाख रूपये के इनाम की घोषणा की गयी है .

अवस्थी ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) और पुलिस महानिरीक्षक (एसटीएफ) की अगुवाई में जनपद गोण्डा के कर्नलगंज क्षेत्र से छह साल के बच्चे का अपहरण कर चार करोड रूपये की फिरौती मांगने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है .

 उन्होंने बताया कि बच्चे का अपहरण करने वाले गिरोह के सूरज पांडेय, छवि पांडेय (पत्नी सूरज पांडेय), राज पांडेय, उमेश यादव और दीपू कश्यप को गोण्डा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया .

अवस्थी ने बताया कि दो बदमाश दीपू और उमेश मुठभेड़ में घायल हो गये जबकि अपह्रत बालक सकुशल बरामद हो गया. अपहरण में इस्तेमाल आल्टो कार, 32 बोर की एक पिस्तौल, दो अदद 315 बोर तमंचा भी बरामद किया गया .

उल्लेखनीय है कि अपहर्ताओं ने वारदात को अंजाम देने के बाद फोन पर परिजनों से चार करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी.

कर्नलगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला गाड़ी बाजार निवासी गुटखा मसाला के एक बड़े व्यापारी राजेश कुमार गुप्ता के छह वर्षीय पौत्र का आल्टो कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया था. बताया जाता है कि शुक्रवार को दोपहर बाद स्वास्थ्य विभाग का परिचय पत्र टांग कर कुछ लोग मोहल्ले में मास्क का वितरण करने के बहाने से आए और मास्क वितरित करते हुए लोगों का नाम एक कागज पर लिखा .

उन्होंने कोरोना वायरस के कारण मोहल्ले को सेनिटाइजेशन कराने व सेनिटाइजर का वितरण करने का झांसा भी दिया था .

पुलिस ने बताया था कि वे राजेश गुप्ता के छह वर्षीय पौत्र को थोड़ी दूर पर खड़ी गाड़ी से सेनिटाइजर देने के बहाने अपने साथ ले गए और बाद में बच्चे को लेकर फरार हो गए . थोड़ी देर बाद एक महिला की आवाज में फोन करके चार करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी.

पराग त्यागी ने बताया कैसा होगा पवित्र रिश्ता का नया सीज़न, सीरियल को लेकर कही ये बड़ी बात

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की याद में सीरियल पवित्र रिश्ता का दूसरा सीज़न बनाए जाने को लेकर खूब चर्चा हो रही है. दर्शक भी जानना चाहते हैं कि  पवित्र रिश्ता  टीवी पर वापसी आखिर कब करेगा? हालांकि इसकी जानकारी तो अभी नहीं है.

लेकिन पवित्र रिश्ता में विनोद का किरदार निभाने वाले पराग त्यागी का मानना है की पवित्र रिश्ता का सीजन 2 बनाए जाने का फैसला काफी अच्छा है और यह दर्शकों को भी ये काफी पसंद आएगा क्योंकि इस सीरियल से दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की यादें जुड़ी है इसलिए इसके नए सीजन को भी लोगों से उतना ही प्यार मिलेगा जितना पिछले सीजन को मिला था.

आपको बता दें कि बीते दिनों सुशांत सिंह राजपूत की एक्स गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे ने एकता कपूर से पवित्र रिश्ता सीजन 2 बनाने की अपील की थी जिस पर एकता ने भी अपनी रजामंदी दी थी उसके बाद से ही लगातार पवित्र रिश्ता सीजन 2 के बारे में दर्शकों के दिलचस्पी बढ़ गई है.

पराग त्यागी का कहना है किस सीरियल के माध्यम से सुशांत सिंह को एक सच्ची श्रद्धांजलि भी मिलेगी क्योंकि आज भी मानव और अर्चना के किरदार को दर्शक याद करते हैं इसलिए पवित्र रिश्ता का नया सीजन दर्शकों द्वारा पसंद किया.

Sushant Singh Rajput की फिल्म दिल बेचारा ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, दो मिनट का रोल कर छा गए Saif Ali Khan

सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म ‘दिल बेचारा’ (Dil Bechara) डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हो चुकीं है. इस फिल्म में सुशांत सिंह को देख फैंस की आंखें नम हो गई. अपनी आखिरी फिल्म दिल बेचारा में सुशांत ये बता गए कि जिंदगी हंसाते -हंसाते कई गम देती है, लेकिन उन गमों के साथ भी खुशियों से जिया जा सकता है ‘क्योंकि जिंदगी को कैसे जीना है, ये तो हम तय कर सकते हैं.

फिल्‍म की रिलीज के करीब दो घंटों के अंदर ही हॉटस्टार क्रैश हो गया है. इसकी जानकारी फिल्म डायरेक्टर हंसल मेहता ने ट्वीट के जरिए दी. फिल्म को IMDB पर 10 में से 10 रेटिंग मिली है और इस फिल्म को रिव्यू में भी 4 से 5 स्टार दिए गए है इस फिल्म को लेकर लोगों के बीच पहले से ही जबरदस्त क्रेज बना हुआ था.  फिल्म को देखने के बाद अब फैंस के रिएक्शन भी आने शुरू हो गए हैं.

अखबार और सोशल मीडिया रिएक्शन से भरे हुए हैं फिल्म में सुशांत के साथ सैफ अली खान (Saif Ali Khan) भी नजर आए. सैफ अली खान का रोल कुछ ही मिनटों का था. लेकिन वो उन थोड़े से समय में ही अपने एक्टिंग के दम पर लोगों के दिलों में छाप छोड़ गए.

आपको बता दें कि इस फिल्‍म में सुशांत सिंह राजपूत और संजना सांघी (Sanjana Sanghi), दोनों की कमेट्री की लोगों का काफी पसंद आई. लोग सोशल मीडिया पर दोनों की जमकर तारीफ कर रहे हैं. फिल्म की कहानी एक कैंसर पीड़ित लड़की के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है. जिसका किरदार संजना सांघी ने निभाया है. फिल्म में संजना सांघी मौत के बेहद करीब है. इसी बीच उसकी मुलाकात सुशांत सिंह राजपूत से कॉलेज की पढ़ाई के दौरान होती है. जिसके बाद दोनों जिंदगी में आए गम से साथ लड़ते हुए दिखाई देते है. फिल्म के डायरेक्शन मुकेश छाबड़ा ने किया हैं.