Home Blog Page 200

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चीन को दिया ज़ोर का झटका, कानपुर-आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट टेंडर रद्द

बीते दिनों गलवान घाटी में हिंसक झड़प के बाद भारत ने आर्थिक मोर्चे पर चीन को घेरना शुरू कर दिया है. यही वजह है कि भारत सरकार ने कई कड़े फैसले लिए हैं. अब भारत की ओर से चीन को एक और झटका दिया गया है. दरअसल, तकनीकी खामियों की वजह से उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने कानपुर-आगरा मेट्रो के लिए चीनी कंपनी के टेंडर आवेदन को खारिज कर दिया.

दरअसल, यूपीएमआरसी ने कानपुर और आगरा मेट्रो परियोजनाओं हेतु मेट्रो ट्रेनों (रोलिंग स्टॉक्स) की आपूर्ति, परीक्षण और चालू करने के साथ-साथ ट्रेन कंट्रोल और सिग्नलिंग सिस्टम का टेंडर बॉम्बार्डियर ट्रांसपोर्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को दिया है. इसके लिए चीन की कंपनी सीआरआरसी नैनजिंग पुजहेन लिमिटेड ने भी टेंडर दिया था लेकिन तकनीकी खामियां पाए जाने के कारण चीनी कंपनी को अयोग्य घोषित कर दिया गया. बता दें कि बॉम्बार्डियर ट्रांसपोर्ट इंडिया प्राइवेट लि. एक भारतीय कॉन्सोर्सियम (कंपनियों का समूह) है.

कानपुर और आगरा दोनों ही मेट्रो परियोजनाओं के लिए कुल 67 ट्रेनों की सप्लाई होगी, जिनमें से प्रत्येक ट्रेन में 3 कोच होंगे, जिनमें से 39 ट्रेनें कानपुर और 28 ट्रेनें आगरा के लिए होंगी. एक ट्रेन की यात्री क्षमता लगभग 980 होगी यानी प्रत्येक कोच में लगभग 315-350 यात्री यात्रा कर सकेंगे.

यूपीएमआरसी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक लखनऊ की ही तर्ज़ पर कानपुर और आगरा में भी रोलिंग स्टॉक्स और सिग्नलिंग सिस्टम के लिए सिंगल टेंडर प्रक्रिया अपनाई. देश में पहली बार लखनऊ मेट्रो परियोजना के लिए यह प्रयोग किया गया था, जो बेहद सफ़ल रहा.

बयान में कहा गया है कि लॉकडाउन के बाद कानपुर में एक बार फिर से पूरे ज़ोर के साथ सिविल निर्माण कार्य शुरू करने के बाद, रोलिंग स्टॉक और सिग्नलिंग सिस्टम के टेंडर प्रक्रिया का पूरा होना एक बड़ी उपलब्धि है. इससे न सिर्फ़ अर्थव्यवस्था को मज़बूती मिलेगी बल्कि कानपुर और आगरा की जनता का मेट्रो सेवाओं का सपना भी अब जल्द ही पूरा होगा.

Jammu-Kashmir : कुलगाम के आरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, एक आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम के आरा इलाके में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है. सुरक्षा बलों ने एक आतंकी को मार गिराया है. दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है. गांव में दो से तीन आतंकवादियों के छिपे होने की खबर है. सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है. सर्च ऑपरेशन जारी है.अभी इस मुठभेड़ को लेकर ज्यादा जानकारी सामने आई है.

सुरक्षाबलों ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए. पुलिस ने कहा कि एक अभियान के दौरान राजौरी जिले में सुरक्षाबलों ने आज एक आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया, जहां से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ.

बरामद हथियारों और गोला-बारूद में बैरल ग्रेनेड लांचर (यूबीजीएल), 11 यूबीजीएल ग्रेनेड, 14 एके मैगजीन, 2 मैगजीन के साथ चीनी पिस्तौले, चीनी ग्रेनेड 1, आईईडी बनाने वाली चीजों के साथ डेटोनेटर, प्रेशर माइन 2, पिका राउंड 6 और एके राउंड 920 शामिल हैं.

जम्मू कश्मीर में जारी आतंकी विरोधी अभियानों में इस साल अब तक सुरक्षाबलों ने 110 से अधिक आतंकियों को मार गिराया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा कि ये आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े थे. वे अब हताश हो कर निर्दोष लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं.

राहुल गांधी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला,- कहा- चीन मामले पर कोई तो झूठ बोल रहा है

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन के साथ तनाव को लेकर शुक्रवार को दावा किया कि लद्दाखवासियों का कहना है कि चीनी सैनिकों ने भारतीय जमीन ले ली है. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे इनकार करते हैं और ऐसे में कोई तो झूठ बोल रहा है.

उन्होंने लेह के एक निवासी का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘‘लद्दाखवासी कहते हैं कि चीन ने हमारी जमीन ले ली है. प्रधानमंत्री कहते हैं कि किसी ने हमारी जमीन नहीं ली है. निश्चित तौर पर कोई तो झूठ बोल रहा है.

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री पर उस दिन निशाना साधा है जब मोदी लद्दाख दौरे पर पहुंचे हैं. पूर्वी लद्दाख में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प के कुछ ही दिनों बाद प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को अचानक लेह पहुंचे. यहां उन्होंने थलसेना, वायुसेना और आईटीबीपी के जवानों से बातचीत की.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया. उन्होंने कहा कि आप सभी देशवासियों के लिए प्रेरणा हैं. पूरा विश्व आपका पराक्रम देख रहा है. हमारा देश न कभी झुका है और न कभी किसी के सामने झुकेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हमारा देश ना तो कभी झुका है और न ही कभी किसी विश्व शक्ति के सामने झुकेगा. मैं आप जैसे बहादुरों के कारण यह कहने में सक्षम हूं. मैं आज आपको प्रणाम करने आया हूं. आपको देखकर प्रेरणा लेकर जा रहा हूं.’’

असम के 33 में से 22 जिले बाढ़ की चपेट में, अब तक 34 की मौत, 16 लाख से ज्यादा प्रभावित

असम (Assam) के 33 में से 22 जिले बृहस्पतिवार को बाढ़ की चपेट में आ गए और इसके कारण 16.03 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (Assam State Disaster Management Authority-ASDMA) ने कहा कि एक और व्यक्ति की मृत्यु के बाद बाढ़ और इससे संबंधित घटनाओं के कारण अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है. प्राधिकरण के ताजा बुलेटिन के अनुसार, बाढ़ के कारण गोवालपारा में एक व्यक्ति की मौत हो गई. धेमाजी (Dhemaji), लखीमपुर (Lakhimpur), बिश्वनाथ (Biswanath), चिरांग (Chirang), दर्रांग (Darrang), नलबाड़ी(Nalbari), बारपेटा(Barpeta), बोंगाईगांव (Bongaigaon), कोकराझार (Kokrajhara,), धुबरी (Dhubri), दक्षिण सालमारा (South Salmara), गोवालपारा (Goalpara), कामरूप (Kamrup), कामरूप (मेट्रो) (Kamrup (Metro)), मोरीगांव (Morigaon), नगांव (Nagaon), गोलाघाट (Golaghat), जोरहट (Jorhat), शिवसागर (Sivasagar), डिब्रूगढ़ (Dibrugarh), तिनसुकिया (Tinsukia) और पश्चिमी कर्बी आंगलोंग जिले (West Karbi Anglong districts) बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. प्राधिकरण के मुताबिक, बाढ़ की सबसे अधिक मार बारपेटा पर पड़ी है जहां करीब 8.60 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जिसके बाद दक्षिण सालमारा में 1.95 लाख, गोवालपारा में 94 हजार से अधिक और मोरीगांव में 62 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. बुलेटिन के अनुसार, जिला प्रशासन और आम लोगों ने पिछले 24 घंटे में चार जिलों से 2,852 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. मुख्य सचिव कुमार संजय कृष्णा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार असम में बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. उन्होंने ट्वीट किया, “राज्य भर में बचाव, राहत और समय पर निवारण उपाय शुरू किए गए हैं. संकट के इस समय में सरकार हर आवश्यक कदम उठा रही है. पूरे हालात में सुधार के संकेत दिखाई दे रहे हैं.” ब्रह्मपुत्र नदी कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. उसकी सहायक नदियां भी उफान पर हैं.

बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान (Saroj Khan) का निधन, 71वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान (Saroj Khan) का शुक्रवार देर रात कार्डियक अरेस्ट (Cardiac Arrest) के चलते मुंबई में निधन हो गया. सांस लेन में शिकायत के बाद उन्हें 17 जून से मुंबई के बांद्रा में स्थित गुरु नानक हॉस्पिटल में भर्ती थीं, जहां शुक्रवार देर रात 1.52 बजे कार्डियक अरेस्ट की वजह से उनकी मौत (Saroj Khan Died) हो गई. सरोज खान 71 साल की थी. कुछ दिन पहले ही उनका कोरोना टेस्ट भी कराया गया था, जो नेगेटिव आया था. जानकारी के मुताबिक, मुंबई के चारकोप कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा.

सरोज खान ने बॉलीवुड (Bollywood) को एक से बढ़कर एक गाने दिए हैं. उनके सिखाए गए डांस के चलते बॉलीवुड में कई अदाकाराओं के करियर बन गए. उन्होंने साल 1983 में ‘हीरो’ फिल्म में कोरियोग्राफी की थी, जबकि बतौर कोरियोग्राफर उनकी आखिरी फिल्म ‘कलंक’ थी.

तीन बार की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रहीं सरोज खान ने कुछ यादगार गानों को कोरियोग्राफ किया है, जिसमें माधुरी दीक्षित-स्टारर फिल्म ‘तेजाब’, ‘ये इश्क है’ से 2007 में ‘जब वी मेट’ से लेकर संजय लीला भंसाली की ‘देवदास’ तक शामिल हैं.

सरोज खान ने मात्र तीन साल की उम्र से बतौर बैकग्राउंड डांसर अपना करियर शुरू किया था. उन्हें 1974 में पहली बार ‘गीता मेरा नाम’ से बतौर कोरियोग्राफर फिल्म इंडस्ट्री में ब्रेक मिला था.

उन्होंने सुपरडुपरहिट फिल्मों ‘मिस्टर इंडिया, चादनी, बेटा, तेजाब, नगीना, डर, बाजीगर, अंजाम, मोहरा, याराना, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, परदेश, देवदास, लगान, सोल्जर, ताल, फिजा, साथ‌िया, स्वदेश, कुछ ना कहो, वीर जारा, डॉन, फना, गुरु, नमस्ते लंदन, जव वी मेट, एजेंट विनोद, राउडी राठौड़, एबीसीडी, तनु वेड्स मनु रिटर्न्स, मणिकर्णिका’ तक के गानों को कोरियोग्राफ किया है.

बाइडेन के बयान पर बोले राहुल गांधी- एच-1बी वीजा का निलंबन रद्द होना चाहिए

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका में राष्ट्रपति पद के डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन द्वारा एच-1बी वीजा का निलंबन खत्म करने का वादा करने पर गुरुवार को कहा कि इस वीजा कार्यक्रम से अमेरिका को बहुत फायदा हुआ है. राहुल ने कहा कि इसका निलंबन रद्द होना चाहिए.

गांधी ने बाइडेन के बयान वाली एक खबर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ अमेरिका को उसके एच-1बी वीजा कार्यक्रम के जरिए भारत से बड़े पैमाने पर प्रतिभाओं को स्वीकारने से बहुत लाभ हुआ है. इस वीजा के निलंबन का लाखों भारतीय नागरिकों और अमेरिकी कंपनियों पर असर होगा. इस निलंबन को निरस्त किया जाना चाहिए.’’

गौरतलब है कि बाइडेन ने कहा है कि यदि वह नवंबर में राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतते हैं, तो वह भारतीय आईटी पेशेवरों के बीच सबसे अधिक लोकप्रिय एच-1बी वीजा पर लागू अस्थायी निलंबन को खत्म कर देंगे.

ट्रंप प्रशासन ने 23 जून को भारतीय आईटी पेशेवरों को एक बड़ा झटका देते हुए एच-1बी वीजा और अन्य विदेशी कार्य वीजा को 2020 के अंत तक निलंबित कर दिया था. चुनावी साल में अमेरिकी श्रमिकों की सुरक्षा के लिए ऐसा किया गया.

IPL के 13वें सीजन का आयोजन हो सकता है देश से बाहर, यूएई और श्रीलंका रेस में

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 13वां संस्करण भारत से बाहर आयोजित किया जा सकता है और इसकी मेजबानी की रेस में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और श्रीलंका सबसे आगे हैं. इसको लेकर अंतिम फैसला जल्द होगा क्योंकि बीसीसीआई इसी साल आस्ट्रेलिया में अक्टूबर-नवंबर में होने वाले टी-20 विश्व कप को लेकर आधिकारिक फैसला आने का इंतजार कर रही है.

बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि विचार तो लीग को भारत में कराने का था लेकिन कोविड-19 के कारण जो स्थिति पैदा हुई है वो बोर्ड को लीग को यूएई या श्रीलंका ले जाने के लिए मजबूर कर सकती है.

अधिकारी ने कहा, “हमें अभी भी जगह को लेकर फैसला लेना है लेकिन संभावना कई ज्यादा इस बात की है कि यह लीग इस साल देश से बाहर होगी. भारत में स्थिति ऐसी नहीं है कि यहां कई सारी टीमें एक या दो स्थलों पर आएं और एक ऐसा वातावरण बनाए जो खिलाड़ियों के अलावा आम जनता के लिए भी ठीक है, चाहे मैच बिना दर्शकों के खाली स्टेडियम में ही क्यों न खेले जाएं.”

उन्होंने कहा, “मेजबानी को लेकर रेस यूएई और श्रीलंका के बीच है. हमें इस पर फैसला लेना है कि कहां लीग करानी है और इसके लिए वहां की कोरोनावायरस स्थिति को अच्छे से देखना होगा. व्यवस्था को भी देखना होगा, हम जल्दी फैसला लेंगे.”

शुरुआत में लीग का भारत में ही कराने का मन था, लेकिन मौजूदा स्थिति के मुताबिक यह साफ है कि कुछ टूर्नामेंट्स को देश से बाहर ले जाना होगा.

मुंबई एयरपोर्ट स्कैम : CBI ने मुंबई, हैदराबाद में GVK Group के कार्यालयों में मारे छापे

सीबीआई ने मुंबई हवाई अड्डे के संचालन में 705 करोड़ रुपये की कथित अनियमितताओं के संबंध में जीवीके समूह के चेयरमैन वेंकट कृष्ण रेड्डी गणपति के खिलाफ एक मामला दर्ज करने के बाद समूह के मुंबई और हैदराबाद स्थित कार्यालयों की तलाशी ली. अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने बुधवार को तलाशी ली और यह देर शाम तक चलती रही.

अधिकारियों ने बताया कि यह मामला एमआईएएल से 705 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी से जुड़ा है. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) लिमिटेड ने मुंबई हवाईअड्डे के रखरखाव और उन्नयन के लिए सार्वजनिक निजी साझेदारी वाली कंपनी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) के तहत जीवीके समूह की कंपनी जीवीके एयपोर्टस होल्डिंग्स लिमिटेड और अन्य निवेशकों के साथ संयुक्त उपक्रम बनाया था.

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गणपति और एमआईएएल के प्रबंध निदेशक उनके बेटे जीवी संजय रेड्डी, एमआईएएल कंपनियों जीवीके एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड और नौ अन्य निजी कंपनियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. एएआई ने चार अप्रैल 2006 को एमआईएएल के साथ मुंबई हवाईअड्डे के आधुनिकीकरण, रखरखाव, परिचालन और देखरेख के लिए एक करार किया.

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि ऐसा आरोप है कि एमआईएएल में जीवीके समूह के प्रवर्तकों ने उसके अधिकारियों तथा एएआई के अज्ञात अधिकारियों के साथ मिलीभगत करके अलग-अलग तरीकों से पैसे का गबन किया. एजेंसी ने आरोप लगाया कि उन्होंने 2017-18 में नौ कंपनियों को कामकाज के फर्जी ठेके दिखाकर पैसों की हेराफेरी की जिससे 310 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ.

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना, कहा- ‘टाइगर अभी जिंदा है

बीजेपी के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ‘टाइगर अभी जिंदा’ है. उन्होंने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ पर निशाना साधते हुए ये बात कही. सिंधिया ने इन दोनों कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाया कि उन्होंने लोगों से किया गया वादा पूरा नहीं किया.

सिंधिया राज्य की शिवराज सिंह चौहान की सरकार के कैबिनेट विस्तार के कार्यक्रम में हिस्सा लेने भोपाल पहुंचे थे. आज कैबिनेट के विस्तार में 28 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. इसमें 20 कैबिनेट मंत्री और आठ राज्य मंत्री शामिल हैं.

पत्रकारों से सिंधिया ने कहा, ”मुझे न तो कमलनाथ और न ही दिग्विजय सिंह से किसी सर्टिफिकेट की जरूरत है. लोगों के सामने इस बात के प्रमाण हैं कि 15 महीनों में इन्होंने किस तरह से राज्य को लूटा है. लोगों ने वादों से पीछे हटने का इनका इतिहास भी देखा है. लेकिन मैं उनसे कहना चाहता हूं कि टाइगर अभी जिंदा है.”

इससे पहले आज उन्होंने कहा कि ये कैबिनेट नेताओं की टीम नहीं बल्कि लोगों की टीम हैं और ये लोगों की सेवा करेगी. उन्होंने कहा, ‘’यह (मंत्रिमंडल) किसी नेता की टीम नहीं है, बल्कि जनता की टीम है. वे सरकार के मंत्री नहीं बल्कि लोक सेवक हैं. हम लोगों की सेवा के लिए प्रयास करेंगे और समाज के अंतिम व्यक्ति को सेवाएं प्रदान करेंगे. 100 दिनों के शासन में शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने कोरोना लड़ाई लड़ी है, किसानों की हरसंभव मदद की है. हम अगले चार वर्षों में ऐसा करना जारी रखेंगे.’’

इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि दावा किया कि आने वाले समय में होने वाले 24 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में बीजेपी के उम्मीदवारों की जीत होगी. शिवराज सिंह चौहान की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना पर कमल नाथ ने एक बैठक तक नहीं की, वहीं शिवराज ने कोरोना से लड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी.

सपना चौधरी (Sapna Choudhary) ने अपने धमाकेदार डांस से मचाया धमाल, Video हुआ वायरल

अपने धमाकेदार डांस परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीतने वाली फेमस हरियाणवी डांसर सपना चौधरी (Sapna Choudhary) के गाने यूट्यूब पर काफी पसंद किए जाते हैं. डांसिंग क्वीन के गाने यूट्यूब पर हमेशा ट्रेंडिंग में बने रहते हैं. सपना चौधरी के चाहने वाले भी उनके लेटेस्ट सॉन्ग रिलीज होने का बड़ी बेसब्री से इंतजार करते रहते हैं.

इन दिनों सपना का एक डांस वीडियो यूट्यूब पर काफी लोकप्रिय हो रहा है. वीडियो में सपना हरियाणवी सॉन्ग ‘तेरी आंख्या का यो काजल’ (Teri Ankho Ka yo Kajal) गाने पर जबरदस्त डांस परफॉर्मेंस करती नजर आ रही हैं. इस लाइव शो के दौरान सपना चौधरी को सफेद सूट पहने शानदार डांस मूव्स करते देखा जा रहा है. सपना इस लुक में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं. सपना के इस डांस वीडियो को यूट्यूब पर 1 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है.

सपना के इस लाइव शो डांस परफॉर्मेंस को भारी संख्या में लोग देखते नजर आ रहे है. परफॉर्मेंस के दौरान शानदार एक्सप्रेशन और देसी डांस स्टाइल से सपना ने धमाल मचा दिया है. ‘तेरी आंख्या का यो काजल’ गाने को डीसी मदाना ने गाया है. जबकि इसके बोल वीर दहिया ने लिखे हैं. ये सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले हरियाणवी सॉन्ग में से एक है.

बता दें कि सपना चौधरी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं. वह अपने डांस वीडियो फैन्स के साथ सोशल मीडिया पर भी शेयर करती रहती हैं. जो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं. हाल ही में डांसिंग क्वीन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर बताया था कि वह इन दिनों लाइव स्टेज परफॉर्मेंस को बेहद मिस कर रही हैं.