Home Blog Page 201

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीनी सोशल मीडिया Weibo से हटाया अपना अकाउंट

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने चीन पर नकेल कसने के लिए कमर कस ली है. इसी के मद्देनजर हाल में ही 59 चीनी एप्स को बैन कर दिया है. इन 59 एप्स में Tik Tok और Weibo जैसे एप भी शामिल हैं जो काफी पॉपुलर हैं. अब सूत्रों के हवाले से खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना अकाउंट Weibo से हटा दिया हैं. पीएम मोदी ने कुछ साल पहले ही Weibo ज्वाइन किया था.

सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि वीआईपी खातों के लिए, Weibo को छोड़ना जटिल प्रक्रिया है. यही वजह है कि आधिकारिक प्रक्रिया शुरू होने के बाद भी अनुमति देने में बहुत देरी की जा रही है. बता दें कि Weibo पर पीएम मोदी के 115 पोस्ट थे. यह मैन्युअल रूप से उन्हें हटाने का निर्णय लिया गया और बहुत प्रयास के बाद 113 पोस्ट को हटा दिया गया है.

बता दें कि हाल में ही चीन के साथ सीमा पर जारी गतिरोध के बीच बड़ा फैसला किया गया. भारत में 59 चीनी एप्स पर प्रतिबंध लगा दी गई है. जिन एप्स पर प्रतिबंध लगाया गया है उनमें टिकटॉक, यूसी ब्राउजर, शेयर इट आदि एप्स हैं. इनके अलावा हैलो, लाइक, कैम स्कैनर, शीन क्वाई भी बैन कर दिया गया है. बायडू मैप, केवाई, डीयू बैटरी स्कैनर भी बैन हो गया है. बता दें कि सरकार ने इन चीनी एप्स पर आईटी एक्ट 2000 के तहत बैन लगाया है.

इससे पहले भारतीय सुरक्षा एजेंसियों से चाइनीज एप की एक लिस्ट तैयार कर केंद्र सरकार से अपील की थी इनको बैन किया जाए या फिर लोगों को कहा जाए कि इनको तुरंत अपने मोबाइल से हटा दें. इसके पीछे दलील ये दी गई थी कि चीन भारतीय डेटा हैक कर सकता है.

टिक टॉक बैन होने पर TMC सांसद नुसरत जहां ने कहा- उन लोगों का क्या, जो बेरोज़गार होंगे ?

भारत चीन सीमा विवाद के बीच डाटा सुरक्षा का हवाला देते हुए भारत सरकार ने हाल ही में चीन के 59 एप्स पर पाबंदी लगाई है. बैन होने वाले एप में मशहूर वीडियो एप टिक टॉक भी शामिल हैं. अब टीएमसी सांसद (TMC MP) नुसरत जहां (Nusrat Jahan) ने टिक टॉक बैन करने के सरकार फैसले पर सवाल खड़े किए हैं.

नुसरत जहां ने आज कोलकाता में इसकॉन की ओर से आयोजित उल्टा रथ यात्रा सेलिब्रेशन में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने टिक टॉक बैन होने पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, “टिक टॉक एक मनोरंजन एप है. यह आवेग में लिया गया फैसला है. रणनीतिक योजना क्या है? उन लोगों का क्या जो बेरोज़गार होंगे? लोगों को नोटबंदी की तरह इसे भी झेलना पड़ेगा. मुझे बैन से कोई दिक्कत नहीं क्योंकि ये राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए है. लेकिन इन सवालों का जवाब कौन देगा?

आपको बता दें कि नुसरत जहां मशहूर बंगाली अभिनेत्री हैं. उन्होंने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की ओर से बसीरहाट से चुनाव लड़ा और जीता भी. नुसरत अपने बयानों के लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं.

ट्विटर पर एक पोस्ट के जरिए टिक टॉक इंडिया के हैड निखिल गांधी ने कहा है, ”भारत सरकार ने 59 ऐप्स को बैन करने का फैसला लिया है. हम इस आदेश को मान रहे हैं. इसके लिए हम सरकारी एजेंसियों से मुलाकात भी करेंगे और अपनी सफाई पेश करेंगे.”

उन्होंने आगे कहा कि ”टिक टॉक भारत के कानून का सम्मान करता है. टिक टॉक ने भारत के लोगों का डाटा चीनी सरकार समेत किसी भी विदेशी सरकार को नहीं भेजा है. अगर हमसे ऐसा करने को कहा भी जाता है फिर भी हम ऐसा नहीं करेंगे.”

प्रियंका गांधी के सरकारी बंगले का आवंटन रद्द, 1 अगस्त तक खाली करने का आदेश

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Congress General Secretary) को मिले सरकारी बंगले का आवंटन रद्द कर दिया गया है. अब उन्हें 1 अगस्त तक बंगला खाली करना होगा. कांग्रेस नेता से 35 लोधी इस्टेट वाला बंगला वापस ले लिया गया है. प्रियंका गांधी को एसपीजी सिक्योरिटी (SPG Security) मिली हुई थी इसलिए ये बंगला मिला हुआ था. उनको मिली एसपीजी सिक्योरिटी पहले ही हटाई जा चुकी है.

21 फरवरी 1997 को प्रियंका गांधी को ये बंगला आवंटित हुआ था. तब से लेकर अभी तक वो और उनका परिवार वहां रहता आ रहा है. अब बंगला खाली करने के लिए एक महीने का समय दिया गया है. केंद्र सरकार के हाउसिंग डिपार्टमेंट ने ये आदेश दिया है.

आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि एसपीजी सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद उन्हें मौजूदा आवास ‘35 लोधी स्टेट’ खाली करना पड़ेगा क्योंकि जेड प्लस (Z Plus) की श्रेणी वाली सुरक्षा में आवासीय सुविधा नहीं मिलती.

सरकार ने पिछले साल नवंबर में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi), पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Former Congress President Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली थी और उन्हें जेड-प्लस श्रेणी सुरक्षा दी थी. मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि अगर वह अगले महीने में बंगला खाली नहीं करती हैं तो फिर उन्हें नियमों के मुताबिक किराया और क्षतिपूर्ति का भुगतान करना होगा.

दिल्ली में कोरोना के 2442 नए केस, पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 89802 हुई

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस (Coronavirus) के 2442 नए केस सामने आए हैं और 61 लोगों की मौत हुई है. नए मामलों के सामने आने के साथ ही दिल्ली में कोरोना वायरस के पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर 89802 हो गई है. इसमें से 27007 एक्टिव केस हैं और 59992 लोग इलाज के बाद रिकवर हो गए हैं. वहीं अब तक दिल्ली में इस वायरस की वजह से 2803 लोगों की मौत हो चुकी है.

दिल्ली सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक दिल्ली में 551708 टेस्ट किए जा चुके हैं. प्रति दस लाख की आबादी पर 29037 टेस्ट हुए हैं. बुधवार को 9913 आरटीपीसीआर टेस्ट किए गए. वहीं 10043 रैपिड एंटीजिन टेस्ट किए गए. इसके साथ ही जानकारी दी गई कि दिल्ली में बुधवार तक 437 कंटेनमेंट जोन हैं. वहीं 16703 लोग होम आइसोलेशन में हैं.

वहीं बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Delhi CM Arvind Kejariwal) ने कहा कि दिल्ली सरकार, केंद्र और अन्य संगठनों के संयुक्त प्रयासों से कोविड-19 (COVID-19) की स्थिति अभी नियंत्रण में आ गई है. लेकिन उन्होंने लोगों को आगाह किया कि सामाजिक और व्यक्तिगत व्यवहार में किसी भी चूक से मामलों में फिर बढ़ोतरी हो सकती है.

मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि स्थिति उतनी भयावह  नहीं है जितना एक महीने पहले अनुमान लगाया गया था. उन्होंने कहा कि यहां इलाजरत मरीजों की संख्या बढ़ने के बजाय घट रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की वेबसाइट ने कुल एक लाख कोविड-19 मामलों का और 30 जून तक 60,000 संक्रमित मामलों को अनुमान लगाया था. लेकिन अभी उपचाररत मरीजों की संख्या लगभग 26,000 है.

सीएम ने कहा, ‘‘इस अनुमान के बाद हम चुपचाप नहीं बैठे रहे और उन सभी लोगों से संपर्क करना शुरू कर दिया जो स्थिति से निपटने में हमारी मदद कर सकते थे. हमने मदद के लिए होटलों, बैंक्वेट हॉल, केंद्र, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से संपर्क किया.’’ उन्होंने कहा, “जहां हमें मदद नहीं मिली, वहां उनके पैर पकड़े.’’

केंद्र पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में कोरोना वायरस संबंधी तैयारियों पर पर नजर रख रहा है. हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ( Amit Shah) ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए घर-घर सर्वेक्षण, जांच में तेजी और बेड की संख्या बढ़ाने सहित कई कदमों की घोषणा की.

Tamil Nadu Boiler Blast: तमिलनाडु के न्यूवेली थर्मल प्लांट में बड़ा धमाका, कई लोगों की मौत होने की आशंका

तमिलनाडु के न्यूवेली थर्मल प्लांट के स्टेज-2 के एक बॉयलर में बड़ा धमाका हुआ है. इस धमाके में कई लोगों की मौत होने की खबर है. फिलहाल 17 घायलों को एनएलसी लिग्नाइट अस्पताल लेकर जाया गया है. बताया जा रहा है कि इस प्लांट में कोयले से बिजली बनाई जाती है. प्लांट में फंसे हुए लोगों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है

हालांकि अभी तक स्थानीय प्रशासन की ओर से किसी के मरने की पुष्टि नहीं की गई है. फिलहाल मौका ए वारदात पर तमाम अधिकारी पहुंच गए हैं.  हालांकि अभी धमाके की वजहों का पता नहीं चल सका है. ये भी संभावना जताई जा रही है कि इस हादसे में हताहतों की संख्या बढ़ सकती है. फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर आग और धुएं को काबू करने में जुटी हुई हैं.

बता दें कि ये कंपनी 3940 मेगावाट बिजली पैदा करती है. वहीं, जिस प्लांट में विस्फोट हुआ है उसमें 1,470 मेगावट बिजली पैदा होती है. इस कंपनी में 15 हजार संविदाकर्मियों सहित करीब 27 हजार कर्मचारी दिन रात काम करते हैं.

Coronavirus: देश में पिछले 24 घंटों में 507 लोगों की मौत, 18 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए

भारत में संक्रमित लोगों की कुल संख्या छह लाख के करीब पहुंच गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 5 लाख 85 हजार 493 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं. इसमें से 17,400 की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लाख 47 हजार लोग ठीक भी हुए हैं. पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 18 हजार 653 नए मामले सामने आए और 507 मौतें हुईं.

देश में लगातार 8वें दिन कोविड-19 के 15,000 से अधिक नए मामले सामने आए हैं. मरीजों के ठीक होने की दर 59.07 प्रतिशत है. कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. देश में एक जून से अब तक 3 लाख 76 हजार 305 मामले सामने आए हैं. आईसीएमआर के अनुसार, 29 जून तक देश में कुल 86,08,654 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ, जिनमें से 2,10,292 लोगों का टेस्ट सोमवार को हुआ.
कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का चौथा सबसे प्रभावित देश है. अमेरिका, ब्राजील, रूस के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में भारत चौथे स्थान पर है. भारत से अधिक मामले अमेरिका (2,727,398), ब्राजील (1,408,485), रूस (647,849) में हैं. लेकिन भारत में मामले बढ़ने की रफ्तार दुनिया में तीसरे नंबर पर बनी हुई है. अमेरिका और ब्राजील के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा मामले भारत में दर्ज किए जा रहे हैं.

चाइनीज ऐप बंद करने से क्या होगा फायदा और क्या होगा नुकसान ?

59 चाइनीस ऐप पर भारत सरकार ने बैन लगाने का फैसला किया है.जिसके बाद देश भर में खुशी का माहौल है लोग सरकार के इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं और लोग यह भी कह रहे हैं कि चाइनीज पर बैन लगाने के बाद चीनी कंपनियों की कमाई बंद हो जाएगी और ऐसे में चीन की कमर टूट जाएगी.

कुल मिलाकर यह खबर सुनने में काफी अच्छी लग रही है लेकिन हकीकत में ऐसा कुछ भी नहीं होने वाला है. क्योंकि इन चाइनीस है पर सिर्फ बैन लगा चाइनीस ऐप ब्लॉक नहीं किए गए हैं बैन और ब्लॉक में फर्क होता है.

बैन का मतलब यह चाइनीज है अब सिर्फ प्ले स्टोर पर आपको नहीं मिलेंगे, लेकिन जिनके स्मार्टफोन में यह पहले से डाउनलोड है वह उसका लाभ निरंतर उठा सकते हैं. यानी चाइनीज कंपनियों को होने वाली कमाई पूरी तरह से बंद नहीं होने वाली है.

अगर सरकार इसे ब्लॉक करने का कदम उठाती तो शायद अच्छा होता क्योंकि ब्लॉक करने के बाद यह ऐप भारत में पूरी तरह से बंद हो जाता और चाइनीस कंपनियों को इससे होने वाली कमाई भी बंद हो जाती. अगर आपको ब्लॉक किया जाता तो इसका फायदा भारत को होता और नुकसान चीन को, लेकिन इस ऐप को सिर्फ बैन किया गया है यानी भारत सरकार के इस फैसले के बाद भी चीनी कंपनियों को फायदा होता रहेगा और ऐसे में चीन की कमर टूटना एक दूर का ख्वाब है.

मामा ने रिश्ते को किया शर्मसार, 9 साल की भांजी को बनाया अपनी हवस शिकार  

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में तिंदवारी थाना क्षेत्र के एक गांव में रात नानी के साथ सो रही नौ साल की बच्ची को घर से जंगल ले जाकर उसके मामा ने कथित रूप से बलात्कार किया है. पुलिस ने आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।.

तिंदवारी थाना के प्रभारी निरीक्षक राम दिनेश तिवारी ने बताया कि शनिवार की रात क्षेत्र के एक गांव में अपने ननिहाल में रहकर तीसरी कक्षा की पढ़ाई कर रही नौ साल की बच्ची रोजाना की तरह अपनी नानी के साथ सो रही थी. तभी सोते समय उसका सगा मामा चंदू उसे उठाकर जंगल ले गया और वहां मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ बलात्कार किया.

उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बच्ची को बेहोशी की हालत में घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तिंदवारी-बबेरू मार्ग पर क्योटरा गांव के पास जंगल में छोड़कर फरार हो गया. तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर रविवार को पहुंची पुलिस ने बच्ची को जंगल से बेहोशी की हालत में बरामद कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

एसएचओ ने बताया कि इस सिलसिले में बच्ची के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने बच्ची के साथ बलात्कार का अपराध स्वीकार किया है.

सोशल मीडिया पर CJI की आलोचना, बिना मास्क और हेलमेट हार्ले डेविडसन की राइड पड़ी महंगी   

भारत के सर्वोच्च न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश शरद अरविंद बोबडे (Sharad Arvind Bobde,Chief Justice of India) विवादों में घिर गए जहां कोरोनावायरस की वजह से देश भर में लॉकडाउन की स्थिति है और देश के कई कोर्ट भी बंद रखे गए हैं. केवल बेहद जरूरी मामलों में ही जज अपने आवाज से ही मामलों की सुनवाई कर रहे हैं.

ऐसे में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया शरद अरविंद बोबडे एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है इस तस्वीर में सीजीआई नागपुर स्थित राजभवन के पास हार्ले डेविडसन (Harley Davidson) मोटरसाइकिल पर सवारी करते दिख रहे हैं. वह भी बिना मास्क लगाए ऐसे में सोशल मीडिया पर चीफ जस्टिस लोगों की आलोचनाओं का शिकार हो रहे हैं.

लोगों का कहना है कि जब सुप्रीम कोर्ट बंद है और लोगों की मौलिक अधिकार का हनन हो रहा है.ऐसे में जस्टिस बोबडे इस तरह का कदम कैसे उठा सकते हैं. बहरहाल यह कोई पहला मौका नहीं है कि जब चीफ जस्टिस की आलोचना की जा रही हो इससे पहले भी चीफ जस्टिस आरोपों का शिकार हो चुके हैं.

हलाकि कई लोग CJI के कूल होने की बात भी कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर लोग उनके शौक की भी बाते कर रहे हैं. कुलमिलाकर सोशल मीडिया पर दोनों ही तरह की बाते हो रही है कुछ लोग देश के  न्यायाधीश की आलोचना कर रहे हैं तो कई लोग उनके अंदाज की तारीफ़ कर रहे हैं.

महाराष्ट्र: पिछले 24 घंटे में आए कोरोना के रिकॉर्ड 5493 नए केस, अब तक कुल 7429 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में कोविड-19 के एक दिन में रिकॉर्ड 5493 नये मामले सामने आने के साथ ही कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 164626 हो गई. एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इसके अलावा, कोविड-19 से और 156 लोगों की मौत होने के साथ ही राज्य में महामारी से जान गंवाने वालों का आंकड़ा बढ़कर 7,429 हो गया.

अधिकारी ने बताया कि जान गंवाने वाले 156 लोगों में से 60 मौत बीते 48 घंटों के दौरान हुईं जबकि अन्य की मौत पहले हुई थी. अधिकारी ने बताया कि दिन में 2,230 लोगों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दी गई जिससे ठीक हुए लोगों की संख्या 86,575 हो गई है. राज्य में अब भी 70,607 मरीज इलाजरत हैं. अब तक 9,23,502 लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण के लिए जांच की गई है.

वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को कहा कि 30 जून के बाद भी राज्य में लॉकडाउन की पाबंदियां जारी रहेंगी. टेलीविजन पर संबोधन में ठाकरे ने पाबंदियों में ढील दिए जाने से इंकार करते हुए कहा कि राज्य में कोरोना वायरस का खतरा अब भी बना हुआ है. ठाकरे ने बाद में ट्वीट किया, ‘‘क्या 30 जून के बाद लॉकडाउन हटाया जाएगा? स्पष्ट उत्तर ‘नहीं’ है.’’

सीएम ठाकरे ने कहा कि अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के लिए अनलॉक की प्रक्रिया को धीरे-धीरे लागू किया जा रहा है, जिसे ‘मिशन बिगिन अगेन’ नाम दिया गया है. उन्होंने कहा कि 30 जून के बाद पाबंदियों में कुछ ढील होगी लेकिन धीरे-धीरे ज्यादा ढील दी जाएगी.

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य में मिशन बिगिन अगेन के तहत अनलॉक प्रक्रिया शुरू की गई है. 30 जून के बाद भी पाबंदियां जारी रहेंगी लेकिन धीरे-धीरे लोगों को ज्यादा ढील दी जाएगी.’’ मुख्यमंत्री कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘मामले के आधार पर ढील दी जाएगी. उदाहरण के लिए यात्री परिवहन पर कुछ पाबंदियां जारी रहेंगी लेकिन कुछ स्थानीय सेवाओं को अनुमति दी जाएगी.’’

सीएम ठाकरे ने कहा कि चूंकि बड़ी संख्या में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं, इसलिए कड़ा अनुशासन लागू रहना जरूरी है. उन्होंने कहा, ‘‘मैं लॉकडाउन शब्द का प्रयोग नहीं भी कर रहा हूं तो भी गलतफहमी में नहीं रहें और सुरक्षा कम नहीं करें. वास्तव में हमें ज्यादा अनुशासन दिखाने की जरूरत है.’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट अभी खत्म नहीं हुआ है. उन्होंने कहा, ‘‘हम इस युद्ध को अंतिम चरण में आधा-अधूरा नहीं छोड़ सकते. मुझे विश्वास है कि आप सरकार के साथ सहयोग करते रहेंगे ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि लॉकडाउन फिर से लागू नहीं हो.’’ उन्होंने कहा कि हम शिक्षा को फिर से शुरू करने पर ध्यान दे रहे हैं क्योंकि यह स्कूल खोले जाने से ज्यादा महत्वपूर्ण है.