Home Blog Page 202

संजय सिंह ने कहा, बेरोजगारों के साथ मजाक कर रही है योगी सरकार

आम आदमी पार्टी (आप) के संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को आड़े हाथ लेते हुए उस पर रोजगार देने के नाम पर बेरोजगारों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है. आप के राज्यसभा सांसद और पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने रविवार को डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोजगार, मनरेगा, अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राज्य की भाजपा सरकार को घेरा.

इसके साथ ही संजय सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘उतर प्रदेश के नौजवानों आप रोज़गार के लिये तरस रहे हैं पूर्वांचल विश्व विद्यालय के VC ने आपके लिये रोज़गार तलाश लिया है कह रहे हैं “ट्रेन में खँजरी बजाओ भीख मँगना भी एक रोज़गार है” पकौड़ा के बाद कटोरा योजना.’

संजय सिंह ने योगी सरकार के एक करोड़ लोगों को रोजगार देने के अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि आंकड़ों के अनुसार साल 2019 में राष्ट्रीय स्तर पर लोगों को मनरेगा के तहत औसतन मात्र 52 दिन काम दिया गया है, वहीं उत्तर प्रदेश में मात्र 42 दिन ही लोगों को काम मिला है. आप नेता का कहना था कि इस हिसाब से योगी सरकार ने एक परिवार को एक साल में मात्र 8442 रुपये ही दिये तथा यह सच्चाई है और योगी सरकार रोजगार देने के नाम पर प्रदेश के बेरोजगारों के साथ धोखा, मजाक कर रही है.

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने राज्य में न तो कोई फैक्टरी लगाई और ना ही रोजगार के कोई दूसरे अवसर पैदा किए, मगर इसके बावजूद योगी सरकार कह रही है कि एक करोड़ नए रोजगार दिए जा रहे हैं.
सिंह ने आरोप लगाया कि योगी सरकार ने तमाम भर्तियों में बेरोजगारों से फॉर्म भरवाने के नाम पर बेरोजगारों से करोड़ों रुपए वसूल लिये लेकिन परीक्षा के बाद परिणाम नहीं आया तथा कुछ नतीजे आये भी तो वे अदालत में लटक गए.

उन्होंने कहा कि कानपुर बाल संरक्षण गृह में कोविड-19 संक्रमित पाई गई 57 में से सात बच्चियां गर्भवती हो गईं. उन्होंने सवाल किया कि आखिर वो दरिंदे कौन हैं जिनकी वजह से बच्चियां गर्भवती हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार ऐसे दरिंदों के खिलाफ कार्यवाही करने के बजाय उन्हें बचा रही है. सरकार के इशारे पर जिला प्रशासन बेतुकी बयानबाजी कर मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है.

आप प्रवक्ता ने कहा कि चीन को सबक सिखाने के लिए केंद्र सरकार को चरणबद्ध तरीके से योजना बनाकर चीनी सामान का बहिष्कार करना चाहिए. चीन को आर्थिक रूप से चोट पहुंचाने के लिये चीन से व्यापार बन्द होना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस समय पूरा देश चाहता है कि सैनिकों की शहादत व्यर्थ नहीं जानी चाहिये. मोदी सरकार चीन को मुंह तोड़ जवाब दे.

चीन ने 1962 के युद्ध के बाद भारत के 45 हजार वर्ग किमी क्षेत्र पर कब्जा किया- शरद पवार

चीन के साथ गतिरोध को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप प्रत्यारोप के बीच पूर्व रक्षा मंत्री एवं राकांपा प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि यह कोई नहीं भूल सकता कि चीन ने 1962 के युद्ध के बाद भारत के लगभग 45,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर कब्जा कर लिया.

पवार की टिप्पणी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस आरोप पर आई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन की आक्रामकता के चलते भारतीय क्षेत्र उसे सौंप दिया.राकांपा नेता ने कहा कि लद्दाख में गलवान घाटी की घटना को रक्षा मंत्री की नाकामी बताने में जल्दबाजी नहीं की जा सकती क्योंकि गश्त के दौरान भारतीय सैनिक चौकन्ने थे.

यहां पत्रकारों से बातचीत में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह पूरा प्रकरण ‘संवेदनशील’ प्रकृति का है. गलवान घाटी में चीन ने उकसावे वाला रुख अपनाया.गौरतलब है कि पूर्वी लद्दाख में 15 जून को चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में भारत के 20 सैन्यकर्मी शहीद हो गए.

पूर्व रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत संपर्क उद्देश्यों के लिए अपने क्षेत्र के भीतर गलवान घाटी में एक सड़क बना रहा था.पवार ने कहा, ‘उन्होंने (चीनी सैनिकों ने) हमारी सड़क पर अतिक्रमण करने की कोशिश की और धक्कामुक्की की. यह किसी की नाकामी नहीं है. अगर गश्त करने के दौरान कोई (आपके क्षेत्र में) आता है, तो वे किसी भी समय आ सकते हैं. हम तुरंत यह नहीं कह सकते कि यह दिल्ली में बैठे रक्षा मंत्री की नाकामी है.’

उन्होंने कहा, ‘वहां गश्त चल रही थी. झड़प हुई इसका मतलब है कि आप चौकन्ना थे. अगर आप वहां नहीं होते तो आपको पता भी नहीं चलता कि कब वे (चीनी सैनिक) आए और गए. इसलिए मुझे नहीं लगता कि इस समय ऐसा आरोप लगाना सही है.’

राहुल गांधी द्वारा लगाए एक आरोप पर जवाब देते हुए पवार ने कहा कि यह कोई नहीं भूल सकता कि दोनों देशों के बीच 1962 के युद्ध के बाद चीन ने भारत की करीब 45,000 वर्ग किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया था.उन्होंने कहा, ‘यह जमीन अब भी चीन के पास है. मुझे नहीं मालूम कि क्या उन्होंने (चीन) अब फिर से कुछ क्षेत्र पर अतिक्रमण कर लिया. लेकिन जब मैं आरोप लगाता हूं तो मुझे यह भी देखना चाहिए कि जब मैं सत्ता में था तो क्या हुआ था. अगर इतनी बड़ी जमीन अधिग्रहित की जाती है तो इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है और मुझे लगता है कि इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए.’

पवार ने तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र पर प्रहार करते हुए कहा कि उन्होंने इसकी कीमतें रोजाना बढ़ते हुए कभी नहीं देखी थी.उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि लोग पहले से संकट में हैं और विस्तारित लॉकडाउन के चलते अर्थव्यवस्था संकट का सामना कर रही है.उन्होंने कहा कि केंद्र को ऐसे फैसले लेने चाहिए जो अर्थव्यवस्था को वापस पटरी पर लेकर आए.

पवार ने कहा, ‘लोग इस समय किसी अन्य कारण को लेकर नहीं कुछ बोल रहे हैं, जो कुछ हो रहा है उसे बर्दाश्त करने की लोगों के अंदर पहले से भावना है और वे (केंद्र) इस स्थिति (कीमतें बढ़ाने का) का नुकसान उठा रहे हैं.’

भाजपा के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) गोपीचंद पडलकर के उनके खिलाफ हालिया टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर राकांपा प्रमुख ने कहा कि पिछले चुनावों में मतदाताओं ने उन्हें नकार दिया था और उनकी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देने की कोई जरूरत नहीं है.पडलकर ने कहा था कि ‘पवार कोरोना है जिसने महाराष्ट्र को संक्रमित कर दिया है.’

upresults.nic.in, upmsp.edu.in पर देखें यूपी बोर्ड 10वीं, 12वीं के नतीजे | UP Board 10th, 12th Result 2020

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की ओर से 27 जून को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 के नतीजे upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर घोष‍ित क‍िए जाएंगे. परिणाम इस बार लखनऊ से जारी होंगे. ज‍िन छात्रों ने ये परीक्षा दी है, वे 27 जून को दोपहर 12:30 बजे से अपने र‍िजल्‍ट देख सकते हैं.

UP Board 10vi, 12vi 2020 ke nateeje kaise dekhein ( How to check UP Board Result)

  1. सबसे पहले आपको यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upresults.nic.in या upmsp.edu.in पर जाना होगा.
  2. यहां आपको दसवीं और बारहवीं कक्षा का लिंक मिलेगा.
  3. अपनी कक्षा को सलेक्ट कर (जैसे आप दसवीं के छात्र हैं तो दसवीं के लिक को क्लिक करना होगा) रिजल्ट लिंक पर क्लिक करके अपना रोल नंबर और विवरण भरना होगा.
  4. आपके द्वारा दी गई जानकारी को भरते ही मार्कशीट आपके सामने होगी.
  5. आप चाहें तो आधिकारिक वेबसाइट से अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं और उसकी प्रिंट कॉपी निकाल सकते हैं.

ज‍िन छात्रों और छात्राओं ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद रिजल्ट से इस साल 10वीं-12वीं की परीक्षाएं दी हैं, उनको पास होने के लिए हर विषय में कम से कम 35 प्रतिशत अंक की जरूरत होगी.प‍िछले साल 12वीं में पास होने वाले छात्रों का प्रतिशत 70.2 फीसदी था. वहीं 80.7 प्रतिशत छात्रों ने 10वीं कक्षा की परीक्षा पास की थी. यूपी बोर्ड 2020 के 10वीं और 12वीं के नतीजों के घोष‍ित होने का काफी समय से छात्रों को इंतजार था. इस बार कोरोना के फैल जाने से नतीजे भी प्रभाव‍ित हुए हैं. ये नतीजे आने के बाद आगे 12वीं और ग्रेजुएशन के ल‍िए एडम‍िशन प्रक्र‍िया शुरू हो जाएगी. इच्‍छुक छात्र इसके ल‍िए आध‍िकार‍िक ल‍िंक चेक कर सकते हैं.

आईएनएस के मुताबिक, इस बार हाईस्कूल इंटर की परीक्षा में कुल 56 लाख 11 हजार 72 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे. जिनमें हाईस्कूल के 30 लाख 24 हजार 632 व इंटर में 25 लाख 86 हजार 4 सौ 40 परीक्षार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया है. हाईस्कूल परीक्षा में 1662334 बालक व 1362298 बालिकाएं तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में 1464604 बालक व 1121836 बालिकाएं शामिल हुए थे

UP Board 10vi 12vi ki pareekshayein

इस साल हाईस्कूल एवं इटरमीडिएट की परीक्षाएं एक साथ 18 फरवरी को शुरू हुईं. हाईस्कूल की परीक्षाएं 3 मार्च को 12 दिन में खत्म हुई थीं. वहीं इंटर की परीक्षाएं 6 मार्च को 15 दिन में समाप्त हुई थीं और 16 मार्च से मूल्यांकन शुरू हो गया था, लेकिन बीच में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 18 मार्च को मूल्यांकन स्थगित कर दिया गया था जो 12 मई के बाद फिर से शुरू किया गया.

गलवान घाटी के शहीदों के परिजनों को मिलेगी सरकारी नौकरी, बिहार कैबिनेट बैठक में हुआ फ़ैसला

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक (Cabinet Meeting) में फ़ैसला लिया गया कि गलवान घाटी में शहीद हुए जवानों (Martyrs) के परिजनों को सरकारी नौकरी (Government Jobs) दी जाएगी. इसके अलावा बैठक में राज्य में औद्योगिक नीति को स्वीकृति देने के साथ ही भूतही बलान, कमला बलान के तटबंधों और कोसी नहर परियोजना के लिए 2746 करोड़ रुपये को मंजूर दी गई है. नीतीश कुमार की अगुवाई में हुई कैबिनेट की बैठक में बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति-2016 में संशोधन को मंजूरी दी गयी है. साथ ही ये तय भी किया गया कि सूबे में 500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने पर कुछ छूटें मिलेंगी. इसके अलावा बैठक में न्यूनतम 25 लाख रुपये से अधिक निवेश के साथ 25 लोगों को रोजगार देने पर भी सरकार ने छूट देने पर विचार किया है. ज्ञात हो कि नयी नीति के तहत कुछ क्षेत्रों में प्राथमिकता मिलेगी. कैबिनेट की बैठक में मधुबनी के भूतही बलान तटबंध के विस्तार के लिए 48 करोड़ 43 लाख 68 हजार रुपये स्वीकृत किए गए है. इसके तहत कमला बलान तटबंध को ऊंचा करने सुदृढ़ करने और पक्का करने के लिए 325 करोड़ 12 लाख 32 हजार रुपये खर्च की स्वीकृति दी गयी. साथ ही पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के लिए 2372 करोड़ 52 लाख 80 हजार रुपये के खर्च को भी मंज़ूर किया गया है.    

‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार योजना’ से 31 जिलों में करोड़ों लोगों को लाभ होगा: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गयी ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार योजना’ से राज्य के 31 जिलों में रह रहे करोड़ों लोगों को लाभ होगा और उन्हें अपने घर के पास ही रोजगार के अवसर मिलेंगे.

गरीबों और ग्रामीण क्षेत्र के कल्याण के लिए यह ‘‘अभूतपूर्व’’ योजना लाने की खातिर प्रधानमंत्री और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए शाह ने कहा कि कार्यक्रम से न केवल गांवों के आधारभूत ढांचे में विकास होगा बल्कि यह ग्रामीण भारत के संपूर्ण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, ‘‘उत्तरप्रदेश के श्रमिकों के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार अभियान’ की शुरुआत की. इस अभियान को ‘गरीब कल्याण रोजगार अभियान’ से जोड़ा गया है, जिससे राज्य के विकास की गति दोगुनी होगी.’’ गृह मंत्री ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार अभियान’ से राज्य के 31 जिलों के करोड़ों श्रमिकों को लाभ मिलेगा और उन्हें अपने घर के नजदीक रोजगार के अवसर मिलेंगे.

उन्होंने कहा, ‘‘इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना, शौचालयों के निर्माण, एक्सप्रेस वे का निर्माण, पौधारोपण जैसे विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे. इससे न केवल गांवों के आधारभूत ढांचे में सुधार आएगा बल्कि ग्रामीण भारत के संपूर्ण विकास में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.’’

प्रधानमंत्री ने ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार अभियान’ की शुरुआत की है ताकि रोजगार मुहैया कराने के लिए स्थानीय उद्यमिता और उद्योगों के जुड़ाव को बढ़ावा दिया जा सके.

मोनालिसा (Monalisa) के हुस्न ने पवन सिंह को बनाया दीवाना, वीडियो हुआ वायरल

मोनालिसा (Monalisa) भोजपुरी की उन एक्ट्रेस में से हैं जो पवन सिंह, निरहुआ उर्फ दिनेश लाल यादव, खेसारी लाल यादव,रवि किशन के साथ वह काम कर चुकी है.मोनालिसा  का एक गाना काफी यू-ट्यूब पर देखा जा रहा है. इस गाने के बोल है मुआई दिहल राजाजी (Muaai Dihala Rajaji). इस गाने में उनके साथ पवन सिंह है. सईयां जी दिलवा मांगेली फिल्म के इस गाने को गाया है कल्पना ने और इसे संगीत दिया है राजेश गुप्ता ने तो वहीं गाने के बोल लिखे है विनय बिहारी ने.

Neelkamal Singh Bhojpuri Gana Video: नीलकमल का नया भोजपुरी गाना बना रहा है फैंस को दीवाना, देखें वीडियो

भोजपुरी सिंगर और एक्टर नीलकमल काफी हिट हो गए हैं. इनके गाने रिलीज होते ही हिट होने लगते हैं और लाखों व्यूज भी बटोर लेते हैं. ऐसा ही कुछ इस बार भी हुआ है और ‘बदनाम भईनी तोहरे नाम से’ गाना लोगों को काफी पसंद आ रहा है. इस गाने को नीलकमल ने गाया है और अरुण बिहारी ने इसके लिरिक्स लिखें हैं. इस गाने की हीरोइन ने कई ड्रेस पहनी हैं, जो काफी खूबसूरत नजर आ रही हैं.

इस वीडियो में आप देखेंगे कि कैसे हीरो अपनी हीरोइन को मना रहे हैं और खुश करने की कोशिश कर रहे हैं. इतना ही नहीं हीरो हीरोइन का खूब रोमांस भी दिखाया गया है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है. नीलकमल का ये भोजपुरी गाना वीडियो आप भी यहां देख सकते हैं और एंजॉए कर सकते हैं.

Corona Crisis : दिल्ली में सभी स्कूल 31 जुलाई तक बंद, होगी ऑनलाइन पढ़ाई

राजधानी दिल्ली कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में एक है. रोज दिल्ली में हजारों नए संक्रमित मरीज पाए जा रहे हैं. अब इस बीच सबसे बड़ा सवाल है कि क्या दिल्ली के स्कूल अभी खुलेंगे या नहीं. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने इसको लेकर स्थिति अब साफ कर दी है.

दिल्ली में स्कूलों को दोबारा खोलने संबंधी योजना पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की. लॉकडाउन के दौरान विभिन्न माध्यमों से शिक्षा जारी रखने संबंधी अनुभवों पर भी चर्चा हुई. इस दौरान इस बात पर भी सहमति बनी कि फिलहाल की स्थिति को देखते हुए स्कूल 31 जुलाई तक बंद रखे जाएं.

बता दें कि इससे पहले मनीष सिसोदिआ ने स्थिति को लेकर केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक को पत्र लिखा था.

आज की बैठक में मनीश सिसोदिया ने दिल्ली के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल की रिपोर्ट पेश की. प्राथमिक कक्षाओं के बारे में सुझाव आया कि 12 से 15 स्टूडेंट की सप्ताह में एक या दो कक्षा लगाई जाए. क्लास 3rd से 5th वैकल्पिक दिन में लगाने का सुझाव आया.क्लास 9th और 10th के लिए सप्ताह 1 या 2 दिन छोटे समूह में क्लास करने का सुझाव आया. वहीं 11वीं और 12वीं की क्लास वैकल्पिक दिनों में कराने और शेष दिनों में ऑनलाइन शिक्षा का सुझाव दिया गया. इसके अलावा सुझाव दिए गए हैं कि सभी स्टूडेंट की थर्मल स्क्रिनिंग हो, सबको मास्क पहनना जरूरी हो.

Mumbai : फ़िल्म अभिनेता गोविंदा के बेटे यशवर्धन का हुआ एक्सीडेंट, बुधवार रात हुई दुर्घटना

फ़िल्म अभिनेता गोविंदा (Govinda) के बेटे यशवर्धन आहूजा(Yashvardhan Ahuja) की कार का 24 जून की रात को एक्सीडेंट हो गया. बुधवार देर शाम तकरीबन 8:30 बजे के करीब मुंबई के जुहू (Juhu) एरिया में अभिनेता गोविंदा की कार को दूसरी कार ने टक्कर मार दी थी. कार में गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा थे. एक्सीडेंट के बाद खुद गोविंदा घटना स्थल पर पहुंचे. गोविंदा ने यहां लोगों से बातचीत की और वीडियो बनाते भी दिखे.जुहू  पुलिस के मुताबिक़ इस मामले को कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई और रज़ामंदी से गोविंदा और दूसरी पार्टी ने मामला सुलझा लिया.

हालांकि इस कार एक्सीडेंट में किसी को ज्यादा चोट नहीं लगी है. गोविंदा ने इस घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है और बताया है कि उनके बेटे यशवर्धन सुरक्षित हैं. गोविंदा ने इल बारे में मीडिया से बात करते हुए कहा, ”मेरे बेटे यशवर्धन कार चला रहे थे और अचानक सामने से एक कार ने आकर टक्कर मारी दी. हालांकि, मेरे बेटे सुरक्षित हैं. उनके हाथों में कुछ चोटें आई हैं लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है. कार में भी कुछ खरोंचे आई हैं.”

गोविंदा ने आगे कहा, ‘हमने पुलिस में शिकायत नहीं की है क्योंकि ड्राइवर ने हमसे माफी मांग ली है. गाड़ी यश चोपड़ा की थी. उनके साथ हमारा पुराना संबंध है. उनका ड्राइवर कार चला रहा था और वह भी सुरक्षित हैं. रिपोर्ट के मुताबिक गोविंदा एक्सीडेंट होने के बाद मौके पर पहुंचे थे और वहां पर उन्होंने घटना के दौरान मौजूद लोगों से बात भी की.

महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फ़ैसला, 28 जून से खुलेंगे बार्बर शॉप, सैलून और ब्यूटी पार्लर

महाराष्ट्र सरकार ने  28 जून से बार्बर शॉप, सैलून और ब्यूटी पार्लर खोले जाने की अनुमति दे दी है. हालांकि अपॉइंटमेंट के बाद ही ग्राहक इन सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे. सरकार ने सिर्फ हेयर कट, डाईंग, वैक्सिंग और थ्रेडिंग की अनुमति दी है. सरकार के आदेश में कहा गया है कि सभी दुकानदारों को दुकान के बाहर ग्राहकों की जानकारी के लिए नोटिस लगाना होगा. उम्मीद है कि सरकार इसके बाद जल्द ही जिम को भी नई गाइडलाइन और एसओपी के साथ खोलने की इजाजत दे सकती है.

महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री असलम शेख( Aslam Shaikh, Cabinet Minister in Maharashtra Government) ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘मुंबई में जिम और सैलून के लिए गाइडलाइन और एसओपी पर विचार किया जा रहा है. एसओपी तैयार करने के लिए हमने जिम मालिकों और सैलून के मालिकों से बातचीत की है. इसे लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से भी बातचीत की गई है और फैसला लिया गया है कि महाराष्ट्र में जिम और सैलून खोले जाएंगे. लेकिन जिम और सैलून में सरकार द्वारा बताई गई गाइडलाइन और एसओपी का पालन करना होगा.’

उन्होंने कहा कि एक हफ्ते के भीतर जिम और सैलून खोल दिए जाएंगे. जुमे की नमाज की इजाजत पर मंत्री ने कहा कि फिलहाल महाराष्ट्र सरकार की प्राथमिकता राज्य को कोरोना से निजात दिलाने की है. कोरोना पर काबू होते ही सभी धार्मिक प्रतिबंध हटा दिए जाएंगे.