Home Blog Page 199

ममता सरकार का फैसला, पश्चिम बंगाल में 9 जुलाई से सख्त लॉकडाउन

पश्चिम बंगाल सरकार ने मंगलवार को लॉकडाउन के अंदर आने वाले जोन के दायरे में बदलाव करने का फैसला लिया है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कोविड-19 के मामलों में बेतहाशा वृद्धि को काबू करने के मद्देनजर नौ जुलाई से कड़े प्रतिबंध लागू किए जाएंगे.

अधिकारी ने बताया कि कंटेनमेंट और इसके आसपास के बफर जोन को एकसाथ मिलाकर ‘व्यापक आधार’ वाला क्षेत्र बनाया जाएगा, जहां बृहस्पतिवार शाम पांच बजे से संपूर्ण लॉकडाउन लागू किया जाएगा. अधिकारी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन इन इलाकों के निवासियों के लिए जरूरी सामानों की आपूर्ति उपलब्ध कराने की कोशिश करेगा.

अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अलापन बंदोपाध्याय की ओर से जारी आदेश में कहा गया, ‘ ये व्यापक कंटेनमेंट जोन लॉकडाउन के अधीन होंगे और सभी सरकारी एवं निजी कार्यालय, सभी गैर आवश्यक गतिविधियां, समारोह, परिवहन, सभी बाजार, औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियां बंद रहेंगी.’

हालांकि, इसमें यह स्पष्ट नहीं किया गया कि लॉकडाउन के यह ताजा निर्देश कब तक लागू रहेंगे. वहीं, लॉकडाउन का वर्तमान चरण 31 जुलाई तक लागू है.

बता दें कि देश में कोरोना के मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं. हाल ही में कोरोना मामले में भारत ने रुस को पीछे छोड़कर तीसरे नंबर का स्थान दर्ज कर लिया है. भारत अब कोरोना संक्रमित मामलों में दुनिया के तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश बन गया है.

JAC 10th 12th Result 2020 Live Updates: झारखंड बोर्ड 10वीं रिजल्ट आज दोपहर 1 बजे होगा घोषित, जानें कब आएगा 12वीं का रिजल्ट

झारखंड एकेडमिक काउंसिल आज  यानी 8 जुलाई को दोपहर बाद एक बजे मैट्रिक (10वीं ) का रिजल्ट घोषित करेगा. जैक की वेबसाइट पर jacresults.com पर या jac.jharkhand.gov.in जारी किया जाएगा.प्रदेश के शिक्षा मंत्री 8 जुलाई 2020 को दोपहर एक बजे ऑनलाइन माध्यम से जारी करेंगें. झारखण्ड बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी करने की पुष्टि खुद जैक के अध्यक्ष ने की. उन्होंने कहा कि 10वीं कक्षा के नतीजों को लेकर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं.

झारखण्ड बोर्ड मैट्रिक का रिजल्ट जारी होने के बाद इंटर विज्ञान और वाणिज्य का रिज़ल्ट साथ घोषित किया जायेगा. इसके बाद तीसरे चरण में इंटर कला का रिज़ल्ट जारी होगा. झारखंड बोर्ड 10वीं, 12वीं की परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों की संख्या इस साल पिछले वर्ष 2019 की तुलना में करीब 1.36 लाख कम हैं. अर्थात इस साल यानी 2020 में करीब 1.36 लाख स्टूडेंट्स कम रजिस्टर्ड हुए थे.

 

इस साल झारखण्ड बोर्ड मैट्रिक व इंटर की परीक्षा में करीब 6.20 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है. इनमें से 10वीं की परीक्षा में 3.86 लाख स्टूडेंट्स और 12वीं की परीक्षा में 2.34 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए.कोरोना महामारी के कारण लगे लॉकडाउन की वजह से कॉपियों का मूल्यांकन देर से शुरू हुआ, जिसके कारण रिजल्ट आने में भी देर हो हुई है, लेकिन अब ये इंतज़ार ख़त्म होने को है.

कानपुर एनकाउंटर: 4 आईपीएस अधिकारियों का तबादला, डीआईजी एसटीएफ अनंत देव हटाए गए

कानपुर के बिकरू गांव एनकाउंटर मामले के बाद योगी सरकार लगातार जिले में पुलिस अधिकारियों पर कारवाई कर रही है. अब इस मामले में डीआईजी एसटीएफ अनंत देव का तबादला कर दिया गया है. उन्हें अब मुरादाबाद शिफ्ट कर दिया गया है. एनकाउंटर के बाद योगी सरकार लगातार एक्शन में है. इसके अलावा तीन अन्य आईपीएस अधिकारियों का भी तबादला किया है. अब सुधीर कुमार सिंह को एसएसपी एसटीएफ बनाया गया है. पुलिस की 50 टीमें विकास दुबे की तलाश में लगी हुई हैं.

नए एसएसपी और एसटीएफ की अगर बात करें तो सुधीर कुमार सिंह को एसएसपी एसटीएफ बनाया गया है. इसके अलावा एसएसपी वाराणसी प्रभाकर चौधरी को एसएसपी मुरादाबाद नियुक्त किया गया है. एसएसपी मुरादाबाद अमित पाठक को वाराणसी एसएसपी बनाया गया है.

बता दें कि वायरल चिट्ठियों को लेकर तत्कालीन एसएसपी अनंत देव पर सवाल उठे थे. पत्र डिप्टी एसपी ने तत्कालीन एसएसपी अनंत देव को लिखा था जो एसएसपी ऑफिस के रिकॉर्ड में नहीं हैं. इस पत्र मामले की जांच आईजी लक्ष्मी सिंह को सौंपी गई है.

विकास दुबे की तलाश अब भी जारी है. अलग-अलग जिलों में विकास दुबे के पोस्टर लगाए जा रहे हैं. पुलिस ने विकास दुबे पर इनाम को बढ़ाकर ढाई लाख रुपए कर दिया है. साथ ही विकास दुबे की नौकरानी और कुछ रिश्तेदारों पर भी शिकंजा कसा गया है.

राहुल गांधी का हमला- ‘सरकार का आर्थिक कुप्रबंधन लाखों परिवारों को बबार्द करने वाला है लेकिन अब…’

मोदी सरकार पर हमलावर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने ‘आर्थिक कुप्रबंधन’ को लेकर एक बार फिर हमला बोला है. राहुल गांधी ने मौजूदा वित्त वर्ष में अर्थव्यवस्था में भारी गिरावट के अनुमानों की पृष्ठभूमि में दावा किया कि सरकार का आर्थिक कुप्रबंधन लाखों परिवारों को बबार्द करने वाला है, जिसे अब स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने देश की आर्थिक विकास दर में गिरावट के पूर्वानुमान से जुड़ी कुछ खबरें शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘भारत का आर्थिक कुप्रबंधन एक त्रासदी है जो लाखों परिवारों को बर्बाद करने वाला है. इसे अब मौन रहकर स्वीकार नहीं किया जाएगा.’

उधर, सरकार ने सोमवार को कहा कि अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में सुधार के संकेत दिखने लगे हैं. कोरोनावायरस संकट से प्रभावित अर्थव्यवस्था को पुनरुद्धार एवं वृद्धि के रास्ते पर लाने के लिए अनुकूल नीतिगत उपायों के साथ आने वाले समय में और तेजी से पुनरुद्धार की उम्मीद है.

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की जून में जारी रिपोर्ट के अनुसार, भारत की वृद्धि दर शून्य से नीचे 4.5 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया है. यह अप्रैल, 2020 में जारी आईएमएफ के अनुमान के मुकाबले 6.4 प्रतिशत अंक कम है.

इससे पहले राहुल गांधी ने लद्दाख में चीन के पीछे हटने और चीनी पक्ष से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल से बातचीत को लेकर कुछ सवाल उठाए थे. मंगलवार को उन्होंने एक ट्वीट करते हुए चीनी भूमिका पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बातचीत में दोनों देशों के बीच भारत की ओर से यथास्थिति को कायम रखने पर जोर क्यों नहीं दिया गया?

राहुल ने अपने ट्वीट में NSA अजीत डोवाल और चीनी स्टेट काउंसिलर वांग यी की बातचीत को लेकर दोनों पक्षों की ओर से जारी किए गए बयान को शेयर किया. उन्होंने लिखा ‘राष्ट्रहित सर्वोपरि है. भारत सरकार का कर्तव्य है कि वो इसकी रक्षा करे. फिर

1. यथास्थिति को लेकर दबाव क्यों नहीं डाला गया है?
2. चीन हमारे भूभाग में 20 निहत्थे जवानों की हत्या को सही कैसे ठहरा पा रहा है?
3. गलवान घाटी में हमारी क्षेत्रीय संप्रुभता का जिक्र क्यों नहीं है’

बता दें कि सोमवार को विदेश मंत्रालय की ओर से जानकारी दी गई थी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल की चीनी स्टेट काउंसिलर वांग यी से इलाके में शांति कायम करने को लेकर बातचीत हुई थी. सोमवार को ही यह खबर भी आई थी कि लद्दाख में एक्चुअल लाइन ऑफ कंट्रोल (LAC ) से दोनों देशों की सेनाएं आपसी सहमति से पीछे हट रही हैं.

सनी लियोन (Sunny Leone) ने शेयर किया पूल में मस्ती भरा वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन (Sunny Leone) अपनी अदाओं के लिए काफी चर्चा बटोरती रहती हैं. सनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं. उनसे जुड़ा कोई भी पोस्ट सोशल मीडिया पर तुंरत वायरल हो जाता है. हाल ही में उन्होंने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. वीडियो में सनी अपनी दोस्त के साथ पूल में मस्ती कर दिख रही हैं.

वर्तमान में चल रहे COVID-19 महामारी के दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन अपने परिवार के साथ लॉस एंजेलिस में रह रही हैं. सनी ने इंस्टाग्राम पर अपनी दोस्त के साथ एक मजेदार बूमरैंग वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में वह अपनी दोस्त के साथ पूल में कूदते दिख रहीं हैं. वीडियो को शेयर करने के साथ ही उन्होंने लिखा ‘मस्ती … मस्ती … मस्ती विथ माई गर्ल.’

 

View this post on Instagram

 

Masti…masti…masti with my girl @nuria.contreras (Masti= crazy fun)

A post shared by Sunny Leone (@sunnyleone) on

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है. खबर लिखे जाने तक सोशल मीडिया पर इस वीडियो को 2 लाख 50 हजार से ज्यादा लोगों ने पसंद किया है. वहीं 10 लाख 22 हजार से ज्यादा लोगों ने देखा है.

अभिनेत्री सनी वर्तमान में अपने परिवार के साथ अमेरिका में क्वारंटीन में रह रही हैं. सनी ने हाल ही में एक वीडियो साझा किया था जिसमें वह एक ट्रैम्पोलिन पर कूदती हुई दिखाई दे रही है. क्लिप में, वह नीली जींस के साथ एक काली टी-शर्ट पहने दिखाई दे रही है. कुछ दिन पहले सनी के अपनी दोस्त के साथ पूल में चिल करते हुए तस्वीरें साझा की थीं. वर्क फ्रंट की बात करें तो सनी अपनी अपकमिंग फिल्म “वीरमादेवी” और “कोका कोला” में दिखाई देंगी.

विशाखापट्टनम गैस लीक केस: LG पॉलिमर्स के CEO समेत 12 गिरफ्तार, तीन अधिकारी भी निलंबित

एलजी पॉलिमर्स से गैस रिसाव के मामले में विशाखापत्तनम पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें एलजी पॉलीमर के सीईओ और दो निदेशकों के अलावा आठ अन्य अधिकारी शामिल हैं.साथ ही आंध्र प्रदेश सरकार ने इस मामले में तीन सरकारी अधिकारियों को सस्पेंड किया है. इनमें दो प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के इंजीनियर हैं और एक फैक्ट्री डिपार्टमेंट के अधिकारी.

सोमवाार को गैस रिसाव की घटना की जांच के लिए राज्य सरकार द्वारा नियुक्त उच्चाधिकार कमेटी ने मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी. जिसके बाद कार्रवाई की गई है.इसी साल सात मई को एलजी पॉलिमर्स के स्टोरेज टैंकों में से एक में जहरीली स्टाइरीन गैस का रिसाव हुआ था. इसकी वजह से 12 लोगों की मौत हो गई थी और 400 से अधिक लोग बीमार हो गए थे.

गोपालपतनम के पास आर.आर. वेंकटपुरम में एलजी पॉलिमर इंडिया प्लांट से स्टाइरीन गैस के रिसाव के बाद लोगों में भगदड़ मच गई थी. प्लांट के पास के कम से कम पांच गांवों के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित थे. कई लोग बेहोश होकर सड़कों पर गिर गए या उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी.

उत्तर प्रदेश, बिहार में बिजली गिरने से 43 लोगों की मौत, महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश

शनिवार को उत्तर प्रदेश और बिहार में बिजली गिरने से कम से कम 43 लोगों की मौत हो गई. वहीं मुंबई सहित महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में मूसलाधार बारिश के कारण दीवारें गिरने, पेड़ उखड़ने और जलजमाव की कई घटनाएं हुईं. जबकि उत्तर भारत में मौसम गर्मी और उमस भरा रहा.

उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने की कई घटनाओं में कम से कम 23 लोग मारे गए और 29 लोग झुलस गए. सरकारी बयान के अनुसार, प्रयागराज में आठ, मिर्जापुर में छह, कौशांबी में दो और जौनपुर में एक व्यक्ति की मौत हुई है. वहीं भदोही में बिजली की चपेट में आकर छह लोगों की जान गई. बिहार में भी अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने से 20 लोगों की जान चली गई. आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, सबसे ज्यादा भोजपुर में नौ लोगों की मौत हुई है जबकि सारण में पांच, कैमूर में तीन, पटना में दो और बक्सर में एक व्यक्ति बिजली की चपेट में आकर मारे गए.

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि मुंबई और पड़ोसी ठाणे जिले में शनिवार को 100 मिलीमीटर से भी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई. महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों से भी अच्छी बारिश होने की खबर आई. कोलाबा मौसम ब्यूरो ने शनिवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच 66 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की, जबकि सांताक्रूज मौसम केंद्र ने इसी अवधि के दौरान 111.4 मिमी वर्षा दर्ज की. ठाणे-बेलापुर उद्योग संघ क्षेत्र में इस अवधि के दौरान 116 मिमी वर्षा की सूचना मिली. विभाग ने कहा कि मुंबई के उपनगरों और ठाणे में चार जुलाई को सुबह 8.30 बजे से अब तक 100 मिमी से अधिक वर्षा हुई.

रायगढ़ जिले में अलीबाग ब्यूरो ने 8.30 बजे से लेकर शाम 5.30 बजे तक 87.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की. रायगढ़ के हरनाई में इसी अवधि के दौरान 52.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि रत्नागिरी शहर के मौसम केंद्र ने 54.1 मिमी वर्षा दर्ज की. मुंबई मौसम विज्ञान विभाग के उप महानिदेशक के एस होसलीकर ने ट्वीट किया, ‘‘मुंबई सहित उत्तरी कोंकण में 24 घंटे तक भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है.’’ स्थानीय निकाय अधिकारियों ने कहा कि ठाणे में दीवार गिरने की दो घटनाएं हुई हैं लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

राष्ट्रीय राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 37-40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले तीन-चार दिन तक दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और गर्मी से कुछ राहत मिलेगी. दिल्ली के पड़ोसी राज्यों हरियाणा और पंजाब में गर्मी से कोई राहत नहीं मिली. पंजाब और हरियाणा में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के नारनौल में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

हिसार में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 41 डिग्री सेल्सियस रहा. पंजाब के अमृतसर में भी अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 35. 4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा. प्रदेश में सबसे गर्म स्थान आगरा रहा जहां का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान गोरखपुर में 34. 1 मिलीमीटर, झांसी में 30.2, सोनभद्र के चुर्क में 19.4 तथा सुल्तानपुर में तीन मिलीमीटर वर्षा हुई.

बिहार में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 88, राज्य में अबतक आए 11456 केस

बिहार में कोविड-19 (COVID-19) से चार और मरीजों की मौत होने से राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 88 हो गई. वहीं संक्रमण के 349 नये मामले सामने आने के बाद कुल मामले बढ़कर 11,456 हो गए. यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को दी. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में कोरोना मरीजों में सुधार की दर (रिकवरी रेट) 74 फीसदी से ज्यादा हो चुकी है.

शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज में कहा गया है कि राजधानी पटना के अलावा भागलपुर, किशनगंज और समस्तीपुर जिलों में कोविड-19 से संक्रमित एक-एक मरीज की मौत हुई.

प्रेस रिलीज में कहा गया है कि 28 जिलों से शनिवार को कोविड-19 के 349 नये मामले सामने आये. इसमें कहा गया है कि सबसे अधिक 53 मामले सहरसा जिले से जबकि मुजफ्फरपुर से 44 मामले सामने आये. स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में अभी तक कोविड-19 के कुल 11,456 मामले सामने आये हैं जिसमें से 88 मरीजों की मौत हो गई है. 8,488 मरीज संक्रमण से ठीक हो गए हैं जबकि राज्य में अभी 2,880 मरीजों का इलाज चल रहा है.

वहीं राज्य में ठीक होने की दर 74.09 फीसदी तक पहुंच गई है. बिहार में अभी तक कुल 2,51,097 नमूनों की जांच की गई है. देश में फिलहाल लगभग साढ़े 6 लाख मामले कोरोना वायरस संक्रमण के आ चुके हैं, जिनमें से साढ़े 18 हजार की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लाख 94 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं.

नोएडा में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई, चार बदमाशों की करोडों की चल-अचल संपत्ति कुर्क

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने चार कुख्यात गैंगस्टरों की चल अचल संपत्ति शनिवार को कुर्क कर ली. उक्त संपत्ति की कीमत करीब आठ करोड़ रुपए है. पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर सुंदर भाटी तथा सतवीर बंसल उर्फ सतवीर बैंसला के ऊपर लूट, हत्या, वसूली, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम, गिरोह बंद अधिनियम आदि के लगभग 40 मुकदमे दर्ज हैं. यह एक संगठित गैंग है.

उन्होंने बताया कि इनके द्वारा अपराध के जरिए अर्जित की गई जमीन, वाहन तथा चल -अचल संपत्ति जिसकी कीमत करीब चार करोड़ रुपए है, आज गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 के तहत कुर्क की गई है.

उन्होंने बताया कि इन लोगों ने सरकारी जमीन पर भी अवैध कब्जा कर रखा था जिसे आज ध्वस्त कर दिया गया है. इन जमीनों की कीमत भी करोड़ों रुपए है.

सिंह ने बताया कि कुख्यात गैंगस्टर अनिल दुजाना के गैंग के सक्रिय सदस्य सुमित नागर तथा चंद्रपाल प्रधान की चल अचल संपत्ति, विदेशी कारें, बस, ट्रैक्टर भी आज गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 के तहत कुर्क की गई है. पुलिस आयुक्त ने जानकारी देते हुये कहा कि अपराध से धन अर्जित करके अकूत संपत्ति बनाने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने विराट और स्टोक्स की तुलना की, कहा- स्टोक्स विराट की तरह शानदार कप्तान साबित होंगे

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने बेन स्टोक्स की नेतृत्वक्षमता की तुलना विराट कोहली के साथ करते हुए कहा है कि यह आलराउंडर जो रूट की गैरमौजूदगी में आठ जुलाई से वेस्टइंडीज के खिलाफ साउथम्पटन में शुरू हो रहे पहले क्रिकेट टेस्ट में टीम की कमान संभालेगा तो ‘शानदार कप्तान’ साबित होगा.

विश्व कप में इंग्लैंड की जीत के हीरो स्टोक्स को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए मंगलवार को रूट की जगह कप्तान चुना गया. अपने दूसरे बच्चे के जन्म के लिए रूट ने छुट्टी ली है और वह अपनी पत्नी के साथ हैं. इंग्लैंड जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेलेगा जिसके साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी होगी जो कोरोना वायरस महामारी के कारण ठप्प पड़ा है.

क्रिकेटर से कमेंटेटर बने हुसैन ने स्टार स्पोर्ट्स के शो ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ पर कहा, ‘‘आम तौर पर बेन स्टोक्स जो करता है वह थोड़ा विराट कोहली की तरह है. वह जो भी करता है उसमें शत प्रतिशत देता है. इसलिए मुझे लगता है कि वह शानदार कप्तान साबित होगा, हालांकि वह अभी सिर्फ कार्यवाहक कप्तान है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘दूसरे बच्चे के जन्म के लिए रूट बाहर है. कार्यवाहक कप्तान के रूप में मैं उसका समर्थन करता हूं और मुझे लगता है कि वह शानदार पसंद है. वह जो रूट के प्रति भी वफादार है.’’ इंग्लैंड की ओर से 96 टेस्ट खेलने वाले रूट ने हालांकि कहा कि वह स्टोक्स को अभी पूर्णकालिक कप्तानी देने के पक्ष में नहीं हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन यह दीर्घकालिक चीज है, एक आलराउंडर के रूप में उस पर काफी जिम्मेदारी है, तीनों प्रारूपों में खेलता है, संभवत: आईपीएल भी होने वाला है, मुझे लगता है कि उस पर काफी जिम्मेदारी है लेकिन बेन स्टोक्स को कभी कमतर मत आंको. ’’

रूट ने कहा, ‘‘वह शानदार कप्तान बन सकता है लेकिन भविष्य में वह अगर पूर्णकालिक तौर पर यह जिम्मेदारी संभालता है तो मैं भविष्य में उस पर काम के बोझ को लेकर थोड़ा चिंतित हूं.’’