Mumbai में Coronavirus से 68 और लोगों की हुई मौत, संक्रमितों की संख्या 88 हजार के पार
गुजरात में 861 नए मामले आए सामने, संक्रमितों की संख्या 39 हजार के पार
गुजरात (Gujarat) में गुरुवार को कोविड-19(COVID-19) के एक दिन में सबसे अधिक 861 नये मामले सामने आये. जिससे राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 39,000 हजार से पार हो गई. यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य विभाग (Health Department) ने दी.
विभाग ने कहा कि राज्य में अब कोविड-19 के कुल मामले 39,280 हो गए हैं. विभाग ने एक बयान में कहा कि पिछले 24 घंटे में 15 मरीजों की संक्रमण से मौत हो गई जिससे राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 2,010 हो गई. 429 मरीजों को ठीक होने के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी गई. जिससे राज्य में ठीक हुए मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 27,742 हो गई. राज्य में उपचाराधीन मामले अभी 9528 हैं.
राज्य में अभी तक कुल 4,41,692 जांच हुई हैं. वहीं अहमदाबाद जिले में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 162 नये मामले सामने आये जिससे बृहस्पतिवार को इस जिले में इसके कुल मामले बढ़कर 22,580 हो गए. वहीं पिछले 24 घंटे में पांच और मरीजों की मौत होने से जिले में मृतक संख्या बढ़कर 1,506 हो गई.राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि पिछले 24 घंटे में 139 मरीजों को ठीक होने के बाद जिले के विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी गई.
भारत में कोरोना के केस हर दिन बढ़ रहे हैं. गुरुवार को भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या साढ़े सात लाख से ज्यादा हो गई. वहीं इस संक्रमण से अब तक भारत में 21,129 मरीजों की मौत हो चुकी है. भारत में हुई कोरोना वायरस संक्रमण से मौत पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय आयु वर्ग के अनुसार रिपोर्ट जारी की है.स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कोरोना से अलग अलग आयु वर्ग में मौत हुई है.देश में कोरोना से हुई मौत में सबसे ज्यादा मौत 45 साल से ज्यादा आयु वर्ग में हुई है. भारत में सबसे ज्यादा 85% मौते 45 साल से ऊपर आयु वर्ग में हुई हैं.
भारत में गुरुवार को कोरोना मरीजों कुल संख्या 7,67,296 है. जिसमे 2,69,789 एक्टिव केस है जिनका इलाज जारी है. वहीं इस संक्रमण से 4,76,377 ठीक हुए है. भारत में कोरोना संक्रमण से मृत्यु दर 2.75% है. भारत में अब तक कोरोना संक्रमण से 21129 मौतें हो गई हैं.
विकास दुबे एनकाउंटर पर मायावती की मांग, पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो
उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी एवं कुख्यात अपराधी विकास दुबे के शुक्रवार को कथित मुठभेड़ में मारे जाने के बाद बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने कहा कि पूरे मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में निष्पक्ष जांच होनी चाहिये.
मायावती ने शुक्रवार को एक ट्वीट कर कहा, ‘कानपुर पुलिस हत्याकाण्ड के मुख्य आरोपी दुर्दान्त विकास दुबे को मध्यप्रदेश से कानपुर लाते समय आज पुलिस की गाड़ी के पलटने और उसके भागने पर यूपी पुलिस द्वारा उसे मार गिराए जाने आदि के समस्त मामलों की माननीय उच्चतम न्यायाय की निगरानी में निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए.’
उन्होंने दूसरे ट्वीट में कहा, ‘ यह उच्च-स्तरीय जाँच इसलिए भी जरूरी है ताकि कानपुर नरसंहार में शहीद हुए आठ पुलिसकर्मियों के परिवार को सही इन्साफ मिल सके. साथ ही, पुलिस, अपराधी और राजनीतिक गठजोड़ की भी सही शिनाख्त करके उन्हें भी सख्त सजा दिलाई जा सके. ऐसे कदमों से ही उत्तर प्रदेश अपराध-मुक्त हो सकता है.’ कुख्यात अपराधी और कानपुर के बिकरू में पुलिस मुठभेड़ का आरोपी तथा पांच लाख रूपये का इनामी अपराधी विकास दुबे शुक्रवार सुबह कानपुर के भौती इलाके में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया.
गाड़ी पलटने से एक इंस्पेक्ट समेत चार पुलिसकर्मी भी घायल हुये हैं, जिसमें एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर है.
प्रधानमंत्री मोदी 750 मेगावाट की रीवा सौर परियोजना शुक्रवार को राष्ट्र को समर्पित करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को मध्य प्रदेश के रीवा में स्थापित 750 मेगावाट की सौर परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे. राज्य के बाहर दिल्ली मेट्रो इसके संस्थागत ग्राहकों में एक होगा. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में कहा गया कि इस परियोजना में एक सौर पार्क के अंदर स्थित 500 हेक्टेयर भूमि पर 250-250 मेगावाट की तीन सौर उत्पादन इकाइयां शामिल हैं.
बयान के मुताबिक, ‘यह परियोजना सालाना लगभग 15 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड के बराबर कार्बन उत्सर्जन को कम करेगी.’प्रधानमंत्री डिजिटल माध्यम से आयोजित एक समारोह में इस परियोजना को राष्ट्र के नाम समर्पित करेंगे.
यह परियोजना राज्य के बाहर एक संस्थागत ग्राहक को आपूर्ति करने वाली पहली अक्षय ऊर्जा परियोजना भी है. यह दिल्ली मेट्रो को अपनी कुल उत्पादन का 24 प्रतिशत बिजली देगी जबकि शेष 76 प्रतिशत बिजली मध्य प्रदेश के राज्य बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को आपूर्ति की जाएगी.
रीवा परियोजना 100 गीगा वाट (जीडब्ल्यू) की सौर स्थापित क्षमता के साथ 2022 तक 175 गीगा वाट (जीडब्ल्यू) की स्थापित अक्षय ऊर्जा क्षमता के लक्ष्य को प्राप्त करने की भारत की प्रतिबद्धता का उदाहरण भी है.
बयान में कहा गया कि केंद्र और राज्य सरकारों के बीच तालमेल होने पर हासिल होने वाले परिणामों का रीवा सौर परियोजना उत्कृष्ट उदाहरण है. यह परियोजना ग्रिड समता अवरोध को तोड़ने वाली देश की पहली सौर परियोजना है.
साल 2017 की शुरूआत में उस समय की मौजूदा सौर परियोजना की लगभग 4.50 रुपये प्रति यूनिट की दर की तुलना में रीवा परियोजना ने 15 वर्षों तक 0.05 रुपये प्रति यूनिट की वृद्धि के साथ पहले साल 2.97 रुपये प्रति यूनिट और 25 साल की अवधि के लिए 3.30 रुपये प्रति यूनिट की स्तरीय दर के साथ ऐतिहासिक परिणाम प्राप्त किए.
बयान के मुताबिक रीवा परियोजना को भारत और विदेशों में इसकी ठोस परियोजना संरचना और नवाचारों के लिए जाना जाता है. एमएनआरई द्वारा बिजली डेवलपर्स के जोखिम को कम करने के लिए इसके भुगतान सुरक्षा तंत्र को अन्य राज्यों के लिए एक मॉडल के रूप में अनुशंसित किया गया है.
बताया गया कि नवाचार और उत्कृष्टता के लिए इसे वर्ल्ड बैंक ग्रुप प्रेसिडेंट अवॉर्ड भी मिला है. यही नहीं, इसे प्रधानमंत्री की ‘अ बुक ऑफ इनोवेशन: न्यू बिगनिंग्स’ पुस्तक में भी शामिल किया गया है.इस सौर पार्क को रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड (आरयूएमएसएल) ने विकसित किया है जो मध्य प्रदेश उर्जा विकास निगम लिमिटेड (एमपीयूवीएन) और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की ईकाई सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एसईसीआई) की संयुक्त उद्यम कंपनी है.
इस सौर पार्क के विकास के लिए आरयूएमएसएल को 138 करोड़ रुपये की केंद्रीय वित्तीय मदद प्रदान की गई है. पार्क के विकसित हो जाने के बाद आरयूएमएसएल ने पार्क के अंदर 250 मेगावाट की तीन सौर उत्पादन इकाइयों का निर्माण करने के लिए रिवर्स ऑक्शन के माध्यम से महिंद्रा रिन्यूएबल्स प्राइवेट लिमिटेड, एसीएमई जयपुर सोलर पावर प्राइवेट लिमिटेड और आरिन्सन क्लीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड का चयन किया था.
केरल में इस्तीफे की मांग के बीच मुख्यमंत्री विजयन ने सोना तस्करी मामले में जांच के लिए प्रधानमंत्री को लिखा पत्र
केरल में सोने की तस्करी मामले में वामपंथी सरकार पर निशाना साधते हुए विपक्षी दलों ने बुधवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से इस मामले में उनके कार्यालय के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर इस्तीफे की मांग की है. वहीं मुख्यमंत्री विजयन ने बुधवार को इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनसे ‘एक प्रभावी जांच के लिए हस्तक्षेप’ का अनुरोध किया.
हाल ही में केरल के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 30 किलोग्राम से अधिक सोने की बरामदगी को लेकर राज्य सरकार विपक्ष के निशाने पर है. इस सोने को राजनयिक सामान में रखकर राज्य में तस्करी कर लाने का प्रयास किया जा रहा था. पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले के गंभीर प्रभाव थे क्योंकि यह देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करता है.
उन्होंने कहा कि राजनयिक सामानों में भारी मात्रा में छुपाकर सोने की तस्करी के प्रयास का तथ्य इस मामले को बेहद गंभीर बनाता है. यह ज्ञात हुआ है कि सीमा शुल्क अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने पूरे मामले से संबंधित जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने का अनुरोध भी किया और कहा कि राज्य जांच के लिए हर संभव सहायता करेगा.
इस बीच, केंद्रीय राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि जिस सामान में सोना छुपाया गया था वह ‘राजनयिक सामान’ नहीं था. उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र इस मामले की तत्परता से जांच करेगा और दोषियों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा.
इससे पहले, केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश चेन्निथला ने संवाददाताओं से कहा,‘‘मुख्यमंत्री का कार्यालय संदेह के घेरे में है. मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए और जांच का सामना करना चाहिए. केरल डेमोक्रेटिक फ्रंट ने इस्तीफे की मांग की है और हम सभी ने कोविड-19 मानकों का पालन करते हुए राज्य में व्यापक विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई है.’’
कांग्रेस और भाजपा द्वारा निशाना बनाए जाने पर मंगलवार को वाम सरकार ने मुख्यमंत्री के सचिव और आईटी प्रमुख सचिव एम शिवशंकर को पद से हटा दिया. विपक्ष ने आईटी विभाग की एक महिला अधिकारी की नियुक्ति को लेकर उन पर निशाना साधा था. विपक्ष का आरोप था कि यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जब्त किया गया तीस किलोग्राम सोना “राजनयिक सामान” के जरिये लाया गया था और इस संबंध में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की पूर्व कर्मचारी एक महिला की भूमिका की जांच की जानी चाहिए.
सीमा शुल्क विभाग ने इस मामले में सोमवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया था और उस महिला की तलाश की जा रही है जिसने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधीन स्पेस पार्क में संपर्क अधिकारी के तौर पर छह महीने तक काम किया था. महिला के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में काम करने की खबर सामने आने के बाद विपक्षी दलों भाजपा और कांग्रेस दोनों ही मुख्यमंत्री के खिलाफ लामबंद हैं.
Assam में बाढ़ की स्थिति में सुधार, बाढ़ और भूस्खलन से हुई 64 लोगों की मौत
असम में बाढ़ की स्थिति में बुधवार को सुधार हुआ क्योंकि बाढ़ का पानी एक जिले में कम हुआ लेकिन बाढ़ से एक और व्यक्ति की मौत हो गई. जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 40 हो गई. यह जानकारी असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने दी. एएसडीएमए ने कहा कि बाढ़ से 12 जिलों में 1.7 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं.
मंगलवार को 13 जिलों में करीब दो लाख लोग प्रभावित थे लेकिन बुधवार को जोरहाट जिले में बाढ़ का पानी कम हुआ. एएसडीएमए की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार बरपेटा जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई. जिससे राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 64 हो गई. एएसडीएमए ने कहा कि धेमाजी, लखीमपुर, चराइदेव, बिश्वनाथ, चिरांग, नलबाड़ी, बरपेटा, गोवालपारा, मोरीगांव, नगांव, गोलाघाट और तिनसुकिया जिले अभी भी जलमग्न हैं.
बरपेटा जिला सबसे अधिक प्रभावित हैं, जहां करीब 65,500 लोग प्रभावित हैं. इसके बाद धेमाजी में करीब 48500 लोग प्रभावित हैं जबकि गोवालपारा में करीब 28 हजार लोग प्रभावित हैं. ब्रह्मपुत्र जोरहाट के निमातिघाट और धुबरी में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. एएसडीएमए ने कहा कि वर्तमान में 348 गांव जलमग्न हैं और 26,910.99 हेक्टेयर फसल क्षतिग्रस्त हुई है. प्रशासन ने पांच जिलों में पैंतीस राहत शिविर और वितरण केंद्र चलाए जा रहे हैं, जहां 1,095 लोगों ने वर्तमान में शरण ले रखी है.
प्राधिकारी लोगों के बीच तिरपाल, पेयजल, फेस मास्क और साबुन के साथ चावल, दाल, नमक और सरसों का तेल वितरित कर रहे हैं. एएसडीएमए ने कहा कि गोवालपारा, बरपेटा, माजुली और लखीमपुर जिलों में बाढ़ से तटबंधों, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है.काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में बाढ़ से 48 जानवरों की मौत हुई है.
Coronavirus Update : देश में 24 घंटे में पहली बार आए करीब 25 हजार नए मामले, अबतक 21 हजार लोगों की मौत
देश में कोरोना वायरस (CoronaVirus) के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. आज पहली बार 24 घंटे में 25 हजार के करीब कोरोना के नए मामले सामने आए हैं. देश में संक्रमितों की संख्या अब पौने आठ लाख के करीब पहुंच गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry)के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 7 लाख 67 हजार 297 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं. इनमें से 21,129 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार लाख 76 हजार लोग ठीक भी हुए हैं. पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 24 हजार 879 नए मामले सामने आए और 487 मौतें हुईं.
कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है. अमेरिका, ब्राजील के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित भारत है. लेकिन अगर प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमित मामलों और मृत्युदर की बात करें तो अन्य देशों की तुलना में भारत की स्थिति बहुत बेहतर है. भारत से अधिक मामले अमेरिका (America) 3,158,726, ब्राजील (Brazil) 1,716,196 में हैं. देश में कोरोना मामले बढ़ने की रफ्तार भी दुनिया में तीसरे नंबर पर बनी हुई है.
आंकड़ों के मुताबिक, देश में इस वक्त 2 लाख 70 हजार कोरोना के एक्टिव केस हैं. सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र (Maharashtra) में हैं. महाराष्ट्र में 89 हजार से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है. इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु (Tamil Nadu), तीसरे नंबर पर दिल्ली (Delhi), चौथे नंबर पर गुजरात (Gujarat) और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल (West Bengal) है. इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं. एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का चौथा स्थान है. यानी कि भारत ऐसा चौथा देश है, जहां फिलहाल सबसे ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (Indian Council of Medical Research) के मुताबिक 8 जुलाई तक टेस्ट किए गए सैंपलों की कुल संख्या 1,07,40,832 है, जिसमें से 2,67,061 सैंपलों का कल टेस्ट किया गया है.
Vikas Dubey Arrested: उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ़्तार हुआ कुख्यात विकास दूबे
कानपुर हत्याकांड का मुख्य आरोपी विकास दुबे ( Vikas Dubey ) आखिरकार गिरफ्तार हो गया है. पुलिस ने उसे उज्जैन (Ujjain) से गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक, उज्जैन के महाकाल मंदिर (Mahakal Temple) में वो संरेंडर करना चाहता था, लेकिन पहले ही पुलिस को जानकारी दे दी गई. एक तस्वीर में विकास दुबे मंदिर में सोफे पर बैठा दिख रहा है. पुलिसवाले विकास को पकड़ कर ले गए. महाकाल मंदिर के सिक्योरिटी गार्ड (Security Guard) ने ही पुलिस को जानकारी दी थी. करीब 10 राज्यों की पुलिस विकास की तलाश में लगी थी.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला कर आठ पुलिसकर्मियों को शहीद करने वाले हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे का जघन्य आपराधिक इतिहास रहा है. बचपन से ही वह अपराध की दुनिया में अपना नाम बनाना चाहता था. पहले उसने गैंग बनाया और लूट, डकैती, हत्याएं करने लगा. 19 साल पहले उसने थाने में घुसकर एक दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री की हत्या की और इसके बाद उसने राजनीति में एंट्री लेने की कोशिश की थी. लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. विकास कई बार गिरफ्तार हुआ, एक बार तो लखनऊ में एसटीएफ ने उसे दबोचा था.
महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना वायरस संक्रमण के 5134 नए मामले, 224 और लोगों की गई जान
महाराष्ट्र (Maharashtra) में मंगलवार को कोरोना वायरस (Corona Virus) से संक्रमण के 5,134 नये मामले सामने आए, जिन्हें मिलाकर प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,17,121 हो गई. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इस अवधि में 224 कोविड-19 मरीजों की मौत हुई है जिन्हें मिलाकर इस महामारी में अबतक जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 9,250 हो गई है.
आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, इस अवधि में 3,296 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई. अबतक प्रदेश में 1,18,558 कोविड-19 मरीज ठीक हो चुके हैं. स्वास्थ्य विभाग (Health Department) के मुताबिक इस समय महाराष्ट्र में 89,294 संक्रमित उपचाराधीन हैं.
कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में कोविड-19 (Covid-19) के चलते प्रतिबंधित किए गए इलाकों के बाहर के होटलों को आठ जुलाई से 33 प्रतिशत क्षमता के साथ काम करने की अनुमति दे दी गई है. इसका मतलब यह हुआ कि कल से होटल और लॉज फिर से काम करना शुरू कर देंगे लेकिन ये होटल अपने यहां कुल खाली कमरे या बेड में 33 फीसदी को ही विजिटर्स को दे सकेंगे. ये फैसला सोशल डिस्टेंसिंग (Social Distancing) के मद्देनजर लिया गया है.
बता दें कि कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में होटल तभी से बंद हैं जब 24 मार्च को पूरे देश में लॉकडाउन लगा था. अब देश में अनलॉक की प्रकिया चल रही है और जुलाई में अनलॉक-2 (Unlock 2.0) चल रहा है तो ऐसे में राज्य सरकार ने अब पर्याप्त एहतियाती दिशा-निर्देश जारी करते हुए होटल और लॉज खोलने की अनुमति दी है.
यूपी में अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज, गैंगस्टर मामलों में 26 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
कानपुर के बिकरु गांव में मुठभेड़ के दौरान आठ पुलिसकर्मियों के शहीद होने के बाद योगी सरकार ने अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के अभियान के तहत पिछले कुछ दिनों में 88 अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की गई है. गैंगस्टर कानून से जुड़े विवादों में 26 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई.
प्रदेश के गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं को इस बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पूरे प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है. इसके तहत पिछले एक हफ्ते के दौरान 67 मामलों में 88 व्यक्तियों पर रासुका की तामील की गई है.
उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस साल अब तक गोकशी के 63, बालिकाओं से संबंधित 3, गंभीर अपराध के 13 तथा 32 अन्य मामलों समेत कुल 120 मामलों में रासुका की कार्रवाई की गई है. अवस्थी ने आगे बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान गैंगस्टर मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई की गई है. इस दौरान विभिन्न जिलों के जिला अधिकारियों ने गैंगस्टर कानून के तहत कुल 197 मामले अनुमोदित किए हैं.
उन्होंने ये भी बताया कि इस साल एक जनवरी से अब तक गैंगस्टर कानून के तहत 1889 मामले हो चुके हैं. गैंगस्टर वादों में इस हफ्ते 26 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है. इसके अलावा प्रदेश में पिछले एक हफ्ते के दौरान मास्क नहीं पहनने वालों से 6 करोड़ 52 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है.

