Home Blog Page 241

2019 में बंद हो सकतें हैं देश के 1 लाख से ज्यादा एटीएम, जानिए वजह

साल 2019 में देश के 1 लाख से ज्यादा एटीएम के बंद होने की बात सामने आई है। कॉन्फिडरेशन ऑफ एटीएम इंडस्ट्री  के मुताबिक, मार्च 2019 तक देश के 50 फीसदी एटीएम बंद हो सकते हैं। इसमें 1 लाख ऑफ साइट एटीएम और 15,000 व्हाइट लेबल एटीएम शामिल हैं। इससे न सिर्फ कैश की भारी किल्लत होगी, बल्कि लोगों को अन्य समस्याओं का भी सामना करना पड़ा सकता है।

गौरतलब है कि कॉन्फिडरेशन ऑफ एटीएम इंडस्ट्री का कहना है कि  केन्द्रीय बैंक ने  एटीएम के  हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर अपग्रेड को लेकर जो नियम बनाये हैं उसके चलते पुराने हो चुके एटीएम चलाना काफी मुश्किल हो जायेगा। कैश मैनेजमेंट स्टैंडर्ड और कैश लोडिंग को लेकर भी नियम जारी हुए हैं, जिसमे तक़रीबन  3,500 करोड़ का खर्च आ सकता। ऐसे में कई ऑपरेटर्स के पास  एटीएम  बंद करने के अलावां कोई विकल्प नहीं बचा है।

बताया जा रहा  है कि इतना बड़ी तादात में एटीएम बंद होने से एटीएम के बाहर एक बार फिर लम्बी लम्बी कतारें देखने को मिलेंगी। वहीँ  इतनी बड़ी संख्या में एटीएम बंद होने से इससे जुड़े लोगों के रोजगार पर भी संकट खड़ा हो जायेगा। ग्रामीण इलाकों के साथ साथ शहरों में भी इसका व्यापक असर देखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री जन धन योजना के लाभार्थी इससे ज्यादा प्रभावित होंगे, क्योंकि इन्हें मिलने वाली सब्सिडी का पैसा इन्ही खातों में आता है। ज्यादातर लोग एटीएम के जरिए इस रकम को निकाल लेते हैं। ऐसे में जाहिर है कि एटीएम बंद होने से इन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

भारतीय रिजर्व बैंक के आकड़ों के मुताबिक देश में 2,21,492 एटीएम काम कर रहे हैं।

मोदी सरकार का बड़ा फैसला,करतारपुर कॉरिडोर को मिली मंजूरी

नरेन्द्र मोदी सरकार ने कैबिनेट बैठक मे करतारपुर कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। सरकार के इस फैसले को गुरु नानक जयंती से ठीक पहले सिख समुदाय के लिए गुरु नानक देव की 550वीं जयंती पर बड़ा तोहफा माना जा रहा है। केंद्र सरकार के इस फैसले के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि करतारपुर कॉरिडोर पर होने वाले पूरे खर्च को केंद्र सरकार वहन करेगी।

सरकार के फैसले के बाद  गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा कि मंत्रिमंडल ने एक ऐतिहासिक निर्णय में गुरदासपुर जिले में डेरा बाबा नानक से अंतर्राष्ट्रीय सीमा तक करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण और विकास को मंजूरी दे दी है। 

वहीँ  वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि हमने कैबिनेट की मीटिंग में ‘सुल्तानपुर लोधी’ को ‘हेरिटेज टाउन’ बनाने का फैसला किया है। गुरुनानक देवजी के जन्म के साथ सुल्तान पुर लोदी का गहरा संबंध है। इसलिए सरकार सुल्तान पुर लोदी को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करेगी।

इसके साथ ही यहां एक हेरिटेज कॉम्पलेक्स भी बनेगा जिसका नाम ‘पिंड बाबा नानक दा’ होगा। पंजाब में सरकार एक ‘सेंटर फॉर इंटरफेथ स्टडीज’ भी बनाएगी। सूत्रों के मुताबिक गुरु नानक देवजी की जयंती पर देश  के सभी राज्यों और भारतीय दूतावासों में कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएंगे। 

राजस्व निरीक्षक संघ ने भरी हुंकार, दी कार्यबहिष्कार की चेतावनी

महराजगंज : उत्तर प्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ से जुड़े राजस्व निरीक्षक कर्मचारियों ने संघ के जिलाध्यक्ष अब्दुल क्यूम खां के नेतृत्व में अपनी विभिन्न 11 सूत्रीय मांगों को लेकर महराजगंज जिला मुख्यालय पर धरना दिया। प्रमुख सचिव को सम्बोधित मांग पत्र जिलाधिकारी को देकर 11 सूत्रीय मांग पूरी करने के लिए आवाज बुलन्द की और मांगों को अनदेखा करने पर भविष्य में कार्यबहिष्कार की चेतावनी भी दी।

जिला मुख्यालय पर धरने में मौजूद राजस्व निरीक्षक संघ के वक्ताओं ने एक स्वर में कहा की राजस्व कर्मचारी विकट परिस्थिति में भी कठिन कार्य करते हैं। चाहे बाढ़ हो,ओला हो या अग्नि काण्ड हो जैसी तमाम दैवी आपदाओं में पीड़ितों को फौरी राहत दिलाने के लिए जी जान लगा देते हैं।

जिलाध्यक्ष अब्दुल क्यूम खां ने कहा की राजस्व कर्मचारी सरकारी कार्य करने के लिए करीब 100 किलो मीटर तक की दूरी तय कर कार्य को गति देते हैं।फिर भी इनकी पीड़ा को समझने वाला कोई नहीं है। राजस्व निरीक्षक की मांगों में तहसीलदार पद पर पदोन्नति,निरीक्षक संवर्ग की अंतिम ज्येष्ठता सूची का अविलम्ब प्रकाशन,स्थायी करण वार्षिक प्रविष्टि को अपडेट करें।प्रत्येक निरीक्षक को स्टेशनरी खर्च के लिए 1500 रुपये प्रति माह दिया जाए आदि प्रमुख मांगें रहीं।

इस दौरान रवीन्द्रनाथ पाठक,रुदल प्रसाद,अनारुल्लाह खां,हरिप्रकाश दुबे,केदार प्रसाद,उत्री प्रसाद शर्मा,अनिरुद्ध पटेल सहित दर्जनों की तादात में राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे।

(शिवरतन कुमार गुप्ता)

जोश और उल्लास से मनाया गया हजरत मोहम्मद पैगम्बर का जन्मदिन

ईद मिलादुनवी यानी बारह रवी उल अउवव्ल के पाक मौके पर जिले में हजरत मोहम्मद पैगम्बर साहब का जश्ने जन्मदिन पूरी सिद्दत ,अकीदत एवं अपनी परम्परानुसार मनाया गया। हजरत साहब के जन्मदिन के मौके पर उनकी शानदार झांकी जिले के हर हिस्से से निकाली गई।जिसमें मुस्लिम भाइयों ने नए नए परिधानों में सज कर हजरत मोहम्मद पैगम्बर साहब के झांकी – ए – जुलूस का स्वागत किया,एवं कार्यक्रम में बखूबी बढ़-चढ़ कर भागीदारी निभाए।

हजरत मोहम्मद पैगम्बर साहब के जन्मदिन के मौके पर मुस्लिम युवक जुलूस के आगे आगे बाइक जुलूस और प्रभातफेरी भी निकाले। तो हजरत मोहम्मद पैगम्बर साहब की याद में नारा भी बुलन्द किए।जिले के मुड़ीला बाजार में जनाब लकमुद्दीन साहब,डा.बशीर अहमद,सफिमुहम्मद साहब आदि के कुशल अगुवानी में हजरत मोहम्मद पैगम्बर साहब की जुलूस पूरे शान – ओ- शौकत से निकाल जन्मदिन का स्वागत किया गया।इस मौके पर जिले के सभी थाना प्रभारी,चौकी प्रभारी पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह की कुशल मॉनिटरिंग में अपने अपने क्षेत्रों में गस्त करते रहे।

 

दाद, खाज और खुजली को खत्म कर देता है गेंदा का फूल

आज के बदलते परिवेश और खान पान तथा बदलते मौसम में लोगों को बहुत सारे रोग हो रहे हैं और उन रोगों में सबसे जटिल दाद, खाज, खुजली एक काफी बड़ा चर्म रोग है| यह रोग हमारी त्वचा पर होता है| सही समय पर इसका इलाज अगर न किया जाए तो यह रोग धीरे-धीरे पूरे शरीर पर कब्जा जमा लेता है। जो काफी कष्टदायक साबित होता है,जिसका ईलाज तब ज्यादा महंगा हो जाता है। एक घरेलू नुस्खा अपनाकर आप शायद दाद, खाज, खुजली जैसे गंभीर रोग को खत्म कर पाएंगे।

  

दाद,खाज, खुजली को मिटाने के लिए आप गेंदे के फूल का इस्तेमाल कर सकते हैं| क्योंकि गेंदे के फूल में एंटीफंगल और एंटीबैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं| जो दाद, खाज, खुजली की समस्या को खत्म करने की क्षमता रखता है। गेंदे के फूल का यह उपाय करने से दाद,खाज, खुजली का रोग धीरे-धीरे ठीक होने लगता है,और उसके पड़े निशान भी बहुत जल्द साफ होने लगते हैं।

उपयोग करने की विधि :

गेंदे के फूल का उपयोग करने के लिए आप फूल को अच्छी तरह बारीक पीसकर एक लेप (क्रीम) तैयार कर लें। क्रीम को दाद,खाज,खुजली वाले प्रभावित स्थान पर लगाएं और करीब 3 घण्टे तक इसे सूखने के लिए छोड़ दें।फिर इस क्रीम को ठंडे पानी की सहायता से अच्छी तरह से धोकर साफ कर लें। करीब 15 दिनों तक इस उपाय को करने से आप देखेंगे दाद, खाज, खुजली का यह रोग धीरे-धीरे समाप्त हो जाएगा।

( शिवरतन कुमार गुप्ता )

नोट:- इस आयुर्वेदिक घरेलू नुस्खे को आजमाने या प्रयोग करने के लिए आप अपने चिकित्सक से सलाह जरूर कर लें। किसी भी हानि-लाभ के लिए “भारतीय समाचार” किसी भी तरह से जिम्मेदार नहीं होगा।

महाराष्ट्र : वर्धा के आर्मी डिपो में हुआ धमाका, 6 लोगों की मौत 

महाराष्‍ट्र के वर्धा में  एक आर्मी डिपो में विस्फोट होने से 6 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए हैं। हादसा उस समय हुआ जब फायरिंग रेंज में बम को डिफ्यूज़ किया जा रहा था इसी बीच धमाका हो गया। जिससे 4 लोगों की घटना स्थल पर मौत हो गई,जबकि 2 अन्य लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में  आयुध फैक्टरी के कर्मचारी और मजदूर दोनों शामिल बताये जा रहें  हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार  वर्धा के पुलगांव कस्बे में स्थित केन्द्रीय आयुध डिपो के पास  एक्सप्लोसिव डिमोलिशन ग्राउंड में सुबह करीब सवा सात बजे विस्फोट हुआ। कहा जा रहा है कि हादसे के दौरान घटनास्थल पर ठेके पर काम करने वाले 10 से 15 मजदूर मौजूद थे। 

जानकारी के मुताबिक पुलगांव  स्थित केन्द्रीय आयुध डिपो का डिमोलिशन ग्राउंड  मध्यप्रदेश के खमरिया स्थित आयुध फैक्टरी को दिया गया है। जहाँ ठेके पर नियुक्त किये गए खमरिया आयुध फैक्टरी के कर्मचारी  गोलाबारुदों को  नष्ट कर रहे थे। गड्ढे खोदने और विस्फोटकों के ऊपर बालू के बोरे डालने के लिए संविदा कर्मचारियों का उपयोग किया जाता है। 

हादसे की खबर मिलते ही  महाराष्ट्र के चन्द्रपुर और खमरिया आयुध फैक्टरियों के अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच करने के लिए मौके पर पहुंच गए हैं। गौरतलब है कि पुलगांव के आयुध डिपो में 2016 में हुए विस्फोट में 16 लोग मारे गए थे। 

महराजगंज जिले में मनाया गया विश्व शौचालय दिवस 

स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत उत्तर प्रदेश के  महराजगंज जिले के पीजी कॉलेज के प्ले ग्राउण्ड पर  विश्व शौचालय दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें ओडीएफ से जुड़े अधिकारियों और वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
 
 
 
इस अवसर पर जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी के साथ सभी बिडिओ,एडीओ,सेक्रेटरी और ग्राम प्रधान के साथ गणमान्य नागरिक कार्यशाला में मौजूद रहे।सबने स्वच्छता से होने वाले लाभ,शौचालय निर्माण के मानक,शौचालय की उपयोगिता एवं उसके लाभ,गन्दगी से होने वाली तमाम बीमारियों की बारीकी से जानकारी हासिल की। प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी की इस ड्रीम प्रोजेक्ट की भूरि भूरि प्रशंसा की।
 
(शिवरतन कुमार गुप्ता)
 

महराजगंज में संपन्न हुआ व्यापार मण्डल शपथ ग्रहण समारोह

महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के डा.भीमराव अम्बेडकर पार्क में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद, विशिष्ट अतिथि महराजगंज सांसद पंकज चौधरी,गोरखपुर मेयर सीताराम जायसवाल, के आलावा जिले के पांचो विधानसभा के विधायक व व्यापारी नेता मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद ने कहा की व्यापारी किसी भी देश व प्रदेश के रीढ़ होते हैं।इनके सम्मान व विकास के बिना देश व प्रदेश के विकास की कल्पना अधूरी होती है।आज जरूरी है व्यापारियों के मान सम्मान और विकास जिसके लिए प्रदेश सरकार जरूरी कदम उठा रही है।
(शिवरतन कुमार गुप्ता )

नौतनवा में 15 दिसम्बर तक चलेगी वार्ड प्रतिस्पर्धा कार्यक्रम

महराजगंज : नगर की साफ सफाई के लिए नगर पालिका परिषद नौतनवा ने बेहद मुफीद योजना सामने लाई है। जिसके तहत दिनांक 15 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक चलने वाले स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा की तैयारी हेतू नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गुड्डू खान की अगुआई में वार्ड नं. 01 इंदिरा नगर,वार्ड नं. 10 शास्त्री नगर व वार्ड नं. 21 राजेन्द्र नगर में स्वच्छ जागरूकता रैली निकालकर वार्ड की जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
 
 
नगर पालिका अध्यक्ष गुड्डू खान ने बताया कि “अपने वार्ड व अपने नगर को स्वच्छ रखने का दायित्व हमारा, आपका और  सबका है। जबतक आपका सहयोग इस अभियान में भरपूर नही मिलेगा तब तक यह महा अभियान धरातल पर आकर साकार नहीं हो सकता है।इसके लिए सबको संगठित होकर स्वच्छता के प्रति सजग प्रहरी की तरह सोचना पड़ेगा।
 
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी बीरेन्द्र कुमार राव ,संजय पाठक,ब्रिजेश मणि त्रिपाठी,शाहनवाज खान आदि सभासदगण के अलावा रमेश कुमार, प्रमोद पाठक,राजू अग्रहरी,राजकुमार गौड़, बिरेन्द्र भारतीय,दुर्गेश,धर्मेन्द्र,अजय,राम बेलास,सुनील कुमार उर्फ लल्लू गौड़, शंकर, संजय,शिवपूजन,बरखू चौधरी के अलावा भारी संख्या में वार्डवासी उपस्थित हुए।
 
 
 
(शिवरतन कुमार गुप्ता की रिपोर्ट )
 

सीएम योगी के गढ़ में सीओ ट्रैफिक चलवाता था अवैध बसें, हुआ सस्पेंड

उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार किस कदर अपनी हाबी है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि योगी के गढ़ गोरखपुर में  ट्रैफिक सीओ खुद अवैध बसों का संचालन कराने में व्यस्त है। शिकायत में सही पाए जाने पर सीएम योगी ने कड़ा  रुख अपनाते हुए ट्रैफिक सीओ को तत्काल सस्पेंड जरूर कर दिया है।लेकिन अब यह देखना होगा कि क्या भ्रष्टाचार पर अब अंकुश लग पाएगा या कुछ दिन केवल स्थिति सामान्य रहने के बाद फिर वही कहानी दोहराई  जाएगी ? जब खुद सरकारी महकमे के अधिकारी इसमें शामिल हैं और इनकी सांठ-गांठ से प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। भारतीय समाचार की खबर में भ्रष्टाचारी सीओ ट्रैफिक की काली करतूत की पड़ताल….
 
भ्रष्टाचारी सीओ को सीएम योगी ने किया निलंबित : 

सीएम योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में भ्रष्टाचार में लिप्त ट्रैफिक सीओ सन्तोष सिंह की काली करतूत उजागर होने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्काल बाहर का रास्ता दिखाया है। ट्रैफिक सीओ संतोष सिंह पर रंगदारी मांगने और बस संचालक को बेवजह जेल भेजने का आरोप लगा था। इस पर जब भ्रष्टाचार की शिकायत सीएम योगी के पास पहुंची तो उन्होंने तत्काल आईजी रेंज को जांच सौपी। आईजी रेंज की जांच में सीओ को दोषी पाया गया और इस पर बड़ी कार्रवाई करते हुये सीओ सन्तोष सिंह को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया।

दरअसल सीएम योगी ने पैडलेगंज से निजी बसों के संचालन के विवाद और बस मालिक विनय सिंह से रंगदारी मांगने के आरोपीत सीओ ट्रैफिक सन्तोष सिंह के मामले को जांच में संदिग्ध पाया। मामले में जांच के लिये गये आईजी रेंज जय नारायण सिंह ने सीओ ट्रैफिक के गनर से मारपीट का भी आरोप झूठा पाया। इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुये सीएम ने रविवार को सीओ ट्रैफिक संतोष सिंह को संस्पेंड कर दिया। सीओ ट्रैफिक पर यह आरोप सही पाया गया कि उसने अपने रिश्तेदार के कहने पर बस संचालक विनय सिंह के खिलाफ कार्रवाई की थी।

मामला मोहद्दीपुर निवासी बस मालिक विनय सिंह पर  हुई कार्रवाई से जुड़ा है। दो दिन पहले बस संचालक विनय सिंह को पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और रंगदारी वसूलने के फर्जी आरोप में जेल भेजा दिया था। बस मालिक पर यह कार्रवाई सीओ ट्रैफिक संतोष सिंह के निर्देश पर की गई थी। बस संचालक विनय सिंह पर आरोप लगा था कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सीओ के गनर के साथ मारपीट की थी।

इस मामले में विनय सिंह की पत्नी सीमा सिंह ने गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर सीओ ट्रैफिक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था और सीएम को प्रार्थना पत्र देकर यह अवगत कराया कि सीओ ट्रैफिक संतोष देवरिया जिले के रहने वाले हैं और उनके रिश्तेदार कल्लू सिंह भी निजी बस चलवाते हैं, जिनके कहने पर उन्होंने पति के खिलाफ अपने गनर और एक अन्य व्यक्ति से झूठा तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करा कर जेल भिजवा दिया। कैंट थाना क्षेत्र के पैडलेगंज में एक अवैध स्टैंड संचालन और वसूली के विवाद में भी संतोष सिंह का नाम सामने आया है।

सीमा सिंह से मिली जानकारी का संज्ञान लेते हुये सीएम योगी के निर्देश पर आईजी रेंज जय नारायण सिंह ने तत्काल इसकी जांच शुरू की। जांच में कल्लू सिंह के सीओ के रिश्तेदार होने की बात की पुष्टि हुई। इस पर देर शाम आईजी रेंज ने अपनी रिपोर्ट सीएम को सौंपी, जिसके बाद सीओ ट्रैफिक संतोष सिंह को सस्पेंड कर दिया गया ।

( शिवरतन कुमार गुप्ता की रिपोर्ट )