Home Blog Page 30

ED ने कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी, राहुल गांधी को धन शोधन के मामले में तलब किया

प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) ने समाचार पत्र नेशनल हेराल्ड (National Herald) से जुड़े धनशोधन (money laundering) के एक मामले में पूछताछ के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Congress chief Sonia Gandhi) और पार्टी नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को बुधवार को समन जारी किया.

कांग्रेस अध्यक्ष को ईडी ने आठ जून को पेश होने को कहा है, वहीं माना जा रहा है कि राहुल गांधी को इस मामले में पहले पेश होने को कहा गया है.

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु संघवी ने संवाददाताओं से कहा कि वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी समन का पालन करेंगी, वहीं ‘‘राहुल गांधी अगर यहां होंगे तो वह जाएंगे अथवा कोई नयी तारीख देने का अनुरोध करेंगे.’’

यह मामला पार्टी समर्थित ‘यंग इंडियन’(Young Indian) में कथित वित्तीय अनियमितता की जांच के सिलसिले में हाल में दर्ज किया गया था. समाचार पत्र नेशनल हेराल्ड, यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड का है.

ईडी के अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बयान दर्ज करना चाहती है.

समाचार पत्र नेशनल हेराल्ड को एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) प्रकाशित करता है और इसका स्वामित्व यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड के पास है. ईडी ने हाल में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और पवन बंसल से पूछताछ की थी.

अधिकारियों ने बताया कि ईडी सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से पूछताछ कर वित्तीय लेनदेन,यंग इंडियन के प्रवर्तकों तथा एजेएल की भूमिका के बारे में पता लगाना चाहती है.

यहां की एक निचली अदालत द्वारा यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ आयकर विभाग की जांच का संज्ञान लेने के बाद एजेंसी ने पीएमएलए के आपराधिक प्रावधानों के तहत एक नया मामला दर्ज किया था.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने इस संबंध में 2013 में एक शिकायत दर्ज कराई थी. कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी यंग इंडियन के प्रवर्तकों और शेयरधारकों में शामिल हैं

महाराष्ट्र में Omicron के सब-वैरिएंट B.A.4 के चार और B.A.5 के तीन मामले सामने आए

महाराष्ट्र में पहली बार कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के उप स्वरूप बी.ए. 4 के चार, जबकि बी.ए.5 के तीन मरीज पाए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सभी में हल्के लक्षण दिखे हैं और घरों पर ही उनका इलाज चल रहा है. दक्षिण अफ्रीका समेत दुनिया के कुछ हिस्सों में अप्रैल में ओमीक्रोन के उपस्वरूपों के बारे में पता चला था, लेकिन राज्य में अब तक इसका कोई मामला सामने नहीं आया था.

अधिकारी ने कहा, ‘विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान ने जीनोम अनुक्रमण किया, जिसके निष्कर्षों की फरीदाबाद स्थित भारतीय जैव डेटा केंद्र ने पुष्टि की है. पुणे के लगभग सात लोगों में ओमीक्रोन के उपस्वरूप का संक्रमण मिला है.’

उन्होंने कहा, ‘चार रोगी बी.ए.4 जबकि अन्य बी.ए.5 स्वरूप से संक्रमित पाए गए हैं. इनमें चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं. चार रोगियों की आयु 50 वर्ष से अधिक और दो की उम्र 20 से 40 वर्ष के बीच है, जबकि एक रोगी की आयु नौ साल है.’

अधिकारी ने कहा, ‘सभी छह व्यस्क कोविड-19 रोधी टीकों की दोनों खुराक ले चुके हैं, जबकि एक ने तो बूस्टर खुराक भी ले रखी है. बच्चे का टीकाकरण नहीं हुआ है. सभी में कोविड-19 के हल्के लक्षण हैं और घरों में ही उनका इलाज चल रहा है.

अधिकारी ने कहा कि उनके नमूने 4 से 18 मई के बीच लिये गए थे. उनमें से दो दक्षिण अफ्रीका और बेल्जियम गए थे, जबकि तीन ने केरल और कर्नाटक की यात्रा की थी. दो अन्य रोगियों का कोई यात्रा इतिहास नहीं है.

भारतीय नौसेना ने 34 साल की सेवा के बाद INS-Gomti को सेवामुक्त किया

नौसेना ने 34 साल की सेवा के बाद गोदावरी श्रेणी के निर्देशित-मिसाइल पोत ‘आईएनएस गोमती’ को शनिवार को सेवामुक्त कर दिया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन कैक्टस’, ‘पराक्रम’ और ‘रेनबो’ में शामिल रहे पोत को यहां नौसैन्य डॉकयार्ड में सूर्यास्त के समय सेवामुक्त कर दिया गया.

पश्चिमी नौसैन्य कमान के फ्लैग ऑफिसर-इन-कमांड वाइस एडमिरल अजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि गोमती को नौसेना द्वारा डिजाइन किया गया था और भारतीय शिपयार्ड में बनाया गया था. यह ‘आत्मानिर्भर भारत’ की दिशा में शुरुआती कदम थे. उन्होंने कहा कि इस श्रेणी के पोत के निर्माण के दौरान मिले अनुभव ने नौसेना को आगे आधुनिक पोत को तैयार करने में मदद की.

गोमती नदी के नाम पर इस पोत का नामकरण हुआ था. सिंह ने कहा कि पोत की विरासत को लखनऊ में गोमती नदी के तट पर बनाए जा रहे एक खुले संग्रहालय में रखा जाएगा, जहां उसकी कई युद्धक प्रणालियों को सैन्य तथा युद्ध अवशेषों के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह उत्तरी क्षेत्र के युवाओं को नौसेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगा.

सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय नौसेना ने इसके लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं. उन्होंने कहा कि ‘आईएनएस गोमती’ को नए अवतार में भारतीय नौसेना में शामिल किया जाएगा.

मौजूदा ‘आईएनएस गोमती’ को 16 अप्रैल, 1988 को तत्कालीन रक्षा मंत्री के सी पंत ने मझगांव डॉक में सेवा में शामिल किया था. पोत को 2007-08 में और 2019-20 में प्रतिष्ठित यूनिट प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया था. ‘आईएनएस गोमती’ के पूर्व संस्करण को 1979 में सेवामुक्त किया गया था.

Menstrual Hygiene : 1 रुपये में 10 सैनिटरी नैपकिन मुहैया कराएगी महाराष्ट्र सरकार

महाराष्ट्र सरकार ने शनिवार को एक योजना की घोषणा की, जिसके तहत वह गरीबी रेखा के नीचे (BPL) जीवन बसर करने वाली और स्वयं सहायता समूह (SHC) की महिलाओं को एक रुपये में 10 सैनिटरी नैपकिन (sanitary napkins) मुहैया कराएगी.

राज्य के ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री हसन मुशरिफ (Rural Development Department minister Hasan Mushrif) द्वारा जारी यह आदेश 15 अगस्त से प्रभावी होगा और इससे ग्रामीण क्षेत्र की 60 लाख महिलाओं को लाभ होगा. यह फैसला विश्व मासिकधर्म स्वच्छता दिवस पर लिया गया.

मुशरिफ ने कहा, ‘‘इस फैसले से गरीबी रेखा के नीचे जीवन बसर करने वाली ग्रामीण महिलाओं को लाभ होगा. फिलहाल 19 साल से कम उम्र की लड़कियों को छह रुपये में छह सैनिटरी नैपकिन मिलते हैं. लेकिन नयी योजना का लाभ बीपीएल श्रेणी की सभी महिलाओं को मिलेगा. प्रत्येक गांव में सैनिटरी नैपकिन की बिक्री के लिए मशीन लगाई जाएगी.”

मंत्री ने कहा कि इस योजना को लागू करने में सालाना 200 करोड़ रुपये का खर्च आएगा.

खतरों के खिलाड़ी 12 कंटेस्टेंट रुबीना दिलैक का दिखा हॉट अंदाज़, कैमरे के सामने दिए जबरदस्त पोज

टीवी एक्ट्रेस रुबीना दिलैक जल्द ही खतरों के खिलाड़ी 12 में नज़र आए वाली हैं, लेकिन उससे पहले उनका हॉट फ़ोटोशूट सामने आया है. जिसमें रुबीना दिलैक के लुक की उनके फैंस जमकर तारीफ़ करते नज़र आ रहे है.

जिन तस्वीरों को रुबीना दिलैक अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है उसमें उन्होंने ग्रे कलर की मिनी ड्रेस पहनी हुई है. जो उनकी खूबसूरती में चार चांद लगा रहे हैं.

बिग बॉस 14 विंनर रुबीना दिलैक के इंस्टाग्राम पर 7.9 मिलियन फॉलोवर है. रुबीना अकसर अपनी तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करती है, जो उनके फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं हैं.

आपको बता दें कि रुबीना दिलैक को ज़ी टीवी के सीरियल छोटी बहू के रूप में काफ़ी पसंद किया गया था. इसके बाद वे सास बिना ससुराल, जीनी और जूजू और बिग बॉस 14 में भी नज़र आई. तो वहीं वे अब हितेश तेजवानी और राजपाल यादव के साथ फिल्म ‘अर्ध’ में भी नजर आएंगी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले – वर्ष 2014 से पहले के शासन में प्रौद्योगिकी को लेकर था उदासीनता का माहौल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने शुक्रवार को कहा कि 2014 से पहले के शासन में प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल को लेकर ‘‘उदासीनता’’ का माहौल था और इसका सबसे ज्यादा असर गरीबों और मध्यम वर्ग पर पड़ा.

प्रधानमंत्री ने देश के सबसे बड़े ड्रोन महोत्सव (Drone Festival) के उद्घाटन के बाद लोगों को संबोधित करते हुए यह बात कही. उन्होंने कहा कि भारत में ड्रोन प्रौद्योगिकी को लेकर जिस तरह का जोश देखा जा रहा है वह अद्भुत है और इस उभरते क्षेत्र में रोजगार पैदा होने की संभावनाओं का संकेत देता है.

उन्होंने कहा कि आठ वर्ष पहले ‘‘ हमने सुशासन के नए मंत्रों को लागू करना शुरू किया और न्यूनतम सरकार तथा अधिकतम शासन के सिद्धांत पर चलते हुए जीवन की सुगमता और कारोबार की सुगमता को प्राथमिकता दी गयी.’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों के कार्यकाल में प्रौद्योगिकी को समस्या का हिस्सा समझा जाता था और इन पर ‘‘गरीब विरोधी’’ होने का ठप्पा लगाने के प्रयास किए जाते थे.

उन्होंने कहा, ‘‘ इसके कारण 2014 से पहले के शासन में प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल को लेकर ‘‘उदासीनता’’ का माहौल था और इसका सबसे ज्यादा असर गरीबों, वंचितों और मध्यम वर्ग पर पड़ा.’’

प्रधानमंत्री के अनुसार प्रौद्योगिकी ने अंतिम छोर तक आपूर्ति सुनिश्चित करने में बहुत मदद की है. उन्होंने कहा कि पीएम स्वामित्व योजना इस बात का उदाहरण है कि कैसे ड्रोन प्रौद्योगिकी बड़ी क्रांति का आधार बन रही है और इसके जरिए पहली बार गांवों में सभी संपत्तियों की माप डिजिटल तरीके से की जा रही है और लोगों को संपत्ति कार्ड दिए जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि कृषि ,खेल ,रक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ेगा.

राष्ट्रीय राजधानी में दो दिवसीय ‘भारत ड्रोन महोत्सव 2022’ आयोजित किया जा रहा है. आज महोत्सव का पहला दिन है. इसमें प्रधानमंत्री मोदी के अलावा नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव और ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह भी मौजूद थे.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि विचार से बढ़कर कोई चीज नहीं है, जिसका वक्त आ गया है और ड्रोन ऐसा ही एक विचार है.

उन्होंने कहा कि कभी भारत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुसरण करने वाला देश हुआ करता था लेकिन आज यह प्रणेता बन गया है. सिंधिया ने साथ ही कहा कि प्रौद्योगिकी तभी सफल होगी जब इसका इस्तेमाल वंचितों और गरीबों के लिए होगा.

इस महोत्सव में सरकारी अधिकारियों, विदेशी राजनयिकों, सशस्त्र बलों, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों सहित, निजी कंपनियों और ड्रोन स्टार्टअप से जुड़े 1,600 से अधिक लोग भाग ले रहे हैं.

मध्यप्रदेश में 25 जून से पंचायत चुनाव होंगे शुरु, तीन चरणों में होंगे मतदान

मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) ने शुक्रवार को प्रदेश में 25 जून से शुरु होने वाले पंचायत चुनाव (Panchayat Election) के कार्यक्रम की घोषणा की.  इन चुनाव में तीन चरणों में मतदान कराया जाएगा.  राज्य निर्वाचन कार्यालय के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी.

अधिकारी ने बताया कि पहले चरण का मतदान 25 जून को, दूसरे चरण का एक जुलाई और तीसरे व अंतिम चरण का मतदान (Voting) आठ जुलाई को होगा. उन्होंने बताया कि पंच से लेकर जिला पंचायत सदस्यों के विभिन्न पदों के लिए आठ जुलाई, 11 जुलाई, 14 जुलाई और 15 जुलाई को मतगणना होगी.

अधिकारी ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 30 मई से शुरू होगी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 10 जून है.  प्रदेश के कुल 52 जिलों में जिला पंचायत सदस्यों की संख्या 875, जनपद पंचायत सदस्यों (313 जनपद) की संख्या 6,771, सरपंच 22,921 और पंच 3,63,726 है. उन्होंने कहा कि इसके अलावा 91 ग्राम पंचायतों का कार्यकाल नवंबर 2022 में पूरा होगा इसलिए इन पंचायतों का चुनाव कार्यक्रम बाद में अलग से जारी किया जाएगा. 

उन्होंने कहा कि इन चुनावों में कुल 3,93,78,502 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.  उन्होंने कहा कि इनमें 2,03,14,793 पुरुष, 1,90,62,749 महिलाएं और 960 अन्य हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराने के लिए एसईसी ने 71,643 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं. 

NCB ने क्रूज पर मादक पदार्थ मिलने के मामले में आर्यन खान को क्लीन चिट दी

स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (NCB) ने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को क्रूज जहाज पर मादक पदार्थ मिलने के मामले में शुक्रवार को क्लीन चिट दे दी, जिसके सिलसिले में उन्हें पिछले साल गिरफ्तार किया गया था.

मामले में आर्यन खान के अलावा 19 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. दो को छोड़कर सभी आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं.

एनसीबी ने एक बयान में कहा ‘गुप्त सूचना के आधार पर एनसीबी-मुंबई ने 2 अक्टूबर, 2021 को विक्रांत, इश्मीत, अरबाज, आर्यन और गोमित को इंटरनेशनल पोर्ट टर्मिनल, मुंबई पोर्ट ट्रस्ट पर जबकि नूपुर, मोहक और मुनम को कॉर्डेलिया क्रूज पर पकड़ा था. आर्यन और मोहक को छोड़कर सभी आरोपियों पास से मादक पदार्थ मिले थे.’

एनसीबी ने कहा, ‘शुरुआत में, एनसीबी-मुंबई ने मामले की जांच की. बाद में, मामले की जांच के लिये नयी दिल्ली में एनसीबी मुख्यालय की तरफ से संजय कुमार सिंह, डीडीजी (संचालन) की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. 11 नवंबर, 2021 को मामले की जांच एसआईटी ने अपने हाथ में ले ली थी.’

बयान में कहा गया है कि एसआईटी ने वस्तुनिष्ठ तरीके से जांच की। संदेह के बजाय प्रमाण के आधार पर जांच की गई. बयान के अनुसार, एसआईटी की जांच के आधार पर 14 आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय स्वापक औषधि एवं मन-प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत शिकायत दर्ज की जा रही है. छह अन्य व्यक्तियों के खिलाफ सबूतों के अभाव के चलते शिकायत दर्ज नहीं की जा रही है.

इस बीच, एनसीबी ने शुक्रवार को मामले में आरोप पत्र दाखिल किया. एजेंसी ने रजिस्ट्री के समक्ष आरोप पत्र जमा किया और विशेष एनडीपीएस अदालत दस्तावेजों के सत्यापन के बाद इसका संज्ञान लेगी.

इस साल मार्च में विशेष अदालत ने जांच एजेंसी को आरोप पत्र दाखिल करने के लिए 60 दिन का समय दिया था.

एनसीबी ने इस मामले में पिछले साल 3 अक्टूबर को आर्यन खान को गिरफ्तार किया था और जमानत मिलने के बाद उन्हें उसी महीने जेल से रिहा कर दिया गया था.

Mumbai में दोपहिया वाहनों की पिछली सीट पर बैठने वालों के लिए हेल्मेट अनिवार्य

मुंबई (Mumbai) यातायात पुलिस (Traffic Police) ने बुधवार को अधिसूचना जारी कर दोपहिया वाहनों की पिछली सीट पर बैठने वालों के लिए हेल्मेट (Helmet) अनिवार्य कर दिया एवं इस नियम का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी.

एक अधिकारी ने बताया कि यह नियम 15 दिनों बाद प्रभाव में आ जाएगा जिसके बाद यातायात अधिकारी उल्लंघनकर्ताओं के विरूद्ध कार्रवाई शुरू कर देंगे. अधिसूचना के अनुसार यातायात पुलिस ने पाया है कि दोपहिया वाहनों की पिछली सीट पर बैठने वाले ज्यादातर लोग हेल्मेट नहीं पहनते हैं और यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं. 

अधिकारी ने बताया कि फिलहाल बिना हेल्मेट के दोपहिया वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस 500 रूपये का जुर्माना करती है या उनका लाईसेंस रद्द कर देती है.  अब 15 दिन बाद पिछली सीट पर बिना हेल्मेट के बैठने वालों पर भी इतना ही जुर्माना लगेगा. 

ICC Test Ranking: विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन पर आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष 10 में बरकरार

बांग्लादेश (Bangladesh) के लिटन दास (Liton Das) और श्रीलंका (Sri Lanka) के अनुभवी एंजेलो मैथ्यूज (Angelo Mathews) को दोनों टीमों के बीच ड्रॉ हुए पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन की बदौलत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की नई पुरुष टेस्ट रैंकिंग में फायदा हुआ है जबकि शीर्ष 10 खिलाड़ियों की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है. बल्लेबाजों की सूची में मार्नस लाबुशेन (Marnus Labuschagne) शीर्ष पर बरकरार हैं जबकि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) क्रमश: आठवें और 10वें स्थान पर बने हुए हैं.

गेंदबाजी सूची में पैट कमिंस (901 अंक) ने दूसरे स्थान पर मौजूद रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) पर 51 अंक की बढ़त बना रखी है जबकि भारत के ही तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) तीसरे स्थान पर हैं. भारत के रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) आलराउंडर की सूची में शीर्ष पर बरकरार हैं.

पिछली और मौजूदा रैंकिंग के दौरान सिर्फ श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप श्रृंखला का मुकाबला हुआ इसलिए सिर्फ इन दो देशों के खिलाड़ियों ने अंक हासिल किए. पहले टेस्ट में बांग्लादेश की एकमात्र पारी में 88 रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास तीन स्थान के फायदे के 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं. इस मुकाबले में मैन आफ द मैच रहे मैथ्यूज पहली पारी में 199 रन बनाकर पांच स्थान के फायदे से 21वें पायदान पर हैं.

रैंकिंग के सप्ताहिक अपडेट में पहले टेस्ट में शतक जड़ने वाले बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम और तमीम इकबाल को भी फायदा हुआ है. मुशफिकुर 105 रन की पारी की मदद से चार स्थान आगे बढ़कर 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं. तमीम छह स्थान के फायदे से 27वें पायदान पर हैं. तमीम ने 133 रन की पारी खेली थी. गेंदबाजों की रैंकिंग में बांग्लादेश के आलराउंडर शाकिब अल हसन एक स्थान आगे बढ़कर 29वें पायदान पर हैं.

शाकिब ने पहले टेस्ट में चार विकेट चटकाए. आफ स्पिनर नईम हसन पहली पारी में करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 105 रन पर छह विकेट चटकाने के बाद नौ स्थान के फायदे से 53वें स्थान पर पहुंच गए हैं. श्रीलंका के तेज गेंदबाज कासुन रजीता 75वें से 61वें स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने चार विकेट चटकाए थे. असित फर्नांडो भी शीर्ष 100 में शामिल हो गए हैं.