Home Blog Page 31

1 जून से महंगा हो सकता है इंश्‍योरेंस, जानिए जेब पर कितना पड़ेगा असर

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (Ministry of Road Transport and Highways ) ने बुधवार को विभिन्न श्रेणियों के वाहनों के लिए थर्ड पार्टी मोटर वाहन बीमा (Third Party Motor Vehicle Insurance) के प्रीमियम में वृद्धि की, जो एक जून से लागू होगी. इसकी वजह से कार और दोपहिया वाहनों का बीमा महंगा होने की संभावना है. मंत्रालय द्वारा अधिसूचित संशोधित दर के मुताबिक एक हजार सीसी क्षमता इंजन वाली निजी कारों के लिए प्रीमियम वर्ष 2019-20 के 2072 रुपये के मुकाबले अब 2094 रुपये होगा. 

इसी प्रकार 1000 से 1500 सीसी इंजन की निजी कारों के लिए प्रीमियम 3221 रुपये के बजाय अब 3416 रुपये होगा. हालांकि 1500 से अधिक सीसी की निजी कारों के लिए थर्ड पार्टी बीमा के प्रीमियम में कमी की गई है और यह 7,897 रुपये से घटकर 7890 रुपये हो जाएगा. 

इसी प्रकार 150 से 350 सीसी तक के दो पहिया वाहनों का प्रीमियम 1366 रुपये होगा जबकि 350 से अधिक सीसी के दोपहिया वाहन के लिए यह दर 2804 रुपये होगी. 

Uttar Pradesh: प्रेमिका ने पहले फोन कर बुलाया घर, फिर भाइयों के साथ मिलकर जहर देकर मार डाला

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के गौतमबुद्ध नगर जिले (Gautam Buddh Nagar District) के दादरी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती द्वारा अपने प्रेमी को कथित तौर पर फोन कर घर बुलाने और भाइयों के साथ मिलकर उसके साथ मार-पीट करने व जबरन सल्फास की गोलियां खिलाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां पर मंगलवार की रात उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

अपर पुलिस उपायुक्त (तृतीय) विशाल पांडे ने बताया कि जानकारी के मुताबिक दादरी क्षेत्र के अनंगपुर गांव निवासी गौरव का चींती गांव की रहने वाली रिंकी नामक युवती से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था. उन्होंने बताया कि युवती ने कथित तौर पर फोन करके गौरव को चींती गांव के पास बुलाया. इसके बाद दोनों का झगड़ा हुआ और युवती ने अपने भाई कुणाल, साहिल आदि को मौके पर बुला लिया.

पांडे ने बताया कि युवती के भाइयों ने गौरव की पहले तो कथित तौर पर पिटाई की और उसके बाद जबरन सल्फास की गोलियां खिला दी. उन्होंने बताया कि अत्यंत गंभीर हालत में गौरव को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर मंगलवार की देर रात उसकी मौत हो गई. उन्होंने बताया घटना के बाद से आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक गौरव ने मौत से पहले दिए बयान में रिंकी और उसके भाइयों द्वारा की गई कथित पिटाई और अन्य घटनाक्रम की जानकारी दी है.

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला – भगोड़ा आरोपी अदालत से किसी रियायत या माफी का हकदार नहीं

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि किसी जांच एजेंसी की पहुंच से दूर ‘भगोड़ा’ घोषित व्यक्ति को अदालत से कोई रियायत या माफी नहीं मिलनी चाहिए.

न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी और न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस की पीठ ने कहा कि जब कोई आरोपी फरार है और उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया है, तो उसे दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 438 (गिरफ्तारी की आशंका के आधार पर जमानत देने का निर्देश) का लाभ देने का कोई सवाल ही नहीं उठता है.

शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि मौलिक अधिकारों के हनन वाले कड़े प्रावधान लगाये जाने से संबंधित आरोपी के मामले पर विचार करने से व्यक्ति के दोषपूर्ण आचरण का प्रभाव दूर नहीं हो जाता है. शीर्ष अदालत ने कहा कि संबंधित व्यक्ति कानून की प्रक्रिया का उचित तरीके से पालन किये बिना और कानून के मुताबिक व्यवहार किये बिना अपने मौलिक अधिकारों के लिए कोई भी दावा नहीं कर सकता है.

पीठ ने कहा, ‘‘हमें यह स्पष्ट करने में कोई हिचक नहीं है कि कोई भी व्यक्ति, जिसे ‘भगोड़ा’ घोषित किया जाता है और जांच एजेंसी की पहुंच से वह दूर रहता है तथा इस तरह सीधे तौर पर कानून को चुनौती देता है, तो वह आमतौर पर किसी रियायत या माफी का हकदार नहीं होता है.’’

बंबई हाई कोर्ट द्वारा पारित फैसले को चुनौती देने वाले एक आरोपी की अपील खारिज करते हुए उच्चतम न्यायालय की यह टिप्पणी सामने आई है. याचिका के जरिये आरोपी ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम, 1992 की धारा 23 (2) के तहत अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और नागपुर के पुलिस आयुक्त के एक आदेश को चुनौती दी थी. इसके तहत अलग-अलग अपराधों के लिए पांच अन्य आरोपी व्यक्तियों के साथ याचिकाकर्ता के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई थी.

पीठ ने कहा, ‘‘याचिकाकर्ता की सभी दलीलें निराधार हैं. इस प्रकार, हमें वर्तमान मामले में भगोड़ा घोषित करने के प्रभाव के संबंध में और कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है.’’

IMD ने उत्तरी गुजरात में मछुआरों को 27 से 29 मई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी

उत्तरी गुजरात तट पर तेज हवाएं चलने की संभावना के साथ, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को मछुआरों को सलाह दी कि वह शुक्रवार से तीन दिनों तक अरब सागर में न जाएं.

आईएमडी ने एक बयान में कहा कि इस अवधि के दौरान दक्षिण गुजरात तट पर मछुआरों के लिए ऐसी कोई चेतावनी नहीं है.

बयान में कहा गया है ‘‘ 27 से 29 मई, 2022 तक 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. 27 से 29 मई, 2022 तक मछुआरों को उत्तर गुजरात तट पर समुद्र में न जाने की सलाह दी जाती है.’’

कच्छ, जामनगर, पोरबंदर और देवभूमि द्वारका जिलों में अरब सागर के तट पर काम करने वाले मछुआरों के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं.

आईएमडी ने कहा कि सौराष्ट्र क्षेत्र के राजकोट जिले के राजकोट तालुका में मंगलवार को छह मिमी बेमौसम बारिश हुई, लेकिन अगले चार-पांच दिनों में इस क्षेत्र के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.

आईएमडी ने दक्षिण गुजरात के जिलों के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है.

कलकता यूनिवर्सिटी में ऑनलाइन परीक्षा की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन

कलकत्ता विश्वविद्यालय (Calcutta University) के छात्रों (Students) ने सोमवार को कॉलेज स्ट्रीट परिसर (College Street campus) के सामने धरना प्रदर्शन किया और मांग की कि बैचलर और पोस्ट ग्रेजुएट दोनों की सेमेस्टर परीक्षा ऑनलाइन माध्यम (online mode) से ली जाए.सीयू के छात्रों का इस मुद्दे को लेकर पिछले तीन दिनों में यह दूसरा प्रदर्शन है. लगभग 200 छात्रों ने ऑनलाइन परीक्षा की मांग की. छात्रों ने यह नारा लगाते हुए कि ‘‘हम ऑनलाइन परीक्षा चाहते हैं”, यातायात बाधित किया और लगभग एक घंटे तक मुख्य द्वार के सामने धरना दिया.

विश्वविद्यालय की उच्चाधिकार प्राप्त समितियों ने पिछले हफ्ते सिफारिश की थी कि परीक्षा ‘ऑफलाइन मोड’ में आयोजित की जाए, लेकिन कहा कि अंतिम निर्णय संबद्ध कॉलेजों के अधिकारियों के साथ परामर्श के बाद लिया जाएगा.

बैचलर छात्र सौमिक हाजरा ने कहा, ‘‘हमने महामारी के कारण पिछले दो वर्षों में केवल डेढ़ महीने के लिए भौतिक मौजूदगी में कक्षाओं में हिस्सा लिया. हालांकि, परीक्षा पूरे पाठ्यक्रम को शामिल करते हुए ली जाएगी. दो महीने से कम समय तक भौतिक कक्षाओं में हिस्सा लेने के बाद कोई ऑफ़लाइन परीक्षा में कैसे बैठ सकता है?”

एक अन्य छात्रा रिताश्री बानिक ने कहा, ‘‘ऑनलाइन परीक्षाओं में, हमें संदर्भ नोट से मदद लेने और प्रश्नपत्र लिखने के लिए अधिक समय लेने की स्वतंत्रता है. इसके परिणामस्वरूप, हम अधिक अंक प्राप्त कर सकेंगे.” आंदोलनकारी छात्रों के हाथ में तख्तियां भी थीं, जिन पर लिखा था, ‘‘‘कैंपस में परीक्षा देने के लिए दो महीने पर्याप्त नहीं हैं.”

हालांकि, तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसीपी) और माकपा से संबद्ध स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), दोनों ने अपने सदस्यों के आंदोलन में शामिल होने से इनकार किया.

Uttar Pradesh: सीतापुर में भारी बारिश से ढही दीवार, 2 बच्‍चों समेत 3 की मौत

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के सीतापुर जिले (Sitapur District) में सोमवार रात भारी बारिश के कारण दीवार ढहने की दो घटनाओं में दो बच्‍चों और एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए.

अधिकारियों के मुताबिक, पहली घटना घटना मिश्रिख क्षेत्र के अमतामऊ गांव में हुई, जहां भारी बारिश के कारण दीवार ढहने से दो बच्चों, सुदामा (एक वर्ष) और केशकली (तीन साल) की मौत हो गई.

उन्होंने बताया कि घटना में बच्चों की मां व बड़ी बहन घायल हो गई और उन्हें मिश्रिख के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है. दूसरी घटना हरगांव थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां 66 वर्षीय फूलमती नाम की एक महिला की घर की दीवार गिरने से मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि घटना में फूलमती की पोती गंभीर रूप से घायल हुई है और उसका इलाज जारी है.

इसी तरह से उत्तर प्रदेश में दो मौतें गोंडा में जबकि तीन अन्य मौतें लखीमपुर खीरी में हुई हैं. गोंडा में सोमवार को दोपहर बाद आई तेज आंधी एवं बारिश के कारण दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिले के छपिया थाना क्षेत्र में आंधी पानी की चपेट में आकर सत्य प्रकाश (23) नामक युवक की मौत हो गई. बताया जाता कि युवक एक कालेज का छात्र था और परीक्षा देने जा रहा था तभी आंधी के कारण गिरे एक पेड़ की चपेट में वह आ गया.

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार धानेपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रुद्रगढ़ नौसी गांव में भी पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर राम मूरत (43) नामक व्यक्ति की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि कर्नलगंज थाना क्षेत्र के बबुरास में एक पेड़ की डाल गिरने से सीसा मऊ निवासी हीरा लाल शुक्ल जख्मी हो गए. उन्हें उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जबकि इसी तरह के हादसे में गंभीर रूप से जख्मी सत्यम (15) का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है.

इस बीच, लखीमपुर खीरी से मिली खबर के अनुसार जिले के पासगवां थाना क्षेत्र के चंदीला गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों की मौत हो गयी. पुलिस ने बताया कि तारिक और उसकी चचेरी बहन रकीबा सोमवार सुबह जिले में भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच एक बाग में आम लेने गए थे.

वहीं मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि सभी जनपदों से फीडबैक लेकर आवश्यकतानुसार तत्काल जरूरी कदम उठाए जाएं. इसके साथ ही, उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को अपने जनपदों में सघन दौरा करने एवं नुकसान का जायज़ा लेने के निर्देश दिये हैं.

IAS Pooja Singhal Case: IAS पूजा सिंघल की गिरफ़्तारी के बाद ED की बड़ी कार्रवाई, रांची-मुजफ्फरपुर समेत 6 जगहों पर की छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की गिरफ्तार अधिकारी पूजा सिंघल (Pooja Singhal) और अन्य की कथित संलिप्तता वाले मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में बिहार और झारखंड में करीब सात जगहों पर छापे मारे. ईडी के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून की आपराधिक धाराओं के तहत की जा रही है.

प्रवर्तन निदेशालय ने सिंघल (44) को इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया था. उन्हें झारखंड के खूंटी जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) निधि के कथित गबन और अन्य वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया था. 

झारखंड काडर की 2000 बैच की आईएएस अधिकारी सिंघल को राज्य सरकार ने बाद में निलंबित कर दिया था और वह इस समय संघीय जांच एजेंसी की हिरासत में हैं. बता दें कि मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में बीते दिनों प्रवर्तन निदेशालय ने झारखंड हाई कोर्ट को बताया था कि एजेंसी की ओर से झारखंड खनन सचिव पूजा सिंघल और अन्य के खिलाफ जारी जांच में ये बात सामने आई है कि मनी लॉन्ड्रिंग कई शेल कंपनियों (ऐसी कंपनियां जो एक्टिव नहीं होती हैं, लेकिन उन्हें दूसरे उद्देश्यों- जैसे कि टैक्स बचाने या भविष्य में किसी दूसरे मतलब से इस्तेमाल के लिए बनाया जाता है) की मदद से की गई है. 

ईडी ने कहा था, ” खूंटी जिले में हुए मनरेगा घोटाला समेत सभी अन्य भ्रष्टाचार के मुकदमों की जांच को सीबीआई को सौंपा जा सकता है. चूंकि हमारे पास पर्याप्त सबूत इकट्ठे हो गए हैं.”

गुजरात: चावल मिल की शेड गिरने से तीन मजदूरों की मौत, चार घायल

गुजरात के अहमदाबाद जिले की एक चावल मिल में लोहे का शेड गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना सोमवार रात की है, जब मजदूर जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बावला कस्बे के पास स्थित चावल मिल में शेड बना रहे थे.

बावला पुलिस थाना के एक अधिकारी ने बताया कि लोहे का ढांचा अचानक गिरने से सात मजदूर फंस गए. उन्होंने कहा, ‘‘कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और बावला के एक सरकारी अस्पताल में ले जाने के लिए एम्बुलेंस बुलाई. हालांकि, दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक और मजदूर को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया.”

अधिकारी के मुताबिक, लोहे का ढांचा गिरने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल मजदूरों में से एक की हालत गंभीर है और उसे अहमदाबाद के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है. अधिकारी ने कहा कि तीन अन्य घायलों का बावला के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है.

ईशा गुप्ता के बोल्ड अंदाज़ ने उड़ाए फैंस के होश, Video देखकर हुआ ये हाल

बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता अपनी ख़ूबसूरती और बोल्ड अंदाज़ के लिए जानी जाती हैं. हाल ही में ईशा ने एक एक ब्रैंड एंडोर्समेंट के लिए अपना एक हॉट वीडियो पोस्ट किया है. इस वीडियो में वे बेहद ही ग्लैमरस अंदाज में पोज करती नजर आ रही हैं. सोशल मीडिया पर उनका ये वीडियो खूब वायरल हो रहा हैं साथ ही ईशा का यह वीडियो उनके फैंस और चाहने वालों की नींदें उड़ाने के लिए काफ़ी है. आप भी देखिए ईशा गुप्ता का ये वीडियो….

COVID-19: भारत में ओमीक्रोन के सब-वेरिएंट बीए.4, बीए.5 के मामले आए सामने

इन्साकोग ने कोरोना वायरस (Coronavirus) के स्वरूप ओमीक्रोन के दो उप-स्वरूप बीए.4 और बीए.5 की भारत में मौजूदगी की पुष्टि की है, जिनमें से एक मामला तमिलनाडु, जबकि दूसरा मामला तेलंगाना में पाया गया है. 

भारतीय सार्स-सीओवी-2 अनुक्रमण संघ (इन्साकोग) ने रविवार को एक बयान में कहा कि तमिलनाडु की एक महिला वायरस के उप-स्वरूप बीए.4 से संक्रमित पाई गई है. 

बयान के मुताबिक, महिला में हल्के लक्षण हैं और वह कोविड-रोधी टीके की दोनों खुराक ले चुकी है तथा उसने कहीं यात्रा भी नहीं की है. बयान के मुताबिक, तेलंगाना में 80 वर्षीय व्यक्ति में वायरस के उप-स्वरूप बीए. 5 की पुष्टि हुई है. बुजुर्ग व्यक्ति में हल्के लक्षण हैं और वह कोविड-रोधी टीके की दोनों खुराक ले चुके हैं तथा उन्होंने कहीं यात्रा भी नहीं की है. ये सबसे पहले इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका से रिपोर्ट किए गए थे और अब कई अन्य देशों से रिपोर्ट किए जा रहे हैं. ओमीक्रोन के दो उप-स्वरूप बीए.4 और बीए.5 वैश्विक स्तर पर फैल रहे हैं. इन दोनों उप-स्वरूप के मामले इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका में सामने आए थे और अब कई अन्य देशों में भी इनकी पुष्टि हो रही है.