Home Blog Page 39

देश में प्रतिदिन करीब 20,000 करोड़ रुपये का डिजिटल लेनदेन हो रहा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश में प्रतिदिन करीब 20,000 करोड़ रुपये का ‘‘डिजिटल लेन-देन’’ हो रहा है और इससे देश में एक डिजिटल अर्थव्यवस्था तैयार हो रही है. उन्होंने कहा कि साथ ही साथ सुविधाएं बढ़ने के अलावा इससे देश में ईमानदारी का माहौल भी बन रहा है.

आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘‘मन की बात’’ के 88वें संस्करण में अपने विचार साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तो गली-नुक्कड़ की छोटी-छोटी दुकानों में भी डिजिटल लेन-देन हो रहा है और इससे ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को सेवाएं देना आसान हो गया है.

उन्होंने दिल्ली की रहने वाली दो बहनों सागरिका और प्रेक्षा के ‘‘कैशलेस डे आउट’’ के संकल्प का अनुभव साझा किया और देशवासियों से आग्रह किया वह भी इसे अपनाएं.

उन्होंने कहा, ‘‘घर से यह संकल्प लेकर निकलें कि दिन भर पूरे शहर में घूमेंगे और एक भी पैसे का लेन-देन नकद में नहीं करेंगे.’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल लेन-देन अब दिल्ली या बड़े महानगरों तक ही सीमित नहीं है बल्कि इसका प्रसार सुदूर के गांवों तक हो चुका है.

गाजियाबाद की आनंदिता त्रिपाठी का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘जिन जगहों पर कुछ साल पहले तक इंटरनेट की अच्छी सुविधा भी नहीं थी वहां भी यूपीआई से लेन-देन की सुविधा उपलब्ध है. अब तो छोटे-छोटे शहरों में और ज्यादातर गांवों में भी लोग यूपीआई से ही लेन-देन कर रहे हैं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘सागरिका, प्रेक्षा और आनंदिता के अनुभवों को देखते हुए मैं आपसे भी आग्रह करूंगा कि कैशलेस डे आउट का अनुभव करें और इसे साझा करें.’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय देश में करीब 20,000 करोड़ रुपये का डिजिटल लेन-देन हर दिन हो रहा है.

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले मार्च के महीने में तो यूपीआई लेन-देन करीब 10 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इससे देश में सुविधा भी बढ़ रही है और ईमानदारी का माहौल भी बन रहा है.’’

उन्होंने कहा कि अब तो देश में फिन-टेक से जुड़े कई नये स्टार्ट-अप भी आगे बढ़ रहे हैं.

उन्होंने देशवासियों से डिजिटल लेन-देन और स्टार्ट-अप की इस ताकत से जुड़े अनुभवों को साझा करने का अनुरोध किया ताकि वह दूसरों के लिए प्रेरणा बन सकें.

मोदी ने हाल में किये गये प्रधानमंत्री संग्रहालय के लोकार्पण का उल्लेख किया और कहा कि इतिहास को लेकर लोगों की दिलचस्पी काफी बढ़ रही है और प्रधानमंत्री संग्रहालय युवाओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन रहा है.

उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय देश की अनमोल विरासत से युवाओं को जोड़ रहा है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर मनाया जा रहा अमृत महोत्सव अब एक एक जन आंदोलन का रूप ले रहा है और इस कारण युवाओं में देश के इतिहास को जानने को लेकर दिलचस्पी बढ़ रही है.

उन्होंने देशवासियों, खासकर युवाओं में देश के इतिहास के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने के लिए सामान्य ज्ञान से संबंधित कुछ रोचक सवाल भी किए और उनसे इसका नमो ऐप या सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर जवाब मांगा.

उन्होंने कहा, ‘‘ये प्रश्न मैंने इसलिए पूछे ताकि हमारी नई पीढ़ी में जिज्ञासा बढ़े, वे इनके बारे में और पढ़ें तथा इन्हें देखने जाएं.’’

प्रधानमंत्री ने उदाहरण के तौर पर प्रधानमंत्री संग्रहालय का उल्लेख किया और इसके बारे में गुरुग्राम के रहने वाले सार्थक नाम के युवा के अनुभवों को साझा किया और देशवासियों को बताया कि जब उन्होंने इस संग्रहालय का अवलोकन किया तो कई सारी नयी जानकारियां मिलीं.

मोदी ने कहा कि देश के इतिहास और देश के प्रधानमंत्रियों के योगदान को याद करने के लिए आज़ादी के अमृत महोत्सव से अच्छा समय और क्या हो सकता है.

उन्होंने कहा, ‘‘देश के लिए यह गौरव की बात है कि आज़ादी का अमृत महोत्सव एक जन आंदोलन का रूप ले रहा है. इतिहास को लेकर लोगों की दिलचस्पी काफी बढ़ रही है और ऐसे में प्रधानमंत्री संग्रहालय युवाओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन रहा है, जो देश के अनमोल विरासत से उन्हें जोड़ रहा है.’’

उन्होंने कहा कि देश में मौजूद संग्रहालयों के महत्व की वजह से अब लोग आगे आ रहे हैं इसके लिए दान भी कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘बहुत से लोग अपनी पुरानी और ऐतिहासिक चीज़ों को भी संग्रहालयों में दान कर रहे हैं. लोग जब ऐसा करते हैं तो एक तरह से वह एक सांस्कृतिक पूंजी को पूरे समाज के साथ साझा करते हैं. भारत में भी लोग अब इसके लिए आगे आ रहे हैं.’’

ऐसे सभी प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बदलते हुए समय के हिसाब से संग्रहालयों में नए तौर-तरीके अपनाने पर जोर दिया जा रहा है और उनके डिजिटलीकरण पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है.

प्रधानमंत्री ने 18 मई को पूरी दुनिया में मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित करते हुए युवा वर्ग का आह्वान किया कि वे आने वाली छुट्टियों में अपने दोस्तों की मंडली के साथ किसी न किसी स्थानीय संग्रहालय को जरूर देखने जाएं.

उन्होंने युवाओं से इसके अनुभव भी साझा करने को कहा ताकि इससे दूसरों के मन में भी संग्रहालयों के लेकर एक जिज्ञासा पैदा हो और वे भी उनके बारे में जानने और समझने के लिए योजना बनाएं.

प्रधानमंत्री ने पिछले महीने ‘‘परीक्षा पर चर्चा’’ के दौरान छात्रों में गणित के विषय के डर को लेकर जताई गई चिंताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ऐसा विषय है, जिसे लेकर हम भारतीयों को सबसे ज्यादा सहज होना चाहिए.

उन्होंने कहा, ‘‘गणित को लेकर पूरी दुनिया के लिए सबसे ज्यादा शोध और योगदान भारत के लोगों ने ही तो दिया है. शून्य यानी जीरो की खोज और उसके महत्व के बारे में आपने खूब सुना भी होगा. इसकी खोज न होती, तो शायद हम दुनिया की इतनी वैज्ञानिक प्रगति भी न देख पाते. कैलकुलस से लेकर कम्प्यूटर्स तक सारे वैज्ञानिक आविष्कार शून्य पर ही तो आधारित हैं.’’

मोदी ने वैदिक गणित सिखाने वाले कोलकाता के गौरव टेकरीवाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि वैदिक गणित से बड़ी-बड़ी वैज्ञानिक समस्याओं का समाधान किया जा सकता है.

उन्होंने अनुरोध किया कि सभी माता-पिता अपने बच्चों को वैदिक गणित जरुर सिखाएं. उन्होंने कहा कि इससे, उनका विश्वास बढ़ेगा, साथ ही तार्किक क्षमता भी बढ़ेगी.

Hanuman Chalisa Row: सांसद नवनीत राणा और उनके पति को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को मुंबई पुलिस की हिरासत में भेजने की मांग को खारिज करते हुए उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

अधिकारी ने बताया कि नवनीत राणा को भायखला महिला कारावास में भेजा जाएगा, जबकि उनके पति को आर्थर रोड जेल भेजा जाएगा.

मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र के अमरावती से निर्दलीय लोकसभा सदस्य नवनीत राणा और बडनेरा से विधायक उनके पति रवि राणा को कथित रूप से ‘विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता पैदा करने’ के मामले में शनिवार शाम को गिरफ्तार किया था.

इससे कुछ घंटे पहले ही राणा दंपति ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास ‘मातोश्री’ के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने की अपनी योजना को रद्द कर दिया था.

अधिकारियों ने बताया कि दोनों पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं 153 (ए) और 353 तथा मुंबई पुलिस अधिनियम (पुलिस की निषेधाज्ञा उल्लंघन) की धारा 135 के तहत मामले दर्ज किये गये हैं.

लोक अभियोजक प्रदीप घरत ने बताया कि दोनों को रविवार को बांद्रा की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

उन्होंने कहा, ‘‘उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 124-ए (राजद्रोह) के तहत भी आरोप हैं क्योंकि उन्होंने सरकारी तंत्र को चुनौती दी थी और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ टिप्पणियां की थीं.’’

घरत ने कहा कि अदालत राणा दंपति की जमानत अर्जी पर 29 अप्रैल को सुनवाई करेगी. दंपति की ओर से वकील रिजवान मर्चेंट ने बताया, ‘‘दोनों के खिलाफ खार थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की गयी हैं. सभी आरोप निराधार हैं और हम जमानत के लिए आवेदन करेंगे.’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले जम्मू में CISF की बस पर आतंकी हमला, एक ASI शहीद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू दौरे से पहले चड्ढा कैंप के पास शुक्रवार सुबह करीब सवा चार बजे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) से भरी बस पर आतंकियों ने हमला कर दिया. जिसमें आतंकी हमले में एक ASI शहीद हो गया. वहीं दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए.  

CISF के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू के चड्ढा कैंप के पास सुबह करीब सवा चार बजे CISF के 15 जवानों को सुबह की पाली में ड्यूटी पर ले जा रही बस पर आतंकियों ने हमला कर दिया. CISF ने आतंकी हमले की जवाबी कार्रवाई की और आतंकियों को भागने पर मजबूर किया. 

सुरक्षाबलों की तरफ से की गई कार्रवाई में अब तक 2 आंतकी मारे जा चुके हैं और 2 हथियार बरामद हुए हैं. बता दें कि सुजवां आर्मी कैंप सेना का मुख्य स्टेशन हैं, वहां से चढ्ढा कैंप मात्र एक किमी की दूरी पर था. चढ्ढा कैंप से पीएम मोदी के कार्यक्रम स्थल पल्ली गांव की दूरी लगभग 20 किमी है.

पीएम मोदी के जम्मू दौरे से पहले सुरक्षाबल सर्च ऑपरेशन कर रहे थे. इस दौरान आतंकियों ने बस पर ग्रेनेड से हमला किया. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनों बाद यानी 24 अप्रैल को जम्मू के दौरे पर जाएंगे. इससे पहले पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है. इसके साथ ही जम्मू में कई जगहों पर सर्च ऑपरेशन चल रहा है. 

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने Zee News को बताया कि पुलिस की कार्रवाई जारी है. अलग-अलग जगहों पर आतंकी हमले की साजिश की जा रही है. इसके साथ ही जम्मू कश्मीर के ADGP मुकेश सिंह का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि जम्मू में फिदायीन हमले की कोशिश की गई. आतंकी बड़े हमले की तैयारी के साथ आए थे.

Covid-19: स्पेन की महिला महज 20 दिनों में 2 बार हुई संक्रमित, साइंटिस्टों का दावा

कोरोना महामारी से पूरी दुनिया पिछले 2 साल से जूझ रही है. इस दौरान करोड़ों की तादाद में लोग संक्रमित हुए हैं. इसी बीच कोरोना संक्रमण का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि स्पेन की एक हेल्थ वर्कर महज 20 दिन में 2 बार कोरोना संक्रमित हुई. उनका कहना है कि यह संक्रमण होने के बीच का अब तक का सबसे कम अंतर है.

यह 31 साल की महिला मैड्रिड में रहती है. स्पेनिश वैज्ञानिकों का कहना है कि उसे महज 20 दिन के भीतर 2 बार कोरोना संक्रमण हुआ. वह कोरोना के 2 अलग-अलग वेरिएंट से संक्रमित हुई. दिसंबर के अंत में जहां उन्हें डेल्टा वेरिएंट के संक्रमण का सामना करना पड़ा. वहीं, जनवरी में ओमिक्रॉन से संक्रमित हुईं.

वैज्ञानिकों का कहना है कि महिला को पूरी तरह से टीका लगाया गया था. यहां तक ​​कि उसने बूस्टर शॉट भी लिया था. सभी सुरक्षा के बावजूद, महिला पिछले साल 20 दिसंबर को कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाई गईं. हालांकि, उनमें कोई कोरोना के लक्षण नहीं दिखाई दिए थे. काम पर दोबारा लौटने से पहले उसने खुद को 10 दिनों के लिए आइसोलेट भी किया था.

वहीं, जब पहले कोरोना टेस्ट के बाद महिला ने तबीयत खराब होने पर दोबारा टेस्ट कराया तो वह रिपोर्ट भी पॉजिटिव निकली. शोधकर्ता डॉ. जेम्मा रेसियो ने कहा कि जिन लोगों को COVID-19 संक्रमण हुआ है. वे ये न सोचे कि दोबारा संक्रमित नहीं हो सकते हैं. भले ही उन्हें वैक्सीन की सभी डोज लगाई गई हो. 

लंदन के इंपीरियल कॉलेज के एक अध्ययन के अनुसार, ओमिक्रॉन वेरिएंट के दोबारा होने की आशंका डेल्टा वेरिएंट की तुलना में 5.4 गुना अधिक है.

Source: Zee News

UP बोर्ड 10वीं-12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर, इस बार मिलेंगे बोनस अंक

उत्तर प्रदेश बोर्ड 10वीं-12वीं की कॉपियों का मूल्यांकन 23 अप्रैल 2022 से शुरू होगा. इस बार बोर्ड की परीक्षा में करीब 50 लाख छात्र शामिल हुए हैं. इसी बीच इन छात्रों के लिए बड़ी खबर आई है. बोर्ड की तरफ से इस बार ऐसे परीक्षार्थियों को एक अंक अतिरिक्त दिया जाएगा, जिनकी उत्तर पुस्तिकाओं में हैंड राइटिंग साफ और स्पष्ट है. यह अपडेट UPMSP द्वारा यूपी बोर्ड एग्जाम रिजल्ट 2022 के लिए मूल्यांकन कार्य के लिए जारी किए निर्देशों में दिया गया है.

वहीं, यूपी बोर्ड एग्जाम रिजल्ट 2022 में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके इसलिए कॉपियों की जांच की प्रक्रिया को कड़ी निगरानी कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं. हर मूल्यांकन केंद्र पर सीसीटीवी लगाए गए हैं. साथ ही परीक्षक को मोबाइल केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई है. 

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश बोर्ड देश का सबसे बड़ा क्षेत्रीय बोर्ड है. यूपी बोर्ड की परीक्षा में हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र शामिल होते हैं, यही वजह है कि यूपी बोर्ड परीक्षा कराना प्रशासन के लिए चुनौती बन जाता है. 

माना जा रहा है कि यूपी बोर्ड की तरफ से 10वीं-12वीं का रिजल्ट जून के पहले सप्ताह में जारी किया जाएगा. रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थी ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकेगे. रिजल्ट चेक करने का स्टेप्स ऑफिशियल वेबसाइट पर दिया जाएगा. 

ऐसे चेक कर सकेंगे रिजल्ट
– सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट upmsp.nic.in पर जाएं.
– इसके बाद रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें.
– पर्सनल डिटेल्स इंटर कर सबमिट करें.
– रिजल्ट आपके सामने होगा.
– रिजल्ट की एक प्रति डाउनलोड कर अपने पास रख लें.

Source: Zee News

उत्तर प्रदेश में HDFC बैंक 150 नई शाखाएं खोलकर 1000 से ज्यादा लोगों को रोजगार देगा

एचडीएफसी बैंक इस साल उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में 150 नई शाखाएं खोलकर 1000 से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराएगा. उत्तर प्रदेश में एचडीएफसी (HDFC) के ब्रांच बैंकिंग प्रमुख अखिलेश कुमार रॉय ने गुरुवार को लखनऊ में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान इसकी घोषणा की. उन्होंने कहा कि ज्यादातर नयी बैंक शाखाएं राज्य के ग्रामीण इलाकों में खोली जाएंगी.

पिछले वित्तीय वर्ष में उत्तर प्रदेश में 170 से ज्यादा नई शाखाएं खोलने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि एचडीएफसी बैंक राज्य में नई शाखाएं खोलकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग के लिए संकल्पबद्ध है.

नई बैंक शाखाओं से जहां 1000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, वहीं बड़ी संख्या में रोजगार के अप्रत्यक्ष अवसर भी प्राप्त होंगे. रॉय ने बताया कि रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ एचडीएफसी बैंक ने प्रदेश और केंद्र सरकार की लगभग सभी वित्तीय योजनाओं से संबंधित लक्ष्य को भी पूरा किया है. यह बैंक खुदरा, कॉरपोरेट, एमएसएमई और कृषि क्षेत्र को कर्ज उपलब्ध कराने में भी अग्रणी रहा है.

इसके अलावा एचडीएफसी बैंक केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं के लिए एक का नोडल खाता भी उपलब्ध कराता है. रॉय ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बाजार में सात फीसद की हिस्सेदारी रखने वाला एचडीएफसी बैंक कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) गतिविधियों के हिस्से के तौर पर ग्रामीण अंचलों में रोजगार उपलब्ध कराने पर भी ध्यान केंद्रित करेगा. उन्होंने कहा ‘हम पांच वर्षों के लिए गांवों को अंगीकृत करते हैं. इस अवधि में हम उन गांवों में पानी की टंकियों, स्ट्रीट लाइट, स्कूल तथा विज्ञान पार्क विकसित करने पर धन का निवेश करते हैं.’

त्योहार मनाने के लिए पर्सनल लोन लेने वालों की संख्या में भारी उछाल : रिपोर्ट

तीन साल पहले की तुलना में 2021 के त्योहारी महीनों के दौरान लोगों द्वारा पर्सनल लोन लेने का आंकड़ा दोगुना हो गया है. गुरुवार को जारी एक रिपोर्ट में यह कहा गया है कि यह लोगों में जश्न मनाने के लिए इस तरह के मार्ग का इस्तेमाल करने की बढ़ती प्रवृत्ति को दर्शाता है. क्रेडिट ब्यूरो, क्रिफ हाई मार्क की रिपोर्ट में कहा गया है कि मूल्य के संदर्भ में व्यक्तिगत ऋण का आंकड़ा 2018 की दिसंबर तिमाही के 75,000 करोड़ रुपये की तुलना में दिसंबर, 2021 की तिमाही में दोगुना होकर 1.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया.

इस खंड में चूक भी अधिक होती है, क्योंकि बैंक पर्सनल लोन बिना किसी गारंटी के इस तरह का कर्ज देते हैं. इसके लिए बैंक ऊंचा ब्याज भी वसूलते हैं. इस अवधि में मूल्य के हिसाब से व्यक्तिगत ऋण में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और गैर-बैंक ऋणदाताओं की हिस्सेदारी बढ़ी, जबकि निजी क्षेत्र के बैंकों की हिस्सेदारी में गिरावट आई. रिपोर्ट में कहा गया कि जब मात्रा के संदर्भ में तुलना की गई, तो सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की हिस्सेदारी में गिरावट आई. जबकि निजी बैंकों और एनबीएफसी के लिए समान रूप से समीक्षाधीन अवधि के दौरान वृद्धि देखी गई.

रिपोर्ट में कहा गया है कि बीते वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में दोपहिया ऋण मूल्य के संदर्भ में घटकर 15,281 करोड़ रुपये रह गया, जो वित्त वर्ष 2018-19 की समान अवधि में 16,393 करोड़ रुपये था. वित्त वर्ष 2021-22 की दिसंबर तिमाही में आवास ऋण का आंकड़ा 2018-19 की समान तिमाही से 40 प्रतिशत बढ़कर 1.93 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया.

बुमराह और रोहित विजडन के ‘वर्ष के क्रिकेटर’ चुने गए पांच खिलाड़ियों में शामिल

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को विजडन के 2022 अंक में ‘वर्ष के क्रिकेटर’ चुने गए पांच खिलाड़ियों में रखा गया है.

इनके अलावा न्यूजीलैंड के डेवोन कोंवे, इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिनसन और दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेटर डेन वान नीकर्क के भी नाम हैं.

इंग्लैंड के जो रूट को वर्ष का अग्रणी क्रिकेटर चुना गया जबकि दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम की बल्लेबाज लिजेले ली को अग्रणी महिला क्रिकेटर चुना गया है.

पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को वर्ष का टी20 क्रिकेटर चुना गया.

बुमराह ने पिछले सत्र में इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने ओवल पर शानदार स्पैल डालकर टीम को 2 . 1 से बढत दिलाई.

वहीं रोहित ने चार टेस्ट में 52 . 57 की औसत से 368 रन बनाये. उन्होंने ओवल पर 127 रन की पारी खेली. रूट ने पिछले कैलेंडर वर्ष में 1708 रन बनाये जो क्रिकेट के इतिहास में एक वर्ष में तीसरा सर्वाधिक टेस्ट रन का रिकॉर्ड है.

ली ने 2021 में वनडे क्रिकेट में 90 से ऊपर की औसत से रन बनाये जिसमें भारत के खिलाफ श्रृंखला में चार पारियों में 288 रन शामिल हैं.

रिजवान ने 2021 में 27 टी20 में 1329 रन बनाये जिसमें एक शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं.

बोरिस जॉनसन साबरमती आश्रम का दौरा करने वाले पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री बने

भारत के अपने दो दिवसीय दौरे पर आए ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने बृहस्पतिवार को महात्मा गांधी को ‘असाधारण व्यक्ति’ बताया, जिन्होंने दुनिया को बेहतर बनाने के लिए सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर बल दिया.

जॉनसन साबरमती आश्रम का दौरा करने वाले ब्रिटेन के पहले प्रधानमंत्री बने. साबरमती आश्रम से महात्मा गांधी ने एक दशक से अधिक समय तक ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन से स्वतंत्रता के लिए भारत के आंदोलन का नेतृत्व किया था.

जॉनसन ने गांधी आश्रम में आगंतुक-पुस्तिका में लिखा, ‘इस असाधारण व्यक्ति के आश्रम में आना और यह समझना कि उन्होंने दुनिया को बेहतर बनाने के लिए किस प्रकार सत्य और अहिंसा के सरल सिद्धांतों पर बल दिया, यह बहुत बड़ा सौभाग्य है.’

ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी की प्रशंसा की लेकिन स्वतंत्रता संग्राम के दौरान ब्रिटेन के शासक वर्ग से गांधी के लिए ऐसी प्रशंसा दुर्लभ थी.

अपनी यात्रा के दौरान, जॉनसन ‘हृदय कुंज’ गए जहां महात्मा गांधी रहते थे. ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने चरखे पर सूत कातने की भी कोशिश की. उन्हें चरखे की प्रतिकृति भी भेंट की गई.

साबरमती आश्रम संरक्षण और स्मारक न्यास की ओर से जॉनसन को दो किताबें भेंट की गई हैं. इसमें एक ‘‘गाइड टू लंदन’’ है जो अप्रकाशित है और इसमें लंदन में कैसे रहा जाए, इसको लेकर महात्मा गांधी के सुझाव हैं। दूसरी किताब मीराबेन की आत्मकथा ‘‘ द स्प्रिट्स पिल्ग्रिम्ज’’ है.

जॉनसन का शुक्रवार को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का कार्यक्रम है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिविल सेवा अधिकारियों से देश की एकता व अखंडता से कोई समझौता ना करने का आह्वान किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिविल सेवा अधिकारियों से देश की एकता व अखंडता से कोई समझौता ना करने का आह्वान करते हुए कहा कि कोई भी फैसला वह चाहे कितना भी आकर्षक क्यों ना हो, लेने से पहले उन्हें उसे एकता व अखंडता की तराजू में जरूर तौलना चाहिए.

सिविल सेवा दिवस के अवसर पर यहां स्थित विज्ञान भवन में लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए पुरस्कार प्रदान करने के बाद सिविल सेवा अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें अपने फैसलों में यह जरूर देखना चाहिए कि वह देश की एकता और अखंडता में कहीं रुकावट तो पैदा नहीं करेगा.

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में सिविल सेवा अधिकारियों के सामने तीन लक्ष्य साफ-साफ होने चाहिए और इनसे कोई समझौता नहीं होना चाहिए.

उन्होंने कहा, ‘‘पहला लक्ष्य है कि देश के सामान्य से सामान्य जन के जीवन में बदलाव लाना. ना सिर्फ उसके जीवन में बदलाव बल्कि सुगमता भी आए और उन्हें इसका एहसास भी हो. सरकार से मिलने वाले लाभों के लिए उन्हें जद्दोजहद ना करनी पड़े. हमें उनके सपनों को संकल्प में बदलना है. इसके लिए सकारात्मक वातावरण बनाना व्यवस्था की जिम्मेदारी है.’’

प्रधानमंत्री ने दूसरा लक्ष्य वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप नवीनता और आधुनिकता को अपनाना और तीसरा लक्ष्य एकता व अखंडता से समझौता ना करना बताया.

उन्होंने कहा, ‘‘… व्यवस्था में हम कहीं पर भी हों, लेकिन जिस व्यवस्था से हम निकले हैं, उसमें हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है देश की एकता और अखंडता. यह लक्ष्य कभी भी ओझल नहीं होना चाहिए. इससे कोई समझौता नहीं किया जा सकता.’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कोई भी निर्णय…वह चाहे कितना भी लोकलुभावन हो या आकर्षक हो, उसे उस तराजू पर जरूर तौलिए कि कहीं देश की एकता और अखंडता में वह बाधक या रूकावट तो नहीं पैदा करेगा.’’

केन्‍द्र और राज्‍य सरकारों के संगठनों और जिलों द्वारा जन हित के असाधारण और अभिनव कार्यों को सम्‍मानित करने के लिए ये पुरस्कार दिए जाते हैं. इस वर्ष प्राथमिकता के आधार पर पांच कार्यक्रमों के लिए 10 पुरस्‍कार दिए गए. केन्‍द्र तथा राज्‍य सरकार के संगठनों और जिलों को नवाचार के लिए छह पुरस्‍कार प्रदान किये गए.

केंद्रीय मंत्री जितेन्‍द्र सिंह ने बुधवार को 15वें सिविल सेवा दिवस समारोहों का उद्घाटन किया था.