Home Blog Page 46

बिहार में बड़ा हादसा, होली पर जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत

बिहार के दो जिलों में होली के त्योहार के दौरान कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई. भागलपुर जिले में आठ लोगों की मौत हुई है. इनमें से चार की मौत भागलपुर शहर के साहिबगंज इलाके में, जबकि शेष लोगों की मौत नारायणपुर पुलिस थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हुई है. 

नारायणपुर पुलिस थाना प्रभारी रमेश शाह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि ये मौतें जहरीली शराब पीने से हुई हैं, या नहीं. उन्होंने यह दावा भी किया कि मृतकों में शामिल एक व्यक्ति को संभवत: दिल का दौरा पड़ा था और एक अन्य सीढ़ी पर चढ़ने के दौरान गिर गया था.

विश्वविद्यालय पुलिस थाना प्रभारी रीता कुमारी ने भी कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जहरीली शराब पीने से मौत होने की पुष्टि हो सकेगी. उल्लेखनीय है कि इसी थाना क्षेत्र में साहिबगंज पड़ता है.

साहिबगंज निवासी एक व्यक्ति के आंखों की रोशनी चली गई है और उसका एक अस्पताल में इलाज चल रहा है. स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर रविवार सुबह अपना आक्रोश प्रकट करते हुए सड़क पर टायर जलाये. पुलिस द्वारा उन्हें समझाने बुझाने के बाद यातायात बहाल हुआ.

इसके अलावा, मधेपुरा जिले के मुरलीगंज प्रखंड (ब्लॉक) में दो लोगों की मौत हो गई. वहां स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नकली शराब का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है.

मुरलीगंज थाना प्रभारी राजकिशोर मंडल ने कहा कि मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है, क्योंकि मृतकों के परिवार के सदस्यों ने घटना के बारे में पुलिस को सूचना मिलने से पहले ही शवों की अंत्येष्टि कर दी. उधर, जहरीली शराब पीने के बाद सात लोग बीमार पड़ गये और उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. 

देश में Covid-19 के 1,761 नए मामले, दो वर्ष में सबसे कम दैनिक मामले

देश में कोविड-19 के 1,761 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,30,07,841 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 26,240 रह गई है. संक्रमण के नए मामले 688 दिन में सबसे कम हैं.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में 127 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,16,479 हो गई. देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 26,240 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.06 प्रतिशत है. संक्रमण से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.74 प्रतिशत है.

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,562 की कमी दर्ज की गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक दैनिक संक्रमण दर और साप्ताहिक संक्रमण दर 0.41 प्रतिशत है.

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 4,31,973 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई और अब तक 78.26 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच हुई है.

संक्रमण से उबरने वालों की संख्या बढ़कर 4,24,65,122 हो गई है और मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है. वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोविड-19 रोधी टीकों की 181.21 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं.

देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे.

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे. पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी. इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे.

संक्रमण से जिन 127 मरीजों की मौत हुई है, उनमें 118 मामले केरल से हैं. देश में अब तक संक्रमण से मौत के कुल 5,16,479 मामलों में से 1,43,766 मामले महाराष्ट्र से, 67,315 केरल से, 40,035 कर्नाटक से, 38,025 तमिलनाडु से, 26,146 दिल्ली से, 23,492 उत्तर प्रदेश से और 21,194 पश्चिम बंगाल से हैं.

Maharashtra : कलयुगी पिता और भाई ने नाबालिग को बनाया हैवानियत का शिकार, दादा ने भी किया रिश्ते को तार तार

महाराष्ट्र में पुणे में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है. जहां एक कलयुगी पिता और भाई ने नाबालिग साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है.

पुलिस ने शनिवार को कहा कि एक नाबालिग लड़की से उसके किशोर भाई और पिता ने अलग-अलग समय पर कथित तौर पर बलात्कार या, जबकि उसके दादा और दूर के रिश्तेदार उसके साथ छेड़खानी किया करते थे. पुलिस के मुताबिक, इन अपराधों को कथित तौर पर पिछले पांच वर्षों में अंजाम दिया गया.

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि बलात्कार और छेड़खानी के लिए भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, हालांकि अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है.

उन्होंने बताया कि पुणे शहर के बंड गार्डन थाने में 11 वर्षीय लड़की से बलात्कार के आरोप में उसके भाई और पिता के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत, जबकि छेड़खानी के आरोप में पीड़िता के रिश्तेदार और उसके दादा के खिलाफ धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से हमला) के तहत मामला दर्ज किया गया.

अधिकारी ने बताया कि पीड़िता और उसका परिवार बिहार का रहने वाला है. वे फिलहाल पुणे में रह रहे हैं. पुलिस निरीक्षक (अपराध) अश्विनी सातपुते ने कहा, “घटना का पता तब चला ,जब लड़की ने अपने स्कूल में ‘गुड टच एंड बैड टच’ सत्र के दौरान अपनी आपबीती साझा की. पिछले पांच साल से वह यह सब झेल रही थी.”

सातपुते ने शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि पिता ने 2017 में अपनी बेटी का यौन उत्पीड़न करना शुरू कर दिया था और तब वे बिहार में रह रहे थे. उन्होंने कहा, “लड़की के बड़े भाई ने नवंबर 2020 के आसपास उसका यौन उत्पीड़न करना शुरू कर दिया. उसके दादा और दूर का एक रिश्तेदार उसे गलत तरीके से छूते थे.”

सातपुते ने कहा कि चूंकि सभी घटनाएं अलग-अलग समय पर हुईं और आरोपी एक-दूसरे की हरकतों से वाकिफ नहीं हैं, इसलिए यह सामूहिक बलात्कार का मामला नहीं है. उन्होंने कहा कि इस मामले में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धाराओं को भी जोड़ा जाएगा.

‘हैप्पीनेस इंडेक्स’ पर बोले राहुल गांधी कहा – जल्द ही घृणा और आक्रोश के चार्ट में सबसे ऊपर पहुंच सकता है भारत

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हैप्पीनेस इंडेक्स को लेकरकेंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि संभव है कि जल्द ही भारत ‘घृणा और आक्रोश’ में शीर्ष स्थान पर पहुंच जाए. उन्होंने हाल ही में जारी ‘’हैप्पीनेस इंडेक्स रिपोर्ट’ का हवाला दिया, जिसमें भारत 136वें स्थान पर है.

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “भूख की सूची में 101वां स्थान, स्वतंत्रता की सूची में 119वां स्थान, प्रसन्नता की सूची में 136वां स्थान. परंतु हम जल्द ही घृणा और आक्रोश के चार्ट में सबसे ऊपर हो सकते हैं.”

इससे पहले, उन्होंने महंगाई के संदर्भ में ट्वीट कर कहा, “यह (महंगाई) और बढ़ेगी, क्योंकि कच्चे तेल की कीमत प्रति बैरल 100 डॉलर से अधिक है, खाद्य वस्तुओं की कीमतों में 22 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है. कोविड ने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को बाधित किया है.”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि “भारत सरकार को अब कार्रवाई करनी चाहिए और लोगों को महंगाई से बचाना चाहिए.” सरकार ने सोमवार को जो आंकड़ा जारी किया है, उसके मुताबिक कच्चे तेल और गैर-खाद्य वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि होने से खुदरा मुद्रास्फीति फरवरी में आठ महीने के उच्चतम स्तर 6.07 प्रतिशत पर पहुंच गई.

इस दौरान थोक मूल्य आधारित मुद्रास्फीति बढ़कर 13.11 प्रतिशत हो गई. यूक्रेन पर 24 फरवरी को रूसी आक्रमण के बाद कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में वृद्धि ने थोक मूल्य सूचकांक पर विपरीत असर डाला है.

Coronavirus Cases in India : देश में Covid-19 के 2,075 नए मामले, 71 मरीजों की मौत

देश में पिछले 24 घंटे में Covid-19 के 2,075 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,30,06,080 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 27,802 रह गई है.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में 71 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,16,352 हो गई. देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 27,802 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.06 प्रतिशत है.

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,379 की कमी दर्ज की गई है. स्वस्थ होने की दर 98.73 प्रतिशत है. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक दैनिक संक्रमण दर 0.56 प्रतिशत और साप्ताहिक संक्रमण दर 0.41 प्रतिशत है.

पिछले 24 घंटे में 3,70,514 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई और अब तक 78.22 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच हुई है. संक्रमण से उबरने वालों की संख्या बढ़कर 4,24,61,926 हो गई है और मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है. वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोविड-19 रोधी टीकों की 181.04 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है.

आपको बता देन कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे.

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे. पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी. इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे.

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 71 मामलों में से 59 मामले केरल से थे.

आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अब तक कुल 5,16,352 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,43,765, केरल के 67,197, कर्नाटक के 40,033, तमिलनाडु के 38,025, दिल्ली के 26,145, उत्तर प्रदेश के 23,492 और पश्चिम बंगाल के 21,193 लोग थे.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं.

Ukraine Crisis : यूक्रेन में मारे गए भारतीय मेडिकल छात्र का शव 21 मार्च को भारत आएगा

कर्नाटक सरकार ने कहा कि युद्धग्रस्त यूक्रेन में रूस की गोलाबारी में मारे गए राज्य के एक मेडिकल छात्र का पार्थिव शरीर 21 मार्च को यहां हवाईअड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है और इसके लिए सभी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है.

खारकीव ‘नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी’ में मेडिकल के अंतिम वर्ष के छात्र नवीन शेखरप्पा ज्ञानगौदर की एक मार्च को संघर्ष क्षेत्र में मौत हो गई थी.

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने नवीन के पार्थिव शरीर को लेने के लिए एक अंतिम संस्कार एजेंट नियुक्त किया था. सरकारी नोडल अधिकारी (यूक्रेन संकट) मनोज राजन ने एक बयान में कहा कि एजेंट ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसके बाद आवश्यक कागजी कार्यों को पूरा करके इसे वारसॉ (पोलैंड) ले जाया गया है.

उन्होंने कहा कि इसके अलावा पोलैंड में भारतीय दूतावास और अंतिम संस्कार एजेंट ने पार्थिव शरीर को भारत ले जाने के लिए जरूरी सभी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है.

राजन ने कहा, “संयुक्त सचिव, यूरेशिया, विदेश मंत्रालय ने सूचना दी है कि श्री नवीन शेखरप्पा ज्ञानगौदर का पार्थिव शरीर 21 मार्च, 2022 को तड़के तीन बजे अमीरात उड़ान संख्या ईके0568 के माध्यम से कैम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है.”

नवीन हावेरी जिले के रानेबेन्नूर तालुक के चलगेरी गांव के निवासी थे. सूत्रों के मुताबिक, उनके माता-पिता ने अंतिम श्रद्धांजलि देने के बाद दावनगेरे के एक निजी अस्पताल को शव दान करने का फैसला किया है.

Goa : गोवा विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन पर कांग्रेस और गोवा फॉरवर्ड पार्टी के बीच ठनी, शुरू हुआ आरोप-प्रत्यारोप का दौर

गोवा विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और सहयोगी गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है क्योंकि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की फिर से सत्ता में वापसी होती दिख रही है.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गोवा चुनाव में कुल 40 सीटों में से 20 पर जीत हासिल की और उसे महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (MGP) और तीन निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन हासिल है. हालांकि, भाजपा ने अगली सरकार बनाने का दावा अभी पेश नहीं किया है। पार्टी का यह लगातार तीसरा कार्यकाल होगा.

कांग्रेस के उत्तरी गोवा जिला अध्यक्ष विजय भिके ने कहा कि चुनावों के लिए जीएफपी के साथ गठजोड़ करना कांग्रेस का गलत फैसला था, जिसके बाद वाकयुद्ध छिड़ गया.

भिके ने शुक्रवार को उत्तरी गोवा के सालिगाओ निर्वाचन क्षेत्र में संवाददाताओं से कहा, “मुझे लगता है कि हमने जीएफपी के साथ गठजोड़ करके गलत फैसला किया क्योंकि गठबंधन से कांग्रेस को किसी भी तरह का फायदा नहीं हुआ, लेकिन दूसरी पार्टी ने इसका फायदा उठाया.”

उन्होंने आरोप लगाया कि जीएफपी प्रमुख विजय सरदेसाई पार्टी उम्मीदवारों के लिए मयेम और मंद्रेम सीटें जीतने में विफल रहे। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनावों में जीएफपी की वोट हिस्सेदारी, 2017 के 3.5 प्रतिशत से गिरकर 1.8 प्रतिशत हो गई.

गोवा चुनावों के 10 मार्च को घोषित परिणाम में भाजपा ने सबसे अधिक 20 सीटें जीतीं. कांग्रेस ने 11 (2017 की तुलना में छह सीटों का नुकसान), जीएफपी ने एक (दो सीटों का नुकसान), एमजीपी ने दो, आम आदमी पार्टी ने दो, रेवोलुशनरी गोवन्स पार्टी ने एक सीट पर जीत हासिल की. तीन निर्दलीय भी जीते.

जीएफपी उम्मीदवार संतोष कुमार सावंत (मयेम) और दीपक कलंगुटकर (मंद्रेम) ने शनिवार को भिके पर निशाना साधा.

कलंगुटकर ने कहा, ‘‘सब लोगों को यह भी याद रखना चाहिए कि जीएफपी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई ने 2020 में भाजपा के खिलाफ टीम गोवा (गठबंधन) बनाने का आह्वान किया था. हालांकि, कांग्रेस ने इस पर तब तक कदम नहीं उठाया जब तक सरदेसाई नयी दिल्ली में राहुल गांधी से नहीं मिले और 2022 के चुनाव के लिए गठबंधन नहीं किया.”

उन्होंने कहा कि सरदेसाई के राहुल गांधी से मिलने के बाद भी, कांग्रेस के स्थानीय नेता कहते रहे कि “गठबंधन की घोषणा होनी बाकी है”, जिससे गठजोड़ पर संदेह पैदा हो गया.

गोवा में नयी सरकार के गठन में भाजपा द्वारा ‘देरी’ पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने एक दिन पहले कहा था कि वह भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर विचार करने के लिए तैयार है. हालांकि, भाजपा विधायकों के एक समूह ने कहा कि पार्टी अगले चार या पांच दिनों में सरकार बनाने का दावा पेश करेगी.

Punjab : आम आदमी पार्टी के दस विधायक मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में एक महिला समेत आम आदमी पार्टी (आप) के दस विधायकों को शामिल किया गया.

राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने यहां पंजाब भवन में मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इन 10 मंत्रियों में से आठ पहली बार विधायक बने हैं. इन सभी ने पंजाबी भाषा में शपथ ली.

हरपाल सिंह चीमा, हरभजन सिंह, डॉ विजय सिंगला, लाल चंद, गुरमीत सिंह मीत हेयर, कुलदीप सिंह धालीवाल, लालजीत सिंह भुल्लर, ब्रह्म शंकर जिम्पा, हरजोत सिंह बैंस और डॉ बलजीत कौर को शपथ दिलाई गई. कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित 18 पद हैं.

पंजाब के राज्यपाल ने स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई थी.

आम आदमी पार्टी (आप) ने 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल (शिअद)-बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-पंजाब लोक कांग्रेस-शिअद (संयुक्त) गठबंधन को पछाड़ते हुए 92 सीटें हासिल की हैं.

इंफ्लूएंज़ा और सांस के संक्रमण जैसे मामलों को लेकर सरकार ने फिर से अलर्ट होने के निर्देश दिए

दक्षिण पूर्व एशिया और यूरोप के कुछ हिस्सों में कोरोना वायरस के फिर से सिर उठाने का हवाला देते हुए केंद्र सरकार ने राज्यों से कहा है कि वे इंफ्लूएंज़ा-जैसी बीमारी और श्वसन संबंधी गंभीर संक्रमण की फिर से निगरानी शुरू करें ताकि किसी भी तरह के शुरुआती संकेत नज़रअंदाज़ नहीं हो सकें और कोविड नियंत्रण में रहे.

इंफ्लूएंजा-जैसी बीमारी (आईएलआई) और श्वसन संबंधी गंभीर संक्रमण (एसएआरआई) के मामलों की जांच सरकार के लिए कोविड प्रबंधन के स्तंभ रहे हैं. बहरहाल, इसकी जांच हाल में रोक दी गई थी, क्योंकि भारत में कोविड-19 के मामले कम आ रहे हैं.

निगरानी बढ़ाने के तहत आईएलआई और एसएआरआई से पीड़ित अस्पताल में भर्ती मरीजों की कोविड जांच कराई जाएगी और संक्रमित नमूनों को जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा जाएगा.

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने एक पत्र में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि कोविड के स्वरूपों का समय पर पता लगाने के लिए पर्याप्त संख्या में नमूने आईएनएसएसीओजी नेटवर्क में जमा कराएं.

उन्होंने प्रोटोकॉल के अनुसार जांच जारी रखने, सभी सावधानियों का पालन करने और आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को फिर से शुरू करते समय सतर्कता नहीं छोड़ने पर भी जोर दिया.

भूषण ने पत्र में कहा कि अगर मामलों के नए कलस्टर उभर रहे हैं तो प्रभावी निगरानी की जाए और आईएलआई एवं एसएआरआई मामलों की नियमों के तहत जांच की जाए और उनपर नजर रखी जाए ताकि किसी भी तरह के शुरुआती संकेत नज़रअंदाज़ न हों और कोविड संक्रमण का प्रसार नियंत्रण में रहे.

उन्होंने कहा कि राज्य मशीनरी को आवश्यक जागरूकता पैदा करनी चाहिए और कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन सुनिश्चित कराना चाहिए.

भूषण ने पत्र में कहा दक्षिण पूर्व एशिया और यूरोप के कुछ देशों में कोविड-19 मामलों में बढ़ोतरी होने के मद्देनजर 16 मार्च को स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें राज्यों को नमूनों का जीनोम अनुक्रमण कराने और कोविड की स्थिति की गहन निगरानी पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी गई.

Covid-19 Update : देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,528 नए मामले, 149 और लोगों की मौत

भारत में एक दिन में Covid-19 के 2,528 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,30,04,005 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घट कर 29,181 रह गई है.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में 149 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,16,281 हो गई. देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 29,181 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.07 प्रतिशत है.

पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,618 की कमी दर्ज की गई है. मंत्रालय ने कहा कि साप्ताहिक और दैनिक संक्रमण की दरों में भी लगातार कमी देखने को मिली है। साप्ताहिक संक्रमण की दर 0.40 प्रतिशत दर्ज की गई और दैनिक दर भी इतनी ही है.

अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में अभी तक कुल 4,24,58,543 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है. वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 180.97 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है.

महामारी से जान गंवाने वाले 149 मरीजों में से 130 केरल के थे. देश में अब तक महामारी से 5,16,281 लोगों की मौत हो चुकी है और इसमें से 1,43,762 मरीज महाराष्ट्र के थे. मौत के कुल मामलों में 67,138 मरीज केरल के थे. इसके अलावा 40,028 मरीज कर्नाटक, 38,025 तमिलनाडु, 26,145 दिल्ली, 23,492 उत्तर प्रदेश और 21,192 पश्चिम बंगाल के थे.