Home Blog Page 50

UP Assembly Election Result 2022 : समाजवादी पार्टी ने लगाया EVM में हेराफेरी का आरोप

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम (UP Assembly Election Result 2022) घोषित होने से एक दिन पहले समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (Electronic Voting Machines) में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को कठघरे में खड़ा किया.

समाजवादी पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल से एक अधिकारी का कथित वीडियो अपलोड किया जिसमें वह यह कहते नजर आते हैं कि मंगलवार को ईवीएम ले जाने में जरूरी प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया. हालांकि वह ईवीएम से छेड़छाड़ करने की किसी भी संभावना को सिरे से खारिज करते हुए भी नजर आते हैं.

सपा ने इसी ट्वीट में आगे कहा “कई जिलों में ईवीएम में हेराफेरी की जानकारी प्राप्त हो रही है. यह किसके इशारे पर हो रहा है? क्या अधिकारियों पर मुख्यमंत्री कार्यालय से दबाव बनाया जा रहा है? चुनाव आयोग कृपया स्पष्ट करे.”

गौरतलब है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Samajwadi Party chief Akhilesh Yadav) ने मंगलवार को वाराणसी (Varanasi) में ईवीएम ले जा रहे एक ट्रक को ‘पकड़े’ जाने का दावा करते हुए आरोप लगाया था कि सत्तारूढ़ भाजपा (BJP) ‘‘मतों की चोरी’’ की कोशिश कर रही है.

बाद में किए गए सिलसिलेवार ट्वीट में उन्होंने कहा, “वाराणसी में ईवीएम पकड़े जाने का समाचार उत्तर प्रदेश की हर विधानसभा को चौकन्ना रहने का संदेश दे रहा है. मतगणना में धांधली की कोशिश को नाकाम करने के लिए सपा गठबंधन के सभी प्रत्याशी और समर्थक अपने-अपने कैमरे के साथ तैयार रहें. युवा लोकतंत्र व भविष्य की रक्षा के लिए मतगणना में सिपाही बनें.”

अखिलेश ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “आज से, अभी से हर युवा, हर मतदाता अगले तीन दिन तक मतों की रक्षा के लिए मतगणना केंद्र की क़िलेबंदी कर दे और ढोल-मंजीरा लेकर आज़ादी के अफ़साने गाए. किसानों की तरह उनके लिए भी लोकतंत्र के लंगर लगेंगे व दुनिया देखेगी कि लोकतंत्र को कैसे बचाया जाता है. राजनीतिक बाहुबल के आगे जनबल झुकेगा नहीं.”

अखिलेश की इस हिदायत के बाद हस्तिनापुर में सपा प्रत्याशी का अपनी दोपहिया गाड़ी पर खड़े होकर दूरबीन से स्ट्रांग रूम की तरफ देखे जाने का एक वीडियो वायरल हुआ है.

उत्तर प्रदेश में सात चरणों में हुए विधानसभा चुनाव का अंतिम दौर गत सात मार्च को हुआ था। मतों की गिनती 10 मार्च को की जाएगी.

Operation Ganga: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दावा, केवल भारत सरकार ही अपने नागरिकों को वापस लाने की व्यवस्था कर रही

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath) ने युद्ध ग्रस्त यूक्रेन (Ukraine) से लौटे छात्र-छात्राओं से गोरखपुर (Gorakhpur) में मुलाकात की और दावा किया कि सिर्फ भारत ही अपने नागरिकों को यूक्रेन से वापस लाने की कार्रवाई कर रहा है.

मुख्यमंत्री ने दावा किया, ‘‘यह सुविधा केवल भारतीय नागरिकों और छात्र-छात्राओं को ही मिल सकी, आपने देखा होगा कि आपके साथ अन्य देशों के छात्र-छात्राएं भी पढ़ती होंगी, उनकी सरकारों ने उनका कोई संज्ञान नहीं लिया. वह अपने तरीके से जो निकल पा रहे हैं सो निकल रहे हैं. बाकी सब भगवान भरोसे हैं.”

उन्होंने कहा, “अलग-अलग देशों से जुड़े हुए मामले होने के नाते समस्याएं खड़ी होती हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के रोमानिया(Romania) हंगरी (Hungary) और पोलैंड (Poland) के साथ अच्छे संबंध होने की वजह से कहीं कोई समस्या खड़ी नहीं हो पाई. इन देशों की सीमाओं पर भारत के नागरिकों को जो सुविधा मिल रही थी वह अन्य देशों के नागरिकों को नहीं मिल पा रही थी.”

योगी ने कहा कि जैसे ही रूस ने यूक्रेन पर हमला किया, अपने नागरिकों को सुरक्षित वापस भारत लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बैठक की. उसके बाद कार्यवाही शुरू हुई. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार (Uttar Pradesh Government) ने भी अपने यहां नोडल अधिकारियों की तैनाती करके यूक्रेन में पढ़ रहे राज्य के सभी लोगों के बारे में जानकारी जुटाई.

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इसमें रूचि ली और फिर भारत वापस लाने के लिए चार केंद्रीय मंत्री भेजे, यह सरकार की संवेदना को व्यक्त करता है.

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश से कुल 2290 छात्र-छात्राएं यूक्रेन में रहकर शिक्षा ले रहे थे जिनमें से 2078 को वापस लाया जा चुका है. बाकी जो बचे हैं उन्हें भी वापस लाने की पूरी व्यवस्था की जा रही है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि गोरखपुर के 74 में से 70 छात्र-छात्राओं को वापस लाया जा चुका है. बाकी चार को भी लाया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि युद्ध कितने दिन चलेगा और उस क्या दशा होगी अभी कुछ कहा नहीं जा सकता, लेकिन यूक्रेन से वापस लौटे छात्र-छात्राएं यहां पर अपने पाठ्यक्रम की लगातार तैयारी करते रहें. योगी ने कहा कि सरकार भी सोच रही है कि इसमें आगे क्या हो सकता है क्योंकि सुरक्षित वापस लाना ही नहीं, बल्कि सभी छात्र छात्राओं के कैरियर की भी चिंता है जिस पर सरकार विचार विमर्श कर रही है.

Coronavirus in India updates : देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,575 नए मामले, 145 और लोगों की मौत

देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus Infection) के 4,575 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,29,75,883 हो गई है, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या गिरकर 46,962 रह गई.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 145 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की कुल संख्या 5,15,355 पर पहुंच गयी है. उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.11 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 (Covid-19) से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर 98.69 प्रतिशत है.

आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 2,986 मामलों की कमी दर्ज की गयी है. संक्रमण की दैनिक दर 0.51 प्रतिशत दर्ज की गयी, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.62 प्रतिशत दर्ज की गयी. इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,24,13,566 हो गयी है और मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत दर्ज की गयी.

देश में कोविड-19 का पता लगाने के लिए मंगलवार को 8,97,904 नमूनों की जांच की गई. अभी तक कुल 77,52,08,471 नमूनों की जांच की जा चुकी है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटों में जिन 145 मरीजों ने जान गंवाई है, उनमें से 111 की मौत केरल में, नौ की मौत उत्तर प्रदेश में और आठ की मौत कर्नाटक में हुई.

इस महामारी से अभी तक कुल 5,15,355 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से महाराष्ट्र में 1,43,745, केरल में 66,374, कर्नाटक में 40,004, तमिलनाडु में 38,019, दिल्ली में 26,139, उत्तर प्रदेश में 23,485 और पश्चिम बंगाल में 21,181 लोगों की मौत हुई.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं.

देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 179.33 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी है.

देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. कोरोना संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे.

देश में कोरोना संक्रमण के मामले 19 दिसंबर 2020 को एक करोड़ के पार हो गए थे. पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी. इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे.

भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा ने ब्लैक ड्रेस में ढाया कहर, सोशल मीडिया पर हॉट फोटोज हुई वायरल

भोजपुरी की जानी मानी एक्ट्रेस मोनालिसा (Bhojpuri Actress Monalisa) इन दिनों सुर्ख़ियों में हैं. वजह है स्टार प्लस का रियालिटी शो स्मार्ट जोड़ी (Smart Jodi) . इस शो में मोनालिसा विक्रांत सिंह के साथ नज़र आ रही हैं. तो वहीं आए दिन वे अपनी हॉट और ग्लैमरस फ़ैन्स के लिए फ़ोटोज सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं. हाल ही में उन्होंने ब्लैक ड्रेस में अपनी कुछ फ़ोटोज इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं. जिसमें उनका अंदाज देखकर फ़ैन्स भी हैरान हैं.

ये भी देखें : भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा का ये कातिलाना अंदाज आपको बना देगा दीवाना, देखें वीडियो

ये भी देखें : Monalisa का ये वीडियो देख रोक नहीं पाएंगे हंसी, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

International Womens Day : राष्ट्रपति कोविंद ने 29 महिलाओं को नारी शक्ति पुरस्कार प्रदान किया

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सशक्तीकरण में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 29 महिलाओं को 2020 और 2021 के लिये नारी शक्ति पुरस्कार प्रदान किया.

राष्ट्रपति ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिये उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली 29 महिलाओं को 28 पुरस्कार प्रदान किये. इनमें 2020 के लिये 14 पुरस्कार और 2021 के लिये 14 पुरस्कार शामिल हैं.

गौरतलब है कि ‘नारी शक्ति पुरस्कार’ व्यक्तियों और संस्थानों द्वारा किये जाने वाले उल्लेखनीय योगदान के लिए मान्यतास्वरूप महिला और बाल विकास मंत्रालय की पहल के तहत प्रदान किये जाते हैं.

Covid-19 महामारी से उत्पन्न परिस्थितियों के कारण 2020 का पुरस्कार समारोह 2021 में आयोजित नहीं हो पाया था.

वर्ष 2020 के लिये नारी शक्ति पुरस्कार विजेताओं में उद्यमशीलता, कृषि, नवोन्मेष, सामाजिक कार्य, कला, दस्तकारी, एसटीईएमएम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, चिकित्सा और गणित) तथा वन्यजीव संरक्षण क्षेत्र में काम करने वाली महिलाएं शामिल हैं.

वर्ष 2021 के लिये नारी शक्ति पुरस्कार विजेताओं में भाषा-विज्ञान, उद्यमशीलता, कृषि, सामाजिक कार्य, कला, दस्तकारी, मर्चेंट नेवी, एसटीईएमएम, शिक्षा, साहित्य, दिव्यांगजन अधिकार आदि क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाएं शामिल हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर ‘नारी शक्ति पुरस्कार’ से सम्मानित महिलाओं से मुलाकात की थी.

यह पुरस्कार प्राप्त करने वालों में मर्चेंट नेवी की कप्तान राधिका मेनन, सामाजिक उद्यमी अनीता गुप्ता, आर्गेनिक खेती करने वाली आदिवासी कार्यकर्ता ऊषाबेन दिनेशभाई वसावा, नवाचार के लिए विख्यात नासिरा अख्तर, इंटेल इंडिया की प्रमुख निवृति राय, ‘डाउन सिंड्रोम’ से पीड़ित कथक नृत्यांगना सायली नन्दकिशोर अगवाने, सांपों को बचाने वाली पहली महिला वनिता जगदेव बोराडे और गणितज्ञ नीना गुप्ता शामिल हैं.

मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि सभी महिलाएं पारिवारिक स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया का हिस्सा बनें, जो उनके आर्थिक सशक्तिकरण के परिणामस्वरूप संभव होगा.

Indian Economy after Covid-19: कोरोना महामारी के बाद फिर गति पकड़ रही है भारतीय अर्थव्यवस्था – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद भारत की अर्थव्यवस्था फिर गति पकड़ रही है और यह आर्थिक क्षेत्र में सरकार के फैसलों और देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत बुनियाद का प्रतिबिम्ब है.

प्रधानमंत्री ने “विकास और आकांक्षी अर्थव्यवस्था के लिए वित्तपोषण” विषय पर आयोजित एक वेबिनार को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार के आम बजट में तेज गति से विकास को जारी रखने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं.

उन्होंने कहा, “साल में आई सबसे बड़ी महामारी के बीच भारत की अर्थव्यवस्था फिर से गति पकड़ रही है. यह हमारे आर्थिक फैसलों और हमारी अर्थव्यवस्था की मजबूत बुनियाद का प्रतिबिंब है.”

उन्होंने कहा, “विदेशी पूंजी के प्रवाह को प्रोत्साहन, अवसंरचना निवेश पर करों में कमी, राष्ट्रीय अवसंरचना और निवेश कोष (एनआईआईएफ), गिफ्ट सिटी और नए वित्तीय विकास संस्थान (डीएफआई) जैसे संस्थान बनाकर हमने वित्तीय और आर्थिक वृद्धि की गति को तेज करने का प्रयास किया है.”

प्रधानमंत्री ने कहा कि वित्त में डिजिटल प्रौद्योगिकी के व्यापक उपयोग को लेकर देश की प्रतिबद्धता अब अगले स्तर पर पहुंच रही है और इस कड़ी में 75 जिलों में 75 डिजिटल बैंकिंग इकाइयों की स्थापना और सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी सरकार के दृष्टिकोण को प्रदर्शित करते हैं.

उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के भारत की प्रगति को तेज गति देने के लिए देश की जो प्राथमिकता है उसमें वित्तीय संस्थानों की भागीदारी अहम है.

प्रधानमंत्री ने “आत्मनिर्भर भारत अभियान’” का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे देश की निर्भरता दूसरे देशों पर कम से कम हो और इससे जुड़ी परियोजनाओं के वित्तपोषण के क्या अलग मॉडल बनाए जा सकते हैं, इस बारे में मंथन आवश्यक है.

ड्रोन, अंतरिक्ष और जियो स्पेशल क्षेत्र में लिए गए सरकार के निर्णयों को ‘‘गेम चेंजर’’ करार देते हुए मोदी ने आह्वान किया कि इन क्षेत्रों में भी अब भारत को दुनिया के शीर्ष तीन देशों में जगह बनाने के लिए काम करना चाहिए.

प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यों और निवेश का उल्लेख करते हुए जोर दिया कि चिकित्सीय शिक्षा से संबंधित चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक चिकित्सा संस्थानों का होना जरूरी है.

उन्होंने कहा कि बैंक अगर निर्यातकों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण देते हैं, तो यह उन्हें मजबूत बनाएगा और इससे आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती मिलेगा.

जैविक खेती को बढ़ावा देने को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर कोई प्राकृतिक खेती में नया काम करने के लिए आगे आ रहा है, तो यह सोचना जरूरी है कि वित्तीय संस्थान कैसे उसकी मदद कर सकते हैं.

मोदी ने इसके अलावा नौकरशाहों को वित्त वर्ष 2022-23 के केंद्रीय बजट प्रस्तावों को लागू करने के लिए ‘कार्रवाई योग्य समाधान’ के साथ आने के लिए भी कहा.

Russia Ukraine War: राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूक्रेन संकट पर प्रधानमंत्री मोदी को जानकारी दी, समर्थन के लिए धन्यवाद दिया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को कहा कि उन्होंने अपने देश के खिलाफ ‘रूस के हमलों’ का जवाब देने की जरूरत के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सूचित किया है. उन्होंने यूक्रेन के लोगों को निरंतर समर्थन के लिए भारत को धन्यवाद दिया.

प्रधानमंत्री मोदी से लगभग 35 मिनट तक टेलीफोन पर बातचीत के बाद राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ट्वीट किया, “भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूसी हमलों से यूक्रेन के मुकाबले के बारे में सूचित किया है”

जेलेंस्की ने कहा, “भारत ने युद्ध के समय अपने नागरिकों की सहायता के लिए तथा सर्वोच्च स्तर पर शांतिपूर्ण वार्ता को दिशा देने के लिए यूक्रेन की प्रतिबद्धता की सराहना की है. यूक्रेन की जनता को समर्थन के लिए आभारी हूं. रूस को रोका जाए.”

यूक्रेन में संघर्ष शुरू होने के बाद मोदी और जेलेंस्की के बीच यह दूसरी टेलीफोन बातचीत है. प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वी यूरोपीय देश में चल रहे संघर्ष को कम करने के लिए हिंसा को तत्काल समाप्त करने के अपने आह्वान को दोहराते हुए यूक्रेन के सूमी शहर में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए जेलेंस्की का समर्थन मांगा.

रूस और यूक्रेन के सैनिकों में भीषण गोलाबारी के बीच लगभग 700 भारतीय छात्र सूमी में फंसे हैं. भारत ने मिशन ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत 76 उड़ानों से अपने लगभग 16,000 नागरिकों की वापसी कराई है. यूक्रेन के खिलाफ 24 फरवरी को रूस के सैन्य हमले शुरू होने के बाद 26 फरवरी को यह अभियान शुरू किया गया था.

भारत ने रूस और यूक्रेन दोनों के अधिकारियों से अनुरोध किया है कि छात्रों की सुरक्षित निकासी के लिए एक गलियारा बनाया जाए.

प्रधानमंत्री मोदी ने वर्तमान संघर्ष की स्थिति और उसके परिणामस्वरूप मानवता पर आने वाले संकट के बारे में गहरी चिंता प्रकट की है तथा हिंसा को फौरन रोकने की जरूरत बताई है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन पर हमला शुरू होने के बाद दो मार्च को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बात की थी.

आधिकारिक सूत्रों ने नयी दिल्ली में कहा कि मोदी ने सोमवार को फिर से राष्ट्रपति पुतिन से बात की और उन्हें युद्धग्रस्त यूक्रेन के सूमी से भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने की जरूरत के बारे में बताया.

सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने संघर्षविराम की घोषणा और सूमी समेत यूक्रेन के कुछ हिस्सों में मानवीय गलियारों की स्थापना की भी सराहना की.

RSS Defamation Case : राहुल गांधी को पेशी से छूट, 22 मार्च को होगी अगली सुनवाई

महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी की एक अदालत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मानहानि के एक मामले में सुनवाई के दौरान पेशी से छूट दे दी. अदालत ने राहुल गांधी को यह छूट तब प्रदान की जब उनके वकील ने बताया कि उनके मुवक्किल उत्तर प्रदेश, गोवा और पंजाब के विधानसभा चुनाव संबंधी कार्य में व्यस्त हैं.

अदालत को शिकायतकर्ता राजेश कुंटे द्वारा दायर किए गए मानहानि मामले में सोमवार को साक्ष्य दर्ज करने थे. मामला आरएसएस के खिलाफ गांधी के कथित मानहानिकारक बयानों से संबंधित है.

राहुल गांधी के वकील नारायण अय्यर ने कांग्रेस नेता के लिए पेशी से छूट मांगी. अय्यर ने कहा कि न्यायाधीश जेवी पालीवाल की अदालत ने राहुल गांधी को पेशी से छूट देते हुए सुनवाई की अगली तारीख 22 मार्च तय की है.

Russia-Ukraine war : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर से बात, सूमी में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने में मांगी मदद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात की और युद्धग्रस्त देश के पूर्वोत्तर इलाके के शहर सूमी में फंसे भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकालने में उनसे मदद की गुजारिश की.

इस दौरान दोनों नेताओं ने पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन में उभरती परिस्थितियों पर भी चर्चा की. रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के कारण सूमी में अभी भी 700 के करीब भारतीय छात्र फंसे हुए हैं.

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने सूमी में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए भारत की ओर से किए जा रहे प्रयासों में यूक्रेन सरकार से मदद जारी रखने की अपील की.

सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी सीधी वार्ता की सराहना की. साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन से भारतीयों को निकालने में यूक्रेन सरकार द्वारा की गई मदद के लिए जेलेंस्की का आभार जताया.

दोनों नेताओं के बीच बात ऐसे समय में हुई है, जब रूस के हमले का सामना कर रहे यूक्रेन से छात्रों समेत अपने नागरिकों को निकालने के लिए भारत हर संभव प्रयास कर रहा है.

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध आरंभ होने के बाद, दोनों नेताओं के बीच आज दूसरी बार बातचीत हुई. इससे पहले, दोनों नेताओं ने 26 जनवरी को फोन पर बातचीत की थी. दोनों देशों के बीच युद्ध आरंभ होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी दो बार बात कर चुके हैं.

इस बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि वार्ता के दौरान जेलेंस्की ने युद्ध की स्थिति और यूक्रेन तथा रूस के बीच जारी बातचीत के बारे में विस्तार से जानकारी दी. पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने यूक्रेन में जारी युद्ध और इसके परिणामस्वरूप पैदा हुए मानवीय संकट पर चिंता जताई.

पीएमओ के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने तत्काल हिंसा समाप्त करने के अपने आह्वान को दोहराया और इस बात को रेखांकित किया कि भारत हमेशा ही दोनों पक्षों के बीच सीधी वार्ता और मुद्दों का शांतिपूर्ण समाधान का पक्षधर रहा है.

भारत रूस और यूक्रेन के शीर्ष नेताओं से युद्ध को तत्काल समाप्त कर, वार्ता और कूटनीति के जरिए मतभेदों को दूर करने की अपील करता आ रहा है.

पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने यूक्रेन में अब भी फंसे भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर चिंता जताई और उनकी जल्द सुरक्षित निकासी की आवश्यकता पर जोर दिया.

Uttar Pradesh Vidhan Sabha Phase 7 Elections 2022: 9 बजे तक 8.58 फीसदी मतदान,9 जिलों की 54 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण के मतदान के दौरान सुबह सोमवार 9 बजे तक 8.58 फीसदी मतदान दर्ज किया गया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी समेत उत्तर प्रदेश के नौ जिलों की 54 विधानसभा सीट पर चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण के तहत मतदान सोमवार सुबह सात बजे शुरू हो गया था.

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ल ने बताया कि सातवें चरण में पूर्वाह्न नौ बजे तक औसतन 8.58 प्रतिशत वोट पड़े. आजमगढ़ में 8.08 प्रतिशत, भदोही में 7.41 प्रतिशत, चंदौली में 7.72 प्रतिशत, गाजीपुर में 8.39 प्रतिशत, जौनपुर में 8.99 प्रतिशत, मऊ में 9.97 प्रतिशत, मिर्जापुर में 8.81 प्रतिशत, सोनभद्र में 8.39 प्रतिशत तथा वाराणसी में 8.90 प्रतिशत औसत मतदान हुआ है.

उन्होंने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चंदौली जिले की चकिया और सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज तथा दुद्धी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान शाम चार बजे तक चलेगा. शेष 51 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में शाम छह बजे तक वोट पड़ेंगे.

शुक्ल ने बताया कि सातवें चरण में 2.06 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. इनमें 1.09 करोड़ पुरूष, 97.08 लाख महिला तथा 1027 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं. इस चरण के निर्वाचन में कुल 54 विधान सभा क्षेत्रों में 613 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 75 महिला प्रत्याशी हैं. सातवें चरण की 54 सीटों में से 11 अनुसूचित जाति के लिए और दो अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं.

शुक्ल ने बताया कि सातवें चरण के चुनाव के लिए कुल 23,614 मतदेय स्थल तथा 12,210 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं. मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग ने 52 सामान्य प्रेक्षक, नौ पुलिस प्रेक्षक तथा 17 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये हैं. इसके अलावा 1,621 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 195 जोनल मजिस्ट्रेट, 222 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 2,796 सूक्ष्म पर्यवेक्षक भी तैनात किये गये हैं.

आयोग द्वारा राज्य स्तर पर एक वरिष्ठ सामान्य प्रेक्षक, एक वरिष्ठ पुलिस प्रेक्षक तथा दो वरिष्ठ व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये गये हैं, जो क्षेत्र में रहकर सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का पर्यवेक्षण कर रहे हैं.

तो वहीं 2017 के विधानसभा चुनाव में सातवें चरण की इन 54 सीट में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगियों अपना दल (एस) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) को कुल 36 सीट मिली थीं. इनमें भाजपा को 29, अपना दल (एस) को चार और सुभासपा को तीन सीटें प्राप्त हुई थीं. वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) को 11, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को छह और निषाद पार्टी को एक सीट पर जीत मिली थी. पिछली बार 2017 में अपने दम पर लड़ी निषाद पार्टी इस बार भाजपा के साथ गठबंधन में है, जबकि सुभासपा ने सपा से गठबंधन किया है.

चुनाव के अंतिम चरण में उत्तर प्रदेश के कई मंत्रियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा. इनमें पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी (वाराणसी दक्षिण), अनिल राजभर (शिवपुर-वाराणसी), रविंद्र जायसवाल (वाराणसी उत्तर), गिरीश यादव (जौनपुर) और रमाशंकर पटेल (मड़िहान-मिर्जापुर) शामिल हैं.

इसके अलावा विधानसभा चुनाव से ऐन पहले भाजपा छोड़कर सपा में गए पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान (घोसी-मऊ) और भाजपा का साथ छोड़कर इस बार सपा से गठबंधन कर चुनाव लड़ रहे सुभासपा अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर (जहूराबाद-गाजीपुर), गैंगस्टर से नेता बने मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी (मऊ सदर) तथा बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह (मल्हनी-जौनपुर) की उम्मीदवारी वाली सीट पर भी इसी चरण में ही वोट डाले जा रहे हैं.

ग़ौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पूर्ववर्ती छह चरणों में 349 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान संपन्न हो चुका है. अंतिम चरण के लिए मतदान जारी है. प्रदेश में सात चरणों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आगामी 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे.