Home Blog Page 56

Australian Open: Rafael Nadal 14वीं बार आस्ट्रेलियाई ओपन के क्वार्टर फाइनल में

दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी रफेल नडाल ने एड्रियन मनारिनो को सीधे सेट में हराकर आस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में 14वीं बार जगह बनाई.

नडाल ने चौथे दौर के मुकाबले में 7-6 (14), 6-2, 6-2 से जीत दर्ज की। उन्हें पहले सेट के टाईब्रेक में जीत दर्ज करने के लिए 28 मिनट 40 सेकेंड तक जूझना पड़ा और इस दौरान उन्होंने सातवें सेट प्वाइंट पर जीत दर्ज की.

बाएं हाथ से खेलने वाले नडाल की बाएं हाथ से खेलने वाले खिलाड़ियों पर यह लगातार 21वीं जीत है.

नडाल ने इसके साथ ही आस्ट्रेलियाई ओपन के पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में सबसे अधिक बार जगह बनाने वालों की सूची में जॉन न्यूकॉम्ब के साथ दूसरे स्थान पर जगह बनाई. रोजर फेडरर 15 बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर शीर्ष पर हैं.

नडाल ने 45वीं बार किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के अंतिम आठ में जगह बनाई है और वह सर्वकालिक सूची में फेडरर (58) और नोवाक जोकोविच (51) के बाद तीसरे स्थान पर हैं.

नडाल अब रिकॉर्ड 21वां पुरुष एकल ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने से तीन जीत दूर हैं.

Coronavirus Update: देश में Covid-19 से होने वाली मौतों की संख्या 4,89,409 हुई

देश में पिछले 24 घंटे के दौरान Covid-19 के 3,33,533 नए मामले सामने आने के साथ अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 3,92,37,264 हो गई है.

सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 21,87,205 हो गई है, जबकि पिछले 24 घंटे के दौरान 525 संक्रमितों की मौत होने से भारत में महामारी से जान गंवाने वालों की कुल संख्या 4,89,409 तक पहुंच गई है.

मंत्रालय के मुताबिक, इस समय देश में मिले संक्रमण के कुल मामलों में से 5.57 प्रतिशत मरीज उपचाराधीन हैं जबकि मरीजों के ठीक होने की दर 93.18 प्रतिशत है.

आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 73,840 की वृद्धि हुई है. दैनिक संक्रमण दर 17.78 प्रतिशत जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 16.87 प्रतिशत है. अब तक 3,65,60,560 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं जबकि मृत्यु दर 1.25 प्रतिशत है. देश में कोविड-19 रोधी टीके की अब तक कुल 161.92 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है.

उल्लेखनीय है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे.

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे. पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी.

पिछले 24 घंटे में संक्रमण से 525 मरीजों की मौत हुई. इनमें से 132 मरीज केरल के और 48 महाराष्ट्र के थे. अब तक कुल मौतों में से महाराष्ट्र में 1,42,071, केरल में 51,739, कर्नाटक में 38,563, तमिलनाडु में 37,178, दिल्ली में 25,586, उत्तर प्रदेश में 23,038 तथा पश्चिम बंगाल में 20,302 मरीजों की मौत हुई है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं.

Covid-19 Vaccination: देश में 15 से 18 वर्ष के आयुवर्ग के बच्चों का टीकाकरण शुरू

देश में 15 से 18 वर्ष के आयुवर्ग के बच्चों को सोमवार से Covid-19 रोधी टीकों की खुराक दी जानी शुरू कर दी गई. कोरोना वायरस संक्रमण के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ (Omicron) के बढ़ते प्रकोप के बीच इस आयुवर्ग के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया गया.

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में फोर्टिस अस्पताल, सर गंगा राम अस्पताल और अन्य केन्द्रों पर बच्चों को टीकों की खुराक दी जा रही है. राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों से संक्रमण के दैनिक मामलों में काफी वृद्धि दर्ज की गई है.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 27 दिसंबर को दिशानिर्देश जारी करते हुए कहा था कि इस आयुवर्ग के बच्चों को केवल कोविड-19 रोधी ‘कोवैक्सिन’ टीके (Covaxin vaccine) की खुराक दी जाएगी.

भारत के औषधि महानियंत्रक (The Drug Controller General of India-DGCI) ने 24 दिसंबर को कुछ शर्तों के साथ 12 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों के लिए स्वदेशी रूप से विकसित भारत बायोटेक के कोविड-19 रोधी ‘कोवैक्सिन’ टीके के आपात स्थिति में उपयोग की स्वीकृति दे दी थी.

टीकाकरण का पंजीकरण कराने के लिए बनाए गए ‘कोविन’ पर रविवार शाम तक 15 से 18 आयु वर्ग के छह लाख से अधिक बच्चों ने टीका लगवाने के लिए पंजीकरण करा लिया था.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने रविवार को कहा था कि 15 से 18 आयु समूह के किशोरों के टीकाकरण के दौरान कोविड-19 रोधी टीकों में घालमेल से बचने के लिए राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को अलग-अलग टीकाकरण केन्द्र स्थापित करने सहित आवश्यक उपाय करने चाहिए.

सूत्रों द्वारा साझा किए गए आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक भारत के महापंजीयक के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में इस श्रेणी में टीकाकरण कराने वाले किशोरों की संख्या 10 लाख है.

देश में पिछले साल 16 जनवरी को टीकाकरण शुरू होने के बाद से दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में जहां टीकाकरण केन्द्र स्थापित किए गए उनके अधिकारियों ने कहा है कि किशारों के टीकाकरण के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है.

चिकित्सकों ने माता-पिता से अपने बच्चों का जल्द से जल्द टीकाकरण कराने का आग्रह किया है, ताकि कोविड-19 वैश्विक महामारी की तीसरी लहर के डर से उन्हें सुरक्षा प्रदान की जा सके.

आप मेरे विचारों को कैद नहीं कर सकते- राहुल ने महात्मा गांधी को उद्धृत करते हुए कहा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक समारोह के दौरान महात्मा गांधी के खिलाफ की गई कथित टिप्पणियों की आलोचना की और राष्ट्रपिता को उद्धृत करते हुए सोमवार को कहा कि उनके विचारों को कैद नहीं किया जा सकता.

वायनाड से लोकसभा सांसद राहुल ने हिंदू धार्मिक नेताओं के एक वर्ग द्वारा रविवार को रायपुर में एक धार्मिक समारोह के दौरान महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रशंसा किए जाने की घटना के मद्देनजर यह टिप्पणी की.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने महात्मा गांधी को उद्धृत करते हुए कहा, ‘‘आप मुझे जंजीरों में जकड़ सकते हैं, मुझे यातना दे सकते हैं, इस शरीर को नष्ट कर सकते हैं, लेकिन आप मेरे विचारों को कभी कैद नहीं कर सकते.’’ 

उल्लेखनीय है कि रायपुर के रावणभाठा मैदान में दो दिवसीय ‘धर्म संसद’ के अंतिम दिन हिंदू धार्मिक नेता कालीचरण महाराज ने अपने भाषण के दौरान राष्ट्रपिता के खिलाफ कथित ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी की थी. उन्होंने लोगों से कहा था कि उन्हें धर्म की रक्षा के लिए एक कट्टर हिंदू नेता को सरकार के मुखिया के तौर पर चुनना चाहिए.

इससे पहले, यति नरसिंहानंद गिरि ने गोडसे को सत्य और धर्म का प्रतीक बताते हुए उसकी प्रशंसा की थी।

Omicron Threat : देश में अभी तक ‘ओमीक्रोन’ के 213 मामले आए सामने

भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ के 213 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 90 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं या अन्य स्थानों पर चले गए. ये मामले 15 राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों में सामने आए.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि दिल्ली में ‘ओमीक्रोन’ स्वरूप (Omicron Variant) के सबसे अधिक 57 मामले, महाराष्ट्र (Maharashtra) में 54, तेलंगाना (Telagana) में 24, कर्नाटक (Karnataka) में 19, राजस्थान (Rajasthan) में 18, केरल (Kerala) में 15 और गुजरात (Gujarat) में 14 मामले सामने आए हैं.

मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में एक दिन में कोविड-19 के 6,317 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,47,58,481 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 78,190 रह गई है, जो 575 दिन में सबसे कम है. 318 और संक्रमितों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,78,325 हो गई.

आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार 55 दिन से कोविड-19 (Covid-19) के दैनिक मामले 15 हजार से कम हैं. उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 78,190 हो गयी है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.22 प्रतिशत है. यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है. पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 907 की कमी दर्ज की गयी है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.40 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सर्वाधिक है.

मंत्रालय आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 0.51 प्रतिशत दर्ज की गयी, जो पिछले 79 दिन से दो प्रतिशत से कम है। साप्ताहिक संक्रमण दर 0.58 प्रतिशत दर्ज की गयी, जो पिछले 38 दिन से एक प्रतिशत से कम है. देश में अभी तक कुल 3,42,01,966 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.38 प्रतिशत है. राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 138.96 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है.

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी. वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे.

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से जिन 318 लोगों की जान गई उनमें से 233 लोग केरल के, 30 लोग गोवा के और 14 लोग महाराष्ट्र के थे.

केरल सरकार ने मंगलवार को एक सरकारी विज्ञप्ति में बताया कि राज्य में सामने आए मौत के 233 मामलों में से 33 मामले पिछले कुछ दिनों में सामने आए. वहीं, मौत के 200 मामलों को केन्द्र तथा उच्चतम न्यायालय के नए दिशानिर्देशों के आधार पर कोविड-19 से मौत के मामलों में जोड़ा गया है.

वहीं, गोवा में सामने आए संक्रमण से मौत के 30 में से 29 मामले मई से दिसंबर के बीच सामने आए थे. आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक कुल 4,78,325 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,41,367 लोग, केरल के 45,155 लोग, कर्नाटक के 38,295 लोग, तमिलनाडु के 36,691 लोग, दिल्ली के 25,102 लोग, उत्तर प्रदेश के 22,915 लोग और पश्चिम बंगाल के 19,688 लोग थे.

ICC Test Ranking : लाबुशेन शीर्ष पर, विराट कोहली सातवें नंबर पर खिसके

भारतीय कप्तान विराट कोहली आईसीसी की नवीनतम विश्व रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में एक पायदान के नुकसान से सातवें स्थान पर खिसक गये जबकि आस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन एशेज श्रृंखला में शानदार फॉर्म की बदौलत इंग्लैंड के कप्तान जो रूट को हटाकर दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बन गये.

भारत के रोहित शर्मा पांचवें स्थान पर बरकरार हैं. गेंदबाजों में रविचंद्रन अश्विन अब भी आस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के बाद दूसरे स्थान पर कायम हैं.

कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में खेले थे, वह पहले छठे स्थान पर थे लेकिन अब 756 अंक से सातवें स्थान पर काबिज हैं.

लाबुशेन एशेज श्रृंखला में अभी तक खेले गये दो मैचों में शानदार प्रदर्शन के बूते पहली बार बल्लेबाजों की आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे हैं.

करियर के सर्वश्रेष्ठ 912 रेटिंग अंक से वह रूट (897 अंक) को दूसरे स्थान पर खिसकाने में सफल रहे.

श्रृंखला से पहले वह चौथे स्थान पर थे लेकिन ब्रिसबेन में पहले एशेज टेस्ट में आस्ट्रेलिया की जीत में 74 रन बनाने के बाद वह दो पायदान के फायदे से दूसरे स्थान पर पहुंच गये थे. लेकिन एडीलेड में उन्होंने एक शतक और अर्धशतक (103 और 51 रन) जड़ा जिससे आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 275 रन से हराकर एशेज श्रृंखला में 2-0 से बढ़त बनायी.

उनके साथी मिशेल स्टार्क दूसरे टेस्ट में 80 रन देकर छह विकेट (पहली पारी में चार विकेट) चटकाने के प्रदर्शन से टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह बनाने में सफल रहे। वह नौंवे स्थान पर पहुंच गये हैं.

टी20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की रैंकिंग में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने बल्लेबाजों की सूची में फिर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है. वह पहला स्थान गंवाने के एक हफ्ते बाद इस पर वापसी करने में सफल रहे.

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शून्य और सात रन से वह पिछले हफ्ते की रैंकिंग अपडेट में दो स्थान खिसककर तीसरे स्थान पर पहुंच गये थे.

अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 79 रन की शानदार पारी खेली जिससे पाकिस्तान ने श्रृंखला में वेस्टइंडीज के खिलाफ क्लीन स्वीप किया. इससे वह रैंकिंग में डेविड मलान के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं.

उनके साथी सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान 798 करियर के सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक से बल्लेबाजों की रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गये.

भारत की सीमित ओवरों की टीम के नये उप कप्तान केएल राहुल पांचवें स्थान पर काबिज सर्वश्रेष्ठ भारतीय खिलाड़ी हैं. टी20 गेंदबाजों की सूची में शीर्ष 10 में कोई भारतीय गेंदबाज मौजूद नहीं है.

प्रधानमंत्री ने सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट हुड्डा से बात कर बहन के लिए कैंसर की दवा पर आश्वासन दिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल डी एस हुड्डा से बात कर यह आश्वासन दिया कि स्तन कैंसर से पीड़ित उनकी बहन सुषमा हुड्डा की मदद के लिए एक नयी दवा की मंजूरी और खरीद में तेजी लाई जाएगी. हुड्डा भाई-बहनों ने ट्विटर पर प्रधानमंत्री से दवा के संबंध में अपील की थी.

शनिवार दोपहर को सुषमा हुड्डा ने ट्वीट किया कि वह प्रधानमंत्री से “बड़ी उम्मीद के साथ” हस्तक्षेप करने और भारतीय बाजार के लिए दवा ट्रोडेलवी की जल्द से जल्द मंजूरी और खरीद सुनिश्चित करने का अनुरोध कर रही हैं क्योंकि उन्हें और कई अन्य लोगों को यह नया जीवन प्रदान करेगा.

अपनी बहन के ट्वीट का हवाला देते हुए पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल डी एस हुड्डा ने ट्विटर पर कहा, “सुषमा हुड्डा मेरी बहन हैं, जो कई वर्षों से कैंसर की मरीज हैं और उम्मीदें धीरे-धीरे कमजोर पड़ती जा रही है. अगर नयी दवा (ट्रोडेलवी) को मंजूरी मिलती है तो उनके साथ कई लोगों को बचाने का एक मौका मिल सकता है.” कुछ घंटे बाद डी एस हुड्डा ने ट्विटर पर कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से फोन आया और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से बात की, जिन्होंने चिंता व्यक्त की.

हुड्डा ने कहा, “उनके (प्रधानमंत्री) फोन और जवाब से सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि मामले पर गौर किया जाएगा. एक भारतीय होने और प्रधानमंत्री के व्यक्तिगत हस्तक्षेप पर गर्व है.”

जब 2016 में ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ हुई थी तब लेफ्टिनेंट जनरल हुड्डा भारतीय सेना की उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ थे. उन्होंने 2019 में राष्ट्रीय सुरक्षा पर देश के लिए एक दृष्टि पत्र तैयार करने के संबंध में कांग्रेस पार्टी द्वारा गठित एक टास्क फोर्स का नेतृत्व किया था. (भाषा)

बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा ने लगाया ग्लैमरस का तड़का, देखें तस्वीरें

बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा की हाल ही में फिल्म ‘छोरी’ रिलीज हुई है. नुसरत ‘प्यार का पंचनामा’ और ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ जैसी बॉलीवुड की कई हिट फिल्मों में काम कर चुकी हैं.

नुसरत भरूचा ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘जय संतोषी माँ’ से की थी. नुसरत भरूचा का जन्म 17 मई 1985 को मुंबई में हुआ था. नुसरत भरूचा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 3.5 मिलियन फॉलोअर्स हैं.

Omicron Threat : दुनिया के 89 देशों में फैल चुका है ओमीक्रोन, देश में कुल मामले 150 के पार

देश में ओमीक्रोन (Omicron) के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. तो वही महाराष्ट्र में ओमीक्रोन के छह और नए मामले सामने आने और ब्रिटेन से हाल में गुजरात लौटे एक अनिवासी भारतीय और एक किशोर के भी कोरोना वायरस के इस स्वरूप से संक्रमित पाये जाने के बाद भारत में इसके कुल मामले बढ़कर रविवार को 151 हो गए.

केंद्र और राज्य के अधिकारियों के अनुसार अब तक 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों-महाराष्ट्र (54), दिल्ली (22), राजस्थान (17), कर्नाटक (14), तेलंगाना (20), केरल (11), गुजरात (9), आंध्र प्रदेश (1), चंडीगढ़ (1), तमिलनाडु (1) और पश्चिम बंगाल (1) में ओमीक्रोन के मरीजों का पता चला है. महाराष्ट्र में, स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि रविवार को छह लोग कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन से संक्रमित पाए गए और इसके साथ ही राज्य में इस स्वरूप से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 54 हो गई. इनमें से दो मरीजों ने तंजानिया की यात्रा की थी.

वहीं, दो इंग्लैंड से लौटे हैं जबकि एक ने पश्चिम एशिया की यात्रा की. इनमें से सभी का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है.

विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organisation) ने कहा है कि 89 देशों में ओमीक्रोन स्वरूप की पहचान की जा चुकी है और यह उन स्थानों पर डेल्टा स्वरूप की तुलना में तेजी से फैलता है, जहां संक्रमण का सामुदायिक स्तर पर प्रसार अधिक है. इसके मामले डेढ़ से तीन दिन में दोगुने हो जाते हैं. 

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अपनी एनहैंसिंग रेडिनेस फॉर ओमीक्रोन (बी.1.1.529): टेक्निकल ब्रीफ एंड प्रायोरिटी एक्शन्स फॉर मेंबर स्टेट्स रिपोर्ट में कहा कि मौजूदा उपलब्ध आंकड़ों को देखते हुए आशंका है कि ओमीक्रोन उन स्थानों पर डेल्टा से आगे निकल जाएगा, जहां सामुदायिक स्तर पर संक्रमण का प्रसार अधिक है. 

रिपोर्ट में कहा गया है, 16 दिसंबर 2021 तक, डब्ल्यूएचओ के सभी छह क्षेत्रों में 89 देशों में ओमीक्रोन स्वरूप की पहचान की गई है. जैसे-जैसे अधिक डेटा उपलब्ध होगा, ओमीक्रोन स्वरूप के बारे में वर्तमान समझ विकसित होती रहेगी.

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि इस बात के पर्याप्त प्रमाण हैं कि ओमीक्रोन डेल्टा की तुलना में तेजी से फैलता है. यह सामुदायिक प्रसार वाले देशों में डेल्टा स्वरूप की तुलना में काफी तेजी से फैल रहा है. डेढ़ से तीन दिन में इसके मामले दोगुने हो जाते हैं.

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 7,081 नए मामले, 264 और लोगों की मौत

भारत में एक दिन में Covid-19 के 7,081 नए मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,47,40,275 हो गई है, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 83,913 रह गई है, जो पिछले 570 दिन में सबसे कम है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, महामारी से 264 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,77,422 हो गई है. संक्रमण के दैनिक मामले पिछले 52 दिनों से 15,000 से कम बने हुए हैं.

मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या गिरकर अब 83,913 रह गई है. यह संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.24 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है जबकि Covid-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.38 प्रतिशत दर्ज की गई, जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है. कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में पिछले 24 घंटों में 652 मामलों की कमी दर्ज की गई है.

आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमण की दैनिक दर 0.58 प्रतिशत दर्ज की गई. यह पिछले 76 दिनों से दो प्रतिशत से कम है. साप्ताहिक संक्रमण दर 0.61 प्रतिशत दर्ज गई और यह पिछले 35 दिनों से एक प्रतिशत से कम है. इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,41,78,940 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.37 फीसदी है. देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 137.46 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं.

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी. वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे.

देश में जान गंवाने वाले 264 और मरीजों में से 218 लोगों की मौत केरल में और 11 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई. केरल पिछले कुछ दिनों से कोविड-19 संबंधी मौत के पुराने मामलों को भी मृतक संख्या में जोड़ रहा है, जिसके कारण राज्य में मृतक संख्या अधिक है.

इस महामारी से देश में अब तक कुल 4,77,422 मरीजों की मौत हो चुकी है. इनमें से महाराष्ट्र में 1,41,340, केरल में 44,407, कर्नाटक में 38,287, तमिलनाडु में 36,676, दिल्ली में 25,100, उत्तर प्रदेश में 22,915 और पश्चिम बंगाल में 19,660 लोगों की मौत हुई है.