Home Blog Page 59

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनरल बिपिन रावत को दी श्रद्धांजलि, कहा- ”भारत उनके बहुमूल्य योगदान को कभी नहीं भूलेगा”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत, ब्रिगेडियर एल एस लिद्दर और 10 अन्य रक्षा कर्मियों को बृहस्पतिवार को यहां पालम हवाई अड्डे पर श्रद्धांजलि अर्पित की. तमिलनाडु में बुधवार को हुई एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु होने के बाद जनरल रावत,उनकी पत्नी और 10 अन्य रक्षा कर्मियों के पार्थिव शरीर एक सैन्य विमान से दिल्ली लाये गए.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, थल सेना प्रमुख एम एम नरवणे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार, एयर चीफ मार्शल ए वी आर चौधरी, रक्षा सचिव अजय कुमार उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने यहां दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की. पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बलों के अन्य कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की. भारत उनके बहुमूल्य योगदान को कभी नहीं भूलेगा.” केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, मनसुख मंडाविया, भाजपा नेता संबित पात्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने भी हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी है. 

पालम हवाई अड्डे पर हृदय विदारक दृश्य दिखे. एक हैंगर में 13 ताबूत रखे गए थे और इस दौरान परिवार के सदस्य भी मौजूद थे. प्रधानमंत्री मोदी इस मौके पर दिवंगतों के परिजनों के पास गए और उनसे कुछ मिनट तक बात की. तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद पूरा देश में शोक में डूब गया. पार्थिव शरीरों को भारतीय वायुसेना के सी-130 जे विमान से सुलूर एयरबेस से दिल्ली लाया गया. यह विमान शाम करीब 7:35 बजे पालम तकनीकी हवाई अड्डे पर उतरा.

सैन्य अधिकारियों ने कहा कि अभी तक केवल जनरल रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और ब्रिगेडियर एल एस लिद्दर के पार्थिव शरीरों की पहचान की जा सकी है. उन्होंने कहा कि केवल पहचान किये गए पार्थिव शरीर ही बुधवार को दुखद हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को सौंपे जाएंगे. बाकी पार्थिव शरीरों को सेना के बेस हास्पिटल की मोर्चरी में रखा जाएगा.

जनरल रावत और उनकी पत्नी के पार्थिव शरीरों को शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आम लोगों के अंतिम दर्शन के लिए उनके 3 कामराज मार्ग स्थित आवास पर रखा जाएगा. दोपहर 12:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे के बीच का समय सैन्य कर्मियों के लिए बिपिन रावत और उनकी पत्नी को श्रद्धांजलि देने के लिए होगा.

जनरल रावत की अंतिम यात्रा उनके आवास से बरार स्क्वायर श्मशान घाट तक अपराह्न करीब 2 बजे शुरू होगी. अंतिम संस्कार शाम 4 बजे निर्धारित है. ब्रिगेडियर लिद्दर का अंतिम संस्कार सुबह नौ बजे किया जाएगा. श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद पार्थिव शरीरों को धौलाकुआं स्थित सेना के अस्पताल ले जाया गया.

जनरल रावत, उनकी पत्नी और ब्रिगेडियर लिद्दर के अलावा, एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर दुर्घटना में सशस्त्र बल के 10 जवानों की मृत्यु हो गई थी. दुर्घटना में मारे गए अन्य कर्मियों में लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, विंग कमांडर पी एस चौहान, स्क्वाड्रन लीडर के सिंह, जेडब्ल्यूओ दास, जेडब्ल्यूओ प्रदीप ए, हवलदार सतपाल, नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेंद्र कुमार, लांस नायक विवेक कुमार और लांस नायक साई तेजा शामिल हैं. इस दुर्घटना में एकमात्र जीवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का बेंगलुरु के एक सैन्य अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Omicron Threat : भारत में ओमीक्रोन के 23 मामले, जानिए किस राज्य में है कितने केस

स्वास्थ्य मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों ने गुरुवार को संसद की एक समिति को सूचित किया कि कोविड​​​​-19 के ओमिक्रोन के 23 मामले हैं और अधिकारी स्थिति की करीबी निगरानी कर रहे हैं. यह जानकारी सरकारी सूत्रों ने दी. सूत्रों ने कहा कि अधिकारियों ने समिति को बताया कि ओमिक्रोन के सबसे अधिक 10 मामले महाराष्ट्र में हैं, इसके बाद राजस्थान में नौ मामलें हैं. उन्होंने बताया कि वैश्विक स्तर पर ओमिक्रोन स्वरूप के 2,303 मामले हैं. स्वास्थ्य अधिकारियों ने ओमिक्रोन और कोविड-19 से संबंधित अन्य मुद्दों पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी.

स्वास्थ्य सचिव, आईसीएमआर महानिदेशक और मंत्रालय के अन्य शीर्ष अधिकारी ने कोविड -19 के ओमिक्रोन स्वरूप से उत्पन्न चुनौतियों के” मुद्दे पर स्वास्थ्य पर संसद की स्थायी समिति को जानकारी दी, जिसकी अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव कर रहे हैं. सूत्रों ने बताया कि कोविड​​​​-19 रोधी टीके की बूस्टर खुराक के सवाल पर, अधिकारियों ने कहा कि यदि आवश्यक हो, तो तीसरी खुराक ली जा सकती है, लेकिन दूसरी खुराक के नौ महीने बाद ही.

सूत्रों ने कहा कि बैठक के दौरान, सदस्यों ने सुझाव दिया कि कोविड​​​​-19 से निपटना चोर-पुलिस के खेल की तरह है और अधिकारियों को वायरस से आगे रहना चाहिए. अपनी प्रस्तुति के दौरान अधिकारियों ने टीके की प्रभावशीलता की आवश्यकता को रेखांकित किया जो विभिन्न स्वरूपों के खिलाफ प्रभावी है. 100 से अधिक देश ऐसे हैं जो अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए भारत सरकार द्वारा जारी किए गए टीका प्रमाणपत्र स्वीकार कर रहे हैं.

देश के 86% वयस्‍कों को कोरोना वैक्‍सीन की कम से कम एक डोज दी गई : स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री मनसुख मंडाविया

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि देश में अब तक 86 प्रतिशत वयस्कों को कोरोनावायरस रोधी टीके की कम से कम एक खुराक दी जा चुकी है और सरकार जल्द से जल्द 100 प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रयासरत है.

उन्होंने लोकसभा में एनके प्रेमचंद्रन, राजीव रंजन सिंह, मनीष तिवारी और कुछ अन्य सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर में यह जानकारी दी. उन्‍होंने कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से जुड़े सवाल पर कहा कि इसको लेकर देश के वैज्ञानिक और विशेषज्ञ अध्ययन कर रहे हैं और पूरे तथ्य सामने आने के बाद आगे कदम उठाए जाएंगे. 

टीकाकरण के संदर्भ में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि जल्द से जल्द 100 फीसदी टीकाकरण हो जाए. उन्होंने बताया कि भारत में 86 प्रतिशत लोगों को टीके की कम से कम एक खुराक दी गई है. उन्होंने कहा कि सभी सांसद अपने क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान को गति देने का प्रयास करें.उन्होंने टीकों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर से जुड़े सवाल पर कहा, ‘‘पूरे अध्ययन के बाद ही टीकों को मंजूरी मिलती है लेकिन बिना तथ्य के टीका को लेकर कुछ नहीं कहा जाए क्योंकि इससे लोगों बेवजह फिर झिझक पैदा होगी.”मंडाविया ने कहा कि कोरोना वायरस अपना स्वरूप बदलता रहता है. इनके जीनोम सीक्‍वेंसिंग के लिए देश में 36 प्रयोगशालाएं हैं. 

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पीएम नरेन्द्र मोदी 9,600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन, एम्स और हाईटेक लैब शामिल

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज करीब 9600 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन सौगातों से भाजपा को यूपी चुनाव 2022 में फायदा होगा.  

बता दें कि गोरखपुर में प्रधानमंत्री मोदी आज गोरखपुर एम्स, फर्टिलाइजर कारखाने और आईसीएमआर के जांच केंद्र का उद्घाटन करने वाले हैं. यहां दशकों से बंद पड़े फर्टिलाइजर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के उर्वरक कारखाने को फिर से शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2016 में इसका शिलान्यास किया था.

हिंदुस्तान उर्वरक के नाम से करीब 600 एकड़ क्षेत्रफल में बने इस कारखाने को आज देश की जनता को समर्पित किया जाएगा. इसमें 12 लाख मीट्रिक टन से अधिक यूरिया का उत्पादन किया जाएगा. अपने कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी आज ही 112 एकड़ क्षेत्र में एम्स का भी उद्घाटन करेंगे. 2016 में उन्होंने इसका शिलान्यास किया था, यह एम्स कभी बाढ़ और बीमारी के लिए पहचाने जाने वाले पूर्वी उत्तर प्रदेश में चिकित्सा की नई रोशनी को पैदा करेगा.

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी पुणे की तर्ज पर आईसीएमआर का एक क्षेत्रीय केन्द्र भी गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बनकर तैयार हो चुका है. प्रधानमंत्री मोदी आज इस हाईटेक लैब का भी उद्घाटन करेंगे. इस केंद्र का शिलान्यास 2018 में हुआ था. यह न सिर्फ इंसेफलाइटिस, कालाजार, चिकनगुनिया और डेंगू बल्कि कोविड-19 जैसी महामारी से जुड़े वायरस की भी पहचान करने के साथ-साथ उनके उपचार के लिए अनुसंधान को आगे बढ़ाने इत्यादि का काम भी करेगा.”

भारत, रूस ने 28 समझौतों पर हस्ताक्षर किए, आतंकवाद से निपटने में सहयोग बढ़ाने का लिया निर्णय

भारत और रूस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शिखर वार्ता के दौरान आतंकवाद से खतरा एवं अफगानिस्तान में उभरती स्थिति जैसी बड़ी चुनौतियों से निपटने में सहयोग व समन्वय बढ़ाने का संकल्प लिया. साथ ही दोनों पक्षों ने आपसी साझेदारी और अधिक विस्तार देने के लिए 28 समझौतों पर हस्ताक्षर किए जिसमें उत्तर प्रदेश के अमेठी में स्थित फैक्टरी में छह लाख से अधिक एके-203 असाल्ट राइफलों के संयुक्त रूप से निर्माण के लिए किया गया समझौता भी शामिल है.

वहीं, पुतिन ने भारत को एक बहुत बड़ी शक्ति और वक्त की कसौटी पर खरा उतरा दोस्त बताते हुए कहा कि आतंकवाद, मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध साझा चुनौतियां हैं, जिनका दोनों देश सामना कर रहे हैं. उन्होंने यहां प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी वार्ता के दौरान शुरूआती टिप्पणी में अफगानिस्तान में घटनाक्रमों पर भी चिंता प्रकट की और कहा कि भारत एवं रूस क्षेत्र के समक्ष आने वाली बड़ी चुनौतियों पर समन्वय जारी रखेंगे.

उन्होंने अपनी शुरूआती टिप्पणी में कहा, ‘‘हम भारत को एक बहुत बड़ी शक्ति, एक मित्र राष्ट्र और वक्त की कसौटी पर खरा उतरा दोस्त मानते हैं. दोनों देशों के बीच संबंध प्रगाढ़ हो रहे हैं और मैं भविष्य की ओर देख रहा हूं.’’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान पुतिन की दूसरी विदेश यात्रा भारत-रूस संबंधों के प्रति उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है तथा दोनों पक्षों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी प्रगाढ़ हो रही है. मोदी ने कहा कि पिछले कुछ दशकों में, विश्व ने कई मूलभूत परिवर्तन और विभिन्न प्रकार के भू-राजनीतिक बदलाव देखे हैं लेकिन भारत एवं रूस की मित्रता पहले जैसी बनी रही.

संयुक्त रूप से जारी बयान के मुताबिक, मोदी और पुतिन ने इस बात पर जोर दिया कि अफगानिस्तान की जमीन का उपयोग लश्कर-ए-तैयबा, आईएसआईएस और अलकायदा समेत किसी भी तरह के आतंकी समूहों के प्रशिक्षण, वित्त पोषण और आश्रय के लिए नहीं किया जाना चाहिए. दोनों पक्षों ने सीमा-पार आतंकवाद से लड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया, जिसे साफतौर पर पाकिस्तान के परिपेक्ष्य में देखा गया.

बयान के मुताबिक, दोनों पक्षों ने पर्यावरण, व्यापार और निवेश तथा उच्च प्रौद्योगिकी सहित अन्य क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग का भी उल्लेख किया. रणनीतिक महत्व के मुद्दों पर व्यापक चर्चा करने के लक्ष्य से भारत और रूस के विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की पहली ‘टू प्लस टू’ वार्ता के कुछ घंटों बाद यह शिखर वार्ता हुई.

दिन की शुरूआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उनके रूसी समकक्ष सर्गेई शोयगु के साथ वार्ता के साथ हुई. इससे इतर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ वार्ता की. इसके बाद दोनों देशों के रक्षा एवं विदेश मंत्रियों ने ‘टू प्लस टू’ वार्ता की.

रक्षा मंत्रियों के बीच वार्ता के समापन पर दोनों पक्षों ने उत्तर प्रदेश के अमेठी स्थित एक विनिर्माण प्रतिष्ठान में छह लाख से अधिक एके-203 राइफलों का संयुक्त उत्पादन करने के समझौते पर हस्ताक्षर किया. इसके अलावा, सैन्य सहयोग पर समझौते को 10 साल (2021-31) के लिए बढ़ा दिया. राइफलों का निर्माण भारतीय सशस्त्र बलों के लिए लगभग 5000 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा. सैन्य सहयोग पर 10 साल का समझौता मौजूदा ढांचे का नवीनीकरण है.

माना जाता है कि भारतीय पक्ष ने पूर्वी लद्दाख सीमा गतिरोध का भी मुद्दा उठाया और एस-400 मिसाइल रक्षा समझौते पर भी चर्चा की गई. रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारत और रूस के बीच एस-400 मिसाइल रक्षा सौदा भारतीय रक्षा क्षमता के लिए खासा मायने रखता है तथा सहयोग को कमजोर करने की अमेरिकी कोशिश के बावजूद इसे क्रियान्वित किया जा रहा है.

लावरोव ने कहा कि भारत ने स्पष्ट रूप से और ढृढ़ता से कहा है कि वह एक संप्रभु देश है तथा रक्षा खरीद पर खुद अपना फैसला लेता है.

संयुक्त बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों ने कोविड-19 महामारी की स्थिति पर विचारों का आदान प्रदान किया और विशेष रूप से ‘स्पुतनिक-वी’ टीके के संबंध में जारी द्विपक्षीय सहयोग की सराहना की. दोनों नेताओं ने महामारी के दौरान समय पर सहायता करने के लिए एक-दूसरे के देशों का आभार व्यक्त किया.

दोनों पक्षों ने विश्वास जताया कि कोविड-19 टीकाकरण प्रमाणपत्र के शीघ्र परस्पर स्वीकार्यता से दोनों देशों के लोगों को आवाजाही में सुविधा होगी. इसके साथ ही दोनों देश इसके लिए तेज गति से औपचारिकताएं पूरी करने पर सहमत हुए.

वहीं, विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शिखर वार्ता को काफी फलदायी करार दिया. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच कई क्षेत्रों में संधि समेत 28 समझौते किए गए.

यह पूछे जाने पर कि क्या भारत ने पूर्वी लद्दाख गतिरोध का मुद्दा उठाया या नहीं? इस पर विदेश सचिव ने कहा कि भारत की सुरक्षा संबंधी सभी चिंताओं पर चर्चा हुई.

श्रृंगला ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि मोदी और पुतिन ने अफगानिस्तान पर भारत और रूस के बीच करीबी सहयोग व विचार-विमर्श जारी रखने का निर्णय लिया.

विदेश सचिव ने कहा कि वार्ता के दौरान ऊर्जा के क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग के बारे में भी विस्तार से चर्चा हुई. उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद से निपटने पर भी जोर दिया गया और दोनों पक्षों ने इसे साझा हितों वाला क्षेत्र करार दिया.

Omicron Threat : मुंबई में ओमीक्रोन के पहले दो मामले सामने आये, महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 10 हुई

मुंबई में पिछले महीने विदेश से लौटे दो व्यक्ति कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित पाये गए हैं. महाराष्ट्र की राजधानी में वायरस के इस नए स्वरूप ये पहले मामले हैं. राज्य में अब इस स्वरूप से कुल मामले बढ़कर 10 हो गए हैं.

बृहन्मुंबई महानगर पालिका की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि दक्षिण अफ्रीका से लौटा एक व्यक्ति अमेरिका से लौटे एक अन्य व्यक्ति के संपर्क में था और दोनों की जांच में ओमीक्रोन पाया गया है.

विज्ञप्ति में बताया गया कि इन दोनों व्यक्ति कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक ले चुके हैं.

Air India पर भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण के 2,350 करोड़ रुपये बकाया

नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वी के सिंह ने बताया कि सितंबर 2021 तक एयर इंडिया पर भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण के 2,350 करोड़ रुपये बकाया हैं.

उन्होंने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह भी बताया कि स्पाइस जेट एयरलाइन पर सितंबर तक भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण (एएआई) के 185 करोड़ रुपये बकाया हैं. उन्होंने बताया कि सितंबर तक स्पाइस जेट पर एएआई के 109 करोड़ रुपये और गो एयर (अब गो फर्स्ट) पर एएआई के 56 करोड़ रुपये बकाया हैं.

उन्होंने कहा ‘‘कुछ एयरलाइन ने अपना बकाया अब तक नहीं दिया है. एएआई अपनी क्रेडिट नीति के अनुसार, बकाया राशि के लिए एयरलाइनों को नियमित रूप से सूचित करता रहता है.

सिंह ने बताया कि बकाया राशि की वसूली के लिए एएआई के पास दंड स्वरूप ब्याज लगाने, सुरक्षा के तौर पर जमा राशि की जब्ती तथा कानूनी कार्रवाई जैसे विकल्प हैं.

देश भर में एएआई के पास 125 हवाईअड्डों का स्वामित्व है. एयरलाइनें एएआई के हवाईअड्डों का उपयोग अपने परिचालन के लिए करने के वास्ते उसे लैंडिंग, पार्किंग आदि सहित अन्य शुल्कों का भुगतान करती हैं.

नागालैंड में सुरक्षाबलों की गोलीबारी में 11 आम लोगों की मौत

नागालैंड के मोन जिले में सुरक्षाबलों की कथित गोलीबारी में कम से कम 11 आम लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने रविवार को बताया कि वह इस घटना की जांच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि क्या यह गलत पहचान का मामला है.

सेना ने बताया कि इस दौरान एक सैन्यकर्मी की मौत हो गई और कई अन्य सैनिक घायल हो गए. इसने कहा कि यह घटना और उसके बाद जो हुआ, वह ‘‘अत्यंत खेदजनक’’ है तथा लोगों की मौत होने की इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की उच्चतम स्तर पर जांच की जा रही है.

इस संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की सटीक संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है, क्योंकि 11 लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई तथा गंभीर रूप से घायल हुए कई लोगों ने पड़ोसी राज्य असम के अस्पतालों में दम तोड़ दिया.

मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने का वादा किया और समाज के सभी वर्गों से शांति बनाए रखने की अपील की.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना ओटिंग और तिरु गांवों के बीच उस समय हुई, जब कुछ दिहाड़ी मजदूर शनिवार शाम एक पिकअप वैन के जरिए एक कोयला खदान से घर लौट रहे थे.

उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित संगठन नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड-के (एनएससीएन-के) के युंग ओंग धड़े के उग्रवादियों की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद इलाके में अभियान चला रहे सैन्यकर्मियों ने वाहन पर कथित रूप से गोलीबारी की.

अधिकारी ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि यह गलत पहचान किए जाने का मामला था या नहीं.

मोन म्यांमा की सीमा के पास स्थित है. म्यांमा से एनएससीएन का युंग ओंग धड़ा अपनी उग्रवादी गतिविधियां चलाता है. पुलिस अधिकारी ने कहा कि हालात काबू में हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

इस बीच, सेना की 3 कोर के मुख्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘नगालैंड में मोन जिले के तिरु में उग्रवादियों की संभावित गतिविधियों की विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर इलाके में एक विशेष अभियान चलाए जाने की योजना बनाई गई थी. यह घटना और इसके बाद जो हुआ, वह अत्यंत खेदजनक है. लोगों की मौत की इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारणों की ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ के जरिए उच्चतम स्तर पर जांच की जा रही है और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.’’सेना ने कहा, ‘‘इस अभियान में सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और एक जवान की मौत हो गई है.’’

मुख्यमंत्री रियो ने ट्वीट किया, ‘‘मोन के ओटिंग में आम लोगों की मौत की दुर्भाग्यपूर्ण घटना निंदनीय है. मैं शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. मामले की एसआईटी (विशेष जांच दल) से उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और कानून के अनुसार न्याय किया जाएगा. मैं सभी वर्गों से शांति बनाए रखने का आग्रह करता हूं.’’

India vs New Zealand:अग्रवाल-पुजारा की शतकीय साझेदारी, भारत की बढ़त 405 रन

0

मयंक अग्रवाल और चेतेश्वर पुजारा ने पहले विकेट के लिये 107 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन रविवार को यहां लंच तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 142 रन बनाये.

इस तरह से भारत की कुल बढ़त अब 405 रन की हो गयी है. न्यूजीलैंड की टीम भारत के पहली पारी के 325 रन के जवाब में 62 रन पर आउट हो गयी थी.

लंच के समय कप्तान विराट कोहली 11 और शुभमन गिल 17 रन पर खेल रहे थे. भारत ने सुबह के सत्र में मयंक अग्रवाल और चेतेश्वर पुजारा के विकेट गंवाये.

पहली पारी में 119 रन देकर सभी 10 विकेट लेने वाले बायें हाथ के स्पिनर ऐजाज पटेल बहुत प्रभावी नहीं दिखे लेकिन भारत के दोनों विकेट उनके खाते में ही गये. इस तरह से वह मैच में अभी तक 12 विकेट ले चुके हैं.

अग्रवाल और पुजारा ने सुबह के सत्र में आक्रामक तेवर अपनाये और गेंद को लगातार सीमा रेखा तक पहुंचाकर गेंदबाजों पर दबाव बनाया.

पुजारा ने अपने चिर परिचित अंदाज के विपरीत दो बार फ्लाइट लेती गेंद पर आगे बढ़कर मिडविकेट क्षेत्र में चौके लगाये. पहली पारी में वह इसी तरह की गेंद पर आउट हो गये थे लेकिन दूसरी पारी में वह काफी सहज नजर आ रहे थे.

पहली पारी में 150 रन बनाने वाले अग्रवाल ने भी अच्छी लय जारी रखी और पटेल पर एक्स्ट्रा कवर पर छक्का जड़कर अर्धशतक पूरा किया. पटेल ने भले ही इतिहास में अपना नाम दर्ज कर दिया लेकिन अग्रवाल ने उन पर मैच में कुल पांच छक्के लगाये. यहां तक रक्षात्मक अंदाज में खेलने वाले पुजारा ने भी उनकी एक गेंद छह रन के लिये भेजी.

अग्रवाल मैच में दूसरा शतक पूरा करने की स्थिति में दिख रहे थे लेकिन पटेल पर एक और छक्का जड़ने के प्रयास में उन्होंने लांग ऑफ पर विल यंग को कैच थमा दिया.

पुजारा के पास अर्धशतक बनाकर दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले आत्मविश्वास जगाने का अच्छा मौका था. उन्हें एक बार डीआरएस का फायदा भी मिला लेकिन पटेल की फुललेंथ गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकिर स्लिप में रोस टेलर के सुरक्षित हाथों में चली गयी और वह अर्धशतक पूरा नहीं कर पाये.

Omicron Threat : BCCI AGM में भारतीय टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर होगा फैसला

0

बीसीसीआई (BCCI) की आम सभा की 90वीं सालाना बैठक के दौरान कोरोना वायरस (Coronavirus) के नये वैरिएंट ओमीक्रोन (Omicron Variant) के प्रसार के बीच भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) के आगामी दक्षिण अफ्रीका दौरे पर फैसला लिया जायेगा.

बैठक के 24 बिंदुओं के एजेंडे में भावी दौरा कार्यक्रम पर अपडेट भी शामिल है जिसमें इस पर बात की जायेगी. कहा जाता है कि ओमीक्रोन डेल्टा वैरिएंट की तुलना में तेजी से फैलता है. भारत सहित दुनिया भर में इसे लेकर चौकसी बरती जा रही है. यह वैरिएंट दक्षिण अफ्रीका से निकला है.

टीम इंडिया को नौ दिसंबर को जोहानिसबर्ग रवाना होना है लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दौरा होगा या नहीं. भारतीय टीम को सात सप्ताह के दौरे पर तीन टेस्ट, तीन वनडे और चार टी20 मैच खेलने हैं.

यह श्रृंखला बैठक के आधिकारिक एजेंडे में नहीं है लेकिन भावी दौरा कार्यक्रम पर बातचीत के दौरान इस पर चर्चा हो सकती है.

इंग्लैंड दौरे पर सितंबर में भारतीय टीम टेस्ट श्रृंखला में 2 . 1 से आगे थी लेकिन टीम बबल में कोरोना मामले आने के बाद आखिरी टेस्ट नहीं खेला जो अब जुलाई 2022 में होगा.

इस समय भारत ए टीम दक्षिण अफ्रीका में ही है और उसे वापिस नहीं बुलाया गया है. अपना सौवां टेस्ट खेलने की दहलीज पर खड़े भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohali) ने इस मसले पर स्पष्टता चाही है. उन्होंने कहा था कि टीम प्रबंधन बोर्ड के संपर्क में है और कुछ दिन में तस्वीर स्पष्ट हो जायेगी.

एजीएम में आईपीएल (IPL) की मेगा नीलामी की तारीखों की घोषणा भी हो सकती है. इसके अलावा बैठक में टी20 विश्व कप में भारत के खराब प्रदर्शन पर भी चर्चा की जायेगी.