Home Blog Page 65

अनुसूचित जाति/जनजाति को पदोन्नति में आरक्षण देने के मुद्दे पर न्यायालय ने सुरक्षित रखा अपना फैसला

उच्चतम न्यायालय ने सरकारी नौकरियों में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) को पदोन्नति में आरक्षण देने के मुद्दे पर अपना फैसला मंगलवार को सुरक्षित रख लिया.

न्यायमूर्ति एल नागेश्वर राव, न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमर्ति बी आर गवई की तीन सदस्यीय पीठ ने अटॉर्नी जनरल के के वेणुगोपाल, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) बलबीर सिंह और विभिन्न राज्यों की तरफ से पेश हुए अन्य वरिष्ठ अधिवक्ताओं सहित पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कहा कि इस पर फैसला बाद में सुनाया जायेगा.

केंद्र ने पूर्व में पीठ से कहा था कि यह एक तथ्य है कि लगभग 75 वर्षों के बाद भी अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को अगड़े वर्गों के समान योग्यता के स्तर पर नहीं लाया गया है.

वेणुगोपाल ने कहा था कि एससी और एसटी से संबंधित लोगों के लिए समूह ए श्रेणी की नौकरियों में उच्च पद प्राप्त करना अधिक कठिन है और समय आ गया है जब शीर्ष अदालत को एससी, एसटी और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) द्वारा इन रिक्तियों को भरे जाने के लिये कुछ ठोस आधार देने चाहिए.

इससे पहले, शीर्ष अदालत ने कहा था कि वह एससी और एसटी को पदोन्नति में आरक्षण देने के अपने फैसले को फिर से नहीं खोलेगा क्योंकि यह राज्यों को तय करना है कि वे इसे कैसे लागू करते हैं.

डॉक्टर्स, हेल्थ वर्कर्स,नर्सिंग स्टाफ की वजह से देश मे 100 करोड़ वैक्सीन पूरा होने का कार्यक्रम बना एक उत्सव -सांसद मनोज कोटक

कोरोना से लड़ने के लिए सबसे कारगर उपाय वैक्सीन है ।दुनिया की सबसे बड़ी कोरोना वैक्सीनेशन ड्राइव की शुरूवात इस वर्ष 16 जनवरी को हुई। कोरोना से राहत दिलाने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे बड़े स्तर पर वैक्सीनेशन का कार्यक्रम चल रहा है। अब इस मुहिम ने सौ करोड़ के जादुई आंकड़े को भी छू लिया है।

कोरोना वैक्सीन के कार्यक्रम के शुरुवात के पहले दिन डॉक्टर्स, हेल्थ वर्कर्स का पुष्पगुच्छ देकर सांसद मनोज कोटक ने उनका सम्मान किया था, और अब 100 करोड़ वैक्सीन के पूरे होने के उपलक्ष्य और कोरोना के खिलाफ इस जीत के जश्न को सांसद मनोज कोटक ने कोरोना योद्धा का सम्मान कर मनाया, दरअसल राजावाड़ी अस्पताल, हिन्दू सभा अस्पताल और अपने संसदीय क्षेत्र के दूसरे अस्पतालों के हेल्थवर्क्स, डॉक्टर्स, और नर्सिंग स्टाफ को सर्टिफिकेट और मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उन्हें धन्यवाद कहा

इस अवसर पर सांसद मनोज कोटक ने कहा है कि ” देश के यशश्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 100 करोड़ से ज्यादा लोगो को वैक्सीन दिया गया, कोरोना के खिलाफ लड़ाई अब आखिरी स्टेज में है,हमे उम्मीद है कि जनता का इसी तरह सहयोग रहा तो जल्द ही हम सब कोरोना के खिलाफ इस जंग मे विजयी होंगे, सभी डॉक्टर्स, हेल्थ वर्कर्स,नर्सिंग स्टाफ का धन्यवाद जिनकी वजह वैक्सीन का कार्यक्रम एक उत्सव बन गया,”

कार्यक्रम के इस मौके पर सांसद मनोज कोटक के साथ साथ नगरसेवक भालचंद्र शिरसाट, नगरसेविका बिंदू त्रिवेदी, प्रविण छेडा, ईशान्य मुंबई जिल्हाध्यक्ष अशोक राय, रवि पुंज, अतुल भयानी, अजय बागल, विद्युत काझी, अविनाश जाधव, तुषार कांबले, केतन कोटक, अजय त्रिवेदी उपस्थित थे,,

Mumbai : 100 करोड़ टीकाकरण का दावा ‘झूठा’- शिवसेना नेता संजय राउत

शिवसेना सांसद संजय राउत ने आरोप लगाया कि देश में कोविड-19 रोधी टीके की 100 करोड़ खुराक देने का वादा ‘झूठा’ है और पात्र नागरिकों को अब तक 23 करोड़ से ज्यादा खुराक नहीं लगाई गई है. महाराष्ट्र में शनिवार को नासिक में पार्टी की एक बैठक को संबोधित करते हुए राउत ने कहा कि वह यह सबूत देंगे कि 100 करोड़ टीकाकरण का दावा ‘झूठा’ है.

राज्य सभा सदस्य ने बिना किसी का नाम लिए हुए कहा, आप कितना झूठ बोलेंगे? शिवसेना के प्रमुख प्रवक्ता ने दावा किया, पिछले एक पखवाड़े में 20 हिंदू और सिखों की हत्या हुई. 17 से 18 सैनिक शहीद हो गए. चीन अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख में समस्या पैदा कर रहा है, लेकिन हम 100 करोड़ टीकाकरण का उत्सव मना रहे हैं, जो कि सही नहीं है.

महाराष्ट्र के भाजपा प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने कहा कि शिवसेना नेता आधारहीन दावे करते रहे हैं. उन्होंने कहा, 100 करोड़ टीकाकरण पर राउत की टिप्पणी कुछ नहीं बल्कि हंसने वाली बात है क्योंकि आंकड़े बिल्कुल स्पष्ट हैं. भारत ने 21 अगस्त को कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण का 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया.

Mumbai : दिव्यांग किशोरी से रेप के आरोप में फिजियोथेरेपिस्ट गिरफ्तार

मुंबई के उपनगर सांताक्रुज में क्लिनिक में 16 साल की दिव्यांग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने 40 वर्षीय फिजियोथेरेपिस्ट को गिरफ्तार किया है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी को बृहस्पतिवार को पकड़ा गया. लड़की मूक होने के साथ शारीरिक रूप से दिव्यांग थी और आरोपी के क्लिनिक पर इलाज के लिए आती थी. आरोपी ने लड़की से करीब एक साल से अधिक समय तक कथित रूप से बलात्कार किया.

घटना का खुलासा मंगलवार को तब हुआ जब लड़की ने अपने मोबाइल फोन से अपने माता-पिता को एक संदेश भेजकर इसकी जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि घटना से हैरान उसके माता-पिता ने बृहस्पतिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और लड़की ने भी पुलिस को अपराध की जानकारी दी.

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि जब भी लड़की आरोपी के क्लिनिक जाती थी तो वह कथित तौर पर उससे बलात्कार करता. अधिकारी ने बताया कि उसके माता पिता हमेशा फिजियोथेरेपिस्ट के केबिन के बाहर बैठते थे और इसलिए अपराध से अनजान थे. उन्होंने बताया कि आशंका है कि आरोपी ने अन्य बच्चों के साथ भी ऐसा ही अपराध किया है.

अधिकारी ने बताया कि लड़की के माता-पिता द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपी को उसके क्लिनिक से पकड़ लिया और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की की धारा 376 (बलात्कार) सहित विभिन्न धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया. उन्होंने बताया कि बाद में आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. (Source : News18)

Bangladesh : हिंदुओं के मंदिर, व्यवसायों पर फिर हमला, अल्पसंख्यक समूह देश भर में अनशन करेंगे

बांग्लादेश में कई दिनों से जारी सांप्रदायिक हिंसा की हालिया घटना में एक हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई है. इससे पहले कथित ईशनिंदा को लेकर अज्ञात मुस्लिम कट्टरपंथियों ने मंदिरों में तोड़फोड़ की थी और हिंसा फैलाई थी. इन घटनाओं के बाद अल्पसंख्यक समूह ने देशभर में भूख हड़ताल करने की घोषणा की है.

‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार की खबर के मुताबिक बांग्लादेश में विभिन्न जगह दुर्गा पूजा स्थलों पर हमले के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हमले के बाद ताजा झड़प हुई और फिर देश की राजधानी से करीब 157 किलोमीटर दूर फेनी में हिंदुओं के मंदिर और दुकानों में शनिवार को तोड़फोड़ और लूटपाट की गई.

इसमें बताया गया कि झड़पों में फेनी मॉडल पुलिस थाने के प्रभारी निजामुद्दीन समेत कम से कम 40 लोग घायल हो गए.

रिपोर्ट में बताया गया कि शाम साढ़े चार बजे शुरू हुई झड़प देर रात तक चली और इस दौरान कई मंदिरों, हिंदुओं के व्यवसायों पर तोड़फोड़ की गई और लूटपाट भी हुई. इसके बाद शनिवार रात को अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस बल और अर्द्धसैनिक बल बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की तैनाती की.

अखबार की खबर में बताया गया कि शनिवार को कुछ उपद्रवियों ने मुंशीगंज के सिराजदीखान उपजिला के राशुनिया यूनियन में दानियापरा महा शोषान काली मंदिर में छह मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किया. इसमें बताया गया दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान हिंदू मंदिरों पर हमलों और तोड़फोड़ के विरोध में देशभर में शनिवार को भी प्रदर्शन हुए, वहीं तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुईं.

इस बीच देश के दक्षिण-पूर्वी शहर चटगांव में बांग्लादेश हिंदू बौद्धिस्ट क्रिश्चियन यूनिटी काउंसिल ने दुर्गा पूजा समारोह के दौरान हुए हमलों के विरोध में 23 अक्टूबर से धरना और अनशन की घोषणा की. परिषद के महासचिव राणा दासगुप्ता ने चटगांव में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ढाका के शाहबाग और चटगांव के अंद्राकिला में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.

बांग्लादेश पूजा उद्यापन परिषद ने तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाओं में लिप्त लोगों के लिए सख्त सजा की मांग की. इसके अध्यक्ष मिलन कांति दत्ता ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों को नहीं मानेगी तो बड़ा अभियान चलाया जाएगा.

इस्कॉन बांग्लादेश के महासचिव चारु चंद्र दास ब्रह्मचारी ने चेतावनी दी कि समुदाय चुपचाप बैठकर हमलों को होता नहीं देखेगा.

Covid-19 Update : भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 14,146 नए मामले, 144 मरीजों की मौत

भारत में Covid-19 के एक दिन में 14,146 नए मामले सामने आए जो 229 दिनों में संक्रमण के सबसे कम मामले हैं जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 1,95,846 हो गयी जो 220 दिनों में सबसे कम है.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकडों के मुताबिक, 144 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,52,124 हो गयी है. देश में महामारी के कुल मामलों की संख्या 3,40,67,719 हो गयी है. एक दिन में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 5,786 की कमी दर्ज की गयी जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.57 प्रतिशत है. कोविड से ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.10 प्रतिशत है.

मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को कोविड-19 के लिए 11,00,123 नमूनों की जांच की गयी जिससे अब तक देश में इस महामारी का पता लगाने के लिए जांचे गए नमूनों की संख्या 59,09,35,381 हो गयी है. इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,34,19,749 हो गयी है, जबकि मृत्यु दर 1.33 प्रतिशत है. देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत लोगों को 97.65 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं.

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी. वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को आंकड़े दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे.

आंकड़ों के मुताबिक, देश में जिन 144 और लोगों ने जान गंवाई है उनमें से 57 की मौत केरल में, 26 की महाराष्ट्र और 15 लोगों की मौत तमिलनाडु में हुई. इस महामारी से अभी तक हुई मौतों में से 1,39,760 लोगों की मौत महाराष्ट्र में, 37,937 की कर्नाटक, 35,884 की तमिलनाडु, 26,791 की केरल, 25,089 की दिल्ली, 22,898 की उत्तर प्रदेश और 18,963 लोगों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं.

Kerala Floods : केरल में भूस्खलन में मरने वालों की संख्या आठ हुई, लापता लोगों की तलाश जारी

केरल में भारी बारिश और विनाशकारी भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर रविवार को आठ हो गयी.

सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), पुलिस और अग्निशमन बल के साथ ही स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह कूट्टीकल और कोक्कायार पंचायत इलाकों में बचाव अभियान शुरू किया जहां शनिवार से भारी बारिश के साथ कई भूस्खलनों के कारण 12 से अधिक लोग लापता हैं.

अधिकारियों ने बताया कि बचाव कार्यकर्ताओं ने रविवार सुबह कूट्टीकल से चार और शव बरामद किए जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गयी है. अभी तक शवों की पहचान नहीं की गई है. कूट्टीकल से शनिवार को दो महिलाओं और एक बच्चे का शव बरामद किया गया था.

शनिवार को बारिश से संबंधित एक अन्य घटना में 30 साल के एक पुरुष और एक महिला की उस समय मौत हो गयी जब इडुक्की जिले के कंजार में उनकी कार बाढ़ में बह गयी.

बचाव प्रयासों के साथ समन्वय करने के लिए कोट्टयम में मौजूद राज्य के राजस्व मंत्री के. राजन ने बताया कि सरकारी एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि क्या मलबे में और लोग फंसे हुए हैं.

एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि कोट्टयम पहुंचे सेना के एक दल ने मलबे में लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया है. उन्होंने बताया, ‘‘स्थानीय सूत्रों के अनुसार कुछ लोग अब भी फंसे हुए हैं. अभी भारी बारिश का कोई अनुमान नहीं है. पैंगोड सैन्य स्टेशन की मद्रास रेजीमेंट ने कूट्टीकल से चार किलोमीटर दूर कवाली गांव में बचाव अभियान शुरू किया.’’

कोच्चि में नौसेना का एक हेलीकॉप्टर राहत सामग्री के साथ पहले ही बारिश से प्रभावित इलाकों के लिए उड़ान भर चुका है. वायु सेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर पहुंच चुके हैं और एक हेलीकॉप्टर को तिरुवनंतपुरम में तैयार रखा गया है.

केरल के राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकारियों ने बताया कि उत्तर केरल-कर्नाटक के तटों पर पूर्वी मध्य अरब सागर से सटे दक्षिणपूर्व में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है और उन्होंने अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने तथा कुछेक जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है.

मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर खोल दिए गए हैं. उन्होंने संबंधित प्राधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शिविरों में कोविड-19 संबंधी स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन किया जाए.

इस बीच, इडुक्की जिले के कोक्कायार में सात लापता लोगों की तलाश चल रही है. राजन ने बताया, ‘‘इलाके तक जाने वाली सड़कें तबाह हो गयी हैं. बड़ी मुश्किलों से पंचायत अध्यक्ष और ग्राम अधिकारी रात में अपने आप वहां पहुंचे. कल रात ही सड़क संपर्क बहाल किया गया. तलाश चल रही है लेकिन अभी तक कोई मिला नहीं है.’’

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के दलों ने सुबह पथानमथित्ता जिले में जलभराव वाले इलाकों में फंसे करीब 80 लोगों को बचाया. मौसम अधिकारियों ने बताया कि इडुक्की जिले के पीरमेड में शनिवार शाम साढ़े पांच बजे तक 24 सेंटीमीटर तक बारिश हुई.

Madhya Pradesh : ‘लापता’ होने के पोस्टरों से प्रज्ञा ठाकुर हुईं नाराज, कहा-देशद्रोहियों के लिए नहीं है कोई जगह

भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने Covid-19 महामारी के दौरान उनके लापता होने के पोस्टर लगाने के लिए कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के एक विधायक की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे कांग्रेसियों और देशद्रोहियों के लिए देश में कोई स्थान नहीं है, देश में केवल देशभक्त ही रह सकते हैं.

हालांकि कांग्रेस विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य के आधार पर (मालेगांव विस्फोट मामले में) जमानत पर बाहर होने के बाद वह (प्रज्ञा) कबड्डी और गरबा खेल रही हैं तो अदालत को इस पर संज्ञान लेना चाहिए. शुक्रवार रात को आयोजित एक कार्यक्रम में ठाकुर ने कांग्रेस के भोपाल दक्षिण से विधायक पीसी शर्मा पर निशाना साधा जबकि शर्मा कार्यक्रम में ही मौजूद थे. इसके बाद शर्मा कार्यक्रम बीच में ही छोड़ कर चले गए. कार्यक्रम के दौरान ठाकुर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कहा कि कोई व्यक्ति नर्मदा नदी की परिक्रमा करने से पवित्र नहीं बन सकता.

मालूम हो कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने 2017 में 3,300 किलोमीटर लंबी नर्मदा परिक्रमा पैदल की थी. ठाकुर ने एमवीएम मैदान एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘ पशु में भी संवेदना होती है, उसका बच्चा जब मर जाता है, बीमार होता है तो वह रोता है. पर ये तो पशु से भी गए बीते हैं. बीमार को बीमार नहीं मानते, पहले तो (मुझे) प्रताड़नाएं दी और जब मैं बीमार हो गई तो ये हमारे गुमशुदा का पोस्टर लगाते हैं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘ ऐसे लोगों पर शर्म आती है. ऐसे लोग विधायक बनने लायक नहीं हैं, लेकिन विधायक बनते हैं. ऐसे लोग खुद को हिंदू कहते हैं, लेकिन वे असंदनशील हैं. वे हम पर हमला करते हैं. ऐसे कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए. ऐसे देशद्रोहियों को मैं कहती हूं, इनके लिए भारत में जगह नहीं है, भारत में रहेगा तो सिर्फ राष्ट्रभक्त रहेगा.’’

मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी सांसद ने कहा कि देश हिंदुओं के साथ है क्योंकि वे देशभक्त हैं. उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रभक्त अपनी पहचान को समझ लें तो सीमाएं सुरक्षित हो जाएंगी, भारत अखंड हो जाएगा, भारत वैभव पर पहुंचेगा.’’

ठाकुर द्वारा अपने भाषण में उन पर हमला किए जाने पर कार्यक्रम बीच में ही छोड़ने वाले कांग्रेस विधायक शर्मा ने कहा, ‘‘ यह एक सामाजिक मंच था न कि राजनीतिक, जहां उन्होंने राजनीतिक टिप्पणियां की. यह एक दशहरा कार्यक्रम था लेकिन उन्होंने उन लोगों का अपमान किया जिन्होंने नर्मदा परिक्रमा की है. उनका (प्रज्ञा) निशाना चाहे कोई हो, लेकिन यह निंदनीय है’’

शर्मा ने कहा, ‘‘ उन्होंने (प्रज्ञा) कहा कि उनके लापता होने के पोस्टर लगाए गए थे. भोपाल के लोग दो साल से महामारी के दौरान अस्पतालों में बिस्तरों, दवाइयां और इंजेक्शन के लिए परेशान थे. वह भोपाल की सांसद हैं और लोग उनसे अपनी परेशानियां हल करने की मांग कर रहे थे.’’

कांग्रेसियों का देश में कोई स्थान नहीं होने के सवाल पर शर्मा ने कहा कि यह संविधान द्वारा तय किया जाएगा न कि प्रज्ञा ठाकुर द्वारा. उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस से देश को आजादी मिली और उस समय ये लोग अंग्रेजों के साथ थे. वह माहौल खराब करने की कोशिश कर रही हैं क्योंकि स्वास्थ्य के आधार पर(मालेगांव विस्फोट मामले में) जमानत पर बाहर होने के बाद वह कबड्डी और गरबा खेल रही हैं तो अदालत को इस पर संज्ञान लेना चाहिए. ’’ हाल ही में सोशल मीडिया में वायरल हुए वीडियो में ठाकुर कबड्डी खेलते और गरबा नृत्य में भाग लेते दिखाई दे रही हैं.

मालेगांव विस्फोट मामले में गिरफ्तार होने के बाद कई साल जेल में बिताने वाली ठाकुर ने पहले आरोप लगाया था कि उन्हें अवैध रुप से हिरासत में लिया गया और हिरासत में प्रताड़ित किया गया. दशहरा कार्यक्रम से शर्मा को जाने से रोकने की कोशिश करने वाले भाजपा सचिव राहुल कोठारी ने कहा कि कांग्रेस विधायक को मंच नहीं छोड़ना चाहिए था.

उन्होंने कहा, ‘‘ जब कांग्रेस विधायक को शर्म आ रही थी तो मंच पर क्यों बैठे? भोपाल की सांसद ने किसी का नाम नहीं लिया.’’ इस बीच, भोपाल जिला कांग्रेस प्रमुख कैलाश मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को ठाकुर के खिलाफ धरना दिया और आरोप लगाया कि उन्होंने नर्मदा परिक्रमा करने वाले भक्तों का अपमान किया है.

कम्प्यूटर बाबा के नाम से पहचाने जाने वाले धार्मिक नेता नामदेव त्यागी ने ठाकुर के नर्मदा परिक्रमा वाले बयान की निंदा की.

उन्होंने कहा कि ठाकुर को इस तीर्थ यात्रा पर जाने वाले भक्तों से माफी मांगनी चाहिए अन्यथा उन्होंने ठाकुर के खिलाफ विरोध शुरू करने की चेतावनी दी. (PTI Input)

Andhra Pradesh : शादी का वादा करके महिला के साथ बलात्कार करने के आरोप में आंध्र प्रदेश से एक व्यक्ति गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला के साथ बलात्कार करने के आरोपी को उसके खिलाफ मामला दर्ज होने के पांच दिन के अंदर आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि पीड़िता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालकर उसके शील को भंग करने के आरोपी दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि महिला ने रियासी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें दावा किया गया था कि पुंछ जिले के सरोला-मंजाकोटे जिले में रहने वाले मोहम्मद अशफाक ने शादी का वादा करके कई बार उसके साथ बलात्कार किया.

प्रवक्ता ने कहा कि आरोपी ने महिला का उत्पीड़न करने के लिये उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालीं. उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. उन्होंने कहा कि रियासी जिले की निवासी महिला के साथ आरोपी का फर्जी संबंध दो महीने तक चला. इस दौरान आरोपी ने उसका यौन शोषण किया.

एक ओर, पीड़िता की मेडिकल जांच की गई और उसका बयान न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किया गया, तो दूसरी ओर रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने आंध्र प्रदेश में आरोपी की उपस्थिति का पता लगाया.

प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस की एक टीम आंध्र प्रदेश के लिये रवाना हुई और वहां की पुलिस के सहयोग से आरोपी को पेड्डापुरम से गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे रियासी लाया गया.

उन्होंने कहा कि इस बीच महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालकर उसके शील को भंग करने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है. प्रवक्ता ने कहा कि उधमपुर से मंजूर अहमद तथा रियासी कस्बे से दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया गया.

मैं हूं कांग्रेस की पूर्णकालिक अध्यक्ष, मुझसे मीडिया के जरिये बात नहीं करें- सोनिया गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कपिल सिब्बल समेत ‘जी 23’ समूह के कुछ नेताओं की ओर से पिछले दिनों सार्वजनिक रूप से बयान दिए जाने की पृष्ठभूमि में शनिवार को उन्हें निशाने पर लिया और नसीहत देते हुए कहा कि वह ही पार्टी की स्थायी अध्यक्ष हैं तथा उनसे बात करने के लिए मीडिया का सहारा लेने की जरूरत नहीं है.

उन्होंने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में यह भी बताया कि अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 30 जून तक पूरी की जानी थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण ही इसे टालना पड़ा तथा अब इसकी रूपरेखा पेश की जाएगी.

सोनिया गांधी ने किसान आंदोलन, लखीमपुर खीरी हिंसा, महंगाई, विदेश नीति और चीन की आक्रामकता के मुद्दों को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा.

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘हमारे सामने कई चुनौतियां आएंगी, लेकिन अगर हम एकजुट रहते हैं एवं अनुशासित रहते हैं और सिर्फ पार्टी के हित पर ध्यान केंद्रित करते हैं तो मुझे पूरा विश्वास है कि हम अच्छा करेंगे.

सोनिया गांधी ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियां आरंभ हो चुकी हैं.

उन्होंने संगठानात्मक चुनाव का हवाला देते हुए कहा, ‘‘पूरा संगठन चाहता है कि कांग्रेस फिर से मजबूत हो. लेकिन इसके लिए जरूरी है कि एकजुटता हो और पार्टी के हित को सर्वोच्च रखा जाए. इन सबसे ऊपर आत्मनियंत्रण और अनुशासन की जरूरत है.’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने जोर देकर कहा, ‘‘अगर आप मुझे बोलने की इजाजत दें तो मैं पूर्णकालिक और सक्रिय अध्यक्ष हूं…पिछले दो वर्षों में कई साथियों और खासकर युवा नेताओं ने नेतृत्व करने की जिम्मेदारी उठाई है और पार्टी की नीतियों को लोगों तक लेकर गए हैं.’’

उन्होंने जी 23 नेताओं को नसीहत देते हुए कहा, ‘मैंने सदा स्पष्टवादिता की सराहना की है. मुझसे मीडिया के जरिये बात करने की जरूरत नहीं है. इसलिए हम सभी यहां खुली और ईमानदार चर्चा करते हैं. लेकिन इस चहारदीवारी से बाहर जो बात जाए वो सीडब्ल्यूसी का सामूहिक फैसला होना चाहिए.’

सोनिया ने जम्मू-कश्मरीर में पिछले दिनों कई अल्पसंख्यकों की हुई हत्या की निंदा की और कहा कि दोषियों को न्याय के कठघरे में लाने और इस केंद्रशासित प्रदेश में शांति एवं सौहार्द बहाल करने की जिम्मेदारी केंद्र की है.

उन्होंने लखीमपुर खीरी की घटना का हवाला देते हुए कहा कि इससे किसान आंदोलन को लेकर भाजपा की सोच का पता चलता है.

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने संसद से जो ‘तीन काले कानून’ पारित करवाएं हैं वो कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाले हैं.

उन्होंने अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह सरकार अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का सिर्फ एक ही उपाय जानती है और यह है उन राष्ट्रीय संपत्तियों को बेचना है जिनको बनाने में दशकों का समय लगा है.

सोनिया ने आरोप लगाया, ‘‘मोदी सरकार का एक सूत्री एजेंडा ‘बेचो, बेचो और बेचो’ है…देश में किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर, गैस सिलेंडर का दाम 900 रुपये और खाने के तेल की कीमत 200 रुपये के पार चली जाएगी. इससे लोगों के जीवन पर असहनीय बोझ पड़ रहा है.’’ उनके मुताबिक, केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों की मांग के बाद टीकाकरण नीति में बदलाव किया और सहकारी संघवाद आज भी भाजपा सरकार के लिए सिर्फ एक नारा मात्र है.

विदेश नीति के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए सोनिया ने कहा, ‘‘देश में विदेश नीति को लेकर हमेशा एक व्यापक सहमति रही है. लेकिन मोदी सरकार ने विपक्ष को सार्थक ढंग से साथ लेने का प्रयास नहीं किया जिससे इससे यह सहमति कमजोर हुई है.’’

उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार के लिए विदेश नीति चुनावी माहौल बनाने और ध्रुवीकरण का एक औजार बनकर रह गई है.

सीमा पर चीन की आक्रमकता का उल्लेख करते हुए सोनिया ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने पिछले साल विपक्षी नेताओं से कहा था कि चीन ने हमारी सीमा के भीतर कोई कब्जा नहीं किया है और इसके बाद से उन्होंने जो चुप्पी साधी है उसकी कीमत देश चुका रहा है.’’

कांग्रेस के ‘जी 23’ समूह के नेताओं की ओर से पार्टी के भीतर संवाद की मांग किए जाने और हाल के महीनों में कई नेताओं के पार्टी छोड़ने की पृष्ठभूमि में सीडब्ल्यूसी की बैठक हुई है.

पिछले दिनों कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं गुलाम नबी आजाद और कपिल सिब्बल ने सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाने की मांग की थी. आजाद ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि पार्टी से जुड़े मामलों पर चर्चा के लिए कांग्रेस कार्य समिति की तत्काल बैठक बुलाई जाए.

सिब्बल ने भी पार्टी की पंजाब इकाई में मचे घमासान के बीच पिछले दिनों पार्टी नेतृत्व पर सवाल खड़े किए थे और कहा था कि कांग्रेस कार्य समिति की बैठक बुलाकर इस स्थिति पर चर्चा होनी चाहिए तथा संगठनात्मक चुनाव कराए जाने चाहिए.

सिब्बल ने कहा था, ‘‘पार्टी में स्थायी अध्यक्ष नहीं है, लेकिन फैसले हो रहे हैं. फैसले कौन कर रहा है, पता है, पता भी नहीं है.’’ (PTI Input)