Home Blog Page 76

बिहार के प्रतिनिधिमंडल ने मोदी से मुलाकात कर जाति आधारित जनगणना कराए जाने का समर्थन किया

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य के 10 दलों के प्रतिनिधिमंडल ने देश भर में जाति आधारित जनगणना कराए जाने के समर्थन में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की.

प्रतिनिधिमंडल में कुमार के अलावा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समेत कई अन्य दलों के प्रतिनिधि भी शामिल थे. कुमार और यादव ने जाति आधारित जनगणना का मजबूती से समर्थन किया.

कुमार ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी बात धैर्य से सुनी. इस मामले पर प्रधानमंत्री के रुख के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मोदी ने इसे (जाति आधारित जनगणना को) ‘‘खारिज नहीं’’ किया और हरेक की बात सुनी.

उन्होंने कहा कि जाति आधारित जनगणना से विभिन्न विकास योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी.

यादव ने जाति आधारित जनगणना के समर्थन में कहा कि यह गरीबों के लिए मददगार साबित होने वाला ‘‘ऐतिहासिक’’ कदम होगा. उन्होंने कहा कि यदि पशुओं और पेड़ों की गणना की जा सकती है तो लोगों की भी गणना की जा सकती है.

यह पूछे जाने पर कि कुमार की जनता दल (यूनाइडेट) पार्टी और राजद ने इस मामले पर हाथ मिलाया है, तो क्या दोनों दल निकट आ रहे हैं, यादव ने कहा कि बिहार में विपक्ष ने जन समर्थक और राष्ट्रीय हित के कदमों के लिए सरकार का हमेशा समर्थन किया है.

उत्तर प्रदेश : कल्याण सिंह के नाम पर छह जिलों की सड़कों का होगा नामकरण

उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के नाम पर प्रदेश के छह जिलों की सड़कों का नामकरण करेगी. प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ने इसकी जानकाी दी.

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पत्रकारों को बताया कि अयोध्या, लखनऊ, प्रयागराज, अलीगढ़, बुलंदशहर और एटा की एक-एक सड़कों का नामकरण कल्‍याण सिंह के नाम पर किया जाएगा.

उन्होंने कहा, “राम मंदिर के लिए उनके योगदान को आने वाली और वर्तमान पीढ़ी कभी भुला नहीं पाएगी. उन्होंने राम और राम भक्तों के लिए अपनी सत्ता कुर्बान कर दी लेकिन किसी राम भक्त पर कोई आंच नहीं आने दी, ऐसे बाबूजी के नाम पर सड़कों का नामकरण किया जाएगा. इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दे दिये गये हैं.”

कल्‍याण सिंह का शनिवार रात लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया. वह 89 वर्ष के थे.

BJP ने स्मॉग टावर को लेकर केजरीवाल पर साधा निशाना, कहा- गौतम गंभीर पहले ही लगा चुके

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने “देश के पहले स्मॉग टावर” लगाने का दावा करने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी सांसद गौतम गंभीर पिछले साल ही लाजपत नगर में इसे लगा चुके हैं.

हालांकि केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी के एक नेता ने कहा, “गंभीर ने पिछले साल जो लगाया था वह एयर फिल्टर (हवा शुद्ध करनेवाला) था और यह स्मॉग टावर से अलग होता है.”

केजरीवाल ने कहा, “यह देश में इस तरह का पहला स्मॉग टावर है. यह एक नयी तकनीक है. हमने इसका अमेरिका से आयात किया है. यह संरचना ऊपर से प्रदूषित हवा को सोख लेगी और नीचे से स्वच्छ हवा छोड़ेगी. यह प्रति सेकंड 1,000 क्यूबिक मीटर हवा को शुद्ध करेगा.”

केजरीवाल पर निशाना साधते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई ने ट्वीट किया, ‘‘ दिल्ली का पहला स्मॉग टावर गौतम गंभीर ने 2020 में लगाया था. मुख्यमंत्री केजरीवाल को झूठ बोलने में महारत हासिल है. कृपया लोगों को गुमराह करना बंद करें. वे आपके हथकंडों को जानते हैं. आपको श्रेय चाहिए बाकी तो आपने दिल्ली के लोगों के लिए कुछ नहीं किया. नींद से जग जाएं.

वहीं, आप नेता ने भाजपा के दावे को खारिज करते हुए कहा, “गंभीर ने जो लगाया वह एयर फ़िल्टर है और यह अलग चीज है. वहीं सबसे बड़ी बात कि वह लगाने के बाद से काम ही नहीं कर रहा.”

पूर्वी दिल्ली लोक सभा सीट से सांसद गंभीर इस पर चुप्पी साधे हैं लेकिन भाजपा नेताओं और अपने समर्थकों द्वारा किए जा रहे पोस्ट को रिट्वीट करते गए.

NMP की घोषणा को लेकर कांग्रेस का आरोप: आकाश, पाताल और जमीन सब बेच डालेंगे प्रधानमंत्री

कांग्रेस ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की छह लाख करोड़ रुपये की राष्ट्रीय मुद्रीकरण योजना (एनएमपी) की घोषणा को लेकर सोमवार को सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आकाश, पाताल और जमीन सब बेच डालेंगे.

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘60 लाख करोड़ रुपये की देश की संपत्ति की सेल- सड़क, रेल, खदान, दूरसंचार, बिजली, गैस, हवाईअड्डे ,बंदरगाह,खेल स्टेडियम…यानी मोदी जी….आसमान, ज़मीन और पाताल सब बेच डालेंगे. भाजपा है तो देश की संपत्ति नहीं बचेगी.”

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को छह लाख करोड़ रुपये की राष्ट्रीय मुद्रीकरण योजना (एनएमपी) की घोषणा की. इसके तहत यात्री ट्रेन, रेलवे स्टेशन से लेकर हवाई अड्डे, सड़कें और स्टेडियम का मुद्रीकरण शामिल हैं. इन बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में निजी कंपनियों को शामिल करते हुए संसाधन जुटाये जायेंगे और संपत्तियों का विकास किया जायेगा.

निजी निवेश हासिल करने के लिए चेन्नई, भोपाल, वाराणसी एंव वडोदरा सहित भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण (एएआई) के करीब 25 हवाई अड्डे, 40 रेलवे स्टेशनों, 15 रेलवे स्टेडियम और कई रेलवे कॉलोनी की पहचान की गयी है। इन्हें निजी क्षेत्र के निवेश से विकसित किया जायेगा. (PTI)

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज BJP नेता कल्याण सिंह का 89 साल की उम्र में निधन

उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे भाजपा  के दिग्गज नेता कल्याण सिंह का निधन हो गया है. कल्याण सिंह ने लखनऊ के अस्पताल में अंतिम सांस ली है, वह 89 साल के थे. कई दिनों से लखनऊ के अस्पताल में उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी. कल्याण सिंह ने 2014 – 2019 के बीच राजस्थान के राज्यपाल के रूप में भी कार्य किया. कल्याण सिंह की गिनती भाजपा के शीर्ष नेताओं में होती है. इससे पहले अस्पताल ने कल्याण सिंह के स्वास्थ्य पर अपडेट दिया था कि राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह जी की स्वास्थ्य स्थिति नाजुक है, वे जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं.

कल्याण सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है. पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ”मैं शब्दों से परे दुखी हूं. कल्याण सिंह जी…राजनेता, अनुभवी प्रशासक, जमीनी स्तर के नेता और महान इंसान. उत्तर प्रदेश के विकास में उनका अमिट योगदान है. उनके पुत्र श्री राजवीर सिंह से बात की और संवेदना व्यक्त की. ओम शांति.”

इससे पहले, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल की देखभाल के लिए अस्पताल के नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी और न्यूरो-ओटोलॉजी विभागों के विशेषज्ञों का एक पैनल बनाया गया था.

कल्याण सिंह भारत के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे – जून 1991 से दिसंबर 1992 और सितंबर 1997 से नवंबर 1999 तक.

उनके पहले कार्यकाल को 26 दिसंबर 1992 को अयोध्या में लंबे समय से विवादित बाबरी मस्जिद के विध्वंस के लिए याद किया जाता है. कल्याण सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है. 

Raksha Bandhan : भाई ने किडनी दान कर गुर्दे की बीमारी से पीड़ित बड़ी बहन को दिया जीवनदान

रक्षा बंधन पर एक भाई ने गुर्दे की बीमारी से पीड़ित अपनी बहन को गुर्दा दान करके जीवनदान दिया. आकाश हेल्थकेयर के डॉक्टरों ने यहां बताया कि हरियाणा के रोहतक की रहनेवाले 31 वर्षीय महिला पिछले पांच साल से गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थी और लंबे समय से उसका इलाज करा रही थी. इसी दौरान हालांकि उच्च रक्तचाप पर ध्यान नहीं देने की वजह से उसके गुर्दे को नुकसान पहुंचा.

डॉक्टरों ने कहा, “दुर्भाग्यवश, कई अन्य मरीजों की तरह ही वह भी डायलिसिस से जुड़ी भ्रांतियों का शिकार हो गई और इस प्रक्रिया को शुरू करने में देरी की. इसकी वजह से उसकी हालत और खराब हो गई. तीन साल पहले उसकी हालात अचानक बिगड़ गई और उसे आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा.” उन्होंने कहा, “इसके बाद कमजोर प्रतिरोधक क्षमता की वजह से वह तपेदिक का शिकार हो गई और हृदय के काम करना बंद करने से उसके फेफड़े में द्रव भर गया.”

डॉक्टरों ने बताया कि डायलिसिस में विलंब और अनियंत्रित रक्तचाप की वजह से उसका हृदय कमजोर होने लगा. अन्य इलाज के साथ डायलिसिस प्रक्रिया भी शुरू हुई और उचित इलाज से उसके स्वास्थ्य में सुधार होने लगा. हालांकि, उसकी संपूर्ण स्थिति की जांच और उसके कम उम्र को देखते हुए डॉक्टरों ने गुर्दा प्रतिरोपण की सलाह दी.

महिला का गुर्दा प्रतिरोपण करनेवाले द्वारका के आकाश हेल्थकेयर के गुर्दा से संबंधित विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉक्टर विक्रम कालरा ने कहा कि उसे अस्पताल में तीन बार डायलिसिस की ज़रूरत पड़ने लगी थी और बाद में उसका गुर्दा प्रतिरोपण किया गया.

एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि महिला के परिवार के कई लोगों ने गुर्दा दान करने की पेशकश की लेकिन रक्त समूह नहीं मिलने की वजह से वह इसके लिए सही उम्मीदवार नहीं पाये गये. इसके बाद उसके 28 वर्षीय भाई का रक्त समूह मिल गया और पांच घंटे की सर्जरी में गुर्दा प्रतिरोपण कर दिया गया. महिला के शरीर ने इस अंग को स्वीकार भी कर लिया और उसके हृदय गति में भी सुधार देखा गया.

उन्होंने बताया कि वह अब सामान्य जीवन जी सकती है और जब कभी चाहे तो माँ भी बन सकती है. युवक ने कहा, “मेरी बहन काफी पीड़ा में थी. यह बर्दाश्त से बाहर था. डॉक्टरों ने जब कहा कि रक्त समूह मिलने की वजह से अंगदान कर सकता हूं और उन्होंने जब मेरे सारे सवालों के जवाब दे दिए तो मैंने गुर्दा दान करने के लिए हामी भरने से पहले एक बार भी नहीं सोचा. वह मेरे लिए बेशकीमती है और मैं बहुत खुश हूं कि वह अब ख़ुशी से अपना जीवन जी सकती है.”

Covid-19 : देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 31 हजार नए मामले दर्ज, 403 की मौत

देश में अभी भी बड़ी संख्या में जानलेवा कोरोना वायरस के नए मामले सामने आ रहे हैं. देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 30 हजार 948 नए मामले सामने आए हैं. वहीं, 403 लोगों की मौत हो गई.

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटों में 38 हजार 487 लोग ठीक हुए हैं. जिसके बाद ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर अब तीन करोड़ 16 लाख 36 हजार 469 हो गई है. वहीं, अब एक्टिव केस घटकर तीन लाख 53 हजार 398 रह गए हैं. 

आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना के अबतक तीन करोड़ 24 लाख 24 हजार 234 केस सामने आ चुके हैं. जिनमें से अबतक 4 लाख 34 हजार 367 लोगों की मौत हो चुकी है.

वहीं, देश में पिछले दिन कोरोना वैक्सीन की 52 लाख 23 हजार 612 डोज़ दी गईं. जिसके बाद टीकाकरण का कुल आंकड़ा 58 करोड़ 14 लाख 89 हजार 377 पर पहुंच गया है.  भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने बताया है कि भारत में 21 अगस्त 2021 तक 50 करोड़ 62 लाख 56 हजार 239 कोविड टेस्ट किए गए हैं, जिसमें से 15 लाख 85 हजार 681 टेस्ट कल किए गए. 

ज्योतिरादित्य सिंधिया की यात्रा के लिए BJP के झंडे के रंग में रंगा गया घोड़ा, NGO की शिकायत पर अब मालिक को ढूंढ रही पुलिस

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की “जन आशीर्वाद यात्रा” के लिए इंदौर में एक घोड़े को बीजेपी के झंडे के रंग में रंगे जाने के खिलाफ पशु क्रूरता की शिकायत पर पुलिस घोड़े के मालिक की तलाश कर रही है. चश्मदीदों ने बताया कि शहर में गुरुवार को सिंधिया की जन आशीर्वाद यात्रा में एक घोड़े को बीजेपी के झंडे के रंग में रंगकर शामिल किया गया था. इस घोड़े के शरीर पर अंग्रेजी में “बीजेपी” लिखा गया था और उसकी खाल पर पार्टी का चुनाव चिह्न कमल का फूल भी रंगों से उकेरा गया था.

चश्मदीदों के मुताबिक यह घोड़ा सिंधिया की यात्रा में उनके “रथ” (विशेष रूप से तैयार चारपहिया वाहन) के आस-पास चल रहा था. अधिकारियों ने बताया कि इस घोड़े की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पशुओं के लिए काम करने वाली संस्था “पीपुल फॉर एनिमल्स” की स्थानीय इकाई की अध्यक्ष प्रियांशु जैन ने संयोगितागंज पुलिस थाने को शिकायत कर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. गौरतलब है कि भाजपा सांसद मेनका गांधी इस संस्था की प्रमुख हैं.

संयोगितागंज थाने के प्रभारी राजीव त्रिपाठी ने शनिवार को कहा, “हम पीपुल फॉर एनिमल्स की शिकायत पर जांच कर कर रहे हैं. वस्तुस्थिति का पता लगाने के लिए संबंधित घोड़े के मालिक की तलाश की जा रही है” उन्होंने बताया कि घोडे़ पर क्रूरता की शिकायत को लेकर अभी कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है.

नवनियुक्त केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सिंधिया ने पश्चिमी मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल के आम लोगों तक पहुंचने के लिए मंगलवार से “जन आशीर्वाद यात्रा” शुरू की थी. उनकी यह तीन दिवसीय यात्रा गुरुवार को इंदौर में समाप्त हुई.

Coronavirus Update : केरल में कोरोना के 17 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज, सिक्किम में किसी की मौत नहीं

केरल में शनिवार को कोविड-19 के 17,106 नए मामले सामने आने के साथ ही राज्य में कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 38,03,903 हो गई. जबकि 83 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 19,428 हो गयी. राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने इसकी जानकारी दी.

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मलाप्पुरम में कोविड-19 के सर्वाधिक 2,558 नए मरीज सामने आए. इसके बाद कोझिकोड में 2,236 और त्रिशूर में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,027 नए मामले सामने आए. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केरल में बीते 24 घंटे के दौरान 96,481 नमूनों की जांच होने के साथ संक्रमण की दर 17.73 प्रतिशत रही. केरल में अब तक 3,01,70,011 नमूनों की कोविड-19 जांच की जा चुकी है.

केरल में कोविड-19 के 20,846 मरीज संक्रमण मुक्त भी हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 36,05,480 हो गयी. राज्य में वर्तमान में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,78,462 है.

वहीं, सिक्किम में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 87 नये मामले सामने आने के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 29,244 हो गयी. जबकि किसी मरीज की मौत नहीं होने से मृतक संख्या 364 पर बनी रही. राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को एक बुलेटिन में यह जानकारी दी.

बुलेटिन के मुताबिक सिक्किम में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,730 है जबकि अब तक राज्य में 26,970 लोग इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात दे चुके हैं. राज्य में संक्रमण की दर 11 प्रतिशत पर बनी हुई है जबकि ठीक होने की दर 93.1 प्रतिशत है.

Sadbhavana Divas 2021 : मुंबई में सद्भावना दिवस पर महिला एवं पर्यावरण पर परिचर्चा का आयोजन

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी (Former Prime Minister of India, Rajiv Gandhi) के जन्म दिन के अवसर पर मनाए जाने वाले सद्भावना दिवस (Sadbhavana Divas) पर मुंबई के स्वामी विवेकानंद नाइट कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स (Swami Vivekanand Night College of Arts and Commerce), बी.एम. रुइया गर्ल्स कॉलेज (B.M. Ruia Girl’s College) और सेंट अर्नोल्ड्स नाइट डिग्री कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स (St. Arnold’s Night Degree College of Arts and Commerce ) की तरफ़ से “महिलाएं और पर्यावरण” (Women and the Environment) विषय पर एक पैनल डिस्कशन का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अनुजा एन. पलसुलेदेसाई (Dr. Anuja N. Palsuledesai) , डॉ. संतोष कौल काक (Dr. Santosh Kaul Kak) और प्रो. सुनीता शर्मा (Prof. Sunita Sharma) ने की। इसके बाद डॉ. नूरुजिया काजी, वाणिज्य विभाग के प्रमुख और बी.एम.रुइया गर्ल्स कॉलेज के आईक्यूएसी समन्वयक (Dr. Nooruzia Qazi, Head Dept of Commerce & IQAC Coordinator of B.M.Ruia Girls College) डॉ. सुमंत औताडे, स्वामी विवेकानंद नाइट कॉलेज आईक्यूएसी समन्वयक Dr. Sumant Autade, IQAC Coordinator of Swami Vivekanand Night College) और आदित्य गिरी, सेंट अर्नोल्ड नाइट डिग्री कॉलेज (Aditya Giri, St. Arnold’s Night Degree College) ने वक्ताओं का परिचय दिया।

डॉ विभूति पटेल, पूर्व प्रोफेसर टीआईएसएस और एसएनडीटीडब्ल्यूयू (Dr. Vibhuti Patel, Former Professor, TISS & SNDTWU) पैनल डिस्कशन की मॉडरेटर थी। जब कि पैनलिस्ट डॉ. सोमा के पार्थसारथी, स्वतंत्र नीति विश्लेषक नेशनल फैसिलिटेटर टीम, मकाम, सह-संस्थापक विकल्प संगम (Dr. Soma. K. Parthasarathy, Independent Policy Analyst, National Facilitator Team, MAKAAM, Co – founder VIKALP SANGHAM) ने “महिलाओं की आजीविका और पर्यावरण संबंधी चिंताओं” (Women’s Livelihoods and Environmental Concerns) पर बात की।

प्रिया पिल्लई, सामाजिक पर्यावरण कार्यकर्ता (Priya Pillai, Social Environmental Activist) ने “लिंग और पर्यावरण के मुद्दों” (Gender and Environment Issues) पर बात की। तीसरे पैनल के सदस्य थे डॉ. एस.एम. माइकल, निदेशक भारतीय संस्कृति संस्थान (Dr. S.M. Michael, Director Institute of Indian Culture) उन्होंने “महिलाओं और पर्यावरण पर संस्कृति के प्रभाव” (Impact of culture on women and environment) पर बात की।

इस चर्चा में पर्यावरण के साथ महिलाओं के संबंधों के संबंध में कई तथ्य सामने आए। दुनिया भर में विभिन्न अध्ययनों से पता चला है कि दुनिया भर में महिलाओं के पास एक छोटा पर्यावरण पदचिह्न है।

पैनल डिस्कशन ने विभिन्न सवालों के जवाब खोजने में मदद की जैसे नीति निर्माण (Policy Making), पितृसत्ता (Patriarchy) और जलवायु परिवर्तन (Climate Change) के बीच क्या संबंध है? महिलाओं के खिलाफ हिंसा और पर्यावरण के बीच क्या संबंध है? सुरक्षित और महिला मित्रवत वातावरण सुनिश्चित करने के लिए हमारे द्वारा क्या किया जा सकता है?

पैनल चर्चा का समापन विभूति पटेल ने सत्र के सारांश और विभिन्न क्षेत्रों को सूचीबद्ध करने के साथ किया जिसमें महिलाओं और पर्यावरण के लिए प्रासंगिकता के साथ अनुसंधान किया जा सकता है।