Home Blog Page 78

भाजपा नेता ने प्रधानमंत्री मोदी से अफगानिस्तान के सिखों को भारत लाने का आग्रह किया

भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई के उपाध्यक्ष वरिंदरजीत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अफगानिस्तान के बिगड़ते हालात के मद्देनजर वहां के सिख परिवारों को सुरक्षित निकालने तथा भारत में उनके रहने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.

वरिंदरजीत सिंह ने कहा कि अफगानिस्तान में बढ़ती हिंसा के कारण सिख समुदाय के करीब 650 परिवार खतरे का सामना कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में तालिबान का प्रभाव बढ़ रहा है और देश में चारों तरफ हिंसा हो रही है. सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार को अफगानिस्तान में रहने वाले सिख परिवारों को वहां से लाने और भारत में उनके रहने के लिए उचित व्यवस्था करनी चाहिए.

महाराष्ट्र में डेल्टा प्लस वेरिएंट से तीसरी मौत, रायगढ़ में 69 वर्षीय बुजुर्ग ने तोड़ा दम

महाराष्ट्र के रायगढ़ में डेल्टा प्लस वेरिएंट से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है. घटना रायगढ़ के नागोथाने की है, जहां एक 69 वर्षीय व्यक्ति ने डेल्टा प्लस वेरिएंट से दम तोड़ दिया. जबकि इसी वेरिएंट से संक्रमित एक मध्यम आयु वर्ग की महिला का पास के उरण शहर में इलाज चल रहा है. अधिकारियों का कहना है कि राज्य में इस वेरिएंट के रोगियों की कुल संख्या अब तक 65 से ज़्यादा हो चुकी है.

गुरुवार की देर शाम, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) को शहर के पूर्वी उपनगरों की एक 60 वर्षीय महिला की डेल्टा प्लस सकारात्मक नमूना रिपोर्ट मिली, जिसका 24 जुलाई को निधन हो गया था. अधिकारियों ने कहा कि इससे पहले, राज्य में डेल्टा प्लस के पहले मरीज 80 वर्षीय व्यक्ति का 25 जून को रत्नागिरी में निधन हो गया था.

इंस्टीट्यूट ऑफ जीनोमिक्स इंटीग्रेटिव बायोलॉजी लैब के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को, महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में डेल्टा प्लस वैरिएंट रोगियों की संख्या 65 आंकी थी. इन 65 में से सबसे ज्यादा 13 जलगांव में, 12 रत्नागिरी में, 11 मुंबई में, छह-छह ठाणे और पुणे में, तीन पालघर में, दो-दो रायगढ़, नांदेड़ और गोंदिया में और एक-एक सिंधुदुर्ग, औरंगाबाद, सांगली, बीड, नंदुरबार, अकोला और चंद्रपुर, कोल्हापुर में हैं.

रोगियों में 33 महिलाएं और 32 पुरुष शामिल हैं, और 33 मामलों में से लगभग आधे संक्रमित लोगों की उम्र 19-45 हैं, जबकि 17 लोग 46 से 60 वर्ष के हैं और सात लोग 60 से अधिक आयु वर्ग के हैं.

अधिकारियों ने कहा कि एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने युद्धस्तर पर इन संक्रमितों के करीबी संपर्कों, उनकी यात्रा के इतिहास, टीकाकरण की स्थिति, हाल की चिकित्सा स्थिति और अन्य प्रासंगिक विवरणों की तलाश शुरू कर दी है, ताकि अधिक संक्रमणों को रोका जा सके.

ट्विटर पक्षपातपूर्ण मंच, भारत की राजनीतिक प्रक्रिया में दखल दे रहा है: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपना ट्विटर अकाउंट बंद (लॉक) किये जाने को लेकर शुक्रवार को इस माइक्रोब्लॉगिंग मंच पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह अमेरिकी कंपनी पक्षपातपूर्ण है, यह भारत की राजनीतिक प्रक्रिया में दखल दे रही है तथा सरकार के कहे मुताबिक चल रही है.

उन्होंने यह दावा भी किया कि ट्विटर की ओर से जो किया गया है वह भारत के लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला है.

उल्लेखनीय है कि ट्विटर ने राहुल गांधी, कांग्रेस और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के ट्विटर अकाउंट बंद कर दिये हैं. कुछ दिनों पहले ही दिल्ली में कथित दुष्कर्म एवं हत्या की पीड़िता नौ वर्षीय बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट बंद किया गया था.

दूसरी तरफ, ट्विटर ने कहा है कि उसने ये कदम नियमों के तहत उठाए हैं.

राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा, ‘‘मेरा ट्विटर अकाउंट बंद करके वे हमारी राजनीतिक प्रक्रिया में दखल दे रहे हैं. एक कंपनी हमारी राजनीति का दायरा तय करने के लिए अपने कारोबार का उपयोग कर रही है। एक नेता के तौर पर मैं इसे पसंद नहीं करता.’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘यह हमारे देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला है. यह राहुल गांधी पर हमला नहीं है. सिर्फ यह नहीं है कि राहुल गांधी का अकाउंट बंद कर दिया गया. मेरे पास 1.9 करोड़ से दो करोड़ के बीच फॉलोवर हैं. आप उन्हें अपने विचार रखने के अधिकार से वंचित कर रहे हैं. आप यही कर रहे हैं.’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह सिर्फ अनुचित ही नहीं, बल्कि उस विचार की अहवेलना है कि ट्विटर एक तटस्थ मंच है. यह निवेशकों के लिए बहुत खतरनाक है क्योंकि राजनीतिक मुकाबले में किसी एक का पक्ष लेने पर ट्विटर के लिए प्रतिक्रियां भी होंगी.’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह दावा भी किया, ‘‘हमारे लोकतंत्र पर हमला किया गया है. हम संसद के अंदर बोल नहीं सकते. मीडिया नियंत्रित है. मैंने सोचा था कि यह उम्मीद एक रोशनी है जहां हम ट्विटर पर अपने विचार रख सकते थे. लेकिन यह बात नहीं है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब यह स्पष्ट है कि ट्विटर तटस्थ एवं उद्देश्यात्मक मंच नहीं है. यह पक्षपातपूर्ण मंच है. यह वही सुनता है, जो सरकार कहती है.’’

Article 370 रद्द होने के बाद जम्मू कश्मीर में सिर्फ दो बाहरी लोगों ने खरीदी संपत्ति: केंद्र सरकार

केंद्र सरकार ने मंगलवार को लोकसभा को सूचित किया कि अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 समाप्त होने के बाद से जम्मू कश्मीर में यहां से बाहर के केवल दो लोगों ने दो संपत्तियां खरीदी हैं.

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी. प्रश्न पूछा गया था कि क्या देश के दूसरे राज्यों के अनेक लोगों ने अनुच्छेद 370 समाप्त होने के बाद केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में संपत्तियां खरीदी हैं या खरीदना चाहते हैं.

राय ने कहा, ‘जम्मू कश्मीर सरकार द्वारा प्रदान की गयी सूचना के अनुसार अगस्त, 2019 के बाद से केंद्रशासित प्रदेश से बाहर के दो लोगों ने यहां दो संपत्तियां खरीदी हैं. क्या दूसरे राज्य की सरकार और लोगों को जम्मू कश्मीर में संपत्तियां खरीदने में कठिनाई आईं, इस प्रश्न के जवाब में राय ने कहा, ‘सरकार के सामने ऐसी कोई घटना नहीं आई है.’

पांच अगस्त, 2019 से पहले जब जम्मू कश्मीर को अनुच्छेद 370 के तहत विशेष दर्जा प्राप्त था तो राज्य विधानसभा को किसी नागरिक को परिभाषित करने का संवैधानिक अधिकार था. केवल वे परिभाषित नागरिक ही राज्य में नौकरियों के लिए आवेदन करने या अचल संपत्ति खरीदने के हकदार होते थे.

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने तोक्यो से लौटे राज्य के हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित किया

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने तोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले राज्य के हॉकी खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया.

तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष टीम के सदस्य बीरेंद्र लाकड़ा और अमित रोहिदास में से प्रत्येक को 2.5 करोड़ रुपये दिये गये. पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली महिला टीम की सदस्यों दीप ग्रेस एक्का और नमिता टोप्पो को 50-50 लाख रुपये दिये गये.

पटनायक ने यहां कलिंगा स्टेडियम में सम्मान समारोह के दौरान लाकड़ा और रोहिदास को राज्य पुलिस विभाग में पुलिस उपाधीक्षक पद पर नियुक्ति का पत्र भी सौंपा.

मुख्यमंत्री ने दोनों टीमों के प्रदर्शन की प्रशंसा की और उन्हें कड़ी मेहनत जारी रखने के लिये कहा.

लाकड़ा ने मुख्यमंत्री को भारतीय टीम की जर्सी भेंट की जिस पर टीम के सभी सदस्यों के हस्ताक्षर थे. एक्का ने भी महिला टीम के हस्ताक्षर वाली जर्सी मुख्यमंत्री को भेंट की.

भारतीय पुरुष टीम ने तोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक के मुकाबले में जर्मनी को 5-4 से हराया, लेकिन महिला टीम ग्रेट ब्रिटेन से कांस्य पदक का मैच हार गयी थी.

नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने पर राहुल गांधी के खिलाफ दायर याचिका पर 27 सितंबर को सुनवाई

दिल्ली उच्च न्यायालय ने कहा कि वह नौ साल की दलित लड़की की पहचान उजागर करने के आरोप में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के अनुरोध वाली याचिका पर 27 सितंबर को सुनवाई करेगा.

दक्षिणपश्चिम दिल्ली में नौ साल की बच्ची से कथित तौर पर बलात्कार हुआ था और फिर उसकी हत्या कर दी गई थी. राहुल गांधी पर आरोप है कि उन्होंने बच्ची की उसके माता-पिता के साथ एक तस्वीर ट्विटर पर प्रकाशित कर उसकी पहचान उजागर की है.

मुख्य न्यायाधीश डी एन पटेल और न्यायमूर्ति ज्योति सिंह की पीठ ने मकारंद सुरेश म्हादेलकर द्वारा दायर जनहित याचिका (पीआईएल) पर इस चरण में नोटिस जारी करने से इनकार कर दिया और पक्षों से ‘‘एक से दो पन्ने की दलीलों को अगली सुनवाई तक तैयार रखने” को कहा.

ट्विटर का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता साजन पूवाय्या ने अदालत को बताया कि जिस ट्वीट के संबंध में बात की जा रही है उसे हटा दिया गया है क्योंकि यह प्लेटफॉर्म की अपनी नीति के खिलाफ है.

पूवाय्या ने कहा, “अकाउंट लॉक कर दिया गया है और ट्वीट उपलब्ध नहीं है.’’ हालांकि म्हादेलकर के वकील, गौतम झा ने ट्विटर के दावे से असहमति व्यक्त की और अदालत से हलफनामा मांगने का अनुरोध किया.

अदालत ने सुनवाई स्थगित करने से पहले कहा, “अगर यह रवैया है, तो हम नोटिस जारी नहीं कर रहे हैं.”

सामाजिक कार्यकर्ता, म्हादलेकर ने अपनी याचिका में कहा कि पीड़िता के माता-पिता के साथ तस्वीर पोस्ट करके गांधी ने किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012 का उल्लंघन किया है जो यौन अपराधों के नाबालिग पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक करने पर रोक लगाता है.

यह आरोप लगाया गया कि गांधी, “दुर्भाग्यपूर्ण घटना से राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश क र रहे थे.” याचिका में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा गांधी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करने का भी आग्रह किया गया है.

नाबालिग दलित बच्ची की एक अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. उसके माता-पिता ने आरोप लगाया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पुराना नांगल गांव में एक श्मशान के पुजारी ने उससे बलात्कार किया और फिर हत्या कर उसका शव जला दिया.

‘ब्रांड इंडिया’ को आगे बढ़ाना है, सरकार हर समय उद्योग के साथ खड़ी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत से देश में विनिर्माण को गति देने और ‘ब्रांड इंडिया’ को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार हमेशा उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये उनके साथ खड़ी है.

भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की सालाना बैठक को ‘ऑनलाइन’ संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था फिर से तेजी से आगे बढ़ रही है और विभिन्न क्षेत्रों में नये अवसर सृजित हो रहे हैं.

उद्योग जगत से देश में विनिर्माण को गति देने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हमें आपकी (उद्योग) भागीदारी के साथ ब्रांड इंडिया को आगे बढ़ाना है, मैं आपके लिये हमेशा खड़ा रहा हूं और खड़ा रहूंगा.’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार कारोबार सुगमता के लिये सुधारों को तेजी से आगे बढ़ा रही है और महामारी के दौरान भी हमने इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘हमने हाल में कंपनी कानून में बदलाव कर कई प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से हटाया… श्रम सुधारों पर ध्यान दिया जा रहा है.’’

मोदी ने कहा, ‘‘हमने संसद के मौजूदा सत्र में… अतीत की गलतियों को सुधारते हुए पूर्व तिथि से कर लगाने के कानून को समाप्त किया. इससे उद्योग के बीच भरोसा बढ़ेगा.’’

उन्होंने कहा कि भारत में आज प्रतिस्पर्धी कर व्यवस्था है, कारोबार सुगमता में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. सुधारों का ही नतीजा है कि देश में रिकार्ड प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आ रहा है.

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हम सुधारों को बाध्यता के तहत नहीं बल्कि एक भरोसे और मजबूती के साथ आगे बढ़ा रहे हैं.’’

उन्होंने कहा कि देश में आज हर क्षेत्र में आत्मविश्वास बढ़ रहा है। स्टार्टअप देश की पहचान बन रहे हैं और आज देश में 60 ‘यूनिकार्न’ हैं. इनमें से 21 तो पिछले कुछ माह के दौरान ही इस स्तर पर पहुंचे हैं.

मोदी ने कहा कि भारत में आर्थिक वृद्धि को गति देने के शानदार अवसर हैं और उद्योग जगत को इसका लाभ उठाना चाहिए.

Covid-19 : कोरोना वायरस के डेल्टा स्वरूप के साथ हर्ड इम्युनिटी संभव नहीं – विशेषज्ञों ने किया आगाह

ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड वैक्सीन समूह के प्रमुख ने आगाह किया है कि कोविड-19 के अत्यधिक संक्रामक डेल्टा स्वरूप ने हर्ड इम्युनिटी की संभावना को कठिन बना दिया है.

हर्ड इम्युनिटी का अर्थ किसी समाज या समूह के कुछ प्रतिशत लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास के माध्यम से किसी संक्रामक रोग के प्रसार को रोकना है. हर्ड इम्युनिटी की संभावना वहां होती है जहां किसी देश की ज्यादातर आबादी किसी वायरस से प्रतिरक्षा हासिल कर लेती है.

प्रोफेसर एंड्रयू पोलार्ड ने मंगलवार को कोरोना वायरस पर सर्वदलीय संसदीय समूह (एपीपीजी) को बताया कि एक और अत्यधिक संक्रामक रोग का डर अब भी बना हुआ है और ऐसा कुछ नहीं है जो जानलेवा संक्रमण को फैलने से पूरी तरह रोक सके.

हालांकि, साथ ही उन्होंने कहा कि ‘‘घबराने’’ की कोई बात नहीं है. उन्होंने ब्रिटिश सरकार की कोविड-19 रोधी टीके की प्रस्तावित तीसरी बूस्टर खुराक पर शंका जतायी.

प्रोफेसर पोलार्ड ने कहा, ‘‘इस संक्रमण के साथ दिक्कत यह है कि यह खसरा नहीं है. अगर 95 प्रतिशत लोगों को खसरे का टीका लगा दिया जाता है तो यह वायरस फैल नहीं सकता. वहीं डेल्टा स्वरूप उन लोगों को संक्रमित करता है जो टीका लगवा चुके हैं. इसका मतलब है कि जिसने अभी तक टीका नहीं लगवाया है वह कभी न कभी संक्रमित हो सकता है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास ऐसा कुछ नहीं जो संक्रमण को फैलने से रोकेगा इसलिए मुझे लगता है कि हम ऐसी स्थिति में हैं जहां हर्ड इम्युनिटी संभव नहीं है और मुझे संदेह है कि यह वायरस ऐसा नया स्वरूप पैदा करेगा जो टीका लगवा चुके लोगों को भी संक्रमित करने में सक्षम होगा.’’

यूनिवर्सिटी ऑफ ईस्ट एंगलिया में औषधि के प्रोफेसर और संक्रामक रोगों के विशेषज्ञ पॉल हंटर ने भी इसका समर्थन किया है. उन्होंने कहा, ‘‘हर्ड इम्युनिटी की अवधारणा हासिल नहीं की जा सकती क्योंकि हम जानते हैं कि यह संक्रमण टीका न लगवाने वाले लोगों में फैलेगा और ताजा आंकड़ें यह दिखाते हैं कि टीकों की दो खुराक संक्रमण के खिलाफ संभवत: केवल 50 फीसदी सुरक्षा देती हैं.’’

इस बीच, विशेषज्ञों ने ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री साजिद जावेद की उन योजनाओं को समर्थन दिया है जिसमें अगले महीने से सबसे अधिक खतरे वाले समूहों को फ्लू का टीका लगाने के साथ ही कोविड-19 रोधी टीके की तीसरी बूस्टर खुराक देने का प्रस्ताव है.

ब्रिटेन में मार्च के बाद से मंगलवार को कोरोना वायरस से सबसे अधिक 149 मरीजों की मौत हुई लेकिन नए मामले 23,510 आए जो सोमवार को आए 25,161 मामलों से कम हैं. (PTI Input)

अमिताभ बच्चन ने शुरू की केबीसी सीजन की शूटिंग शुरू की, प्रशंसको को धन्यवाद दिया

अमिताभ बच्चन 21 वर्षों से जारी अपने लोकप्रिय गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नए सीजन की शुरुआत की और इस दौरान व इससे जुड़ी यादों में खो गये. बच्चन ने निरंतर प्यार एवं सहयोग के लिए प्रशंसकों को धन्यवाद दिया.

बच्चन ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर सोनी टीवी सोनी के सेट से तस्वीरें डालीं.

मंगलवार को शो के 13 वें सीजन के लिए शूटिंग शुरू करने वाले मेगास्टार ने लिखा, ‘‘ 2000 से उस कुर्सी की तरफ नजर दौड़ता हूं… 21 साल हो गये… इस दौरान जो भी साथ आये , उनसभी के प्रति आभार.’’

बच्चन 2000 में इस शो की शुरुआत के साथ से ही इसकी मेजबानी करते आये हैं। बस 2007 ही अपवाद था जब इसकी मेजबानी सुपरस्टार शाहरूख ने की थी.

सोनी टीवी ने मंगलवार देर शाम घोषणा की कि यह शो 23 अगस्त से प्रसारित होगा.

बच्चन की कई फिल्में भी आने वाली हैं इनमें ‘ चेहरे’, नागराज मंजुले की ‘झुंड’ और करण जौहर के सहयोग से बनी बनी ‘ ब्रह्मास्त्र’ और अजय देवगन के निर्देशन वाली ‘मेडे’ हैं.

शॉन टेट बने अफगानिस्तान के नए गेंदबाजी कोच

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज शॉन टेट को सोमवार को तत्काल प्रभाव से अफगानिस्तान का गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने अगले महीने श्रीलंका के हंबनटोटा में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले इसकी घोषणा की.

यह पहली बार होगा जब शॉन टेट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोचिंग संभालेंगे. शॉन टेट ने 2004 से 2016 तक ऑस्ट्रेलिया का तीनों प्रारूपों में प्रतिनिधित्व किया है.

शॉन टेट जो ‘द वाइल्ड थिंग’ के नाम से भी जाने जाते हैं, उन्हें दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में एक माना जाता है. उन्होंने 2010 में इंग्लैंड के खिलाफ 161.1 किमी प्रति घंटे की तेजी से गेंद फेंकी थी जो वनडे की दूसरी सबसे तेज गेंद थी.

शॉन टेट ने तीन टेस्ट, 35 वनडे और 21 टी20 मुकाबलों में क्रमश: 5, 62 और 28 विकेट लिए हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को 2007 में विश्व कप दिलाने में अहम भूमिका अदा की थी और 11 मैचों में 23 विकेट लिए थे.

कोहनी में चोट के कारण 2017 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कोचिंग में हाथ आजमाया है. वह बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स के गेंदबाजी कोच रह चुके हैं.