Home Blog Page 79

पाकिस्तान : कोरोना टीकाकरण नहीं कराने वालों को अक्टूबर से ट्रेन यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी

पाकिस्तान ने कोविड-19 रोधी टीका लगवाने को लेकर लोगों की अनिच्छा से निपटने के सरकारी प्रयास के तहत अक्टूबर से ट्रेनों में बिना टीकाकरण वाले लोगों के सफर करने पर रोक लगाने की घोषणा की है. नेशनल कमांड एंड ऑपरेशन सेंटर की बैठक में यह निर्णय लिया गया. सेंटर ने कोरोना वायरस के फैलने पर चिंता जतायी. एनीसीओसी की बैठक के बारे में जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया कि यह तय किया गया है कि जो टीका लगवाने को अनिच्छुक हैं, उन्हें एक अक्टूबर से ट्रेनों में यात्रा नहीं करने दी जाएगी.

ऐसे लोगों के घरेलू विमान यात्रा पर इस महीने से पहले ही पाबंदी लगा दी गयी है और अध्यापकों, विद्यार्थियों एवं जनसेवकों को अगस्त के आखिर तक टीका लगवाने को कहा गया है. पाकिस्तान ने फरवरी में टीकाकरण शुरू किया था और अबतक 3.7 करोड़ से अधिक लोगों को टीके की कम से कम एक खुराक लग गयी है. केवल 70 लाख लोगों को ही दोनों खुराक लगी है.

पाकिस्तान ने इस साल के आखिर तक कम से कम सात करोड़ लोगों को टीका लगाने की घोषणा की है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 3884 नये मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों का आंकड़ा 1,075,504 तक पहुंच गया जबकि 86 और मरीजों के दम तोड़ देने के साथ ही अबतक 24,004 लोग इस वायरस से अपनी जान गंवा चुके हैं.

Covid-19 : महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 5609 नए मामले, 137 की मौत

महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 5,609 नए मरीजों की पुष्टि हुई और 137 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया. सबसे ज्यादा 46 मौतें पुणे क्षेत्र में हुई हैं. राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आज 7,568 मरीज संक्रमण से उबरे हैं.

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में कुल मामले 63,63,442 हो गए हैं जबकि मृतक संख्या 1,34,201 पहुंच गई है. वहीं संक्रमण से मुक्त होने वाले लोगों की तादाद 61,59,676 हो गई है. अधिकारी के मुताबिक, राज्य में संक्रमण का उपचार करा रहे मरीजों की संख्या 66,123 रह गई है.

सोमवार की तुलना में मंगलवार को नए मामलों की संख्या में 1,104 का इजाफा हुआ है जबकि एक दिन पहले 68 मौतें हुई थी और आज 137 संक्रमितों की जान गई है. महाराष्ट्र में संक्रमण से मुक्त होने की दर 96.8 फीसदी है जबकि मृत्यु 2.01 प्रतिशत है.

किसी विदेशी सरकार ने भारतीय नेताओं की जासूसी तो नहीं की, केंद्र जांच करे : NCP

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि अगर केंद्र सरकार ने पेगासस जासूसी सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल नहीं किया है तो उसे इसकी जांच करनी चाहिए कि कहीं किसी विदेशी सरकार ने भारतीय नेताओं, न्यायाधीशों, अधिकारियों और पत्रकारों की जासूसी तो नहीं की.

मलिक ने यहां संवाददाताओं को बताया कि रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि पेगासस सॉफ्टवेयर को लेकर इजराइली सॉफ्टवेयर कंपनी ‘एनएसओ समूह’ के साथ कोई वित्तीय लेनदेन नहीं किया गया.

उन्होंने कहा, “इस मामले में, केंद्र सरकार को तत्काल एक जांच करानी चाहिए कि कहीं किसी अन्य देश ने भारत में विपक्षी नेताओं, उच्चतम न्यायालयों के न्यायाधीशों, व्यवसायियों, पत्रकारों और वकीलों की जासूसी तो नहीं करवाई.” मलिक ने कहा कि अगर ऐसा है तो यह और भी गंभीर मामला है.

पोलियो की तुलना में वैश्विक स्तर पर कोविड-19 का उन्मूलन ज्यादा आसान : स्टडी रिपोर्ट

पोलियो की तुलना में वैश्विक स्तर पर कोविड-19 का उन्मूलन ज्यादा व्यावहारिक है लेकिन चेचक की तुलना में इसे रोक पाना मुश्किल है. ‘बीएमजे ग्लोबल हेल्थ’ जर्नल में प्रकाशित एक विश्लेषण में यह कहा गया है.

न्यूजीलैंड में ओटागो विश्वविद्यालय, वेलिंगटन के लोक स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने उल्लेख किया कि टीकाकरण, सार्वजनिक स्तर पर स्वास्थ्य देखभाल उपाय और इस लक्ष्य को प्राप्त करने में वैश्विक रुचि कोविड-19 के उन्मूलन के सभी प्रयासों को संभव बनाते हैं. उन्होंने कहा, हालांकि प्रमुख चुनौती टीकाकरण के व्यापक दायरे को सुनिश्चित करना है जो कोविड-19 बीमारी के कारक सार्स-सीओवी-2 के सभी स्वरूपों के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता को तेजी से बढ़ा सके.

लेखकों ने कोविड-19 उन्मूलन की व्यवहारिकता का आकलन किया और इसे दुनिया भर में शून्य मामला तक लाने के स्थायी उन्मूलन के योग्य बताया. उन्होंने इस लक्ष्य को प्राप्त करने में मददगार तकनीकी, सामाजिक-राजनीतिक और आर्थिक कारकों समेत कई पहलुओं का उपयोग करते हुए इसकी तुलना दो अन्य संक्रामक रोगों चेचक और पोलियो से की जिनके टीके उपलब्ध हैं.

उन्होंने कहा कि विश्लेषण में औसत अंक चेचक के लिए 2.7, कोविड-19 के लिए 1.6 और पोलियो के लिए 1.5 था. वर्ष 1980 में चेचक के उन्मूलन की घोषणा हुई थी और पोलियो वायरस के तीन स्वरूपों में से दो को विश्व स्तर पर मिटा दिया गया है.

उज्ज्वला योजना विफल, गरीबों को 400 रुपये का गैस सिलेंडर मुहैया कराया जाए: कांग्रेस

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उज्ज्वला योजना के दूसरे चरण की शुरुआत किए जाने के बाद मंगलवार को इस योजना को पूरी तरह विफल करार दिया और कहा कि सरकार को गरीबों को 400 रुपये का एलपीजी सिलेंडर मुहैया कराना चाहिए.

पार्टी के प्रवक्ता मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह दावा भी किया कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्य तेल की कीमतों में आग लगी हुई है, लेकिन सरकार स्वांग रचने में लगी हुई है.

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘888 रुपये के गैस सिलेंडर वाली उज्ज्वला योजना मोदी सरकार का एक और खोखला जुमला साबित हुई है, जिससे गरीबों को कोई लाभ नहीं हुआ. पिछले 7 साल में मोदी सरकार ने सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की सब्सिडी खत्म करके रसोई गैस के दाम को दोगुना कर दिया है, जिससे रसोई गैस आम लोगों और गरीबों की पहुंच से बिल्कुल बाहर हो चुकी है.’’

सुरजेवाला ने कहा, ‘‘जुमला सरकार को यह समझना होगा कि देश की जनता बहुत समझदार है, और उसे ‘जुमले नहीं, राहत चाहिए.’ हमारी स्पष्ट मांग है कि जुमलेबाजी छोड़कर सब्सिडी वाले रसोई गैस की कीमतों को आधा करके तत्काल 2014 में कांग्रेस सरकार के समय की कीमतों के बराबर 400 रुपये प्रति सिलेंडर किया जाए.’’

सुरजेवाला ने दावा किया, ‘‘आज लगभग 8 करोड़ उज्ज्वला गैस लेने वाले परिवारों में से 4 करोड़ परिवारों ने गैस का सिलेंडर रिफ़िल ही नहीं कराया है क्योंकि वो इतनी भारी भरकम कीमत नहीं चुका सकते औऱ ज़्यादातर लोग फिर से लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं.’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘उज्ज्वला योजना पूरी तरह विफल रही है. यह न तो अपने घोषित लक्ष्यों को हासिल कर पाई और न ही गरीबों के लिए रसोई गैस उपलब्ध हुई. सरकार ने कहा था कि उज्ज्वला योजना से लोग लकड़ी और मिट्टी का तेल छोड़कर रसोई गैस अपनाएंगे, लेकिन सच्चाई इसके बिल्कुल विपरीत है.’’

सुरजेवाला ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘हमने सुना था कि जंगल की आग पर आग से काबू पाया जाता है. आज मोदी जी पेट्रोल, डीज़ल खाना बनाने की गैस ,खाने का तेल सब के दामों में आग लगाकर गरीबों के पेट की आग बुझाने का स्वांग रच रहे हैं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मोदी जी, कोरे चुनावी प्रचार से बाज़ आइए, गरीबों को उज्ज्वला की गैस कांग्रेस की तरह फिर से 400 रु में मुहैया कराइए.’’

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ के दूसरे चरण की शुरुआत की.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महोबा जिले में इस कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने उज्ज्वला योजना-दो के 10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए. इस ऑनलाइन इस कार्यक्रम में मोदी ने उज्ज्वला योजना के पहले चरण के पांच लाभार्थियों से बातचीत भी की.

आरक्षण की 50 प्रतिशत की सीमा को बढ़ाने के विषय पर सावधानीपूर्वक विचार करने की जरूरत: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री


सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेन्द्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा में कई सदस्यों द्वारा 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को समाप्त करने की मांग पर सावधानीपूर्वक विचार करने की जरूरत है क्योंकि इससे संवैधानिक मुद्दे जुड़े हुए हैं.

निचले सदन में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित ‘संविधान (127वां संशोधन) विधेयक, 2021’ पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि कई सदस्यों ने आरक्षण की 50 प्रतिशत की सीमा को बढ़ाने की मांग की है जिसे कई दशक पहले तय किया गया था.

उन्होंने कहा कि सरकार सदस्यों की भावना से अवगत है और सभी संवैधानिक एवं कानूनी आयामों पर सावधानीपूर्वक विचार करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि इंदिरा साहनी मामले में अदालत ने यह व्यवस्था दी कि 50 प्रतिशत की सीमा को केवल विशेष परिस्थितियों में ही बढ़ाया जा सकता है.

मंत्री ने कहा कि सदन में इस संविधान संशोधन के पक्ष में सभी दलों के सांसदों से मिला समर्थन स्वागत योग्य है. उन्होंने कहा कि सभी ने ऐसा ही विचार व्यक्त किया है कि यह विधेयक ओबीसी के हितों को पूरा करने वाला है और इससे प्रत्येक राज्य अपने यहां ओबीसी जातियों के संदर्भ में निर्णय ले सकेंगे.

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा की नीति और नीयत दोनों साफ है. इसी कारण यह विधेयक लेकर आए हैं. मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 102वें संशोधन के समय किसी संशोधन का प्रस्ताव नहीं दिया गया था और ऐसे में कांग्रेस को कोई सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है.

उन्होंने कहा कि मराठा आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र सरकार को सशक्त बनाया है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान विधेयक से राज्य पिछड़ा वर्ग आयोगों को मजबूती मिलेगी और संघीय ढांचा भी मजबूत होगा. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि इस विधेयक के साथ महाराष्ट्र और दूसरे राज्यों में ओबीसी समुदाय को फायदा मिलेगा.

चर्चा के दौरान कांग्रेस, द्रमुक, समाजवादी पार्टी और शिवसेना सहित कुछ अन्य दलों के सदस्यों ने आरक्षण की 50 प्रतिशत की सीमा को हटाने पर विचार करने की सरकार से मांग की. कई विपक्षी सदस्यों ने जाति आधारित जनगणना कराने की भी मांग की.

भारत में Johnson & Johnson के टीके के आपात इस्तेमाल को मंजूरी मिली

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को कहा कि भारत में जॉनसन एंड जॉनसन (Johnson & Johnson) के एक खुराक वाले कोविड-19 रोधी टीके के आपात इस्तेमाल को मंजूरी दे दी गई है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इससे संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में देश के समग्र प्रयासों को और मजबूती मिलेगी.

मांडविया ने ट्वीट किया,‘‘ भारत ने टीके की अपनी डलिया (बास्केट) को और बड़ा किया. भारत में जॉनसन एंड जॉनसन के एक खुराक वाले कोविड-19 रोधी टीके के आपात इस्तेमाल को मंजूरी मिली. अब भारत के पास आपात इस्तेमाल के लिए पांच टीके हैं. इससे संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में देश के समग्र प्रयासों को और मजबूती मिलेगी.’’

गौरतलब है कि अमेरिका की दवा कंपनी ने अपने टीके के आपात इस्तेमाल की मंजूरी के लिए शुक्रवार को आवेदन दिया था और भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने उसी दिन उसे मंजूरी दे दी.

भारत में जिन पांच टीकों को आपात इस्तेमाल को मंजूरी मिली है,वे हैं-सीरम इंस्टीट्यूट का कोविशील्ड, भारत बायोटेक का कोवैक्सीन,रूस का स्पूतनिक वी और मॉडर्ना का टीका व जॉनसन एंड जॉनसन का टीका.

37 साल बाद मेरा अधूरा सपना साकार करने के लिए धन्यवाद मेरे बेटे नीरज-पीटी उषा

पीटी उषा ने नीरज चोपड़ा को भारत के लिए ट्रैक एवं फील्ड में पहला स्वर्ण जीतने के बाद बधाई दी. उषा ने चोपड़ा के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट की और ट्वीट किया, 37 साल बाद आज मेरे अधूरे सपने को साकार किया. धन्यवाद मेरे बेटे- नीरज.

उषा ने उस समय दुनिया को एथलेटिक्स में भारत की क्षमता का एहसास कराया था, जब वह 1984 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में 400 मीटर बाधा दौड़ में एक सेकंड के 1/100वें हिस्से से कांस्य पदक से चूक गई थीं।

57 वर्षीय धावक ने 1986 के सियोल एशियाई खेलों में चार एशियाई स्पर्धाओं के स्वर्ण पदक – 200 मीटर, 400 मीटर, 400 मीटर बाधा दौड़ और 4गुणा400 मीटर रिले – जीते. इसके अलावा 1982 के एशियाई खेलों में नई दिल्ली में 100 मीटर और 200 मीटर में रजत पदक जीता. जब उन्होंने चोपड़ा के 87.58 मीटर के जबरदस्त थ्रो को देखा तो वह खुद को रोक नहीं सकीं.

राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित हुआ, बहाली की प्रक्रिया जारी: कांग्रेस

कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष का ट्विटर अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित है और इसकी बहाली के लिए जरूरी प्रक्रिया चल रही है. उसने यह भी कहा कि ट्विटर अकाउंट बहाल होने तक वह सोशल मीडिया के दूसरे मंचों का उपयोग कर जनता की आवाज उठाते रहेंगे.

कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘‘ राहुल गांधी का अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित हुआ है और इसकी बहाली के लिए जरूरी पक्रिया चल रही है.’’

उसने कहा, ‘‘अकाउंट बहाल होने तक वह सोशल मीडिया के दूसरे प्लेटफार्म के साथ आपके साथ जुड़े रहेंगे और लोगों के लिए अपनी आवाज उठाते रहेंगे और उनकी लड़ाई लड़ते रहेंगे. जय हिंद.’’

सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले की नौ वर्षीय पीड़िता के माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर ट्विटर पर साझा करने के मामले में राहुल गांधी का अकाउंट निलंबित हुआ है.

उल्लेखनीय है कि ट्विटर ने शुक्रवार रात राहुल गांधी के इस पोस्ट को हटा दिया था. पिछले दिनों जब राहुल गांधी ने इस तस्वीर को साझा किया था तो उसके बाद राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने ट्विटर और दिल्ली पुलिस को पत्र भेजकर इस मामले में कार्रवाई के लिए कहा था.

इंडिगो ने नीरज चोपड़ा को दी एक वर्ष तक निशुल्क यात्रा करने की सुविधा

इंडिगो ने शनिवार को घोषणा की कि वह तोक्यो ओलंपिक की भाला फेंक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले एथलीट नीरज चोपड़ा को एक वर्ष तक असीमित निशुल्क यात्रा करने की सुविधा देगी.

चोपड़ा ने तोक्यो ओलंपिक की भाला फेंक प्रतियोगिता में सोने का तमगा हासिल कर इतिहास रच दिया. ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज दूसरे भारतीय बन गए हैं जबकि एथलेटिक्स में ओलंपिक पदक हासिल करने वाले नीरज पहले भारतीय हैं.

इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोनोजॉय दत्त ने एक बयान में कहा, “नीरज हम सभी आपकी उल्लेखनीय उपलब्धि के बारे में सुनकर बहुत खुश हुए हैं. आपने देश को गौरवान्वित किया है. मैं जानता हूं कि इंडिगो के सभी कर्मचारी हमारी किसी भी उड़ान में आपका स्वागत करने पर सम्मानित महसूस करेंगे.”

उन्होंने कहा, “पूरी विनम्रता के साथ हम आपको एक साल के लिए इंडिगो के विमानों में निशुल्क यात्रा करने की सुविधा देना चाहते हैं. आपने हमें दिखाया है कि कड़ी मेहनत, चुनौतियों के बावजूद वापसी करने की क्षमता और जुनून क्या हासिल कर सकता है. मुझे पूरा विश्वास है कि आप भविष्य के भारतीय एथलीटों के लिए एक प्रेरणास्रोत साबित होंगे. शानदार प्रदर्शन नीरज. “

कंपनी ने कहा कि नीरज इंडिगो की उड़ानों में अगले वर्ष सात अगस्त तक निशुल्क उड़ान भर सकते हैं.

हरियाणा में पानीपत के नजदीक खांद्रा गांव के एक किसान के बेटे नीरज ने तोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक फाइनल में अपने दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर भाला फेंककर दुनिया को स्तब्ध कर दिया। एथलेटिक्स में पिछले 100 वर्षों से अधिक समय में ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में भारत का यह पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक है.