Home Blog Page 82

Covid-19: देश में लगातार दूसरे दिन बढ़ी कोरोना संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या

देश में एक दिन में Covid-19 के 43,509 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,15,28,114 हो गई. वहीं, लगातार दूसरे दिन उपचाराधीन मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में 640 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,22,662 हो गई. उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 4,03,840 हो गई है, जो कुल मामलों का 1.28 प्रतिशत है.पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कुल 4,404 बढ़ोतरी दर्ज की गई. मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रिय दर 97.38 प्रतिशत है. आंकड़ों के अनुसार, नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 2.38 प्रतिशत है. देश में अभी तक कुल 3,07,01,612 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है. देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 45.07 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं.

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी. वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए. देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे.

Tokyo Olympics: डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को हराकर पीवी सिंधू क्वार्टर फाइनल में

रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता और विश्व चैंपियन पीवी सिंधू ने प्रतिष्ठा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को यहां टोक्यो ओलंपिक की महिला एकल बैडमिंटन स्पर्धा के एकतरफा प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को सीधे गेम में हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई. छठी वरीय सिंधू ने मुसाहिनो फॉरेस्ट स्पोर्ट्स प्लाजा में 41 मिनट चले मुकाबले में मिया को 21-15, 21-13 से हराया. डेनमार्क की दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी के खिलाफ सिंधू की छह मैचों में यह पांचवीं जीत है. भारतीय खिलाड़ी को मिया के खिलाफ एकमात्र हार का सामना इसी साल थाईलैंड ओपन में करना पड़ा था.

दो व्यक्तिगत ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनने के लिए चुनौती पेश कर रही सिंधू का सामना क्वार्टर फाइनल में जापान की चौथी चरीय अकाने यामागुची और कोरिया की 12वीं वरीय किम गुएन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा. छठी वरीय सिंधू ने शुरू से ही शानदार खेल दिखाया. उन्होंने गजब की तेजी और मूवमेंट दिखाई और अपने स्मैश तथा क्रॉस कोर्ट रिटर्न से मिया को काफी परेशान किया. लंबी रैलियों में भी सिंधू का ही दबदबा देखने को मिला. मिया ने काफी सहज गल्तियां की. उन्होंने अपने दमदार स्मैश से सिंधू को परेशान किया लेकिन कई शॉट बाहर मारकर दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी को दबाव से निकलने का मौका भी दिया.

मिया के खिलाफ सिंधू ने शुरुआती दो अंक गंवाए लेकिन इसके बाद लगातार चार अंक के साथ 4-2 की बढ़त हासिल कर ली. मिया को सिंधू के रिटर्न को उठाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था जबकि उन्होंने कुछ शॉट बाहर भी मारे जिससे सिंधू ने 8-4 की बढ़त बनाई. ब्रेक के समय सिंधू 11-6 से आगे थी. सिंधू ने अपनी बढ़त को 13-6 तक पहुंचाया, लेकिन मिया ने लगातार पांच अंक के साथ स्कोर 11-13 कर दिया. सिंधू ने 16-12 की बढ़त बनाई लेकिन मिया ने दो दमदार स्मैश और ड्रॉप शॉट के साथ स्कोर 15-16 करके भारतीय खिलाड़ी की बढ़त को सिर्फ एक अंक तक सीमित कर दिया. मिया ने हालांकि इसके बाद तीन शॉट बाहर मारे और एक नेट पर उलझाया जिससे सिंधू ने पहला गेम 22 मिनट में 21-15 से जीत लिया.

दूसरे गेम में सिंधू शुरू से ही हावी दिखी. उन्होंने लगातार पांच अंक के साथ 5-0 की बढ़त बनाई. मिया ने इस बीच अपनी सर्विस पर गलतियां की, लेकिन कुछ हद तक वापसी करते हुए स्कोर 6-9 करने में सफल रही. सिंधू ने हालांकि लगातार दो क्रॉस कोर्ट रिटर्न से अंक जुटाकर ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बना ली. सिंधू के रिर्टन शानदार थे लेकिन उन्होंने बीच-बीच में कुछ सहज गलतियां भी की और नेट पर शॉट मारे. सिंधू हालांकि रैली में लगातार दबदबा बनाने में सफल रहीं जिससे उन्होंने 16-10 की बढ़त बना ली. सिंधू ने 16-11 के स्कोर पर लगातार चार अंक के साथ नौ मैच प्वाइंट हासिल किया. मिया ने दो मैच प्वाइंट बचाए लेकिन सिंधू ने क्रॉस कोर्ट ड्रॉप शॉट के साथ मैच अपने नाम कर लिया.

बसवराज बोम्मई ने कर्नाटक के 23वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ

बरवराज बोम्मई ने कर्नाटक के 23वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. बोम्मई भी पूर्व सीएम येदियुरप्पा के ही लिंगायत समुदाय से आते हैं, जो राज्य का सबसे प्रभावी समुदाय माना जाता है.

ग़ौरतलब है कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही खींचतान के बाद भाजपा नेतृत्व ने बी एस येदियुरप्पा के उत्तराधिकारी के रूप में बसवराज बोम्मई पर विश्वास जताया था।

पूर्व सीएम येदियुरप्पा ने बोम्मई बधाई देते हुए ट्वीट किया है, ‘मुझे भरोसा है कि आप कर्नाटक को विकास के पथ पर ले जाएंगे और राज्य के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे.’ 

बसवराज बोम्मई कर्नाटक में भाजपा के कद्दावर नेता माने जाते हैं. भूमाराद्दी कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से 1982 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में BE डिग्री हासिल करने वाले बोम्मई ने जनता दल से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी. बसवराज बोम्मई धारवाड़ स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र से साल 1998 और 2004 में कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य चुने गए थे.

साल 2008 में जनता दल यूनाइटेड से नाता तोड़कर बोम्मई भाजपा में शामिल हो गए। बोम्मई 2008 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों में हावेरी जिले के शिगगांव निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने गए थे.  उन्हें इस साल के शुरुआत में कर्नाटक के गृह मंत्री बनाए गए थे.

COVID-19 : देश में फिर बढ़े कोरोना के मामले, कल के मुकाबले 47 प्रतिशत अधिक नए केस, 24 घंटे में 640 की मौत

भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक बार फिर वृद्धि दर्ज की गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह जारी अपडेट के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में 43654 नए मामले सामने आए हैं. ये मामले कल  आए 30 हजार से कम मामलों के मुकाबले करीब 47 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं मृतकों की संख्या में भी वृद्धि हुई है.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना से 640 लोगों की जान चली गई है. इसी के साथ देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब देश में बढ़कर 4 लाख 22 हजार 22 हो गई है. वहीं एक्टिव मामले देश में अभी 3 लाख 99 हजार 436 हैं.

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में देश में 41 हजार 678 लोग बीमारी से ठीक भी हुए हैं. ऐसे में कोरोना से ठीक होने वालों की कुल संख्या अब बढ़कर 3 करोड़ 6 लाख 63 हजार 147 पहुंच गई है. वहीं देश में अभी तक कोरोना से कुल 3 करोड़ 14 लाख 84 हजार 605 लोग संक्रमित हो चुके हैं.

देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीके की 44 करोड़ 61 लाख 56 हजार 659 डोज दी जा चुकी है. पांच राज्यों – गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 18-44 आयु वर्ग में एक करोड़ से अधिक लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी गई है. वहीं, आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में 18-44 आयु वर्ग में 10 लाख से अधिक लोगों को टीके की पहली खुराक दी गई है.

केरल में मंगलवार को कोविड-19 के 22,129 नए मामले सामने आए हैं. ये देश में कुल आए नए मामलों का करीब-करीब 50 प्रतिशत है.

केरल में बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 33,05,245 हो गई. वहीं, जांच संक्रमण दर (टीपीआर) फिर से 12 फीसदी के पार हो गई.  राज्य में पिछले 24 घंटे में 156 मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या भी बढ़कर 16,326 हो गई. राज्य में अभी 1,45,371 मरीजों का उपचार चल रहा है. राज्य के पांच जिलों में संक्रमण के 2,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं. सबसे ज्यादा 4,037 मामले मलाप्पुरम से सामने आए हैं. इसके बाद त्रिशूर में 2,623, कोझिकोड से 2,397 और एर्नाकुलम से 2,352 और पलक्कड़ से 2,115 मामले मिले. इसके अलावा कोल्लम से 1,914 और कोट्टायम से 1,136, तिरुवनंतपुरम से 1,100, कन्नूर से 1,072 और अलप्पुझा से 1,064 मामले सामने आए.

देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को कोविड-19 के 77 नए मामले आए और संक्रमण से दो लोगों की मौत हुई. वहीं, संक्रमण दर 0.11 प्रतिशत है। नए मामलों के साथ दिल्ली में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 14,36,026 हो गई है. इनमें से 14.10 लाख से अधिक मरीज संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं. मृतक संख्या 25,046 है.

स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली में 570 एक्टिव मरीज हैं और उनमें से 154 लोग होम-आइसोलेशन में हैं.

देश में जिन पांच राज्यों से कोरोना के सबसे अधिक नए मामले सामने आए हैं, उसमें केरल सबसे ऊपर है. इसके बाद महाराष्ट्र से 6258 नए केस पिछले 24 घंटे में सामने आए. वहीं, तमिलनाडु से 1767 केस और आंध्र प्रदेश से 1540 नए मामले सामने आए. इसके अलावा कर्नाटक से भी 1501 नए केस सामने आए हैं.

Maharashtra : गुजरात के दुकानदार ने राज कुंद्रा की कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत की

गुजरात के अहमदाबाद के एक व्यापारी ने मुंबई अपराध शाखा और साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर आरोप लगाया है कि उसे एक ऑनलाइन क्रिकेट कौशल-आधारित खेल के लिए वितरक बनाने के बहाने व्यवसायी राज कुंद्रा की कंपनी द्वारा तीन लाख रुपये की ठगी की गई.

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस शिकायत की पुष्टि कर रही है और उसके अनुसार प्राथमिकी दर्ज करने पर फैसला करेगी.

अधिकारी ने कहा कि ऑनलाइन दर्ज कराई गई एक शिकायत में, शिकायतकर्ता हिरेन परमार ने आरोप लगाया है कि वियान इंडस्ट्रीज ने उससे वादा किया था कि उसे ‘‘गेम ऑफ डॉट’’ का वितरक बनाया जाएगा. उसने कहा कि हालांकि, कंपनी ने अपना वादा नहीं निभाया, जिसके बाद उसने अपने द्वारा निवेश किए गए तीन लाख रुपये की वापसी की मांग की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.

अधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उसने 2019 में गुजरात साइबर विभाग में शिकायत दर्ज की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. अधिकारी ने कहा कि कुंद्रा को कथित रूप से वयस्क फिल्मों के वितरण के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन चलाने को लेकर गिरफ्तार किए जाने के बाद परमार ने मुंबई पुलिस से संपर्क किया.

अधिकारी ने कहा कि परमार ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी ने उनके जैसे कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है.

Uttar Pradesh: अगले विधान सभा चुनाव में सपा-बसपा का हाल 2017 से भी बुरा होगा : केशव प्रसाद

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का हाल 2017 के पिछले चुनाव से भी ज्यादा बुरा होगा.

यह टिप्पणी उन्होंने यहां महावन स्थित काष्र्णि उदासीन आश्रम में संवाददाताओं ने उनसे सवाल किया कि सपा व बसपा आजकल प्रदेश में सवर्ण वोटरों को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं.

मौर्य ने कहा,‘‘ ये पार्टियां चाहे जो अभियान चलाए हुए हों, लेकिन भाजपा जातिवादी की पक्षधर नहीं है. जहां तक सवाल बसपा का है तो मीडिया भले ही उसे काफी ऊपर दिखा रहा हो, लेकिन जनता अब उसे अच्छी तरह से देख चुकी है.’’

वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ इसीलिए चाहे 2012 एवं 2017 के विधानसभा चुनाव हों, अथवा 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव हों, इसका जवाब भी दे चुकी है. इसीलिए मुझे लगता है कि इस बार वह शतक भी नहीं बना पाएगी और दोनों ही दलों को देखा जाए, तो इनका हाल पिछले चुनाव से भी ज्यादा बुरा होगा.’’

उप मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘ भाजपा तो सबका साथ, सबका विकास का लक्ष्य लेकर चलती है जो इन सबसे बड़ा नारा है. फिर चाहे ब्राह्मण हों या क्षत्रिय, वैश्य हों या शूद्र, देसावरी हों या अनुसूचित जाति, जनजाति या फिर आदिवासी सभी इसी नारे में समाहित हो हैं. यही सबसे अच्छा रास्ता है.’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा ट्रैक्टर से संसद पहुंचने के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘इस प्रकार वह किसान नहीं कहलाएंगे. ट्रैक्टर तो कोई भी चला लेगा. वह हल चलाकर दिखाएं, तभी किसान माने जाएंगे.’’

आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर महुअन गांव के समीप टोल प्लाजा पर अपनी कार के सामने बैरियर आ जाने पर मथुरा के बलदेव क्षेत्र से विधायक पूरन प्रकाश द्वारा टोलकर्मी के थप्पड़ मारने का कथित वीडियो वायरल हो जाने के बाद उस पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की सोशल मीडिया पर टिप्पणी के संबंध में प्रतिक्रिया पूछे जाने पर मौर्य ने कहा, ‘‘मुझे नहीं मालूम किस विधायक के बारे में आप बात कर रहे हैं. उन्होंने किसे थप्पड़ मारा, और किस क्रम में मारा. मैं तो धार्मिक कार्य से आया हूं, मुझे तो गुरु के दर्शन करने दीजिए.’’

Tokyo Olympics: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने स्पेन को 3-0 से हराया

भारत ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले मैच में करारी शिकस्त के बाद जोरदार वापसी करते हुए टोक्यो ओलंपिक की पुरुष हॉकी स्पर्धा के पूल ए में मंगलवार को यहां अपने तीसरे मैच में स्पेन को 3-0 से हराया.

भारत की ओर से रूपिंदर पाल सिंह (15वें और 51वें मिनट) ने दो जबकि सिमरनजीत सिंह (14वें मिनट) ने एक गोल दागा.

भारत ने अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर विजयी शुरुआत की थी लेकिन आस्ट्रेलिया के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में उसे 1-7 की करारी हार का सामना करना पड़ा था.

कांग्रेस सांसद ने अमित शाह को लिखा पत्र; असम-मिजोरम सीमा विवाद में की हस्तक्षेप करने की अपील

कांग्रेस के सांसद गौरव गोगोई ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख कर असम और मिजोरम की सीमा पर शांति सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है.

गोगोई ने गृह मंत्री को यह पत्र असम-मिजोरम सीमा पर हिंसक संघर्ष में पांच पुलिसकर्मियों समेत कम से कम छह लोगों के मारे जाने और 50 अन्य के घायल होने के एक दिन बाद लिखा है.

असम से लोकसभा सदस्य गोगोई ने यह भी कहा कि विवादित सीमा पर हिंसा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में ‘संवैधानिक तंत्र की असफलता’ है.

गोगोई ने कहा,’यह सीमा पर सिर्फ शांति की ही असफलता नहीं है,बल्कि राज्य के संवैधानिक तंत्र की असफलता है, जो अपने लोगों की रक्षा करने में नाकाम रहा है.’

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को इस संबंध में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथंगा से बातचीत की थी और विवादित सीमा पर शांति सुनिश्चित करने की उनसे अपील की थी. शाह ने दो दिन पहले पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करके सीमा विवाद को हल करने की जरूरत को रेखांकित किया था.

गोगोई ने कहा,’ यह (हिंसा) घटना कुछ दिन पहले गृह मंत्री के पूर्वोत्तर के दौरे और क्षेत्र में समृद्धि और सीमा मुद्दों के संदर्भ में स्थिरता का वादा करने के बावजूद हुई है. फिर भी इस प्रकार का अत्याचार जारी है.’

उन्होंने कहा कि और लोगों के जीवन पर खतरा आ सकता है,’ इसलिए मैं आपसे उचित कदम उठाने के लिए इस मामले पर तत्काल गौर करने की अपील करता हूं. सरकार असम की सीमाओं की रक्षा और शांति सुनिश्चित करे’.

Uttar Pradesh: बलिया में पहले टीका लगवाने को लेकर दो पक्षों के बीच झड़प, पांच लोग गिरफ्तार

बलिया जिले के सुखपुरा क्षेत्र में कोविड टीकाकरण के दौरान दो पक्षों में झड़प हो गई. इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.

प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिनन्दन प्रसाद ने मंगलवार को बताया कि सुखपुरा थाना क्षेत्र के करनई गांव में सोमवार को कोविड टीकाकरण के लिए शिविर लगा था. पहले टीका लगाने को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गयी. इस दौरान कुर्सी फेंकने से लेकर हाथापाई और मारपीट तक हुई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य तथा कई ग्रामीण चोटिल हो गए.

सुखपुरा थाना के प्रभारी गगन राज सिंह ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हुए हैं.

पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है.

Karnataka : बसवराज बोम्मई होंगे राज्य के नए मुख्यमंत्री, बीजेपी विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला

कर्नाटक में बीजेपी विधायक दल की बैठक में बसवराज बोम्मई को विधायक दल का नेता चुना गया. बोम्मई बुधवार या गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. बसवराज बोम्मई पूर्व मुख्यमंत्री एसआर बोम्मई के बेटे हैं. बसवराज बोम्मई बीएस येदियुप्पा के करीबी हैं और लिंगायत समुदाय से आते हैं. बोम्मई बीएस येदियुप्पा की कैबिनेट में गृह मंत्री रह चुके हैं.

विधायक दल की बैठक में बसवराज बोम्मई के नाम का येदियुरप्पा ने प्रस्ताव रखा. गोविंद करजोल ने प्रस्ताव का समर्थन किया. जिसपर सभी विधायकों ने सहमति जताई. विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बोम्मई ने येदियुरप्पा का पैर छूकर आशीर्वाद लिया.

मुख्यमंत्री चुने जाने पर बसवराज ने कहा कि मौजूदा स्थिति में ये एक बड़ी जिम्मेदारी है. मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के अनुरूप गरीबों के लिए काम करने की कोशिश करूंगा. मैंने कभी इसकी उम्मीद नहीं की थी. हालांकि मुझे अपनी मेहनत पर भरोसा था और मुझे इसका परिणाम मिला.

विधायक दल की बैठक में कार्यवाहक मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के साथ बीजेपी के केंद्रीय पर्यवेक्षक- केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जी किशन रेड्डी- भी शामिल हुए. इससे पहले दिन में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और कर्नाटक प्रभारी अरूण सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील के साथ येदियुरप्पा से मुलाकात की थी.

येदियुरप्पा ने सोमवार को मुख्यमंत्री के रूप में अपने दो साल का कार्यकाल पूरा किया. इस अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने अपने इस्तीफे की घोषणा की थी. इसके बाद उन्होंने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से राजभवन में मुलाकात की और उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया.